Blog

  • संजीव पंवार बने सूरजपुर स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष

    संजीव पंवार बने सूरजपुर स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष

    बरोटीवाला,सचिन बैंसल: दून विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत सूरजपुर के अंतर्गत राजकीय उच्च माध्यमिक पाठशाला सूरजपुर में मंगलवार को स्कूल की अध्यापिका किरण लता की अध्यक्षता में स्कूल प्रबंधन समिति (एसएमसी) के नव गठन के लिए बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभिभावकों, अध्यापकों एवं स्थानीय लोगों ने भाग लिया।

     बैठक के दौरान सर्वसम्मति से संजीव पंवार को स्कूल प्रबंधन समिति का अध्यक्ष चुना गया। वहीं समिति की कार्यकारिणी में उपाध्यक्ष ज्योति देवी को चुना गया अध्यक्ष के इलावा कुल 10 सदस्य और चुने गए ।नवनिर्वाचित अध्यक्ष संजीव पंवार ने स्कूल के सर्वांगीण विकास, विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध करवाने तथा अभिभावकों और स्कूल प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के लिए कार्य करने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि समिति विद्यालय की आवश्यकताओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का प्रयास करेगा।

     

     

  • आईटीआई पंडोगा में 29 व 30 जुलाई को आयोजित होंगे प्लेसमेंट एवं अप्रेंटिसशिप कार्यक्रम

    आईटीआई पंडोगा में 29 व 30 जुलाई को आयोजित होंगे प्लेसमेंट एवं अप्रेंटिसशिप कार्यक्रम

    ऊना,सुशील पंडित: युवाओं को रोजगार एवं अप्रेंटिसशिप के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) पंडोगा में 29 और 30  जुलाई को दो दिवसीय प्लेसमेंट एवं अप्रेंटिसशिप कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

    आईटीआई के प्रधानाचार्य विशाल चौधरी ने जानकारी देते हुए बताया कि 29 जुलाई को संयुक्त कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव का आयोजन किया जाएगा। इस प्लेसमेंट ड्राइव में सिलाई प्रौद्योगिकी, ड्रेस मेकिंग, एम्ब्रॉयडरी, फैशन डिजाइन तथा अन्य संबंधित व्यवसायों की पात्र महिला प्रशिक्षु भाग लेंगी। इस अवसर पर मैसर्ज टोयोट्सु अंबिका ऑटोमोटिव सेफ्टी कंपोनेंट्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड द्वारा योग्य प्रशिक्षुओं का चयन किया जाएगा।

    साथ ही, 30 जुलाई  को जीएनए गियर्स लिमिटेड द्वारा संस्थान परिसर में अप्रेंटिसशिप एवं डायरेक्ट ऑन-रोल रोजगार के लिए प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस भर्ती प्रक्रिया में मशीनिस्ट, ग्राइंडरमैन, टर्नर, ड्राफ्ट्समैन (मैकेनिकल), फिटर तथा इलेक्ट्रीशियन ट्रेड के पात्र आईटीआई प्रशिक्षु भाग ले सकेंगे। कंपनी द्वारा चयन निर्धारित भर्ती प्रक्रिया के तहत किया जाएगा।

    उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्लेसमेंट कार्यक्रम प्रशिक्षुओं को प्रतिष्ठित औद्योगिक संस्थानों से सीधे जुड़ने का अवसर प्रदान करते हैं, जिससे उन्हें रोजगार एवं अप्रेंटिसशिप के बेहतर विकल्प उपलब्ध होते हैं। उन्होंने सभी पात्र प्रशिक्षुओं से निर्धारित तिथि एवं समय पर अपने सभी आवश्यक दस्तावेजों सहित उपस्थित होकर इन अवसरों का लाभ उठाने की अपील की।अधिक जानकारी के लिए इच्छुक अभ्यर्थी 01975-292742 पर संपर्क कर सकते हैं।

     

  • बंगाणा स्कूल में जिला पुलिस ऊना का एंटी चिट्टा अभियान

    बंगाणा स्कूल में जिला पुलिस ऊना का एंटी चिट्टा अभियान

    विद्यार्थियों को नशे, साइबर अपराध और यातायात नियमों के प्रति किया जागरूक

    ऊना,सुशील पंडित: जिला पुलिस ऊना द्वारा चलाए जा रहे “एंटी चिट्टा अभियान” के तहत मंगलवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बंगाणा में नशा विरोधी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जिला ऊना संजीव कुमार भाटिया ने विद्यार्थियों और शिक्षकों को चिट्टा (हेरोइन) सहित अन्य मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों तथा उनसे जुड़े कानूनी प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी।

     उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि नशे से न केवल स्वास्थ्य प्रभावित होता है, बल्कि यह परिवार और समाज के लिए भी गंभीर खतरा बनता है। इस दौरान NDPS Act के तहत मादक पदार्थों से संबंधित अपराधों और उनके कानूनी परिणामों के बारे में भी जागरूक किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को यातायात नियमों का पालन करने, साइबर अपराधों से सतर्क रहने तथा सोशल मीडिया और अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म का सुरक्षित एवं जिम्मेदारी से उपयोग करने के लिए भी प्रेरित किया गया।

    अंत में सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं उपस्थित प्रतिभागियों को “एंटी चिट्टा शपथ” दिलाई गई। उन्होंने नशामुक्त, स्वस्थ एवं अनुशासित जीवनशैली अपनाने तथा समाज को नशामुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। जिला पुलिस ऊना ने कहा कि “नशा मुक्त ऊना” के लक्ष्य को साकार करने के लिए जागरूकता अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि मादक पदार्थों या प्रतिबंधित दवाओं की अवैध बिक्री, तस्करी अथवा भंडारण से संबंधित कोई भी सूचना तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

     

  • अभिषेक जैन ने जल संरक्षण को जन-आंदोलन बनाने का आह्वान किया

    अभिषेक जैन ने जल संरक्षण को जन-आंदोलन बनाने का आह्वान किया

    शिमला: ‘जल संचय जन भागीदारीः कैच द रेन-2026’ अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन की समीक्षा के लिए आज यहां राज्य स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपायुक्त, सह-जिला नोडल अधिकारी, जल शक्ति विभाग के प्रमुख अभियंता, मुख्य अभियंता, अधीक्षण अभियंता तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने प्रत्यक्ष एवं वर्चुअल माध्यम से भाग लिया।

    बैठक की अध्यक्षता करते हुए प्रधान सचिव (जल शक्ति) एवं अभियान के राज्य नोडल अधिकारी डॉ. अभिषेक जैन ने कहा कि जल संरक्षण को जन-आंदोलन का स्वरूप देना समय की आवश्यकता है। उन्होंने सभी उपायुक्तों को निर्देश दिए कि पंचायती राज संस्थाओं, शहरी स्थानीय निकायों, शैक्षणिक संस्थानों, स्वयं सहायता समूहों, महिला मंडलों, युवा क्लबों, गैर-सरकारी संगठनों तथा अन्य सामुदायिक संस्थाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित कर अभियान को वास्तविक अर्थ में जन भागीदारी का अभियान बनाया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि अभियान को वीबी-जी राम जी, जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, अमृत, कैम्पा, स्वच्छ भारत मिशन तथा राज्य एवं केंद्र प्रायोजित अन्य योजनाओं के साथ प्रभावी अभिसरण के माध्यम से लागू किया जाए ताकि जल संरक्षण गतिविधियों का अधिकतम लाभ सुनिश्चित किया जा सके।

    प्रधान सचिव ने कहा कि मौजूदा जल संरक्षण परिसंपत्तियों के संरक्षण, पुनर्स्थापन, पुनर्वास और अधिकतम उपयोग को सर्वाेच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उन्होंने विशेष रूप से पारंपरिक जल संरक्षण संरचनाओं जैसे बावड़ियों, खात्रियों, कुहलों, पोखरों तथा अन्य स्थानीय जल स्रोतों के संरक्षण और पुनर्जीवन पर बल दिया। उन्होंने ग्राम पंचायतों एवं स्थानीय समुदायों की सक्रिय भागीदारी से ग्रामीण स्तर पर आवश्यकता आधारित लघु जल संरक्षण एवं भूजल पुनर्भरण कार्यों की पहचान कर उन्हें शीघ्र क्रियान्वित करने के निर्देश भी दिए। साथ ही सभी कार्यों का समुचित दस्तावेजीकरण, जियो-टैगिंग तथा निर्धारित पोर्टल पर समयबद्ध अपलोड सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया ताकि पारदर्शी निगरानी एवं प्रभावी रिपोर्टिंग हो सके।

    दीर्घकालिक योजना के महत्व को रेखांकित करते हुए डॉ. अभिषेक जैन ने निर्देश दिए कि प्रत्येक जिले में वीबी-जी राम जी के अंतर्गत जल संरक्षण कार्यों की एक समर्पित शेल्फ तैयार की जाए, जिससे वर्षा जल संग्रहण एवं भूजल पुनर्भरण गतिविधियों को वार्षिक विकास योजनाओं का स्थायी हिस्सा बनाया जा सके। बैठक में 4 जुलाई से 4 अगस्त, 2026 तक चलाए जा रहे विशेष राष्ट्रव्यापी अभियान की प्रगति पर विस्तृत प्रस्तुति भी दी गई। इसमें जिला-वार कार्यान्वयन, विभिन्न केंद्रीय एवं राज्य योजनाओं के साथ अभिसरण, प्रदेशभर में संचालित गतिविधियों तथा जियो-टैगिंग एवं जल संचयः जन भागिदारी पोर्टल पर कार्यों की अपलोडिंग की स्थिति की समीक्षा की गई।

    इसके अतिरिक्त, केंद्रीय जल शक्ति मंत्रालय द्वारा निर्धारित जिला-वार लक्ष्यों तथा उनके विरुद्ध अब तक प्राप्त प्रगति की भी विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में जल संरक्षण कार्यों के क्रियान्वयन में तकनीकी सहयोग की आवश्यकता पर भी चर्चा हुई। इस दौरान निर्णय लिया गया कि जल शक्ति विभाग विभिन्न विभागों को वैज्ञानिक आधार पर जल संरक्षण एवं भूजल पुनर्भरण संरचनाओं की योजना एवं निर्माण के लिए आवश्यक तकनीकी मार्गदर्शन तथा परामर्श उपलब्ध कराएगा।

  • दिल्ली के जंतर-मंतर पर युवाओं पर लाठीचार्ज दुर्भाग्यपूर्ण, गलत पर आंदोलन करना विपक्ष का लोकतांत्रिक अधिकार: विवेक शर्मा

    दिल्ली के जंतर-मंतर पर युवाओं पर लाठीचार्ज दुर्भाग्यपूर्ण, गलत पर आंदोलन करना विपक्ष का लोकतांत्रिक अधिकार: विवेक शर्मा

    दिल्ली में पेपर लीक के मामले में प्रदर्शन कर रहे युवाओं खासकर बेटियों पर पुलिस का लाठीचार्ज बेहद शर्मनाक

    ऊना,सुशील पंडित: कुटलैहड़ क्षेत्र के विधायक विवेक शर्मा ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर पेपर लीक मामले को लेकर प्रदर्शन कर रहे युवाओं और विद्यार्थियों पर पुलिस द्वारा किए गए कथित लाठीचार्ज की कड़ी आलोचना की है। उन्होंने कहा कि देश के लाखों युवा अपने भविष्य को लेकर चिंतित हैं और रोजगार तथा पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया की मांग कर रहे हैं।

    ऐसे में पेपर लीक जैसे गंभीर मुद्दे पर आंदोलन करना विपक्ष का लोकतांत्रिक अधिकार है तथा देश के लाखों युवाओं का इस आंदोलन को समर्थन देना भी स्वाभाविक और जायज़ है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में अपनी बात शांतिपूर्ण ढंग से रखने का अधिकार प्रत्येक नागरिक को संविधान ने दिया है, इसलिए आंदोलनों को बलपूर्वक दबाने की बजाय संवाद के माध्यम से समाधान तलाशना चाहिए। विधायक ने कहा कि प्रदर्शन के दौरान खासकर छात्राओं और बेटियों पर पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि घायल अवस्था में कई छात्राएं पुलिस अधिकारियों से सवाल कर रही थीं कि यदि वे उनकी अपनी बेटियां होतीं, तो क्या तब भी उनके साथ ऐसा ही व्यवहार किया जाता।

    विधायक ने कहा कि इस प्रकार की घटनाएं पूरे देश को झकझोरने वाली हैं और इससे युवाओं का लोकतांत्रिक व्यवस्था पर विश्वास कमजोर होता है। उन्होंने कहा कि अपनी बात रखने आए विद्यार्थियों के साथ संवेदन शील व्यवहार होना चाहिए था, न कि बल प्रयोग। विधायक विवेक शर्मा ने केंद्र सरकार पर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि एक ओर सरकार “बेटी पढ़ाओ, बेटी बचाओ” का नारा देकर महिलाओं के सम्मान और शिक्षा की बात करती है, वहीं दूसरी ओर आंदोलन कर रही बेटियों पर पुलिस लाठीचार्ज करती है।

    उन्होंने कहा कि पेपर लीक मामले में प्रदर्शन कारी केंद्रीय शिक्षा मंत्री से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। उनका कहना था कि युवाओं की मांगों को सुनने और निष्पक्ष जांच कराने के बजाय बल प्रयोग करना उचित नहीं कहा जा सकता। उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि वह युवाओं की भावनाओं को समझे और भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाए।

     

     

     

     

  • राज्य अप्रेंटिसशिप काउंसिल की बैठक में युवाओं के प्रशिक्षण एवं रोज़गार के अवसरों पर चर्चा

    राज्य अप्रेंटिसशिप काउंसिल की बैठक में युवाओं के प्रशिक्षण एवं रोज़गार के अवसरों पर चर्चा

    शिमला: हिमाचल प्रदेश में युवाओं को उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप कौशल, व्यावहारिक प्रशिक्षण एवं रोज़गार के बेहतर अवसर उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से राज्य अप्रेंटिसशिप काउंसिल की बैठक राज्य सचिवालय में आयोजित की गई। इस दौरान प्रशिक्षुता (अप्रेंटिसशिप) प्रशिक्षण को अधिक प्रभावी, व्यापक एवं उद्योगोन्मुख बनाने तथा युवाओं के लिए प्रशिक्षण एवं रोज़गार के अवसरों का विस्तार करने संबंधी विभिन्न विषयों पर व्यापक चर्चा की गई।

    बैठक की अध्यक्षता करते हुए तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग के प्रधान सचिव एवं राज्य अप्रेंटिसशिप काउंसिल के अध्यक्ष डॉ. अभिषेक जैन ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रदेश में अप्रेंटिसशिप के अवसरों और प्रशिक्षुओं की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि सुनिश्चित की जाए।युवाओं को अप्रेंटिसशिप से जोड़ने के लिए राज्य में व्यापक जागरूकता अभियान चलाए जाएं तथा औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों, इंजीनियरिंग एवं पॉलीटेक्निक संस्थानों, विश्वविद्यालयों, उद्योगों और अन्य हितधारकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जाए।

    उन्होंने निजी उद्योगों की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने तथा अधिकाधिक प्रतिष्ठानों को राष्ट्रीय अप्रेंटिसशिप पोर्टल पर पंजीकृत करने पर विशेष बल दिया ताकि युवाओं को उद्योग आधारित प्रशिक्षण एवं रोजगार के अधिक अवसर उपलब्ध हो सकें। बैठक में जानकारी दी गई कि प्रदेश में अप्रेंटिसशिप को बढ़ावा देने के लिए जुलाई, 2026 तक 156 अप्रेंटिसशिप मेलों का आयोजन किया गया। इसके अतिरिक्त, भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुरूप प्रत्येक माह नियमित रूप से अप्रेंटिसशिप मेलों का आयोजन किया जा रहा है। परिषद् ने उद्योगों एवं प्रतिष्ठानों, विशेषकर सरकारी विभागों एवं सार्वजनिक उपक्रमों की भागीदारी बढ़ाने तथा उन्हें राष्ट्रीय अप्रेंटिसशिप पोर्टल पर पंजीकरण कर अधिकाधिक अप्रेंटिसशिप अवसर सृजित करने के लिए आवश्यक कदम उठाने पर बल दिया।

    बैठक में यह भी अवगत करवाया गया कि वर्तमान में तकनीकी शिक्षा विभाग के विभिन्न संस्थानों में 98 प्रशिक्षु अप्रेंटिसशिप प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। परिषद ने भविष्य में आवश्यकता एवं उपलब्ध अवसरों के अनुरूप अधिक से अधिक युवाओं को अप्रेंटिसशिप से जोड़ने और कार्यक्रम का विस्तार करने पर बल दिया। इसके अतिरिक्त, सरकारी विभागों में कार्यरत अप्रेंटिसों को स्टाइपेंड के भुगतान के लिए पर्याप्त बजटीय प्रावधान सुनिश्चित करने तथा अप्रेंटिसशिप कार्यक्रम को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाने पर भी चर्चा की गई।

    इस बैठक में विभिन्न सरकारी विभागों से संबंधित राज्य अप्रेंटिसशिप काउंसिल के सदस्य उपस्थित थे। बैठक में प्रदेश में अप्रेंटिसशिप को कौशल विकास एवं रोजगार सृजन का सशक्त माध्यम बनाते हुए अधिकाधिक युवाओं को उद्योग आधारित प्रशिक्षण से जोड़ने के लिए सभी संबंधित विभागों एवं हितधारकों द्वारा समन्वित प्रयास किए जाने पर बल दिया।

     

  • Punjab News: हल्का इंचार्ज रमन बहल ने सड़क विकास कार्य का किया शिलान्यास, देखें वीडियो

    Punjab News: हल्का इंचार्ज रमन बहल ने सड़क विकास कार्य का किया शिलान्यास, देखें वीडियो

    गुरदासपुरः  निर्वाचन क्षेत्र के इंचार्ज रमन बहल लगातार क्षेत्र में बड़े पैमाने पर विकास कार्य करवा रहे हैं। इसी क्रम में उन्होंने आज डिफेंस रोड बाईपास हार्डो बाथवाला से बाथवाला सूखा होते हुए गुरदासपुर गवर्नमेंट कॉलेज तक सड़क विकास कार्य का शिलान्यास किया। इस परियोजना की अनुमानित लागत 171.15 लाख रुपये है।

    इस मौके पर क्षेत्रवासियों को संबोधित करते हुए रमन बहल ने बताया कि इस लिंक रोड की लंबाई 3.16 किलोमीटर है। इसे 10 फीट से चौड़ा करके 16 फीट किया जाएगा और इस पर 171.15 लाख रुपये की लागत आएगी।

    यह लिंक रोड डिफेंस बाईपास रोड और गुरदासपुर गवर्नमेंट कॉलेज रोड को जोड़ेगा और एक शॉर्टकट रास्ते के तौर पर काम करेगा, जिससे किसानों और आम जनता को गुरदासपुर शहर आने-जाने में आसानी होगी। साथ ही, इस सड़क से बच्चों को गुरदासपुर में स्कूल और गवर्नमेंट कॉलेज आने-जाने में भी सुविधा होगी।

     

  • मेरा युवा भारत की जिला सलाहकार समिति की बैठक आयोजित

    मेरा युवा भारत की जिला सलाहकार समिति की बैठक आयोजित

    27 जुलाई को हिमकेप्स संस्थान, बढेड़ा में जिला स्तरीय ‘नशामुक्त युवा-विकसित भारत’ कार्यक्रम का आयोजन

    ऊना,सुशील पंडित: ग्रामीण युवाओं के सर्वांगीण विकास और उन्हें राष्ट्र निर्माण में शामिल करने के उद्देश्य के लिए युवा मामलों एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत संचालित मेरा युवा भारत की जिला सलाहकार समिति की बैठक आज मंगलवार को अतिरिक्त उपायुक्त ईशांत जसवाल की अध्यक्षता में आयोजित की गई।

    बैठक में मेरा युवा भारत के प्रमुख उद्देश्यों पर चर्चा की गई। अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि मेरा युवा भारत का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण युवाओं में नेतृत्व के गुणों और उनका व्यक्तित्व विकास करना, साक्षरता, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और महिला सशक्तिकरण जैसे सामाजिक मुद्दों पर जागरूकता फैलाने के अतिरिक्त युवाओं को कौशल प्रशिक्षण देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है।

    उन्होंने सभी विभागों से युवाओं के हित में आपसी समन्वय स्थापित कर सरकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक युवाओं तक पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिला में स्थापित लक्ष्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने  मेरा युवा भारत पंजीकरण एवं जन-जागरूकता अभियान को जिला स्तर पर व्यापक रूप से संचालित करने तथा सभी विभागों के सहयोग से अधिकाधिक युवाओं को पोर्टल से जोड़ने पर बल दिया।

    उन्होंने कहा कि 15 से 29 वर्ष के युवा इस पोर्टल पर अपना पंजीकरण करवा सकते हैं।

    उन्होंने बताया कि 27 जुलाई, 2026 को हिमकेप्स संस्थान, बढेड़ा में जिला स्तरीय ‘नशामुक्त युवा-विकसित भारत’ कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए विभिन्न विभागों की जिम्मेदारियों तथा कार्यक्रम तैयारियों के लिए आवश्यक समन्वय पर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम का आॅफिशियल पोस्टर भी लांच किया गया।

    बैठक में मंत्रालय के दिशा-निर्देर्शों के अनुरूप जिला सलाहकार समिति के गठन एवं उसकी भूमिका पर विचार-विमर्श किया गया। वित्तीय वर्ष 2026-27 के जिला कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई और विभिन्न विभागों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर बल दिया।  स्वास्थ्य, शिक्षा, खेल बैंकिंग, आंगनवाड़ी, संस्कृति एवं अन्य विभागों के प्रतिनिधियों ने अपने-अपने सुझाव प्रस्तुत किए और सभी सदस्यों ने भविष्य में भी विभागीय स्तर पर पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।

    इससे पहले, जिला युवा अधिकारी प्रदीप कुमार ने सभी का स्वागत करते हुए मेरा युवा भारत की कार्यप्रणाली, उद्देश्यों एवं जिले में संचालित गतिविधियों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की।

    इस बैठक में सहायक आयुक्त विनय मोदी, जिला पंचायत अधिकारी श्रवण कुमार, जिला स्वास्थ्य अधिकारी पी.एस.राणा, पंजाब नैशनल बैंक के अग्रणी बैंक अधिकारी विजय सिंह, युवा समन्वयक जिला युवा सेवाएं एवं खेल अधिकारी दीपक जायसवाल, जिला भाषा अधिकारी निक्कू राम, उपनिदेशक उच्च शिक्षा अनिल कुमार, उपनिदेशक एलेमेंट्री सोमलाल धर, जिला नोडल अधिकारी एनएसएस डाॅ. लिल्ली ठाकुर, सीडीपीओ ऊना धारवी देवी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

     

  • PM आवास के बाहर धरना-प्रदर्शन कर रहे राहुल व प्रियंका गांधी को पुलिस ने लिया हिरासत में

    PM आवास के बाहर धरना-प्रदर्शन कर रहे राहुल व प्रियंका गांधी को पुलिस ने लिया हिरासत में

    BREAKING NEWS: पीएम आवास के बाहर धरने पर बैठे राहुल गांधी, प्रियंका गांधी को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। इससे पहले पुलिस ने धरना स्थल पर पहुंचे समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव को हिरासत में ले लिया। साथ ही राहुल गांधी कांग्रेस के सीनियर नेताओं के साथ पीएम आवास के बाहर धरने पर बैठ गए थे। उनके साथ मल्लिकार्जुन खरगे, डीके शिवकुमार, केसी वेणुगोपाल समेत कांग्रेस के सीनियर ने्ता मौजूद थे। राहुल और प्रियंका के सुरक्षाकर्मियों को भी हिरासत में लिया गया है।   राहुल गांधी की जनता से अपील राहुल गांधी ने एक्स पर किए पोस्ट में लिखा, छात्रों पर हमला हर भारतीय परिवार पर हमला है. प्रधानमंत्री मोदी को लगता है कि वो बिना जवाब दिए, बिना किसी नतीजे का सामना किए बच निकलेंगे– नहीं कर पाएंगे, इस बार तो बिल्कुल नहीं। मैं हर उस देशभक्त भारतीय से अपील करता हूं जो मानता है कि हमारे छात्रों को न्याय मिलना चाहिए – प्रधानमंत्री आवास के सामने हमारे धरने में शामिल हों. भारत के छात्रों की आवाज को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता. इस दौरान राहुल गांधी ने कहा कि देश के युवाओं के लिए कोई अवसर नहीं हैं और उनके लिए सभी रास्ते बंद हो गए हैं. एक समय प्रतियोगी परीक्षाओं का रास्ता खुला था, लेकिन वह व्यवस्था भी बर्बाद हो चुकी है. उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों की शिकायतें सिर्फ शिक्षा व्यवस्था तक सीमित नहीं हैं, बल्कि उनके भविष्य से भी जुड़ी हैं।    
  • पर्यावरण संरक्षण को बनाएं जन आंदोलन- मुख्यमंत्री

    पर्यावरण संरक्षण को बनाएं जन आंदोलन- मुख्यमंत्री

    पर्यावरण बचाओ संदेश जन जन तक पंहुचाने के लिए वन चेतना यात्रा -2026 की चार एलईडी वैन को झंडी दिखाकर किया रवाना

    चंडीगढ़: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हमारी संस्कृति में प्रकृति को ईश्वर का स्वरूप माना गया है। पर्यावरण की रक्षा हमारी संस्कृति, सभ्यता और हमारे कर्तव्यों में रचा बसा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन बनाने के लिए एक पेड़ मां के नाम को राष्ट्रव्यापी अभियान से जोड़ना है। मुख्यमंत्री मंगलवार को पंचकूला के पिंजौर की एप्पल मार्केट में युवा संवाद एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम के अवसर पर मुख्यातिथि के रूप में सम्बोधित कर रहे थे। इससे पहले , मुख्यमंत्री ने वन, पर्यावरण एवं वन्य जीव मंत्री राव नरबीर सिंह के साथ एप्पल मंडी में पौधारोपण भी किया और वन चेतना यात्रा -2026 के तहत चार एलईडी वैनस को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। ये एलईडी वैन प्रत्येक जिले में जाएगी लोगों को अधिक से अधिक पेड़ लगाने के लिए प्रेरित करेंगी और पर्यावरण बचाओ का संदेश देंगी। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने थापली नेचर कैंप में भाग लेने वाले युवाओं को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित भी किया। इस अवसर पर किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा, विधायक शक्ति रानी भी मौजूद रहे। इस अवसर पर उन्होंने मुख्यमंत्री तीर्थ योजना के तहत एक हजार युवाओं को शामिल करने की घोषणा की। इसके अलावा युवाओं की समस्याओं की सुनवाई के लिए मुख्यमंत्री कार्यालय में विशेष अधिकारी की नियुक्ति करने तथा मोरनी में टिक्करताल का मनाली की तर्ज पर पर्वतारोहण प्रशिक्षण केंद्र के रूप में विकसित करने तथा इसका आधारभूत संरचना सुदृढीकरण करने का आश्वासन दिया। उन्होंने पिंजौर सेब मंडी में बिजली आपूर्ति के लिए अलग से सब स्टेशन तथा हिमाचल प्रदेश की ओर से सेब लाने वाले वाहनों की पार्किंग व अतिरिक्त पुलिस सुरक्षा मुहैया करवाने की घोषणा भी की। मुख्यमंत्री ने कहा कि पौधा लगाना आसान है, लेकिन उसे वृक्ष बनाना बड़ी जिम्मेदारी है। जिस दिन हर युवा अपने जन्मदिन, अपने माता-पिता के जन्मदिन या किसी विशेष अवसर पर एक पौधा लगाकर, उसकी देखभाल करने का संकल्प ले लेगा, उस दिन हरियाणा प्रदेश हरा भरा हो जाएगा। प्रधानमंत्री के कथन अनुसार जितना सम्मान हम अपनी जन्म देने वाली मां को देते हैं, उतना ही सम्मान हमें हमारा पालन पोषण करने वाली धरती मां को भी देना चाहिए। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए इस अभियान को और गति देनी होगी। हम सब जीवनदायिनी धरती मां के लिए एक पेड़ जरूर लगाएंगें तथा दूसरों को भी प्रेरित करेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास और पर्यावरण एक-दूसरे के विरोधी नहीं, बल्कि एक दूसरे के पूरक हैं। हमें ऐसा विकास चाहिए जो प्रकृति का सम्मान करे, आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को सुरक्षित रखे और आर्थिक प्रगति के साथ पर्यावरणीय संतुलन को भी बनाए रखना है। पिंजौर की इस पावन धरती पर, प्रकृति की गोद में, प्रदेश के उर्जावान युवाओं के बीच आकर मुझे बड़ी खुशी हो रही है। आज का यह कार्यक्रम हमारी युवा शक्ति, पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्र निर्माण का अद्भुत संगम है। थापली में लगे कैंप में युवाओं को नजदीक से प्रकृति को देखने का मौका मिला है ऐसे युवा समाज को पर्यावरण संरक्षण के लिए जागरूक करने का कार्य करेंगे। जिस प्रकार सैकड़ों पर्यावरण प्रेमियों ने पौधरोपण करके समाज को जागरूक करने का काम किया है। जो युवा अपनी विरासत को जानता है, वही भविष्य का सशक्त निर्माता बनता है। युवा शक्ति ही विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में अहम भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि केवल युवा होना पर्याप्त नहीं है। बल्कि युवा के भीतर उद्देश्य, अनुशासन और समाज के प्रति उत्तरदायित्व का भाव होना चाहिए।

    सरकार ने प्राण वायु देवता पेंशन योजना की शुरू

    मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे पेड़ जिनकी आयु 75 वर्ष से अधिक है ऐसे पेड़ों की देखभाल के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। अधिक आयु के वृक्षों के प्रति कृतज्ञता का भाव हम सभी में होना चाहिए। इसी उदेश्य की पूर्ति के लिए सरकार ने 75 साल से अधिक आयु के वृक्षों के लिए प्राण वायु देवता पेंशन योजना शुरू की गई है। इसके तहत 3,000 रुपये प्रति वर्ष प्रति पेड़ पेंशन दी जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश को हरा-भरा बनाने हेतु हर जिला मुख्यालय पर 5 से 100 एकड़ क्षेत्र में ऑक्सी-वन स्थापित करने की योजना शुरू की है। इनमें पैदल ट्रैक, साइकिल ट्रैक आदि की व्यवस्था होगी। करनाल में ऑक्सी-वन की स्थापना हो चुकी है, जबकि पंचकूला में कार्य जारी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्राकृतिक ऑक्सीजन को बढ़ावा देने के लिए प्रदेश के हर गांव में पंचवटी के नाम से पौधारोपण किया जा रहा है। कुरुक्षेत्र की 48 कोस की परिधि में स्थित 134 तीर्थों में पंचवटी वाटिका बनाने की भी शुरूआत की गई है। शहर गांव पेड़ों की छांव योजना, हर घर हरियाली तथा पौधगिरी जैसी योजनाएं चलाई गई हैं। प्रत्येक गांव के एक युवा को वृक्ष मित्र लगाया गया है। औषधीय पौधों एवं वनस्पति के संरक्षण के लिए पूरे राज्य में 53 हर्बल पार्क बनाए गये हैं। मोरनी क्षेत्र में अंतर्राष्ट्रीय स्तर का औषधीय वन स्थापित किया गया है। प्रदेश के सुल्तानपुर राष्ट्रीय उद्यान व भिंडावास वन्य जीव अभ्यारण्य को रामसर साइट्स के रूप में अंतर्राष्ट्रीय पहचान मिली है।मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को हर वर्ष कम से कम एक पौधा लगाकर उसे वृक्ष बनने तक उसकी देखभाल करना, अपने परिसर और आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने में सक्रिय भूमिका निभाना तथा जल की एक-एक बूंद बचाने का प्रयास करना चाहिए। इसके अलावा नशा मुक्त हरियाणा अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाना तथा अपने जीवन को राष्ट्र सेवा के लिए समर्पित करने का संकल्प लेना चाहिए। समाज के लिए कुछ अच्छा अवश्य करने का विचार युवाओं को महान बनाएगा। यही विचार हरियाणा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगा और विकसित भारत-विकसित हरियाणा के निर्माण की सबसे बड़ी शक्ति बनेगा।

    नई उद्योग नीति के सार्थक परिणाम- राव नरबीर

    वन पर्यावरण एवं वन्य जीव मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि पर्यावरण में सुधार लाने के लिए दो पेड़ लगाकर उनका पालन करना चाहिए। प्रधानमंत्री के विकसित भारत विजन 2047 में अहम भूमिका निभाने के लिए हमें स्वच्छ क्षेत्र बनाने के लिए ज्यादा से ज्यादा पौधारोपण करना चाहिए है। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को हर वर्ष दो पेड़ अवश्य लगाने चाहिए। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार मुहैया करवाने के लिए स्किल डिवलेपमेंट विकसित करने के लिए उद्योगों में प्रशिक्षण देने का प्रावधान किया है। उद्योग एवं पर्यावरण मंत्री ने कहा कि प्रदेश में नई उद्योग नीति संचालित की जा रही है। इसके सार्थक परिणाम आ रहे है। उद्योग नीति में 5 से 6 लाख करोड़ रुपए के निवेश का लक्ष्य रखा गया है। जबकि अब तक एक लाख करोड़ रुपए का निवेश हो चुका है। उन्होंने कहा कि उद्योग लगेंगे तो युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सुलभ होंगे। इस अवसर पर कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा, विधायक शक्ति रानी शर्मा, विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता , मेयर श्याम लाल बंसल, हरियाणा शिवालिक विकास बोर्ड के कार्यकारी उपाध्यक्ष ओमप्रकाश देवीनगर, मुख्यमंत्री के ओएसडी बी बी बत्रा, राकेश संधु, सहित कई वरिष्ठ अधिकारियों तथा वन विभाग, आईटीबीपी, सीरआरपीएफ, स्कूली बच्चों, वाॅलिन्टियरों के साथ पौधारोपण भी किया।