Blog

  • पंजाबः सुबह-सुबह मंदिर जा रही महिला से स्नेचर ने छीनी बालियां, देखें CCTV

    बठिंडाः शहर में लूटपाट व झपटमारी की वारदातें लगातार जारी हैं। वीरवार को सुबह पौने 5 बजे गणेशा बस्ती में स्थित झपटमार ने मंदिर जा रही महिला की बालियां छीनकर फरार हो गए। इस घटना में हैरानी वाली बात यह है कि सरेआम महिला से उक्त झपटमार ने धक्का मुक्की की और उसके बाद एक अन्य बाइक सवार वहां बैठा हुआ था और वारदात को अंजाम देकर दोनों मौके से फरार हो गए। घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि दोनों झपटमार के मुंह ढके हुए थे।

    वहीं इस घटना को लेकर महिला के परिवार ने थाना सिविल लाइन में शिकायत दर्ज करवा दी है। जानकारी के अनुसार गणेशा बस्ती के रहने वाले पंकज ने बताया कि उसकी माता रोज सुबह गणेशा बस्ती गली नंबर 6 में स्थित शनिदेव महाराज के मंदिर में जाती हैं। रोजाना की तरह माता सुबह 4.45 के करीब मंदिर जा रही थीं। तभी एक बाइक पर सवार होकर आए दो युवकों में से एक युवक ने पीछे से आकर उसकी माता की कानों की बालियां झपट लीं और अपने साथी के साथ फरार हो गया। पंकज ने बताया कि दोनों आरोपियों ने मुंह ढके हुए थे। जो गली में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए। इस संबंध में सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज करवा दी है। पंकज ने बताया कि अब सुबह सैर या मंदिर में जाना भी असुरक्षित हो गया है।

  • पंजाबः गारमेंट्स की फैक्ट्री में आग लगने से हुआ धमाका, देखें वीडियो

    आग बुझाने में जुटी दमकल विभाग की 30 गाड़ियां

    लुधियानाः शक्ति नगर से बड़ी खबर सामने आई है। जहां आज सुबह गारमेंट्स की फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। इस हादसे में पास में खड़ी एक्टिवा स्कूटी आग की चपेट में आ गई। जिसके बाद जोर से धमाका होने के कारण लोगों में दहशत का माहौल बन गया। आग की लपटे और धमाके की आवाज सुनकर आस पास के लोगों ने घटना की सूचना तुरंत फैक्ट्री मालिक को दी। घटना स्थल पर पहुंचे फैक्ट्री के मालिक नवीन जोली ने बताया कि वह रात को फैक्ट्री बंद करके गए थे। सुबह पड़ोसियों ने फोन कर बताया कि फैक्ट्री में आग लग गई है।

    शॉर्ट सर्किट होने के कारण स्कूटी के साथ सारा माल राख हो गया है। नवीन ने बताया कि घटना स्थल पर पहुंचकर उन्होंने फायर ब्रिगेड और पुलिस को सूचित किया। आग लगने के कारण आसपास की बिल्डिंगों को भी खाली करवाया गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने लोगों की भीड़ को कंट्रोल किया। लोगों की मदद से कपड़े के थान व अन्य माल को फैक्ट्री से बाहर निकाला। फायर ब्रिगेड ने करीब 2 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझाने में फायर ब्रिगेड की 30 गाड़ियां लगी। गनीमत रही की फैक्ट्री बंद थी। कोई वर्कर अंदर नहीं था। नहीं तो बड़ा नुकसान हो सकता था। फैक्ट्री में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।

  • तेज रफ्तार कार ने कई वाहनों को मारी टक्कर, 3 की मौत, 6 घायल

    नई दिल्ली : मुंबई में बांद्रा-वर्ली सी लिंक पर एक तेज रफ्तार कार ने कई वाहनों को टक्कर मार दी। जिससे 2 महिलाओं सहित 3 लोगों की मौत हो गई और 6 अन्य घायल हो गए। पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हादसे में घायल 2 लोगों की हालत गंभीर है, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जोन-9 के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) कृष्णकांत उपाध्याय ने कहा कि टोयोटा इनोवा कार ने सबसे पहले उस टोल बूथ से लगभग 100 मीटर पहले एक अन्य कार को टक्कर मारी।जो उत्तर की ओर जाने वाले सी लिंक के बांद्रा छोर पर स्थित है। उन्होंने बताया कि कार के चालक ने मौके से भागने की कोशिश की और वाहन की रफ्तार और तेज कर दी।

    उन्होंने कहा, ‘‘जैसे ही इनोवा टोल बूथ पर पहुंची, उसने कई अन्य कारों को टक्कर मार दी, जिससे 9 लोग घायल हो गए। बाद में उनमें से 3 को मृत घोषित कर दिया गया। अधिकारी ने बताया कि कार के चालक समेत 6 घायलों का इलाज किया जा रहा है और इनमें से 2 की हालत गंभीर है। उन्होंने बताया कि सी लिंक पर हुए इस हादसे में इनोवा के अलावा पांच और वाहन शामिल थे। उन्होंने बताया कि  हादसे के समय इनोवा में चालक समेत 7 लोग सवार थे। प्रारंभिक सूचना के आधार पर इनोवा के चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।

  • जालंधरः सुबह-सुबह हुई तेज बरसात से तापमान में आई गिरावट

    जालंधर, ENS: पंजाब में शुक्रवार सुबह-सुबह अचानक मौसम में बदलाव देखने को मिला। शहर में सुबह 7 बजे के करीब बादलों की गड़गड़ाहट के साथ तेज बारिश से तापमान में गिरावट देखने को मिली। वहीं आज सुबह हुई बरसात से प्रदेश भर में फैले पराली के धुएं और वायु प्रदूषण के कारण वायरल का शिकार हो रहे मरीजों को काफी राहत मिलेगी।

    दरअसल, महानगर के सभी अस्पतालों में वायरल से लोग खांसी जुकाम और बुखार के शिकार हुए हैं। जिला महामारी विशेषज्ञ डॉक्टर आदित्य पाल ने बताया कि गंभीर बीमारियों जैसे डेंगू, चिकनगुनिया, मलेरिया और वायरल से होने वाली बीमारियों से 15 नवंबर के बाद निजात मिलने के आसार है जिसमें यह बरसात काफी अहम होगी। मौसम विशेषज्ञ और डॉक्टरों ने हवा की गुणवत्ता में सुधार और वायरल बीमारियों के कम होने के साथ ठंड बढ़ने की घोषणा भी कर दी।

    पंजाब के चार जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं पूर्वी मालवा व माझा में येलो अलर्ट जारी है। मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार आज पूरा दिन पंजाब में बारिश के आसार बने हुए हैं। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले कुछ घंटों में अमृतसर, पठानकोट, गुरदासपुर और होशियारपुर में तेज हवाओं के साथ बारिश होती रहेगी। वहीं, तरनतारन, फिरोजपुर, फरीदकोट, मोगा, जालंधर, फगवाड़ा व फिल्लौर को येलो अलर्ट जारी किया है। जबकि लुधियाना, खन्ना, खरड़, मुक्तसर, फाजिल्का, पटियाला में भी आज बारिश होने के आसार बने हुए हैं।

  • आज का राशिफल, 10 नवंबर 2023

    आज का राशिफल, 10 नवंबर 2023

    आज कार्तिक कृष्ण पक्ष की उदया तिथि द्वादशी और शुक्रवार का दिन है। द्वादशी तिथि आज दोपहर 12 बजकर 36 मिनट तक रहेगी। , उसके बाद त्रयोदशी तिथि लग जाएगी जो कि कल  दोपहर 1 बजकर 58 मिनट तक रहेगी। आज शुक्र प्रदोष का व्रत किया जाएगा। साथ ही आज रात 12 बजकर 8 मिनट तक हस्त नक्षत्र रहेगा। इसके अलावा आज धनतेरस भी मनाया जाएगा। जानिए कैसा रहेगा आपके लिए 10 नवंबर 2023 का दिन और किन उपायों से आप ये दिन बेहतर बना सकते हैं। 

    मेष राशि- आज का दिन आपके अनुकूल रहने वाला है। पारिवारिक जीवन में चल रहे कुछ महत्वपूर्ण कार्य आज पूरे होंगे। अपना व्यवहार सकारात्मक बनाए रखें। भविष्य के लिये बनाई योजनाओं पर भी आज कुछ सोच-विचार कर सकते हैं। अपने उद्देश्यों को प्राप्त करने में पिता का सहयोग मिलेगा। जीवन में अपने परिवार, दोस्तों और जीवनसाथी की भूमिका को पहचानेंगे। आज आपके स्वभाव में संयम और धीरज बना रहेगा, जिसके कारण आप अपनी सभी समस्याओं का हल आसानी से ढूंढ लेंगे। व्यापार को बढाने के नये तरीके आपके सामने आयेंगें। आज आपकी सेहत अच्छी रहेगी।

    वृष राशि- आपके लिए आज का दिन अच्छा रहने वाला है। व्यापार में आज आपको रोज की अपेक्षा ज्यादा मुनाफा होगा। निवेश से जुड़े कुछ बेहतर मौके आपको मिल सकते हैं। आज का दिन योजना बनाने और फैसला लेने के लिए बहुत अच्छा है। आज अपना पूरा ध्यान अपनी जिमेदारियों पर रखें। हर काम ईमानदारी से पूरा करने की कोशिश करें, आपको सफलता जरूर हासील होगी। अगर आज किसी को प्रपोज़ करना चाह रहे हैं तो कर सकते है, आपकी किस्मत आपका साथ जरूर देगी। जॉब की तलाश कर रहे लोगों को जॉब मिलने के योग हैं। आज आप दूसरों की परेशानियों को समझने की कोशिश करेंगे।

    मिथुन राशि- आज आपका दिन खुशियों भरा रहेगा। आज आपका मन नए कार्यो को सीखने में लगेगा। आज आपके बिजनेस में दो गुना वृद्धि होने के योग बन रहे हैं। आज अपने कामकाज को पूरी सावधानी से करें, साथ ही दूसरों की हर संभव मदद करें। आज आपकी आर्थिक स्थिति अच्छी रहेगी। लवमेट के लिए आज का दिन अच्छा रहेगा, कोई उपहार मिलने से मन प्रसन्न रहेगा। स्टूडेंट्स के लिए आज का दिन ठीक है, शिक्षकों का बेहतर मार्गदर्शन मिलेगा। आज अपने गुस्से पर काबू रखे और बिना वजह किसी से उलझने से बचें।

    कर्क राशि- आपके लिए आज का दिन उत्तम रहने वाला है। आप अपनी सोच को सकारात्मक रखें। आज जॉब स्विच करने का मन बना सकते हैं, इसके लिए आपको अच्छे ऑप्शन मिल सकते हैं। महिलायें आज घर के काम-काज निपटाने में सफल रहेंगी। आज जीवनसाथी को मनाने के लिए उन्हें उनके मनपसंद का उपहार देंगे। आज कोई भी फैसला सोच-समझकर लें, परिवार  की सलाह लेना ज्यादा अच्छा रहेगा। आज किसी काम में जल्दबाजी करने से आपको बचना चाहिए, जितना हो सके धैर्य के साथ कार्यों को पूरा करें। बदलते मौसम में स्वास्थ्य का ध्यान रखने की जरूरत है।

    सिंह राशि- आपके लिए आज का दिन अच्छा रहेगा। आज जिससे भी मिलेंगे वह व्यक्ति आपसे प्रभावित होगा। बिजनेस में परिवार से सहयोग मिलेगा। वर्कप्लेस पर अपनी वाणी पर संयम बनाए रखें। अपने करियर को लेकर मन में दुविधा होगी, लेकिन किसी जानकार से सलाह लेने पर जल्द ही वह दूर भी हो जाएगी। आज आपका स्वास्थ्य पहले से बेहतरीन रहने वाला है। पिता बच्चों के साथ गेम्स खेलने का प्लान बन सकता है। आज दाम्पत्य जीवन में नई-नई खुशहाली आयेगी। लम्बे समय से रूके हुए कार्य आज आसानी से पूरे होंगे।

    कन्या राशि- आज का दिन आपके फेवर में रहने वाला है। आज आपका मन घर और ऑफिस की दुनिया से बाहर निकल कर प्रकृति का आनंद लेने को करेगा। आर्थिक रूप से आज आपकी स्थिति मजबूत बनेगी। अपने अधूरे कार्यो को पूरा करने के लिए आज का दिन अच्छा है। आपका आत्मविश्वास ही आज आपके लिए सफलता की कुंजी साबित होगा। प्रशासनिक कार्यों को पूरा करने के लिये आपको थोड़े धैर्य से काम लेना होगा। यदि छात्र किसी नये पाठ्यक्रम में प्रवेश लेना चाहते हैं तो आज का दिन अनुकूल है। बच्चों की कामयाबी पर आप गर्व महसूस करेंगे।

    तुला राशि- आज आपके मन में नए-नए विचार आएंगे। आज आप कुछ ज्यादा ही जोश में रहेंगे। आपके बनाए प्लान में कोई बदलाव हो सकता है। बिजनेस में कुछ नया करने की इच्छा होगी। दिल की बजाय दिमाग से काम लें। व्यापार में अच्छा लाभ होने से, आपका आर्थिक पक्ष मजबूत बनेगा। आज ऑफिस में आपका प्रमोशन होने के चांस बन रहे हैं। आज परिवार के साथ समय बिताने से घर का माहौल खुशनुमा रहेगा। संगीत से जुड़े लोगों को आज का दिन अच्छा है, समाज में नाम होगा।

    वृश्चिक राशि- आज प्रॉपर्टी में निवेश के लिए दिन अच्छा रहेगा। आज बड़े-बुजुर्गों की सलाह आपके लिए लाभकारी सिद्ध होगी। आज आपके लिए धन लाभ के योग बने हुये है। समाज कल्याण की तरफ भी आपका रुझान होगा। शत्रु आपको हराने का प्रयास करेंगे, लेकिन आपके सम्मुख ठहर नहीं सकेंगे। नौकरी कर रहे लोगों को विशेष सफलता हासिल होगी, ऑफ़िस में किसी बड़े अधिकारी का सहयोग मिलेगा। व्यापारियों को आय के नए स्त्रोत मिलेंगे। आज अचानक आपके किसी मित्र का फोन आ सकता है। छात्र आज ऑनलाइन कोई टॉपिक समझने की कोशिश करेंगे।

    धनु राशि- आज आपका रुझान अध्यात्मक की तरफ ज्यादा रहेगा। आज घर पर किसी धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन करेंगे, जिसमें लोगों का आना-जाना लगा रहेगा। राजनीतिक कार्यों में आपकी रुचि बढ़ेगी, साथ ही समाज में आपका मान-सम्मान बढ़ेगा। आज किसी प्रतियोगिता में आपकी परफॉरमेंस अच्छी रहने वाली है। साइंस से जुड़े छात्रों के लिए आज का दिन अच्छा है। बिजनेस में पिता को सहयोग करेंगे, इससे उनको प्रसन्नता होगी। आज आपको अपने खान-पान और जीवनशैली पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। लवमेट का आज रिश्ता तय होने का योग बन रहा है।

    मकर राशि- आज आपका दिन आपके लिये नयी खुशियाँ लाने वाला है। आज कार्यस्थल पर वरिष्ठ अधिकारी आपके काम की तारीफ करेंगे। आपकी सैलरी में बढ़ोत्तरी भी हो सकती है, जिससे आपका मन प्रसन्न रहेगा। छात्रों के लिए आज का दिन अनुकूल रहने वाला है। आपके अच्छे प्रदर्शन का प्रभाव आपके करियर पर स्पष्ट रूप से दिखाई देगा। आज आपके व्यापार में फायदे के आसार नजर आ रहे हैं। धन लाभ से आप अपने रुके हुए काम पूरे कर सकते हैं। लवमेट आज डिनर का प्लान बनाएंगे।

    कुंभ राशि- आज का दिन आपके लिए उत्तम रहेगा। आज सामाजिक कार्यों में अपना योगदान देंगे। कार्यक्षेत्र में उम्मीद के अनुसार कामयाबी हासिल होगी। आज आपकी बात अपने बेस्ट फ्रेंड से हो सकती है। पारिवारिक मामलों में किसी बात को लेकर जीवनसाथी से विचार विमर्श करेंगे। आज के दिन दूर की यात्रा करने से बचें। बिजनेस में निवेश के लिए सही समय की प्रतीक्षा करें। प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करने  के लिए आज का दिन अच्छा है। आज आपकी सेहत में काफी सुधार आयेगा। छात्र आज कंप्यूटर कोर्स ज्वाइन करने का मन बनाएंगे।

    मीन राशि- आज का दिन आपके लिए अच्छा रहने वाला है। संतान की करियर को बेहतर बनाने के लिए आज किसी शिक्षक से सलाह लेंगे। दोस्तों के साथ बाहर मौसम का लुफ्त उठा सकते है। पूरा दिन इंज्वाय से भरा रहेगा। ऑफिस में काम को लेकर बॉस आपकी तारीफ कर सकते हैं। हो सकता है आपका प्रमोशन भी कर दें। आज नए लोगों के साथ मेल-जोल बढ़ेगा। जिसका फायदा आपको भविष्य में मिलेगा। आज कोई भी नया काम शुरु करते समय माता-पिता की राय जरुर लें, आपको सफलता जरूर मिलेगी।

  • नकली पुलिस बनकर महिलाओं के गहने लूटने वाले नौसरबाज गिरफ्तार, देखें वीडियो

    पंचकूला (ENS): पुलिस ने एक ऐसे गैंग का पर्दाफाश किया है, जो  सुबह-सुबह मंदिरों के पास खड़ा होकर बुजुर्ग महिलाओ को शिकार बनाकर लूट की वारदात को अंजाम दिया करता था।  इस गैंग के सदस्य नकली पुलिस बन कर महिलाओ के गहने उतरवाकर कपडे में रखवा देते थे और इसके बाद उन्हें नकली गहने सौंप देते थे। 

    क्राइम ब्रांच सेक्टर 19 के एसएचओ महिंदर सिंह ढांढा ने बताया कि सेक्टर 21 पंचकूला में सुबह 7 बजे इस गैंग ने मकान नंबर 478 की रहने वाली स्वीटी जैन  मंदिर पूजा करने जा रही थी, तभी मंदिर के बाहर दो युवक खड़े थे।  जिन्होंने स्वीटी से खा कि वह पुलिस से है और ज्यादा गहने डाल कर मंदिर में जाना मना है। तभी स्वीटी ने सोने के कड़े, अंघूटी और चैन एक कपड़े में रख दिये।

    जब उसने घर जाकर देखा तो कपडे में गहने नकली थे। जिसकी शिकायत उसने पुलिस को दी। जिस पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी सुल्तान खान व अली जामा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों पर मामला दर्ज कर अदालत से दो दिन का रिमांड हासिल किया है।

  • जालंधरः भाजपा ने इंद्रइकबाल सिंह अटवाल सहित 6 नेताओं को सौंपी अहम जिम्मेदारी, देखें लिस्ट

    जालंधरः भाजपा ने इंद्रइकबाल सिंह अटवाल सहित 6 नेताओं को सौंपी अहम जिम्मेदारी, देखें लिस्ट

    जालंधर, ENS: लोकसभा चुनाव से पहले केंद्र सरकार ने तैयारी शुरू कर दी है। इसी के तहत आज पंजाब भाजपा में नई नियुक्तियां कर 6 नेताओं को अहम जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, जिनमें 3 वाइस प्रैजीडैंट व 3 को भाजपा कोर कमेटी का सदस्य बनाया गया है। इस दौरान जालंधर में वाइस प्रैजीडैंट में इंद्रइकबाल सिंह अटवाल को अहम जिम्मेदारी सौंप गई है।

    वहीं इस लिस्ट में जतिंद्र मित्तल व मोहिंद्र कौर जोश के नाम शामिल है, जबकि तीन अन्य नेताओं राजिंद्र भंडारी, अरविंद खन्ना व सुंदर शाम अरोड़ा को भाजपा कोर कमेटी का सदस्य बनाया गया है।

  • पंजाब : रिसोर्ट में शादी समारोह के दौरान पुलिस और लुटेरों में चली गोलियां

    अमृतसर: शहर के हाईफाई रिसोर्ट में शादी समारोह में पुलिस व लुटेरों में गोलियां चलने की सूचना मिली है। जानकारी के अनुसार तरनतारन रोड पर वरपाल गांव में हाईफाई रिसोर्ट के नाम से एक पैलेस में शादी चल रही थी इस दौरान मुठभेड़ हुई। इस दौरान लुटेरे पुलिस से बचने के लिए रिसोर्ट चल रहे शादी समारोह में घुस गए। पुलिस को सूचना मिली की 3 लुटेरे हाईफाई रिसोर्ट में चल रहे शादी समारोह में घुस गए हैं। इसके बाद पुलिस तुरन्त मौके पर पहुंची। लुटेरों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी वहीं पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई में फायरिंग की। पुलिस इस दौरान 3 लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया है। फायरिंग दौरान किसी को कोई नुकसान नहीं हुआ। 

    डीएसपी सुच्चा सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि लुटेरों ने गन प्वाइंट पर कई वारदातों को अंजाम दिया है। लुटेरों ने टांगरा से वर्ना कार छीनी थी इसके बाद उन्होने फिर एक कार छीनी। आज इनके शादी समारोह में होने की सूचना मिली। आरोपी रिसोर्ट की बैक साइड पर कार पार्किंग के पास थे तभी पुलिस ने इनको घेरा डाल लिया। जानकारी के अनुसार इनके द्वारा गन प्वाइंट पर छीनी कारें रिसोर्ट की पार्किंग में खड़ी थी।

  • भारतीय जनता युवा मोर्चा की प्रदेश स्तरीय  कार्य समिति की बैठक 17 नवंबर को

    ऊना/ सुशील पंडित: भारतीय जनता युवा मोर्चा की प्रदेश स्तरीय एक दिवसीय कार्य समिति की बैठक 17 नवंबर को जिला मुख्यालय के भाजपा कार्यालय दीपक कमल में आयोजित होगी। युवा मोर्चा की प्रदेश कार्य समिति को लेकर वीरवार को एक अहम बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में युवा मोर्चा के प्रदेश सचिव सन्नी शुक्ला और जिला अध्यक्ष संदीप शर्मा की अध्यक्षता में बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता जुटे। जबकि भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और विधायक सतपाल सिंह सती ने विशेष अतिथि के रूप में इस बैठक में शिरकत करते हुए युवाओं को आवश्यक दिशा निर्देश जारी किए। युवा मोर्चा की प्रदेश स्तरीय कार्य समिति को लेकर विभिन्न युवाओं की जिम्मेदारियां तय की गई है। 17 नवंबर को होने वाली भारतीय जनता युवा मोर्चा की प्रदेश कार्य समिति के दौरान नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल सहित युवा मोर्चा के आला पदाधिकारी और भाजपा नेता भी पहुंचने वाले हैं। इस बैठक में विशेष रूप से जिला भाजपा महामंत्री श्याम मिन्हास वा राजकुमार पठानिया, ऊना मंडल अध्यक्ष हरपाल सिंह गिल, महामंत्री अशोक धीमान, पूर्व जिला अध्यक्ष मनोहर लाल शर्मा, युवा मोर्चा प्रदेश प्रवक्ता कमल सैनी, युवा मोर्चा प्रदेश  मीडिया प्रभारी आशीष ठाकुर, युवा मोर्चा जिला  मंडल महामंत्री सतवंत सिंह बा गोल्डी कौंडल, युवा मोर्चा के जिला के पदाधिकारी पांचो मंडलों के अध्यक्ष इस बैठक में विशेष रूप से उपस्थित रहे
  • महाविद्यालय ऊना में चल रही क्रिकेट प्रतियोगिता में सुंदरनगर ने कांगड़ा को 8 विकेट से हराया 

    ऊना/ सुशील पंडित: राजकीय उत्कृष्ट महाविद्यालय ऊना में चल रही अन्तर महा विद्यालयी क्रिकेट प्रतियोगिता के पूल-बी का फाइनल मुकाबला महराज लक्ष्मण सेन मेमोरियल महाविद्यालय सुंदरनगर मंडी की टीम और डीएवी कॉलेज कांगड़ा के बीच खेला गया। जिसमें एमएलएसएम कालेज सुंदरनगर ने डीएवी कॉलेज कांगड़ा को 8 विकेट से हराकर प्रतियोगिता अपने नाम कर लिया। आयोजन सचिव डॉ राज कुमार ने बताया कि डीएवी कॉलेज कांगड़ा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी और निर्धारित 20 ओवरों में 9 विकेट खोकर 137 रन ही बना सकी। महराज लक्ष्मण सेन मेमोरियल महाविद्यालय सुंदरनगर मंडी की टीम की शुरुआत काफी अच्छी नहीं रही। डीएवी कॉलेज कांगड़ा की तरफ से जतीन कालरा ने 29 गेंदों का सामना करते हुए सर्वाधिक 43 रन अपनी टीम के लिए बनाए। उसने अपनी पारी में चार चौके और एक छक्का लगाया। महराज लक्ष्मण सेन मेमोरियल महाविद्यालय सुंदरनगर टीम के गेंदबाज आदित्य सबसे
    सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने अपने 4 ओवर की गेंदबाजी में एक मेडन ओवर फेंकते हुए 15 रन देकर डीएवी कॉलेज कांगड़ा के 3 महत्वपूर्ण खिलाड़ियों को पवेलियन भेजा।


    138 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी महराज लक्ष्मण सेन मेमोरियल महाविद्यालय सुंदरनगर टीम की शुरुआत अच्छी रही। उसके सलामी बल्लेबाजों की जोड़ी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहले विकेट के लिए 120 रन जोड़े। डीएवी कॉलेज कांगड़ा की गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाते हुए निर्धारित लक्ष्य 13.3 ओवरों में तीन विकेट खोकर 139 रन बनाकर प्राप्त कर प्रतियोगिता का फाइनल अपने नाम कर लिया। महराज लक्ष्मण सेन मेमोरियल महाविद्यालय सुंदरनगर की तरफ से सलामी बल्लेबाज लोकेश चौहान ने नाबाद 84 रन 39 गेंदों का सामना करते हुए बनाए। जिसमें उन्होंने 12 चौके 2 छक्के लगाए। डीएवी कॉलेज कांगड़ा की टीम की तरफ से कोई भी गेंदबाज अपनी छाप छोड़ने में कामयाब नहीं हो सका। इस प्रकार एम.एल.एस.एम. महाविद्यालय सुंदरनगर की क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए डीएवी कॉलेज कांगड़ा की टीम को 8 विकेट के बड़े अंतर से हराकर प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला जीत लिया। मैच का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी लोकेश चौहान को चुना गया। इस पूल-बी में पूरे प्रदेश के विभिन्न महाविद्यालयों की 16 टीमों ने भाग लिया था।


    राजकीय उत्कृष्ट महाविद्यालय ऊना की पुरुष क्रिकेट टीम इस प्रतियोगिता में पीजी कॉलेज शिमला को 7 विकेट से हराकर तीसरे स्थान पर रही।