Blog

  • जापान में चल रहे अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव के दौरान हुआ भव्य अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन

    जापान में चल रहे अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव के दौरान हुआ भव्य अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन

    चंडीगढ़: जापान में चल रहे अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव के दौरान अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में जापानी नागरिकों, भारतीय समुदाय के प्रतिनिधियों तथा विभिन्न सामाजिक एवं सांस्कृतिक संगठनों के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। योगाभ्यास, ध्यान एवं भारतीय आध्यात्मिक परंपराओं के माध्यम से भारत-जापान मैत्री और सांस्कृतिक संबंधों को और अधिक सुदृढ़ करने का संदेश दिया गया।कार्यक्रम के दौरान हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का विशेष वीडियो संदेश भी प्रसारित किया गया। मुख्यमंत्री ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि योग भारत की अमूल्य धरोहर है, जिसने आज पूरे विश्व को स्वास्थ्य, संतुलन और शांति का मार्ग दिखाया है। उन्होंने जापान में आयोजित अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव की सराहना करते हुए आयोजकों और प्रतिभागियों को बधाई दी।

    कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्वामी ज्ञानानंद जी महाराज ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि आत्मिक उन्नति, मानसिक शांति और वैश्विक सद्भाव का मार्ग है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में तनाव, चिंता और संघर्ष से ग्रस्त विश्व को योग और श्रीमद्भगवद्गीता के संदेश की अत्यंत आवश्यकता है। हरियाणा सरकार के प्रतिनिधि डॉ. अमित अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि हरियाणा सरकार योग एवं गीता के वैश्विक प्रचार- प्रसार के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव के माध्यम से भारत की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत को विश्व के विभिन्न देशों तक पहुंचाया जा रहा है। जापान के विभिन्न शहरों में भी योग दिवस पर कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें बड़ी संख्या में जापानी नागरिकों ने भाग लिया। जापान में योग और ध्यान के प्रति लोगों की गहरी रुचि एवं समर्पण भारत की आध्यात्मिक परंपराओं के प्रति बढ़ते आकर्षण का प्रमाण है। इस मौके पर वक्ताओं ने कहा कि भारत आज विश्वव्यापी योग आंदोलन का नेतृत्व कर रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग एक वैश्विक जनआंदोलन बन चुका है और करोड़ों लोग इसे अपने जीवन का हिस्सा बना रहे हैं। योग मानवता को स्वास्थ्य, शांति और समरसता का संदेश देता है।

    कार्यक्रम में विशेष रूप से उपस्थित योगमाता कीको ऐकावा का अभिनंदन किया गया। योग माता ने हाल ही में भारत में आयोजित महाकुंभ में सहभागिता की थी तथा भारत प्रवास के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी भेंट की थी। उन्होंने योग और ध्यान के माध्यम से विश्व शांति एवं मानव कल्याण पर अपने विचार सांझा किए। है। योग माता ने कहा कि भारत की आध्यात्मिक परंपराएं संपूर्ण मानवता के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं तथा जापान में योग और ध्यान के प्रति लोगों की बढ़ती रुचि दोनों देशों के सांस्कृतिक संबंधों को और अधिक सुदृढ़ करेगी। इस अवसर पर स्वामी ज्ञानानंद जी महाराज, डॉ. अमित अग्रवाल, उपेंद्र सिंहल तथा विजय नरूला ने योग माता को श्रीमद्भगवद्गीता की प्रति एवं भगवान श्रीकृष्ण की प्रतिमा भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में विधायक सतपाल जांबा, मेयर श्यामलाल बंसल, अशोक गुज्जर, अलकेश मोदगिल, अशोक रोशा, गुरनाम सैनी, डॉ ऋषिपाल मथाना, डॉ एम के मोदगिल आदि शामिल हुए। कार्यक्रम के अंत में सामूहिक योगाभ्यास, ध्यान एवं विश्व शांति की प्रार्थना की गई।

     

  • Punjab News: नेशनल हाईवे पर यात्रियों से भरी बस में लगी आग, मची अफरा-तफरी

    Punjab News: नेशनल हाईवे पर यात्रियों से भरी बस में लगी आग, मची अफरा-तफरी

    लुधियानाः जिले के बीजा कस्बे के पास नेशनल हाईवे पर उस समय हड़कंप मच गया, जब यात्रियों से भरी एक चलती बस में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने बस को अपनी चपेट में लेना शुरू कर दिया, जिससे बस में सवार लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

    बस में सवार थे 100 से ज्यादा यात्री
    जानकारी के अनुसार, बस में बच्चों सहित 100 से अधिक यात्री सफर कर रहे थे। आग लगने के बाद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और सभी अपनी जान बचाने के लिए बस से बाहर निकलने की कोशिश करने लगे।

    ड्राइवर और स्थानीय लोगों की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
    बस में आग लगते ही ड्राइवर ने तुरंत बस को सड़क किनारे रोक दिया। इसके बाद ड्राइवर और आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने मिलकर सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। उनकी समझदारी और तेजी के कारण एक बड़ा हादसा होने से बच गया।

    मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी
    घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं। वहीं, एसडीएम खन्ना भी हालात का जायजा लेने के लिए घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्यों की निगरानी की।

    फायर ब्रिगेड ने आग पर पाया काबू
    सूचना मिलने के बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ियां भी घटनास्थल पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक बस का बड़ा हिस्सा आग की चपेट में आ चुका था।

    आग लगने के कारणों की जांच जारी
    फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि बस में आग कैसे लगी। प्रशासन और संबंधित विभाग मामले की जांच कर रहे हैं। जांच के बाद ही आग लगने की असली वजह सामने आ सकेगी।

    कोई जानी नुकसान नहीं
    राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी यात्री के घायल होने या जान जाने की खबर नहीं है। समय रहते सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हालांकि आग के कारण बस को भारी नुकसान पहुंचा है।

     

  • आईआईआईटी ऊना में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस उत्साह और सामूहिक सहभागिता के साथ मनाया

    आईआईआईटी ऊना में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस उत्साह और सामूहिक सहभागिता के साथ मनाया

    ऊना सुशील पंडित : भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईआईटी) ऊना में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 उत्साहपूर्वक मनाया गया। संस्थान के योग संगम स्थल पर आयोजित इस कार्यक्रम में संकाय सदस्यों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों तथा योग प्रेमियों ने सक्रिय भागीदारी की। “स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग” विषय पर आयोजित यह कार्यक्रम माननीय प्रधानमंत्री के नेतृत्व में आयोजित राष्ट्रीय समारोह के साथ समन्वित रूप से संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातःकाल हुआ, जिसमें प्रतिभागियों ने आयुष मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा निर्धारित कॉमन योग प्रोटोकॉल (CYP) का अभ्यास किया। संस्थान परिसर के शांत एवं प्राकृतिक वातावरण में प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम तथा ध्यान अभ्यास किए, जिनका उद्देश्य शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक संतुलन और भावनात्मक सुदृढ़ता को बढ़ावा देना था। इस अवसर पर राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित मुख्य कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी किया गया, जिससे आईआईआईटी ऊना के प्रतिभागी देशभर के लाखों लोगों के साथ योग के सामूहिक अभ्यास से जुड़ सके। सामूहिक योगाभ्यास ने एकता, अनुशासन और स्वस्थ जीवनशैली के उस संदेश को सशक्त रूप से अभिव्यक्त किया, जिसे अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस बढ़ावा देता है। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के मौके पर देश को संबोधित करते हुए, प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने इस साल के समारोह की आधिकारिक “स्वस्थ उम्र बढ़ने के लिए योग” के महत्व पर ज़ोर दिया। उन्होंने इस बात पर प्रकाश डाला कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं है, बल्कि जीवन जीने का एक समग्र तरीका है जो शारीरिक फिटनेस, मानसिक स्वास्थ्य, भावनात्मक संतुलन और स्वस्थ उम्र बढ़ने को बढ़ावा देता है। उन्होंने सभी उम्र के लोगों से आग्रह किया कि वे स्वस्थ, खुशहाल और अधिक उत्पादक जीवन जीने के लिए योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करें। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आईआईआईटी ऊना के निदेशक प्रो. मनीष गौर ने दैनिक जीवन में योग को अपनाने के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं है, बल्कि यह आंतरिक शक्ति, धैर्य, सजगता और समग्र कल्याण विकसित करने का माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों और कर्मचारियों को संतुलित एवं स्वस्थ जीवन के लिए योग को अपनी दिनचर्या का नियमित हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया। समारोह के दौरान, सर्टिफाइड योग थेरेपिस्ट सुश्री शिखा मनकोटिया ने एक योग सत्र का संचालन किया। उन्होंने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासनों, प्राणायाम और रिलैक्सेशन तकनीकों का अभ्यास कराया और शारीरिक फिटनेस, मानसिक स्वास्थ्य और स्वस्थ बुढ़ापे को बढ़ावा देने में इनकी भूमिका पर ज़ोर दिया। प्रतिभागियों ने उनके विशेषज्ञ मार्गदर्शन की सराहना की और सत्र में सक्रिय रूप से भाग लिया, जिससे यह कार्यक्रम सभी के लिए प्रेरणादायक और फायदेमंद रहा। प्रतिभागियों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे एक प्रेरणादायक और सकारात्मक अनुभव बताया, जिसने उन्हें स्वास्थ्य, मानसिक संतुलन और आत्म-जागरूकता के महत्व से पुनः जोड़ने का अवसर प्रदान किया। कार्यक्रम का आयोजन आयुष मंत्रालय द्वारा जारी दिशानिर्देशों के अनुरूप किया गया। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 में उत्साहपूर्ण भागीदारी के माध्यम से आईआईआईटी ऊना ने अपने शैक्षणिक समुदाय के समग्र विकास, शारीरिक स्वास्थ्य और मानसिक कल्याण को बढ़ावा देने की अपनी प्रतिबद्धता को एक बार फिर सुदृढ़ किया।
       
  • NEET UG Re-Exam 2026: देशभर में हाई सिक्योरिटी के बीच संपन्न हुई नीट यूजी परीक्षा

    NEET UG Re-Exam 2026: देशभर में हाई सिक्योरिटी के बीच संपन्न हुई नीट यूजी परीक्षा

    नई दिल्लीः आज पूरे देश में NEET UG 2026 की पुनर्परीक्षा आयोजित की गई। परीक्षा शुरू होने से पहले ही विभिन्न परीक्षा केंद्रों के बाहर छात्रों और अभिभावकों की भारी भीड़ देखने को मिली। इस परीक्षा के लिए भारत और विदेशों से कुल 22,80,054 उम्मीदवारों ने पंजीकरण कराया था।

    परीक्षा दोपहर में आयोजित की गई और राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने सभी छात्रों को समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचने और नियमों का पालन करने की सलाह दी। नीट यूजी की परीक्षा में कुल 22.79 लाख से अधिक छात्र शामिल हुए हैं। परीक्षा आज दोपहर 2 बजे से लेकर शाम 5.15 बजे तक आयोजित कराई गई थी।

    अब अभ्यर्थियों को रिजल्ट का इंतजार
    सफलतापूर्वक पूरी करवा दी गई है। परीक्षा में शामिल अभ्यर्थियों के लिए रिजल्ट की घोषणा जल्द ही की जाएगी।

    छात्रों की सुविधा के लिए एयरपोर्ट पर रुके PM मोदी
    इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एक कदम चर्चा का विषय बन गया। जानकारी के अनुसार, पीएम मोदी दोपहर करीब 1:15 बजे दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचे थे। हालांकि, उन्होंने तुरंत अपने आवास के लिए रवाना होने के बजाय कुछ समय एयरपोर्ट पर ही रुकने का फैसला किया।

    बताया जा रहा है कि दोपहर 2 बजे NEET परीक्षा शुरू होनी थी और बड़ी संख्या में छात्र अपने परीक्षा केंद्रों की ओर जा रहे थे। ऐसे में प्रधानमंत्री के काफिले के गुजरने से दिल्ली की कई सड़कों पर ट्रैफिक प्रभावित हो सकता था। छात्रों को किसी तरह की परेशानी न हो और वे समय पर परीक्षा केंद्र पहुंच सकें, इसलिए पीएम मोदी ने एयरपोर्ट से निकलने में देरी की। उनके इस फैसले की काफी सराहना की जा रही है।

    अजमेर में बुर्के को लेकर हुआ विवाद
    राजस्थान के अजमेर में स्थित सावित्री स्कूल परीक्षा केंद्र पर बुर्के को लेकर विवाद सामने आया। ब्यावर से परीक्षा देने पहुंची छात्रा कुलसुम को बुर्का पहनकर केंद्र में प्रवेश करने की अनुमति नहीं दी गई। इस कारण छात्रा काफी परेशान और मायूस दिखाई दी।

    परीक्षा केंद्र पर हुआ हंगामा
    बुर्का उतारने को लेकर छात्रा और अधिकारियों के बीच बहस हो गई। मौके पर कुछ देर तक हंगामे जैसी स्थिति बनी रही। छात्रा का कहना था कि बुर्का उसकी पहचान और धार्मिक आस्था का हिस्सा है, इसलिए वह इसे हटाकर परीक्षा नहीं दे सकती। स्थिति को संभालने के लिए पुलिस को भी हस्तक्षेप करना पड़ा। पुलिस और अधिकारियों ने छात्रा को समझाने का प्रयास किया, लेकिन काफी देर तक बहस जारी रही।

    पिता ने लगाए भेदभाव के आरोप
    इस दौरान छात्रा के पिता भी वहां मौजूद थे। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी दूसरी बेटी को किसी अन्य परीक्षा केंद्र पर बुर्के के साथ प्रवेश की अनुमति मिल गई थी, जबकि यहां उनकी बेटी को बेवजह रोका जा रहा है। उन्होंने कहा कि उनकी बेटी को परीक्षा केंद्र के बाहर रोकना नियमों के खिलाफ है और इससे छात्रा को मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ा।

    NTA के नियमों को लेकर उठे सवाल
    इस घटना के बाद परीक्षा केंद्रों पर ड्रेस कोड और सुरक्षा नियमों को लेकर एक बार फिर चर्चा शुरू हो गई है। वहीं, परीक्षा अधिकारियों का कहना है कि सभी उम्मीदवारों को निर्धारित नियमों का पालन करना जरूरी है ताकि परीक्षा निष्पक्ष और सुरक्षित तरीके से आयोजित की जा सके।

     

  • अनमोल शर्मा ने राष्ट्रीय युवा संसद में उठाए हिमाचल प्रदेश के महत्त्वपूर्ण मुद्दे

    अनमोल शर्मा ने राष्ट्रीय युवा संसद में उठाए हिमाचल प्रदेश के महत्त्वपूर्ण मुद्दे

    ऊना/सुशील पंडित : ऊना के गाँव देहलां लोअर निवासी अनमोल शर्मा का चयन राष्ट्रीय युवा संसद के लिए हुआ था। यह संसद उत्तराखंड में 17-19 जून तक आयोजित करवाई गई थी जिसमें लगभग 22 राज्यों से प्रतिभागी आए थे। अनमोल शर्मा ने इस संसद में वर्ष 2025 में हिमाचल में भारी बारिश के कारण हुए आर्थिक नुक्सान पर पर्याप्त मदद न मिलने पर केंद्र सरकार से प्रश्न किए, RDG ग्रांट रोकने पर भी सदन में तीखी बहस हुई जिसके कारण उन्हें स्पीकर के आदेश से मार्शल्स द्वारा सदन से निष्कासित किया गया। इसके अतिरिक्त हाल ही में ईरान अमेरिका युद्ध में हिमाचल के हमीरपुर के आदित्य शर्मा की हत्या का भी मुद्दा उठाया। इस संसद में तीनों दिन उत्तराखंड सरकार के केबिनेट मंत्री उपस्थित रहे।
     
  • Chandershekhar आजाद Open Group Camp के 21वें दिन पहुंचे कृषि मंत्री Shyam Singh Rana

    Chandershekhar आजाद Open Group Camp के 21वें दिन पहुंचे कृषि मंत्री Shyam Singh Rana

    चण्डीगढ़: हरियाणा के कृषि एवं पशुपालन मंत्री श्याम सिंह राणा ने द हरियाणा राज्य भारत स्काउट्स एण्ड गाइड्स चंद्रशेखर आजाद ओपन ग्रुप भिवानी के प्रशिक्षण केंद्र में चल रहे ग्रीष्मकालीन सर्विस कैंप के 21वें दिन रविवार को आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की।

    श्याम सिंह राणा ने कार्यक्रम के दौरान अपना संदेश देते हुए कहा कि स्काउट्स एंड गाइड्स का यह कैंप युवाओं में राष्ट्रभक्ति, अनुशासन और समाज सेवा की भावना भरने का काम कर रहा है। यहां एक पेड़ मां के नाम मुहिम के तहत जो पौधारोपण किया गया है, वह पर्यावरण के प्रति युवाओं की सजगता को दर्शाता है। आज के युवा को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहकर देश के विकास में योगदान देना चाहिए। हमारा लक्ष्य सशक्त युवा और विकसित भारत का है, जिसे ये अनुशासित स्काउट्स पूरी शिद्दत से आगे बढ़ा रहे हैं।

    कार्यक्रम के दौरान विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित करवाई गई। ग्रुप लीडर सागर सज्जन सिंह ने कृषि मंत्री को द हरियाणा राज्य भारत स्काउट्स एण्ड गाइड्स चंद्रशेखर आजाद ओपन ग्रुप द्वारा आयोजित विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी।

  • अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर एनसीसी कैडेट्स ने किया सामूहिक योगाभ्यास

    अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर एनसीसी कैडेट्स ने किया सामूहिक योगाभ्यास

    ऊना सुशील पंडित : अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर राजकीय महाविद्यालय ऊना में 6 एचपी (आई) कंपनी एनसीसी ऊना द्वारा भव्य योग सत्र का आयोजन किया गया, जिसमें 6 एचपी (आई) कंपनी एनसीसी ऊना के कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए सामूहिक योगाभ्यास किया। इस योग सत्र में 1 एचपी गर्ल्स बटालियन की एनसीसी कैडेट्स तथा महाविद्यालय की रेड क्रॉस सोसायटी के स्वयंसेवकों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया और योग के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।

    कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय परिसर में प्रातःकालीन समय में किया गया, जहां बड़ी संख्या में कैडेट्स एवं स्वयंसेवक एकत्रित हुए। योग सत्र के दौरान प्रतिभागियों ने ताड़ासन, वृक्षासन, त्रिकोणासन, भुजंगासन, वज्रासन, सूर्य नमस्कार, कपालभाति, अनुलोम-विलोम तथा ध्यान सहित विभिन्न योग क्रियाओं का अभ्यास किया। योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में प्रतिभागियों को योग के वैज्ञानिक महत्व, स्वास्थ्य लाभों तथा दैनिक जीवन में इसकी उपयोगिता के बारे में भी विस्तार से जानकारी प्रदान की गई।

    महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. मीता शर्मा ने इस अवसर पर अपने संबोधन में कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक धरोहर है, जिसने आज विश्व स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि आधुनिक जीवनशैली में बढ़ते तनाव, अनियमित दिनचर्या और स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों के बीच योग एक प्रभावी समाधान के रूप में उभरा है। योग न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है बल्कि मानसिक संतुलन, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच को भी विकसित करता है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे योग को केवल एक दिवस तक सीमित न रखें, बल्कि इसे अपनी दैनिक जीवनचर्या का हिस्सा बनाकर स्वस्थ एवं अनुशासित जीवन की ओर अग्रसर हों।

    एनसीसी अधिकारी कैप्टन डॉ. अश्विनी कुमार ने कहा कि योग और एनसीसी दोनों का मूल उद्देश्य युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता तथा राष्ट्र सेवा की भावना का विकास करना है। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से शारीरिक क्षमता में वृद्धि होती है, मानसिक एकाग्रता बढ़ती है तथा कठिन परिस्थितियों का सामना करने की क्षमता विकसित होती है। उन्होंने कैडेट्स को जीवनभर योग को अपनाने तथा समाज में भी इसके प्रति जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने योग के महत्व को समझते हुए स्वस्थ जीवन, नशामुक्त समाज और सशक्त भारत के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया। पूरे योग सत्र में कैडेट्स का उत्साह और अनुशासन देखने योग्य था। योगाभ्यास के पश्चात सभी प्रतिभागियों ने सामूहिक ध्यान कर मानसिक शांति एवं आत्मिक ऊर्जा का अनुभव किया।

    इस अवसर पर प्रो. अलका शर्मा, कैप्टन डॉ. मोनिका खन्ना, डॉ. वरुण धीमान, प्रो. अनीता सैनी, डॉ. शिवानी भगत, कैप्टन विनोद कुमार तथा हवलदार जतिंदर भी उपस्थित रहे तथा उन्होंने योग सत्र में सक्रिय भागीदारी निभाई। सभी ने योग को स्वस्थ एवं संतुलित जीवन का आधार बताते हुए युवाओं से इसे अपनी दिनचर्या का अभिन्न अंग बनाने का आग्रह किया। कार्यक्रम का समापन शांति पाठ एवं योग संकल्प के साथ हुआ। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के इस आयोजन ने प्रतिभागियों को योग के महत्व से अवगत कराने के साथ-साथ स्वास्थ्य, अनुशासन और सकारात्मक जीवन मूल्यों को अपनाने की प्रेरणा भी प्रदान की।

     

  • हरियाणा लोक भवन में उत्साह पूर्वक मनाया गया 12 वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस

    हरियाणा लोक भवन में उत्साह पूर्वक मनाया गया 12 वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस

    चंडीगढ़: हरियाणा लोक भवन में रविवार को 12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस उत्साह एवं उल्लास के साथ मनाया गया। हरियाणा योग आयोग तथा आयुष विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस समारोह में हरियाणा के राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस अवसर पर प्रदेश की प्रथम महिला श्रीमती मित्रा घोष भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं।

    समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने कहा कि वर्तमान भारत सरकार न केवल देशवासियों के कल्याण के लिए, बल्कि समस्त मानवता के हित में भी निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि आज पूरा विश्व योग के मूल्यों को अपना रहा है और उनसे प्रेरणा ले रहा है। योग भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और प्राचीन सभ्यता का अभिन्न अंग है।

    राज्यपाल ने कहा कि योग केवल एक शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन जीने की एक समग्र पद्धति है, जो मानसिक शांति, भावनात्मक संतुलन तथा उत्तम स्वास्थ्य को बढ़ावा देती है। उन्होंने कहा कि मानसिक शांति से शरीर और मन दोनों का सर्वांगीण विकास संभव होता है। प्रो. असीम कुमार घोष ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस आज केवल भारत तक सीमित नहीं है, बल्कि विश्व के 150 से अधिक देशों में उत्साह पूर्वक मनाया जाता है। योग शरीर को सुदृढ़ बनाता है, मन को शांत करता है, चिंतन शक्ति को विकसित करता है तथा बौद्धिक क्षमता को बढ़ाता है। इस प्रकार यह व्यक्ति और समाज, दोनों के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

    कुछ विचार ऐसे होते हैं जो भौगोलिक सीमाओं से परे जाकर सार्वभौमिक स्वरूप ग्रहण कर लेते हैं। योग भारतीय संस्कृति का ऐसा ही एक अमूल्य आध्यात्मिक उपहार है, जिसे भारत ने विश्व को प्रदान किया है। योग के महत्व का उल्लेख ऋग्वेद, उपनिषदों तथा महर्षि पतंजलि के योग-दर्शन में मिलता है, जो भारत की दार्शनिक एवं आध्यात्मिक परंपरा में इसकी गहरी जड़ों का प्रमाण है। राज्यपाल ने स्वामी विवेकानंद के योगदान का भी स्मरण करते हुए कहा कि स्वामी विवेकानंद ने शिकागो में अपने ऐतिहासिक संबोधन के माध्यम से भारतीय आध्यात्मिक परंपरा की महानता को विश्व के समक्ष प्रस्तुत किया। उनके विचारों से प्रेरित होकर पश्चिमी देशों के अनेक लोगों ने योग के सिद्धांतों और मूल्यों को अपनाया।

    कार्यक्रम की सराहना करते हुए प्रो. असीम कुमार घोष ने आशा व्यक्त की कि आयोजक भविष्य में भी प्रतिवर्ष ऐसे आयोजन करते रहेंगे तथा योग के व्यापक लाभों के प्रति जन-जागरूकता को और अधिक सुदृढ़ करेंगे। कार्यक्रम में सामूहिक योगाभ्यास आयोजित किया गया, जिसमें योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासनों, प्राणायाम एवं ध्यान की क्रियाओं का अभ्यास कर योग के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

    कार्यक्रम में राज्यपाल के सचिव विजयकुमार भाविकट्टी, राज्यपाल के परिसहाय धीरज सेतिया सहित लोक भवन के सभी अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। समारोह का समापन सभी प्रतिभागियों द्वारा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के संकल्प के साथ हुआ।

     

  • प्रदेश के खिलाड़ियों को प्रदान कर रहे हैं बेहतरीन सुविधाएं: Sukhvinder Singh Sukhu

    प्रदेश के खिलाड़ियों को प्रदान कर रहे हैं बेहतरीन सुविधाएं: Sukhvinder Singh Sukhu

    शिमला: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने जिला हमीरपुर के अणु स्थित साई के सेंटर आफ एक्सीलेंस के प्रशिक्षुओं एवं युवा खिलाड़ियों तथा अन्य बच्चों के साथ संवाद किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को वर्ल्ड क्लास सुविधाएं प्रदान करने के लिए कृत संकल्प है। इस क्रम में नादौन में लगभग 125 करोड़ रुपए का अत्याधुनिक इंडोर स्टेडियम बनाया जा रहा है, जिसे इसी वर्ष प्रदेश के खिलाड़ियों को समर्पित कर दिया जाएगा। इसमें तैराकी, बैडमिंटन, वॉलीबॉल और टेनिस सहित 14 खेलों के लिए विश्व स्तरीय सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी।

    राज्य स्तरीय योग दिवस समारोह एवं योगाभ्यास सत्र में भाग लेने के बाद खिलाड़ियों के साथ संवाद के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने इंटरनेशनल प्रतियोगिताओं के पदक विजेताओं के लिए करोड़ों रुपए की पुरस्कार राशि का प्रावधान किया है। एशियन गेम्स के स्वर्ण पदक विजेताओं के लिए 3 करोड़ रुपए, रजत पदक विजेताओं के लिए 2 करोड़ और कांस्य पदक विजेताओं के लिए डेढ़ करोड़ रुपए तक के नकद पुरस्कार रखे गए हैं। इसी प्रकार ओलंपिक और अन्य इंटरनेशनल प्रतियोगिताओं में भी सराहनीय प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी करोड़ों रुपए के ईनाम दिए जा रहे हैं।

    साढ़े तीन वर्ष पहले प्रदेश सरकार ने कार्यभार संभालते ही खिलाड़ियों की डाइट मनी में कई गुणा वृद्धि की थी। इन खिलाड़ियों के लिए हवाई यात्रा और रेलवे एसी क्लास में यात्रा का प्रावधान भी किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अणु के सिंथेटिक ट्रैक ग्राउंड की मरम्मत के लिए भी पर्याप्त बजट का प्रावधान किया जा रहा है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री का सानिध्य पाकर यह खिलाड़ी काफी उत्साहित नजर आए।

     

  • अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर जिला सैनिक कल्याण कार्यालय ऊना में विशेष योग सत्र आयोजित

    अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर जिला सैनिक कल्याण कार्यालय ऊना में विशेष योग सत्र आयोजित

    ऊना सुशील पंडित : अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिला सैनिक कल्याण कार्यालय ऊना के कॉन्फ्रेंस हॉल में विशेष योग सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पूर्व सैनिकों तथा डिफेंस अकादमी ऊना के कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास किया। इस अवसर पर सैनिक कल्याण विभाग ऊना के उपनिदेशक लेफ्टिनेंट कर्नल (सेवानिवृत्त) एस.के. कालिया ने कहा कि योग शारीरिक व्यायाम से आगे शरीर, मन और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को अनुशासित, स्वस्थ और तनावमुक्त जीवन जीने की प्रेरणा देता है तथा प्रत्येक व्यक्ति को योग को अपनी दिनचर्या का अभिन्न अंग बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि सैनिक जीवन में शारीरिक क्षमता के साथ-साथ मानसिक दृढ़ता और आत्म-अनुशासन भी अत्यंत महत्वपूर्ण हैं तथा योग इन गुणों को विकसित करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने पूर्व सैनिकों और युवाओं से नियमित योगाभ्यास अपनाने का आह्वान किया।