Blog

  • Punjab News: फिरौती और फायरिंग मामले में आरोपी बिल्ला का हुआ एनकाउंटर, देखें वीडियो

    Punjab News: फिरौती और फायरिंग मामले में आरोपी बिल्ला का हुआ एनकाउंटर, देखें वीडियो

    गुरदासपुरः बटाला शहर में पिछले कुछ समय से हुई विभिन्न फिरौती और फायरिंग की घटनाओं में वांछित 5वें आरोपी मलकीत सिंह उर्फ बिल्ला चिज्जड़ को पुलिस हथियार की रिकवरी के लिए अलीवाल क्षेत्र में नहर किनारे लेकर आई थी। जहां बिल्ले ने हथियार की बरामदगी के दौरान छुपा कर रखी पिस्टल से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जिसके बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। इस मुठभेड़ में आरोपी के पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया। पुलिस द्वारा घायल बिल्ला को उपचार के लिए बटाला के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मलकीत सिंह उर्फ बिल्ला चिज्जड़ बटाला और आसपास के इलाकों में हुई कई फिरौती और फायरिंग की वारदातों में वांछित था। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने फैशन लंदन गारमेंट्स, एक कार डीलर से संबंधित प्रतिष्ठान तथा राइफल रेस्टोरेंट सहित कई स्थानों पर फायरिंग कर दहशत का माहौल बनाया था। उस पर कथित रूप से फिरौती मांगने के भी आरोप हैं।

    घटना की सूचना मिलते ही एसपी (पीबीआई) रमणिंदर सिंह, डीएसपी सिटी सुखइंदर सिंह, डीएसपी ललित कुमार, थाना सिविल लाइन के एसएचओ गुरमीत सिंह तथा थाना घनिए के बांगर के एसएचओ लखबीर सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फोरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य एकत्र किए हैं तथा मामले की आगे की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, मलकीत सिंह उर्फ बिल्ला चिज्जड़ के खिलाफ पहले से भी 12 आपराधिक मामले दर्ज हैं। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक उसके खिलाफ करीब आठ आपराधिक केस दर्ज हैं, जिनमें फायरिंग, धमकी और अन्य गंभीर अपराध शामिल हैं। पुलिस उसके अन्य साथियों और आपराधिक नेटवर्क की भी जांच कर रही है।

    पुलिस अधिकारियों ने कहा कि शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और संगठित अपराध पर अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। फिरौती और फायरिंग जैसी घटनाओं में शामिल किसी भी व्यक्ति को कानून से बचने नहीं दिया जाएगा। फिलहाल घायल आरोपी पुलिस निगरानी में उपचाराधीन है और उससे पूछताछ जारी है। मामले में आगे और तथ्य सामने आने पर पुलिस आवश्यक कानूनी कार्रवाई करेगी।

     

  • Jalandhar News: नशे की हालत में गंदे नाले में गिरा युवक, देखें वीडियो

    Jalandhar News: नशे की हालत में गंदे नाले में गिरा युवक, देखें वीडियो

    जालंधर, ENS: बस्ती पीर इलाके में नशे की हालत में एक युवक गंदे नाले में गिर गया। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में लोगों की भीड़ जमा हो गई और तुरंत पुलिस को सूचित किया गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद युवक को सुरक्षित बाहर निकाला।

    प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार इलाके में करीब आधे घंटे से बिजली बंद थी, जिस कारण चारों तरफ अंधेरा छाया हुआ था। इसी दौरान नशे में धुत युवक संतुलन खो बैठा और पास के गंदे नाले में जा गिरा। स्थानीय निवासी ने बताया कि नाले में युवक को पड़ा देख उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और लोगों की सहायता से युवक को बाहर निकाला गया। बाहर निकालने के बाद पता चला कि युवक की सांसें चल रही थीं, लेकिन ज्यादा नशे के कारण वह होश में नहीं था।

  • CM और 7 स्कूलों को मिली बम से उड़ाने की धमकी, मचा हड़कंप

    CM और 7 स्कूलों को मिली बम से उड़ाने की धमकी, मचा हड़कंप

    चंडीगढ़ः शहर मे आज से छुट्टियां खत्म होने के बाद स्कूल खुल गए है। वहीं स्कूल खुलते ही एक बार फिर से 7 स्कूलों को बम से उडाने की धमकी मिली है। ई-मेल के जरिए मिली धमकी के बाद स्कूल प्रशासन में हड़कंप मच गया। वहीं धमकी भरे ई-मेल में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को बम से उडाने की धमकी दी गई है। धमकी मिलने के बाद चंडीगढ़ पुलिस, बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वायड और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने सभी स्कूलों में सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया। एहतियात के तौर पर स्कूल परिसरों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। ई-मेल में सेक्टर-37 गवर्नमेंट मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल 37 बी और केंद्रीय विद्यालय सेक्टर-47 का जिक्र किया गया है। मेल में कहा कि बम धमाके आईडी ड्रोन से चंडीगढ़ के सारे स्कूलों में दोपहर 1.11 बजे होंगे। इसके बाद मेल में हरियाणा के सीएम नायब सैनी के ऑफिस में दोपहर 3.11 बजे धमाका करने का जिक्र किया गया है।

    पुलिस कंट्रोल रूम के अनुसार सबसे पहले सेक्टर-31 स्थित एयर फोर्स स्कूल को धमकी भरा ई-मेल मिला। इसके बाद कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि गवर्नमेंट मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल सेक्टर-37बी, गवर्नमेंट मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल सेक्टर-37डी, विवेक हाई स्कूल सेक्टर-38, सेक्रेड हार्ट स्कूल सेक्टर-26, स्ट्रॉबेरी फील्ड्स हाई स्कूल सेक्टर-26, डीपीएस सेक्टर-40 और कार्मेल कॉन्वेंट स्कूल सेक्टर-9 को भी इसी तरह की धमकी मिली है। बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड प्रत्येक स्कूल के भवन, कक्षाओं, पार्किंग और अन्य संवेदनशील स्थानों की तलाशी ले रहे हैं।

    प्रारंभिक जांच में मामला ई-मेल के जरिए भेजी गई धमकी का प्रतीत हो रहा है। साइबर सेल ई-मेल के स्रोत, आईपी एड्रेस और भेजने वाले की पहचान करने में जुट गई है। फिलहाल किसी भी स्कूल से कोई संदिग्ध वस्तु मिलने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। चंडीगढ़ पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को देने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा के मद्देनजर सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं और पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।

  • Jalandhar News: ट्रक और मुर्गियों से भरे कैंटर की टक्कर में एक की मौत, 2 गंभीर घायल, देखें वीडियो

    Jalandhar News: ट्रक और मुर्गियों से भरे कैंटर की टक्कर में एक की मौत, 2 गंभीर घायल, देखें वीडियो

    जालंधर, ENS: फिल्लौर जीटी रोड पर भीषण सड़क हादसा हो गया। दरअसल, जीटी रोड पर अज्ञात ट्रक और मुर्गियों से भरे कैंटर की टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई और 2 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं मामले की जानकारी देते हुए सड़क सुरक्षा फ़ोर्स के इंचार्ज सरबजीत सिंह ने बताया कि उन्हें किसी राहगीर ने हादसे की सूचना दी थी।

    सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची। इस दौरान घटना स्थल पर जाकर देखा गया कि एक कैंटर मछीवाड़ा से हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के शहर गगरेट की ओर जा रहा था और जिसमें मुर्गियां लदी हुई थीं, वह हादसे का शिकार हो गया। घटना के दौरान कैंटर में कुल 3 व्यक्ति सवार थे। जब कैंटर फिल्लौर जीटी रोड पर सीएनजी पम्प के पास गोराया की ओर पहुंचा तो चालक की झपकी लगने के कारण वाहन सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से टकरा गया। कैंटर चालक ने बताया कि वे ट्रक का नंबर नोट नहीं कर सके और ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।

    हादसे में चालक सहित तीनों व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। सड़क सुरक्षा फ़ोर्स ने तुरंत 108 एंबुलेंस की मदद से घायलों को सिविल अस्पताल फिल्लौर भर्ती करवाया गया, जहां डॉक्टरों ने मुश्ताक अली को मृत घोषित कर दिया, जबकि बाकी दो घायलों का इलाज जारी है। घटना के संबंध में थाना फिल्लौर के ड्यूटी ऑफिसर को फोन के माध्यम से सूचित कर दिया गया है और पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।

  • तेजी के साथ खुला शेयर बाजार, ऑटो और मीडिया शेयरों में खरीदारी

    तेजी के साथ खुला शेयर बाजार, ऑटो और मीडिया शेयरों में खरीदारी

    नई दिल्ली: पिछले लगातार दो सत्रों से जारी गिरावट के सिलसिले को तोड़ते हुए भारतीय शेयर बाजार में बुधवार को शुरुआती कारोबार में तेजी देखने को मिली। आज दोनों प्रमुख सूचकांक बीएससी सेंसेक्स और एनएससी निफ्टी हरे निशान पर खुले। ऐसे में निफ्टी 50 48 अंक या 0.20% बढ़कर 23,913.55 पर खुला, जबकि बीएसई सेंसेक्स 169 अंक या 0.22% बढ़कर 76,647.80 पर खुला। बाजार में आज फिर से ऑटो शेयरों में अच्छी खरीदारी देखी जा रही है। निफ्टी ऑटो इंडेक्स 1 फीसदी तक चढ़ गया है। सबसे ज्यादा तेजी मीडिया शेयरों में देखने को मिल रही है और निफ्टी मीडिया इंडेक्स डेढ़ प्रतिशत तक उछल गया है।

    जी एंटरटेनमेंट लिमिटेड के शेयर 5 फीसदी से ज्यादा चढ़ गए हैं। इसके अलावा, प्राइम फोकस, नेटवर्क 18, डीबी कॉर्प, टिप्स म्यूजिक और पीवीआर आइनॉक्स के स्टॉक 4 फीसदी तक की तेजी दिखा रहे हैं। वहीं, ऑटो सेक्टर में अशोक लीलैंड, एम एंड एम, बजाज ऑटो, हीरो मोटोकॉर्प, टीवीएस मोटर्स, एक्साइड इंडस्ट्रीज के शेयर 2 फीसदी तक की तेजी के साथ कारोबार कर रहे हैं। जापानी येन बुधवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 40 साल के निचले स्तर पर फिसल गया, जबकि 30-स्टॉक इंडेक्स ने पांच वर्षों में अपना सबसे मजबूत प्रदर्शन दर्ज करने के बाद मंगलवार रात को डॉऊ फ्यूचर्स में गिरावट दर्ज की।

    एलएसईजी के आंकड़ों के अनुसार, येन कमजोर होकर 162.28 प्रति डॉलर हो गया, जिससे पिछले सत्र से इसका नुकसान बढ़ गया। गिफ्ट निफ्टी 23,994 के आसपास कारोबार कर रहा था, जो निफ्टी फ्यूचर्स के पिछले बंद भाव से करीब 16 अंकों की छूट है। यह भारतीय शेयर मार्केट के बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स-निफ्टी के लिए सपाट शुरुआत का संकेत देता है। शेयर बाजार में कल यानी 30 जून को गिरावट रही। सेंसेक्स 250 अंक की गिरावट के साथ 76,479 पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी में भी 81 अंक की गिरावट रही। ये 23,866 पर बंद हुआ था।

  • Punjab News: Libas Showroom पर फायरिंग मामले में 2 गिरफ्तार, मास्टरमाइंड अभी भी फरार, देखें वीडियो

    Punjab News: Libas Showroom पर फायरिंग मामले में 2 गिरफ्तार, मास्टरमाइंड अभी भी फरार, देखें वीडियो

    फिरोजपुरः जिले के माल रोड पर स्थित लिबाज़ शोरूम पर कुछ दिन पहले बाइक सवारों द्वारा दहशत फैलाने को लेकर फायरिंग की गई थी। वहीं इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वारदात को अंजाम देने वाले दोनों मोटरसाइकिल सवार 2 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। एसपी डी मनजीत सिंह ने बताया कि मामले को लेकर थाना सिटी में मामला दर्ज करके टीमें तैनात की गई थी। इस दौरान 2 आरोपियों की जांच के बाद उन्हें नामजद किया गया। जिसके बाद आरोपियों द्वारा इस्तेमाल किया गया हथियार, कारतूस और बाइक बरामद किया है।

    जांच के दौरान सामने आया है कि इस पूरी साजिश का एक तीसरा मास्टरमाइंड भी है जो फिलहाल पुलिस की गिरफ्त से बाहर बताया जा रहा है। एसपी डी ने बताया कि तीसरे व्यक्ति ने आरोपियों को फायरिंग के लिए कहा गया था और कहा था कि उसकी दुकानदार के साथ दुश्मनी है। ऐसे में पुरानी रंजिश के तहत उसने गोली चलवाई है, लेकिन रंजिश की अभी वजह सामने नहीं आई है, जल्द आरोपी को गिरफ्तार करके मामले की असल वजह का पता लगाया जाएगा। पुलिस के मुताबिक पिछले दिनों फिरोजपुर के मालवा रोड स्थित एक लिबाज़ शोरूम पर 2 मोटरसाइकिल सवार फायरिंग करके फरार हो गए थे।

    मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की और वारदात को अंजाम देने वाले दोनों आरोपियों को काबू कर लिया। पुलिस पूछताछ के दौरान यह खुलासा हुआ कि दोनों आरोपियों को एक तीसरे व्यक्ति ने पैसे का लालच देकर इस वारदात के लिए भेजा था। पुलिस का कहना है कि इस वारदात के पीछे एक तीसरा व्यक्ति भी है, जो इस साजिश का मास्टरमाइंड है और इस समय फरार बताया जा रहा है। पुलिस दावा कर रही है कि उस मास्टरमाइंड को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उसके बाद यह भी साफ हो जाएगा कि इस फायरिंग के पीछे असली मकसद क्या था और किस कारण इस वारदात को अंजाम देने की कोशिश की गई।

     

  • 2026 में पहली बार LPG Cylinder के दामों में भारी गिरावट

    2026 में पहली बार LPG Cylinder के दामों में भारी गिरावट

    नई दिल्लीः पहली बार 2026 में भारत में 19 किलो वाले LPG सिलेंडर की कीमतें में गिरावट देखनों को मिली है। इससे पहले जनवरी से लेकर जून तक यानी पिछले लगातार 5 महीनों से कमर्शियल गैस की कीमतें आसमान छू रही थीं और रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई थीं। वहीं, 28 फरवरी को अमेरिका-इजरायल और ईरान युद्ध शुरू होने के बाद से 19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत में लगतार इजाफा देखा गया। दरअसल, सरकार ने आज 1 जुलाई से कमर्शियल सिलेंडर सस्ता कर दिया है। 1 जुलाई 2026 से दिल्ली में कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमत में 183.50 रुपये और पटना में 173 रुपये की कमी आई है। आज की इस ताजा कटौती के बाद अब 19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत 2930 रुपये हो गई है।

    इस कटौती से पहले, ये सिलेंडर 3113.50 रुपये में मिल रहा था। हालांकि, जुलाई 2026 के लिए 14.2 किलो वाले LPG सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। आज सुबह से ही देश के सभी बड़े शहरों में कमर्शियल एलपीजी (LPG) सिलेंडर के नए रेट लागू हो गए हैं, जिससे रेस्टोरेंट और ढाबा मालिकों को बड़ी राहत मिलेगी। दरअसल, इस साल 28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान पर किए गए हमलों के बाद दुनियाभर में भीषण ऊर्जा संकट शुरू हो गया था। अमेरिका और इजरायल के हमलों के बाद ईरान ने अपने नियंत्रण वाले स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से कच्चा तेल और गैस लेकर जाने वाले जहाजों के लिए आवाजाही बंद कर दी थी।

    सप्लाई बाधित होने से पूरी दुनिया में पेट्रोल-डीजल और गैस की कीमतों में भारी उछाल आ गया था। लेकिन अब अंतरराष्ट्रीय बाजार में हालात थोड़े सुधरे हैं, जिससे तेल कंपनियों को दाम घटाने का मौका मिल गया। स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से एनर्जी सप्लाई बाधित होने के बाद भारत में कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कुल 4 बार बढ़ोतरी की गई थी। ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने भारी नुकसान का हवाला देते हुए मार्च में 144 रुपये, अप्रैल में 195.50 रुपये और मई में 993 रुपये की भारी बढ़ोतरी की थी। इसके बाद जून में भी कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में 42 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी। इस तरह से, 19 किलो वाला कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर 4 बार में 1374.50 रुपये की बढ़ोतरी की गई।

  • ईंधन के दामों में बड़ी कटौती, पेट्रोल ₹5 और डीजल ₹3 हुआ सस्ता

    ईंधन के दामों में बड़ी कटौती, पेट्रोल ₹5 और डीजल ₹3 हुआ सस्ता

    नई दिल्लीः नायरा एनर्जी ने आम जनता को राहत देते हुए 1 जुलाई 2026, से ईंधन के दामों में बड़ी कटौती की है। नायरा एनर्जी ने अपने पूरे देश के रिटेल नेटवर्क पर पेट्रोल की कीमतों में 5 रुपये प्रति लीटर और डीजल की कीमतों में 3 रुपये प्रति लीटर की कटौती की। वेस्ट एशिया में तनाव कम होने से ग्लोबल कच्चे तेल की कीमतें गिरीं, जिसके बाद दो साल से ज्यादा समय में पंप की कीमतें घटाने वाली यह पहली फ्यूल रिटेलर कंपनी बन गई है।

    नई कीमतें देश भर में नायरा के 7,000 से ज्यादा फ्यूल स्टेशनों पर लागू हो गई हैं, हालांकि अंतिम रिटेल कीमत राज्यों में अलग-अलग हो सकती है, जो VAT जैसे स्थानीय टैक्स पर निर्भर करेगा। यह कदम हाल के हफ्तों में मिडिल ईस्ट में तनाव कम होने और एक अहम समुद्री रास्ते के फिर से खुलने के बाद इंटरनेशनल कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट के बाद उठाया गया है। इससे कच्चे तेल और लिक्विफाइड नेचुरल गैस की सप्लाई बहाल करने में मदद मिली और ग्लोबल सप्लाई में रुकावट की चिंताएं कम हुईं।

    हालांकि, सरकारी फ्यूल रिटेलर्स ने ऐसा नहीं किया। इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (IOC), भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BPCL) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) – जो मिलकर भारत के एक लाख से ज़्यादा फ्यूल स्टेशनों में से 90 प्रतिशत से ज़्यादा का संचालन करते हैं – ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया। दिल्ली में IOC आउटलेट्स पर पेट्रोल 102.12 रुपये प्रति लीटर और डीजल 95.20 रुपये प्रति लीटर पर बिक रहा है।

    इससे पहले, ईरान संघर्ष के कारण इंटरनेशनल कच्चे तेल की कीमतों में भारी उछाल आने के बाद नायरा ने 26 मार्च को पेट्रोल की कीमतों में 5 रुपये प्रति लीटर और डीजल की कीमतों में 3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की थी। इसके बाद सरकारी फ्यूल रिटेलर्स ने मई के दूसरे भाग में कई बार कीमतों में बदलाव करके पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कुल मिलाकर 7.50 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की थी। ताज़ा कटौती से नायरा की मार्च की बढ़ोतरी वापस ले ली गई है और ग्लोबल ऑयल मार्केट के स्थिर होने के बाद रिटेल फ्यूल की कीमतों में यह पहली बार ंकमी की गई है।

  • आज का राशिफल, 1 जुलाई 2026

    आज का राशिफल, 1 जुलाई 2026

    1 जुलाई 2026 को चंद्रदेव धनु राशि में पूर्वाषाढ़ा नक्षत्र के पद 4 में हैं, जो प्रैक्टिकल और ग्राउंडेड एनर्जी देता है। साथ ही आज शाम चंद्रदेव धनु-मकर गांडांत की दहलीज पर पहुंचेंगे। गुरु पुष्यामृत योग और मंगलदेव का कृत्तिका पद 4 में होना आज को प्रैक्टिकल काम के लिए अच्छा बनाता है। बुधदेव वक्री अवस्था में चल रहे हैं। कर्क, सिंह और धनु राशि के जातकों की पर्सनालिटी में दिखेगा गजब का आकर्षण। ग्रह-गोचर के आधार पर आइए जानते हैं आज का विस्तृत भविष्यफल।

    मेष राशि: आज ताजगी भरी एनर्जी है, सुबह में निपटाएं सारे काम। मेष राशि वालों के लिए आज का दिन भाग्य और घर, दोनों के मामले में महत्वपूर्ण है। चंद्रदेव पूर्वाषाढ़ा नक्षत्र में भाग्य वाले घर में हैं, जिससे प्रैक्टिकल और ग्राउंडेड एनर्जी मिलेगी और किस्मत का साथ रहेगा। सुबह में जो भी जरूरी और अटका हुआ काम हो उसे पूरा करने की कोशिश करें। घर के चौथे भाव में बृहस्पति और शुक्रदेव का साथ बना हुआ है, जिससे घर के माहौल में गर्माहट बनी रहेगी। लग्नेश मंगलदेव पैसों के घर में प्रैक्टिकल और डिसिप्लिन्ड कोशिश जारी रखते हैं। बुधदेव वक्री हैं जिससे आज घर में कोई पुरानी बात पर चर्चा हो सकती है। उसे धैर्य से सुनें और नए नजरिए से देखें। शाम के बाद कोई बड़ा फैसला मत लें और आराम को प्राथमिकता दें।

    वृष राशि: छुपे मामलों में आज एक पुरानी बात नए नजरिए से रोशन होगी। वृष राशि वालों के लिए आज का दिन छुपे मामलों और बातचीत दोनों के लिहाज से असरदार है। चंद्रदेव पूर्वाषाढ़ा नक्षत्र में छुपे मामलों वाले घर में हैं, जिससे आज कोई पुरानी और अनसुलझी बात एक प्रैक्टिकल रूप में सामने आएगी। परिस्थितियों पर सोच-विचार के बाद फैसला करने से बात बन सकती है। लग्नेश शुक्रदेव कम्युनिकेशन वाले घर में बृहस्पति और बुधदेव के साथ हैं। बुधदेव वक्री हैं इसलिए आज बातचीत में पुरानी बातें वापस आ सकती हैं। उन्हें सुनें और धैर्य रखें। कागजी कार्रवाई में गड़बड़ हो सकती है, लिहाजा सतर्कता जरूरी है। मंगलदेव लग्न से गोचर करते हुए प्रैक्टिकल और डिसिप्लिन्ड व्यक्तित्व दे रहे हैं। आज कोई नई डील या कॉन्ट्रैक्ट करते वक्त उसे अच्छी तरह से रिव्यू करें। शाम के बाद आराम करें।

    मिथुन राशि: रिश्ते में आज एक पुरानी बात वापस आएगी, इस बार उसे प्रैक्टिकल नजरिए से देखें। मिथुन राशि वालों के लिए आज का दिन रिश्तों और पैसों दोनों के मामले में महत्वपूर्ण है। चंद्रदेव पूर्वाषाढ़ा नक्षत्र में साझेदारी वाले घर में एक प्रैक्टिकल और ग्राउंडेड एनर्जी लाए हैं। लग्नेश बुधदेव वक्री हैं, जिससे आज पैसों और परिवार के मामले में कोई पुरानी बात आज वापस उठेगी। उसे एक नए और प्रैक्टिकल नजरिए से देखें, हल निकलेगा। बृहस्पति और शुक्रदेव पैसों वाले घर में एक दिव्य साथ बनाए हुए हैं। धन लाभ के योग मजबूत बने हए हैं। सूर्यदेव लग्न पर जमीन से जड़े रहते हुए बदलाव लाने की एनर्जी दे रहे हैं। हालांकि, आज कोई नई बड़ी खरीदारी बिल्कुल न करें और शाम को आराम करें।

    कर्क राशि: व्यक्तित्व में खास आकर्षण और गहराई दिखेगी। कर्क राशि वालों के लिए आज का दिन व्यक्तित्व के लिहाज से असरदार है। सेहत के मामले में भी आज आपका दिन अच्छा बीतेगा। बृहस्पति, शुक्रदेव और बुधदेव तीनों लग्न पर एक साथ हैं। आज जहां भी जाएंगे एक गहरी और प्रैक्टिकल छाप छोड़ेंगे। लग्नेश चंद्रदेव सेहत वाले घर में पूर्वाषाढ़ा नक्षत्र में एक ग्राउंडेड एनर्जी लाए हैं। सेहत में कोई पुरानी तकलीफ हो, तो उसके इलाज के लिए आज कदम उठाएं। बुधदेव वक्री हैं, इसलिए बातचीत में सोचकर बोलें। योगकारक मंगलदेव लाभ वाले घर में एक प्रैक्टिकल कमाई की कोशिश जारी रखते हैं। कोई बड़ा फैसला लेने के लिए शाम से पहले का समय उचित रहेगा।

    सिंह राशि: लव लाइफ अच्छी रहेगी, संतान पक्ष से मिलेगी अच्छी खबर। सिंह राशि वालों के लिए आज का दिन कुछ अलग रहेगा। एक तरफ क्रिएटिविटी जोर पकड़ेगी और दूसरी तरफ मन थोड़ा अकेलेपन की ओर भी झुकेगा। चंद्रमा पूर्वाषाढ़ा नक्षत्र में आपके रचनात्मकता वाले घर में बैठे हैं और साथ में एक प्रैक्टिकल, जमीन से जुड़ी एनर्जी लेकर आए हैं। जो क्रिएटिव काम लंबे वक्त से अधूरा पड़ा है, उसे आज दोबारा हाथ में लेने का अच्छा मौका है। लव लाइफ की बात करें तो दिन सुकून भरा रहेगा। संतान पक्ष से कोई अच्छी खबर मन को खुश कर देगी। बुधदेव वक्री चल रहे हैं, इसलिए एकांत वाले घर में दबी कोई पुरानी बात आज अचानक सामने आ सकती है। इसे लेकर हड़बड़ी न करें, अकेले में बैठकर ठंडे दिमाग से सोचें। लग्नेश सूर्यदेव लाभ वाले घर में हैं और इशारा कर रहे हैं कि दोस्तों के बीच बिताया गया थोड़ा वक्त आज दिल को हल्का कर देगा। योगकारक मंगलदेव करियर में एक ठोस और अनुशासित कदम आगे बढ़वाएंगे। बस शाम ढलने के बाद खुद को आराम देना न भूलें।

    कन्या राशि: आज पुराने संपर्क काम आएंगे, लाभ मिलेगा। कन्या राशि वालों के लिए आज का दिन लाभ और घर दोनों के मामले में अनुकूल है। लग्नेश बुधदेव कर्क राशि में वक्री अवस्था में हैं, जिससे लाभ वाले घर में कोई पुराना संपर्क या पुरानी नेटवर्किंग आज काम आ सकती है। किसी पुराने जान-पहचान वाले का मैसेज आ सकता है। या कोई पुरानी अटकी हुई फाइल फिर से आगे बढ़ सकती है। बृहस्पति और शुक्रदेव भी लाभ वाले घर में हैं, जिससे आज लाभ के मामलों में दिव्य साथ मिल रहा है। घर में चंद्रदेव पूर्वाषाढ़ा में एक प्रैक्टिकल ताजगी लाए हैं। शनिदेव साझेदारियों में स्थिरता बनाए हुए हैं। सूर्यदेव करियर में एक प्रैक्टिकल परिवर्तन दे रहे हैं। हालांकि, आज किसी नई नेटवर्किंग स्कीम में निवेश न करें।

    तुला राशि: करियर में आज पुराने काम को नए नजरिए से देखें, मिलेगा रास्ता। तुला राशि वालों के लिए आज का दिन करियर और बातचीत दोनों ही मामले में महत्वपूर्ण है। लग्नेश शुक्रदेव, बृहस्पति और बुधदेव करियर वाले घर में एक साथ हैं। लेकिन बुधदेव वक्री हैं इसलिए करियर में जो पुराने काम अधूरे हों उन्हें आज रिव्यू करें, नए समझौते आज नहीं करें। घर में सकारात्मक ऊर्जा बनी रहेगी। वाहन का सुख मिलेगा। बातचीत वाले घर में चंद्रदेव पूर्वाषाढ़ा में एक प्रैक्टिकल और ग्राउंडेड एनर्जी लाए हैं। योगकारक शनिदेव प्रतिस्पर्धा में बढ़त देते हैं। गुरु पुष्यामृत योग जारी है। हालांकि, आज करियर में कोई बड़ा नया कदम न उठाएं। शाम के बाद आराम को प्राथमिकता दें।

    वृश्चिक राशि: भाग्य का साथ मिलने सा आज प्रैक्टिकल दिशा मिलेगी। वृश्चिक राशि वालों के लिए आज का दिन भाग्य और पैसों दोनों के मामले में असरदार है। बृहस्पति और शुक्रदेव भाग्य वाले घर में हैं। कुछ नया सीखने को मिलेगा। हायर स्टडीज करने के लिए यह समय बहुत अच्छा है। बुधदेव वक्री हैं, जिससे भाग्य के मामले में कोई पुरानी बात आज एक प्रैक्टिकल रूप में वापस आ सकती है। उसे एक नए नजरिए से देखें। चंद्रदेव पूर्वाषाढ़ा नक्षत्र में पैसों वाले घर में एक ग्राउंडेड एनर्जी लाए हैं। लग्नेश मंगलदेव साझेदारी में एक प्रैक्टिकल और डिसिप्लिन्ड ऊर्जा देते हैं। हालांकि आज पैसों का कोई बड़ा नया फैसला न करें और शाम के बाद रिलैक्स करें।

    धनु राशि: आज मन प्रैक्टिकल होकर सोचेगा, शाम को थोड़ा संभलकर रहें। धनु राशि वालों के लिए आज का दिन व्यक्तित्व और छुपी ताकत दोनों के लिहाज से खास है। चंद्रदेव पूर्वाषाढ़ा नक्षत्र में सीधे आपकी राशि पर हैं। मन में एक प्रैक्टिकल और ग्राउंडेड क्लैरिटी है। यानी आज आप जो भी काम करेंगे, उसे लेकर प्रैक्टिकल तरीके से पहले विचार करेंगे। लग्नेश बृहस्पति, शुक्रदेव और बुधदेव छुपे मामलों वाले घर में हैं। बुधदेव वक्री हैं, जिससे कोई पुरानी छिपी हुई बात आज सामने आ सकती है, जो आपकी सोच में बड़ा बदलाव ला सकती है। मंगलदेव छठवें घर में बैठकर आपके कर्जों को निपटाने में मदद कर रहे हैं। उनकी एनर्जी से आप शत्रुओं पर भारी पड़ेंगे। हालांकि, आज शाम के बाद एक गहरी बेचैनी आ सकती है क्योंकि चंद्रदेव गांडांत की तरफ बढ़ रहे हैं। उस वक्त आराम करें, बड़े फैसले कल पर छोड़ दें।

    मकर राशि: साझेदारी में आज पुरानी बातों को नए नजरिए से सुलझाएं। मकर राशि वालों के लिए आज का दिन साझेदारी के मामले में अहम है। चंद्रदेव पूर्वाषाढ़ा नक्षत्र में एकांत वाले घर में एक प्रैक्टिकल और ग्राउंडेड एनर्जी लाए हैं। आज थोड़ा वक्त अकेले बिताएं, तो एक जरूरी बात मन में आएगी। मानसिक शांति के लिए योग या ध्यान करें। योगकारक शुक्रदेव, बृहस्पति और बुधदेव साझेदारी वाले घर में हैं। बुधदेव वक्री हैं, जिससे किसी पुरानी साझेदारी की बात आज दोबारा उठेगी। उसे एक नए प्रैक्टिकल नजरिए से देखें, हल निकलेगा। हालांकि आज कोई नया पार्टनरशिप कॉन्ट्रैक्ट न करें। लग्नेश शनिदेव की मेहनत रंग ला रही है।

    कुंभ राशि: कर्ज से निजात पाने के लिए आज उठाएं प्रैक्टिकल कदम। कुंभ राशि वालों के लिए आज का दिन लाभ और सेहत दोनों के मामले में अनुकूल है। चंद्रदेव पूर्वाषाढ़ा नक्षत्र में लाभ वाले घर में एक प्रैक्टिकल और ग्राउंडेड एनर्जी लाए हैं। नेटवर्किंग में आज कोई पुराना संपर्क काम आ सकता है। योगकारक शुक्रदेव और बृहस्पति सेहत वाले घर में हैं, जिससे पुरानी कोई तकलीफ हो तो आज उसके लिए कदम उठाएं। बुधदेव वक्री हैं, इसलिए सेहत में भी पुराने नुस्खे या पुराने डॉक्टर से मिलना आज फायदेमंद होगा। कर्ज से निजात पाने के लिए कदम उठाएं या प्लानिंग करें, लाभ मिलेगा। लग्नेश शनिदेव की कृपा से मेहनत रंग ला रही है।

    मीन राशि: करियर में आज लग्नेश गुरु का साथ है, प्रेम में पुरानी बात नए रूप में आएगी। मीन राशि वालों के लिए आज का दिन करियर और प्रेम दोनों के मामले में असरदार है। लग्नेश गुरु, शुक्रदेव और बुधदेव प्रेम और रचनात्मकता वाले घर में हैं। बुधदेव वक्री हैं, जिससे प्रेम में कोई पुरानी अनसुलझी बात आज वापस आ सकती है। उसे इस बार एक नए और प्रैक्टिकल नजरिए से देखें। लग्नेश गुरु की कृपा से करियर में आज एक प्रैक्टिकल और टिकाऊ दिशा मिलेगी। चंद्रदेव भी करियर वाले घर में पूर्वाषाढ़ा नक्षत्र की एक ग्राउंडेड एनर्जी लाए हैं। मंगलदेव बातचीत में एक डिसिप्लिन्ड ऊर्जा देते हैं। आज आप पैसों की बात करेंगे, तो लाभ मिलेगा। कम्युनिकेशन में अपने एग्रेशन को कंट्रोल में रखें।

  • बठिंडा में संक्षिप्त मुठभेड़ के बाद चार आरोपी गिरफ्तार; दो पिस्तौल बरामद

    बठिंडा में संक्षिप्त मुठभेड़ के बाद चार आरोपी गिरफ्तार; दो पिस्तौल बरामद

    चंडीगढ़/बठिंडा : मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशानुसार पंजाब को सुरक्षित राज्य बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) पंजाब ने बठिंडा में सरहिंद नहर लिंक रोड के पास हुई संक्षिप्त मुठभेड़ के बाद चार आरोपियों को दो आधुनिक पिस्तौलों सहित गिरफ्तार किया है। यह जानकारी आज यहां पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने दी। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुरदीप सिंह उर्फ काला, सुखचैन सिंह उर्फ पिल्ला और गुरविंदर सिंह उर्फ माणा, सभी निवासी गांव सलाबतपुरा, बठिंडा तथा जशनप्रीत उर्फ जस्सी निवासी गांव दुल्लेवाला, बठिंडा के रूप में हुई है। बरामद हथियारों में एक 9 एमएम ग्लॉक पिस्तौल और एक .30 बोर पिस्तौल सहित पांच जिंदा कारतूस तथा दो खोखे बरामद किए गए हैं।

    हथियारों की बरामदगी के अलावा पुलिस टीमों ने आरोपियों के कब्जे से दो मोटरसाइकिल भी जब्त किए हैं, जिनमें एक रॉयल एनफील्ड बुलेट और एक हीरो स्प्लेंडर शामिल है, जिन पर सवार होकर वे जा रहे थे। डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि गिरफ्तार आरोपी एक आपराधिक नेटवर्क से जुड़े हुए हैं और बठिंडा के थाना भगता भाईका में दर्ज एक हालिया आपराधिक मामले में वांछित थे। डीजीपी ने कहा कि इस मामले में अन्य आरोपियों की पहचान करने तथा इस व्यापक आपराधिक नेटवर्क का पर्दाफाश करने के लिए उनके आगे-पीछे के संबंधों की जांच की जा रही है।

    कार्रवाई का विवरण साझा करते हुए अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजीपी) एजीटीएफ प्रमोद बान ने बताया कि पुख्ता सूचना के आधार पर एजीटीएफ बठिंडा की पुलिस टीम दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार संदिग्ध व्यक्तियों का पीछा कर रही थी। बठिंडा के गांव गोबिंदपुरा के पास सरहिंद नहर लिंक रोड पर पुलिस पार्टी को देखकर आरोपियों ने गिरफ्तारी से बचने के प्रयास में पुलिस पार्टी पर गोलियां चला दीं। उन्होंने बताया कि एजीटीएफ के जवानों ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की। इस दौरान आरोपी गुरविंदर उर्फ माणा के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। वहीं पुलिस पार्टी की सरकारी मारुति अर्टिगा वाहन पर भी दो गोलियां लगीं। घायल आरोपी का स्थानीय सिविल अस्पताल में इलाज चल रहा है। एडीजीपी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी अपने प्रतिद्वंद्वी गैंग के एक सदस्य की हत्या करने जा रहे थे। गिरफ्तार आरोपियों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड है और उनके खिलाफ हत्या के प्रयास, डकैती, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट सहित कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। इस संबंध में बठिंडा के थाना कैंट में संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।