Blog

  • बारिश को लेकर मौसम विभाग ने जारी किया रेड अलर्ट, सभी स्कूल बंद

    बारिश को लेकर मौसम विभाग ने जारी किया रेड अलर्ट, सभी स्कूल बंद

    शिमलाः हिमाचल प्रदेश में अगले 2 दिन मौसम को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई है। मौसम विभाग (IMD) ने आज 20 जुलाई और कल 21 जुलाई के लिए कई जिलों में भारी बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि बहुत भारी बारिश के दौरान भूस्खलन, मलबा आने, निचले इलाकों में जलभराव, नदी-नालों के जलस्तर में अचानक वृद्धि और फ्लैश फ्लड का खतरा बढ़ सकता है। ऐसे में संभावित प्राकृतिक आपदा और विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आनी और निरमंड उपमंडलों के सभी सरकारी व निजी शिक्षण संस्थानों को मंगलवार, 21 जुलाई को बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं।

    प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और मौसम सामान्य होने तक सतर्कता बरती जाएगी। उपायुक्त एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष अनुराग चन्द्र शर्मा ने आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 की धारा 30 तथा 34(एम) के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए यह आदेश जारी किए हैं। आदेश के दायरे में सरकारी और निजी स्कूलों के अलावा डाइट, आंगनवाड़ी केंद्र, महाविद्यालय, आइटीआइ, पालिटेक्निक, इंजीनियरिंग तथा फार्मेसी कॉलेज भी शामिल हैं। प्रशासन के अनुसार यह निर्णय आनी और निरमंड के उपमंडल अधिकारियों से प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर लिया गया है।

    लगातार हो रही वर्षा, भूस्खलन और सड़कें बाधित होने की आशंका को देखते हुए विद्यार्थियों, शिक्षकों तथा अन्य कर्मचारियों की सुरक्षा के मद्देनजर यह कदम आवश्यक माना गया। जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों, शिक्षण संस्थानों और अधिकारियों को आदेशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि रेड अलर्ट के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें, नदी-नालों के समीप न जाएं और मौसम विभाग तथा जिला प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। प्रशासन ने कहा कि मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और आवश्यकता पड़ने पर आगे भी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

  • Jalandhar News: सड़क हादसे में पुलिसकर्मी की मौत, देखें वीडियो 

    Jalandhar News: सड़क हादसे में पुलिसकर्मी की मौत, देखें वीडियो 

    जालंधर, ENS: सुच्ची पिंड के पास देर रात सड़क हादसे में पंजाब आर्ड पुलिस (पीएपी) की 27वीं बटालियन में तैनात जवान की मौत हो गई। मृतक की पहचान राज कुमार के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही सड़क सुरक्षा फोर्स (एसएसएफ) और थाना रामामंडी की पुलिस मौके पर पहुंची व जांच शुरू की।

    मिली जानकारी के मुताबिक राज कुमार बाइक से किसी काम से जा रहे थे। इसी दौरान सुच्ची पिंड के निकट एक वाहन ने उनको टक्कर मार दी। इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। शव सड़क पर पड़ा देख लोगों ने वीडियो बनानी शुरू कर दी और पुलिस को सूचित किया।

    सूचना पाकर मौके पर पहुंची सड़क सुरक्षा फोर्स की टीम ने संबंधित थाने की पुलिस को सूचित किया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, तकि पता चल सके कि किस वाहन की टक्कर से व्यक्ति की मौत हुई है।

  • आज का राशिफल, 21 जुलाई 2026

    आज का राशिफल, 21 जुलाई 2026

    आज चित्रा नक्षत्र और तुला राशि का संयोग हर राशि के जातकों के जीवन के विभिन्न पहलुओं में संतुलन, सौंदर्य और आकर्षण की एक विशेष ऊर्जा लेकर आया है। सूर्यदेव के पुष्य नक्षत्र में आने से पोषण और ज्ञान का भाव और गहरा हुआ है। साझेदारी, सौंदर्य और रचनात्मक कामों के लिए आज का दिन बेहतरीन साबित हो सकता है। तुला राशि के जातकों का आकर्षक व्यक्तित्व आज हर तरफ अपना विशेष प्रभाव छोड़ेगा। धनु राशि वाले अपने किसी पुराने मित्र से मिलकर लाभ के नए रास्ते तलाश सकेंगे। ग्रह-गोचर के आधार पर विस्तार से जानते हैं आपका आज का भविष्यफल।

    मेष राशि: जीवनसाथी के साथ आज का दिन आकर्षक रहेगा। मेष राशि वालों के लिए आज का दिन जीवनसाथी और साझेदारी के मामले में बेहद सुखद और आकर्षक है। जीवनसाथी के साथ आज एक ऐसी संतुलित और आकर्षण भरी ऊर्जा है, जो रिश्ते में नई चमक लाएगी। आज अपने पार्टनर की तारीफ कीजिए, उसके साथ रोमांटिक पल बिताएं या कहीं घूमने जाएं। कुछ सुंदर करना हो या साझेदारी में कोई रचनात्मक काम करना हो, तो आज का दिन उत्तम है। व्यापारिक साझेदार के साथ भी आज एक सुंदर और संतुलित बातचीत हो सकती है। घर में सूर्य और गुरू का विलंबित शुभ साथ बना है। पैसों में स्थिर वृद्धि जारी है। आज कोई फैसला करने में देरी न करें।

    वृष राशि: आज वर्क लाइफ बैलैंस बनाना जरूरी है। वृष राशि वालों के लिए आज का दिन सेहत और नौकरी के मामले में संतुलन बनाने का है। काम के बोझ में अपनी सेहत को नजरअंदाज न करें। सेहत का आज ध्यान रखेंगे, तो शांति मिलेगी और अच्छा महसूस करेंगे। नौकरी में आज किसी रचनात्मक और आकर्षक काम को संभालने का मौका मिल सकता है। दिनचर्या में व्यवस्था लाएं। पालतू जानवर के साथ कुछ अच्छा वक्त बिताएं। आवारा पशुओं के लिए हो सके तो भोजन-पानी की व्यवस्था करें। मंगलदेव व्यक्तित्व को गंभीरता देंगे।

    मिथुन राशि: कुछ नया पढ़ें या सीखें, काम आएगा। मिथुन राशि वालों के लिए आज का दिन प्रेम, संतान, शिक्षा और रचनात्मकता के मामले में खास रहने वाला है। प्रेम संबंध में आज एक ऐसी चमकदार और संतुलित ऊर्जा है जो रिश्ते को और खूबसूरत बनाती है। बच्चों के साथ आज कुछ रचनात्मक और सुंदर काम करें। शिक्षा से जुड़ा कोई काम आज आकर्षक और अच्छे नतीजे के साथ आगे बढ़ाएं। कुछ नया पढ़ें या सीखें, जो आपको खुशी भी देगा और भविष्य में काम भी आएगा। रचनात्मक काम में आज एक विशेष चमक आएगी। पैसों में गुरू का विलंबित शुभ साथ बना है। लग्नेश की ऊर्जा अभी सावधानी से फैसले लेने की मांग रही है।

    कर्क राशि: घर को आज सजाएं और संतुलन बनाकर रखें। कर्क राशि वालों के लिए आज का दिन घर और परिवार के मामले में सुंदर और संतुलित है। घर में आज चाहें जैसी भी स्थिति हो, चाहें जैसा भी माहौल हो, संयम और संतुलन बनाए रखें। आज का दिन सही या गलत साबित करने का नहीं, चीजों को संभालने का है। घर की शांत ऊर्जा, मन को सुकनू देगी। घर को सजाने या कुछ सुंदर बनाने का मन हो तो आज उत्तम दिन है। जमीन या संपत्ति से जुड़ा काम आज व्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ाएं। मां के साथ आज कुछ खूबसूरत पल बिताएं। व्यक्तित्व गरिमामय रहेगा और नेतृत्व के मौके मिलेंगे। वाहन का सुख मिलेगा। जीवनसाथी के साथ घर में ही कुछ खास करें।

    सिंह राशि: छोटी यात्रा पर जाने का मौका मिलेगा। सिंह राशि वालों के लिए आज का दिन भाई-बहन के साथ अपने रिश्तों को बैलेंस करने का है। उनके सपोर्ट के लिए आप उन्हें धन्यवाद दें। कोई उपहार देकर उन्हें खुश करें। पड़ोसियों के साथ रिश्तों में गर्माहट लाने के लिए उनसे बात करें या चाय-नाश्ते पर बुलाएं। छोटी यात्रा के लिए आज का दिन अच्छा है। किसी खूबसूरत जगह पर जाएं या कोई एडवेंचर एक्टिविटी करें, जो आपको अंदर से खुशी दे। शुक्रदेव व्यक्तित्व पर एक विशेष चमक और आकर्षण बनाए हुए हैं। करियर में स्थिर वृद्धि जारी है। आपको बाहुबल का एहसास होगा। जीवनसाथी के साथ किसी सुंदर जगह जाने का प्लान बनाएं।

    कन्या राशि: पैसे कमाने और खर्च करने में संतुलन बनाएं। कन्या राशि वालों के लिए आज का दिन धन और परिवार के मामले में संतुलित है। पैसों में आज एक ऐसी संतुलन लाने की जरूरत है, जो वित्तीय मामलों को सुंदर दिशा में ले जाती है। परिवार में आज बहसबाजी हो सकती है, लेकिन आपको अपने गुस्से में कंट्रोल रखना है। आपको स्थिति को संभालना है। आपकी आवाज में विशेष मिठास और आकर्षण रहेगा, जो दूसरों को प्रभावित करेगा। आंखों की देखभाल करें। लाभ में गुरू का विलंबित शुभ साथ बना है। करियर में बड़े फैसले 24 जुलाई बाद करें। जीवनसाथी के साथ कुछ सुंदर काम करें और दिन को यादगार बनाएं।

    तुला राशि: आज आपका व्यक्तित्व चमकेगा। तुला राशि वालों के लिए आज का दिन व्यक्तित्व और आकर्षण के लिहाज से बेहद शुभ है। चित्रा नक्षत्र की चमक और तुला राशि का संतुलन मिलकर आज व्यक्तित्व को एक विशेष और असाधारण आकर्षण देगा रहे हैं। जो काम हाथ में लेंगे, उसे बड़ी खूबसूरती और परफेक्शन के साथ पूरा करेंगे। किसी नई रचनात्मक शुरुआत जैसे कला-संगीत के लिए आज बेहतरीन दिन है। सिर में हल्कापन महसूस होगा और एक ताजी ऊर्जा महसूस होगी। जीवनसाथी के साथ आज के दिन को खास बनाएं। हालांकि निर्णय लेने में देरी करने की आदत से आज बचें और बड़े फैसले लेने का साहस रखें।

    वृश्चिक राशि: आत्मनिरीक्षण कर खुद को संतुलित करें। वृश्चिक राशि वालों के लिए आज का दिन आत्मनिरीक्षण कर खुद को संतुलित करने का है। अपनी शक्तियों पर विचार कीजिए और तय कीजिए कि आप क्या नहीं कर सकते हैं और क्या परिस्थितियां आपके नियंत्रण में नहीं हैं। उन चीजों पर ज्यादा सोचने से बचें। इसके बजाय जो कर सकते हैं, उसे करने की कोशिश करें, नतीजे सकारात्मक होंगे। कोई अच्छी विचारोत्तेजक किताब पढ़ें, संगीत सुनें या किसी रचनात्मक काम में मन लगाएं। नींद बेहद आरामदेह और सुंदर आएगी। अपने खर्चों पर नजर रखें। लग्नेश की ऊर्जा जीवनसाथी के साथ रिश्ते में एक स्थिर एनर्जी दे रही है। भाग्य में गुरू का विलंबित शुभ साथ बना है।

    धनु राशि: लाभ में आज संतुलित ऊर्जा है। धनु राशि वालों के लिए आज का दिन लाभ और मित्रों के साथ के मामले में बेहतर रहेगा। उनके साथ आनंद का समय बिताएंगे। दोस्तों से लाभ भी मिलेगा। मन पसंद की कोई चीज मिल सकती है। बड़े भाई-बहनों से ज्ञान मिलेगा और कोई आर्थिक लाभ भी हो सकता है। लग्नेश का विलंबित शुभ साथ करियर में बना है। कार्यस्थल में आपको मान सम्मान मिलेगा। पढ़ाई में लाभ मिलेगा। बच्चों के साथ समय बिताने का मौका मिलेगा। मनोरंजन के लिए समय निकाल सकेंगे। जीवनसाथी के साथ दिन अच्छा बीतेगा। निर्णय लेने में देरी न करें।

    मकर राशि: कार्यस्थल में आज संतुलन बनाएं। मकर राशि वालों के लिए आज का दिन करियर के मामले में संतुलन बनाने का रहेगा। करियर में आज जो काम करेंगे, उसमें विशेष सौंदर्य को दिखाने की कोशिश करेंगे। अपने प्रजेंटेशन को बेहतर बनाने पर विचार करेंगे। सहकर्मियों के साथ बैलेंस बनाकर चलना होगा, किसी को नीचा दिखाने की कोशिश न करें। आपके काम से आपके बॉस या वरिष्ठ अधिकारी प्रभावित होंगे। सरकारी काम में लाभ मिल सकता है। पिता से कोई काम की सलाह मिल सकती है। लग्नेश शनिदेव तोल-मोल कर बात करने का संकेत दे रहे हैं। भाग्य में गुरू का विलंबित शुभ साथ है। जीवनसाथी के साथ शाम किसी धार्मिक स्थान पर जा सकते हैं।

    कुंभ राशि: किसी धार्मिक कार्य में शामिल हो सकते हैं। कुंभ राशि वालों के लिए आज का दिन भाग्य और धर्म-कर्म के मामले में जुड़ने का है। भाग्य प्रबल रहने से हर काम आसानी से बनेंगे। भावनाओं में बहने की जगह संतुलित बुद्धि के साथ अपने कर्म करें। किसी तीर्थ यात्रा या किसी धार्मिक स्थल पर जा सकते हैं या धार्मिक कार्यों में शामिल होने का मौका मिलेगा। गुरू या किसी बड़े से मार्गदर्शन लेना हो तो आज संतुलित तरीके से बात करें। उच्च शिक्षा से जुड़ा कोई सुंदर अवसर सामने आ सकता है। लग्नेश शनिदेव धन में एक अनुशासित और संतुलित ऊर्जा दे रहे हैं।

    मीन राशि: किसी भी तरह के बदलाव के लिए तैयार रहें। मीन राशि वालों के लिए आज का दिन छुपे मामलों और बदलाव लाने का है। मन में कई तरह के विचारों की उथल-पुथल मची रहेगी। दस्तावेजों को सही तरह से संभालने का समय है। बीमा, आयकर या पुराने दस्तावेज से जुड़े किसी काम को करना हो, तो उसमें देर न करें। ससुराल पक्ष से आज बातचीज में संतुलित रवैया रखें। कोई छुपा हुआ सुंदर पक्ष आज सामने आ सकता है। भाई-बहनों के साथ रिश्तों में बदलाव आ सकता है, लिहाजा उसे बिना क्रोध किए स्वीकार करें। लग्नेश बृहस्पतिदेव प्रेम और रचनात्मकता के कामों को संभालने में मदद करेंगे। जीवनसाथी के साथ रिश्ते में भी संतुलन रहेगा। अपनी सेहत का ध्यान रखें।

  • नूरपुर बेदी ब्लॉक के गाँवों को मिलेंगी सिंचाई सुविधाएँ, 650 करोड़ रुपये से योजना तैयार

    नूरपुर बेदी ब्लॉक के गाँवों को मिलेंगी सिंचाई सुविधाएँ, 650 करोड़ रुपये से योजना तैयार

    चंडीगढ़ : पंजाब के जल संसाधन एवं भूमि व जल संरक्षण मंत्री बरिंदर कुमार गोयल ने आज नूरपुर बेदी ब्लॉक के गांवों में सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध करवाने की योजना की चरणबद्ध शुरुआत गांव छज्जा से की। इस सिंचाई योजना पर 650 करोड़ रुपये की लागत आएगी। इस अवसर पर बड़ी संख्या में उपस्थित नूरपुर बेदी ब्लॉक के गाँवों के निवासियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि नूरपुर बेदी क्षेत्र के गाँव देश की आज़ादी से लेकर अब तक कृषि के लिए सिंचाई की पानी की सुविधाओं से वंचित थे। इस समस्या के समाधान के लिए चार संभावित विकल्पों का अध्ययन किया गया, जिनमें नंगल रिजर्वायर, सतलुज दरिया, एएसएचसी और एनएचसी के क्रॉसिंग तथा चोआं-नदियों पर बाँध बनाकर वर्षा जल का संरक्षण शामिल है।

    कैबिनेट मंत्री ने कहा कि इसके तहत 8 से 14 गाँवों के समूह बनाकर छोटी-छोटी लिफ्ट सिंचाई योजनाएँ विकसित की जा रही हैं, ताकि किसानों की आवश्यकता के अनुसार पानी की आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके। इसके साथ ही चोआं और नदियों पर बाँध बनाकर वर्षा जल को संग्रहित करने और गुरुत्वाकर्षण प्रवाह के माध्यम से खेतों तक पानी पहुँचाने की योजना भी तैयार की गई है। उन्होंने कहा कि इस परियोजना से स्वां नदी को चैनलाइज़ करने, बाढ़ से आस-पास के गाँवों की सुरक्षा करने और बड़ी मात्रा में पानी संग्रहित करने में मदद मिलेगी। उन्होंने बताया कि यह संग्रहित पानी भविष्य में सिंचाई के लिए उपयोग किया जाएगा, जिससे कृषि को बड़ा लाभ मिलेगा और भू-जल पर निर्भरता भी कम होगी। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि 102 गाँवों को सिंचाई सुविधाएँ उपलब्ध कराने के लिए सतलुज दरिया आधारित लिफ्ट सिंचाई योजनाओं और स्वां नदी पर बनाए जाने वाले बाँध को एक साथ लागू करना सबसे उचित रहेगा।

    गोयल ने कहा कि इस परियोजना की अनुमानित कुल लागत 650 करोड़ रुपये होगी। इस दिशा में पहला कदम उठाते हुए 2,785 एकड़ क्षेत्र को कवर करने वाले 9 गाँवों के लिए लिफ्ट सिंचाई सुविधाएँ प्रदान करने की योजना शुरू की जा चुकी है, जिससे भविष्य में शेष गाँवों तक भी चरणबद्ध तरीके से सिंचाई सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। इस अवसर पर विधायक एडवोकेट दिनेश चढ्ढा ने संबोधित करते हुए कहा कि यह पहली बार होने जा रहा है कि हर साल बाढ़ की मार झेलने वाले नूरपुर बेदी क्षेत्र को नहरी पानी मिल रहा है। अब तक सतलुज और खड्डों के पानी ने किसानों की जमीनों का नुकसान ही किया था, लेकिन अब इस लिफ्ट सिंचाई योजना से किसानों को बड़ी राहत मिलेगी।

    विधायक ने कहा कि अब तक की सरकारों द्वारा नहरी पानी संबंधी न तो कोई सर्वेक्षण किया गया और न ही योजना का प्रस्ताव इस क्षेत्र के लिए लागू किया गया, जबकि सतलुज के पानी का उपयोग बहुत पहले से ही किया जा सकता था। विधायक ने क्षेत्रवासियों को इस योजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी और कहा कि यह योजना इस क्षेत्र के किसानों के लिए वरदान साबित होगी, जिसके द्वारा नूरपुर बेदी के सभी गाँवों तक पानी पहुँचाया जाएगा।

  • Haryana News: बुजुर्ग दंपत्ति को कमरे में बंद कर चोरों ने की चोरी, देखें CCTV

    Haryana News: बुजुर्ग दंपत्ति को कमरे में बंद कर चोरों ने की चोरी, देखें CCTV

    पंचकूलाः सेक्टर-12 में चोरों ने एक बुजुर्ग दंपत्ति के घर को निशाना बनाते हुए चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। जानकारी के अनुसार, देर रात चोर घर में घुसे और सबसे पहले बुजुर्ग पति-पत्नी को उनके कमरे में बंद कर दिया, ताकि वे किसी तरह का विरोध न कर सकें।

    सोने की चेन, पर्स और कीमती सामान लेकर फरार
    इसके बाद चोरों ने पूरे घर की तलाशी ली और सोने की चेन, पर्स समेत अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना का पता चलने पर इलाके में हड़कंप मच गया।

    CCTV कैमरे में कैद हुई पूरी घटना
    घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में चोरी की पूरी वारदात रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज में चोरों की गतिविधियां साफ दिखाई दे रही हैं। पुलिस अब इन्हीं फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी हुई है।

    पुलिस ने शुरू की जांच
    घटना की सूचना मिलते ही सेक्टर-5 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से जरूरी सबूत भी जुटाए हैं और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

    सेक्टर-5 थाना पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का दावा है कि चोरी की इस वारदात में शामिल आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

     

     

  • 10,000 रुपये की रिश्वत लेते सहायक उप-निरीक्षक को विजिलेंस ब्यूरो ने रंगे हाथ  किया काबू

    10,000 रुपये की रिश्वत लेते सहायक उप-निरीक्षक को विजिलेंस ब्यूरो ने रंगे हाथ  किया काबू

    चंडीगढ़ : पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने राज्य में भ्रष्टाचार के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के दौरान कूमकलां, थाना लुधियाना में तैनात सहायक उप-निरीक्षक (एएसआई) जगजीवन सिंह को 10,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ काबू किया है। आज यहां यह जानकारी देते हुए राज्य विजिलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने बताया कि आरोपी पुलिस अधिकारी को भ्रष्टाचार विरोधी एक्शन लाइन पोर्टल पर सुरजीत कॉलोनी, राहों रोड, लुधियाना निवासी एक व्यक्ति द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर गिरफ्तार किया गया है।

    उन्होंने बताया कि शिकायतकर्ता के रिश्तेदार के विरुद्ध थाना कूमकलां, लुधियाना में एक मामला दर्ज था। एएसआई जगजीवन सिंह इस मामले का जांच अधिकारी था। जब शिकायतकर्ता उक्त मामले के संबंध में आरोपी अधिकारी से मिला तो उसने शिकायतकर्ता के रिश्तेदार को जमानत दिलाने में मदद करने के बदले 10,000 रुपये की रिश्वत मांगी और प्राप्त की। इसके बाद आरोपी एएसआई ने शिकायतकर्ता को दोबारा बुलाकर 10,000 रुपये की अतिरिक्त रिश्वत की मांग की। शिकायतकर्ता ने रिश्वत मांगने संबंधी पूरी बातचीत रिकॉर्ड कर ली थी।

    रिश्वत या किसी अन्य गैर-कानूनी तरीके का सहारा न लेने का निर्णय करते हुए शिकायतकर्ता ने विजिलेंस ब्यूरो रेंज, लुधियाना से संपर्क किया। शिकायत पर कार्रवाई करते हुए विजिलेंस ब्यूरो की टीम ने दो सरकारी गवाहों की मौजूदगी में आरोपी सहायक उप-निरीक्षक जगजीवन सिंह को शिकायतकर्ता से 10,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में विजिलेंस ब्यूरो थाना, लुधियाना में आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।

  • सुनाम में मेगा रोजगार मेले में 562 युवाओं का नौकरियों के लिए चयन

    सुनाम में मेगा रोजगार मेले में 562 युवाओं का नौकरियों के लिए चयन

    चंडीगढ़ : पंजाब के रोजगार सृजन, कौशल विकास एवं प्रशिक्षण मंत्री अमन अरोड़ा ने आज सुनाम में आयोजित ‘मेगा रोजगार मेले’ के दौरान बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार राज्य में रोजगार और नौकरियों का एक बेहतरीन एवं प्रगतिशील माहौल सृजित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। संगरूर, मलेरकोटला और बरनाला जिलों के क्लस्टर का यह पहला मेगा रोजगार मेला उनके दोनों विभागों – उद्योग विभाग एवं रोजगार सृजन विभाग – द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित किया गया। इसमें 18 वर्ष से 50 वर्ष तक के उम्मीदवारों ने भाग लिया और योग्यता एवं अनुभव के अनुसार 12,000 रुपये से लेकर 42,000 रुपये प्रति माह तक की तनख्वाह वाली नौकरियां प्राप्त कीं।

    इस रोजगार मेले में देश और राज्य की 61 बड़ी एवं नामी कंपनियों ने भाग लिया और 2129 युवाओं ने रोजगार मेले में हिस्सा लिया। मेले में 562 युवाओं का नौकरियों के लिए चयन हुआ और विभिन्न कंपनियों ने 618 युवाओं को नौकरियों के लिए शॉर्टलिस्ट किया। युवाओं को मौके पर ही ‘लेटर ऑफ इंटेंट’ भी दिए गए। कैबिनेट मंत्री ने बताया कि पिछले साढ़े चार वर्षों के दौरान सरकार द्वारा लगभग 70,000 सरकारी नौकरियां पूर्ण पारदर्शिता के साथ, बिना किसी रिश्वत और बिना किसी सिफारिश के योग्य युवाओं को दी जा चुकी हैं। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि केवल सरकारी नौकरियों से ही सभी युवाओं को रोजगार नहीं दिया जा सकता, इसलिए एक ऐसा ‘इको-सिस्टम’ तैयार करना आवश्यक है, जहां बड़े पैमाने पर प्राइवेट कंपनियां और उद्योग भी युवाओं को रोजगार दे सकें।

    रोजगार सृजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग और उद्योग विभाग मिलकर एक पुल के रूप में कार्य कर रहे हैं, ताकि कंपनियों और युवाओं का आपसी तालमेल करवाया जा सके। इस मेले में शामिल होने वाली प्रमुख कंपनियों में सोनालिका, महिंद्रा ट्रैक्टर्स, के.आर.बी.एल., अवानी, ए.पी. ऑर्गेनिक्स, मैक्स, नाहर स्पिनिंग और अन्य कई बड़े औद्योगिक यूनिट शामिल थे। मेले में विभिन्न स्तर की शैक्षणिक और तकनीकी योग्यता रखने वाले युवाओं के लिए नौकरियों के अवसर उपलब्ध करवाए गए। 10वीं, 12वीं, आई.टी.आई. (बॉयलर, इलेक्ट्रिकल, मैकेनिकल), बी.एससी (नॉन-मेडिकल), बी. कॉम, ग्रेजुएट, डिप्लोमा धारक (मैकेनिकल और इलेक्ट्रिकल) तथा सी.एन.सी. कोर्स पास युवाओं ने इस मेले में भाग लिया और नौकरियां प्राप्त कीं।

    इस अवसर पर मीडिया द्वारा बैंगलुरु और हैदराबाद जैसे शहरों की तरह पंजाब में आई.टी. हब बनाने के बारे में पूछे गए सवाल पर मंत्री अमन अरोड़ा ने कहा, “हमारा मोहाली में आई.टी. का बहुत बड़ा और बेहतरीन हब पहले ही स्थापित हो चुका है। इसके अलावा लुधियाना, अमृतसर और जालंधर जैसे बड़े शहरों में भी हजारों युवा रोजगार कर रहे हैं। युवाओं को जहां अच्छे अवसर मिलें, वहां जाने की पूरी आजादी होनी चाहिए।” इस मौके पर कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने हर कंपनी के काउंटर पर जाकर कंपनियों के प्रतिनिधियों और युवाओं से बातचीत की।

    मेले के दौरान रोजगार सृजन एवं प्रशिक्षण विभाग की निदेशक श्रीमती अमृत सिंह आईएएस, उपायुक्त संगरूर श्रीमती पूनमदीप कौर आईएएस, अतिरिक्त उपायुक्त अंकुर महिंद्रू, एसडीएम सुनाम  गगनदीप सिंह, मार्केट कमेटी सुनाम के चेयरमैन मुकेश जुनेजा, कैबिनेट मंत्री के मीडिया सलाहकार यशपाल मंगला, सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, पदाधिकारी, गणमान्य व्यक्ति और बड़ी संख्या में युवा उपस्थित थे।

     

  • Jalandhar News: 103 ग्राम हेरोइन सहित एक नशा तस्कर गिरफ्तार, देखें वीडियो

    Jalandhar News: 103 ग्राम हेरोइन सहित एक नशा तस्कर गिरफ्तार, देखें वीडियो

    जालंधरः नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना फिल्लौर पुलिस ने एक नशा तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 103 ग्राम हेरोइन बरामद की है। जिसकी पहचान विक्की सोहता उर्फ विक्की, पुत्र जगदीश राम, निवासी ऊंची घाटी, फिल्लौर के रूप में हुई है।

    यह कार्रवाई एसएसपी हरविंदर सिंह विर्क के दिशा-निर्देशों तथा विनीत अहलावत, आई.पी.एस., पुलिस अधीक्षक (जांच), जालंधर ग्रामीण और भारत मसीह लधर, पी.पी.एस., उप पुलिस अधीक्षक, उप-मंडल फिल्लौर की निगरानी में की गई।

    इस संबंध में जानकारी देते हुए भारत मसीह लधर, पी.पी.एस., उप पुलिस अधीक्षक, उप-मंडल फिल्लौर ने बताया कि इंस्पेक्टर बलविंदर सिंह भुल्लर, थाना प्रभारी, थाना फिल्लौर के नेतृत्व में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने विक्की सोहता उर्फ विक्की, पुत्र जगदीश राम, निवासी ऊंची घाटी, फिल्लौर, जिला जालंधर को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 103 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।

    इस संबंध में एफआईआर संख्या 200 दिनांक 19.07.2026 थाना फिल्लौर में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21(B), 61 एवं 85 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

    प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी स्वयं नशे का आदी था और अपनी लत पूरी करने के लिए नशा तस्करी करने लगा। जांच में यह भी सामने आया कि वह विभिन्न क्षेत्रों से हेरोइन लाकर ऊंचे दामों पर बेचता था। इसके अतिरिक्त आरोपी के विरुद्ध थाना सलेम टाबरी, जिला लुधियाना में लूट से संबंधित एक आपराधिक मामला पहले से दर्ज है।

    आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसका पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया है। पूछताछ के दौरान और महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है, जिससे नशा तस्करी के बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सकेगा।

     

  • Haryana News: पीने का गंदा पानी आने से कालोनी वासी परेशान, देखें वीडियो

    Haryana News: पीने का गंदा पानी आने से कालोनी वासी परेशान, देखें वीडियो

    गन्दे पानी से अनेकों बीमारियां फैलने का खतरा बढ़ा

    पंचकूलाः पिंजौर की भीमा देवी कॉलोनी में पीने के गंदे पानी की सप्लाई आने से स्थानीय लोग परेशान हैं। स्थानीय निवासी महेंद्र ने बताया कि 4 दिन से कॉलोनी में पानी नहीं आया और आज जब पानी आया है तो वह इतना गंदा है कि उसका उपयोग करना भी मुश्किल हो जाता है।

    स्थानीय निवासी महेंद्र ने बताया कि उनके घर में नलों से निकलने वाला पानी पूरी तरह गंदा था। उनका कहना है कि पानी को देखकर ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो उसमें सीवरेज का गंदा पानी मिल गया हो। ऐसे पानी का उपयोग न तो पीने के लिए किया जा सकता है और न ही घरेलू कार्यों के लिए।

    बरसात के मौसम में इस प्रकार के गन्दे पानी से अनेकों बीमारियां फैलने का खतरा बढ़ जाता है। इससे कॉलोनी के लोगों, विशेषकर बच्चों और बुजुर्गों के स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ सकता है। लोगों में इस समस्या को लेकर भारी रोष है।

    महेंद्र ने बताया कि कॉलोनी में पहले ही पानी की अनियमित सप्लाई से लोग परेशान हैं और अब गन्दा पानी मिलने से उनकी मुश्किलें और बढ़ गई हैं। उन्होंने जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों से जल्द से जल्द इस समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है। उनका कहना है कि प्रत्येक नागरिक को समय पर स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना विभाग की जिम्मेदारी है और इस दिशा में तत्काल प्रभाव से कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।

     

     

  • हरियाणा ने पूर्व अग्निवीरों के लिए आरक्षण मानदंडों में किया संशोधन

    हरियाणा ने पूर्व अग्निवीरों के लिए आरक्षण मानदंडों में किया संशोधन

    मौजूदा 20 प्रतिशत आरक्षण का श्रेणीवार विभाजन

    चंडीगढ़: हरियाणा सरकार ने सरकारी सेवाओं में सीधी भर्ती के दौरान पूर्व अग्निवीरों को दिए जा रहे मौजूदा 20 प्रतिशत आरक्षण का श्रेणीवार वितरण निर्धारित करते हुए अपनी आरक्षण नीति में संशोधन किया है। मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी द्वारा इस संबंध में संशोधित दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। ये निर्देश पूर्व अग्निवीरों को सीधी भर्ती में आरक्षण प्रदान करने संबंधी सरकार के 20 अगस्त, 2025 के पूर्व आदेश में आंशिक संशोधन करते हुए जारी किए गए हैं। संशोधित प्रावधानों के अनुसार, पूर्व अग्निवीरों के लिए कुल 20 प्रतिशत आरक्षण यथावत रहेगा, लेकिन अब इसका श्रेणीवार विभाजन अधिसूचित कर दिया गया है। यह व्यवस्था पर्यावरण, वन एवं वन्यजीव विभाग में वन रक्षक (फॉरेस्ट गार्ड), कारागार विभाग में प्रिजन वार्डर तथा खान एवं भूविज्ञान विभाग में माइनिंग गार्ड के पदों पर सीधी भर्ती में लागू होगी। संशोधित श्रेणीवार विभाजन के अनुसार, 2 प्रतिशत आरक्षण वंचित अनुसूचित जाति (डीएससी), 2 प्रतिशत अन्य अनुसूचित जाति (ओएससी), 3 प्रतिशत पिछड़ा वर्ग-ए (बीसी-ए), 2 प्रतिशत पिछड़ा वर्ग-बी (बीसी-बी), 2 प्रतिशत आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) तथा शेष 9 प्रतिशत अनारक्षित वर्ग के लिए निर्धारित किया गया है। इस प्रकार पूर्व अग्निवीरों के लिए कुल आरक्षण 20 प्रतिशत रहेगा। अधिसूचना में प्रत्येक श्रेणी के लिए पृथक रोस्टर प्वाइंट्स भी निर्धारित किए गए हैं, ताकि भर्ती प्रक्रिया के दौरान आरक्षण नीति का राज्यभर में एकरूप एवं प्रभावी ढंग से क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा सके। संशोधित निर्देशों की प्रति सभी प्रशासनिक सचिवों, विभागाध्यक्षों, बोर्डों एवं निगमों के प्रबंध निदेशकों, मंडल आयुक्तों, उपायुक्तों, पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय के रजिस्ट्रार जनरल तथा राज्य के सभी विश्वविद्यालयों के रजिस्ट्रारों को अनुपालन हेतु भेजी गई है।