Blog

  • आज का राशिफल, 5 जुलाई 2026

    आज का राशिफल, 5 जुलाई 2026

    आज 5 जुलाई दिन रविवार को चंद्रमा का गोचर कुंभ राशि में होगा। इस गोचर में चंद्रमा शतभिषा नक्षत्र से संचार करेंगे। साथ ही आज कर्क राशि में चल रहे बुध अस्त हो रहे हैं। साथ ही आज मंगलदेव वृषभ राशि में रोहिणी नक्षत्र से संचार करेंगे जिससे उन्नति और सफलता का संयोग बनेगा। इसका लाभ विशेष रूप से मेष और मिथुन राशि वालों को मिलेगा।

    मेष राशि : मेष राशि वालों के लिए आज का दिन लाभ और धन के मामले में महत्वपूर्ण है। नेटवर्किंग में आज एक ऐसी गहरी एनर्जी है जो दिखावे से नहीं चलती, सच्चाई से चलती है। कोई पुराना और अनोखा तरीका आज फायदा दिला सकता है। आज अपने मन की बात सुनें, लाभ मिल सकता है। घर में आज एक नई और उन्नति वाली एनर्जी है जो पहले नहीं थी, कुछ नया शुरू करने का मन बनेगा। बातचीत में रचनात्मकता और प्रेम का एक आत्मविश्वास भरा रंग है। पूरी शिद्दत से अपनी बात कहें। हालांकि, बुधदेव के वक्री अवस्था में होने के चलते नया कॉन्ट्रैक्ट न करें। यदि बहुत जरूरी हो, तो उसे अच्छी तरह से पढ़ जरूर लें।

    वृष राशि: वृष राशि वालों के लिए आज का दिन व्यक्तित्व और बातचीत के लिहाज से खास है। आज एक ऐसी एनर्जी है जो विकास, सुंदरता, और प्रचुरता की बात करती है, खुद को संवारने या कुछ नया शुरू करने का यह सही वक्त है। बातचीत में एक गहरी सोच है, जो कहेंगे वो समझ-बूझकर कहें, तो असर ज्यादा होगा। घर में एक नई गरिमा भरी एनर्जी का रंग है, परिवार के साथ कुछ खास पल बिताएं। हालांकि बुधदेव के वक्री होने की वजह दस्तावेजों पर साइन करने से पहले उसे अच्छी तरह से रिव्यू कर लें।

    मिथुन राशि: मिथुन राशि वालों के लिए आज का दिन भाग्य और बातचीत के मामले में महत्वपूर्ण है। किस्मत में आज एक ऐसी गहरी एनर्जी है, जो धीरे-धीरे लेकिन पक्के तौर पर रास्ता दिखाती है। आज के दिन आप जिस चीज के बारे में सोच रहे होंगे, उसे दिमाग से एक मिनट के लिए भी निकाल नहीं पाएंगे। संभव है कि थोड़ी मेहनत करने पर भाग्य से वह आपको मिल भी जाए। बातचीत में आत्मविश्वास है, अपनी बात बेझिझक रखें। लग्नेश का असर अभी थोड़ा धीमा है इसलिए धन के मामले में सब्र रखें, जल्दी का काम बिगाड़ देगा। पैसों में एक नई उन्नति वाली एनर्जी है, कुछ नया शुरू होने वाला है।

    कर्क राशि: कर्क राशि वालों के लिए आज का दिन व्यक्तित्व के लिहाज से असरदार है। व्यक्तित्व में आज एक ऐसी प्रैक्टिकल और समझदार दिव्य एनर्जी है जो लोगों को प्रभावित करेगी। कोर्ट-कचहरी के मामले में जीत मिल सकती है। परिवार में एक खास गर्माहट है, घर के किसी सदस्य के साथ गर्व का कोई पल आ सकता है। लाभ में एक नई उन्नति वाली एनर्जी है। एकांत में आज हीलिंग और गहरी सोच का माहौल है, लिहाजा थोड़ा वक्त खुद के लिए जरूर निकालें। हालांकि, बातचीत में अभी पूरी तरह सोचकर बोलें, कुछ अधूरापन अभी बाकी है।

    सिंह राशि: सिंह राशि वालों के लिए आज का दिन व्यक्तित्व के लिहाज से बेहद खास है। व्यक्तित्व में एक ऐसी गरिमामय और आत्मविश्वास भरी गर्माहट है जो हर तरफ नजर आएगी। हालांकि, आप चीजों को लेकर बहुत चूजी हो सकते हैं। करियर में उन्नति और संपन्नता वाली एनर्जी है, आज जो भी कोशिश करेंगे उसमें भौतिक सफलता दिखेगी। गुप्त मामलों में एक दिव्य साथ है जो धीरे-धीरे फल दे रहा है। साझेदारी में हीलिंग और गहरी समझ वाला माहौल है, पार्टनर की बात ध्यान से सुनें। हालांकि, इस गरिमा भरी एनर्जी में अहंकार न आने दें, थोड़ी नम्रता रिश्तों को मजबूत करेगी।

    कन्या राशि: कन्या राशि वालों के लिए आज का दिन लाभ और करियर के मामले में अनुकूल है। लाभ में एक ऐसा प्रैक्टिकल और समझदार दिव्य साथ है, जो धीरे-धीरे लेकिन पक्के तौर पर फल देगी। घर में एक नई उन्नति और संपन्नता वाली एनर्जी है, घर से जुड़ा कोई काम आज शुरू करें। करियर में अधिकार जमाने की भूमिका में रहेंगे। साझेदारी में शनिदेव आज दबाव बना सकते हैं। एकांत में शुक्रदेव का गरिमामय साथ है, लिहाजा थोड़ा वक्त खुद को भी दें। हालांकि, कोई नई नेटवर्किंग योजना में पैसा आज मत लगाएं। दोस्तों के साथ संभलकर बोलें।

    तुला राशि: तुला राशि वालों के लिए आज का दिन लाभ के लिहाज से बेहद शुभ है। लग्नेश आज एक ऐसी गरिमामय एनर्जी में हैं, जो लाभ में एक खास और गर्व भरा मौका ला सकती है। आप की पसंद आप बेहद खास होगी। करियर में प्रैक्टिकल दिव्य साथ जारी है, धीरे-धीरे आगे बढ़ें। बातचीत में आज हीलिंग और गहरी सोच का माहौल है, ध्यान से सुनें तो कुछ जरूरी मिलेगा। साथियों की बिना किसी उम्मीद के मदद करें। शनिदेव प्रतिस्पर्धा में बढ़त दे रहे हैं। शत्रु पक्ष पर आप हावी रहेंगे। हालांकि, करियर में नया बड़ा कदम आज उठाने से पहले उसके विषय में अच्छी तरह सोच विचार करें।

    वृश्चिक राशि: वृश्चिक राशि वालों के लिए आज का दिन घर के मामले में महत्वपूर्ण है। लग्नेश की एनर्जी आज घर में एक नई उन्नति और भौतिक संपन्नता लेकर आई है, घर से जुड़ा कोई काम आज शुरू करें तो लाभ जरूर मिलेगा। आज घर में ऊर्जा बहुत है, लिहाजा इसका सही तरीके इस्तेमाल करें, वर्ना झगड़े भी हो सकते हैं। भाग्य में प्रैक्टिकल दिव्य साथ धीरे-धीरे फल दे रहा है। करियर में एक गरिमामय चमक है। ऑफिस में आप शाही तरीके से व्यवहार करेंगे। साझेदारी में लग्नेश का साथ जारी है। हालांकि, भाग्य से जुड़े मामलों में अभी जल्दबाजी मत करें।

    धनु राशि: धनु राशि वालों के लिए आज का दिन पैसे कमाने के लिहाज से अनुकूल है। पैसों में एक नई उन्नति और भौतिक संपन्नता वाली एनर्जी है, इस्तेमाल करें। आज अच्छी कमाई हो सकती है। आप लंबे समय में धन लाभ के लिए आज कोई नई शुरुआत भी कर सकते हैं। छुपे मामलों में लग्नेश की प्रैक्टिकल दिव्य कृपा जारी है, धीरे-धीरे रास्ता निकल रहा है। भाग्य का साथ मिलने से रुके हुए काम बनेंगे। सेहत में लग्नेश का साथ है। हालांकि, बुधदेव के वक्री अवस्था में होने के चलते कोई नया वित्तीय समझौता आज मत करें, थोड़ा और इंतजार करें।

    मकर राशि: मकर राशि वालों के लिए आज का दिन साझेदारी और एकांत दोनों के मामले में खास है। साझेदारी में एक ऐसी गरिमामय एनर्जी है जो रिश्ते में गर्व का एक खास पल ला सकती है। पार्टनर के साथ कुछ खास करें या कहें। परिवार के साथ रिश्तों में जोश बना रहने से मन प्रसन्न रहेगा। अचानक धन लाभ हो सकता है। एकांत में हीलिंग और गहरी सोच का माहौल है, थोड़ा वक्त खुद को दें। कुछ छिपे हुए बदलाव आ सकते हैं। लग्नेश की मेहनत रंग ला रही है। हालांकि, बुधदेव के वक्री अवस्था में होने के चलते साझेदारी में कोई नया बड़ा वादा आज मत करें।

    कुंभ राशि: कुंभ राशि वालों के लिए आज का दिन व्यक्तित्व और सेहत दोनों के लिहाज से असरदार है। मन में आज एक ऐसी गहरी एनर्जी है, जो बाहर की दुनिया से जोड़ती है। थोड़ा वक्त खुद के साथ बिताएं, सेहत के बारे में जो भी महसूस हो उसे सुनें। साझेदारी में गरिमामय साथ मिलेगा। पार्टनर के साथ किसी अच्छी जगर पर घूमने के लिए जाएं। सेहत में लग्नेश की प्रैक्टिकल दिव्य कृपा जारी है, पुरानी तकलीफ हो तो उसे दूर करने के लिए आज कदम उठाएं। हालांकि, सेहत में कोई नई दवाई से पहले डॉक्टर से जरूर पूछें।

    मीन राशि: मीन राशि वालों के लिए आज का दिन रचनात्मकता और प्रेम दोनों के लिहाज से बेहद शुभ है। लग्नेश की समझदार दिव्य कृपा रचनात्मकता और प्रेम दोनों में जारी है। आज जो भी रचनात्मक काम करेंगे उसमें एक खास गहराई होगी। बच्चों से प्रेम मिलेगा। आज किसी धार्मिक स्थान पर यात्रा का योग बन सकता है। करियर में गहरी सोच का जादू साफ दिखेगा। सेहत और प्रतिस्पर्धा में आप आगे रहेंगे। इसलिए प्रेम में कोई बड़ा फैसला आज मत लें, थोड़ा और इंतजार करें। रिलेशनशिप को थोड़ा और वक्त दें। आज लंबे समय के लिए एक्शन प्लान बना सकते हैं।

  • PM नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के विकास को पिछले 12 सालों में मिली गति : CM नायब सिंह सैनी

    PM नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के विकास को पिछले 12 सालों में मिली गति : CM नायब सिंह सैनी

    चंडीगढ़ : मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने पिछले 12 सालों में गति के साथ विकास किया गया है, आज प्रदेश भी डबल इंजन की सरकार के नेतृत्व में विकास के नये आयाम छू रहा है। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान जनता से किए गए 217 संकल्प  में से 66 वायदों को पूरा कर लिया गया है और 151 वायदों पर तेज गति से काम चल रहा है।

    मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शनिवार को कुरुक्षेत्र के लाडवा विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों में आमजन से रूबरू हो रहे थे। इस दौरान अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि कांग्रेस की शुरू से ही झूठ बोलने की नीति रही, कांग्रेस ने जनता से सिर्फ वायदे किए और सत्ता पाने के बाद उन पर काम नहीं किया, हालात यह रहे कि जनता ने उन्हें निकाय चुनाव में भी नकार दिया।

    लाडवा विधानसभा के गांव खेड़ी दाबदलान,  घडौली गांव मेंं आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गांव खेडी दाबदलान में विकास कार्यो के लिए 21 लाख रुपए तथा पेयजल के लिए नया टयूबवैल लगाने के लिए 21 लाख रुपए,गांव घडौली में पानी की निकासी के लिए 21 लाख रुपए और गांव के विकास के लिए 21 लाख रुपए देने की घोषणा की है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने सरपंचों द्वारा अपने—अपने गांव के विकास योजनाओं के संबंध में रखी गई मांगों को भी पूरा करने का आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ग्रामीण इलाकों का भी शहरों की तर्ज पर विकास कर रही है, विकास के मामलों में कोई भी कसर नहीं छोड़ी जाएगी।

    अपने संबोधन में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि सरकार बनने के बाद सबसे पहले किडनी के मरीजों की पूरे प्रदेश के सरकारी अस्पताल में डायलसिस सुविधा को नि:शुल्क किया जायेगा। इसी तरह किसानों की सभी फसलों को एमएसपी पर खरीदा जा रहा है।

    उन्होंने कहा कि सरकार ने अपने वायदे को पूरा करते हुए जरूतमंद महिलाओं को 500 रुपए में गैस का सिलेंडर मुहैया करवाया जा रहा है। इसके तहत प्रदेश सरकार द्वारा 300 करोड़ रुपए से अधिक की सब्सिडी महिलाओं के खाते में भी भेजी जा चुकी है।

    मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रदेश सरकार ने महिलाओं को प्रति महीने 2100 रुपए देने के वायदे को पूरा करते हुए पहले बजट में 5 करोड़ रुपए का प्रावधान किया। दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना को लागू कर महिलाओं के खातों में अब तक 1650 करोड़ रुपए पहुंचाए है। इस योजना का विस्तार करते हुए 80 प्रतिशत से अधिक अंक लेने वाले बच्चों की माताओं को योजना से जोड़ा है।

    सुपर 100 के 277 बच्चों को देश के टॉप संस्थानों में मिला दाखिला
    मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रदेश के 103 स्कूलों में मिशन बुनियाद कार्यक्रम चल रहा है। जिन्हें आगे चलकर सुपर 100 कार्यक्रम के लिए चुना जाता है। इस वर्ष सुपर 100 के 270 बच्चों ने देश के टॉप आईआईटी, एनआईटी सहित अन्य संस्थानों में दाखिला मिला है। मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों से अपने बच्चों को सरकारी स्कूलों में पढ़ाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि सरकार सरकारी स्कूलों में हर प्रकार की सुविधा मुहैया करवा रही है।

    मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत प्रदेश के 60 हजार परिवारों को सोलर पैनल का लाभ दिया है। जिस परिवार की इनकम एक लाख 80 हजार रुपये से कम है। वह संबंधित विभाग के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। इस योजना के तहत केंद्र और प्रदेश सरकार मिलकर गरीब परिवारो को मुफ्त में 2 किलो वाट का सोलर पैनल उपलब्ध करवा रही है। कार्यक्रम के दौरान सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के उद्देश्य को लेकर सरकारी विभागों ने स्कीमों से जुड़ी स्टाल भी लगाई थी। जिनका ग्रामीणों ने लाभ उठाया।

    इस मौके पर पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा, उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा, पुलिस अधीक्षक चंद्र मोहन, चेयरमैन सुभाष कलसाना, चेयरमैन रविंद्र सांगवान, चेयरमैन डॉ गणेश दत्त, जिप चेयरपर्सन कंवलजीत कौर सहित अन्य गणमान्य मौजूद रहे।

  • नंगलखुर्द स्कूल में पुलिस का नशा विरोधी अभियान, विद्यार्थियों को दिलाई ‘एंटी चिट्टा’ शपथ

    नंगलखुर्द स्कूल में पुलिस का नशा विरोधी अभियान, विद्यार्थियों को दिलाई ‘एंटी चिट्टा’ शपथ

    ऊना, सुशील पंडित: जिला पुलिस ऊना द्वारा चलाए जा रहे “एंटी चिट्टा अभियान” के तहत शनिवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नंगलखुर्द में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार भाटिया ने विद्यार्थियों और शिक्षकों को चिट्टा (हेरोइन) सहित अन्य मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले गंभीर दुष्परिणामों और उनसे बचाव के उपायों की जानकारी दी।
    अपने संबोधन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने विद्यार्थियों को NDPS Act के कानूनी प्रावधानों से अवगत कराते हुए बताया कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित करता है, बल्कि परिवार और समाज के भविष्य के लिए भी गंभीर खतरा है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल और सकारात्मक गतिविधियों को अपनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान सड़क सुरक्षा, यातायात नियमों के पालन, साइबर अपराधों से बचाव और डिजिटल प्लेटफॉर्म के सुरक्षित उपयोग के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को जिम्मेदार नागरिक बनने और समाज में जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया गया।
    अंत में सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों और उपस्थित लोगों को “एंटी चिट्टा शपथ” दिलाई गई तथा समाज को नशामुक्त बनाने के लिए सक्रिय भागीदारी का संकल्प कराया गया। जिला पुलिस ऊना ने कहा कि “नशा मुक्त ऊना” के लक्ष्य को साकार करने के लिए एंटी चिट्टा अभियान के तहत जागरूकता और प्रवर्तन की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि मादक पदार्थों या प्रतिबंधित दवाओं की अवैध बिक्री एवं तस्करी की सूचना तत्काल पुलिस को देकर इस जन-अभियान में सहयोग करें।
     
  • प्रदेश सरकार हिमाचल को प्राकृतिक खेती में देश का अग्रणी राज्य बनाने के लिए प्रतिबद्धः मुख्यमंत्री

    प्रदेश सरकार हिमाचल को प्राकृतिक खेती में देश का अग्रणी राज्य बनाने के लिए प्रतिबद्धः मुख्यमंत्री

     शिमला : मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार हिमाचल प्रदेश को देश का अग्रणी प्राकृतिक खेती राज्य बनाने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। मुख्यमंत्री ने आज यहां कृषि विभाग की बैठक की अध्यक्षता करते हुए अधिकारियों को इस दिशा में पूर्ण दक्षता व लगन से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार विभाग को कृषि प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित करने के लिए हर संभव सहयोग प्रदान करेगी। उन्होंने प्राकृतिक खेती से तैयार किए गए उत्पादों को बाजार उपलब्ध करवाने के लिए कृषि विभाग में अलग मार्केटिंग विंग स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने इन उत्पादों की डिजिटल मार्केटिंग प्लेटफॉर्म पर बिक्री की संभावनाएं तलाशने को भी कहा।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान में प्रदेश के 2,56,870 किसान 44,784.73 हेक्टेयर भूमि पर प्राकृतिक खेती कर रहे हैं। प्रदेश सरकार की नई पहलों के बाद प्राकृतिक खेती अपनाने वाले किसानों की संख्या लगातार बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि जो किसान खेती छोड़ चुके थे, वे भी अब दोबारा खेती की ओर लौट रहे हैं और प्राकृतिक खेती में रुचि दिखा रहे हैं। सुक्खू ने कहा कि हिमाचल प्रदेश देश का पहला राज्य है जिसने प्राकृतिक खेती से तैयार की गई फसलों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य प्रदान किया है। राज्य सरकार ने प्राकृतिक खेती से तैयार की गई फसलों की एमएसपी में भी उल्लेखनीय वृद्धि की है। अब प्राकृतिक खेती से तैयार किए गए गेहूं की खरीद 80 रुपये प्रति किलोग्राम, मक्की 50 रुपये प्रति किलोग्राम, कच्ची हल्दी 150 रुपये प्रति किलोग्राम, पांगी घाटी की जौ 80 रुपये प्रति किलोग्राम तथा अदरक 30 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से की जा रही है। ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा दूध पर न्यूनतम समर्थन मूल्य लागू करने के बाद प्रदेश में दूध उत्पादन तथा सहकारी डेयरी प्रणाली से जुड़ने वाले किसानों की संख्या में निरंतर वृद्धि हुई है। सरकार ने गाय के दूध का एमएसपी 32 रुपये से बढ़ाकर 61 रुपये प्रति लीटर तथा भैंस के दूध का एमएसपी 47 रुपये से बढ़ाकर 71 रुपये प्रति लीटर कर दिया है। उन्होंने कहा कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य छोटे और सीमांत डेयरी किसानों के अलावा अधिक से अधिक किसानों को इस योजना का लाभ सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने पिछले साढ़े तीन वर्षों में प्रदेश के दूध उत्पादकों को 300 करोड़ रुपये का भुगतान किया है। मुख्यमंत्री ने कृषि विभाग को कांगड़ा जिले के बड़ा भंगाल क्षेत्र को प्राकृतिक खेती पंचायत घोषित करने की सभी औपचारिकताएं शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने बड़ा भंगाल क्षेत्र में उगाई जाने वाली राजमाह के लिए भौगोलिक संकेतक (जीआई) टैग प्राप्त करने की प्रक्रिया शुरू करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए धन की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। कृषि मंत्री प्रो. चन्द्र कुमार, सचिव कृषि सी. पॉलरासु, मुख्यमंत्री के सचिव आशीष सिंहमार, हिमाचल प्रदेश राज्य कृषि विपणन बोर्ड के प्रबंध निदेशक राम कुमार गौतम तथा कृषि विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी बैठक में उपस्थित थे। .0.    
  • Punjab News: रिटायर्ड फौजी के घर में चोरी, वारदात को अंजाम देकर घर में लगाई आग, देखें वीडियो

    Punjab News: रिटायर्ड फौजी के घर में चोरी, वारदात को अंजाम देकर घर में लगाई आग, देखें वीडियो

    फिरोजपुरः जिले के मल्लांवाला थाना क्षेत्र के गांव चूचक विंड में एक रिटायर्ड आर्मी कप्तान के घर में चोरी करने के बाद आरोपियों ने आग लगा दी। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

    <iframe src=”https://www.facebook.com/plugins/video.php?height=314&href=https%3A%2F%2Fwww.facebook.com%2Freel%2F2184093888824993%2F&show_text=false&width=560&t=0″ width=”560″ height=”314″ style=”border:none;overflow:hidden” scrolling=”no” frameborder=”0″ allowfullscreen=”true” allow=”autoplay; clipboard-write; encrypted-media; picture-in-picture; web-share” allowFullScreen=”true”></iframe>

    घटना बारे बताया जा रहा है कि आग इतनी ज़बरदस्त थी कि लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया और एक कमरे की छत भी गिर गई। घटना की तस्वीरें CCTV कैमरों में कैद हो गई हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपी की पहचान कर उसे जल्द ही गिरफ़्तार करने का दावा किया है।

    आग लगने से घर का सामान, नकदी, सोने के गहने और ज़रूरी कागज़ात जलकर राख हो गए, साथ ही एक कमरे की छत भी गिर गई। घर के मालिक जगतार सिंह ने बताया कि वह अपने परिवार के साथ एक रिश्तेदार के घर गए थे। जब वे सुबह लौटे, तो उन्होंने घर में तबाही का मंज़र देखा। CCTV फ़ुटेज में एक संदिग्ध युवक घर में घुसते और भागने से पहले बरामदे में आग लगाते हुए दिखाई दे रहा है।

    सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। जिसके सबूत इकट्ठा किए और जांच शुरू की। पुलिस का कहना है कि संदिग्ध की पहचान की जा रही है और उसे जल्द ही गिरफ़्तार कर लिया जाएगा।

     

  • Jalandhar News: Rajindra Furniture House पर हुआ जमकर हंगामा, देखें वीडियो

    Jalandhar News: Rajindra Furniture House पर हुआ जमकर हंगामा, देखें वीडियो

    सेतिया बिल्डर ने 12.5 लाख रूपये ठगी के लगाये आरोप

    जालंधरः महानगर में स्थित राजिंद्रा फर्नीचर हाउस के बाहर उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया, जब सेतिया बिल्डर और उसके साथियों ने कथित बकाया राशि को लेकर हंगामा किया। बिल्डर का आरोप है कि फर्नीचर हाउस के मालिक ने उनके 12.5 लाख रुपये नहीं दिए हैं। हंगामे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए और बाद में पुलिस भी पहुंच गई। जिसके बाद किसी तरह हंगामे को शांत कराया गया।

    ठेकेदार करन सेतिया ने बताया कि उन्हें अबादपुरा इलाके में एक पीजी बनाने का ठेका दिया गया था। उनके अनुसार, पूरे प्रोजेक्ट की कीमत 35 लाख रुपये तय हुई थी। उन्होंने समय पर निर्माण कार्य पूरा कर दिया, लेकिन काम खत्म होने के बाद भी उन्हें पूरी भुगतान राशि नहीं मिली।

    करन सेतिया का कहना है कि उनके 12.5 लाख रुपये अभी भी बकाया हैं। उन्होंने कई बार फोन और अन्य माध्यमों से पैसे मांगने की कोशिश की, लेकिन हर बार उन्हें टाल दिया गया। उन्होंने इस मामले की शिकायत पुलिस में भी दी थी, लेकिन इसके बावजूद उन्हें भुगतान नहीं मिला। इसी कारण वे अपने साथियों के साथ फर्नीचर हाउस के बाहर पहुंचे और प्रदर्शन किया। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि उनके बकाया पैसे जल्द दिलाए जाएं।

    फर्नीचर हाउस मालिक ने आरोपों को बताया गलत
    वहीं, राजिंद्रा फर्नीचर हाउस के मालिक राजिंदर पावा ने बिल्डर के आरोपों को पूरी तरह गलत बताया है। उन्होंने कहा कि पीजी निर्माण को लेकर दोनों पक्षों के बीच एक लिखित एग्रीमेंट हुआ था और समझौते के अनुसार सभी भुगतान कर दिए गए हैं।

    राजिंदर पावा का कहना है कि उन पर लगाए जा रहे आरोप बेबुनियाद हैं। उन्होंने कहा कि फर्नीचर हाउस के बाहर हुए हंगामे से उनकी छवि को नुकसान पहुंचा है और इस मामले में वह कानूनी कार्रवाई करेंगे। हालांकि पावा ने कहा कि वे कानून का सम्मान करते हैं। अगर विपक्षी पार्टी को कोई समस्या है, तो वे सीधे कोर्ट का दरवाजा खटखटाएं या पुलिस अधिकारियों के सामने बैठकर बात करें, वे हर कानूनी जांच और फैसले के लिए पूरी तरह तैयार हैं।

    मौके पर पहुंची पुलिस
    हंगामे की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों से बातचीत कर मामले की जानकारी जुटाई। फिलहाल पुलिस पूरे विवाद की जांच कर रही है और दोनों पक्षों के दावों की पड़ताल की जा रही है।

  • ऊना में अनुसूचित जाति कल्याण योजनाओं के प्रचार के लिए 6 जुलाई से विशेष जागरूकता अभियान

    ऊना में अनुसूचित जाति कल्याण योजनाओं के प्रचार के लिए 6 जुलाई से विशेष जागरूकता अभियान

    ऊना, सुशील पंडितः हिमाचल सरकार की अनुसूचित जाति कल्याण योजनाओं को लेकर प्रदेशव्यापी प्रचार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में ऊना जिले में यह विशेष अभियान 6 जुलाई से शुरू होगा। अभियान के तहत सूचना एवं जनसंपर्क विभाग से जुडे़ नाट्य दल गीत-संगीत और नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से लोगों को सरकारी कल्याणकारी योजनाओं और उनके लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया की जानकारी देंगे। इसका उद्देश्य योजनाओं की जानकारी सीधे लोगों तक पहुंचाना और सामाजिक जागरूकता बढ़ाना है।

    सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के निदेशक राजीव कुमार ने बताया कि ऊना जिले में यह अभियान दो चरणों में आयोजित किया जाएगा। जिले के 20 अनुसूचित जाति बहुल्य गांवों में कार्यक्रम होंगे, जिसमें प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 4-4 कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान में नशामुक्ति और सामाजिक जागरूकता पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।

    प्रथम चरण में यहां होंगे कार्यक्रम
    प्रथम चरण में आरके कलामंच चिंतपूर्णी द्वारा 6 से 10 जुलाई तक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें गीत संगीत और नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से अनुसूचित जाति के कल्याण की सरकारी नीतियों, कार्यक्रमों और विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं का प्रचार किया जाएगा। 6 जुलाई को अंब के घंघरेट और बामबनसेरा गांव, 7 को गुरेट और भरवां उर्फ कंगरूही, 8 को गगरेट के डंगोह खास और गोंदपुर बनेहड़ा अप्पर, 9 को कैलाश नगर और गगरेट अप्पर तथा 10 जुलाई को बंगाणा के मोउखास और सकोहान में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित होंगे।

    दूसरे फेज में यहां होंगे जागरूकता कार्यक्रम
    वहीं, दूसरे चरण में पूर्वी कलामंच जलग्रां टब्बा द्वारा 14 से 18 जुलाई तक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसमें 14 जुलाई को हरोली के जोड़ियां और जननी, 15 को हरोली के जंगल पंजावर और भदसाली थोलियां, 16 को ऊना के बटूही और लमलेहड़ी अप्परली, 17 को ऊना के जखेड़ा और बहडाला लोअर तथा 18 जुलाई को परोइयां कलां और पनसाई में गीत संगीत व नुकड़ नाटकों के माध्यम से लोगों को मनोरंजन के साथ जनहित में संचालित योजनाओं बारे जानकारी दी जाएगी।

     

  • पंजाब सरकार ने दूध में मिलावट रोकने के लिए शुरू किया ‘शुद्ध दूध’ अभियान

    पंजाब सरकार ने दूध में मिलावट रोकने के लिए शुरू किया ‘शुद्ध दूध’ अभियान

    चंडीगढ़ : मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार ने ‘शुद्ध दूध, तंदुरुस्त पंजाब’ अभियान के तहत दूध में मिलावट पर रोक लगाने तथा दूध की गुणवत्ता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से समर्पित टोल-फ्री हेल्पलाइन 1800-180-2202 शुरू की है तथा एक नोडल अधिकारी भी नियुक्त किया है। इस अभियान संबंधी जानकारी देते हुए पंजाब के पशुपालन, डेयरी विकास एवं मत्स्य पालन मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां ने बताया कि डेयरी विकास विभाग ने 1 अप्रैल, 2026 से अब तक 160 कैंपों में दूध के 6000 नमूनों की जांच की है। उन्होंने बताया कि घर-घर जाकर जांच करने के लिए 4 मोबाइल प्रयोगशाला वैन पहले से कार्यरत हैं तथा 5 और मोबाइल वैन विभाग के बेड़े में शामिल की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि पूरे पंजाब में जिला डिप्टी डायरैक्टर कार्यालयों में प्रतिदिन सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक नियमित रूप से दूध की जांच की जाती है।

    गुरु अंगद देव वेटरनरी एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय, लुधियाना के सहयोग से विभाग ने जिला डेयरी विकास कार्यालयों के लिए दूध में मिलावट की जांच हेतु 5000 पोर्टेबल किटें तथा पशुपालन विभाग के वेटरनरी पॉलीक्लीनिकों एवं जागरूकता कैंपों के लिए 500 किटें खरीदी और वितरित की हैं। इन किटों के माध्यम से फैट, एस.एन.एफ., प्रोटीन के साथ-साथ यूरिया, स्टार्च और हाइड्रोजन पेरॉक्साइड जैसे मिलावटी पदार्थों की मौके पर ही जांच की जा सकती है। इससे अधिकारी और किसान तुरंत दूध की गुणवत्ता का परीक्षण कर सकते हैं। इससे केंद्रीय प्रयोगशालाओं पर निर्भरता कम होगी और मिलावट करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई भी तेज होगी। खुड्डियां ने ज़ोर देकर कहा, “मिलावटी दूध उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के साथ सीधा खिलवाड़ है और इससे डेयरी व्यवसाय से जुड़े किसानों की आय भी प्रभावित होती है। इस समस्या से निपटने के लिए हमने मोबाइल लैब तैनात की हैं, परीक्षण किटें वितरित की हैं और आम जनता से सीधे फीडबैक प्राप्त करने के लिए टोल-फ्री नंबर भी शुरू किया है, ताकि हर स्तर पर गुणवत्ता सुनिश्चित की जा सके।”

    पशुपालन, डेयरी विकास एवं मत्स्य पालन विभाग के प्रमुख सचिव राहुल भंडारी ने कहा कि अब नागरिक सभी जिला डिप्टी डायरेक्टरों के कार्यालयों में दूध के नमूनों की निःशुल्क जांच करवा सकते हैं। अभियान संबंधी किसी भी जानकारी के लिए राज्य नोडल अधिकारी मनदीप सिंह से 98784-41386 तथा 0172-5027285 पर संपर्क किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने उपभोक्ताओं को सुरक्षित एवं शुद्ध दूध के उनके अधिकार के प्रति जागरूक करने तथा दूध में मिलावट पर रोक लगाने के उद्देश्य से पूरे राज्य में बड़े स्तर पर ‘शुद्ध दूध, तंदुरुस्त पंजाब’ अभियान शुरू किया है।

  • स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव द्वारा लेक्चरार पदों की भर्ती के संबंध में एस.सी. आयोग को रिपोर्ट पेश

    स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव द्वारा लेक्चरार पदों की भर्ती के संबंध में एस.सी. आयोग को रिपोर्ट पेश

    चंडीगढ़ : शिक्षा विभाग के भर्ती बोर्ड द्वारा लेक्चरारों के पदों के लिए जारी विज्ञापन में अनुसूचित जाति वर्ग के लिए लागू आरक्षण नीति की अनदेखी करने के मामले में स्कूल शिक्षा विभाग, पंजाब सरकार के सचिव द्वारा पंजाब राज्य अनुसूचित जाति आयोग को रिपोर्ट पेश की गई।

    इस संबंध में जानकारी देते हुए पंजाब राज्य अनुसूचित जाति आयोग के चेयरमैन जसवीर सिंह गढ़ी ने बताया कि यह मामला उनके संज्ञान में आया था, जिस पर कार्रवाई करते हुए आयोग द्वारा स्कूल शिक्षा विभाग, पंजाब के सचिव को 3 जुलाई 2026 को व्यक्तिगत रूप से आयोग के समक्ष पेश होने का आदेश दिया गया था, जिसका अनुपालन करते हुए स्कूल शिक्षा विभाग की सचिव श्रीमती सोनाली गिरि आयोग के समक्ष पेश हुए और उन्होंने इस भर्ती प्रक्रिया के दौरान अनुसूचित जाति से संबंधित उम्मीदवारों के लिए पदों के न होने संबंधी दस्तावेज़ प्रस्तुत किए, जिसके संबंध में आयोग द्वारा 72 घंटों के भीतर इन दस्तावेज़ों का अध्ययन करके उचित आदेश जारी किए जाएंगे।

  • कोतवाली बाजार में अचानक धू-धू कर जली Royal Enfield bike, देखें वीडियो

    कोतवाली बाजार में अचानक धू-धू कर जली Royal Enfield bike, देखें वीडियो

    धर्मशालाः हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला स्थित कोतवाली बाज़ार में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक रॉयल एनफील्ड बाइक में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया और आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।
    लोगों ने बुझाने की कोशिश की, लेकिन नहीं बच सकी बाइक प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग बहुत तेजी से फैली। मौके पर मौजूद लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन लपटें इतनी तेज थीं कि बाइक को बचाया नहीं जा सका। कुछ ही मिनटों में बाइक पूरी तरह जलकर राख हो गई। सूचना मिलते ही पहुंची फायर ब्रिगेड घटना की जानकारी मिलते ही फायर विभाग की टीम मौके पर पहुंची। कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत करते हुए आग पर काबू पाया, जिससे आग आसपास के क्षेत्र में फैलने से रोक ली गई। फायर कर्मियों की तत्परता के कारण बड़ा नुकसान होने से बच गया। सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो इस पूरी घटना का वीडियो वहां मौजूद लोगों ने अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया। अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे लोग बड़ी संख्या में देख और साझा कर रहे हैं। कोई जनहानि नहीं गनीमत रही कि इस हादसे में कोई भी व्यक्ति घायल नहीं हुआ। हालांकि बाइक पूरी तरह नष्ट हो गई, लेकिन समय रहते लोगों के सुरक्षित हट जाने से किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।