Blog

  • NEET री-एग्जाम से पहले पेपर लीक का दावा, वीडियो कॉल पर दिखाया प्रश्न पत्र

    NEET री-एग्जाम से पहले पेपर लीक का दावा, वीडियो कॉल पर दिखाया प्रश्न पत्र

    नई दिल्लीः नीट री-एग्जाम से पहले एक बार फिर छात्रों की मुश्किलें बढ़ सकती है। आज दोपहर 2 बजे नीट की परीक्षा होने जा रही है। लेकिन इससे पहले अजमेर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां एक अज्ञात कॉलर ने परीक्षा में शामिल होने वाले एक छात्र को वीडियो कॉल पर प्रश्न पत्र दिखाने का दावा करते बदले में 30,000 रुपए की मांग की है। मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत जांच के लिए एक विशेष टीम का गठन भी कर दिया है।

    आपको बता दें 3 मई को नीट-यूजी परीक्षा पेपर लीक होने के चलते रद्द की गई थी। जिसके बाद आज इसका री-एग्जाम होने जा रहा है।

    डीएवी कॉलेज छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष और एबीवीपी सदस्य कृष्ण सिंह ठाकुर ने इस संबंध में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। कृष्ण सिंह ठाकुर ने पुलिस को बातचीत की रिकॉर्डिंग मुहैया करवाई। मामले की शिकायत के बाद पुलिस मोबाइल नंबर, QR कोड और वीडियो कॉल की जांच कर रही है।

    एडिशनल एसपी (सिटी) हिमांशु जागीद ने बताया कि पुलिस को शिकायत प्राप्त हुई है और जांच के लिए एक टीम गठित की गई है। उन्होंने कहा कि कॉल करने वाले की पहचान करने और वीडियो कॉल के दौरान दिखाए प्रश्न पत्र की प्रामाणिकता की पुष्टि करने के प्रयास जारी हैं।

    पुलिस के शुरुआती आकलन के मुताबिक, यह रविवार को होने वाली नीट की पुनर्परीक्षा में बैठने वाले छात्रों को गुमराह कर पैसे ऐंठने का एक बड़ा धोखाधड़ी का प्रयास (स्कैम) हो सकता है।

  • Punjab News: डीजे पर मामूली कहासुनी, शादी वाले दिन हुई खूनी झड़प, देखें वीडियो

    Punjab News: डीजे पर मामूली कहासुनी, शादी वाले दिन हुई खूनी झड़प, देखें वीडियो

    कपूरथलाः मॉडल टाउन स्थित सिटी हॉल के निकट एक गली में चल रहे विवाह समारोह के दौरान दो पक्षों के बीच हुई हिंसक झड़प में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को थाना सिटी के एसएचओ और परिजनों की मदद से सिविल अस्पताल कपूरथला में भर्ती कराया गया।

    इलाज में घायल मनप्रीत सिंह पुत्र कश्मीर सिंह निवासी देवलांवाला ने बताया कि वह अपने रिश्तेदार के विवाह समारोह में शामिल होने आया था। बीती रात डीजे पर मामूली कहासुनी हो गई थी, जिसे परिवार के सदस्यों ने समझौते के जरिए शांत करवा दिया था।

    मनप्रीत सिंह के अनुसार अगले दिन विवाह समारोह के दौरान साहिल और उसके कुछ साथियों ने उस पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं दूसरे पक्ष के साहिल पुत्र सुखविंदर निवासी साबूवाल ने बताया कि वह अपने एक साथी के साथ विवाह समारोह में आया था। उसका आरोप है कि मनप्रीत सिंह और उसके साथियों के साथ विवाद होने के बाद उन लोगों ने उस पर तेजधार हथियारों से हमला किया, जिससे उसका हाथ कट गया है।

    दोनों घायलों को सिविल अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया, जहां ड्यूटी डॉक्टर विजय द्वारा उनका उपचार किया गया। साहिल की हालत गंभीर होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेडिकल कॉलेज अमृतसर रेफर कर दिया गया। दोनों घायलों की एमएलआर तैयार कर थाना सिटी पुलिस को भेज दी गई है।
    थाना सिटी के एसएचओ अमनदीप नाहर ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि विवाह समारोह के दौरान दो पक्षों में झगड़ा हुआ, जिसमें साहिल का हाथ गंभीर रूप से घायल हुआ जबकि मनप्रीत को भी चोटें आई हैं। पुलिस दोनों पक्षों के बयान दर्ज करने के बाद अगली कानूनी कार्रवाई करेगी।

     

     

     

  • Punjab News: APMC खातों से मनी लॉन्ड्रिंग, 3 हजार करोड़ का GST घोटाला, 5 पर केस

    Punjab News: APMC खातों से मनी लॉन्ड्रिंग, 3 हजार करोड़ का GST घोटाला, 5 पर केस

    लुधियानाः प्रवर्तन निदेशालय की दिल्ली विंग ने पंजाब में एक बड़े घोटाले का पर्दाफाश किया है। जिसमें ईडी ने 5 लोगों पर थाना जमालपुर में केस भी दर्ज करवाया है। जानकारी के अनुसार मंडी गोविंदगढ़ में 3089.57 करोड़ रुपए के फर्जी बिलिंग और मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़ा है।

    इस मामले में कई बैंक अधिकारी और चार्टर्ड अकाउंटेंट भी जांच के दायरे में हैं। आरोपियों ने अवैध लेन-देन छिपाने के लिए कृषि उत्पाद बाजार समिति (एपीएमसी) खातों का उपयोग किया। उन्होंने फर्जी बिलिंग की रकम को कृषि भुगतान के नाम पर खपाया। इसके बाद तुरंत नकदी निकालकर ठिकाने लगा दी गई।

    एजेंसी के अनुसार बिना किसी वास्तविक खरीद-बिक्री के कागजी बिलों का ट्रांसफर किया गया। इससे सरकार से करोड़ों रुपए का फर्जी इनपुट टैक्स क्रेडिट हासिल किया गया। ईडी के सहायक निदेशक सूरज कुमार यादव की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है। इसमें अमित कुमार गोयल, मनीष कुमार, गौरव अग्रवाल, गुरदीप सिंह और बलवंत सिंह नामजद हैं। ये मामला सरकार के इंटेलिजेंस सॉफ्टवेयर द्वारा संदिग्ध लेन-देन चिह्नित करने के बाद सामने आया।

    इस घोटाले में आरोपियों ने मनी लॉन्ड्रिंग के लिए जानबूझकर एपीएमसी खातों को चुना। एपीएमसी राज्य सरकारों द्वारा संचालित एक व्यवस्था है। इन खातों में रोजाना करोड़ों रुपए का भारी नकद लेन-देन होता है। इससे बैंकिंग और कर स्क्रूटनी सिस्टम में ये लेन-देन सामान्य दिखते हैं। आरोपियों ने इसी छूट का फायदा उठाकर कर चोरी को अंजाम दिया।

    ईडी ने पंजाब स्मॉल इंडस्ट्रीज एंड एक्सपोर्ट कॉरपोरेशन (पीएसीआईईसी) के चीफ जनरल मैनेजर को 40 एकड़ जमीन आवंटन मामले में समन जारी किया है। यह मामला उद्योग मंत्री संजीव अरोड़ा से जुड़ी फर्म रितेश प्रॉपर्टीज को हुए भूमि आबंटन से जुड़ा है। ईडी ने आरोप लगाया है कि अरोड़ा से जुड़ी कंपनियों ने शेल कंपनियों के माध्यम से मोबाइल कारोबार में 157.12 करोड़ रुपए की फर्जी बिक्री दिखाकर निर्यात का टैक्स लाभ हासिल किया। गौरतलब है कि इसी मामले में ईडी पहले भी जालंधर के ठेकेदार अमित बजाज के ठिकानों पर छापेमारी कर चुकी है।

     

  • Jalandhar News: योग दिवस पर LPU पहुंचे BJP राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतिन नबीन, की ये अपील, देखें वीडियो

    Jalandhar News: योग दिवस पर LPU पहुंचे BJP राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतिन नबीन, की ये अपील, देखें वीडियो

    जालंधर : आज 21 जून, 2026 को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) के विशाल प्रांगण में सुबह के सत्र में योगाभ्यास का आयोजन किया गया। इस दौरान 3 दिवसीय पंजाब दौरे पर आए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने जालंधर में लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में सैकड़ों लोगों के साथ योग किया।

    कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नितिन नबीन ने कहा कि अब देश का भविष्य युवा साथियों के हाथ में है, लेकिन देश का भविष्य बनाते हुए युवा साथी एक चीज का ध्यान जरूर रखें कि देश के तिरंगे और देश की मिट्टी के साथ कभी भी कंप्रोमाइज नहीं होना चाहिए। इस कार्यक्रम में नितिन नवीन के साथ राज्यसभा सांसद तरूण चुग, भाजपा पंजाब प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों, LPU के चांसलर अशोक मित्तल, विजय सांपला, विक्रमजीत सिंह साहनी और सोम प्रकाश सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। सभी उपस्थित नेताओं और सैकड़ों उपस्थित लोगों ने एक साथ योग क्रियाओं में हिस्सा लिया।

    कार्यक्रम को ‘12-12-12’ थीम पर आयोजित किया गया — यह थीम इस बार 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वैश्विक योग आंदोलन के 12 साल और लगभग 12,000 प्रतिभागियों की भागीदारी को दर्शाती है। आयोजकों ने कहा कि योग का उद्देश्य शारीरिक, मानसिक और आत्मिक स्वास्थ्य को बढ़ावा देना है और युवाओं सहित सभी उम्र के लोगों को योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित करना है।

  • पुलिस और बदमाश में मुठभेड़: पैर में गोली लगने से घायल आरोपी काबू

    पुलिस और बदमाश में मुठभेड़: पैर में गोली लगने से घायल आरोपी काबू

    रोहतकः रोहतक के महम में सुबह रोहतक CIA और एक बदमाश के बीच मुठभेड़ में आरोपी घायल हो गया, जिसके पैर में गोली लगी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अमन महम से कांग्रेस विधायक बलराम दांगी के कार्यालय पर हुई फायरिंग की घटना में शामिल था।

    पुलिस और बदमाश के बीच हुई क्रॉस फायरिंग में आरोपी घायल हुआ है, जिसे उपचार के लिए पीजीआईएमएस रोहतक के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। घायल बदमाश की पहचान लाखन माजरा निवासी अमन के रूप में हुई है।

    गौरतलब है कि गत दिनों महम स्थित विधायक बलराम दांगी के कार्यालय पर अज्ञात बदमाशों ने फायरिंग कर दहशत फैलाने की कोशिश की थी। बाइक पर सवार दो नकाबपोश कार्यालय के बाहर पहुंचे और चार राउंड फायरिंग कर मौके से फरार हो गए थे। ये वारदात कार्यालय के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई थी। घटना की जानकारी शनिवार सुबह उस समय मिली, जब कार्यालय के कर्मचारी और कार्यकर्ता वहां पहुंचे। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

    सूचना मिलते ही महम थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की। जांच में रोहतक सीआईए को आरोपी अमन के संबंध में अहम सुराग मिले। पुलिस टीम ने उसे पकड़ने का प्रयास किया, जिसके दौरान महम क्षेत्र में मुठभेड़ हो गई। बताया जा रहा है कि आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग की, जिसके जवाब में हुई क्रॉस फायरिंग में उसके पैर में गोली लगी।

    घायल आरोपी को तत्काल उपचार के लिए पीजीआईएमएस रोहतक भेजा गया, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है और फायरिंग की वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

     

  • योग एक दिन का उत्सव नहीं, हर रोज की दिनचर्या का हिस्साः मंत्री आरती राव, देखें वीडियो

    योग एक दिन का उत्सव नहीं, हर रोज की दिनचर्या का हिस्साः मंत्री आरती राव, देखें वीडियो

    पंचकूलाः अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर पंचकूला में आयोजित राज्य स्तरीय योग कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नायब सैनी और हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती राव ने योग किया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्ज्वलित किया।

    स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस विश्व भर में मनाया जा रहा है। राज्य में हर साल ब्लाक, जिला और राज्य स्तर पर योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि योग एक दिन का उत्सव नहीं होना चाहिए ये हमारी हर रोज दिनचर्या का हिस्सा होना चाहिए। वहीं उन्होंने योग की शुभकामनाएं भी दी और नीट परीक्षा को लेकर भी अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं दी।

     

     

  • आज का राशिफल, 21 जून 2026

    आज का राशिफल, 21 जून 2026

    आज ग्रीष्म संक्रांति की सूर्यदेव की पीक ऊर्जा, मंगलदेव का वृषभ में आगमन और बुधदेव का शाम को तीन बजकर 25 मिनट में कर्क में प्रवेश एक साथ हो रहे हैं। यह तीनों बदलाव मिलकर आज के दिन को बेहद खास बनाते हैं। जो भी नई शुरुआत आज करेंगे, वो टिकाऊ और फलदायी होगी। बृहस्पति और शुक्रदेव का पुष्यामृत योग बना हुआ है। पिछले कुछ दिनों की तीव्रता अब धीरे-धीरे शांत होने लगेगी। मेष राशि के जातकों को पुरानी थकान से बड़ी राहत मिलेगी। मिथुन राशि वालों के लिए पहचान को आगे बढ़ाने का दिन है। आइए विस्तार से जानते हैं आज का भविष्यफल।

    मेष राशि: आज पिछले कुछ हफ्तों की थकान जाएगी और मन में हल्कापन आएगा। मेष राशि वालों के लिए आज का दिन एक बड़ी राहत लेकर आया है। कल रात मंगलदेव मेष से निकलकर वृषभ राशि में आ गए हैं। पिछले कई हफ्तों से जो तीव्र ऊर्जा और जल्दबाजी का दौर चल रहा था, वो आज से शांत होने लगेगा। अब मंगलदेव पैसों और परिवार वाले घर में हैं, जिसका मतलब है कि आज से कमाई और घर पर ध्यान देने का वक्त है। रचनात्मक काम में आज एक खुशनुमा और हल्की एनर्जी है। घर के चौथे भाव में बृहस्पति और शुक्रदेव का साथ बना हुआ है। आज साल का सबसे लंबा दिन है, इस शुभ वक्त में कोई नई शुरुआत करें तो वो टिकाऊ होगी। बुधदेव आज कर्क राशि में प्रवेश कर रहे हैं, जिससे बातचीत में नई भावनात्मक गहराई आएगी।

    वृष राशि: आज मंगलदेव आपकी राशि में आत्मविश्वास लेकर आए हैं। वृष राशि वालों के लिए आज का दिन एक नई शुरुआत का है। मंगलदेव कल रात आपकी अपनी राशि में आ गए हैं और आज से आपके व्यक्तित्व में एक नई तरह की ऊर्जा दिखेगी। पहले जैसी हड़बड़ी नहीं होगी, अब एक धीरे-धीरे और मजबूती से आगे बढ़ने की ताकत महसूस होगी। बातचीत में आज बृहस्पति, शुक्रदेव और बुधदेव तीनों का साथ है, जो बता रहा है कि आज जो भी बात आप कहेंगे, वो न सिर्फ सुनी जाएगी, बल्कि लोगों पर असर भी करेगी। घर में आज एक खुशनुमा और हल्का माहौल रहेगा। ग्रीष्म संक्रांति के इस खास दिन पर कोई नई शुरुआत करें, तो साल के सबसे लंबे दिन की शक्ति उसे टिकाऊ बनाएगी।

    मिथुन राशि: आज आपके लिए इस महीने का सबसे रोशन दिन है। मिथुन राशि वालों के लिए आज का दिन साल के सबसे खास दिनों में से एक है। आज ग्रीष्म संक्रांति है, यानी साल का सबसे लंबा दिन और सूर्यदेव की सबसे ज्यादा ताकत का दिन। यह सब आपकी ही राशि में हो रहा है। सूर्यदेव और बुधदेव दोनों लग्न पर हैं, जिससे बुद्धि और पहचान दोनों आज अपने शिखर पर हैं। हालांकि, आज बुधदेव दोपहर के बाद कर्क राशि में जाने वाले हैं, जो बता रहा है कि बौद्धिकता के इस चरम के बाद भावनात्मक बुद्धि का दौर शुरू होने वाला है। पैसों में बृहस्पति और शुक्रदेव का साथ बेहद शुभ है। आज का दिन किसी नई शुरुआत के लिए इस्तेमाल करें, तो यह लंबे समय तक फल देगा।

    कर्क राशि: आज बुधदेव आपकी राशि में आकर बातचीत में नई गहराई देंगे। कर्क राशि वालों के लिए आज का दिन एक नए अध्याय की शुरुआत करने का है। बुधदेव आज आपकी अपनी राशि में प्रवेश कर रहे हैं, जिससे बातचीत में नई भावनात्मक गहराई और सहजता आएगी। बृहस्पति और शुक्रदेव दोनों पहले से लग्न पर हैं और उनका साथ व्यक्तित्व में असाधारण आकर्षण और समझदारी दे रहा है। योगकारक मंगलदेव लाभ वाले घर में हैं, जिससे कमाई में धीरे-धीरे लेकिन मजबूती से बढ़ोतरी होगी। ग्रीष्म संक्रांति के इस दिन पर अगर कोई नई शुरुआत करेंगे, तो वो बेहद टिकाऊ और फलदायी होगी। प्रेम जीवन के लिए आज से बेहतर दिन इस महीने नहीं आएगा।

    सिंह राशि: आज पूर्वफाल्गुनी नक्षत्र की ऊर्जा हल्कापन और खुशी लाएगी। सिंह राशि वालों के लिए आज का दिन कल से बिल्कुल अलग और हल्का है। चंद्रदेव पूर्वफाल्गुनी नक्षत्र में हैं, जो सुंदरता, प्रेम और आनंद का नक्षत्र है। पिछले दो-तीन दिनों की गंभीरता और पितर-भाव के बाद आज मन में एक ताजगी और खुशी है। रचनात्मक काम में आज मन खूब लगेगा। लग्नेश सूर्यदेव और बुधदेव लाभ वाले घर में हैं, जिससे नेटवर्किंग और कमाई में एक बौद्धिक बढ़त मिलेगी। ग्रीष्म संक्रांति का यह खास दिन नेटवर्किंग, दोस्तों के साथ किसी नई शुरुआत की प्लानिंग करने के लिए बेहतर है। हालांकि, एक बात का ध्यान रखें कि आराम और मनोरंजन में इतना न डूब जाएं कि जरूरी काम पीछे छूट जाए।

    कन्या राशि: करियर में आज सूर्यदेव और बुधदेव मिलकर लंबे असर वाला काम कराएंगे। कन्या राशि वालों के लिए आज का दिन करियर के मामले में महीने के सबसे उज्जवल दिनों में से एक है। लग्नेश बुधदेव और सूर्यदेव दोनों दसवें घर में हैं और आज ग्रीष्म संक्रांति पर सूर्यदेव की चरम ताकत का भी साथ मिल रहा है। आज करियर में जो भी कदम उठाएंगे, उसका असर लंबे समय तक रहेगा। बुधदेव आज कर्क में जाने वाले हैं, जिससे लाभ वाले घर में भावनात्मक और समझदार नजरिया आएगा। ग्यारहवें घर में बृहस्पति और शुक्रदेव का साथ लाभ के लिए बेहद शुभ है। शनिदेव साझेदारियों में स्थिरता देते हैं। आज मंगलदेव के वृषभ में जाने से काम में धैर्य और दृढ़ता का नया दौर शुरू हुआ है।

    तुला राशि: करियर में आज तीन बड़े ग्रहों का मेल से मिलेगा मान-सम्मान। तुला राशि वालों के लिए आज का दिन करियर के लिहाज से इस साल के सबसे यादगार दिनों में से एक है। लग्नेश शुक्रदेव, बृहस्पति और आज बुधदेव भी दसवें घर में आ जाएंगे। तीनों का करियर वाले घर में एक साथ होना और ऊपर से ग्रीष्म संक्रांति का साथ बता रहा है कि आज करियर में जो भी बड़ा कदम उठाएंगे, वो सालों तक असर करेगा। कार्यस्थल में पहचान और मान-सम्मान मिलेगा। कोई जरूरी मीटिंग हो, कोई बड़ी बात कहनी हो या कोई नई शुरुआत करनी हो, तो आज से बेहतर दिन इस महीने नहीं आएगा। शाम के बाद भी माहौल अनुकूल है। मंगलदेव के वृषभ में जाने से रिश्तों में अब स्थिर और सौम्य एनर्जी आएगी।

    वृश्चिक राशि: आज जो नई शुरुआत करेंगे, उसे किस्मत हाथ थाम कर आगे ले जाएगी। वृश्चिक राशि वालों के लिए आज का दिन भाग्य के मोर्चे पर कुछ ऐसा लेकर आया है, जो रोज नहीं होता। बृहस्पति और शुक्रदेव पहले से भाग्य वाले घर में बैठे थे और आज बुधदेव भी वहीं पहुंच गए हैं। जब तीन बड़े ग्रह एक साथ इस घर में बैठ जाएं तो किस्मत खुद रास्ते बनाने लगती है। ऊपर से आज साल का सबसे लंबा दिन है, जिसकी सूर्यदेव की ऊर्जा हर नई शुरुआत को मजबूत जड़ें देती है। लिहाजा आज जो भी शुरू करेंगे उसे किस्मत का पूरा साथ मिलेगा और वो टिकाऊ भी होगा। एक और खुशखबरी यह है कि लग्नेश मंगलदेव अब वृषभ में आ गए हैं, जिसका असर रिश्तों पर भी पड़ेगा। पहले जैसी हड़बड़ाहट और जल्दबाजी जाएगी और उसकी जगह एक ठहराव और गहराई आएगी। करियर में चंद्रदेव आनंद और रचनात्मकता का माहौल बना रहे हैं, जो काम करेंगे उसमें एक अच्छा एहसास रहेगा।

    धनु राशि: थोड़ा वक्त एकांत में बिताएं, मन को शांति मिलेगी। धनु राशि वालों के लिए आज का दिन उन लोगों का है, जो चुपचाप मेहनत करते हैं और बिना शोर के नतीजे का इंतजार करते हैं। आपके लग्नेश बृहस्पति और शुक्रदेव पहले से छुपे मामलों वाले घर में थे और आज बुधदेव भी वहीं आ गए हैं। यह तीनों मिलकर बता रहे हैं कि जो कोशिश पर्दे के पीछे चल रही थी वो अब नतीजे की तरफ बढ़ रही है। आज कोई ऐसी खबर या मौका अचानक दरवाजे पर दस्तक दे सकता है जिसकी शायद उम्मीद भी नहीं थी। आज साल का सबसे लंबा दिन है और इस खास दिन पर अगर थोड़ा वक्त एकांत में बिताएं, प्रार्थना करें या बस चुपचाप बैठ जाएं तो मन को एक ऐसी शांति मिलेगी जो बाहर की दुनिया में नहीं मिलती। मंगलदेव अब रिश्तों वाले घर में आ गए हैं, जिससे पुराने रिश्ते में एक नई ऊर्जा आएगी। चंद्रदेव आनंद से भरे नक्षत्र में हैं, तो मन हल्का और खुश रहेगा। दिनभर कुछ न कुछ ऐसा जरूर होता रहेगा, जो चेहरे पर मुस्कान लाएगा।

    मकर राशि: साझेदारी के मामले में आज सबसे शुभ दिन है। मकर राशि वालों के लिए आज रिश्तों और साझेदारी के मामले में साल का सबसे खास दिन है। योगकारक शुक्रदेव, बृहस्पति और आज बुधदेव भी सातवें घर में आ जाएंगे। तीनों का साझेदारी वाले घर में होना और ग्रीष्म संक्रांति का साथ बता रहा है कि आज जो रिश्ता पक्का करें या कारोबारी साझेदारी करें वो बेहद टिकाऊ और फलदायी होगी। यह मौका बहुत कम मिलता है। मंगलदेव रचनात्मक काम में एक नई स्थिर और मजबूत एनर्जी दे रहे हैं। चंद्रदेव पूर्वफाल्गुनी नक्षत्र में हैं, जिससे छुपे मामलों में ऐसी गर्माहट और स्पष्टता आएगी, जो पहले नहीं थी। आज के इस दिन का पूरा फायदा उठाएं।

    कुंभ राशि: आज घर में रहेगा स्थिर माहौल। कुंभ राशि वालों के लिए आज का दिन सेहत और प्रतिस्पर्धा के लिहाज से इस साल का सबसे शुभ दिन है। योगकारक शुक्रदेव, बृहस्पति और आज बुधदेव भी छठे घर में आ जाएंगे। तीनों का सेहत वाले घर में होना और ग्रीष्म संक्रांति की ऊर्जा बता रही है कि जो भी पुरानी तकलीफ है उसके लिए आज कदम उठाएं तो नतीजा बेहद अच्छा आएगा। मुकाबले में दुश्मन आज खुद ही कमजोर पड़ेंगे। रचनात्मक काम में बुधदेव और सूर्यदेव की बौद्धिक ऊर्जा भी साथ है। मंगलदेव अब घर वाले भाव में हैं, जिससे घर में स्थिर माहौल बनेगा। आज का दिन सेहत के लिए एक नई शुरुआत करने का है।

    मीन राशि: परिजनों के साथ बातचीत में आएगी भावनात्मक मिठास। मीन राशि वालों के लिए आज का दिन प्रेम और रचनात्मकता के मामले में साल का सबसे खास और यादगार दिन है। आपके लग्नेश बृहस्पति, शुक्रदेव और आज बुधदेव भी पांचवें घर में आ जाएंगे। तीनों का प्रेम और रचनात्मकता के घर में होना और ग्रीष्म संक्रांति का साथ बता रहा है कि आज जो भी रचनात्मक काम शुरू करें या प्रेम में जो भी कदम उठाएं वो लंबे समय तक रंग लाता रहेगा। आज से बेहतर दिन इस महीने इस राशि के लिए नहीं आएगा। बुधदेव के कर्क में आने से घर में बातचीत में एक नई भावनात्मक मिठास आएगी। मंगलदेव पैसों के घर में मजबूती से खड़े हैं, धन से जुड़े फैसले आज स्थिर और टिकाऊ होंगे।

  • Jalandhar पहुंचे राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन, बोले-वीरों की भूमि Punjab, बंगाल की तरह यहां भी बनेगी भाजपा की  सरकार, देखें वीडियो

    Jalandhar पहुंचे राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन, बोले-वीरों की भूमि Punjab, बंगाल की तरह यहां भी बनेगी भाजपा की सरकार, देखें वीडियो

    जालंधर. ENS: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन 3 दिन के पंजाब दौरे पर है। आज अमृतसर के गोल्डन टेंपल पर नतमस्तक होने के बाद वह देर रात जालंधर पहुंचे। राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के जालंधर आगमन को लेकर सभी कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों में काफी उत्साह देखने को मिला। शनिवार शाम को करीब 7 बजे से ही चौक पर पार्टी लीडर और वर्करों की भीड़ जमा हो गई। नितिन नवीन के स्वागत के बाद भगवान वाल्मीकि चौक तक रोड शो निकला गया।

    इस मौके भाजपा जालंधर शहरी जिला अध्यक्ष सुशील शर्मा, पूर्व मंत्री मनोरंजन कालिया, पूर्व सीपीएस केडी भंडारी, पूर्व सांसद सुशील रिंकू, पूर्व विधायक शीतल अंगुराल, ट्रेड सेल के कनवीनर रविदर धीर, पूर्व विधायक सरबजीत सिंह मक्कड़ सहित वर्कर मौजूद थे। देर रात 10 बजे नीतिन नबीन मीडिया के सामने आए। इस दौरान मीडिया से बात करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि पंजाब वीरों की धरती है।

    पंजाब के लोगों ने शहादत देकर देश की रक्षा की है। पंजाब के गुरुओं की बाणी ने देश की संस्कृति की आत्मा को खास संदेश दिया और देश को एकजुट किया है। गुरुओं की पवित्र भूमि पंजाब कहीं ना कहीं भारतीय सैनिकों की भी भूमि है और भारतीय शहीदों की भी वीर भूमि है। ऐसे में वीर भूमि पर आकर वह नतमस्तक हो रहे हैं। आज पंजाब दौरे के दौरान उन्हें लोगों में भारी उत्साह देखने को मिला। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि जिस तरह पश्चिम बंगाल में भाजपा सत्ता में आई है ठीक उसी तरह पंजाब में भी भाजपा बहुमत से जीत हासिल कर सत्ता में आएंगी।

     

     

  • नागरिक अस्पताल बद्दी में रोगी कल्याण समिति की बैठक 

    नागरिक अस्पताल बद्दी में रोगी कल्याण समिति की बैठक 

    पोस्टमार्टम करने के लिए अनुभवी कर्मचारी को आऊट सोर्स पर तैनात करने की प्रस्ताव पारित किया

    बददी, सचिन बैंसल: बद्दी ( उपमंडलाधिकारी (एसडीएम) बद्दी की अध्यक्षता में शनिवार को नागरिक अस्पताल बद्दी एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरोटीवाला की रोगी कल्याण समिति (आरकेएस) की वार्षिक गवर्निंग बॉडी की बैठक संपन्न हुई। बैठक में दोनों अस्पतालों की वित्तीय स्थिति, विकास कार्यों, स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार तथा आगामी वित्तीय वर्ष के बजट प्रस्तावों पर विस्तृत चर्चा करते हुए विभिन्न एजेंडों को अनुमोदित किया गया।

    बैठक में नागरिक अस्पताल बद्दी के नए भवन निर्माण की प्रगति की समीक्षा की गई। वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान 36.64 लाख रुपये की प्राप्तियों के विरुद्ध 22.41 लाख रुपये के व्यय तथा 14.23 लाख रुपये की शेष राशि को अनुमोदन प्रदान किया गया। साथ ही वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 65.70 लाख रुपये की अनुमानित आय तथा 64.45 लाख रुपये के प्रस्तावित बजट को भी स्वीकृति दी गई।

    बैठक में अस्पताल में मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने तथा आरकेएस की आय बढ़ाने के उद्देश्य से कैंटीन भवन, ड्रग एवं ड्रेसिंग आउटलेट, ओपीडी कमरों में पार्टिशन, वार्डों में स्टाफ नर्स वर्क स्टेशन, सुरक्षा द्वार एवं रैंप निर्माण सहित विभिन्न निर्माण कार्यों के प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। इसके अलावा पोस्टमार्टम कार्य में सहयोग हेतु अनुभवी सेवानिवृत्त कर्मचारी की सेवाएं जारी रखने संबंधी प्रस्ताव को भी अनुमोदित किया गया।

    गवर्निंग बॉडी ने अस्पताल में सफाई, सुरक्षा एवं डेटा एंट्री सेवाओं को आउटसोर्स आधार पर जारी रखने का निर्णय लिया। बैठक में अस्पताल परिसर में प्रस्तावित कैंटीन एवं केमिस्ट शॉप की स्थापना के लिए टेंडर प्रक्रिया आगे बढ़ाने को भी स्वीकृति प्रदान की गई, जिससे अस्पताल की आय में वृद्धि होने की उम्मीद है।

    इसी प्रकार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरोटीवाला की आरकेएस बैठक में अस्पताल के नए भवन में संचालित स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की गई। वित्तीय वर्ष 2025-26 के आय-व्यय विवरण तथा वर्ष 2026-27 के लिए प्रस्तावित बजट को मंजूरी प्रदान की गई। साथ ही अस्पताल की आवश्यकताओं के अनुसार दवाइयों, उपकरणों, प्रयोगशाला सामग्री, फर्नीचर, स्टेशनरी एवं अन्य आवश्यक वस्तुओं की खरीद तथा छोटे-मोटे मरम्मत कार्यों के लिए सामान्य स्वीकृति भी प्रदान की गई।

    बैठक के दौरान सदस्यों ने अस्पतालों में स्वास्थ्य सुविधाओं को और बेहतर बनाने संबंधी सुझाव भी दिए। अध्यक्ष एसडीएम बद्दी ने स्वास्थ्य संस्थानों में पारदर्शिता, स्वच्छता एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने पर बल देते हुए कहा कि रोगियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को स्वीकृत योजनाओं एवं विकास कार्यों को निर्धारित समयावधि में पूरा करने के निर्देश दिए।

    बैठक के अंत में रोगी कल्याण समिति के सदस्यों ने अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाओं के निरंतर विस्तार एवं विकास के लिए सामूहिक प्रयास जारी रखने का संकल्प लिया। बैठक में दून के विधायक राम कुमार चौधरी, बीएमओ डॉ. अनिल आरोड़ा, बीडीओ कुलदीप सिंह, एसएमओ डॉ. महावीर चौहान, डॉ. अशीष भाटिया, एसडीओ मनीष ठाकुर, एनयूजे के  राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ रणेश राणा,प्रेस क्लब बददी के अध्यक्ष सचिन बैंसल, संजीव कुंडलस,  अच्छरपाल कौशल, बलजिंद्र सिंह, तहसील कल्याण अधिकारी योगिता चौधरी भी उपस्थित रही।

  • हिमाचल की बेटी डॉ. अंकिता रघुवंशी ने रचा नया इतिहास, IIIT गांधीनगर से Ph.D. उपाधि के साथ शोध को मिला राष्ट्रीय पेटेंट

    हिमाचल की बेटी डॉ. अंकिता रघुवंशी ने रचा नया इतिहास, IIIT गांधीनगर से Ph.D. उपाधि के साथ शोध को मिला राष्ट्रीय पेटेंट

    ऊना,सुशील पंडित: हिमाचल प्रदेश की प्रतिभाशाली बेटी डॉ. अंकिता रघुवंशी ने एक बार फिर क्षेत्र, प्रदेश और देश का नाम रोशन किया है। भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (IIIT) गांधीनगर के दीक्षांत समारोह में उन्हें डॉक्टर ऑफ फिलॉसफी (Ph.D.) की उपाधि प्रदान की गई। इससे पूर्व उनके शोध कार्य को भारतीय पेटेंट कार्यालय द्वारा राष्ट्रीय पेटेंट भी प्रदान किया जा चुका है, जिससे उनकी उपलब्धि और अधिक गौरवशाली बन गई है।
    पालमपुर से डॉ. अंकिता रघुवंशी, श्रीमती पूनम रघुवंशी एवं डॉ. अजय रघुवंशी की सुपुत्री हैं। उन्होंने अपने पीएच.डी. शोध के दौरान पार्किंसन रोग से पीड़ित मरीजों की सहायता के लिए एक अभिनव तकनीक विकसित की। उनके शोध विषय “A System for Predicting Freezing of Gait in Users” को भारतीय पेटेंट कार्यालय द्वारा मान्यता देते हुए पेटेंट प्रदान किया गया।
    यह तकनीक पार्किंसन रोगियों में चलने के दौरान अचानक होने वाली रुकावट (Freezing of Gait) का पूर्वानुमान लगाने में सक्षम है। सेंसर-आधारित स्मार्ट जूतों और आधुनिक डेटा विश्लेषण प्रणाली के माध्यम से विकसित यह तकनीक रोगियों की चाल, गति और गतिविधियों के पैटर्न का अध्ययन कर संभावित खतरे की पहले ही पहचान कर सकती है। इससे चिकित्सकों और देखभालकर्ताओं को समय रहते आवश्यक कदम उठाने में सहायता मिलेगी तथा रोगियों की सुरक्षा एवं जीवन की गुणवत्ता में सुधार होगा।
    डॉ. अंकिता की यह उपलब्धि केवल एक शैक्षणिक सफलता नहीं, बल्कि समाज के लिए उपयोगी शोध और नवाचार का उत्कृष्ट उदाहरण है। उनका शोध स्वास्थ्य तकनीक, न्यूरो-रिहैबिलिटेशन और रोगी देखभाल के क्षेत्र में नई संभावनाओं के द्वार खोलता है।
    डॉ. अंकिता अपनी सफलता का श्रेय अपने परिवार से मिले संस्कारों और प्रेरणा को देती हैं। उनके स्वर्गीय दादा श्री सुरिन्दर सिंह रघुवंशी तथा हिमोत्कर्ष के संस्थापक एवं उनके स्वर्गीय नाना कुँवर हरिसिंह उनके जीवन के प्रमुख प्रेरणास्रोत रहे हैं। शिक्षा, समाज सेवा और उत्कृष्टता के प्रति उनकी सोच ने डॉ. अंकिता के व्यक्तित्व को गहराई से प्रभावित किया है।
    साथ ही उनकी माता श्रीमती पूनम रघुवंशी एवं पिता डॉ. अजय रघुवंशी का सतत मार्गदर्शन, प्रोत्साहन और आशीर्वाद उनकी इस सफलता की मजबूत नींव रहा है। परिवार के सहयोग और मूल्यों ने उन्हें शोध एवं शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
    डॉ. अंकिता रघुवंशी की यह दोहरी उपलब्धि—Ph.D. उपाधि और राष्ट्रीय पेटेंट—न केवल रघुवंशी परिवार बल्कि पूरे पालमपुर, कांगड़ा और हिमाचल प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। क्षेत्र के शिक्षाविदों, सामाजिक संगठनों और गणमान्य व्यक्तियों ने उन्हें इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर हार्दिक बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।
    सभी को विश्वास है कि डॉ. अंकिता रघुवंशी भविष्य में भी शिक्षा, अनुसंधान और नवाचार के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित कर देश और प्रदेश का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करेंगी।