Blog

  • Punjab News: 1.20 किलो हेरोइन, 4.15 लाख की ड्रग मनी सहित 2 तस्कर गिरफ्तार

    Punjab News: 1.20 किलो हेरोइन, 4.15 लाख की ड्रग मनी सहित 2 तस्कर गिरफ्तार

    संगरूरः पंजाब में नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। वहीं देहात पुलिस ने भारी मात्रा में हेरोइन सहित 2 तस्करों को गिरफ्तार किया है। मामले की जानकारी देते हुए एसएसपी संगरूर सरताज सिंह चहल ने कहा कि जिला पुलिस द्वारा नशे और असामाजिक तत्वों के खिलाफ चलाए गए अभियान के दौरान थाना शेरपुर क्षेत्र में 2 नशा तस्करों को गिरफ्तार करके आरोपियों के कब्जे से 1 किलो 20 ग्राम हेरोइन और 10 किलो चूरा पोस्त, 4.15 लाख की ड्रग मनी, एक कार और एक एक्टिवा बरामद की है।

    एसएसपी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए दोनों में से एक व्यक्ति के खिलाफ 9 मामले दर्ज हैं जबकि दूसरे व्यक्ति के खिलाफ 2 मामले दर्ज हैं। चहल ने बताया कि कैप्टन मंदीप सिंह पुलिस सब-डिवीजन धूरी के सुपरविजन में सहायक थानेदार बलविंदर सिंह सहित पुलिस पार्टी गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की जांच के लिए टी-प्वाइंट बड़ी पर मौजूद थी।

    इस दौरान उन्हें गुप्त सूचना मिली की दविंदर सिंह उर्फ ​​गग्गी निवासी टिब्बा (शेरपुर) और हरदीप सिंह निवासी सुनामी पट्टी (लोंगोवाल) आई-20 में सवार थे और गांवों में ग्राहकों को बड़ी मात्रा में हेरोइन और चूरापोस्त सप्लाई करने जा रहे थे। जिसके बाद उनकी टीम ने नाकेबंदी करके कार को रोककर तालाशी ली और तालाशी के दौरान भारी मात्रा में हेरोइन, चूरा पोस्त और ड्रग मनी बरामद की है।

  • रास्ता रोक मारपीट करने के आरोप में मामला दर्ज

    रास्ता रोक मारपीट करने के आरोप में मामला दर्ज

    ऊना/ सुशील पंडित: पुलिस थाना हरोली के अंतर्गत आते गांव पंडोगा में रास्ता रोक कर मारपीट करने के आरोप में पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

    पुलिस को दी शिकायत में जसविन्द्र कुमार पुत्र मैंहगा राम निवासी गांव पंडोगा ने अपनी शिकायत में दर्ज करवाया कि 24 नवंबर 24 को करीब 3:40 बजे शाम यह इसके गांव पंडोगा में ट्रक खडा करके इसके मालिक दर्शन सिंह के घर चाबी देने जा रहा था तो पुपिन्द्र कुमार व जतिन्द्र कुमार पुत्र वचन सिंह निवासी पंडोगा ने इसका रास्ता रोक कर इसके साथ मारपीट की व जान से मारने की धमकी भी दी जिससे इसे मारपीट में काफी चोटें आई हैं I

    जसविंद्र सिंह ने बताया कि हरविन्द्र कुमार, रणजीत सिंह पुत्रा वचन सिंह निवासी गांव पंडोगा भी अक्सर इसके साथ लडाई झगडा करते रहते हैं ।  पुलिस ने शिकायत के आधार पर धारा 126(2),115(2), 352, 351(2), 3(5) भा0न0स0 के तहत थाना हरोली में मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।

  • भैरा में दूकान से अवैध शराब पकड़ी 

    भैरा में दूकान से अवैध शराब पकड़ी 

    ऊना/सुशील पंडित: पुलिस थाना अम्व के अंतर्गत आते गांव भैरा में पुलिस मुलाजिमों ने 36 बोतल शराब पकड़ी और मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।

    प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस थाना अम्ब के मुलाजिम गश्त करते हुए गांव भैरा में मौजूद थे तो गुप्त सूचना के आधार पर एक व्यक्ति की दूकान की तलाशी लेने पर 24 बोतल शराब देसी व 12 बोतल अग्रेजी शराब रॉयल स्टैग बरामद की गई। इस संबंध में पुलिस ने नरेश कुमार निवासी भैरा के विरुद्ध धारा 39(1)(ए) एच0पी0 आवकारी अधिनियम के तहत थाना अम्ब में मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।

  • IPL में PBKS की ओर से खेलेंगा पंजाबी खिलाड़ी, वीडियो जारी कर कही ये बात

    IPL में PBKS की ओर से खेलेंगा पंजाबी खिलाड़ी, वीडियो जारी कर कही ये बात

    लुधियानाः IPL ऑक्शन 2025 की मेगा नीलामी सऊदी अरब के जेद्दा शहर में हो रही है। जिसमें 577 खिलाड़ियों को साइन किया जाएगा। इस नीलामी में अब तक के सबसे महंगे खिलाड़ियों में से ऋषभ पंत को चुना गया है। आईपील बोली में ऋषभ पंत को 27 करोड़ रुपए में खरीदा है। वहीं निहाल वढेरा को पंजाब किंग्स ने 4.20 करोड़ में अपनी टीम में शामिल किया है। लुधियाना के लोगों में भी निहाल के पंजाब की टीम में चयन होने को लेकर काफी उत्साह है।

    आईपीएल में बोली के दौरान पंजाब टीम की ओर से चुने जाने के बाद निहाल ने एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर जारी किया है। जिसमें उन्होंने कहा- सतश्री अकाल जी सभी को, मैं निहाल वढ़ेरा बहुत खुश हूं कि मैं पंजाब किंग्स टीम की तरफ से खेलूंगा। पंजाब किंग्स टीम मेरी होम टीम है। इस कारण इस टीम के साथ मेरा अलग ही कनेक्शन है। मैं अपनी नई शुरुआत के लिए बहुत उत्साहित हूं।

    निहाल वढेरा लेफ्ट हैंड बल्लेबाज है। अंतरराष्ट्रीय मैचों में भारत-U19 का प्रतिनिधित्व किया है और घरेलू क्रिकेट में पंजाब के लिए भी खेला है। बाएं हाथ के प्रतिभाशाली बल्लेबाज निहाल वढ़ेरा का जन्म 04 सितंबर 2000 को पंजाब के लुधियाना में हुआ था। उनके पिता का नाम कमल वढेरा है, उनकी मां का नाम गुरप्रीत वढेरा है, जो एक गृहिणी हैं। उनकी बड़ी बहन का नाम राइथेम वढेरा है। निहाल कम उम्र में क्रिकेट में गहरी रुचि विकसित की और स्थानीय टूर्नामेंट में खेलना शुरू कर दिया।

    बता दें पंजाब किंग्स ने पहले दिन नीलामी में कुल 10 खिलाड़ियों को खरीदा, जिसमें कोलकाता नाइट राइडर्स के पूर्व कप्तान श्रेयस अय्यर सबसे आगे रहे। PBKS ने लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल भी शामिल है। वहीं अर्शदीप सिंह को रिटेन करने के लिए राइट-टू-मैच विकल्प का इस्तेमाल किया।

    इसी के साथ शशांक सिंह, प्रभसिमरन सिंह, अर्शदीप सिंह (18 करोड़ रुपए), श्रेयस अय्यर (26.75 करोड़ रुपए), युजवेंद्र चहल (18 करोड़ रुपए), मार्कस स्टोइनिस (11 करोड़ रुपए), ग्लेन मैक्सवेल (4.20 करोड़ रुपए), नेहाल वढेरा (4.20 करोड़ रुपए), हरप्रीत बराड़ (1.50 करोड़ रुपए), विष्णु विनोद (95 लाख रुपए), विजयकुमार वैश्य (1.80 करोड़ रुपए), यश ठाकुर (1.60 करोड़ रुपए) में टीम ने लिया है।

  • शुक्रवार को सरकारी छुट्‌टी का ऐलान, प्रशासन ने जारी किया नोटिफिकेशन

    शुक्रवार को सरकारी छुट्‌टी का ऐलान, प्रशासन ने जारी किया नोटिफिकेशन

    चंडीगढ़ः केंद्र शासित प्रदेश में प्रशासन ने शुक्रवार को अवकाश घोषित किया है। दरअसल, प्रशासन द्वारा श्री गुरु तेग बहादुर जी के शहीदी दिवस के अवसर पर 6 दिसंबर 2024 को सरकारी छुट्टी रहेगी। अधिसूचना के मुताबिक, यह अवकाश औद्योगिक प्रतिष्ठानों सहित चंडीगढ़ प्रशासन के सभी सरकारी कार्यालयों, बोर्डों, निगमों और संस्थानों में लागू होगा। पहले यह अवकाश 24 नवंबर 2024 को घोषित किया गया था, लेकिन अब इसे बदलकर 6 दिसंबर 2024 कर दिया गया है।

    श्री गुरु तेग बहादुर जी के शहीदी दिवस के उपलक्ष्य में इस विशेष अवकाश को चंडीगढ़ प्रशासन ने महत्व देते हुए संशोधित किया है। इससे सरकारी कर्मचारियों और औद्योगिक प्रतिष्ठानों से जुड़े लोगों को इस दिन को विशेष रूप से मनाने का अवसर मिलेगा। गुरु तेग बहादुर जी सिख धर्म के नौवें गुरु थे, जिन्हें उनकी साहस, त्याग और धर्म की रक्षा के लिए याद किया जाता है। उनका जन्म 1 अप्रैल 1621 को पंजाब के अमृतसर में गुरु हरगोबिंद जी और माता नानकी के घर हुआ। उनका मूल नाम ‘त्याग मल’ था, लेकिन उनके साहसिक कार्यों और अद्वितीय बलिदान के कारण उन्हें ‘तेग बहादुर’ की उपाधि दी गई, जिसका अर्थ है ‘तेज तलवार के धनी।’

    गुरु तेग बहादुर जी ने अपने जीवन को मानवता, धार्मिक स्वतंत्रता और अन्याय के खिलाफ संघर्ष के लिए समर्पित किया। जब मुगल शासक औरंगजेब ने हिंदू धर्म को समाप्त करने और जबरन धर्मांतरण का अभियान शुरू किया, तो गुरु जी ने इन अत्याचारों के खिलाफ आवाज उठाई। 1675 में, कश्मीरी पंडितों ने गुरु जी से सहायता की अपील की, क्योंकि उन्हें जबरन इस्लाम अपनाने के लिए मजबूर किया जा रहा था। गुरु जी ने उनकी रक्षा का बीड़ा उठाया और मुगल सम्राट औरंगजेब के सामने खड़े हुए।

  • Punjab News: इस इलाके में चली गोलियां, 5 घायल, देखें वीडियो

    फिरोजपुरः कस्बे ममदोट के गांव मस्ता गट्टी में जमीनी विवाद को लेकर गोलियां चलने की घटना सामने आई है। इस घटना में 5 लोग घायल हो गए। घायलों को ममदोट के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। मामले की जानकारी देते हुए घायल जसपाल सिंह ने बताया कि उनकी गांव में एक जमीन है जिसका पहले से केस चल रहा था और कोर्ट ने उनके पक्ष में फैसला भी दिया था, लेकिन इसके बावजूद दूसरा पक्ष लगातार उनकी जमीन पर कब्जा करने की कोशिश कर रहा है।

    जिसे लेकर पहले भी कई बार विवाद हो चुका है और इस बार दूसरे पक्ष द्वारा सरेआम उनके साथ मारपीट की गई। पीड़ित ने कहाकि दूसरे पक्ष द्वारा उन पर गोलियां भी चलाई गईं, जिसमें 5 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्होंने कहा कि इन लोगों के खिलाफ पहले भी कई बार पुलिस व सिविल प्रशासन को शिकायत की जा चुकी है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई।

    जिसके चलते आरोपियों के हौंसले इतने बढ़ गए कि उन्होंने सीधे फायरिंग करनी शुरू कर दी। उन्होंने कहा कि अगर समय रहते पुलिस पहले ही कार्रवाई कर देती तो शायद आज यह स्थिति पैदा नहीं होती। अब भी पुलिस को आरोपियों से सख्ती से निपटने की जरूरत है ताकि गांवों में बढ़ती गोलीबारी की घटनाओं को रोका जा सके। सिविल अस्पताल की मेडिकल ऑफिसर डॉ. रेखा भट्टी ने कहा कि उनके यहां पर 5 घायलों को उपचार के लिए भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर है।

     

  • Punjab News: Navjot Sidhu ने जारी किया कैंसर के इलाज का डाइट प्लान

    Punjab News: Navjot Sidhu ने जारी किया कैंसर के इलाज का डाइट प्लान

    अमृतसरः कांग्रेस नेता और पूर्व क्रिकेटर नवजोत सिंह सिद्धू का एक वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ। जिसमें उन्होंने कहा था कि उनकी पत्नी नवजोत कौर का कैंसर एक खास घरेलू डाइट से ठीक हुआ है। जिसके बाद टाटा मेमोरियल अस्पताल के डायरेक्टर ने सिद्धू को इसी बयान पर घेरते हुए कैंसर रोगियों को सलाह दी है कि वो ऐसे किसी भी ‘अप्रमाणित उपचार’ पर भरोसा करने की गलती न करें। उन्होंने कहा कि सिद्धू के दावे के पर्याप्त सबूत नहीं हैं। ऐसे में लोगों को कैंसर जैसे लक्षण होने पर तुरंत अस्पताल में जांच करानी चाहिए। डॉक्टरों ने कहा था कि सिद्धू की बताई कुछ चीजों पर रिसर्च चल रही है, लेकिन इनसे ठीक हो जाने का दावा सही नहीं है। लोगों को कैंसर जैसे लक्षण होने पर तुरंत अस्पताल में जांच करानी चाहिए।वहीं अब नवजोत सिंह सिद्धू ने आयुर्वेदिक तरीके से पत्नी डॉ. नवजोत कौर के कैंसर का उपचार करने वाला डाइट प्लान जारी किया है। सिद्धू ने कहा कि इस डाइट प्लान को यूज करने से कैंसर से लड़ने के दौरान शरीर की प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाने और जीवनशैली में सकारात्मक बदलाव लाने में सहायक हो सकती है। यह डॉक्टरों की ही ऑब्जर्वेशन है। विशेषज्ञों से परामर्श जरूर लें।

    ये है डाइट प्लान

    पानी का सेवन : रोजाना कम से कम 7-8 गिलास शुद्ध पानी पीने की आदत डालें। यह शरीर को विषाक्त पदार्थों से मुक्त करने और रिकवरी में मदद करता है। चाय का विकल्प : सामान्य चाय के बजाय तुलसी, अदरक, दालचीनी और काढ़े का सेवन करें। रात्रि भोजन का समय : रात के खाने और सोने के बीच कम से कम 12-17 घंटे का अंतर रखें। सुबह जल्दी भोजन की शुरुआत करें। प्राकृतिक रस : नींबू पानी, गाजर, चुकंदर, अनार और एलोवेरा का रस नियमित रूप से पीने की सलाह दी गई है। शारीरिक गतिविधि : योग, चलना, हल्के व्यायाम को जीवनशैली में शामिल करें। कैंसर-रोधी खाद्य पदार्थ : अंकुरित अनाज, हरी सब्जियां (जैसे पालक, ब्रोकली) और फल (अनार, पपीता, सेब) को आहार में शामिल करें। परहेज : पैक्ड भोजन और रिफाइंड तेल का सेवन न करें। फास्ट फूड, सोडा, और कार्बोनेटेड ड्रिंक्स से बचें। ध्यान और सकारात्मकता : परिवार और दोस्तों से प्रेरणा लें, साथ ही मानसिक शांति और सकारात्मकता बनाए रखें।

    महत्वपूर्ण टिप्स

    • दूध उत्पादों को नारियल दूध या बादाम दूध से बदलें।
    • खाना पकाने के लिए ठंडे प्रेस्ड नारियल तेल का उपयोग करें।
  • पंजाबियों को बड़ा झटकाः कनाडा सरकार आखिरी रास्ता भी करने जा रही बंद

    पंजाबियों को बड़ा झटकाः कनाडा सरकार आखिरी रास्ता भी करने जा रही बंद

    नई दिल्ली : कनाडा सरकार द्वारा लगातार नियमों में बदलाव किया जा रहा है। वहीं कनाडा में बसने का सपना देख रहे अप्रवासियों को सरकार ने एक और झटका लगने जा रहा है। मिली जानकारी के अनुसार अब आप्रवासियों में से खासकर पंजाबियों के लिए कनाडा में बसने का आखिरी रास्ता लेबर मार्केट इम्पैक्ट असेसमेंट – एलएमआई भी बंद किया जा रहा है। आव्रजन मंत्री मार्क मिलर ने साफ कर दिया है कि PR के लिए LMIA का बड़े पैमाने पर दुरुपयोग किया जा रहा है और संघीय सरकार LMIA के जरिए मिलने वाली 50 अतिरिक्त प्वाइंट की सुविधा खत्म करने पर विचार कर रही है।

    वर्तमान में आवेदक एलएमआईए के लिए 50 अंक या एक्सप्रेस एंट्री सिस्टम के तहत प्रबंधन पदों के लिए 200 अंक प्राप्त कर सकते हैं। लेबर मार्केट इम्पैक्ट असेसमेंट के नाम पर लोगों से धोखाधड़ी की जा रही है और ब्लैक मार्केट में एक पेपर के लिए 70 हजार डॉलर तक की मांग की जा रही है, जिसे देखते हुए कनाडा सरकार को आव्रजन नियमों को सख्त करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।

    वर्तमान में कैनेडियन पीआर के लिए CRS स्कोर 500 और LMIA से ऊपर चल रहा है। PR पाने के लिए 50 अतिरिक्त अंक प्रभावी हैं, लेकिन ज्यादातर मामलों में इस सुविधा का इस्तेमाल धोखाधड़ी के लिए किया जा रहा है। बता दें कि इससे पहले 10 साल की अवधि वाले मल्टीपल एंट्री वीजा को कनाडाई सरकार ने बंद कर दिया है और ज्यादातर मामलों में सिंगल एंट्री वीजा जारी किए जा रहे हैं। इतना ही नहीं, अंतरराष्ट्रीय छात्रों को दिए जाने वाले वीजा की संख्या भी घटाकर 4 लाख 37 हजार कर दी गई है।

  • Punjab News : पुलिसकर्मी के साथ कार सवार युवकों ने किया दुर्व्यवहार, तोड़ा गाड़ी का शीशा, लगे आरोप

    Punjab News : पुलिसकर्मी के साथ कार सवार युवकों ने किया दुर्व्यवहार, तोड़ा गाड़ी का शीशा, लगे आरोप

    जगराओं : बरनाला-जालंधर हाईवे पर उस समय हंगामा हो गया, जब नहर पुल अखाड़ा पर ट्रैफिक जाम लग गया। सूचना मिलने पर जब पुलिस अधिकारी ट्रैफिक शुरू कराने के लिए मौके पर पहुंचा तो ट्रैफिक में फंसे कार सवार दो लोगों ने पुलिस अधिकारी के साथ ही बहसबाजी करते हुए वर्दी पर हाथ डाल दिया। इतना ही नहीं पुलिस विभाग को लेकर गाली गलौज करते हुए पुलिस अधिकारी की कार का शीशा तक तोड़ दिया। आरोपियों की पहचान जसवीर सिंह निवासी किल्ली चाहला और गुरप्रीत सिंह निवासी किल्ली चाहला मोगा के तौर पर हुई है।

    थाना सिटी के एएसआई बलविंदर सिंह ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली कि बरनाला- जालंधर हाईवे पर नहर पुल अखाडा के पास ट्रैफिक जाम लगने से वाहनों की लंबी लाइन लग गई है, जिस कारण आमजन को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस सूचना के बाद थाना सिटी से पुलिस कर्मी राजदीप सिंह को ट्रैफिक खुलवाने के लिए भेजा गया। इस दौरान उन्होंने ट्रैफिक खुलवाने के लिए अपनी कार को नहर की पटरी पर खाली जगह पर गाडी खड़ी करनी चाही तो वहां मौजूद वरीजा गाड़ी सवार दो लोगों ने पुलिसकर्मी के पास आकर बहसबाजी करते हुए गाली गलौज करनी शुरू कर दी।

    इतना ही नहीं आरोपियों ने पुलिस कर्मी को गाड़ी से नीचे उतरने तक नहीं दिया और वर्दी पर हाथ डाल कर खीचातानी करने लगे। जैसे-तैसे कर पुलिस कर्मी ने अपनी वर्दी छुड़वाई तो आरोपियों ने सड़क से पत्थर उठाकर उसकी कार का शीशा तोड़ दिया। पुलिस कर्मचारी ने आरोपियों को काफी समझाने की कोशिश की लेकिन आरोपी समझने की जगह पुलिस को गालियां देते रहे। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना सिटी में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश कर आगे की पूछताछ शुरू कर दी है।

  • Australia को हराकर India ने रचा इतिहास, तोड़ा 47 साल पुराना रिकॉर्ड

    Australia को हराकर India ने रचा इतिहास, तोड़ा 47 साल पुराना रिकॉर्ड

    पर्थ : भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच यहां ऑप्टस स्टेडियम में खेले जा रहे बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के पहले टेस्ट में भारत ने जीत के साथ 47 साल पुराना रिकार्ड तोड़ दिया। भारत ने मेजबान ऑस्ट्रेलिया को धूल चटाते हुए 295 रनों से शानदार जीत दर्ज की। ऑस्ट्रेलिया की पर्थ के ऑप्टस स्टेडियम में यह पहली हार है। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया ने यहां खेले गए सभी टेस्ट मैचों में जीत दर्ज की थी। मैच जीतने के लिए ऑस्ट्रेलिया को दूसरी पारी में 534 रनों की दरकार थी। लेकिन, भारतीय गेंदबाजों ने घातक गेंदबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया की दूसरी पारी 238 के स्कोर पर समेटकर अपनी टीम को 295 रनों से ऐतिहासिक जीत दिला दी। इस जीत के साथ ही भारत ने 5 मैचों की टेस्ट सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है।

    पर्थ टेस्ट में पहली पारी में शानदार गेंदबाजी करने के बाद दूसरी पारी में भी भारतीय गेंदबाजों ने निराश नहीं किया। उन्होंने दूसरी पारी में ऑस्ट्रेलिया के 6 खिलाड़ियों को दहाई का भी आंकड़ा पार नहीं करने दिया। दूसरी पारी में ट्रेविस हेड (89) ऑस्ट्रेलिया के टॉप स्कोरर रहे। वहीं, भारत की ओर से कप्तान जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज ने 3-3 विकेट झटके। बुमराह ने पर्थ टेस्ट में कुल मिलाकर 8 विकेट अपने नाम किए। नियमित कप्तान रोहित शर्मा की गैरमौजूदगी में तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की अगुवाई वाली भारतीय क्रिकेट टीम ने पर्थ में इतिहास रचा है। भारत ने मेजबानों को चौंकाते हुए 295 रनों से शानदार जीत दर्ज की। भारतीय टीम खेल के हर विभाग में ऑस्ट्रेलिया पर इक्कीस साबित हुई और 4 दिन में ही ऑस्ट्रेलिया के अभेद किले पर अपना परचम बुलंद कर दिया। इस जीत के साथ ही भारत ने कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए।

    पर्थ टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया को 295 रनों से हराकर भारत ने ऑस्ट्रेलिया में अपनी सबसे बड़ी जीत दर्ज की। इससे पहले भारत को ऑस्ट्रेलिया में सबसे बड़ी जीत 30 दिसंबर, 1977 को मेलबर्न में मिली थी, जब उन्होंने ऑस्ट्रेलिया को 222 रनों से हराया था। एक और बड़ी जीत 26 दिसंबर, 2018 को मेलबर्न में ही मिली थी, जहां भारत ने 137 रनों से जीत दर्ज की थी। पर्थ टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया को हराकर भारत ने टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपनी दूसरी सबसे बड़ी जीत दर्ज की। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ रनों के लिहाज से सबसे बड़ी जीत भारत को 2008 में मोहाली में मिली थी, जहां भारत ने ऑस्ट्रेलिया को 320 रनों से हराया था। एक और बड़ी जीत 1977 में मेलबर्न में मिली थी, जहां भारत ने 222 रनों से जीत दर्ज की थी।