कारोबारी ने की बेटियों और पत्नी की हत्या, फिर खुद को मारी गोली

नई दिल्लीः जाफराबाद इलाके में एक कारोबारी सहित परिवार के चार सदस्यों का शव मकान से बरामद हुआ है। आशंका है कि कारोबारी ने पहले अपनी दो बेटियों और पत्नी की हत्या की। इसके बाद खुद को गोली मार ली। हालांकि कारोबारी ने 13 और चार साल के दो बेटों पर हमला नहीं किया। इन दोनों फिलहाल पुलिस के संरक्षण में हैं।

मृतकों की पहचान इसरार (40), पत्नी फहीन और दो बेटियां याशिका व इनाया के रूप में हुई है। पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस उपायुक्त संजय सेन के मुताबिक शुरुआती जांच में कारोबार में नुकसान की वजह से कारोबारी के परेशान होने की बात सामने आई है। जाफराबाद पुलिस को शुक्रवार दोपहर सूचना मिली कि एक मकान में गोली चली है।

सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। मकान में दाखिल होने पर पुलिस के होश उड़ गए। एक साथ चार शव पड़े थे। सभी को गोली लगी हुई थी। पुलिस ने दोनों बेटों को संरक्षण में ले लिया। पता चला है कि इसरार ने लगभग दो साल पहले जींस का कारोबार शुरू किया था। इसमें उसे काफी नुकसान हो गया था। इस वजह से वह परेशान चल रहा था। पुलिस बड़े बेटे से पूछताछ करने का प्रयास कर रही है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *