ऊना/सुशील पंडित : जिला मुख्यालय ऊना से नैणमां वाया दुलैहड बस चलवाने पर उपमुख्यमन्त्री मुकेश अग्निहोत्री का दुलैहड के स्थानीय लोगों ने धन्यवाद किया है। जानकारी देते हुए ग्राम पंचयात प्रधान नंद किशोर , जगजीत , रवि, संजीव, राकेश, पवन, मोनी ठाकुर ने बताया की उप मुख्यमंत्री के आदेशानुसार करीब 20 साल बाद इस रूट को चलाया गया है बस चलाने के उपरांत जगह जगह लोगों ने खुशी जाहिर की और लड्डू बांटे। बीटन में बस आने पर जोरदार स्वागत व मुकेश अग्निहोत्री का स्थानीय लोगों ने आभार व्यक्त किया।
Blog
-

अब सिर्फ 2 घंटे में पूरा होगा दिल्ली का सफर, जानें NHA का ये रूट
चंडीगढ़ः अब सिर्फ दो घंटे में आप दिल्ली एयरपोर्ट से चंडीगढ़ का सफर तय कर सकते है। इस बात पर विश्वास करना थोड़ा मुश्किल है लेकिन यह सच है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) वादा कर रहा है कि यह जून 2023 तक एक वास्तविकता होगी। क्योंकि इसने दिल्ली, ट्रांस-हरियाणा और दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे में द्वारका एक्सप्रेसवे और अर्बन एक्सटेंशन रोड को पूरा करने के लिए टाइट शेड्यूल निर्धारित किया है। बता दे इसके लिए स्पेशल रूट तैयार किया गया है। हालांकि, दोनों रूटों के बीच की दूरी में फर्क मात्र 20 किलोमीटर का ही होगा लेकिन लोग एक्सप्रेस-वे से होकर गुजरेंगे। इस एक्सप्रेस-वे निर्माण से जहां समय की बचत होगी तो वही सफर करना बेहद सुविधाजनक हो जाएगा।
ये हैं आसान रूट
इस नए रुत के बारे में NHAI अधिकारी ने जानकारी दी कि साइन बोर्ड के माध्यम से द्वारका एक्सप्रेस-वे, हवाई अड्डे से टेक ऑफ प्वाइंट, यात्रियों को जम्मू में चंडीगढ़, अमृतसर और कटरा जैसे अपने गंतव्य तक जाने के लिए जानकारी दी जाएगी। साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि यात्रियों को द्वारका एक्सप्रेस-वे पर सफर करने की जरूरत पड़ेगी और शहरी विस्तार रोड़ से बहादुरगढ़ में पहले से ही तैयार KMP एक्सप्रेस-वे पर पहुंचना होगा।
दिल्ली से अमृतसर की दूरी 4 घंटे में होगी पूरी
इस एक्सप्रेस-वे पर 40 किलोमीटर का सफर तय करना होगा और फिर लगभग दस किलोमीटर KMP एक्सप्रेस-वे को कवर करने के बाद वे दिल्ली- कटरा एक्सप्रेस-वे पर लगभग 80 किलोमीटर का सफर तय करेंगे। इसके बाद, वो अंबाला से चंडीगढ़ की ओर जाने के लिए ट्रांस- हरियाणा एक्सप्रेस-वे ले जाएंगे। दिल्ली से अमृतसर की दूरी 4 घंटे में पूरी होगी और दिल्ली से कटरा तक का सफर तय करने में अब 14 की जगह सिर्फ 6 घंटे लगेंगे।
अब भीड़भाड़ वाले इलाकों से मिलेगा छुटकारा
इस एक्सप्रेस-वे के निर्माण के बाद हरियाणा ही नहीं बल्कि पंजाब, राजस्थान, दिल्ली और यूपी जैसे अन्य राज्यों में भी सड़क कनेक्टिविटी मजबूत होगी। इस महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट से बड़े शहरों में भीड़भाड़ कम होगी और सफर में लगने वाले समय की बचत आएगी। इस स्पेशल रूट पर यात्रा करने से चंडीगढ़ से दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचने में लगभग 2 घंटे का समय लगेगा जबकि पहले यह समय चार घंटे रहता था।
-

बडोआ में नव निर्मित मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा व भंडारे का आयोजन
ऊना/ सुशील पंडित : उपमंडल बंगाणा क्षेत्र की ग्राम पंचायत खरयालता स्थित बड़ोआ में नवनिर्मित मंदिर श्री बाबा सिद्ध चानो जी महाराज ब भगवान श्री कृष्ण की मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान शनिवार को वहां पर मास्टर हाकम चंद ने मंत्रो उच्चारण के साथ बाबा सिद्ध चानो जी महाराज व भगवान श्री कृष्ण की मूर्ति स्थापित की। मंदिर के पुजारी मक्खन सिंह ने इलाके के सभी क्षेत्रवासियों के सहयोग से यह नव निर्माण मंदिर व मूर्ति स्थापना का कार्य संपन्न हुआ है।
उन्होंने श्री बाबा सिद्ध चानो जी महाराज की मूर्ति स्थापना दिवस पर क्षेत्र की खुशहाली बाद जन कल्याण हेतु भजन कीर्तन पूजा अर्चना की गई। इस मौके पर मंदिर पुजारी मक्खन सिंह ने क्षेत्रवासियों की कुशलता के लिए भगवान से प्रार्थना की । उन्होंने बताया कि बाबा सिद्ध चानो महाराज में भक्तों की प्रगाढ़ आस्था है। और उन्हें न्याय का देवता और सच्ची सरकार के रूप में पूजा जाता है। कहते हैं कि जिस किसी व्यक्ति को न्याय नहीं मिलता है उसे बाबा के दरबार में आकर न्याय मिलता है। मान्यता है जो कोई बाबा के दरबार में सच्ची श्रद्धा से आता है।
बाबा सिद्ध चानो के दरबार से कभी खाली नहीं जाता है। इस कार्यक्रम के दौरान गांव खैरियां, सरनोटी, तलमेहडा, रौनखर, लालशाह, भलखूं, वही, डीहर ,राजपुरा ,खड़ोह ,चम्वोआ चडोली ब आसपास के क्षेत्रों से आकर सैकड़ों की संख्या में भक्तों ने भंडारे का प्रसाद ग्रहण किया व बाबा जी का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर मंदिर पुजारी मक्खन सिंह, ग्राम पंचायत डीहर प्रधान कृष्णा देवी, हाकम चंद, रिटायर्ड डीएसपी बुहाणा प्रकाश चंद संधू, भोडू राम चांदला, देशराज, दिनेश कुमार ,अश्वनी कुमार, बलवंत सिंह ,अशोक कुमार ,जगदीश चंद, सुखदेव ,गुलजारीलाल ब सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
-

केनरा बैंक के समीप लगा हस्तनिर्मित ऊनी उत्पादों का स्टाॅल
ऊना / सुशील पंडित : राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त शिल्पी उत्तम चंद ने बताया कि हस्तशिल्प ऊनी उत्पादों के स्टाॅल प्रदर्शनी एवं बिक्री के लिए 1 फरवरी तक केनरा बैंक के नजदीक प्री पैड पार्किंग में बिक्री एवं प्रदर्शनी स्टाॅल लगाए गए हैं। उन्होंने बताया कि स्टाॅलों में हिमालयन फेव उत्पादन कम्पनी लिमिटेड कुल्लू के कारीगरों द्वारा निर्मित शाॅल, लोई, जैकेट, जुराब व मफलर इत्यादि की बिक्री हेतू ऊनी उत्पाद रखे गए हैं। उन्होंने स्थानीय लोगों से आग्रह किया है कि वह प्रदर्शनी स्थल में अवश्य आएं और हस्तनिर्मित उत्पादों का क्रय करें।
-

महंगाई की मार, पानी की 10 फीसदी बढ़ी कीमतें
शिमलाः राजधानी शिमला में पानी की दरों में 10 प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई है। इससे शहर के करीब 30 हजार पेयजल उपभोक्ताओं को अब अगले महीने से पानी का बिल पहले के मुकाबले 10 प्रतिशत ज्यादा देना होगा। पहले यह माना जा रहा था कि इसे पहली अप्रैल से लागू किया जाएगा, लेकिन अब अगले महीने से ही बढ़ी हुई दर से बिल देना होगा। कोरोना महामारी के कारण दो साल से पानी की दर नहीं बढ़ाई गई है। अब इसे आज से ही लागू कर दिया गया है। नई दर के मुताबिक घरेलू उपभोक्ता जिनके कनेक्शन नगर निगम की सीमा में ही लगे हैं, उन्हें मासिक 20 हजार लीटर पानी का इस्तेमाल करने पर 17.55 रुपये प्रति हजार लीटर की दर से बिल दिया जाएगा। यदि पानी का मासिक इस्तेमाल 20 से 30 हजार लीटर के बीच पहुंच जाता है तो 30.25 रुपये प्रति हजार लीटर की दर से बिल जारी किया जाएगा।
वहीं पानी का इस्तेमाल 30 हजार लीटर मासिक होने पर बिल की दर 54.39 रुपये प्रति हजार लीटर की दर से ली जाएगी। ये दरें नगर निगम की सीमा के अंदर ही लागू होंगी। वहीं जिन लोगों ने नगर निगम की सीमा से बाहर भी पानी का कनेक्शन निगम से ले रखा है उन्हें पहले स्लैब में 39.93 रुपये, दूसरे में 60.50 और तीसरे में 84.70 रुपये प्रति हजार लीटर की दर से पानी का बिल देना होगा। राज्य शहरी विकास विभाग की ओर से इस संबंध में निर्देश जारी कर दिए गए हैं। राज्य के शहरी विकास विभाग के सचिव देवेश कुमार की ओर से इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी गई है।
दर राजधानी में जिन भवन मालिकों ने पानी का कनेक्शन व्यावसायिक दर पर ले रखा है। उनके लिए जारी होने वाले बिल में भी 10 प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई है। इसके तहत जो लोग महीने में 20 हजार लीटर पानी का इस्तेमाल करते हैं, उनसे पानी की दर 48.40 रुपये प्रति हजार लीटर वसूली जाएगी। वहीं 30 हजार लीटर मासिक उपयोग पर 75.11 रुपये प्रति हजार लीटर तथा 75 हजार लीटर तक मासिक उपयोग हो तो उन्हें बिल 101.16 रुपये प्रति हजार लीटर की दर से जारी किया जाएगा।
शहर में जो लोग नहीं रहते हैं और वे अपने पेयजल कनेक्शन प्लग करवा देते हैं, ऐसे कनेक्शन धारकों को हर महीने 200 रुपये का बिल देना होगा। वहीं यदि तीन महीने से मीटर खराब होता है तो पेनल्टी की राशि भी प्रतिमाह की दर से तय कर दी है। सोलन नगर निगम के उपमहापौर राजीव कौड़ा ने कहा- सर्वे होने के बाद सोलन शहर में करदाताओं की संख्या बढ़ने की उम्मीद है। इससे नगर निगम की आय में भी वृद्धि होगी।
-

राष्ट्रहित में युवाओं की सहभागिता सुनिश्चित करने हेतू आयोजित होंगे कार्यक्रम – उपनिदेशक
ऊना/ सुशील पंडित : उपनिदेशक नेहरू युवा केंद्र ऊना डॉ लाल सिंह ने युवा स्वयंसेवियों व् प्रगतिशील युवा कार्यकर्ताओं व जिला स्तरीय युवा समिति के सदस्यों की समीक्षा बैठक की। बैठक में कहा कि युवा शक्ति की ऊर्जा को राष्ट्रहित में रचनात्मकता गतिविधियों के साथ सहभागिता सुनिश्चित करने हेतु फरवरी माह तक अनेकों कार्यक्रमों का आयोजन किया जायेगा।
उन्होंने कहा कि देश कि संवैधानिक प्रणाली के प्रति युवाओं के विचारों को सुनने का अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से 2023 में चैथा राष्ट्रीय युवा संसद कार्यक्रम किया जा रहा है जिसमें ऊना व् बिलासपुर के युवाओं हेतु 30 जनवरी को उपायुक्त कार्यालय के वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग हाॅल में वर्चुअल मोड के माध्यम से उपायुक्त ऊना की अध्यक्षता में प्रतियोगिता का आयोजन किया जायेगा।
उपनिदेशक ने बताया कि 29 जनवरी से 11 फरवरी तक जलग्रां, चातेहड़ व् खड्ड में खेलकूद प्रतियोगिताएं आयोजित होगी। उन्होंने बताया कि युवाओं में नेतृत्व की क्षमता का संवर्धन करने हेतु बंगाणा में तीन दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम 2 से 4 फरवरी तक, सम्लाड़ा में 5 फरवरी को थीम आधारित कार्यक्रम और करियर काउंसलिंग सघन स्वयंमसेवी नामांकन कार्यक्रम होगा। इसके अतिरिक्त 13 से 18 फरवरी तक डूहल भंगवाल में 5 दिवसीय युवा श्रमदान शिविर आयोजित किया जाएगा जिसमें युवा मंडल के सदस्यों तथा आस – पड़ोस के युवा मंडलों के युवाओं द्वारा श्रमदान कर खेल के मैदान का निर्माण किया जाएगा।
बैठक में जिला युवा सेवा एवं खेल अघिकारी चंद्रमोहन शर्मा, राष्ट्रीय सेवा योजना राजकीय महाविद्यालय ऊना राजेंद्र शर्मा, लेखा एवं कार्यक्रम सहायक विजय भारद्वाज, हमराजत, आरती भारद्वाज, नवीन, शुभम सहित अन्य वालंटियर ने भाग लिया।
-

हमलावार ने चलाई ताबड़तोड़ गोलियां, 2 घायल, पुलिस ने किया एनकाउंटर
यरूशलमः इजरायल में शनिवार दोपहर (भारतीय समयानुसार) एक और हमला हुआ। जिसमें दो लोग घायल हो गए। वहीं सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर हमलावर को घेरकर ढेर कर दिया। जानकारी के मुताबिक ये हमला यरूशलम में डेविड शहर के पास हुआ। पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। साथ ही मारे गए हमलावर के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

बता दें कि इससे कुछ घंटे पहले ही यरूशलम के बाहरी इलाके में एक यहूदी मंदिर में एक हमला हुआ, जिसमें 7 लोगों की मौत हो गई। यरूशलम में ये हमला इजराइल की सेना की रिफ्यूजी कैंप में की गई कार्रवाई के एक दिन बाद हुआ है। हालांकि पुलिस ने एनकाउंटर में हमलावर को मार गिराया। इस हमले की जिम्मेदारी किसी ने नहीं ली है, लेकिन इसका जेनिन छापेमारी से जुड़े होने का संदेह है। जिसमें इजराइल सेना की कार्रवाई में 9 फिलिस्तीनियों की मौत हो गई थी।
इजरायल पुलिस ने आतंकी हमला बताया
इजरायल पुलिस ने इसे आतंकी हमला बताते हुए कहा कि यह पूर्वी यरूशलम के कब्जे वाले यहूदी क्षेत्र नेवे याकोव में हुआ। गाजा में हमास के प्रवक्ता हजेम कासिम ने कहा, यह ऑपरेशन जेनिन में कब्जे का जवाब है। इस हमले की फिलिस्तीनी इस्लामिक जिहाद ने तारीफ की, लेकिन हमले का दावा नहीं किया। वहीं, अमेरिका ने इस हमले की निंदा की है।
इजरायल-फिलिस्तीन के बीच झड़प में 9 की मौत
गौरतलब है कि इजरायल-फिलिस्तीन के बीच खूनी संघर्ष रुकने का नाम नहीं ले रहा है। इजरायली सेना और फिलिस्तीन के बीच वीरवार को हुए एक झड़प में 9 फिलिस्तीनियों की मौत हो गई। इस घटना के बाद इजरायली सेना ने कहा कि उन्होंने किसी भी निर्दोष की हत्या नहीं की है बल्कि वे जेनिन में इस्लामिक जिहाद आतंकवादी संगठन से संबंधित आतंकवादी दस्ते को पकड़ने गए थे।
-

शराब तस्करों ने किया पुलिस पर हमला, 9 कर्मी घायल
बिहारः शराब धंधेबाजों द्वारा उत्पाद विभाग और पुलिस टीम पर हमले की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। ताजा मामला भोजपुर जिले से आया है। जगदीशपुर थाना इलाके में शुक्रवार रात शराब धंधेबाजों को पकड़ने गई उत्पाद पुलिस टीम पर लोगों ने जानलेवा हमला कर दिया। आरोपियों ने पुलिस पर ईंट और पत्थर बरसाए, जिसमें इंस्पेक्टर समेत 9 पुलिसकर्मी घायल हो गए।
रोड़ेबाजी के दौरान पुलिस की गिरफ्त से 4 आरोपी फरार हो गए। जानकारी के मुताबिक जगदीशपुर थाना क्षेत्र के घाघा गांव की महादलित टोली में शुक्रवार रात शराब के धंधेबाजों ने उत्पाद विभाग की टीम पर हमला कर दिया। शराब बिक्री की सूचना पर छापेमारी करने गई टीम पर रोड़ेबाजी की गई। इसमें एक इंस्पेक्टर और तीन दरोगा सहित नौ पुलिसकर्मी जख्मी हो गए। हमले के दौरान धंधेबाजों ने अपने चार साथियों को छुड़ा लिया। उत्पाद विभाग की टीम ने दस आरोपियों को गिरफ्तार कर गाड़ी में बैठा लिया था। इस बीच पुलिस पर हमला किया गया। ईंट-पत्थर भी बरसाए गए।
इसमें इंस्पेक्टर चौधरी सूर्य भूषण नारायण, दारोगा पूजा कुमारी, राहुल दूबे, अजीत कुमार, एएसआई जीतेंद्र कुमार, राम प्रसाद यादव, जय राम यादव, सिपाही मनीष कुमार, ड्राइवर मिथलेश कुमार सहित नौ लोग जख्मी हो गए। एसपी प्रमोद कुमार के निर्देश पर पुलिस विशेष टीम गठित की है, जो जो हमलावरों और शराब कारोबारियों की धरपकड़ में जुट गई है। इसके लिए विभिन्न ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की जा रही है। इससे पहले भी पटना समेत बिहार के विभिन्न जिलों से शराब धंधेबाजों द्वारा पुलिस टीम पर हमले की खबरें आ चुकी हैं।
-

वशिष्ट पब्लिक स्कूल के बच्चों ने नाटक प्रतियोगिता में तृतीय स्थान हासिल किया
ऊना/सुशील पंडित : राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर पी.जी. कॉलेज ऊना में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त राघव शर्मा मुख्यातिथि थे।निर्वाचन विभाग की ओर से मतदान के महत्व पर प्रतियोगिताएंँ करवाई गईं। इस अवसर पर वशिष्ट पब्लिक स्कूल के बच्चों ने भाग लिया।
वशिष्ट पब्लिक स्कूल के बच्चों ने नाटक प्रतियोगिता में तृतीय स्थान हासिल किया। वशिष्ट पब्लिक स्कूल के बच्चे शिवांगी शर्मा, अश्लेषा ,खुशी राणा ,दिया शर्मा, सरयू राणा, वृंदा, दिवांश राणा, मोहम्मद नोमान खान, दिव्या शर्मा पूरे जिले में तृतीय स्थान पर रहे। स्कूल के निदेशक अनुज वशिष्ट जी ने इस उपलब्धि के लिए बच्चों को बधाई दी।स्कूल के प्रधानाचार्य दीपक कौशल जी ने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताओं में भाग लेने से बच्चों में आत्मविश्वास तथा प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है।
-

पत्नी ने काट दी पति की जुबान, महिला गिरफ्तार
लखनऊ : लखनऊ से एक चौंका देने वाली खबर सामने आई है। दरअसल, लखनऊ में पत्नी ने झगड़े के बाद अपनी जबान से पति की जीभ काट दी। यहां ठाकुरगंज के राधाग्राम एरिया में पति-पत्नी के बीच छोटी सी बात को लेकर विवाद हो गया और धीरे-धीरे वो विवाद बड़े झगड़े में तब्दील हो गया। देखते ही देखते पत्नी का गुस्सा इतना बढ़ गया कि उसने अपनी पति की जीभ दांतों से काट दी। जिसके बाद पति की जबान कटकर जमीन पर गिर गई।
पति की आवाज सुनकर लोग मौके पर पहुंच गए। युवक के मूंह से खून निकलने लगा तो लोगों ने शख्स को घायल अवस्था में अस्पताल भर्ती कराया। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। हर कोई बस यही बात कर रहा है कि आखिर कोई कैसे इतना बेरहम हो सकता है। घटना के बाद घायल पति को अस्पताल भर्ती कराया गया है. वहीं मामले में पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के मुताबिक यह घटना लखनऊ के ठाकुरगंज के राधाग्राम एरिया का है। जहां तीन साल पहले सलमा का विवाह मुन्ना से हुई थी। छोटी सी बात को लेकर पति मुन्ना और सलमा में विवाद हो गया। फिर बात इतनी बढ़ गई कि पत्नी सलमा ने आकर पति मुन्ना की जीभ को अपनी जुबान से काट दिया, जिससे पति की जीभ कटकर नीचे गिर गई. मुन्ना के चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास रहने वाले लोग मौके पर पहुंचे। मुन्ना के मुंह से खून निकलने लगा। लोगों ने मुन्ना को घायल अवस्था में अस्पताल भर्ती कराया। वहीं पहुंची पुलिस ने सलमा के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
