Blog

  • बड़ा झटका, महंगी होंगी दवाएं! सरकार से मिली मंजूरी

    बड़ा झटका, महंगी होंगी दवाएं! सरकार से मिली मंजूरी

    नई दिल्ली: देशभर में दवाओं के दाम बढ़ने जा रहे हैं. सरकार ने दवाइयों की कीमतों में करीब 0.65% तक बढ़ोतरी की अनुमति दे दी है। 2025 के लिए थोक मूल्य सूचकांक (WPI) के आधार पर दवाओं की कीमतों में इजाफा करने की अनुमति दी गई है। यह आदेश नेशनल फार्मास्युटिकल प्राइसिंग अथॉरिटी (NPPA) की ओर से जारी किया गया है। इसके मुताबिक, दवा कंपनियां अब तय फॉर्मूले के अनुसार MRP बढ़ा सकती हैं।

    इसके लिए उन्हें सरकार से अलग से मंजूरी लेने की जरूरत नहीं होगी। यानी इसे समझें तो अब कुछ जरूरी दवाइयां थोड़ी महंगी हो सकती हैं, क्योंकि कंपनियों को सालाना महंगाई के हिसाब से कीमत बढ़ाने की छूट मिल गई है। संगठन चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री CTI के चेयरमैन बृजेश गोयल ने पहले ही बयान जारी कर बताया था कि अगर युद्ध आगे भी जारी रहता है तो दिल्ली के व्यापार और उद्योग जगत में 5000 करोड़ रुपए का व्यापार प्रभावित हो सकता है। भागीरथ पैलेस के मेडीकल सर्जिकल सामान के होल सेंसर मुकेश भसीन बताते हैं कि प्लास्टिक का दाना महंगा होने से पैकेजिंग के दाम बढ़े हैं साथ मेडिकल के उपकरण पर भी इसका असर पड़ा है।

    बहुत सारे जरूरी कच्चे माल, केमिकल कंपोनेंट्स, प्लास्टिक और एलुमिनियम की कीमतों में तेजी आई है, जिसका असर दवा कंपनियों की लागत पर पड़ रहा है। क्योंकि टैबलेट और सिरप के निर्माण के साथ-साथ उनकी पैकेजिंग में भी प्लास्टिक और एलुमिनियम का बड़ा उपयोग होता है। पिछले कुछ दिनों में आम इस्तेमाल की दवाओं में शामिल पेरासिटामोल के कच्चे माल की कीमत भी करीब 47% तक बढ़ गई है।

    दर्द निवारक डाइक्लोफेनेक में 54%, डाइक्लोफेनेक पोटेशियम में 33%, अमोक्सिसिलिन ट्राईहाइड्रेट में 45% और सिप्रोफ्लाक्सासिन की कीमत में करीब 60% तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। दवा और इलाज के रोजाना उपयोग की सिरिंज और थर्मामीटर जैसे मेडिकल उपकरण की कीमतों में भी बढ़ोत्तरी हुई है। जाहिर सी बात है कि दवाओं के दाम बढ़ने से आम लोगों की जेब पर इसका बहुत असर पड़ेगा।

  • Jalandhar News: काउंटर इंटेलिजेंस ने भारी मात्रा में किए हथियार बरामद 

    Jalandhar News: काउंटर इंटेलिजेंस ने भारी मात्रा में किए हथियार बरामद 

    जालंधर, ENS:  काउंटर इंटेलिजेंस की टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक अंतरराज्यीय अवैध हथियार आपूर्ति नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने उत्तर प्रदेश से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनके कब्जे से 10 देसी पिस्तौल (7.65 एमएम) और 20 मैगजीन बरामद की गई हैं।

    पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि गिरफ्तार आरोपी लंबे समय से पंजाब में सक्रिय आपराधिक गिरोहों को हथियार सप्लाई कर रहे थे। यह नेटवर्क विदेश में बैठे अपराधियों के इशारों पर काम कर रहा था, जिनका संचालन जर्मनी और अमेरिका से किया जा रहा था। इससे पहले भी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बीकेआई (बब्बर खालसा इंटरनेशनल) से जुड़े दो सदस्यों को गिरफ्तार किया था।

    उन पर विदेशी हैंडलर के निर्देश पर बालाचौर के पास तीन ग्रेनेड और एक आईईडी खरीदने और लगाने के आरोप थे। बाद में इन्हीं आईईडी का इस्तेमाल हिमाचल प्रदेश के नालागढ़ पुलिस स्टेशन में हुए विस्फोट में किया गया था। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपियों ने गरशंकर में एक ट्रैवल एजेंट के घर पर जबरन वसूली के लिए हथियारों के साथ गोलीबारी की घटना को अंजाम दिया था।

    पुलिस के अनुसार लंबे समय से चल रही जांच के बाद उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार इन दोनों आरोपियों से अहम खुलासे हुए हैं। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की गहनता से जांच कर रही है और इसमें शामिल अन्य लोगों की तलाश जारी है।

  • Punjab News: शादी में DJ पर गाना बदलने को लेकर खूनी झड़प, चले ईंट-पत्थर और कुर्सियां, देखें वीडियो

    Punjab News: शादी में DJ पर गाना बदलने को लेकर खूनी झड़प, चले ईंट-पत्थर और कुर्सियां, देखें वीडियो

    फ़िरोज़पुरः जिले के कस्बा ममदोट के गांव लखा सिंह उताड़ में डीजे पर गाना बदलाने को लेकर बाराती आपस में भिड़ गए। इस दौरान विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में खूनी झड़प हो गई। जहां एक-दूसरे पर हमला करके ईंटें, पत्थर और कुरसियां बरसाई गई। इस दौरान एक-दूसरे की गाड़ियां तोड़ दी गई। शादी में शगुन की जगह पर एक-दूसरे में हाथापाई देखने को मिली। घटना में चार लोग गंभीर घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया। मामले की जानकारी देते हुए घायल बाराती बलविंदर सिंह ने बताया कि उसके बुआ के लड़के की शादी थी और वह भी शादी में शामिल हुए थे।

    उन्होंने कहा कि वहां डीजे लगा हुआ था, ऐसे में जब उन्होंने अपनी मनपसंद का गाना डीजे पर चलवाया, तो लड़के के दोस्तों ने गाना बदलवा दिया। फिर जब उन्होंने गाना लगवाया, तो फिर से लड़के के दोस्तों ने गाना हटा कर अपनी मर्ज़ी का गाना लगा लिया। जब उन्होंने ऐसा करने से रोका, तो लड़के के दोस्तों ने उनकी मारपीट शुरू कर दी। देखते-देखते शादी का मैदान युद्ध का मैदान बन गया और एक-दूसरे की जम कर मारपीट कर दी। इस दौरान ईंट-पत्थरों से हमला किया गया। बारातियों ने जहां एक-दूसरे की मारपीट की, वहीं शादी में आई हुई गाड़ियों पर भी ईंट-पत्थर मार कर तोड़-फोड़ कर दी। इस झगड़े में 4 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

    वहीं, पुलिस को सूचना मिलने पर कार्रवाई करते हुए आधी बारात के ऊपर ही मुकदमा दर्ज कर दिया गया। पुलिस का कहना है कि शादी में गाना चलाने को लेकर बारातियों का आपस में झगड़ा हुआ था, जिसमें कुछ लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही कार्रवाई करते हुए 13 आरोपियों के खिलाफ बायनेम मुकदमा दर्ज किया गया है और लगभग 35 अज्ञात बाराती भी मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस का दावा है कि इन्हें जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।

    घायल बारातियों ने पुलिस के सामने गुहार लगाई है कि आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए। आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोग हाथापाई के दौरान उनका सोना और अन्य सामान लूटकर ले गए हैं और उसकी भरपाई करवाई जाए। वहीं तोड़फोड़ में गाड़ियां के नुकसान की भरपाई करवाई जाए। इस दौरान पीड़ित पक्ष ने आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कार्रवाई करने की अपील की है।

  • Punjab News: कुल्फी लेने गए युवक और भाई पर हुआ जानलेवा हमला, हालत गंभीर, देखें वीडियो

    Punjab News: कुल्फी लेने गए युवक और भाई पर हुआ जानलेवा हमला, हालत गंभीर, देखें वीडियो

    लुधियानाः जिले में डिस्को कॉलोनी में कुल्फी लेने के लिए घर से निकले युवक पर नौजवानों ने जानलेवा हमला कर दिया। घायल युवक की पहचान साहिल शर्मा के रूप में हुई है, जिसे गंभीर हालत में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मिली जानकारी के अनुसार युवक देर रात मदन आईसक्रीम की दुकान पर कुल्फी लेने गया था। इस दौरान उसे कुछ नौजवानों ने घेरकर हमला कर दिया। आरोप है कि नौजवानों ने पिस्टल के बट्ट और बेसबॉल के डंडे से हमला किया है। परिजनों के अनुसार घटना में साहिल के सिर पर 25 टांके लगे हैं, जबकि उसकी एक बाजू फैक्चर हो गई है।

    डॉक्टरों के मुताबिक उसकी सर्जरी की जाएगी। साहिल ने बताया कि जब वह कुल्फी लेकर दुकान से बाहर निकला, तभी मोविश बैंस और उसके साथियों ने उसे घेर उसके सिर पर पिस्टल के बट्ट से वार किया और जब वह बेसुध होने लगा तो बेसबॉल के डंडे से हमला कर दिया। साहिल के पिता बिट्टू शर्मा ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर वह अपने छोटे बेटे मोहित के साथ मौके पर पहुंचे। जब उन्होंने साहिल को बचाने की कोशिश की तो हमलावरों ने उन्हें भी पीटना शुरू कर दिया। बिट्टू के अनुसार, उनके और बेटे मोहित के सिर पर 7-7 टांके लगे हैं।

    आरोपियों ने उनकी एक्टिवा भी बुरी तरह तोड़ दी। बिट्टू शर्मा ने आरोप लगाया कि जब वह थाना पहुंचे तो पुलिस ने उनकी बात नहीं सुनी और उन्हें पीसीआर को कॉल करने के लिए कहा। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मुख्य आरोपी मोविश बैंस पर पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं, लेकिन उसके कथित पुलिस संबंधों के चलते उस पर कार्रवाई नहीं होती। थाना डिविजन नंबर-4 के एसएचओ गुरजीत सिंह ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। घायल के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

  • मकान मालिक के कमरे में पंखे से लटकर महिला ने की आत्महत्या, सुसाइड नोट में लिखी दुख भरी दास्तां

    मकान मालिक के कमरे में पंखे से लटकर महिला ने की आत्महत्या, सुसाइड नोट में लिखी दुख भरी दास्तां

    हल्द्वानीः शहर से एक दर्दनाक मामला सामने आया है जहां, एक महिला ने मकान मालिक के कमरे में पंखे से लटककर सुसाइड कर लिया। सुबह जब महिला का बेटा उठा तो मां कमरे में नहीं मिली जिसके बाद मां को तलाशते हुए वह मकान मालिक के कमरे में पहुंचा, जहां उसने अपनी मां को फंदे से लटका देखा। इसके बाद वह जोर से चिल्लाया और अपनी दादी को बुलाया। चिल्लाने की आवाज सुनकर पड़ोसी भी दौड़कर मौके पर पहुंचे और फोन से 112 पर सूचना पुलिस को दी। मृतका ने बेटे के लिए सुसाइड नोट भी छोड़ा था, जिसमें लिखा था, मैं अपनी मौत की जिम्मेदार खुद हूं, अगर जिंदा रही तो पागल हो जाऊंगी। पागल होने से तो मरना अच्छा।

    जानकारी देते हल्द्वानी की मुखानी पुलिस ने बताया कि मकान मालिक परिवार सहित पिछले कुछ महीनों से बाहर थे और घर की देखरेख की जिम्मेदारी महिला को सौंप रखी थी। 53 वर्षीय विमला सती अपने 10वीं में पढ़ने वाले बेटे और सास के साथ मकान के दूसरे मंजिल पर रहती थी। घटना मुखानी कोतवाली क्षेत्र स्थित जज फार्म की है। वीरवार सुबह जब बेटा सोकर उठा तो मां कमरे में नहीं मिली। मां को तलाशते हुए वह मकान मालिक के कमरे में पहुंचा, जहां उसने अपनी मां को फंदे से लटका देखा। इसके बाद उसने पड़ोसियों को सूचना दी और पुलिस को बुलाया गया।

    पुलिस ने बताया कि महिला मानसिक रूप से परेशान चल रही थी। महिला के पति कौशल सती ने भी पिछले साल 2 जून को आत्महत्या कर ली थी, जिसका शव जंगल में मिला था। पति की मौत के बाद से वह तनाव में थी। मृतका के पड़ोसी और परिजनों ने बताया कि बुधवार रात 12 बजे तक परिवार सोया नहीं था। मकान मालिक पहली मंजिल पर रहते हैं। पिता की मौत के बाद महिला के बेटे की स्कूल में फीस माफ हो गई थी। वहीं घटना से इलाके में शोक की लहर है।

  • National Highway पर Bus और Car में हुई टक्कर, 2 की मौत, वाहन के उड़े परखच्चे, देखें वीडियो

    National Highway पर Bus और Car में हुई टक्कर, 2 की मौत, वाहन के उड़े परखच्चे, देखें वीडियो

    पंडोहः मंडी-कुल्लू नेशनल हाईवे पर पंडोह डैम के समीप एक बस और कार के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि एक युवक और युवती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 2 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मिली जानकारी के अनुसार कनिका बस मंडी से कुल्लू की ओर जा रही थी, जबकि कार नंबर एचपी 28 बी 2541 कुल्लू से मंडी की तरफ आ रही थी। पंडोह डैम के पास दोनों वाहनों के बीच आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई।
     
    View this post on Instagram
     

    A post shared by Encounter News (@encounter.news)

    हादसा इतना भयानक था कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं हादसे में 23 वर्षीय शशांक शर्मा पुत्र विनोद कुमार, निवासी गांव मजवान, डाकघर कलखर, बलद्वाड़ा और 22 वर्षीय गायत्री देवी पुत्री राकेश कुमार निवासी गांव रिहाली टांडा डाकघर भाम्बला जिला मंडी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं घायलों में कश्मीर और दीक्षा गंभीर शामिल हैं। बीबीएमबी सुरक्षा में तैनात सीआईएसएफ के जवानों और ट्रैफिक इंचार्ज चेत राम ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को वाहन से बाहर निकाला। बाद में बीबीएमबी की एंबुलेंस के माध्यम से घायलों को तुरंत जोनल अस्पताल मंडी पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते पुलिस अधीक्षक मंडी विनोद कुमार मौके पर पहुंचे और मामले की जांच में जुट गए। मामले की जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक मंडी विनोद कुमार ने बताया कि घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
  • 8 साल की बच्ची की गला काटकर हत्या, कनस्तर में मिली लाश, इलाके में दहशत

    8 साल की बच्ची की गला काटकर हत्या, कनस्तर में मिली लाश, इलाके में दहशत

    आगराः जूता कारोबारी की 8 साल की बच्ची की गला काटकर हत्या करने का मामला सामने आया है। बुधवार रात करीब 8 बजे किराएदार के कमरे में रखे एक कनस्तर से बच्ची की लाश मिली। उसके ऊपर आटे की बोरी रखी हुई थी। वारदात के बाद से किराएदार फरार है। पुलिस को शक है कि उसी ने हत्या की है। डीसीपी सिटी ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह साफ हो सकेगा कि शव पर और कोई चोट है या नहीं। आरोपी किराएदार के खिलाफ अपहरण और हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उसकी तलाश में 10 टीमें लगाई गई हैं। जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।

    जानकारी मुताबिक, इलाके में जूता करोबारी के 2 मकान हैं। एक घर में वो पत्नी और 2 बेटियों के साथ रहते हैं। ठीक सामने वाले मकान के ग्राउंड फ्लोर पर फैक्ट्री और गोदाम है। घर के ऊपर एक कमरा किराए पर दे रखा है। इसमें आरोपी सुनील रहता है। वह पेंटिंग का काम करता है। कारोबारी ने बताया कि मंगलवार दोपहर 2 बजे मोहल्ले के कुछ बच्चे आए। बड़ी बेटी उनके साथ खेलने चली गई। काफी देर तक वह दिखाई नहीं दी तो उन्होंने सोचा कि ट्यूशन पढ़ने चली गई होगी। जब वह शाम के 4:30 बजे तक घर नहीं लौटी तो उसकी मां को चिंता हुई। फिर उन्होंने तलाश शुरू की। ट्यूशन टीचर को फोन कर पूछा तो उसने बताया, बेटी आज आई ही नहीं थी जिसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मोहल्ले के लोगों के साथ वह बेटी को आसपास खोजते रहे। पुलिस ने गलियों में लगे CCTV खंगाले। इसमें दोपहर 2:00 बजे बेटी गली के बाहर एक दुकान पर चिप्स का पैकेट लेती नजर आई। फिर वह वहां से वापस जाती दिखी। पुलिस ने देर शाम शिकायत पर अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कर ली। एसीपी पीयूष कांत राय के नेतृत्व में 4 टीमें बनाई गईं। पुलिस की एक टीम घर के आसपास के कैमरे देख रही थी। दूसरी टीम घरवालों से बातचीत और पड़ोसियों से पूछताछ कर रही थी।

    पिता ने बताया कि तीसरी टीम घरों की तलाशी में लग गई। पुलिस ने मोहल्ले के हर घर की तलाशी ली, मगर मंगलवार को बच्ची का कोई सुराग नहीं लगा। इसी बीच उन्होंने पुलिस को बताया कि किराएदार सुनील बच्ची के लापता होने के बाद से हमारे साथ था। वह भी बच्ची को तलाश रहा था। वह मेरे साथ गुमशुदगी दर्ज कराने थाने भी गया था। उन्होंने बताया कि जब पुलिस मोहल्ले के घरों की जांच करने लगी तो सुनील दिखाई नहीं दिया। वह अपने कमरे पर ताला लगाकर चला गया। उनके शक जाहिर करने पर पुलिस ने बुधवार रात 8 बजे किराएदार के कमरे का ताला खोला। इसके बाद कमरे की तलाशी ली गई, तो कनस्तर में बेटी की लाश मिली। ऊपर आटे की बोरी रखी थी। उसके ऊपर एक लाल रंग की रजाई रखी थी।

    डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास ने बताया कि छानबीन के दौरान बच्ची का शव कमरे में रखे छोटे आटे के कनस्तर में मिला। जब पुलिस शव को पोस्टमॉर्टम के लिए ले जाने लगी तो घरवालों और मोहल्ले के लोगों ने विरोध शुरू कर दिया। लोगों ने कहा कि पहले हत्यारोपी की गिरफ्तारी हो, उसके बाद ही शव को ले जाने देंगे।

    हालांकि, पुलिस कनस्तर समेत शव को ले गई। इसके बाद लोग सड़क पर उतर आए और फतेहाबाद रोड के मुगल पुलिया पर जाम लगा दिया। करीब 30 मिनट तक हंगामा चला। DCP ने परिवार को कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया। उन्होंने कहा कि मामले को फास्ट ट्रैक कोर्ट ले जाएंगे। दोषी को कड़ी सजा दिलाएंगे। आज सुबह करीब 6 बजे 3 डॉक्टरों के पैनल शव का पोस्टमॉर्टम किया। सुबह करीब 8 बजे बच्ची का शव परिजनों को सौंप दिया गया। सुबह 9.30 बजे परिवार वालों ने बच्ची का शव का अंतिम संस्कार कर दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बच्ची के गले में 2 कट के निशान और हाथ पैर में भी खरोंच के निशान आए हैं। बच्ची की मौत की वजह अधिक खून बहना आया है।

  • Jalandhar News: पंपों पर लोगों की लगी रही लाइनें, Association President का आया बयान, देखें वीडियो

    Jalandhar News: पंपों पर लोगों की लगी रही लाइनें, Association President का आया बयान, देखें वीडियो

    जालंधर, ENS: शहर में पेट्रोल को लेकर बीते दिन असामान्य स्थिति देखने को मिली। बताया जा रहा है कि ऐसे में शहर के कई पेट्रोल पंपों पर पूरे दिन केवल प्रीमियम पेट्रोल ही बेचा गया, जबकि नॉर्मल पेट्रोल पूरी तरह से गायब रहा। इससे आम उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया, कई पेट्रोल पंपों पर वाहनों की कतारें लगनी शुरू हो गईं। वहीं सविधान चौक के पास स्थित पेट्रोल पंप के संचालक से पंपों पर लोगों की कतारें लगने को लेकर बातचीत की गई। इस दौरान भारत पेट्रोलियम कंपनी के पंप मालिक व एसोसिएशन के प्रेजिडेंट सुखमोहन सिंह ने बताया कि पंपों पर लोग पैनिक होकर तेल भरवाने में लगे हुए है। उन्होंने कहा कि पेट्रोल-डीजल कंपनियों के पास पर्याप्त मात्रा में मौजूद है।

    वहीं कंपनी द्वारा भी स्टोक पर्याप्त मात्रा में होने को लेकर लोगों से बार-बार अपील की जा रही है। उन्होंने कहा कि फिर भी लोग पैनिक हो रहे है और पंपों पर तेल को स्टोक करने के लिए वह वाहनों की टैंकी फुल करवाने में लगे हुए है। एसोसिएशन के प्रेजिडेंट सुखमोहन सिंह ने भी लोगों से पैनिक ना होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि लोगों में लॉकडाउन लगने को लेकर अफवाह फैलाई जा रही है, जबकि ऐसा कुछ नहीं होने जा रहा है। उन्होंने कहा कि एलपीजी को लेकर कुछ दिक्कत आ रही है और इसे लेकर बीते दिन ऑल इंडिया पार्टी की मीटिंग हुई।

    जिसके बाद फैसले लेते हुए प्रोडक्डशन में 95 प्रतिशत बढ़ौतरी की गई है और वह एलपीजी से पीएनजी में कनवर्ट होने जा रहे है। इस दौरान उन्होंने कहा कि लोग पंपों पर जाकर लाइनें ना लगाए। लोग एक पंप पर लाइनें लगी देखकर दूसरे पंपों की ओर रुख कर रहे है, ऐसे में उससे पोजिशन खराब हो रही है। वहीं 10 दिन का स्टोक होने को लेकर एसोसिएशन के प्रेजिडेंट ने सिरे से नकारा है। उन्होंने कहा कि कंपनी से उनकी लगातार बात हो रही है और आज की तारीख में स्थिति नार्मल है, लेकिन आने वाले समय में क्या हो इसके बारे में कुछ नहीं कहा जा सकता है।

    ईरान ने भारत को पर्याप्त मात्रा में तेल देने की मंजूरी दे रही है और रशिया से भी तेल लिया जा रहा है। बीते दिन पंपों के ड्राई होने को लेकर कहा कि इसके बारे में सही वजह वही बता सकते है। सभी पंप ऑटोमैटिक है और ऐसे कोई भी पंप को बिना वजह से बंद नहीं कर सकता है। सभी पंपों पर सबमर्सिबल मोटर लगी हुई है और इसके कारण पंपों पर लगी मशीने 2 हजार लीटर के ऊपर मशीन तेल नहीं उठाती। ऐसे में हो सकता है कि इसके कारण पंप किसी ने बंद किया हो, लेकिन स्थिति नार्मल है। सुखमोहन सिंह ने कहा कि पंपों द्वारा किसी को पैनिक नहीं किया जा रहा है और डिप्टी कमिशनर और पुलिस कमिशनर के साथ मीटिंग भी हुई है और स्थिति कंट्रोल में है।

     

  • तेज रफ्तार डंपर ने बाइक को मारी जबरदस्त टक्कर, 3 युवकों की मौत

    तेज रफ्तार डंपर ने बाइक को मारी जबरदस्त टक्कर, 3 युवकों की मौत

    सागरः जिले में बुधवार रात भयानक सड़क हादसों में 3 युवकों की मौत हो गई। घटना बंडा रोड पर सौरई फैक्ट्री के पास हुई, जहां तेज रफ्तार डंपर ने एक बाइक को टक्कर मार दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

    जानकारी मुताबिक, सागर के बंडा रोड पर स्थित ग्राम सौरई में फैक्ट्री के पास हाईवे पर एक अज्ञात तेज रफ्तार डंपर ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक सवार 3 युवक उछलकर सड़क पर जा गिरे। इस दौरान सिर में गंभीर चोट आने से तीनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। राहगीरों की सूचना पर एसडीओपी प्रदीप वाल्मिकी और थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। शवों का पंचनामा बनाकर एंबुलेंस की मदद से बंडा अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने घटनास्थल से क्षतिग्रस्त बाइक को थाने पहुंचाया है। टक्कर मारने वाला वाहन मौके से फरार हो गया। प्राथमिक जांच में मृतकों की पहचान प्रयांशु रैकवार, हर्ष रैकवार और तुलसीराम राय (निवासी पठार मोहल्ला, बंडा) के रूप में हुई है। पुलिस ने परिजनों को सूचना देकर फरार वाहन की तलाश शुरू कर दी है।

  • Pump पर Petrol को लेकर लाइन में खड़े लोगों में झड़प, जमकर चले लात-घूंसे, देखें वीडियो

    Pump पर Petrol को लेकर लाइन में खड़े लोगों में झड़प, जमकर चले लात-घूंसे, देखें वीडियो

    इंदौरः मध्यप्रदेश के कई जिलों में पेट्रोल-डीजल की कथित कमी को लेकर फैली अफवाह ने आमजन के बीच अफरा-तफरी मचा दी है। इंदौर और देवास समेत कई शहरों में मंगलवार रात से पेट्रोल पंपों पर वाहनों की लंबी कतारें देखी गईं। इसी भीड़ और जल्दबाजी के माहौल में देवास जिले के चौबराधीरा स्थित एक पेट्रोल पंप पर हालात बेकाबू हो गए। कतार में आगे-पीछे खड़े होने को लेकर शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। मौके पर मौजूद लोगों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई।

    मिली जानकारी के अनुसार देर रात 9.30 बजे डीजल-पेट्रोल लेने पहुंचे किसानों के बीच विवाद हो गया, जिसमें मारपीट भी हुई और लात घूंसे भी चले। बताया जा रहा है कि चौबाराधीरा के पेट्रोल पंप पर रात को किसान बड़े-बड़े ड्रम लेकर कतार में खड़े थे। इसी दौरान ड्रम की लाइन को लेकर विवाद हो गया और मारपीट हो गई। वहीं घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पेट्रोल पंपों पर बढ़ती भीड़ को देखते हुए देवास एसपी पुनीत गेहलोद अन्य अधिकारियों के साथ देर रात शहर के प्रमुख पेट्रोल पंपों का निरीक्षण करने पहुंचे। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और अनावश्यक रूप से ईंधन का अतिरिक्त स्टॉक न करने की अपील की।

    मामले की जानकारी देते हुए एसपी गेहलोद ने कहा कि शहर में पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं है और सभी जगह पर्याप्त ईंधन उपलब्ध है। उन्होंने बताया कि अधिकांश लोग घबराहट में अपने वाहनों में अतिरिक्त स्टॉक के लिए कंटेनर लेकर पहुंचे थे। पुलिस की मदद से सभी को पेट्रोल-डीजल उपलब्ध कराया गया। चौबाराधीरा पेट्रोल पंप पर हुई घटना के संबंध में एसपी ने बताया कि वहां कुछ ग्रामीण अतिरिक्त कंटेनर लेकर पहुंचे थे और उनका आपस में किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। यह विवाद पेट्रोल-डीजल की अनुपलब्धता के कारण नहीं था, बल्कि आपसी कहासुनी का नतीजा था। उन्होंने पुष्टि की कि अब उक्त पेट्रोल पंप पर स्थिति सामान्य है।