Blog
-
विद्यार्थी परिषद् के कार्यकर्ताओं ने पी.जी. कॉलेज ऊना मे किया प्रांत कार्यालय सुनील भवन के लिए धन संग्रह
ऊना/सुशील पंडित : सुनील उपाध्याय एजुकेशनल ट्रस्ट द्वारा विद्यार्थी परिषद हिमाचल प्रदेश के प्रदेश कार्यालय सुनील भवन के निर्माण कार्य के लिए ऊना इकाई के कार्यकर्ताओं ने पी.जी.कॉलेज ऊना मे किया धन संग्रह । अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के ऊना तहसील संयोजक तरूण ठाकुर ने कहा कि आज हिमाचल प्रदेश में जो विराट रूप विद्यार्थी परिषद का है, उसका श्रेय सुनील उपाध्याय को जाता है। उन्हीं के प्रयासों से विद्यार्थी परिषद आज प्रदेश में नए-नए आयाम स्थापित कर रहा है। सुनील उपाध्याय के नाम से ही विद्यार्थी परिषद के प्रदेश कार्यालय का नाम सुनील भवन रखा है। अभाविप ज़िला संयोजक चंदन सेखडी ने बताया कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद जिला ऊना मे 01 जनवरी तक ज़िला ऊना के प्रत्येक महाविद्यालय तथा अन्य शिक्षण संस्थान में विद्यार्थियों से सुनील भवन के निर्माण कार्य के लिए धन संग्रह अभियान चलाएगी। -
पंजाबः महिला आरोपी सहित 3 गिरफ्तार, डेढ़ किलो हेरोइन बरामद, देखें वीडियो
लुधियानाः पंजाब सरकार द्वारा लगातार नशा तस्करी के मामले में सख्ती से कार्रवाई की गई जा रही है। वहीं आज लुधियाना एसटीएफ ने कार सवार एक महिला समेत 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से डेढ़ किलो हेरोइन बरामद की है। मिली जानकारी के मुताबिक महिला वंदना फिरोजपुर छावनी स्थित आर्मी हॉस्पिटल में नर्स के पद पर तैनात है। बाकी आरोपियों में से एक ज्वैलर्स की दुकान में काम करता है, जबकि दूसरा टैक्सी ड्राइवर है।
-
जालंधरः मकड़ी की तरह दीवार पर चढ़कर चोर ASI के घर से लाखों का सामान लेकर हुआ फरार, देखें CCTV
जालंधर, ENS: शहर में चोरी और लूट की वारदातों का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है। वहीं अब हालात यह हो गए है कि चोर पुलिस कर्मियों के घर को भी निशाना बनाने लगे है। ताजा मामला थाना 8 के अंतगर्त इलाके से सामने आया है। चोर इतना शातिर था कि मकड़ी की तरह ईंटो की दीवार पर इतनी आसानी से चढ़ गया और घर के अंदर घुसकर लाखों का सामान लेकर मौके से फरार हो गया। जानकारी देते हुए एएसआई जसवीर चंद ने बताया कि वह 15 दिसंबर को अपने परिवार सहित भांजी की शादी में पठानकोट गया हुआ था।
तभी 16 दिसंबर को पड़ोसियों का फोन आया कि आपके घर में चोरी हो गई है। जब अगले दिन वापस आकर देखा तो बैडरूम की अलमारी का सामान बिखरा हुआ था। पीड़ित ने बताया कि चोर करीब 16 लाख की कीमत के सोने व चांदी के गहने, कुछ नगदी, बेटे की स्पोर्ट्स साइकिल और 2 लैपटॉप लेकर फरार हो गया। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। वहीं थाना 8 की पुलिस में मौके पर पहुंचकर पीड़ित पुलिस कर्मी के बयानों पर मामला दर्ज कर लिया है। वहीं सीसीटीवी फुटेज को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। दरअसल, घर के सामने लगे एक कैमरा में आरोपी कैद हो गया है, जिसमें वह दीवार पर चढ़ता हुआ दिखाई दे रहा है।
-
बड़ा झटकाः महंगी होगी शराब, CM कैबिनेट ने नई आबकारी नीति को दी मंजूरी
लखनऊ: सीएम योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में मंगलवार को कैबिनेट की बैठक हुई। इसमें 20 प्रस्ताव रखे गए, जिसमें 19 प्रस्ताव को कैबिनेट ने पास किया। NCR में फ्लैट की चाहत रखने वालों का इंतजार खत्म होगा। कैबिनेट ने NCR में अधूरे पड़े 2.40 लाख फ्लैट को पूरा करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई। बढ़ते साइबर अपराधों के खिलाफ पुलिस को मजबूत करने के लिए 57 शहरों में साइबर थानों को मंजूरी दी गई है। वहीं, 2024 में लोगों को महंगी शराब मिलेगी। साथ ही प्रदेश में रेलवे और मेट्रो स्टेशनों पर भी प्रीमियम ब्रैंड की शराब बिक सकेगी। सक्षम स्तर से अनापत्ति मिलने पर वहां रिटेल स्टोर स्थापित किए जा सकेंगे। हालांकि, इन दुकानों में प्रवेश और निकास मुख्य भवन के भीतर ही होगा।
सीएम योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई कैबिनेट की बैठक में आबकारी नीति 2024-25 को मंजूरी दे दी गई है। नई नीति 1 अप्रैल से लागू होगी। नई नीति में अंग्रेजी शराब, मॉडल शॉप और बीयर शॉप की सालाना लाइसेंस फीस में 10% की वृद्धि की गई है। रिन्यूअल और प्रोसेसिंग फीस में भी बढ़ोतरी हुई है। देसी शराब का भी कोटा बढ़ाया गया है। इससे शराब महंगी हो सकती है। देसी शराब के पव्वे में करीब 7 रुपये की बढ़ोतरी का अनुमान है। अगर किसी के पास बार का लाइसेंस है और वह उस भवन के दूसरे परिसर या टेरेस में बार काउंटर स्थापित करना चाहता है तो लाइसेंस का 25% या 2.5 लाख रुपये देकर (जो अधिक हो) अनुमति ले सकेगा। बीयर शॉप के 20 मीटर के अंदर अगर 100 वर्ग मीटर का परिसर है तो वहां पीने के लिए सिटिंग एरिया बनाया जा सकेगा। इसके लिए 5000 रुपये सालाना शुल्क देना होगा।
पुलिस या कोई एजेंसी बिना आबकारी विभाग की अनुमति से शराब, भांग या बीयर की दुकान बंद या सील नहीं करा सकेगी, न ही बिना अनुमति के दुकान का निरीक्षण कर सकेगी। आबकारी विभाग के अधिकारियों के अलावा कोई अन्य एजेंसी निरीक्षण करती है तो उसे इसकी विडियोग्रॉफी करानी होगी। एसजीपीजीआई में प्रदेश का पहला एडवांस्ड पीडियाट्रिक सेंटर बनेगा। यहां बच्चों की विभिन्न प्रकार की गंभीर बीमारियों का इलाज हो सकेगा। कैबिनेट ने इसके पहले फेज के लिए 199 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। सीएम योगी आदित्यनाथ ने पीजीआई में एक कार्यक्रम के दौरान इसकी घोषणा की थी। सेंटर कुल 573 बेड का होगा और इसमें 23 विभाग खोले जाएंगे। पहले चरण में 12 विभाग खुलेंगे व 308 बेड की सुविधा विकसित की जाएगी। पूरे प्रॉजक्ट पर करीब 500 करोड़ रुपये का खर्च आएगा।
उत्तर प्रदेश में बढ़ते हुए साइबर क्राइम के मामलों को देखते हुए प्रदेश सरकार ने फैसला लिया है कि प्रदेश के 57 जनपदों में साइबर क्राइम थाने खोले जाएंगे। इस फैसले के साथ ही प्रदेश के सभी जनपदों में साइबर क्राइम थानों की मौजूदगी हो जाएगी। फिलहाल, प्रदेश के सभी 18 मंडलों में साइबर क्राइम थाने मौजूद हैं। अभी तक आईजी स्तर का अधिकारी इन थानों को देखता था, लेकिन सभी जनपदों में साइबर क्राइम थाने स्थापित होने के बाद पुलिस अधीक्षक इसकी जिम्मेदारी निभाएंगे। वित्त और संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि प्रदेश में बढ़ते साइबर क्राइम को देखते हुए सभी 75 जनपदों में साइबर थानों की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। 18 मंडल मुख्यालयों में पहले से ही साइबर थाने मौजूद हैं, अब बाकी बचे 57 जनपदों में भी थाने स्थापित करने का बड़ा फैसला लिया गया है। सरकार तेजी से इस पर काम करने जा रही है और जल्द ही थाने खोले जाएंगे।
-
पंजाबः कांग्रेस में बढ़ी कलह, नवजोत सिद्धू ने किया पलटवार
चंडीगढ़ः पंजाब कांग्रेस में एक बार फिर कलह हो गई है। पिछले दिनों बठिंडा के गांव महिराज में हुई रैली के दौरान नवजोत सिद्धू ने कांग्रेस के पूर्व मुख्यमंत्रियों कैप्टन अमरिंदर सिंह और चरणजीत सिंह चन्नी पर निशाना साधा था। इस पर विधानसभा में विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा ने टिप्पणी की। दरअसल, बीते दिनों नवजोत सिंह सिद्धू ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करते 25 सालों से मुख्यमंत्री रहे प्रकाश सिंह बादल के साथ-साथ कांग्रेस के मुख्यमंत्रियों कैप्टन अमरिंदर सिंह और चरणजीत सिंह चन्नी पर भी निशाना साधा था।

उनके इस बयान पर अब विपक्ष के नेता व कांग्रेस विधायक प्रताप सिंह बाजवा भड़क गए। वहीं प्रताप सिंह बाजवा हल्का पायल के गांव रामपुर में गुरुद्वारा गुरमति संगीत विद्यालय बुंगा साहिब में 9वें पातशाह साहिब श्री गुरु तेग बहादुर जी के शहीदी दिवस को समर्पित एक धार्मिक समारोह में भाग लेने पहुंचे थे। प्रताप सिंह बाजवा ने कहा- मैं सिद्धू साहिब को यही कहूंगा, थोड़ी मैच्योरिटी से एक्ट करें। उनकी एक ही सलाह है, पार्टी के कैडर के साथ चलें। पार्टी की स्टेजों पर आएं। दो दिन बाद 21 और 22 दिसंबर को कांग्रेस के केंद्र सरकार के खिलाफ धरने हैं।
एक जगराओं और दूसरा फगवाड़े में धरना है। जो बोलना है, वहां आकर बोलें। अपना अलग अखाड़ा (स्टेज) लगाना अच्छी बात नहीं है। बाजवा ने कहा कि कोई भी कांग्रेसी इसे ठीक नहीं कहेगा। नवजोत सिंह सिद्धू के साथ अच्छी राय देने वाले भी यही कहते होंगे कि अपनी अलग स्टेज न लगाएं। बाजवा ने सलाह दी कि हम सब एक पार्टी में हैं और अगल स्टेज लगा ही नहीं सकते। पार्टी की स्टेज पर कभी किसी ने उन्हें रोका नहीं है। वह उन्हें पार्टी की स्टेज पर आने का न्योता देते हैं। अगर वे सोचते हैं कि उन्हें किसी ने नहीं कहा, मैं न्योता देता हूं। उन्हें स्टेज पर समय भी दिया जाएगा, आएं और अपनी बात रखें।
-
Vice President Jagdeep Dhankhar की मिमिक्री को लेकर हुआ विवाद, बीजेपी ने विपक्षी दलों का किया घेराव, देखें वीडियो
नई दिल्लीः संसद परिसर में उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की मिमिक्री के मामले ने तूल पकड़ लिया है। बीजेपी इस मुद्दे पर कांग्रेस समेत तमाम विपक्षी दलों का घेराव कर रही है। इस मामले को लेकर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा,’जिस तरह से हमारे सम्मानित उपराष्ट्रपति को संसद परिसर में अपमानित किया गया, उसे देखकर मुझे निराशा हुई। निर्वाचित प्रतिनिधियों को अपनी अभिव्यक्ति के लिए स्वतंत्र होना चाहिए, लेकिन उनकी अभिव्यक्ति गरिमा और शिष्टाचार के मानदंडों के भीतर होनी चाहिए। यह संसदीय परंपरा रही है जिस पर हमें गर्व है और भारत के लोग उनसे इसे कायम रखने की उम्मीद करते हैं।’ वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उपराष्ट्रपति धनखड़ से फोन पर बात की। उन्होंने सांसदों के द्वारा उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की मिमिक्री की घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। प्रधानमंत्री ने बातचीत के दौरान कहा कि वह भी पिछले 20 सालों से इस तरह का अपमान सह रहे हैं।
इस बीच कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का इस मुद्दे पर बयान आया है। खड़गे ने कहा है कि जो हुआ वह संसद के बाहर हुआ है। मिमिक्री विवाद पर खड़गे ने बुधवार को कहा,’अध्यक्ष साहब ने जाति की बात कही। क्या मैं यह कहूं कि अध्यक्ष ने मुझे बोलने नहीं दिया, क्योंकि मैं दलित नेता हूं। ऐसे तो मेरी जाति पर हमेशा हमला होता है, क्योंकि मुझे बोलने नहीं दिया जाता। जो घटना सदन के बाहर हुई, उसके बारे में सदन के अंदर भर्त्सना करना, रेजोल्यूशन पास करना है। यह कहां तक सही है। हम किसी का अपमान नहीं करना चाहते। क्या पीएम और गृह मंत्री सदन का बहिष्कार कर रहे हैं? संसद चलते हुए सदन के बाहर बात कर रहे हैं, सदन के अंदर नहीं।’
बता दें कि संसद के शीतकालीन सत्र में जबरदस्त हंगामा हुआ, जिसके बाद 141 सांसदों को हंगामा करने की वजह से निलंबित कर दिया गया। ऐसे में विपक्षी सांसद 19 दिसंबर को संसद भवन के बाहर बैठकर प्रदर्शन कर रहे थे। इस दौरान तृणमूल कांग्रेस के सांसद कल्याण बनर्जी ने राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ की नकल उतारकर मिमिक्री की, जिस पर उपराष्ट्रपति भड़क गए। उपराष्ट्रपति ने इस घटना को शर्मनाक बताते हुए कहा कि यह हास्यास्पद और अस्वीकार्य है कि एक सांसद मजाक उड़ा रहा है और दूसरा सांसद उस घटना का वीडियो बना रहा है।
मजाक उड़ाए जाने पर नाराजगी जाहिर करते हुए सभापति जगदीप धनखड़ ने कहा था, ‘यह एक किसान और एक समुदाय का अपमान मात्र नहीं है, यह राज्य सभा के सभापति के पद का निरादर है और वह भी एक ऐसी राजनीतिक पार्टी के सदस्य द्वारा जिसने इतने लंबे समय तक शासन किया हो। संसद का एक वरिष्ठ सदस्य, दूसरे सदस्य की वीडियोग्राफी करता है। किस लिए? मैं आपको बताता हूं कि मुझे बहुत कष्ट हुआ है। इंस्टाग्राम पर, चिदंबरम जी आपकी पार्टी ने एक वीडियो डाला था जिसे बाद में हटा लिया गया, यह शर्मनाक है।’
-
पंजाबः नहीं थम रही बेअदबी की घटनाएं, अब इस जगह आरोपी को किया काबू
अमृतसरः पंजाब में बेअदबी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही है। लगातार बेअदबी के मामलों में बढ़ौतरी देखने को मिल रही है। वहीं अब ताजा मामला फतेहगढ़ शुकरचक में गुरुद्वारा साहिब से सामने आया है। जहां बेअदबी की घटना हुई है। बताया जा रहा है कि घटना के समय गांव वासी वहीं मौजूद थे। इस दौरान गांव वासियों ने आरोपी को काबू कर पुलिस के हवाले कर दिया। मामले की जानकारी देते हुए सेवादार ने बताया कि वह रोज की तरह बीते दिन गुरुद्वारा बाबा जीवन सिंह में सेवा करने गया था।
इस दौरान गुरप्रीत सिंह नाम का एक व्यक्ति संगत के साथ अंदर आया। उसने अंदर आते ही चौर साहिब को नीचे फैंक दिया और उसे पैरों से मसलना शुरु कर दिया। उन्होंने आरोपी को ऐसा करने से रोका और संगत के साथ मिल कर उसे काबू कर लिया। आरोपी गुरप्रीत उसी गांव का रहने वाला है। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। इस मामले की पुलिस द्वारा जांच की जा रही है और आरोपी के खिलाफ धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने की धारा 295 ए के तहत मामला दर्ज किया गया है।
-
जमानती वेरिफिकेशन करने के नाम पर रिश्वत मांगने की पुलिस कर्मी की वीडियो वायरल
मेरठः लिसाड़ी गेट थाने में तैनात एक सिपाही ने जमानती का वेरिफिकेशन करने के नाम पर रिश्वत मांग ली। सिपाही पीड़ित से रिश्वत की सौदेबाजी करने लगा। इसी दौरान पीड़ित ने सिपाही का वीडियो बना लिया और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो संज्ञान में आने पर अधिकारी मामले की जांच कराकर कार्रवाई की बात कह रहे हैं। जानकारी के अनुसार सिपाही रमेश चंद्र लिसाड़ी गेट थाने में तैनात है। लिसाड़ी गेट का रहने वाला एक व्यक्ति जेल में बंद अपने रिश्तेदार की जमानत वेरिफिकेशन के लिए गया था। सिपाही रमेश चंद ने जेल में बंद मुलजिम के परिवार वालों से जमानत के कागज वेरिफिकेशन के लिए पांच हजार की रिश्वत मांग ली।
इस दौरान जेल में बंद अभियुक्त के परिवार वाले एक हजार रुपए देने की बात कहते हैं। सिपाही वीडियो में दो हजार रुपए की रिश्वत मांगता नजर आ रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद अधिकारी मामले में जांच कराकर कार्रवाई की बात कह रहे हैं। शिव कोतवाली अमित कुमार राय का कहना है कि वीडियो अभी संज्ञान में नहीं आया है। वीडियो संज्ञान में आने पर मामले की जांच कराई जाएगी और आरोपी सिपाही पर कार्रवाई की जाएगी।
-
जालंधरः हाई प्रोफाइल ड्रग केस में राजा कंदोला हुआ बरी
जालंधर, ENS: हाईप्रोफइल ड्रग केस के काबू किए गए राजा कंदोला को लेकर आज स्पेशल कोर्ट में सुनवाई हुई। इस दौरान माननीय जज ने ड्रग केस में शामिल राजा कंदौला को बरी कर दिया है। मामले की जानकारी देते हुए सीनियर एडवोकेट मंदीप सचदेवा ने बताया कि इस्पेंक्टर इंद्रजीत सिंह ने 14 किलो हेरोइन के मामले राजा कंदौला को काबू किया था। मनदीप सचदेवा ने बताया कि पुलिस ने राजा कंदौला 3 हजार करोड़ रुपए की आइस का केस डाला था।
एडवोकेट मनदीप सचदेवा ने बताया कि कोर्ट में पुलिस आइस की बरामदगी नहीं दिखा पाई। पुलिस ने जो 14 किलो हेरोइन बरामद की थी, उसे भी पुलिस ने नवांशहर के पास एक घर से बरामद किया था। इस मामले में पुलिस ने बताया था कि उन्होंने यह बरामदगी राजा कंदौला के घर से बरामद की है। जबकि जांच में साबित हुआ कि वह घर राजा कंदौला का नहीं था। मनदीप सचदेवा ने बताया कि आज स्पेशल कोर्ट में इस केस की सुनवाई के बाद पाया गया कि राजा कंदौला के खिलाफ पुलिस के पास कोई सबूत नहीं है, जिसे लेकर माननीय जज ने राजा कंदौला को बरी कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार करीब 11 साल पहले दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने दिल्ली के सब्जी मंडी स्टेशन से फरार हुआ रंजीत सिंह उर्फ राजा कंदोला को गिरफ्तार किया था। दिल्ली पुलिस के साथ जालंधर पुलिस ने इनपुट शेयर किए थे। केस में राजा कंदोला का ड्राइवर सुखजिंदर सिंह उर्फ कमांडो भी गिरफ्तार हुआ था। उसे भी कोर्ट ने बरी कर दिया है। बता दें कि मामला 2 जून 2012 को थाना गढ़शंकर (जिला होशियारपुर) में ड्रग तस्करी के आरोपों में गिरफ्तार बर्खास्त इंस्पेक्टर इंद्रजीत सिंह के बयान पर केस दर्ज हुआ था।
केस में उस वक्त आई-20 कार व इंडिका कार में आए अमनदीप सिंह, हरजिंद्र सिंह उर्फ राजिंद्र जिनसे 50 ग्राम हेरोइन, बाइक पर आए जतिंद्र कुमार से 200 ग्राम हेरोइन बरामद हुई थी। वहीं सुखविंद्र सिंह, हरकमलजीत सिंह उर्फ रूपा को भी गिरफ्तार किया गया था। दोनों कारों से 34 किलो आइस बनाने वाला नशीला पदार्थ (एफ्टीमाइन) बरामद हुआ था जिसमें इंस्पेक्टर इंद्रजीत सिंह, सीआईए इंचार्ज अंग्रेज सिंह व सतीश बाठ भी थे। जांच में आरोपियों ने कहा था कि ड्रग उनको राजा कंदोला ने दी है, जो सिंथेटिक ड्रग का कारोबार करता है। पुलिस ने राजा कंदोला को गिरफ्तार कर लिया था। मामले में आईजी गुरप्रीत दियो से लेकर तत्कालीन डीजीपी ने वाहवाही लूटी थी। दरअसल, एनडीपीएस केस में सीधी रिकवरी राजा कंदोला व उसकी गर्लफ्रेंड वान्या से नहीं हुई थी।
-
पंजाबः अकाली दल को बड़ा झटका, 35 परिवार आप पार्टी में हुए शामिल, देखें वीडियो
फिरोजपुरः चुनावों से पहले सियासी पार्टियों में जोड़तोड़ का सिलसिला शुरू हो गया है। इसी के तहत कई नेता पार्टी छोड़कर दूसरी पार्टियों में शामिल हो रहे है। वहीं फिरोजपुर के कस्बा ममदोट में अकाली दल को बड़ा झटका लगा है। जहां नगर पंचायत ममदोट के वार्ड नंबर 5 में 35 परिवार अकाली दल को छोड़कर आप पार्टी में शामिल हो गए।
जहां दीप सोनी के नेतृत्व में आप की नीतियों से प्रभावित होकर पाला सिंह, डॉ. गुरनाम सिंह घोड़ेचक्क चौक समेत 35 परिवार अकाली दल छोड़कर आम आदमी पार्टी में शामिल हुए है। इस अवसर पर फिरोजपुर देहात से विधायक एडवोकेट रजनीश दहिया ने आप पार्टी में शामिल होने वाले परिवारों का स्वागत किया। इस अवसर पर उन्होंने भाग लेने वाले परिवारों को आश्वासन दिया कि पार्टी में उनका पूरा सम्मान किया जाएगा।