Blog
-

Punjab News: मीरी-पीरी दिवस समर्पित खालसा मार्च में शामिल हुए जत्थेदार गड़गज्ज और श्रद्धालु, देखें वीडियो
फिरोजपुरः मीरी पीरी दिवस को समर्पित पंजाब के विभिन्न शहरों में निकाला जा रहा विशाल मार्च आज फिरोजपुर पहुंचा। जहां संगत द्वारा पूरी श्रद्धा से स्वागत किया गया। इस अवसर पर अकाल तख्त साहिब के कार्यकारी जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज्ज भी शामिल हुए। उल्लेखनीय है कि अमृतसर साहिब से शुरू हुए इस खालसा मार्च में बड़ी संख्या में संगत नतमस्तक हो रही हैं। बड़ी संख्या में शामिल संगत के साथ खालसा मार्च को शहर और छावनी के विभिन्न क्षेत्रों में निकाला गया। इस अवसर पर ज्ञानी गड़गज्ज ने कहा कि हमें सिख सिद्धांतों पर चलना चाहिए और सच्चे पातशाह की शरण में ही समाज सुधार के कार्य करने चाहिए।
उन्होंने कहा कि कुछ लोग उनसे मिले जिनके परिवार के सदस्य नशे से ग्रस्त हैं, उन्होंने उनसे भी गुरु के चरणों से जुड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि हमें गुरुओं द्वारा दिखाए गए मार्ग पर चलने की आवश्यकता है ताकि एक अच्छे समाज का निर्माण किया जा सके। वहीं, संगत ने भी अपनी हाजिरी दर्ज कराई और कहा कि हमें अपनी नई पीढ़ी को गुरु से जोड़ने की आवश्यकता है और गुरु साहबानों का संदेश घर-घर पहुंचाना चाहिए ताकि लोग उस पर अमल करके एक अच्छा जीवन व्यतीत कर सकें।
-

Punjab News: गुरुपर्व पर इस दिन श्रद्धालुओं का जत्था होगा पाक रवाना, SGPC ने मांगे आवेदन, देखें वीडियो
अमृतसरः श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर पाकिस्तान स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारों के दर्शन के लिए जाने वाले सिख श्रद्धालुओं के जत्थे की तैयारियां शुरू हो गई हैं। शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) ने यात्रा में शामिल होने के इच्छुक श्रद्धालुओं से 10 अगस्त तक पासपोर्ट व आवश्यक दस्तावेज जमा कराने की अपील की है। श्रद्धालुओं का जत्था 22 नवंबर को अमृतसर से रवाना होगा। एसजीपीसी के सचिव बलदेव सिंह काहलवां ने मीडिया से बातचीत करते हुए बताया कि इस वर्ष भी पंजाब से करीब 1800 श्रद्धालुओं का जत्था पाकिस्तान भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश स्थान श्री ननकाना साहिब में हर साल बड़ी संख्या में संगत प्रकाश पर्व मनाने और माथा टेकने के लिए पहुंचती है।
बलदेव सिंह ने बताया कि यात्रा में शामिल होने के इच्छुक श्रद्धालुओं को पासपोर्ट, पासपोर्ट साइज फोटो और पहचान पत्र की फोटोकॉपी 10 अगस्त तक एसजीपीसी कार्यालय में जमा करानी होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित तिथि के बाद आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा। काहलवां ने कहा कि भारत और पाकिस्तान की संबंधित एजेंसियों द्वारा वीजा प्रक्रिया और सुरक्षा जांच पूरी करने में समय लगता है। प्रत्येक श्रद्धालु का सत्यापन किया जाता है, ताकि किसी आपराधिक या संदिग्ध पृष्ठभूमि वाले व्यक्ति को यात्रा में शामिल होने से रोका जा सके।
श्रद्धालुओं का जत्था 22 नवंबर को अमृतसर से रवाना होगा। 24 नवंबर को श्री ननकाना साहिब में श्री गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाएगा। इसके बाद जत्था पाकिस्तान स्थित अन्य ऐतिहासिक गुरुद्वारों के दर्शन करेगा। यह 10 दिवसीय यात्रा 3 दिसंबर को भारत वापसी के साथ संपन्न होगी। एसजीपीसी ने स्पष्ट किया है कि अकेली महिलाएं भी इस यात्रा में शामिल हो सकती हैं। हालांकि, उन्हें अपने परिवार के सदस्य, सरपंच, नंबरदार या किसी अधिकृत व्यक्ति द्वारा जारी घोषणा पत्र जमा कराना अनिवार्य होगा। एसजीपीसी ने गुरु नानक नाम लेवा संगत से अपील की है कि वे समय रहते अपने दस्तावेज जमा कर इस पावन यात्रा में शामिल होने का अवसर प्राप्त करें।
-

Punjab News: 16 वर्षीय नाबालिग के किडनैप के बाद परिवार पर हुआ हमला, दोनों पक्षों ने लगाए आरोप, देखें वीडियो
अमृतसरः जिले के गांव गिलवाली में हुए खूनी टकराव का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में कुछ लोग एक-दूसरे पर हमला करते नजर आ रहे हैं। इस घटना के बाद दोनों पक्षों ने मीडिया के सामने आकर एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए हैं। वहीं घटना को लेकर पुलिस मामले की जांच कर रही है। एक पक्ष ने दावा किया है कि 21-22 साल के एक युवक ने उनकी 16 साल की नाबालिग स्कूली बेटी को कथित तौर पर अगवा कर लिया था और उसे ब्लैकमेल कर रहा था।
परिवार का कहना है कि पुलिस की मदद से लड़की को बरामद करा लिया गया, लेकिन इसके बाद रंजिश रखते हुए आरोपी पक्ष के लोगों ने उनकी दुकान में घुसकर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। इस हमले में परिवार के कई सदस्य घायल हो गए, जिनका इलाज गुरु नानक देव अस्पताल में चल रहा है। दूसरी ओर, अस्पताल में भर्ती घायल तरसेम सिंह ने बताया कि वह अपने पिता और दिव्यांग चाचा के साथ दुकान पर बैठा था, जब लड़की के मामले को लेकर कहासुनी हुई।
उसके मुताबिक, कुछ ही देर में 10 से 12 लोग कृपाणों और अन्य हथियारों के साथ वहां पहुंचे और उन पर हमला कर दिया। उसने दावा किया कि हमले में उसके पिता की बांह फ्रैक्चर हो गई और दोनों गंभीर रूप से घायल हुए हैं। इस मामले को लेकर सामाजिक और धार्मिक नेताओं ने भी अस्पताल पहुंचकर घायलों से मुलाकात की और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित परिवार ने पुलिस से इंसाफ, आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और अवैध हथियारों की जांच की मांग की है।
-

सुलझा JE का ब्लाइंड मर्डर केस, डॉक्टर से अवैध संबंध बने वजह, 4 गिरफ्तार, देखें वीडियो
कुल्लूः हिमाचल प्रदेश के कुल्लू सब डिवीजन में जल शक्ति विभाग के जई के ब्लाइंड मर्डर केस में 4 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। हालांकि, पुलिस ने गिरफ्तारी को लेकर खुलासा नहीं किया है। कुल्लू के एसपी मदन कौशल ने गिरफ्तारी की पुष्टि की है। बताया जा रहा हैकि पुलिस ने लेडी डॉक्टर, उसके डॉक्टर पति, ससुर और देवर को गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार अवैध संबंधों के शक के चलते जई को मौत के घाट उतारा गया था। जेई को घर बुलाकर उनसे मारपीट की गई। प्रेस कॉन्प्रेंस में एसपी कुल्लू मदन कौशल ने बताया कि लाभ सिंह गुलेरिया हत्याकांड में पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिसमें कुल्लू अस्पताल की महिला डॉक्टर की गिरफ्तारी हुई है।
इसके अलावा, लाहौल में आयुर्वेदिक अस्पताल में आरोपी महिला के आयुर्वेदिक डॉक्टर पति कर्ण सिंह, ससुर विजय और देवर दिनेश को गिरफ्तार किया गया है। एसपी ने महिला डॉक्टर की पहचान जाहिर नहीं की है। एसपी ने बताया कि 24 जुलाई को घायल हाल में जई लाभ सिंह गुलेरिया मिले थे और फिर 26 जुलाई को एम्स बिलासपुर में सुबह उनकी मौत हो गई थी। पुलिस जांच में यह सामने आया कि वारदात के बाद घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर बदलकर सबूत मिटाने की कोशिश की गई। पुलिस अब इस पहलू की भी वैज्ञानिक तरीके से जांच की।
स हत्याकांड में सबसे अहम सुराग महिला डॉक्टर के घर की नौकरानी रही। पुलिस ने उसके बयान कोर्ट में दर्ज करवाए। नौकरानी ने ही पुलिस को मारपीट और उस रात का कहानी बताई। 24 जुलाई की शाम को करीब साढ़े छह बजे जेई लाभ सिंह महिला डॉक्टर के घर गए थे। दोनों के बीच अवैध संबंध थे. पानी की सप्लाई ठीक करने के बहाने ही जई को महिला डॉक्टर ने घर बुलाया था और फिर प्लानिंग के तहत आरोपियों ने घर के कमरे में जेई से मारपीट की और उसे दफ्तर के करीब सड़क किनारे अधमरी हालत में फेंक गए। बता दें कि महिला डॉक्टर कुल्लू के गांधीनगर में रहती है।
-

Jalandhar News: ट्रक और एक्टिवा की टक्कर में मां घायल, बच्ची की मौत, देखें वीडियो
जालंधर, ENS: गोराया के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में ट्रक और एक्टिवा स्कूटर की टक्कर से एक मासूम बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी माँ घायल हो गई। इस संबंध में जानकारी देते हुए सड़क सुरक्षा बल (SSF) के इंचार्ज सरबजीत सिंह ने बताया कि उन्हें एमडीटी डिवाइस के माध्यम से हादसे की सूचना मिली। सूचना मिलते ही एसएसएफ की टीम तुरंत मौके पर पहुंची, जहां एक ट्रक और एक्टिवा स्कूटर के बीच टक्कर हुई थी। उन्होंने बताया कि एक्टिवा स्कूटर पर वंदना पत्नी राजीव अपने बेटे आरुष और बेटी निताशा के साथ गांव पतारा (रामा मंडी) से लुधियाना जा रही थी।
परिवार के अनुसार ट्रक चालक ने स्कूटर को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे स्कूटर अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गया। इस दौरान निताशा पुत्री राजीव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वंदना घायल हो गई। एसएसएफ की टीम ने परिवार को ढांढस बंधाया, पानी पिलाया और तुरंत थाना गोराया पुलिस को सूचित किया। ड्यूटी पर मौजूद अधिकारी मौके पर पहुंचे, जिन्हें ट्रक और उसके चालक को सौंप दिया गया। इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में मृत बच्ची के शव को एम्बुलेंस द्वारा सिविल अस्पताल फिल्लौर भेज दिया गया। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
-

दर्दनाक हादसाः तेज रफ्तार कार का कहर, 10 फीट हवा में उछलकर 40 फीट दूर गिरा नौजवान, मौत, देखें वीडियो
नूंह: हरियाणा के नूंह जिले में तेज रफ्तार कार का कहर देखने को मिला। जहां तावडू सदर थाना क्षेत्र के अंतर्गत नूंह रोड स्थित गांव छारोड़ा बस स्टैंड पर तेज रफ्तार कार अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़े व्यक्ति को 40 फीट दूर गिरा दिया। हादसे में नौजवान की मौत हो गई, जबकि 3 अन्य लोग घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज रफ्तार कार पहले सड़क पर चल रही एक पिकअप, एक मोटरसाइकिल और एक अन्य कार से टकराई। इसके बाद कार ने सड़क किनारे खड़े एक व्यक्ति को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि वह करीब 10 फीट तक हवा में उछलकर लगभग 40 फीट दूर जा गिरा।अनियंत्रित कार इसके बाद सड़क किनारे स्थित एक टाइल शोरूम के परिसर में घुस गई, जिससे वहां खड़े वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए। कार की चपेट में आने से एक नौजवान की मौत हो गई, जबकि 3 अन्य लोग घायल हो गए। हादसे में घायल कपिल (37) पुत्र महेंद्र निवासी बहरामपुर को गंभीर अवस्था में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। बताया गया कि कपिल अपने जीजा प्रदीप के साथ गुरुग्राम के सेक्टर-59 में निर्माणाधीन मकान के लिए टाइल खरीदने छारोड़ा स्थित टाइल शोरूम आया था। हादसे की पूरी घटना शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। सीसीटीवी फुटेज देखकर हर कोई दंग रह गया। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को शहीद हसन खान मेवाती राजकीय मेडिकल कॉलेज, नल्हड़ पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने उपचार के दौरान कपिल को मृत घोषित कर दिया। कपिल मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। उसके परिवार में पत्नी और तीन छोटे बच्चे हैं। उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। सूचना मिलते ही थाना सदर तावडू प्रभारी राजेश कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने, दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारु कराने तथा घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद जांच शुरू कर दी। एसएचओ राजेश कुमार ने बताया कि हादसे में कार चालक को भी मामूली चोटें आई हैं, जिसे प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
-

Punjab News: इस इलाके में चली गोली, पूर्व सूबेदार की मौत
गुरदासपुरः जिले के गांव भंडवां गोली लगने से रिटायर सूबेदार की मौत हो गई। मृतक की पहचान सुरिंदरपाल सिंह के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार सुरिंदरपाल सिंह पिस्तौल साफ़ कर रहे थे, इस दौरान पिस्तौल साफ करते समय गलती से गोली चल गई और गोली लगने से उनकी मौत हो गई।
परिजनों द्वारा घटना की सूचना पुलिस को दी गई। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि परिजनों के बयानों पर बनती कार्रवाई की जा रही है।
-

Punjab News: RTA के नाके पर ट्रक चालक को रोककर रिश्वत लेता व्यक्ति गिरफ्तार
फरीदकोटः पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने प्रदेश में भ्रष्टाचार के खिलाफ जारी अभियान के तहत एक बड़ी कार्रवाई करते हुए जिला फरीदकोट के गांव कोटकपुरा के रहने वाले एक निजी व्यक्ति बाज कुमार को 7,200 रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। विजिलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने बताया कि यह कार्रवाई एक ट्रांसपोर्टर द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर की गई। शिकायतकर्ता ने बताया कि वह पंजाब के विभिन्न जिलों में रेत, बजरी, मिट्टी और पत्थर के ढुलाई का व्यवसाय करता है। शिकायत के अनुसार, पिछले महीने बुघीपुरा चौक पर लगे आरटीए के नाके के दौरान उसके ट्रक को बिना किसी उचित कारण के रोका गया।
इस दौरान बाज कुमार ने खुद को आरटीए का खास व्यक्ति बताते हुए कहा कि यदि वह फिरोजपुर जोन में भविष्य में चालानों से बचना चाहता है तो उसे हर टिप्पर के लिए मासिक रिश्वत देनी होगी। प्रवक्ता के अनुसार, बाज कुमार ने शिकायतकर्ता से व्हाट्सएप के माध्यम से संपर्क कर 1,200 रुपये प्रति वाहन प्रति माह की रिश्वत मांगी। जब शिकायतकर्ता ने राशि कम करने की बात की तो आरोपी ने कथित तौर पर कहा कि आरटीए हरदीप सिंह इससे कम राशि नहीं लेंगे, क्योंकि वे पहले ही प्रति जिला 300 रुपये ले रहे हैं।
रिश्वत देने से इनकार करते हुए शिकायतकर्ता ने विजिलेंस ब्यूरो के फ्लाइंग स्क्वाड-1, एसएएस नगर से संपर्क किया। इसके बाद विजिलेंस टीम ने दो सरकारी गवाहों की उपस्थिति में जाल बिछाकर बाज कुमार को शिकायतकर्ता से 7,200 रुपये की रिश्वत लेते मौके पर ही पकड़ लिया। विजिलेंस ब्यूरो ने बताया कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है। यदि जांच के दौरान किसी सरकारी अधिकारी या कर्मचारी की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ भी कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में आरोपी बाज कुमार के खिलाफ विजिलेंस ब्यूरो थाना एस.ए.एस. नगर में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और मामले की अग्रिम जांच जारी है।
-

मनप्रीत अय्याली सहित 14 लोगों पर FIR दर्ज
चंडीगढ़ः ‘वारिस पंजाब दे’ के प्रदर्शन के बाद पुलिस ने बड़ी कानूनी कार्रवाई की है। चंडीगढ़ पुलिस ने प्रदर्शन के दौरान कथित तौर पर हुई घटनाओं को लेकर पार्टी के कई नेताओं और अन्य व्यक्तियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। इस कार्रवाई से यह मामला एक बार फिर चर्चा का केंद्र बन गया है। दरअसल, पुलिस ने मनप्रीत अय्याली सहित 14 लोगों पर एफआईआर दर्ज की है। दरअसल, पंजाब के खडूर साहिब से खालिस्तान समर्थक सांसद अमृतपाल सिंह और बंदी सिखों की रिहाई को लेकर निकले अकाली दल (वारिस पंजाब दे) के समर्थक मुख्यमंत्री भगवंत मान की चंडीगढ़ के सेक्टर 2 स्थित सरकारी कोठी के 1Km नजदीक तक पहुंच गए। इस दौरान उन्होंने पुलिस की बैरिकेडिंग तोड़ी। यहां तक कि वाटर कैनन पर भी कब्जा कर लिया।
पुलिस की ओर से दर्ज की गई एफआईआर में मनप्रीत सिंह अय्याली, लक्खा सिधाना, भाना सिंह सिद्धू, सतिंदरजीत सिंह गिल, कबल सिंह भुल्लर, जगदीप सिंह कंसला, इकबाल सिंह संधू, परमजीत सिंह जौहल, पूर्व विधायक अजीब सिंह मखमलपुर, चमकौर सिंह धुन्न, वकील इमान सिंह खैरा, जसविंदर सिंह डरोली, इकबाल सिंह चुंडा, करनल सिंह पंजोली और लखवीर सिंह लक्खा सहित 14 लोगों को नामजद किया गया है।
दरअसल, इस घटना के दौरान पुलिसवाले भी घायल हुए है। यह प्रदर्शन पहले से घोषित था, ऐसे में सवाल उठ रहा है कि चंडीगढ़ पुलिस इस पूरे मामले में कैसे चूक गई। वह न तो प्रदर्शनकारियों को बॉर्डर पर रोक पाई और न ही सीएम के घर के करीब पहुंचने तक रोक सकी। इस बारे में पंजाब के पूर्व डीजीपी एपी पांडे ने कहा कि यह चंडीगढ़ और मोहाली पुलिस के बीच तालमेल और ग्राउंड इंटेलिजेंस की कमी है। बड़े प्रदर्शन को संभालने की सबसे मजबूत तैयारी होनी चाहिए थी। वहीं चंडीगढ़ की SSP कंवरदीप कौर ने पुलिस का बचाव किया। उन्होंने कहा कि पुलिस माहौल खराब नहीं होने देना चाहती थी।
SSP कंवरदीप कौर ने कहा कि संगठन के नेताओं के साथ पिछले एक सप्ताह से बातचीत चल रही थी, लेकिन प्रदर्शनकारी बैरिकेड तोड़कर आगे बढ़ गए। कुछ लोग हथियार लेकर आए थे। हम नहीं चाहते थे कि माहौल खराब हो। इनके हाथियारों से जवान घायल तक हुए हैं। SSP ने बताया कि प्रदर्शनकारियों पर धारा 163 के उल्लंघन के मामले में बीएनएस की धारा 173(1) के तहत अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। वीडियो फुटेज के आधार पर पुलिस चेहरों की पहचान कर रही है। एफआईआर के अनुसार, 29 जुलाई को सेक्टर 50/51/44/45 गौशाला चौक के पास हजारों प्रदर्शनकारी एकत्र हुए थे। पुलिस का दावा है कि उन्होंने बिना मंजूरी रैली निकाली, मुख्य सड़क जाम की और लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई।
पुलिस ने यह भी कहा है कि मौके पर लागू प्रतिबंधों के बारे में बार-बार अवगत कराने और रैली ग्राउंड में प्रदर्शन करने की अपील के बावजूद प्रदर्शनकारी नहीं माने। पुलिस के आरोपों के मुताबिक, कुछ प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड तोड़ने की कोशिश की और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों से धक्का-मुक्की की। एफआईआर में यह भी दावा किया गया है कि सरकारी वॉटर कैनन वाहन को नुकसान पहुंचाया गया और एक एएसआई सहित कुछ पुलिसकर्मी घायल हुए। इसके बाद स्थिति को काबू करने के लिए पानी की बौछारों का इस्तेमाल किया गया।
