Blog

  • Haryana News: ट्रैफिक पुलिस ने सड़क सुरक्षा को लेकर चलाया अभियान, देखें वीडियो

    Haryana News: ट्रैफिक पुलिस ने सड़क सुरक्षा को लेकर चलाया अभियान, देखें वीडियो

    पंचकूला: सेवा पखवाड़ा के तहत सिटी ट्रैफिक पुलिस की टीम के द्वारा शहर के अलग-अलग स्थानों पर सड़क सुरक्षा को लेकर खास अभियान चलाया गया। यह अभियान पुलिस कमिश्नर शिवास कविराज के मार्गदर्शन और डीसीपी मनप्रीत सिंह सूदन के नेतृत्व में चलाया गया। इस अभियान के दौरान माजरी चौक, कालका-शिमला हाईवे, ट्रक व कैंटर यूनियन ने सेक्टर-19 में जाकर ट्रैफिक पुलिस ने 100 से ज्यादा कमर्शियल वाहनों जैसे कि ऑटो, बस, टीपर, पिकअप और ट्रक पर रिफ्लेक्टर टेप लगाई।

    यह अभियान ट्रैफिक पुलिस के एसएचओ वरिंद्र कुमार की अगुवाई में सफलतापूर्वक खत्म हुआ। अभियान के दौरान ड्राइवरों को रिफ्लेक्टर टेप के महत्व के बारे में जागरुक किया गया। उन्हें यह भी बताया गया कि रात के समय रिफ्लेक्टर टेप होने से वाहनों की पहचान आसानी से होती है। इससे सड़क हादसों में भी कमी आती है। साथ ही वाहन चालकों को अलग-अलग यातायात नियमों की जानकारी भी दी गई। यातायात नियमों का पालन करने की भी हिदायत दी गई।

    इस बारे में बात करते हुए डीसीपी ट्रैफिक मनप्रीत सिंह सूदन ने कहा कि सड़क सुरक्षा सभी की जिम्मेदारी है। रिफ्लेक्टर टेप से सिर्फ दुर्घटनाओं को रोकने में ही मदद नहीं मिलती। इससे चालक और यात्री की सुरक्षा भी सुनिश्चित होती है। उनका कहना है कि पंचकूला ट्रैफिक पुलिस का यही उद्देश्य है कि हर वाहन चालक नियमों का पालन करते हुए सुरक्षित सफर तय कर पाए।

     

  • Himachal News: ऊना में सांख्यिकीय सुदृढ़ीकरण योजना पर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित

    Himachal News: ऊना में सांख्यिकीय सुदृढ़ीकरण योजना पर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित

    सांख्यिकीय अवसंरचना को सुदृढ़ बनाने के लिए सामूहिक प्रयासों, आंकड़ों की सटीकता और समयबद्धता पर दिया जोर

    ऊना/सुशील पंडित: सांख्यिकीय सुदृढ़ीकरण योजना के अंतर्गत आज(सोमवार) को ऊना में यूज़र्स-प्रोड्यूसर और हितधारक परामर्श एवं डॉटा संग्रहण को लेकर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का शुभारम्भ प्रदेश के आर्थिकी एवं सांख्यिकी विभाग, योजना, वित्त और लोक निर्माण विभाग के सचिव अभिषेक जैन ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

    कार्यशाला को संबोधित करते हुए अभिषेक जैन ने राज्य की सांख्यिकीय अवसंरचना को सुदृढ़ बनाने के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि यह कार्यशाला हिमाचल प्रदेश की सांख्यिकीय प्रणाली को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्त्वपूर्ण मील का पत्थर है, क्योंकि यह डेटा उत्पादकों और उपयोगकर्ताओं के मध्य एक सशक्त संवाद को प्रोत्साहित करती है। यह पहल सांख्यिकीय निष्कर्षों की गुणवत्ता, विश्वसनीयता और सुगमता में सुधार का मार्ग प्रशस्त करती है जिससे प्रदेश के सामाजिक-आर्थिक विकास के लिए साक्ष्य आधारित निर्णय-निर्माण को समर्थन मिलता है। उन्होंने कहा कि उप-जिला स्तर पर अत्यंत सूक्ष्म और विस्तृत आंकड़ों की उपलब्धता, सटीक योजना निर्माण, लक्षित हस्तक्षेप तथा सरकारी योजनाओं की वास्तविक समय में निगरानी के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्हों कहा कि यह प्रक्रिया शासन को अधिक प्रभावी और परिणामोन्मुखी बनाने में सहायक सिद्ध होगी।

    उन्होंने कहा कि जिला के विभिन्न विभागों से प्राप्त आंकड़े राज्य एवं केंद्र स्तर पर नीति-निर्धारण, विकास योजनाओं की प्राथमिकता तय करने तथा विभिन्न योजनाओं में फंड आवंटन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि आंकड़ों की सटीकता और समयबद्धता बेहद आवश्यक है, ताकि वे जमीनी वास्तविकता बता सकें।

    सचिव ने जिला के सभी विभागाध्यक्षों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने विभाग से संबंधित सही आंकड़े पूरी गंभीरता, जिम्मेदारी और पारदर्शिता के साथ तैयार कर निर्धारित समय सीमा के भीतर उपलब्ध करवाएं। उन्होंने कहा कि आंकड़ों की विश्वसनीयता पर ही सरकार की नीतियों और कार्यक्रमों की दिशा और प्रभावशीलता निर्भर करती है। सही आंकड़े न केवल बेहतर योजना निर्माण में सहायक होते हैं बल्कि आम जनता तक योजनाओं के वास्तविक लाभ को पहुंचाने में भी मददगार साबित होते हैं।

    इससे पूर्व, संयुक्त निदेशक, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग अनुपम शर्मा ने मुख्यातिथि एवं अन्य का स्वागत किया। साथ ही, उन्होंने सांख्यिकी कार्यों में आने वाली नई चुनौतियों का सामना करने के लिए निरंतर क्षमता निर्माण तथा आंकड़ा उत्पादकों और उपयोगकर्ताओं के मध्य सहयोग की आवश्यकता पर भी बल दिया।विभाग के आर्थिक सलाहकार डॉ. विनोद राणा ने साक्ष्य आधारित योजना और निगरानी को सक्षम बनाने के लिए जमीनी स्तर पर सांख्यिकीय क्षमता बढ़ाने की बढ़ती आवश्यकता पर बल दिया।

    इस अवसर पर सहायक आयुक्त ऊना वीरेंद्र शर्मा ने कहा कि केवल डेटा की सत्यनिष्ठा के प्रति अटूट प्रतिबद्धता के माध्यम से ही हम सुदृढ़़ आर्थिक शासन और सतत विकास सुनिश्चित कर सकते हैं। कार्यशाला के प्रारम्भिक सत्रों में दो पॉवर प्वाइंट प्रस्तुतियां दी गईं। पहली प्रस्तुति राज्य आय अनुभाग द्वारा दी गई गई जिसमें सकल राज्य घरेलू उत्पाद के आकलन की तैयारी के लिए डेटा आवश्यकताओं पर प्रकाश डाला गया जबकि दूसरी प्रस्तुति अधिकारिक सांख्यिकी अनुभाग द्वारा प्रस्तुत की गई जिसमें हिमाचल प्रदेश में जिला सुशासन सूचकांक के माध्यम से जमीनी स्तर पर सुशासन का आकलन विषय पर जानकारी प्रदान की गई। दूसरे सत्र में दोपहर बाद एक प्रश्नोत्तरी  और ओपन हाउस चर्चा भी आयोजित की गई। इस मौके पर एएसपी सुरेंद्र कुमार, सभी विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों, राष्ट्रीय सांख्यिकी क्षेत्रीय कार्यालय भारत सरकार हमीरपुर के प्रतिनिधि तथा प्रदेश भर के विशेषज्ञों सहित सांख्यिकी विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

  • हार के डर से प्रदेश की कांग्रेस सरकार, रोस्टर से कर रही धांधली : वीरेंद्र कंवर

    हार के डर से प्रदेश की कांग्रेस सरकार, रोस्टर से कर रही धांधली : वीरेंद्र कंवर

    ऊना/ सुशील पंडित: हिमाचल प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ नेता व पूर्व मंत्री वीरेंद्र कंवर ने कांग्रेस सरकार पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार पंचायत चुनावों से पहले रोस्टर में खुली छेड़छाड़ कर रही है। यह प्रदेश की जनता के साथ सरासर नाइंसाफी है।

    कंवर ने कहा कि कांग्रेस को भली-भांति मालूम है कि पंचायत चुनावों में उनके समर्थित उम्मीदवार जनता से समर्थन नहीं पा सकेंगे, इसलिए वे पहले से ही धांधली की जमीन तैयार कर रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि भाजपा इसे कतई बर्दाश्त नहीं करेगी और इस मुद्दे को जनता के बीच भी ले जाएगी और कोर्ट में भी लड़ेगी।

    कंवर ने कहा कि पंचायत चुनाव सीधे-सीधे विधानसभा चुनावों का सेमीफाइनल हैं और कांग्रेस की घबराहट साफ झलक रही है। उन्होंने तंज कसा कि 2000 में जब वह जिला परिषद चुनाव जीते थे, तब उस के आसपास की जो सीटें ओपन थी वो आज तक ओपन नहीं हुई। 2010, 2015 और 2020 तक रोस्टर जस का तस रहा, तो आखिर 2025 में अचानक बदलाव क्यों? जबकि कुछ ही समय बाद जनगणना भी होने वाली है। क्या उसके बाद फिर से रोस्टर बदला जाएगा?

    उन्होंने कांग्रेस सरकार को “निक्कमी और घबराई हुई सरकार” बताते हुए कहा कि बौखलाहट में यह सरकार लगातार गलत और गैरकानूनी फैसले ले रही है। भाजपा को पक्का अंदेशा है कि कांग्रेस सरकार पंचायत चुनावों में धांधली करवाने की भी पूरी तैयारी में है। कंवर ने जनता से आह्वान किया कि इस तानाशाही रवैये और धांधली करने वाली कांग्रेस सरकार को पंचायत चुनावों में करारा जवाब दें।

  • 4 प्रतिशत बढ़ा भारत का औद्योगिक उत्पादन, सरकारी आंकड़े जारी

    4 प्रतिशत बढ़ा भारत का औद्योगिक उत्पादन, सरकारी आंकड़े जारी

    नई दिल्लीः सरकार की आरे से आज को जारी आंकड़े जारी किए गए। सरकारी आंकड़ो के अनुसार, देश का औद्योगिक उत्पादन अगस्त में 4 प्रतिशत बढ़ा। इसका मुख्य कारण खनन क्षेत्र का बेहतर प्रदर्शन है। जुलाई माह के लिए औद्योगिक उत्पादन सूचकांक (आईआईपी) वृद्धि दर को संशोधित कर 4.3 प्रतिशत कर दिया गया है। पहले इसका अनुमान 3.5 प्रतिशत था। अगस्त 2025 के लिए तीन क्षेत्रों, खनन, विनिर्माण और बिजली की वृद्धि दर क्रमशः 6 प्रतिशत, 3.8 प्रतिशत और 4.1 प्रतिशत थी।

  • सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत ऊना विधानसभा में विशेष कार्यक्रम का आयोजन

    सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत ऊना विधानसभा में विशेष कार्यक्रम का आयोजन

    ऊना/सुशील पंडित: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्म दिवस के उपलक्ष्य में सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत आज एम.सी. पार्क ऊना में एक भव्य एवं प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा आम जन उपस्थित रहे।

    कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं ऊना सदर विधायक सतपाल सिंह सत्ती रहे। सत्ती जी अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जीवन संघर्ष, त्याग एवं समर्पण को विस्तारपूर्वक रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि मोदी ने साधारण परिवार से निकलकर असाधारण उपलब्धियाँ अर्जित की हैं और आज विश्व स्तर पर भारत का गौरव बढ़ाने का कार्य कर रहे हैं।

    सतपाल सिंह सत्ती ने मोदी सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि बीते वर्षों में केंद्र सरकार ने गरीब कल्याण योजनाओं, महिलाओं के सशक्तिकरण, युवाओं के कौशल विकास, आधारभूत ढाँचे के निर्माण, स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार, और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण की दिशा में अनेक ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं। उन्होंने कहा कि मोदी जी का जीवन हम सबके लिए प्रेरणा का स्रोत है और सेवा ही उनका वास्तविक संकल्प रहा है।

    इस अवसर पर भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने सेवा पखवाड़ा के तहत किए जा रहे विविध कार्यक्रमों—जैसे स्वच्छता अभियान, स्वास्थ्य जाँच शिविर, वृक्षारोपण, रक्तदान, और समाजसेवा की अन्य गतिविधियों—के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि वे समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा की भावना पहुँचाएँगे और मोदी सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुँचाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएँगे।

    कार्यक्रम का संचालन कार्यक्रम संयोजक एवं भाजपा ऊना मंडल अध्यक्ष द्वारा किया गया तथा उपस्थित कार्यकर्ताओं ने ‘सेवा ही संगठन’ के मंत्र को अपनाने का आह्वान किया। इस अवसर पर प्रदेश भाजपा सचिव सुमित शर्मा ऊना मण्डल के अध्यक्ष देवेंद्र कुमार बसदेहड़ा मण्डल के अध्यक्ष राहुल शर्मा ऊना मण्डल के महामंत्री नरेंद्र ठाकुर महिला मोर्चा से सीमा दत्ता, चैयरमेन पुष्पा चौधरी, युवा मोर्चा के अध्यक्ष रपिंदर सिंह देहल, जसबीन्द्र मोनू विकास शर्मा आकाश दिनेश सैनी, रजत ठाकुर, दिनेश सैनी, राजीव वशिष्ठ, संदीप कश्यप, नवदीप कश्यप, दिनेश कुमार, लैविश गर्ग, साहिल अरोड़ा, विकी सैनी, रणवीर सैनी, आकाश पूरी, जनक राज खजांची, खामोश जैतक उपस्थित रहे।

    सांसद अनुराग ठाकुर 1 अक्टूबर को ऊना आएंगे 

    हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद अनुराग ठाकुर 1 अक्टूबर को जिला मुख्यालय के बाजार में पहुंचकर दुकानदारों को के साथ केंद्र सरकार द्वारा गस्त रिफॉर्म के तहत किए गए सुधारो को लेकर चर्चा करेंगे। जानकारी देते हुए जिला भाजपा प्रवक्ता विनय शर्मा ने बताया कि इस मौके पर स्थानीय विधायक एवं भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती भी उनके साथ मौजूद रहेंगे।

    उन्होंने कहा कि जिला मुख्यालय के रोटरी चौक से सुबह 10:00 बजे सांसद और विधायक मुख्य बाजार के दुकानदारों के साथ मुलाकात करना शुरू करेंगे। उन्होंने बताया कि इसके बाद सांसद अनुराग ठाकुर ग्राम पंचायत चढ़तगढ़ पहुंच कर दो सामुदायिक भवनों का लोकार्पण भी करेंगे। उन्होंने शहरवासियों सहित अन्य लोगों और भाजपा कार्यकर्ताओं से इन कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का हवन किया।

  • Punjab News: सासंद कंगना रणौत को कोर्ट से लगा झटका, अर्ज़ी खारिज

    Punjab News: सासंद कंगना रणौत को कोर्ट से लगा झटका, अर्ज़ी खारिज

    बठिंडाः हिमाचल की मंडी से भाजपा सासंद कंगना रणौत की मुश्किलें थमने का नाम नहीं ले रही। दरअसल, आज बठिंडा अदालत ने मानहानी के केस का सामना कर रही सांसद कंगना रनौत की अदालत में निजी तौर पर पेश होने से छूट लेने की अर्जी दख़िल की थी, जिसे कोर्ट ने रद्द कर दिया है। ऐसे कंगना की मुश्किलें और बढ़ सकती हैं। इस मामले में निजी तौर पर पेश होने के लिए अदालत ने आज नए सिरे से जिला पुलिस प्रमुख बठिंडा के जरिए कंगना को समन जारी किए हैं।

    इसकी पुष्टि उस मानहानी का केस दर्ज कराने वाली बठिंडा के गांव बहादरगढ़ जंडियां की मां महिंदर कौर के वकील रघवीर सिंह बहिनीवाल ने बातचीत में की। उल्लेखनीय है कि 3 किसान बिलों को लागू करने के अवसर पर केंद्र सरकार के खिलाफ चले किसान आंदोलन के दौरान कंगना रणौत ने उक्त महिला महिंदर कौर की तस्वीर सांझा करते हुए किसान महिलाओं के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की थी।

  • पोषण अभियान के तहत कोटला खुर्द और भड़ोलियां खुर्द में जागरूता शिविर आयोजित

    पोषण अभियान के तहत कोटला खुर्द और भड़ोलियां खुर्द में जागरूता शिविर आयोजित

    ऊना/सुशील पंडित: समेकित बाल विकास परियोजना ऊना के तहत ग्राम पंचायत कोटला खुर्द और भड़ोलियां खुर्द में पोषण माह के अंतर्गत जागरूकता शिविरों का आयोजन किया गया। इन शिविरों की अध्यक्षता पर्यवेक्षक वृत्त रक्कड़ आशा देवी और वृत्त बसाल कुलबीर कौर ने की।

    इस दौरान पर्यवेक्षकों ने पोषण अभियान के पांच सूत्र – सुनहरे 1000 दिन, एनीमिया प्रबंधन, डायरिया रोकथाम स्वच्छता, और  पोष्टिक आहार के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कुपोषण से लक्षित वर्गों को बचाने के लिए हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी महिला एवं बाल विकास द्वारा आंगनवाड़ी स्तर, पर्यवेक्षक वृत्त स्तर तथा परियोजना स्तर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं जिनके माध्यम से लक्षित वर्गों को पौष्टिक आहार के संबंध में विस्तृत जानकारी दी जा रही है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रमों की सफलता के लिए जहां जन-जन का सहयोग आवश्यक है वहीं जन प्रतिनिधियों, स्कूल प्रबंधन समितियों, सरकारी विभागों, सामाजिक संगठनों तथा समस्त सार्वजनिक एवं निजी क्षेत्र की समावेशी भागीदारी अपेक्षित है। उन्होंने लोगो को बेटी बचाओं बेटी पढ़ाओ अभियान के बारे में भी जागरूक किया।

    उन्होंने बताया कि समय-समय पर गर्भवती, धात्री एवं नवजात शिशु का हेल्थ चेकअप करवाना अति आवश्यक है तथा उनका समय पर वैक्सीनेशन व टीकाकरण भी करवाया जाना आवश्यक है।  गर्भवती, धात्री एवं नवजात  शिशुओं  को संतुलित पौष्टिक आहार लेना चाहिए, आयरन फोलिक एसिड की टेबलेट के साथ-साथ मिनरल्स युक्त, कैल्शियम, आयरन युक्त आहार लेना चाहिए। साथ ही, कुपोषित और अल्प कुपोषित बच्चों की ओर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए और उन्हें किसी विशेषज्ञ डॉक्टर व डाइटिशियन से परामर्श करके उचित उपचार करवाने के साथ-साथ पौष्टिक आहार देकर उसके स्वास्थ्य में सुधार किया जा सकता है। उन्होंने सभी को निरोग रहने के लिए योग के महत्व के बारे में भी अवगत करवाया गया। इस अवसर पर संबधित ग्राम पंचायत के प्रतिनिधि, स्वास्थ्य कार्यकर्त्ता, महिला मंडल के सदस्य, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहित अन्य स्थानीयवासी मौजूद रहे।

  • Jalandhar News: हॉकी से कुत्ते को मौत के घाट उतारने के मामले में FIR दर्ज, पुलिस का आया बयान, देखें वीडियो

    Jalandhar News: हॉकी से कुत्ते को मौत के घाट उतारने के मामले में FIR दर्ज, पुलिस का आया बयान, देखें वीडियो

    जालंधर, ENS: कैंट में संसारपुर में व्यक्ति ने कुत्ते की बेरहमी से हॉकी से पीट-पीट कर हत्या कर दी। इस घटना को लेकर महिला ने इलाका निवासियों के साथ मिलकर कैंट थाने की पुलिस को घटना की शिकायत दी। वहीं पुलिस ने इस मामले में एक्शन लेते हुए मुकद्दमा नंबर198 एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस का कहना हैकि सोशल मीडिया के जरिए उन्हें इस घटना के बारे में पता चला था। उन्होंने कहा कि अभी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

    पुलिस ने कहा कि जल्द आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। गौर हो कि संसारपुर की रहने वाली अंजू पत्नी मनोज कुमार ने कहा कि उनके घर के बाहर कुत्ते बैठते हैं, जिनकी सेवा वह खुद करती हैं। उन्होंने बताया कि बीते दिन मोहल्ले के रहने वाले स्वर्णजीत सिंह उर्फ सोनी ने हॉकी से हमला कर एक कुत्ते को मार डाला और अन्य कुत्तों को जख्मी करने की कोशिश की।

    महिला ने आरोप लगाया है कि आरोपी शराब पीने का आदी है, जिसके चलते उसने ये वारदात की। वहीं इस घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें एक व्यक्ति कुत्ते को हॉकी से पीटता हुआ नजर आ रहा है। दूसरी ओर पुलिस ने सीसीटीवी के आधार पर मामले की जांच शुरू करते हुए एफआईआर दर्ज कर ली है।

  • सचिव अभिषेक जैन ने मलाहत में निर्माणाधीन रेलवे अंडरपास का किया निरीक्षण

    सचिव अभिषेक जैन ने मलाहत में निर्माणाधीन रेलवे अंडरपास का किया निरीक्षण

    विकास कार्यों की गुणवत्ता और निर्माण कार्यों में तेजी लाने के दिए निर्देश

    ऊना/सुशील पंडित: हिमाचल प्रदेश के लोक निर्माण, वित्त, योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग के सचिव अभिषेक जैन ने ऊना के मलाहत में निर्माणाधीन रेलवे अंडरपास का निरीक्षण किया। इस अवसर पर राष्ट्रीय उच्च मार्ग और लोक निर्माण विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

    इस दौरान अभिषेक जैन ने ऊना में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की और निर्माण कार्यों में गुणवत्ता तथा तेजी लाने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए ताकि सभी विकास कार्य तय समय-सीमा के भीतर पूरे किए जा सकें।

    अभिषेक जैने ने बताया कि ऊना विधानसभा क्षेत्र के मलाहत में लगभग 13 करोड़ रुपये की लागत से रेलवे अंडरपास का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि रेलवे अंडरपास कार्य को 31 दिसंबर, 2025 तक पूर्ण करने का लक्ष्य रखा है। इस अंडरपास के बन जाने से राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात सुगम होगा तथा पीरनिगाह जैसे धार्मिक स्थलों की ओर जाने वाले श्रद्धालुओं सहित आमजन को राहत मिलेगी। उन्होंने बताया कि रेलवे क्रॉसिंग के चलते लोगों को लंबे समय तक प्रतीक्षा करनी पड़ती है, जिससे आपातकालीन सेवाओं को भी बाधा पहुंचती है। अंडरपास बनने से यह समस्या समाप्त हो जाएगी।

    इस मौके पर लोक निर्माण विभाग के चीफ इंजीनियर विजय चौधरी, अधीक्षण अभियंता हर्ष पुरी, लोक निर्माण विभाग के अधिषाशी अभियंता कुलदीप कुमार व राष्ट्रीय उच्च मार्ग के अधिषाशी अभियंता सतपाल सिंह सहित अन्य मौजूद रहे।

  • शरीर के लिए बेहद खतरनाक है Processed Foods, दिल को ऐसे पहुंचाएंगे नुकसान

    शरीर के लिए बेहद खतरनाक है Processed Foods, दिल को ऐसे पहुंचाएंगे नुकसान

    सेहत: भागदौड़ भरी इस जिंदगी में लोग अपने शरीर का ध्यान रखना ही भूल चुके हैं। खाने की जगह पैकेट में बंद तरह-तरह की चीजें खाकर अपना पेट भरते हैं। ऐसा इसलिए होता है क्योंकि उनके पास इतना समय ही नहीं होता कि वह अपने खाने-पीने की ओर ध्यान दें। इन्हीं सब के कारण मार्केट में प्रोसेस्ड फूड जैसे कि पैकेज्ड स्नैक्स, इंस्टेंट नूडल्स, फ्रोजन पिज्जा, बर्गर, कोल्ड ड्रिंक्स या फिर तरह-तरह के मसालेदार चिप्स जैसी चीजों की डिमांड काफी बढ़ चुकी है। आप शायद यह न जानते हों कि आपको स्वाद देने वाली ये चीजें आपके लिए कितनी खतरनाक है। इस तरह की चीजें आपकी हार्ट बीट की गति को कम कर सकती हैं। इससे शरीर में बनने वाले फैट से आर्टरीज में ब्लॉकेज की संभावना तेजी से बढ़ती है।

    बढ़ सकती हैं ये भी बीमारियां

    इस तरह का प्रोसेस्ड फूड खाने से शरीर में फैट तेजी से जमा होता है। इसके कारण आर्टरीज में ब्लॉकेज होने की संभावना बढ़ जाती है। यह बाद में आपके लिए हार्ट अटैक जैीसी समस्या का कारण भी बन सकती है। इनको लंबे समय तक फ्रेश रखने के लिए नमक, चीनी, ट्रांसफैट, प्रिजर्वेटिव्स और आर्टिफिशियल फ्लेवर मिक्स किया जाता है। ये बाद में जाकर हाई बीपी, कोलेस्ट्रॉल बढ़ने, मोटापा और डायबिटीज जैसी दिक्कतों को जन्म देते हैं। ये सभी बीमारियां बाद में हार्ट की बीमारियों को जन्म देती हैं। ऐसे में यदि आप इसका सेवन करते हैं तो पैकेट पर लिखे हुए शुगर, फैट, सोडियम, कैलोरी की मात्रा एक बार जरुर पढ़ें। इससे आपको सही जानकारी मिल पाएगी कि आप कितनी अनहेल्दी चीजों का सेवन कर रहे हैं।

    ऐसे लोगों को बरतनी चाहिए सावधानी

    विश्व स्वास्थ्य संगठन और कई संस्थाएं यह बता चुकी हैं कि यदि आप ज्यादा मात्रा में नमक खाएंगे तो आपका ब्लड प्रेशर बढ़ जाएगा। ब्लड प्रेशर बढ़ने के कारण बाद में यह दिक्कत हाई बीपी, हार्ट अटैक और स्ट्रोक का कारण बनेगी। ऐसे में यदि आप पहले से ही हाइपरटेंशन, डायबिटीज, तनाव की समस्या से जूझ रहे हैं तो आपको बाकी लोगों से ज्यादा सावधानी बरतने की जरुरत है। ऐसे लोगों में हार्ट अटैक का खतरा भी ज्यादा होता है।

    रिसर्च में भी हुआ है खुलासा

    इसको लेकर कई रिसर्च भी की गई हैं। इसमें हार्वर्ड हेल्थ पब्लिकेशन की ओर से पब्लिश एक रिसर्च रिपोर्ट में इस बात का भी जिक्र किया गया है कि जो लोग बहुत ज्यादा प्रोसेस्ड फूड खाते हैं। उनमें दिल संबंधी दिक्कतें ज्यादा होती हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठन की रिपोर्ट में भी यह जिक्र किया गया है कि ट्रांसफैट (प्रोसेस्ड फूड्स में मौजूद फैट) से कोरोनरी हार्ट डिजीज के चलते हर साल करीबन 5,00,000 प्रीमैच्योर मौतें हो जाती हैं। एक्सपर्ट्स का भी यही कहना है कि कोशिश करनी चाहिए कि ज्यादा से ज्यादा प्रोसेस्ड फूड्स के सेवन से बचा जाए। इसमें पाया जाने वाला हाई सोडियम, कैलोरी और फैट शरीर में तरह-तरह की बीमारियों को जन्म देता है जैसे कि हाइपरटेंशन का स्तर बढ़ना, कोलेस्ट्रॉल का बढ़ना। ऐसे में कोशिश करनी चाहिए कि इन चीजों का सेवन करने से बचा जाए।