Blog
-

भारतीय जनता पार्टी का दीनदयाल उपाध्याय महा प्रशिक्षण अभियान शुरू
ऊना/सुशील पंडित : भारतीय जनता पार्टी का दीनदयाल उपाध्याय महा प्रशिक्षण अभियान शुरू हो चुका है। इसी के तहत हिमाचल प्रदेश के सभी जिलों में भाजपा कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित करने के लिए विशेष शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। सोमवार को जिला भाजपा कार्यालय दीप कमल में आयोजित दो दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ हिमाचल प्रदेश भाजपा के सह प्रभारी संजय टंडन तथा जिला प्रभारी एवं विधायक विपिन परमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। शिविर की अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम मिन्हास ने की, जबकि पूर्व मंत्री एवं विधायक सतपाल सिंह सत्ती भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में जिला भर से पहुंचे पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। इस अवसर पर विपिन परमार ने कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि एक विचार और मिशन है, जो राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ कार्य करता है। उन्होंने कहा कि पार्टी द्वारा योजनाबद्ध तरीके से प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि कार्यकर्ताओं को संगठन की नीतियों, कार्यक्रमों और जनहितकारी योजनाओं की गहन जानकारी मिल सके। उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय महा प्रशिक्षण अभियान के अंतर्गत प्रदेश के प्रत्येक जिले में कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य कार्यकर्ताओं को संगठन के प्रति अधिक समर्पित बनाना तथा उन्हें जनसेवा और राष्ट्र निर्माण के लिए तैयार करना है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को मन, कर्म और वचन से राष्ट्रहित में कार्य करने की प्रेरणा दी जा रही है, ताकि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में प्रत्येक कार्यकर्ता अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सके। प्रशिक्षण शिविर के दौरान विभिन्न विषयों पर सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिनमें पार्टी की विचारधारा, संगठन विस्तार, बूथ सशक्तिकरण, जनसंपर्क, सोशल मीडिया की भूमिका तथा आगामी राजनीतिक चुनौतियों को लेकर विस्तृत चर्चा की जाएगी। पार्टी नेताओं ने कार्यकर्ताओं से संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा जनता के बीच जाकर केंद्र सरकार की उपलब्धियों को पहुंचाने का आह्वान किया। -

जमीनी विवाद में युवक पर डंडे से हमला, मामला दर्ज
ऊना/ सुशील पंडित : उपमंडल अम्ब के राम नगर ठठल में जमीनी विवाद को लेकर मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिस थाना अम्ब में रोहित कुमार निवासी राम नगर, ठठल ने शिकायत दर्ज करवाई है कि उसके ताया तीर्थ राम ने 28 जून 2026 को रास्ता रोककर डंडे से उसके साथ मारपीट की, जिससे उसे चोटें आईं। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि इससे एक दिन पहले, 27 जून की रात आरोपी ने शराब के नशे में उसके साथ गाली-गलौज भी की थी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जारी है। -

पंजाब सरकार की भ्रष्टाचार विरोधी एक्शन लाइन पर मार्च 2022 से मई 2026 तक 16,000 से अधिक शिकायतें प्राप्त हुईं
चंडीगढ़: पंजाब सरकार ने भ्रष्टाचार के विरुद्ध अपनी जीरो टॉलरेंस नीति के तहत मुख्यमंत्री भ्रष्टाचार विरोधी एक्शन लाइन के माध्यम से बड़े मील के पत्थर स्थापित किए हैं। शासन व्यवस्था से भ्रष्टाचार का पूर्णतः उन्मूलन राज्य सरकार की प्रमुख प्राथमिकता रही है।
भ्रष्टाचार विरोधी एक्शन लाइन नंबर 9501 200 200 की शुरुआत 23 मार्च 2022 को की गई थी। यह पहल नागरिकों को आगे आकर पंजाब भर के सरकारी कार्यालयों में भ्रष्टाचार के विरुद्ध निडर होकर शिकायत दर्ज कराने के लिए प्रोत्साहित करती है।
इस संबंध में आज यहां जानकारी देते हुए पंजाब विजिलेंस ब्यूरो के आधिकारिक प्रवक्ता ने बताया कि 23-03-2022 से 31-05-2026 तक मुख्यमंत्री की भ्रष्टाचार विरोधी एक्शन लाइन पर ऑडियो-वीडियो रिकॉर्डिंग सहित कुल 16,950 शिकायतें प्राप्त हुई हैं। इनमें से 10,951 शिकायतें अन्य विभागों से संबंधित होने के कारण आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को भेज दी गई।
इसके अतिरिक्त 1,445 शिकायतें विजिलेंस ब्यूरो से संबंधित थी, जिन्हें आवश्यक कार्रवाई हेतु संबंधित जिला विजिलेंस ब्यूरो के एसएसपी को भेज दिया गया। विजिलेंस ब्यूरो द्वारा इन शिकायतों की जांच के बाद अब तक दर्ज की गई 284 एफआईआर में 368 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
विजिलेंस ब्यूरो ने जनता से अपील की है कि वे राज्य को पूरी तरह पारदर्शी और रिश्वतखोरी मुक्त बनाने के लिए इस प्लेटफॉर्म का उपयोग करना जारी रखें। यह पहल जनता के लिए रिश्वतखोरी की शिकायतें दर्ज कराने हेतु एक उपयोगकर्ता-अनुकूल आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित व्हाट्सएप प्लेटफॉर्म है। नागरिक इस प्लेटफॉर्म पर रिश्वत से संबंधित उपयुक्त ऑडियो एवं वीडियो रिकॉर्डिंग के साथ 24 घंटे शिकायत दर्ज करा सकते हैं। इस प्लेटफॉर्म पर प्राप्त शिकायतों का त्वरित एवं समयबद्ध निपटारा किया जाता है, जिससे आम जनता को अनावश्यक परेशानियों से बड़ी राहत मिली है।
-

Punjab News: अमरनाथ यात्रा को लेकर अलर्ट मोड पर आई आर्मी और पुलिस, डीजीपी ने दिए सख्त निर्देश, देखें वीडियो
पठानकोटः अमरनाथ यात्रा 2026 को लेकर पंजाब पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। इसी कड़ी में पंजाब के डीजीपी लॉ एंड ऑर्डर प्रवीण कुमार सिन्हा आज पठानकोट पहुंचे, जहां उन्होंने पुलिस, सेना और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। बैठक में यात्रा को सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए कई अहम फैसले लिए गए। दरअसल, जम्मू-कश्मीर का प्रवेश द्वार कहे जाने वाले पठानकोट में अमरनाथ यात्रा को लेकर सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है।
डीजीपी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्रा के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शम्भू बैरियर से लेकर माधोपुर तक पंजाब की सीमा में आने वाले प्रमुख मार्गों पर सुरक्षा नाकों की संख्या बढ़ा दी गई है। हर आने-जाने वाले वाहन की गहन जांच की जा रही है, जबकि संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखने के निर्देश भी दिए गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि अमरनाथ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सभी एजेंसियां आपसी तालमेल के साथ काम कर रही हैं। यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी चुनौती से निपटने के लिए सुरक्षा बल पूरी तरह तैयार हैं।
-

Punjab News: पहले टेका माथा, फिर साईं मंदिर से नगदी लेकर चोर फरार, देखें वीडियो
होशियारपुर: महानगर में चोरी की वारदाते थमने का नाम नहीं ले रही। वहीं ताजा धोबी घाट चो पार साईं मंदिर में चोरी का सामने आया है, जहां चोर मंदिर की तिजौरी से नगदी लेकर फरार हो गया। घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि चोर पहले हाथ जोड़कर मंदिर में आता है और माथा टेकता है। जिसके बाद वह ईधर-उधर देखने लग जता है।View this post on Instagramइस दौरान बड़ी चालाकी से तिजौरी खोलता है और उसमें से पैसे निकालकर जेब में डालना शुरू कर देता है। देखते ही देखते चोर सारी तिजौरी खाली कर देता है। चोर का चेहरा सीसीटीवी फुटेज साफ दिखाई दे रहा है। मंदिर के पुजारी द्वारा घटना की शिकायत पुलिस को दे दी गई है। वहीं पुलिस का कहना हैकि सीसीटीवी फुटेज कब्जे में ले ली है और जल्द चोर को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। -

मकान किराये पर लेने के नाम पर लाखों की ठगी, 2 आरोपी गिरफ्तार, देखें वीडियो
पंचकूलाः साइबर अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दरअसल, डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक अमरिंदर सिंह के निर्देश पर लंबित साइबर अपराध मामलों के निपटारे के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना साइबर क्राइम पंचकूला की टीम ने 3 साल पुराने केस में 14.13 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी के मामले में राजस्थान से 2 और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विक्रम सिंह भंडारी निवासी जिला भरतपुर, राजस्थान तथा दिलखुश मीणा निवासी जिला दौसा, राजस्थान के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। इस मामले में अब तक कुल चार आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
इस मामले में इससे पहले आयुष कुमार मिश्रा निवासी जिला रीवा (मध्य प्रदेश) तथा पियूष कुमार त्रिपाठी निवासी जिला रीवा, मध्य प्रदेश को वर्ष 2023 में गिरफ्तार किया जा चुका है। दोनों आरोपियों से धोखाधड़ी की रकम का हिस्सा तथा वारदात में प्रयुक्त कई एटीएम कार्ड भी बरामद किए गए थे। साइबर थाना प्रभारी युद्धवीर सिंह के अनुसार पंचकूला में रह रहे शिकायतकर्ता ने दिल्ली स्थित अपने मकान को किराये पर देने के लिए ऑनलाइन विज्ञापन दिया था। इसी दौरान आरोपियों ने स्वयं को सीआईएसएफ का अधिकारी बताकर विश्वास में लिया और किराया व सिक्योरिटी राशि भेजने का झांसा देकर अलग-अलग बैंक खातों में कुल 14,13,500 रुपये ट्रांसफर करवा लिए। शिकायत के आधार पर वर्ष 2023 के मई माह में यह मामला दर्ज किया गया था। जांच के दौरान पुलिस ने पूरे नेटवर्क का खुलासा किया। मामले की जांच सब इंस्पेक्टर जगमीत सिंह द्वारा की जा रही है।
इस दौरान सामने आया कि आरोपी विक्रम सिंह भंडारी ने अपना बैंक खाता साइबर ठगी के लिए उपलब्ध कराया था, जिसमें शिकायतकर्ता से 8.40 लाख रुपये ट्रांसफर कराए गए थे। पुलिस ने आरोपी को 24 जून को राजस्थान से काबू किया।पूछताछ में आरोपी ने खाता बेचने की बात स्वीकार की तथा उसकी निशानदेही पर सहआरोपी दिलखुश मीणा की भूमिका सामने आई, जिसे बाद में 28 जून को उसे भी गिरफ्तार किया गया। मामले में अन्य सहआरोपियों की गिरफ्तारी तथा आगे की जांच अभी जारी है।
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक अमरिंदर सिंह ने कहा कि साइबर अपराधियों के खिलाफ पंचकूला पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि चाहे मामला कितना भी पुराना क्यों न हो, प्रत्येक आरोपी को कानून के शिकंजे तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि मकान किराये पर देने, ऑनलाइन भुगतान प्राप्त करने, बैंकिंग प्रक्रिया या किसी भी डिजिटल लेन-देन के दौरान अंजान व्यक्ति के कहने पर कभी भी पैसे ट्रांसफर न करें, न ही किसी संदिग्ध कॉल, लिंक या क्यूआर कोड पर भरोसा करें। किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 अथवा www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते कार्रवाई कर पीड़ित की राशि बचाई जा सके।
-

अमित शाह ने यमुना जल परियोजना के लिए हरियाणा सरकार और राजस्थान सरकार के बीच महत्वपूर्ण समझौते पर किए हस्ताक्षर
चंडीगढ़: केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह की उपस्थिति में सोमवार को नई दिल्ली में यमुना जल परियोजना के निर्माण और कार्यान्वयन के संबंध में हरियाणा सरकार और राजस्थान सरकार के बीच एक महत्वपूर्ण समझौते पर हस्ताक्षर हुए। इस अवसर पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, केन्द्रीय जलशक्ति मंत्री सी आर पाटिल और केन्द्र सरकार और राज्य सरकारों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
इस अवसर पर अपने संबोधन में केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा कि इस समझौते से हरियाणा और राजस्थान के लोगों की पानी से जुड़ी लगभग 3 दशक पुरानी समस्या का आज समाधान हो गया है। यह समझौता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी द्वारा दिए गए सहकारी संघवाद के मंत्र का एक उत्कृष्ट उदाहरण है। यह समझौता इस बात का उदाहरण है कि अगर राज्य सहकारी संघवाद की सोच को आगे बढ़ाएं तो तीन दशक पुरानी समस्या भी सरलता से सुलझ सकती है।
आज हुए समझौते के तहत जुलाई से अक्टूबर तक लगभग 580 एमसीएम पानी यमुना नहर से तीन भूमिगत पाइपलाइंस के जरिए राजस्थान तक पहुंचाया जाएगा। इन तीन पाइपलाइंस का व्यास 3.6 मीटर से भी अधिक है जिनके माध्यम से राजस्थान और हरियाणा राज्यों के लोगों के लिए पेयजल की व्यवस्था होगी। यह समझौता दोनों राज्यों के लिए Win-Win Situation का अच्छा उदाहरण है। समझौते में वित्तीय जिम्मेदारी, लागत साझीकरण, जल आवंटन और जल छोड़ने के प्रोटोकॉल और रखरखाव का बारीकी से ध्यान रखा गया है। इस वैज्ञानिक रूप से परिपूर्ण समझौते में बुनियादी ढांचे का संचालन, रखरखाव, निगरानी तंत्र, पारदर्शिता के उपायों और विवाद समाधान की प्रक्रिया को भी बहुत बढ़िया तरीके से समाहित किया गया है।
केन्द्रीय गृह मंत्री ने कहा कि हरियाणा, राजस्थान और विशेषकर केन्द्रीय जल आयोग ने इस समझौते का जो प्रारूप बनाया है वह आने वाले कई दशकों तक विवादहीन समझौते के रूप में स्थापित रहेगा। केन्द्रीय जलशक्ति मंत्री सी आर पाटिल जी की अध्यक्षता में कुछ ही दिनों में इस समस्या का समाधान निकल गया। इस समझौते के बाद राजस्थान के सीकर, चूरू और झुंझुनू के साथ-साथ हरियाणा के भिवानी और फतेहाबाद क्षेत्रों में भी पीने का पानी पहुंचाने की व्यवस्था हो जाएगी।
अमित शाह ने कहा कि इस समझौते से हरियाणा और राजस्थान विशेषकर राजस्थान, में पीने के पानी की समस्या के निवारण में बहुत सहायता मिलेगी। जो पानी किसी काम नहीं आ रहा था, इस समझौते के बाद अब वह पानी लोगों की प्यास बुझाने और बड़े तालाबों में संचयित होकर भूजलस्तर बढ़ाने के काम आएगा। शाह ने कहा कि हरियाणा, राजस्थान और जल शक्ति मंत्रालय ने प्रधानमंत्री मोदी जी द्वारा दिए गए सहकारी संघवाद के संदेश को सच्चे अर्थों में चरितार्थ किया है।
इस परियोजना का उद्देश्य पश्चिमी यमुना नहर से भूमिगत पाइपलाइन के ज़रिए राजस्थान के हिस्से का यमुना का पानी पहुंचाना है। इससे राज्य, अपर यमुना बेसिन के इस्तेमाल लायक सतही पानी के बँटवारे पर 1994 के समझौते के तहत मिले पानी का सही तरीके से इस्तेमाल कर पाएगा। इस परियोजना से राजस्थान के सूखे और कम बारिश वाले इलाकों में पीने के पानी की निरंतर आपूर्ति होगी और सामाजिक-आर्थिक विकास को बढ़ावा मिलेगा, जिससे लाखों लोगों को फायदा होगा। यह समझौता केन्द्र सरकार और समझौते में शामिल राज्य सरकारों के एकजुट प्रयासों से परियोजना को समय पर लागू करने की नींव रखने का काम करेगा।
-

Punjab News: 10.5 किलो हेरोइन और 1 किलो आइस और 11 पिस्तौल सहित 10 आरोपी गिरफ्तार, देखें वीडियो
अमृतसरः पंजाब सरकार के ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ और ‘वार अगेंस्ट गैंगस्टर’ अभियान के तहत देहाती पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले की जानकारी देते हुए एसएसपी कवलप्रीत सिंह चाहल ने बताया कि पुलिस ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 11 पिस्तौल, 10 किलो 940 ग्राम हेरोइन, 1 किलो 19 ग्राम आइस (मेथामफेटामाइन), 52 हजार रुपये की ड्रग मनी और बड़ी मात्रा में असला एवं गोला-बारूद बरामद किया गया है। एसएसपी ने बताया कि थाना घरिंडा के मुकदमा नंबर 279 में दो पिस्तौल और 460 ग्राम हेरोइन बरामद की गई।
जबकि मुकदमा नंबर 276 में गुरसाहिब नामक युवक से डेढ़ किलो हेरोइन और एक पिस्तौल मिली। इस मामले की आगे की जांच के दौरान गहरी गांव के रहने वाले सतिंदर को गिरफ्तार किया गया, जिसके पास से करीब 8 किलो हेरोइन और 5 पिस्तौल बरामद हुए। उन्होंने बताया कि थाना घरिंडा के ही एक अन्य मामले में 1 किलो 19 ग्राम आइस बरामद की गई। इसके अलावा अजनाला क्षेत्र में नाकाबंदी के दौरान तीन पिस्तौल बरामद किए गए, जबकि कथूनंगल थाने के अंतर्गत दो किलो हेरोइन और तरसिक्का थाने के अंतर्गत एक पिस्तौल और 9 रौंद भी बरामद किए गए।
एसएसपी चाहल ने बताया कि जांच के दौरान यह सामने आया है कि बड़ी मात्रा में हेरोइन और हथियार ड्रोन के जरिए सीमा पार से भेजे गए थे। पुलिस द्वारा इनके बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक्स पर लगातार काम किया जा रहा है ताकि पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके। उन्होंने बताया कि एनडीपीएस एक्ट की धारा 68-एफ के तहत नशा तस्करों की करीब 1 करोड़ 20 लाख 30 हजार रुपये मूल्य की 2 संपत्तियां फ्रीज करवाई गई हैं और अन्य मामलों में भी कार्रवाई जारी है। पकड़े गए अधिकांश आरोपियों के खिलाफ पहले भी आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि नशा और गैंगस्टर नेटवर्क के खिलाफ यह अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा।
-

Jalandhar News: MP Amritpal Singh के साथी को कोर्ट में किया पेश, देखें वीडियो
जालंधर, ENS: अमृतसर के अजनाला थाने पर हुए हमले के मामले में अमृतपाल सिंह सिंह सहित उसके गुरिंदर पाल सिंह औजला को भी गिरफ्तार किया गया गया। वहीं आज सदर थाने की पुलिस ने गुरिंदर पाल सिंह औजला को जालंधर कोर्ट में पेशी के लिए लेकर आई है। मिली जानकारी के अनुसार पुलिस ने गुरिंदर पाल सिंह औजला को 2023 में दर्ज की गई एफआईआर नंबर 25 के मामले में माननीय जज अर्जुन संधू की कोर्ट में पेश किया गया। मिली जानकारी के अनुसार गुरिंदर पाल सिंह के खिलाफ पुलिस ने दर्ज एफआईआर में बढ़ौतरी करते हुए आर्म्स एक्ट का मामला दर्ज किया था। इसी मामले को लेकर पुलिस आज गुरिंदर पाल सिंह को गोइंदवाल जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लेकर आई है।
मामले की जानकारी देते हुए एडवोकेट परमिंदर सिंह विर्क ने बताया कि गुरिंदर पाल सिंह औजला एनएसए एक्ट के तहत जेल में बंद है। आज उन्हें बोगस केस में गोइंदवाल जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लाया गया। उन्होंने कहा कि गुरिंदर के खिलाफ पुलिस ने 188 का मामला दर्ज किया था और उसमें वह बेल पर चल रहा था। गुरिदंर इंग्लैंड के लिए जा रहा था और उसे एयरपोर्ट पर गिरफ्तार किया गया और इस केस में जुर्म में बढ़ौतरी करते हुए जेल में बंद कर दिया गया।
इसी मामले में आज आर्म्स एक्ट के तहत 3 साल बाद प्रोडक्शन वारंट पर लाकर कोर्ट में पेश किया गया। एडवोकेट ने कहा कि पुलिस ने गुरिंदर को पहले जब गिरफ्तार किया था तो उस समय उसके खिलाफ कोई आर्म्स एक्ट का मामला दर्ज नहीं किया था, लेकिन अब राजनीतिक के तहत उसके खिलाफ झूठा पर्चा दर्ज किया गया। एडवोकेट ने कहा कि गुरिंदर का कोर्ट से पुलिस ने 5 दिन का पुलिस रिमांड मांगा था और कोर्ट ने 3 दिन का पुलिस रिमांड दिया है।
-

यमुना जल परियोजना को लेकर हरियाणा और राजस्थान के बीच हुआ MOU
चंडीगढ़: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में सोमवार को यमुना जल परियोजना को लेकर हरियाणा और राजस्थान के बीच समझौता हुआ। इस दौरान केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा मौजूद रहे।
इस दौरान संबोधित करते हुए हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि यमुना जल परियोजना को लेकर केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल की अध्यक्षता में लगातार हरियाणा और राजस्थान के बीच बैठकें हुई। आज इस एमओयू के अंतर्गत हरियाणा में जुलाई और अक्तूबर के बीच जो वर्षा का सरप्लश पानी होता है, राजस्थान उसे पाइपलाइन के माध्यम से ले जाकर पेय जल के लिए उपयोग करेगा। इस परियोजना को आगे बढ़ाने के लिए आज एमओयू हुआ है। इसके अंतर्गत हथनीकुंड बैराज से राजस्थान तक पाइपलाइन बिछाई जाएगी और सरप्लश पानी का इस्तेमाल किया जाएगा।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि यह बड़ी खुशी की बात है क्योंकि प्यासे तक पानी पहुंचाने की हम सभी की सांझी जिम्मदारी है। आश्वासन दिया कि हरियाणा इसमें पूरा सहयोग करेगा। इस परियोजना में कोई दिक्कत नहीं आने दी जाएगी। इस एमओयू से पहले केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल की अध्यक्षता में इस परियोजना को लेकर अलग-अलग पहलूओं पर विस्तार से परिचर्चा की गई। इसके उपरांत ही एमओयू साइन हो रहा है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने इस Mou को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल और राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का धन्यवाद किया। बैठक में हरियाणा के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी व अन्य गणमान्य मौजूद रहे।