Blog

  • ChatGPT को टक्कर देने के लिए Google ने की तैयारी, जल्द लॉन्च होगा ‘बार्ड’

    ChatGPT को टक्कर देने के लिए Google ने की तैयारी, जल्द लॉन्च होगा ‘बार्ड’

    नई दिल्लीः अल्फाबेट के स्वामित्व वाली कंपनी गूगल ने एआई चैटबॉट ChatGPT को टक्कर देने की तैयारी कर ली है। कंपनी इसके लिए अपनी एआई चैटबॉट सर्विस को डेवलप कर रही है। इस चैटबॉट का नाम बार्ड (Bard) है, जिसे फिलहाल यूजर्स के फीडबैक के लिए जारी किया गया है। कंपनी आने वाले हफ्तों में इसे सभी के लिए जारी कर सकती है। अल्फाबेट के सीईओ सुंदर पिचाई ने खुद इसकी पुष्टि की है।

    जल्द लॉन्च होगा गूगल का एआई चैटबॉट Bard

    अल्फाबेट और गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई ने सोमवार को एक ब्लॉग पोस्ट में कहा कि कंपनी यूजर्स का फीडबैक लेने के लिए बार्ड नामक एक कन्वर्सेशनल एआई सर्विस को शुरू कर रही है। टेस्टिंग के बाद आने वाले हफ्तों में इसकी सार्वजनिक रिलीज होगी।

    LaMDA से लैस होगा बार्ड

    ब्लॉग पोस्ट के अनुसार, एक्सपेरिमेंटल कन्वर्सेशनल एआई सर्विस बार्ड को LaMDA (लैंग्वेज मॉडल और डायलॉग एप्लिकेशन) से संचालित किया गया है। बता दें कि लैम्डा गूगल का एक एआई चैटबॉट है, जो इंसानों की तरह सोच सकता है। कंपनी ने इसे दो साल पहले ही पेश किया था। पिचाई ने कहा कि कंपनी का नया एआई चैटबॉट बार्ड की क्षमताओं के बारे में कहा कि इसको कंपनी के बड़े लैंग्वेज मॉडल की पावर, बुद्धिमत्ता और रचनात्मकता के संयोजन से लैस किया जाएगा। गूगल के सीईओ ने कहा कि बार्ड यूजर्स के फीडबैक और वेब पर उपलब्ध जानकारी के आधार पर ज्ञान प्राप्त करेगा। कंपनी शुरू में LaMDA के हल्के मॉडल वर्जन के साथ टेस्टर के लिए AI सिस्टम को रोल आउट कर रही है। भविष्य के इसके एआई सिस्टम को और बेहतर बनाने के लिए काम किया जाएगा।

    ChatGPT को देगा टक्कर

    कंपनी ने नए एआई चैटबॉट बार्ड को OpenAI के ChatGPT को टक्कर देने के लिए पेश किया है। बता दें कि चैटजीपीटी टिक टॉक और इंस्टाग्राम जैसे प्लेटफॉर्म को पछाड़ते हुए इतिहास में सबसे तेजी से बढ़ने वाला यूजर एप्लिकेशन बन गया है। ChatGPT ने लॉन्च के दो महीने बाद ही जनवरी में 100 मिलियन मासिक एक्टिव यूजर्स तक पहुंच बना ली है। 

    गूगल ने किया एंथ्रोपिक में लगाया बड़ा दाव

    Google ने हाल ही में Anthropic में 400 मिलियन डॉलर यानी करीब 3,299 करोड़ रुपये का निवेश किया है। इस निवेश की रिपोर्ट पर Google और Anthropic में से किसी ने टिप्पणी नहीं की है, हालांकि दोनों ने साझेदारी की घोषणा जरूर की है। इस साझेदारी के तहत ChatGPT जैसा एआई टूल तैयार होगा। कई रिपोर्ट में कहा जा रहा है कि गूगल ने आज भले ही Anthropic में निवेश किया है लेकिन भविष्य में गूगल इस कंपनी का अधिग्रहण कर सकता है। बता दें कि जनवरी 2021 में एंथ्रोपिक एआई ने ओपनएआई के बेतहाशा लोकप्रिय चैटजीपीटी के प्रतिद्वंद्वी क्लाउड नामक एक नए चैटबॉट का टेस्ट भी किया था।

  • राखी सावंत ने पति के खिलाफ दर्ज कराई शिकायत

    राखी सावंत ने पति के खिलाफ दर्ज कराई शिकायत

    मुंबईः बॉलीवुड एक्ट्रेस और मॉडल राखी सावंत और आदिल खान दुर्रानी की शादी अब टूटती नजर आ रही है। अदाकारा लगातार आदिल को लेकर नए-नए खुलासे करती नजर आ रही है। बीती रात उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा था कि अब उनका और आदिल का रिश्ता हमेशा के लिए खत्म हो गया है। वहीं अब इस मामले में एक और नया मोड आ गया है।

    राखी सावंत ने अपने पति आदिल दुर्रानी के खिलाफ मुंबई के ओशिवारा पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें आरोप लगाया गया है कि उन्होंने उनके पैसे और गहने ले लिए हैं। पुलिस ने आदिल दुर्रानी के खिलाफ आईपीसी की धारा 406 और 420 के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। उन्हें पूछताछ के लिए बुलाया गया है।

  • एक्सप्रेस-वे पर शव को 10 Km तक घसीटती रही कार

    एक्सप्रेस-वे पर शव को 10 Km तक घसीटती रही कार

    मथुराः जिले में दिल्ली के कंझावला जैसा हादसा सामने आया है। यमुना एक्सप्रेस-वे पर स्विफ्ट कार सवार युवक के शव को करीब 10 किलोमीटर तक घसीटते ले गई। टोल प्लाजा पर गाड़ी रुकी तो सिक्योरिटी गार्ड भयावह नजारा देख हैरान रह गए। आनन-फानन में इसकी सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव के टुकड़ों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मथुरा के थाना मांट इलाके में यमुना एक्सप्रेस-वे पर एक स्विफ्ट कार में फंसा हुआ एक शव मिला। कई किलोमीटर दूर तक घसीटता चले जाने से उसके चिथड़े-चिथड़े उड़ चुके थे।

    यमुना एक्सप्रेस वे मांट टोल पर जैसे ही एक शिफ्ट कार टोल देने के लिए रुकी तो सिक्योरिटी गार्ड कार के पीछे का नजारा देख दंग रह गए। स्विफ्ट कार के पीछे एक युवक का शव लटका हुआ था। आनन-फानन में इसकी सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस भी शव को देखकर दंग रह गई। सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर पता चला कि यमुना एक्सप्रेस-वे के माइलस्टोन 106 पर जूता, मोबाइल और बॉडी के अवशेष पड़े मिले हैं। अंदेशा जताया जा रहा है कि हादसा इसी जगह पर हुआ होगा।

    पुलिस मृतक के शव की पहचान करने का प्रयास कर रही है। बताया जाता है कि स्विफ्ट कार (DL12 CT2125) आगरा से नोएडा की ओर जा रही थी। फिलहाल मृतक के शव की पहचान नहीं हो सकी है। वहीं, कार चालक ने इस मामले में अनभिज्ञता जताई है। उसका कहना है कि यमुना एक्सप्रेस-वे काफी कोहरे था। दुर्घटना किसी और वाहन से हुई होगी और शव उसकी गाड़ी में फंस गया होगा। फिलहाल पुलिस एक्सप्रेस-वे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से हादसे के कारण पता लगा रही है।

  • बीजेपी ऑफिस के बाहर आप कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन

    बीजेपी ऑफिस के बाहर आप कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन

    नई दिल्ली: नगर निगम चुनाव नतीजे आए तीन महीने हो गए हैं, लेकिन दिल्ली को मेयर नहीं मिल रहा है। दोनों पार्टियों के बीच आरोप प्रत्यारोप का दौरा जारी है। इसी बीच मंगलवार को आप कार्यकर्ताओं ने बीजेपी दफ्तर के बाहर धरना प्रदर्शन किया है और सड़कों पर बीजेपी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की जा रही है। प्रदर्शन में आप के प्रमुख नेता और कार्यकर्ता शामिल हैं।

    7 दिसंबर को दिल्ली नगर निगम की 250 सीटों के आए थे परिणाम

    बीते 7 दिसंबर को दिल्ली नगर निगम की 250 सीटों के लिए चुनाव के नतीजे आए थे। जिसमें आम आदमी पार्टी को 134 सीटें मिली थी और बीजेपी को 104 सीटें, लेकिन पूर्ण बहुमत हासिल करने के बाद भी आम आदमी पार्टी अभी निगम में मेयर बनाने के लिए संघर्ष कर रही हैं। उसका आरोप है कि बीजेपी जानबूझकर मेयर का चुनाव नहीं होने दे रही है। ऐसे में तीसरी बार मेयर चुनाव टलने को लेकर आप के विधायक सड़कों पर उतरे और बीजेपी मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन करने लगे।

    AAP ने ढोल मंजीरे बजाकर किया प्रदर्शन

    बता दें कि सुरक्षा कारणों से दीनदयाल उपाध्याय मार्ग स्थित बीजेपी मुख्यालय से कुछ दूरी पर बैरिकेड लगाकर सभी प्रदर्शनकारी पार्षदों व पार्टी के कार्यकर्ताओं को रोक दिया गया है। तब से आप कार्यकर्ता ढोल मंजीरे आदि लेकर वहां प्रदर्शन करने लगे और बीजेपी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। आम आदमी पार्टी मेयर का चुनाव कराने के लिए सुप्रीम कोर्ट पहुंच गई है और सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल कर जल्द वोटिंग करवाने और एल्डरमैन को मत डालने से रोकने की मांग रखी है। वहीं, इस मामले पर बुधवार को सुनवाई होगी।

    आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता सौरभ भारद्वाज ने दी जानकारी

    आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता सौरभ भारद्वाज ने कहा कि दिल्ली वालों ने एमसीडी के अंदर आम आदमी पार्टी को बहुमत दिया, लेकिन भाजपा की गंदी राजनीति के कारण एमसीडी हमारी सरकार नहीं बनने दे रही है। आम आदमी पार्टी अपने लीडर ऑफ द हाउस और मेयर प्रत्याशी के जरिए सुप्रीम कोर्ट गई है। कोर्ट में हमने दो बड़ी मांगे रखीं हैं। उन्होंने कहा कि पहली मांग टाइम बाउंड मैनर में जल्द से जल्द मेयर का चुनाव कराकर एमसीडी में सरकार बनाने की है,जबकि दूसरी मांग एल्डरमैन को संविधान के आर्टिकल और डीएमसी एक्ट के सेक्शन 3 के तहत वोटिंग का अधिकार नहीं है। ऐसे में उनको वोट डालने से रोका जाए। इन्हीं मांगों को लेकर तमाम पार्टी के कार्यकर्ता सड़कों पर उतरने को मजबूर हुए हैं।

  • खरड़ नगर काउंसिल दफ्तर में चला सियासी ड्रामा! प्रधान ने पार्षदों संग जमीन पर बैठकर की मीटिंग, देखें वीडियो

    खरड़ नगर काउंसिल दफ्तर में चला सियासी ड्रामा! प्रधान ने पार्षदों संग जमीन पर बैठकर की मीटिंग, देखें वीडियो

    मोहाली/प्रवेशः जिले की खरड़ नगर काउंसिल की की प्रधान जसप्रीत कौर लोंगिया की तरफ से आज उनके दफ्तर के बाहर ही जमीन पर बैठकर अपने पार्षदों के साथ मीटिंग को अंजाम दिया। यही नहीं इस मीटिंग को बकायदा रजिस्टर में भी दर्ज़ किया गया। मामला विरोधी पार्षदों द्वारा प्रधान जसप्रीत कौर लोंगिया पर भरोसा ना होने का एजेंडा पास कर उनके दफ्तर को ताला जड़ दिया था।

    लौंगिया ने प्रशासन पर आरोप लगाया कि जनता द्वारा चुने हुए नुमाइंदों को प्रशासन दबाने की कोशिश में लगा हुआ है व उनके साथ प्रशासन नाजायज धक्का कर रहा है।  यही नहीं प्रशासन लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन भी कर रहा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि स्थानीय प्रशासन कैबिनेट मंत्री अनमोल गगन मान के दबाव में कार्य कर रहा है। यही नहीं उनके समर्थक पार्षदों को धमकाया व डांटा जा रहा है।

  • अब ट्रेन में WhatsApp के जरिए मंगवा सकते है होटल से मनपसंद खाना

    अब ट्रेन में WhatsApp के जरिए मंगवा सकते है होटल से मनपसंद खाना

    नई दिल्लीः भारतीय रेलवे मुसाफिरों को बेहतर यात्रा अनुभव के लिए कई तरह की सुविधाएं देना शुरू कर रहा है। इसी कड़ी में इंडियन रेलवे ने एक नई सेवा शुरू करने की घोषणा की है जिसमें यात्रियों को व्हाट्सएप के जरिए खाना ऑर्डर करने की सुविधा मिलेगी। दरअसल नई सुविधा आईआरसीटीसी की ई-कैटरिंग सेवाओं का हिस्सा है, जो रेल यात्रियों को ताजा और स्वच्छ भोजन विकल्प प्रदान करती है।

    ऑर्डर देने के लिए इस व्हाट्सएप पर कर सकते है मैसेज

    यात्री अब अपने भोजन का ऑर्डर देने के लिए व्हाट्सएप नंबर +91-8750001323 पर मैसेज कर सकते हैं। खास बात है कि यह इंटरैक्टिव प्लेटफॉर्म ग्राहकों को सवाल पूछने और आसानी से ऑर्डर देने के लिए डबल कम्युनिकेशन चैनल प्रदान करेगा। यह सर्विस एआई चैटबॉट द्वारा संचालित है जो सभी ई-कैटरिंग अनुरोधों को संभालने के लिए उपलब्ध है।

    रियल टाइम ऑर्डर ट्रैकिंग की मिलेगी सुविधा

    इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन लिमिटेड (IRCTC) ने कहा कि यात्री खाने का ऑर्डर देने के लिए सेल्फ-सर्विस फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल कर सकते हैं और रियल टाइम ऑर्डर ट्रैकिंग, फीडबैक और समर्थन के साथ सीधे अपनी सीटों पर अपनी डिलीवरी प्राप्त कर सकते हैं। रेलवे ने कहा कि आईआरसीटीसी की ई-कैटरिंग सेवाओं के जरिए ग्राहकों को एक दिन में 50,000 से अधिक भोजन परोसा जा रहा है।

    ऐसे चुनें मनपसंद रेस्तरां से भोजन का ऑर्डर

    यात्री अपने ट्रेन टिकट बुक करते समय www.ecatering.irctc.co.in लिंक पर क्लिक करके ई-कैटरिंग सेवाओं का विकल्प चुन सकते हैं। यह लिंक व्हाट्सएप के जरिए भेजा जाएगा। इस लिंक से यात्री सीधे रेलवे स्टेशनों पर अपनी पसंद के रेस्तरां से भोजन का ऑर्डर देना चुन सकते हैं। टेक्नोलॉजी की मदद लेकर आईआरसीटीसी यह सुनिश्चित कर रहा है कि उसके यात्री फ्रेश और हाइजिन फूड हासिल कर सकें और अपनी यात्रा के अनुभव को और यादगार बनाए। 

    इससे पहले ट्रेनों में बर्थ और कंफर्म टिकट की किल्लत को दूर करने के लिए टिकट जारी करने की क्षमता प्रति मिनट 25,000 से बढ़ाकर 2.25 लाख करने और पूछताछ की क्षमता प्रति मिनट चार लाख से बढ़ाकर 40 लाख करने की योजना के बारे में बचा चुका है। रेलवे मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इस बात की जानकारी दी थी। वहीं, भारतीय रेलवे ने वित्त वर्ष 2023-24 में 7,000 किलोमीटर की नई रेल पटरी बिछाने का भी लक्ष्य तय किया है।

  • खेल मंत्री ने भारतीय हॉकी टीम के खिलाड़ियों को किया सम्मानित, देखें तस्वीरें

    खेल मंत्री ने भारतीय हॉकी टीम के खिलाड़ियों को किया सम्मानित, देखें तस्वीरें

    खिलाड़ियों को जल्द सौंपे जाएंगे ग्रेड वन की नौकरियों के नियुक्ति पत्र 

    चंडीगढ़/प्रवेश: पंजाब के खेल मंत्री गुरमीत सिंह मीत हेयर ने अपने सरकारी आवास पर भारतीय हॉकी टीम के खिलाड़ियों को सम्मानित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान जल्द ही ओलंपिक पदक विजेता हॉकी खिलाड़ियों को ग्रेड वन की नौकरियों के नियुक्ति पत्र सौंपेंगे।

    मीत हेयर ने कहा कि भगवंत मान के नेतृत्व वाली राज्य सरकार पंजाब को खेलों में अग्रणी बनाने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ेगी और हॉकी की नर्सरी कहे जाने वाले पंजाब इस खेल में देश का नेतृत्व करेगा। उन्होंने राज्य में हॉकी खेल को और बढ़ावा देने के लिए खिलाड़ियों से सुझाव भी मांगे। साथ ही हॉकी खेल के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और राज्य में हॉकी लीग शुरू करने पर भी विचार किया।

    मीत हेयर ने कहा कि पंजाब के लिए गर्व की बात है कि टीम में कप्तान समेत राज्य के 10 खिलाड़ी हैं। उन्होंने इस साल होने वाले एशियाई खेलों और अगले साल होने वाले पेरिस ओलंपिक के लिए खिलाड़ियों को शुभकामनाएं भी दीं। विश्व कप में उम्मीद के मुताबिक नतीजे नहीं आने पर खिलाड़ियों को हिम्मत नहीं हारने की सलाह देते हुए उन्होंने कहा कि जीत हार खेल का हिस्सा है।

  • शाॅपकीपर एसोसिएशन ने नगर निगम कमिश्नर को ज्ञापन सोंपा

    शाॅपकीपर एसोसिएशन ने नगर निगम कमिश्नर को ज्ञापन सोंपा

    फगवाड़ा/राजेश कुमारः फगवाड़ा शहर के गौशाला रोड शॉपकीपर एसोसिएशन ने नगर निगम कमिश्नर को एक ज्ञापन देकर मांग की है कि गौशाला रोड बड़ी मस्जिद के सामने जो डिस्पोजल है वहां के लोहे के जंगले जालियां काफी समय से टूटे हुए हैं। जिससे अनेक प्रकार का कूड़ा करकट डिस्पोजल से होता हुआ आगे नाले एवं सीवरेज में फंस जाता है और बिना बरसात के गौशाला रोड पर गंदा पानी सड़कों पर जमा हो जाता है।

    दुकानदारों ने नगर निगम कमिश्नर से मांग की है कि त्वरित कार्रवाई कर के नाले के ऊपर लगी जालिया एवं लोहे के जंगलों को तब्दील किया जाए। ताकि राहगीर आसानी से आ जा सके और कूड़ा करकट गंदे नाले में ना फंसे। ज्ञापन पर हस्ताक्षर करने वालों में गौशाला रोड शॉपकीपर एसोसिएशन के अध्यक्ष मोहन सिंह गांधी, महासचिव मदन मोहन खट्टर, विजय कोचर, पवन कुमार, गुरमीत सिंह, विशाल मुकेश डॉग, विशाल कुमार, प्रेमलाल, अवतार सिंह छाबड़ा, भोला, गेरा, अरविंदर सिंह, राम लुभाया, रंपी साहिल, अनिल कांत इत्यादि प्रमुख थे।

  • इंटरनेशनल फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग, महिला यात्री की बिगड़ी तबीयत

    इंटरनेशनल फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग, महिला यात्री की बिगड़ी तबीयत

    राजस्थानः जोधपुर में एयरपोर्ट पर अंतर्राष्ट्रीय फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग होने का मामला सामने आया है। यह फ्लाइट इंडिगो एयरलाइंस की है। बताया जा रहा है कि फ्लाइट में महिला यात्री की तबीयत बिगड़ने के कारण इमरजेंसी लैंडिग की गई। यह फ्लाइट जेद्दा से दिल्ली जा रही थी। फ्लाइट को जोधपुर में डायवर्ट किया गया। यात्री को गोयल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। महिला की पहचान मित्रा बानो के रूप में हुई है जो कि जम्मू-कश्मीर के हमारीबाग की निवासी है। वह अपने बेटे मुजफ्फर के साथ साउदी जा रही थी। इस दौरान उसकी अचानक तबीयत बिगड़ गई।

  • कोर्ट परिसर के बाहर दो गैंगस्टरों के बीच चली गोलियां, देखें वीडियो

    कोर्ट परिसर के बाहर दो गैंगस्टरों के बीच चली गोलियां, देखें वीडियो

    लुधियानाः शहर के कोर्ट कंप्लैक्स के बाहर गोलियां चलने का मामला सामने आया है। दरअसल, कोर्ट कंप्लैक्स के बाहर कामकाज चल रहा था। इसी दौरान वहां पर हमलावारों ने गोलियां चला दी। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक दो गैंगस्टरों के बीच गोलियां चली है। 

    बताया जा रहा गैंगस्टरों में किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। इस दौरान गैंगस्टरों में एक दूसरे पर गोलियां चला दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस को घटनास्थल से 3 खोल बरामद हुए है। मामले की जांच की जा रही है। बताया जा रहा है कि गोली राहुल नामक युवक ने चलाई है। गोली लगने से हिमांशु नाम का युवक गंभीर रूप घायल हो गया है। 

    युवक के हाथ पर गोली लगी है। गोलियां चलने के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। हिमांशु अपने दोस्त गुरचरण के साथ कोर्ट में पेशी पर आया था। बताया जा रहा है कि पुरानी रंजिश के चलते उन पर फायरिंग की गई है। 

    कुछ तो मौके से फरार होने में कामयाब हो गए, लेकिन घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो लोगों को हिरासत में ले लिया। घटना स्थल पर पुलिस को गोलियों के तीन खोल मिले है। मौके पर फोरेंसिक एक्सपर्ट टीम भी पहुंच चुकी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही है।