Blog

  • राज्यपाल ने गंगा की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत पर आधारित पुस्तक का विमोचन किया

    राज्यपाल ने गंगा की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत पर आधारित पुस्तक का विमोचन किया

    शिमला: राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने आज लोकभवन में प्रो. विवेकानन्द तिवारी द्वारा लिखित पुस्तक ‘भारतीय कला, लोक परंपरा एवं संगीत में गंगा का प्रवाह’ का विमोचन किया। इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि भारत के लोगों के लिए गंगा केवल एक नदी नहीं, बल्कि देश की प्राचीन सभ्यता, संस्कृति और आध्यात्मिक विरासत का जीवंत प्रतीक है। समय के साथ गंगा का मार्ग और स्वरूप बदलता रहा है, लेकिन वह हमेशा जीवनदायिनी नदी के रूप में हमारी सभ्यता का पालन-पोषण करती रही है।

    गुप्ता ने कहा कि गंगा शाश्वतता और पवित्रता का प्रतीक है तथा भारतीय कला, साहित्य, पौराणिक कथाओं और सांस्कृतिक परंपराओं में उसका विशेष स्थान रहा है। अनेक पीढ़ियों के कवियों, कलाकारों और विद्वानों ने गंगा से प्रेरणा लेकर अपनी रचनाओं को समृद्ध किया है। इसी कारण गंगा भारत की सांस्कृतिक चेतना का अभिन्न हिस्सा बन गई है। राज्यपाल ने कहा कि गंगाजल आज भी हिंदू धार्मिक अनुष्ठानों और जीवन के विभिन्न संस्कारों में अत्यंत महत्त्वपूर्ण माना जाता है। भारतीय कला में गंगा को एक दिव्य देवी और संरक्षक के रूप में चित्रित किया गया है, जो पवित्रता, करुणा और आध्यात्मिक जागृति का प्रतीक है। प्रो. विवेकानन्द तिवारी को पुस्तक के प्रकाशन पर बधाई देते हुए गुप्ता ने कहा कि यह पुस्तक पाठकों को भारतीय कला, लोक परंपराओं और संगीत पर गंगा के गहरे प्रभाव को समझने में मदद करेगी तथा देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के प्रति सम्मान और जागरूकता को बढ़ाएगी।

  • बरवाला की बदलेगी तस्वीर: हिसार, अग्रोहा व टोहाना रोड पर बनेंगे भव्य स्वागत द्वार, कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने किया शिलान्यास

    बरवाला की बदलेगी तस्वीर: हिसार, अग्रोहा व टोहाना रोड पर बनेंगे भव्य स्वागत द्वार, कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने किया शिलान्यास

    चंडीगढ़: हरियाणा के लोक निर्माण एवं जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा ने सोमवार को हिसार के बरवाला में सौंदर्यीकरण और विकास को नई पहचान देने वाली महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया। उन्होंने हिसार, अग्रोहा व टोहाना रोड पर बनने वाले भव्य स्वागत द्वार की नींव रखते हुए कहा कि इन स्वागत द्वारों के निर्माण से बरवाला की पहचान और अधिक सुदृढ़ होगी तथा नगर में प्रवेश करने वाले लोगों को एक आकर्षक और आधुनिक प्रवेश द्वार मिलेगा। यह परियोजना शहर के सौंदर्यीकरण के साथ-साथ बरवाला की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक पहचान को भी नई मजबूती देगी।

    लगभग 84 लाख रुपये की लागत से टोहाना रोड पर स्वागत द्वार का निर्माण होगा। इसी प्रकार से लगभग 98 लाख 31 हजार 500 रुपये की लागत से अग्रोहा रोड तथा 77 लाख 5 हजार रुपये की लागत से हिसार रोड पर स्वागत द्वारा का निर्माण किया जाएगा। इन स्वागत द्वार के अतिरिक्त कैबिनेट मंत्री ने लगभग 3 करोड़ 40 लाख 70 हजार रुपये की लागत से बरवाला-टोहाना रोड पर बने स्वर्ग आश्रम में होने वाले विभिन्न निर्माण कार्यों का शिलान्यास भी किया।

    कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि उक्त कार्यों के अलावा बरवाला नगर परिषद क्षेत्र में करोड़ों रुपये की लागत से पार्क निर्माण, लेबर शेड, स्वच्छता, गलियों व सड़कों के निर्माण तथा पुस्तकालयों के निर्माण जैसे अन्य कार्य भी जनता को समर्पित किए गए हैं। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार बिना किसी भेदभाव के प्रदेश के हर क्षेत्र में विकास कार्य करा रही है। सड़क, पेयजल, सीवरेज, स्वास्थ्य, शिक्षा और शहरी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार योजनाएं लागू की जा रही हैं। नगरों को आधुनिक सुविधाओं से युक्त बनाने के लिए सरकार निरंतर कार्य कर रही है।

    उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विकास कार्यों की गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए और सभी योजनाएं तय समय सीमा में पूरी हों, ताकि आमजन को उनका लाभ शीघ्र मिल सके। जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के समन्वय से ही विकास कार्यों को गति मिलती है और सरकार जनता के विश्वास पर पूरी तरह खरा उतरने का प्रयास कर रही है। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने 17 जुलाई को जींद में आयोजित होने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विशाल जनसभा कार्यक्रम में क्षेत्र के अधिक से अधिक लोगों से पहुंचने का आह्वान किया। प्रधानमंत्री का यह कार्यक्रम हरियाणा के विकास के लिए ऐतिहासिक साबित होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं, युवाओं, महिलाओं और आम नागरिकों से बड़ी संख्या में जींद पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील करते हुए कहा कि सभी की भागीदारी प्रदेश के विकास के संकल्प को और मजबूत करेगी। इस दौरान उन्होंने आमजन से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं और मांगें सुनीं।

    मंत्री रणबीर गंगवा ने संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध एवं प्रभावी समाधान करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर बरवाला नगर परिषद चेयरमैन रमेश बैटरीवाला, सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

  • बरवाला में बनेगा 50 बेड का आधुनिक अस्पताल : कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा

    बरवाला में बनेगा 50 बेड का आधुनिक अस्पताल : कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा

    चंडीगढ़: हरियाणा के लोक निर्माण एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में स्वास्थ्य सुविधाओं को गांव और कस्बों तक सुदृढ़ करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। इसी कड़ी में हिसार जिले के बरवाला उप जिला अस्पताल परिसर में 50 बिस्तरों का नया एवं अत्याधुनिक अस्पताल का निर्माण किया जाएगा।

    अस्पताल निर्माण के लिए 65 करोड़ 66 लाख 52 हजार रुपये के प्रस्ताव को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने स्वीकृति दे दी है। कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि इस परियोजना की ड्रॉइंग पहले ही स्वीकृत की जा चुकी है तथा निर्माण कार्य लोक निर्माण (भवन एवं सडक़ें) विभाग के माध्यम से राज्य बजट के अंतर्गत कराया जाएगा। वर्ष 2026-27 के बजट में स्वास्थ्य अवसंरचना के विकास के लिए पर्याप्त वित्तीय प्रावधान किया गया है, जिससे इस महत्वाकांक्षी परियोजना को गति मिलेगी।

    लगभग 24 माह की अवधि में तैयार होने वाला यह आधुनिक अस्पताल बरवाला सहित आसपास के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के हजारों लोगों को बेहतर और आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराएगा। अस्पताल बनने से मरीजों को समय पर गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा स्थानीय स्तर पर ही मिल सकेगी। कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि हरियाणा सरकार प्रदेश में स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। नए अस्पतालों, स्वास्थ्य केंद्रों और आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार से आम नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। मुख्यमंत्री की स्वीकृति के बाद इस परियोजना पर शीघ्र कार्य प्रारंभ होगा और बरवाला क्षेत्र को एक आधुनिक एवं सुविधा संपन्न 50 बिस्तरों का अस्पताल मिलेगा, जिससे पूरे क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं में उल्लेखनीय सुधार आएगा।

  • ‘मेरी रसोई’ योजना के तहत राशन किट वितरण का आंकड़ा 27 लाख के पार

    ‘मेरी रसोई’ योजना के तहत राशन किट वितरण का आंकड़ा 27 लाख के पार

    अब तक सबसे अधिक 3 लाख से ज्यादा राशन किट लुधियाना में वितरित, 2 लाख के साथ पटियाला दूसरे और 1.68 लाख किटों के वितरण के साथ बठिंडा तीसरे स्थान पर

    चंडीगढ़: पंजाब सरकार ने कमजोर परिवारों के लिए पोषण सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से अपनी जारी राशन किट वितरण मुहिम ‘मेरी रसोई’ में तेजी लाई है, जिसके तहत अब तक लगभग 27.18 लाख परिवारों को लाभ मिल चुका है। इस अभियान का लक्ष्य राज्यभर के 40.48 लाख पात्र परिवारों को प्रत्येक तिमाही (तीन माह) में राशन किट उपलब्ध कराना है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के दूरदर्शी नेतृत्व तथा खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री लाल चंद कटारूचक्क की सक्रिय निगरानी में इस महत्वपूर्ण पहल के तहत मिशन मोड में राशन किटों का वितरण किया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि इस पहल के अंतर्गत प्रत्येक पात्र परिवार को एक राशन किट प्रदान की जाती है, जिसे घरेलू खाद्य आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है। इस किट में मासिक उपयोग के लिए दो किलोग्राम दाल, दो किलोग्राम चीनी, एक किलोग्राम नमक, 200 ग्राम हल्दी पाउडर तथा एक लीटर सरसों का तेल शामिल है। ये राशन किट राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम, 2013 के तहत पात्र लाभार्थियों को पहले से वितरित की जा रही गेहूं के अतिरिक्त उपलब्ध कराई जा रही हैं। राशन किटों का निर्माण मार्कफैड द्वारा किया जाता है, जबकि खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग राज्यभर में इनके वितरण नेटवर्क की निगरानी कर रहा है। अब तक वितरित 27.18 लाख राशन किटों में लुधियाना 300480 किटों के साथ पहले स्थान पर है। इसके बाद पटियाला 203591 किटों के साथ दूसरे, बठिंडा 168811 किटों के साथ तीसरे, अमृतसर 159408 किटों के साथ चौथे, फाजिल्का 151458 किटों के साथ पांचवें तथा संगरूर 147339 किटों के साथ छठे स्थान पर है। इसके अतिरिक्त जालंधर में 144965 श्री मुक्तसर साहिब में 1,38,009, सीमावर्ती जिले तरनतारन में 133220 होशियारपुर में 128720, गुरदासपुर में 126901, फिरोज़पुर में 1,09,444, मोगा में 107324 मानसा में 91274, फतेहगढ़ साहिब में 80,910, साहिबजादा अजीत सिंह नगर (मोहाली) में 76928, फरीदकोट में 77,574, कपूरथला में 75,274 पठानकोट में 73793, बरनाला में 66193, रूपनगर में 60,785, मलेरकोटला में 50841 तथा शहीद भगत सिंह नगर में 45546 राशन किटों का वितरण किया जा चुका है। इस पहल का उद्देश्य पात्र लाभार्थियों की रसोई तक केवल अनाज ही नहीं, बल्कि आवश्यक प्रोटीन, खाद्य तेल तथा मसाले भी पहुंचाना है, ताकि योजना के अंतर्गत शामिल परिवारों को संतुलित एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध हो सके। राशन किटों के वितरण की सतत एवं प्रभावी निगरानी की जा रही है, ताकि पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सके, मिलावटी सामग्री पर रोक लगाई जा सके तथा प्रत्येक जरूरतमंद परिवार तक समय पर किट पहुंचाई जा सके। जिला प्रशासन, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग तथा स्थानीय अधिकारी पूर्ण समन्वय के साथ इस जनकल्याणकारी अभियान को सफल बनाने में जुटे हुए हैं। यह योजना राज्य सरकार की उस प्रतिबद्धता का प्रत्यक्ष प्रमाण है कि कोई भी पात्र परिवार खाद्य सुरक्षा से वंचित न रहे। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत वितरित किए जा रहे गेहूं के साथ इन राशन किटों को जोड़कर सरकार भूख और कुपोषण—दोनों चुनौतियों का प्रभावी समाधान करने का सार्थक प्रयास कर रही है।  
  • योजनाओं को समयबद्व ढंग से निर्धारित अवधि में करें पूरा- CM Nayab Singh Saini

    योजनाओं को समयबद्व ढंग से निर्धारित अवधि में करें पूरा- CM Nayab Singh Saini

    चण्डीगढ: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि अधिकारी राज्य में क्रियान्वित योजनाओं को समयबद्व ढंग से निर्धारित अवधि में पूरा करना सुनिश्चित करें ताकि जनता को उनका समय पर लाभ मिल सके। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी स्टेट प्रगति प्रोजेक्ट बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। इसमें 75 करोड़ रुपए से अधिक की 12 योजनाओं की विस्तार से समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी योजना की कार्य अवधि न बढाई जाए। इससे योजना की लागत भी बढ़ती है और उसका आर्थिक बोझ सरकार पड़ता है। इसके अलावा जनता को भी उनका लाभ समय पर नहीं मिल पाता। उन्होंने कहा कि एप्पल मार्केट पिंजौर एवं अंतर्राष्ट्रीय फल फूल सब्जी एवं बागवानी मण्डी गन्नौर में बनाए जाने वाले शैडों पर सौर ऊर्जा उपकरण लगाए जाएं ताकि इन मंडियों को बिजली क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाया जा सके। मंडी में तीन एसी शैड बनाए जा चुके है। इसमें 20 प्रतिशत ग्रीन एरिया विकसित किया जाएगा। इसके अलावा सड़कों के दोनों तरफ भी पौधे लगाए जाएंगे। उन्होंने मंडी में रैनीवेल, लाईट एवं साउंड तथा बरसाती पानी के भण्डारण एवं उपयोग के लिए आवश्यक प्रबंध करने के निर्देश दिए। यह उत्तर भारत की बेहतरीन एवं शानदार मंडी होगी जिसमें यूपी, जम्मू कश्मीर, पंजाब, हिमाचल प्रदेश आदि कई राज्यों के किसान अपने उत्पादों की बिक्री कर लाभ उठा सकेंगे।

    पंचायतों में ऑप्टीकल फाईबर कनेक्शन पहुंचाने का कार्य अंतिम चरण में

    मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की प्रत्येक ग्राम पंचायत में भारतनेट की सेवाओं के विस्तार कार्य में तेजी लाई जाए ताकि जल्द से जल्द सभी पंचायतों में बेहतर इंटरनेट की सेवाएं सुलभ करवाई जा सकें। अब तक राज्य की 5200 ग्राम पंचायतों में ऑप्टीकल फाईबर कनेक्शन पहुंचाने के लिए कार्य अंतिम चरण में हैं। शेष एक हजार ग्राम पंचायतों में भी जल्द ही यह कार्य पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत हर ग्राम पंचायत, स्कूल, स्वास्थय केन्द्र, आंगनबाड़ी, ई लाईब्रेरी आदि सार्वजनिक स्थलों में कनेक्शन प्रदान किए जाएगें।

    नूंह में 156 करोड़ से बनेगा 7 मंजिला 100 बेड अस्तपाल

    मुख्यमंत्री ने कहा कि नूंह में लगभग 156 करोड़ रुपए की लागत से 7 मंजिला 100 बेड का अस्तपाल बनाया जाएगा। इसकी चारदीवारी बनाने का कार्य शुरू कर दिया गया है जो आगामी दो साल में पूरा कर लिया जाएगा। इसके अलावा महेन्द्रगढ जिला के नसीबपुर में राव तुलाराम शहीद स्मारक बनाया जाएगा जिसकी ड्राईंग तैयार की जा रही है। उन्होंने कहा कि पानीपत के कालाअम्ब में 16 एकड़ भूमि पर मराठा शौर्य स्मारक का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है।

    पिंजौर गार्डन तक बनेगा फोरलेन कोरिडोर

    लगभग 152 करोड़ रुपए की लागत से पिंजौर में एप्पल मार्केट बनाने के लिए टैण्डर लगाए गए हैं जिसका कार्य इसी माह में शुरू कर दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने पिंजौर गार्डन तक फोरलेन बनाने तथा सुन्दर कोरिडोर के रुप में विकसित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा टिक्करताल सड़क मार्ग को भी चौड़ा एवं मजबूत बनाया जाएगा। नायब सिंह सैनी ने कहा कि लाला लाजपतराय यूनिवर्सिटी हिसार में 153 करोड़ रुपए की लागत से पशु फार्म, पशु शेड, बीज स्टोर आदि बनाए जा रहे हैं। इसके अलावा पशु चिकित्सा एवं विज्ञान महाविद्यालय का भी निर्माण किया जाएगा। इसके लिए आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जा रही है। उन्होंने कहा कि सेक्टर 5 पंचकूला में 55 करोड़ रुपए की लागत से राज्य स्तरीय म्यूजियम का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है।

    हिसार में आईएमसी, गुरूग्राम में ग्लोबल सिटी विकसित

    मुख्यमंत्री ने कहा कि एकीकृत विनिर्माण क्लस्टर हिसार में 707 करोड़ रुपए की लागत से विकसित करने के लिए इन्फ्रास्ट्रक्चर तैयार किया जा रहा है। इसकी कार्य योजना तैयार कर ली गई है जिसके जल्द ही टेण्डर किए जाएगें। इसी प्रकार गुरूग्राम में 1003 करोड़ रुपए की लागत से ग्लोबल सिटी प्रोजेक्ट पर कार्य चल रहा हैं। उन्होने कहा कि ग्लोबल सिटी से पटौदी रोड़ को चौड़ा करने तथा एनएच 48 एवं द्वारका एक्सप्रेस वे से लिंक करने का कार्य किया जाएगा। बैठक में मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव अरूण गुप्ता, अतिरिक्त मुख्य सचिव ए के सिंह, अनुराग अग्रवाल, विजयेन्द्र कुमार,आयुक्त एवं सचिव डॉ अमित अग्रवाल, जे गणेशन, सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग के महानिदेशक के मकरंद पांडुरंग सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।  
  • हरियाणा में आमजन की शिकायतों के समाधान का सबसे प्रभावी माध्यम बनी सीएम विंडो

    हरियाणा में आमजन की शिकायतों के समाधान का सबसे प्रभावी माध्यम बनी सीएम विंडो

    चंडीगढ़: हरियाणा में सूचना प्रौद्योगिकी के माध्यम से सुशासन को मजबूत करने की दिशा में सीएम विंडो आमजन की शिकायतों के त्वरित, पारदर्शी और जवाबदेह समाधान का सबसे प्रभावी माध्यम बनकर उभरी है। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के निर्देशों के अनुरूप सीएम विंडो पर शिकायत प्राप्त होते ही उसे तत्काल संबंधित विभाग को भेज दिया जाता है और शिकायत के निस्तारण के लिए एक सप्ताह के भीतर कार्रवाई शुरू करने के निर्देश दिए जाते हैं।

    इसी व्यवस्था का परिणाम है कि अब तक सीएम विंडो पर 15,71,284 शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिनमें से 14,09,483 शिकायतों का समाधान किया जा चुका है। शेष शिकायतों पर निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्रवाई जारी है। मुख्यमंत्री के उप प्रधान सचिव एवं सीएम विंडो की मॉनिटरिंग के प्रभारी श्री अजय कुमार ने सोमवार को हरियाणा निवास, सेक्टर-3, चंडीगढ़ से विभिन्न विभागों द्वारा शिकायतों के निस्तारण की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी स्वयं सीएम विंडो की नियमित मॉनिटरिंग करते हैं और शिकायतों के निस्तारण संबंधी फीडबैक लगातार उनसे प्राप्त करते हैं।

    अजय कुमार ने अधिकारियों से कहा कि मुख्यमंत्री का स्पष्ट संदेश है कि जब कोई नागरिक सीएम विंडो पर अपनी शिकायत दर्ज करता है तो वह सीधे मुख्यमंत्री से न्याय और सहायता की अपेक्षा करता है। ऐसे में किसी भी स्तर पर लापरवाही या औपचारिकता स्वीकार नहीं की जाएगी। प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और तथ्यात्मक निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। समीक्षा बैठक के दौरान उन्होंने रैंडम आधार पर 16 शिकायतों की जांच की। कई मामलों में विभागीय स्तर पर अनावश्यक देरी और लापरवाही पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की तथा संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध विभागीय नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। इस के अलावा, उन्होंने फतेहाबाद जिले के ढाणी माजरा निवासी बनवारी लाल की भावांतर भरपाई की राशि दो वर्ष बाद भी जारी न होने संबंधी शिकायत पर फतेहाबाद कृषि विभाग के उपनिदेशक को आगामी सोमवार को मुख्यमंत्री कार्यालय में रिपोर्ट करने के निर्देश दिए।

    इसी प्रकार सोनीपत जिले के नाथूपुर गांव में कथित रूप से फर्जी बिलों के माध्यम से पंचायत निधि से लगभग 68 लाख रुपये निकाले जाने पर सरपंच को तथा पानीपत में बेगमपुर ड्रेन से मिट्टी की कथित अवैध खुदाई एवं बिक्री संबंधी शिकायतों पर संबंधित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने जिला उपायुक्तों, पुलिस अधीक्षकों तथा सभी विभागाध्यक्षों को निर्देश दिए कि वे सीएम विंडो पर लंबित शिकायतों की नियमित समीक्षा करें और यह सुनिश्चित करें कि शिकायतों का निस्तारण केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रहे, बल्कि शिकायतकर्ता को वास्तविक राहत मिले।

    उल्लेखनीय है कि हरियाणा सरकार ने 25 दिसंबर 2014 को सुशासन दिवस के अवसर पर सीएम विंडो की शुरुआत की थी। पहले यह व्यवस्था जिला मुख्यालयों पर लागू की गई और बाद में लोगों की सुविधा को देखते हुए इसे उपमंडल स्तर तक विस्तारित किया गया। शिकायत दर्ज होते ही आवेदक को एसएमएस के माध्यम से पंजीकरण संख्या भेजी जाती है, जिससे वह अपनी शिकायत की प्रगति की ऑनलाइन निगरानी कर सकता है।

    हरियाणा सरकार का लक्ष्य सीएम विंडो के माध्यम से प्रदेशवासियों को पारदर्शी, उत्तरदायी और प्रभावी प्रशासन उपलब्ध कराना है, ताकि प्रत्येक नागरिक की समस्या का समयबद्ध समाधान हो और सुशासन के प्रति जनता का विश्वास और अधिक मजबूत बने। बैठक में मुख्यमंत्री के ओएसडी विवेक कालिया, के.एस. संधू तथा विभिन्न विभागों के सीएम विंडो के नोडल अधिकारी उपस्थित रहे।

  • पंडोगा स्कूल में 90 लाख से बने नए भवन का लोकार्पण, पंडोगा-त्यूड़ी पुल का निर्माण अगले पांच माह में होगा पूरा: मुकेश अग्निहोत्री

    पंडोगा स्कूल में 90 लाख से बने नए भवन का लोकार्पण, पंडोगा-त्यूड़ी पुल का निर्माण अगले पांच माह में होगा पूरा: मुकेश अग्निहोत्री

    लोअर पंडोगा में बनेगा पंचायत घर

    ऊना, सुशील पंडित: उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने सोमवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पंडोगा में लगभग 90 लाख रुपए की लागत से निर्मित नए विद्यालय भवन का लोकार्पण किया। दो मंजिला इस भवन में छह नए कक्षों का निर्माण किया गया है, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

    इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि निर्माणाधीन पंडोगा-त्यूड़ी पुल का कार्य अगले पांच माह में पूरा कर लिया जाएगा। करीब 52 करोड़ से बन रहा यह पुल आवागमन की बड़ी सुविधा प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि लोअर पंडोगा में पंचायत घर के निर्माण के लिए भूमि की पहचान कर पंचायत प्रतिनिधियों की सहमति से उपयुक्त स्थान पर भवन का निर्माण कराया जाएगा।

    अग्निहोत्री ने कहा कि हरोली का पंजावर गांव सहकारिता आंदोलन की जन्मस्थली के रूप में देशभर में अपनी विशिष्ट पहचान रखता है । वहां 10 करोड़ रुपये की लागत से मियां हीरा सिंह स्टेट कोऑपरेटिव ट्रेनिंग सेंटर एवं सामुदायिक भवन का निर्माण किया जा रहा है। इस परिसर में भविष्य में एमबीए की कक्षाएं शुरू की जाएंगी।

    उप मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से शिक्षकों का सम्मान करने, अनुशासन का पालन करने तथा जीवन में आगे बढ़ने के लिए स्वस्थ प्रतिस्पर्धा में भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पंडोगा विद्यालय में विद्यार्थियों की जरूरतों के अनुरूप भविष्य में भी सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। विद्यालय पहुंचने पर उप मुख्यमंत्री का स्कूली विद्यार्थियों ने पारंपरिक ढंग से भव्य स्वागत किया।

    इस अवसर पर परिवहन निगम के सदस्य अशोक ठाकुर ने अपने विचार व्यक्त किए। विद्यालय की प्रधानाचार्य वंदना सूद ने मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों का स्वागत किया।

    कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव रणजीत सिंह राणा, स्थानीय ग्राम पंचायत प्रधान गुरपाल सिंह, उच्च शिक्षा उप निदेशक अनिल तक्की, प्रारंभिक शिक्षा विभाग के सोम लाल धीमान सहित कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता, विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा क्षेत्र के अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

     

  • हरियाणा सरकार ने ग्रामीण क्षेत्रों स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए उठाए अहम कदम

    हरियाणा सरकार ने ग्रामीण क्षेत्रों स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए उठाए अहम कदम

    चंडीगढ़: हरियाणा सरकार ने ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है। सरकार ने हिसार जिला के बरवाला कस्बा में एक नया 50 बेड का आधुनिक अस्पताल बनाने की प्रशासनिक मंजूरी दे दी है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर लगभग 6,566.52 लाख रुपए खर्च होने का अनुमान है। इस महत्वपूर्ण निर्णय की जानकारी देते हुए प्रदेश की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने बताया कि राज्य सरकार ग्रामीण अंचलों में रहने वाले लोगों को भी शहरों की तर्ज पर बेहतर और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए तेजी से काम कर रही है। इसी कड़ी के तहत बरवाला में इस बड़े अस्पताल का निर्माण किया जा रहा है।

    स्वास्थ्य मंत्री ने साफ किया कि इस नए अस्पताल के लिए अलग से भूमि अधिग्रहण करने की आवश्यकता नहीं होगी, बल्कि इसका निर्माण वर्तमान में पहले से चल रहे सब-डिस्ट्रिक्ट हॉस्पिटल (एसडीएच) बरवाला के कैंपस के भीतर ही किया जाएगा। इस नए 50 बेड के अस्पताल के बन जाने से बरवाला और उसके आसपास के दर्जनों गांवों के ग्रामीणों को अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के लिए बड़े शहरों की तरफ रुख नहीं करना पड़ेगा और उन्हें स्थानीय स्तर पर ही बेहतर इलाज मिल सकेगा।

  • अनुसूचित जाति कल्याण योजनाओं के प्रचार के लिए विशेष जागरूकता अभियान का दूसरा चरण 14 से

    अनुसूचित जाति कल्याण योजनाओं के प्रचार के लिए विशेष जागरूकता अभियान का दूसरा चरण 14 से

    ऊना, सुशील पंडित: हिमाचल सरकार की अनुसूचित जाति कल्याण योजनाओं को लेकर प्रदेशव्यापी प्रचार अभियान चलाया गया है। इसी क्रम में ऊना जिले में विशेष जागरूकता अभियान का दूसरा चरण 14 जुलाई से आरंभ किया जा रहा है। अभियान के तहत सूचना एवं जनसंपर्क विभाग से जुड़े नाट्य दल गीत-संगीत और नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से लोगों को सरकारी कल्याणकारी योजनाओं और उनके लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया की जानकारी देंगे। इसका उद्देश्य योजनाओं की जानकारी सीधे लोगों तक पहुंचाना और सामाजिक जागरूकता बढ़ाना है। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के निदेशक राजीव कुमार ने बताया कि ऊना जिले में अभियान का पहला चरण पूरा कर लिया गया है। अब दूसरे चरण में जिले के 10 अनुसूचित जाति बहुल्य गांवों में कार्यक्रम होंगे, जिसमें प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 4-4 जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान में नशामुक्ति और सामाजिक जागरूकता पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। दूसरे के अंतर्गत यहां होंगे कार्यक्रम उन्होंने बताया कि जागरूकत अभियान के दूसरे चरण में पूर्वी कलामंच जलग्रां टब्बा द्वारा 14 से 18 जुलाई तक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें गीत संगीत और नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से अनुसूचित जाति के कल्याण की सरकारी नीतियों, कार्यक्रमों और विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं का प्रचार किया जाएगा। पूर्वी कलामंच जलग्रां टब्बा द्वारा 14 जुलाई को हरोली के जोड़ियां और जननी, 15 को हरोली के जंगल पंजावर और भदसाली थोलियां, 16 को ऊना के बटूही और लमलेहड़ी अप्परली, 17 को ऊना के जखेड़ा और बहडाला लोअर तथा 18 जुलाई को परोइयां कलां और पनसाई में गीत संगीत व नुकड़ नाटकों के माध्यम से लोगों को मनोरंजन के साथ जनहित में संचालित योजनाओं बारे जानकारी दी जाएगी।
     
  • फार्महाउस पर पुलिस की रेड, हाईप्रोफाइल कैसिनो रैकेट मामले में 18 गिरफ्तार, देखें वीडियो

    फार्महाउस पर पुलिस की रेड, हाईप्रोफाइल कैसिनो रैकेट मामले में 18 गिरफ्तार, देखें वीडियो

    गुरुग्रामः पुलिस की क्राइम ब्रांच सेक्टर-31 ने कार्रवाई करते हुए भोंडसी क्षेत्र स्थित एक फार्महाउस पर चल रहे हाईप्रोफाइल कैसिनो रैकेट का पर्दाफाश किया। पुलिस ने फार्महाउस पर रेड के दौरान मुख्य आयोजक सहित 18 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान मौके से बड़ी मात्रा में जुआ खेलने में इस्तेमाल होने वाला सामान भी बरामद किया गया है। एसीपी क्राइम नवीन शर्मा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में महेश उर्फ मैसी, नरेंद्र, कैलाश, मयंक, सुरेश, सौरव, दर्शन चौधरी, अंकित अदलक्खा, सुनील, मुकुल, दिनेश, विनीत तनेजा, सौरव चुघ, वैभव तायल, विशाल गांधी, विकास, बालगोपाल और कृष्ण तनेजा शामिल हैं।

    पुलिस के अनुसार, अधिकांश आरोपी पलवल के रहने वाले हैं और फरीदाबाद व आसपास के क्षेत्रों में ठिकाने बदल-बदलकर जुआ रैकेट संचालित करते थे। इस रेड के दौरान पुलिस ने 1,295 कसीनो चिप्स, 260 ताश के पत्ते और तीन गैंबलिंग टेबल बरामद कीं। शुरुवाती जांच में सामने आया कि कसीनो चिप्स का इस्तेमाल नकदी के विकल्प के रूप में दांव लगाने के लिए किया जा रहा था और फार्महाउस में कसीनो की तर्ज पर जुआ संचालित किया जा रहा था।

    वही एसीपी क्राइम नवीन शर्मा की माने तो मुख्य आयोजक महेश उर्फ मैसी पर पहले से हत्या के प्रयास और मारपीट सहित दो गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसने ही फार्महाउस किराए पर लेकर इस पूरे रैकेट का संचालन किया था। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। बरामद सामान को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। साथ ही फार्महाउस के मालिक से भी पूछताछ की जा रही है कि फार्महाउस किस आधार पर बुक किया गया था।