Blog

  • जालंधर रोड पर बस और बाइक की टक्कर में 2 की मौत

    जालंधर रोड पर बस और बाइक की टक्कर में 2 की मौत

    जीरा: जालंधर रोड के पास बर्ड सेंचुरी से दर्दनाक सड़क हादसे का मामला सामने आया है। जहां मक्खू इलाके में निजी मिनी बस की टक्कर से मोटरसाइकिल पर सवार दो भाइयों की मौत हो गई। इस दुर्घटना के संबंध में थाना मक्खू की पुलिस को शिकायतकर्ता सीमा रानी पत्नी मंगल सिंह निवासी मंड इंदरपुर जिला कपूरथला ने आरोप लगाते हुए बताया कि वह अपने भाई गुरमेज सिंह के साथ मोटरसाइकिल पर सवार थी और उसका पति मंगल सिंह और जेठ किशन सिंह अन्य मोटरसाइकिल से निजी काम से हरिके में आए थे।

    वे कामकाज खत्म करके वापिस जा रहे थे और जब वे बर्ड सेंचुरी के पास पहुंचे तो एक मिनी बस के चालक ने गलत साइड से आकर शिकायतकर्ता के जेठ किशन सिंह की मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में शिकायतकर्ता के पति मंगल सिंह और जेठ किशन सिंह दोनों की मौत हो गई। इसके अलावा मोटरसाइकिल क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस ने अज्ञात बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश की जा रही है।

  • पंजाबः इंसानियत शर्मसार, डिस्पोजल से नवजात बच्चे का शव बरामद

    पंजाबः इंसानियत शर्मसार, डिस्पोजल से नवजात बच्चे का शव बरामद

    अबोहर: फाजिल्का की विधानसभा अबोहर से इंसानियत शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। जहां डिस्पोजल में आज सुबह एक नवजात बच्चे का शव मिलने से सनसनी फैल गई। डिसपोजल के कर्मचारियों ने इसकी सूचना विभागीय अधिकारियों और सिटी वन पुलिस को दी, जिस पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर नर सेवा नारायण सेवा समिति के सहयोग से शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया और जांच पडताल शुरू कर दी। जानकारी के अनुसार डिस्पोजल के कर्मचारियों ने देखा कि डिस्पोजल के फिल्टर की जाली में एक नवजात बच्चे का शव अटका हुआ था, उन्होनें इसकी सूचना निगम के अधिकारियों को दी।

    जिनके द्वारा पुलिस को अवगत करवाए जाने पर अबोहर सिटी वन के एएसआई सुखविंदर सिंह पुलिस टीम सहित मौके पर पहुंचे। इधर सूचना मिलते ही नर सेवा नारायण सेवा समिति के बिट्टू नरूला व सोनू ग्रोवर मौके पर पहुंचे और नवजात के शव को बाहर निकाला। समिति सदस्यों ने बताया कि नवजात बच्चे का शव करीब 1 से दो दिन पुराना है और किसी महिला ने अपना पाप छुपाने के लिए इसे सीवरेज के मेनहाल में धकेल दिया है। उनका मानना है कि इस बच्चे का जन्म किसी न किसी निजी अस्पताल में हुआ है। अगर पुलिस प्रशासन इसकी जांच करवाए तो गुनहगार का पता लगाया जा सकता है। उन्होनें इस घिनौने पाप की कडी निंदा की है।

  • पंजाब : किसानों ने अपनी मांगों को लेकर किया प्रदर्शन, देखेें वीडियो

    पंजाब : किसानों ने अपनी मांगों को लेकर किया प्रदर्शन, देखेें वीडियो

    दूसरे दिन भी टोल प्लाजा किया जाम

    मोगा : किसानों द्वारा अपनी मांगों को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ चण्डीगढ़ में प्रदर्शन करने को आज मोगा मखू रोड पर बना पीर मोहम्मद टोल प्लाजा और नैशनल हाइवे 95 पर बना फिरोजशाह टोल प्लाजा दूसरे दिन भी जाम किया। धरने पर बैठे किसानों का कहना है कि पंजाब के अधिकतर किसान संगठनों ने मिल कर फैसला लिया था की वह चण्डीगढ़ में प्रदर्शन करने जाएंगे।

    लेकिन उनके नेताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। इसी के रोष में उन्होंने यह धरना प्रदर्शन किया है। अगर उनके नेताओं को जल्द नहीं छोड़ा गया तो वह चंडीगढ की और कूच करेंगे जिसकी जिम्मेदारी राज्य सरकार की होगी। किसानों द्वारा जो टोल प्लाजा जाम किए गए हैं उनको एक तरफ से खोला गया है जहां से लोग फ्री में बिना टोल दिए ही गुजर रहे है।

  • स्कूलों में पढ़ाया जाएगा Cyber Crime का पाठ, सरकार ने दी इसकी इजाजत

    स्कूलों में पढ़ाया जाएगा Cyber Crime का पाठ, सरकार ने दी इसकी इजाजत

    नई दिल्ली : इंटरनेट से जुड़ी आज की दुनिया मे जहां एक तरफ घर बैठे दुनियाभर की जानकारी लोगों को मिल जाती है, तो वहीं दूसरी तरफ कई काम भी ऑनलाइन के माध्यम से बड़ी ही सुगमता से हो जाते है। दूसरी तरफ एच ये भी है कि हर अच्छी चीज अपने साथ कुछ खामियां भी लेकर आती है। यह नियम इंटरनेट की सुविधा पर लागू होता है। इसे लेकर शिक्षा विभाग के अतिरिक्त निदेशक जरीज ताज ने एक सर्कुलर जारी किया है। ट्रेनिंग सेशन की शुरुआत साउथ दिल्ली क्षेत्र में आने वाले सरकारी स्कूलों से होगी। बच्चों को साइबर खतरे से बचाने और इसके प्रति जागरूक बनाने को लेकर एक NGO ने इसकी अनुमति के लिए शिक्षा विभाग को पत्र लिखा था। जिस पर विभाग की तरफ से गाइडलाइन के साथ ट्रेनिंग सेशन की अनुमति दी गई है। इसके तहत कक्षा 6 से 9 तक के बच्चों को हिंदी और अंग्रेजी माध्यम में ऑनलाइन ठगी, साइबर फ्रॉड एवं अन्य ठगी से सतर्कता और सुरक्षित रहने के तरीकों के बारे में जानकारी दी जाएगी।

    जहां सामान्य लोग इंटरनेट का इस्तेमाल सही दिशा में करते हैं, तो वहीं साइबर क्रिमिनल इसका इस्तेमाल अपनी बुरी मंशा को पूरा करने के लिए करते है। यही वजह है कि लोग आए दिन साइबर अपराधियों के शिकार बन रहे है। इनमें बच्चों की संख्या भी काफी होती है, क्योंकि वे परिपक्व नहीं होते हैं और आज के सोशल मीडिया के जमाने मे वे आसानी से इसके शिकार बन जाते है। इस बात को ध्यान में रखते हुए दिल्ली सरकार की शिक्षा विभाग ने एक जागरुकता अभियान चलाकर सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को साइबर सुरक्षा से जुड़ी जानकारी देने और इसके खतरे से बचाव एवं सतर्कता के लिए विशेष प्रकार की ट्रेनिंग देने का फैसला किया है।

  • पंजाबः किसानों ने अब CM MAAN के हल्के में लगाया पक्का धरना, भारी पुलिस तैनात, देखें वीडियो

    पंजाबः किसानों ने अब CM MAAN के हल्के में लगाया पक्का धरना, भारी पुलिस तैनात, देखें वीडियो

    संगरूर: फसलों के मुआवजे सहित अपनी कई मांगों को लेकर किसान धरना दे रहे हैं। पुलिस ने संगरूर में लोंगोवाल पुलिस स्टेशन के आसपास के क्षेत्र में पुलिस बल तैनात किया है। वहीं अब सुनाम के लोंगोवाल में किसान की मौत के बाद चंडीगढ़ में आज से होने वाले किसान आंदोलन का रूख पूरी तरह से बदल गया है। 16 किसान संगठनों ने अब मुख्यमंत्री भगवंत मान के जिला संगरूर का रूख कर लिया है और लोंगोवाल पुलिस थाना के सामने पक्का मोर्चा शुरू कर दिया है। संगरूर के एसपी पलविंदर सिंह ने बताया कि किसानों ने कल से धरना दे रखा है।

    पुलिस ने जब उनसे हाईवे पर धरना खत्म करने को कहा तो उन्होंने ऐसा करने से मना कर दिया और कहा कि वह अब पुलिस स्टेशन के पास धरना लगाएंगे। इसके बाद अचानक किसान धरना लेकर आगे की ओर बढ़ने लगे। इसके बाद संबंधित SHO और DSP ने उनसे बात की और यहीं रहने को कहा, लेकिन उन्होंने पुलिस की बात नहीं सुनी। एसपी ने कहा कि हम उनसे बात करने के लिए तैयार हैं। संगरूर के एसपी पलविंदर सिंह ने कहा कि हमने कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल भी तैनात किए हैं। वहीं सुरक्षा को देखते हुए उपाय के तौर पर तीन से 350 पुलिसकर्मियों को मौके पर तैनात किया हुआ है और नाकेबंदी भी की है।

  • इस मामले में बुरा फंसा महशूर बॉलीवुड एक्टर

    इस मामले में बुरा फंसा महशूर बॉलीवुड एक्टर

    नई दिल्लीः भारत के चंद्रयान-3 पर पूरी दुनिया की नजरें टिकी हैं। वहीं दूसरी ओर अभिनेता प्रकाश राज पर कर्नाटक के बागलकोट जिले के एक पुलिस स्टेशन में एक सोशल मीडिया पोस्ट पर मामला दर्ज किया गया है, जिसमें उन्होंने कथित तौर पर भारत के महत्वाकांक्षी तीसरे चंद्र मिशन – चंद्रयान -3 का मजाक उड़ाया था।  पुलिस ने मंगलवार को कहा कि अभिनेता प्रकाश राज को चंद्रयान-3 मिशन पर उनके पोस्ट के लिए दोषी ठहराया गया है।” उन्होंने कहा, ”हिंदू संगठनों के नेताओं ने बागलकोट जिले के बनहट्टी पुलिस स्टेशन में अभिनेता के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है और कार्रवाई की मांग की है।” दरअसल, देशवासी इस बड़ी उपलब्धि को लेकर उत्साहित हैं। चंद्रयान जैसे-जैसे अपने पड़ाव पार कर रहा है, वैसे-वैसे लोगों की दिलचस्पी इसमें बढ़ती जा रही है। सोशल मीडिया पर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। इस बीच चंद्रयान-3 को लेकर एक्टर प्रकाश राज के एक पोस्ट ने बखेड़ा खड़ा कर दिया है। यूजर्स प्रकाश राज की जमकर आलोचना कर रहे हैं।

    प्रकाश राज को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर किए गए एक पोस्ट के लिए आलोचना का सामना करना पड़ा। जिसे कई लोगों ने भारत के चंद्र मिशन ‘चंद्रयान-3’ के मखौल के तौर पर लिया। हालांकि, प्रकाश राज ने एक अन्य पोस्ट में आलोचकों का जवाब देते हुए कहा कि ‘‘नफरत केवल नफरत देखती है’ और वह एक पुराने परिहास का संदर्भ दे रहे थे।

    प्रकाश राज ने रविवार को एक कार्टून साझा किया था जिसमें एक व्यक्ति शर्ट पहने हुए है और कमर पट्टे से एक बर्तन में चाय डाल रहा है. उन्होंने तस्वीर के साथ कन्नड में लिखा, ‘‘ ताजा खबर : चंद्रयान से पहली तस्वीर आई है# विक्रमलैंडर # बस पूछ रहा हूं।’’

    प्रकाश राज ने कार्टून में दिख रहे व्यक्ति के बारे में विशेष तौर पर कुछ नहीं लिखा था लेकिन सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं ने इसे भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के पूर्व प्रमुख के सिवन के मखौल के तौर पर लिया और अभिनेता को आड़े हाथ लिया। अभिनेता को आड़े हाथ लेने वालों में कांग्रेस प्रवक्ता अभिषेक सिंघवी भी शामिल हैं। उन्होंने कहा, ‘‘ मैं प्रकाश राज की इस शर्मनाक ट्वीट के लिए निंदा करता हूं। इसरो की सफलता भारत की सफलता है।’’

    चंद्रयान-3 को 14 जुलाई को प्रक्षेपित किया गया था और यह 23 अगस्त को चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर उतरने को तैयार है। यह चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर उतरने वाला पहला लैंडर होगा। इसरो ने रविवार को बताया कि विक्रम रोवर 23 अगस्त को शाम छह बजकर चार मिनट पर चंद्रमा के सतह पर उतरेगा।

  • सेना भर्ती रैली बिलासपुर के लुहणु खेल मैदान में 3 से 9 सितम्बर तक

    सेना भर्ती रैली बिलासपुर के लुहणु खेल मैदान में 3 से 9 सितम्बर तक

    ऊना/सुशील पंडित: अग्निपथ योजना के तहत सेना भर्ती रैली ऊना, हमीरपुर व बिलासपुर जिला के लिए 3 से 9 सितम्बर तक बिलासपुर के लुहणु खेल मैदान में आयोजित की जाएगी। यह जानकारी देते हुए सेना भर्ती निदेशक हमीरपुर कर्नल बीएस भंडारी ने बताया कि जिन अभ्यार्थियों ने इस योजना के तहत सामान्य प्रवेश परीक्षा उत्तीर्ण की है उनके प्रवेश पत्र भारतीय थल सेना की आधिकारिक वेबसाईट www.joinindianarmy.nic.in पर अपलोड कर दिए गए हैं तथा इसकी सूचना अभ्यार्थियों के पंजीकृत मोबाइल नम्बर पर भी भेज दी गई है। इसके अतिरिक्त उन्होंने कहा कि जिन अभ्यार्थियों के प्रवेश पत्र डाउनलोड करने में किसी प्रकार की दिक्कत आ रही है तो वे अभ्यार्थी सेना भर्ती कार्यालय हमीरपुर में 01972-222214 सम्पर्क कर सकते हैं।

    कर्नल बीएस भंडारी ने सेना भर्ती रैली में अभ्यार्थियों को रंगीन प्रवेश पत्र लेकर आने की सलाह दी है ताकि भर्ती प्रक्रिया में बारकोड स्कैनिंग में किसी प्रकार की दिक्कत न हो। इसके अलावा उन्होंने कहा कि अभ्यर्थी सेना भर्ती रैली में निर्धारित दिनांक व समय पर पहुंचाना सुनिश्चित करें।

  • केबल कार में फंसे स्कूली बच्चे, देखें वीडियो

    केबल कार में फंसे स्कूली बच्चे, देखें वीडियो

    इस्लामाबाद: पाकिस्तान से बड़ी खबर सामने आई है। जहां खैबर पख्तूनख्वा में आज सुबह 7 बजे कैब को खीचने वाली तारों में से एक तार टूट जाने कारण केबल कार में 6 स्कूली बच्चे 3000 फीट की ऊंचाई पर फंसे हुए है। इस दौरान पाकिस्तान सेना का एक हैलीकॉप्टर बचाव कार्य के लिए मौके पर मौजूद है। मंगलवार को खैबर पख्तूनख्वा के बट्टाग्राम जिले की अल्लाई तहसील में एक केबल कार की केबल टूटने के बाद हवा में फंसे 6 स्कूली बच्चों सहित 8 लोगों को बचाने के लिए एक सैन्य हेलीकॉप्टर आया है।

    मिली जानकारी के मुताबिक यह केबल कार स्थानीय लोगों द्वारा निजी तौर पर नदी को पार करने के लिए चलाई जाती है। बताया जा रहा है कि इलाके में नदी को पार करने के लिए कोई सड़क या पुल नहीं है। ऐसे में स्थानीय लोग नदी पार करने के लिए इसी का इस्तेमाल करते हैं। हर रोज करीब 150 स्कूली बच्चे भी इससे नदी पार करते हैं।

    सहायक आयुक्त जवाद हुसैन ने बताया कि स्थानीय प्रशासन रेस्क्यू टीमों के साथ मौके पर मौजूद है। लेकिन ऊंचाई और पहाड़ी इलाका होने के कारण बचाव अधिकारियों के लिए राहत अभियान चलाना संभव नहीं था। ऐसे में प्रशासन ने रेस्क्यू के लिए सेना का हेलिकॉप्टर मंगाया गया। उधर, आंतरिक मंत्रालय ने कहा कि अंतरिम आंतरिक मंत्री सरफराज बुगती ने ऑपरेशन में तेजी लाने के निर्देश जारी किए हैं। मंत्रालय के मुताबिक, कार्यवाहक प्रधान मंत्री अनवारुल हक काकर के निर्देश पर पाकिस्तानी सेना से रेस्क्यू में शामिल होने के लिए अपील की गई थी।

    मानसेहरा के पुलिस उप महानिरीक्षक ताहिर अयूब ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि फंसे हुए यात्रियों को हेलीकॉप्टर के जरिए निकालने के अलावा कोई विकल्प नहीं है। केबल कार पर सवार यात्रियों में से एक गुलफराज ने कहा कि पहला तार सुबह 7 बजे टूटा जिसके बाद दूसरा भी टूट गया। 20 वर्षीय व्यक्ति ने कहा, “जब केबल कार एक मील चली, तो रस्सी टूट गई।” उन्होंने कहा कि यात्री सुबह से ही मदद का इंतजार कर रहे हैं।

    गुलफराज ने पुष्टि की कि केबल कार में 8 लोग सवार थे जिनमें से 6 छात्र हैं। उन्होंने जियो न्यूज से बातचीत में कहा कि छात्रों की उम्र 10 से 15 साल के बीच है। गुलफराज ने पुष्टि की कि चेयरलिफ्ट में 8 लोग सवार थे, जिनमें से 6 स्कूल के छात्र हैं। उन्होंने जियो न्यूज से बातचीत में कहा कि छात्रों की उम्र 10 से 15 साल के बीच है। जिला पुलिस अधिकारी सोनिया शमरोज़ ने जियो न्यूज को बताया कि केबल कार में फंसे लोगों को बचाने के लिए सभी प्रयास किए जा रहे हैं।

  • 16 करोड़ 72 लाख की एम्फेटामिन सहित गिरफ्तार

    16 करोड़ 72 लाख की एम्फेटामिन सहित गिरफ्तार

    नई दिल्ली : देश की राजधानी दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर डायरेक्टरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस की टीम ने गैर कानूनी तरीके से एम्फेटामिन तस्करी के आरोप में एक विदेशी नागरिक को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। डीआईआई अफसरों ने ​नाइजीरियन मूल के नागरिक को उस समय गिरफ्तार किया, जब दिल्ली एयरपोर्ट पर पहुंचने के बाद उसके पास से लगभग 16 करोड़ 72 लाख की एम्फेटामिन बरामद हुई। डीआईआई कस्टम की टीम के अधिकारियों ने एम्फेटामिन को भी जब्त कर लिया है। इस मामले में टीम ने एक नाइजीरियन रिसीवर को भी दबोचने में कमायाबी पाई है, जो एयरपोर्ट पर पकड़े गए हवाई यात्री से एम्फेटामिन की डिलीवरी लेने वाला था।

    DRI के मुताबिक इंटेलिजेंस से ड्रग्स की तस्करी की खुफिया जानकारी के आधार पर DRI दिल्ली की टीम ने अदिस अबाबा से दिल्ली पहुंचे कमेरुनियन नागरिक को जांच के लिए रोका। संदिग्ध विदेशी हवाई यात्री के चेकइन बैग की तलाशी में 2.090 किलोग्राम एम्फेटामिन बरामद किया गया। एम्फेटामिन को अच्छी तरह से पैक कर ट्रॉली बैग में खास तौर पर बनाये गए फॉल्स बॉटम में छुपा कर रखा गया था। डीआरआई के अधिकारियों ने बरामद एम्फेटामिन की कीमत 16 करोड़ 72 लाख रुपये से ज्यादा बताई है। डीआरआई की टीम ने एम्फेटामिन को जब्त कर आरोपी विदेशी हवाई यात्री को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसकी निशानदेही पर DRI की टीम ने एक नाइजीरियन नागरिक को भी गिरफ्तार किया है, जो उससे एम्फेटामिन की डिलीवरी लेने वाला था। इस मामले में आगे की जांच जारी है।

  • पंजाबः किसानों को पकड़ने के लिए पीछे लगी पुलिस, बसों में भी की जा रही चैकिंग, देखें वीडियो

    पंजाबः किसानों को पकड़ने के लिए पीछे लगी पुलिस, बसों में भी की जा रही चैकिंग, देखें वीडियो

    चंडीगढ़ः खराब हुई फसल के मुआवजे और अन्य मांगों को लेकर पंजाब-हरियाणा के किसान जत्थेबंदियों ने आज चंडीगढ़ में धरना देने का एलान किया हुआ है। वहीं किसानों को रोकने के लिए पुलिस ने पंचकूला और मोहाली से लगते शहर के 27 प्रवेशद्वार सील कर दिए हैं। पंजाब में कई किसान नेताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। वहीं कुछ वीडियो सामने आई है, जिसमें किसानों को काबू करने के लिए पुलिस की गाड़ियां किसानों की गाड़ियों के पीछे लगी हुई है। एक अन्य वीडियो में बसों में पुलिस कर्मी टिकटों की चैकिंग करने में लगे हुए है। पुलिस बसों में किसानों को चैक कर रही है ताकि किसान बसों में सफर करके चंडीगढ़ की ओर कूच ना करे। 

    चंडीगढ़-जीरकपुर बॉर्डर पर भारी पुलिस फोर्स तैनात है। यहां आईटीबीपी, सीआरपीएफ के टुकड़ियां भी हथियारों के साथ मौजूद हैं। सीटीयू की बसें भी खड़ी की गई हैं ताकि अगर कोई किसान नेता या अन्य कोई उपद्रव करे तो उन्हें यहां से हटाकर किसी अन्य स्थान पर ले जाया जा सके। चंडीगढ़ पुलिस सेक्टर 31 थाना के एसएचओ राम रतन समेत डीएसपी क्राइम ब्रांच उदयपाल, इंडस्ट्रियल एरिया थाना एसएचओ जसपाल सिंह भुल्लर समेत अन्य पुलिसकर्मी बड़ी संख्या में मौके पर मौजूद हैं। पुलिस फोर्स की भारी तैनाती और वाहनों की चेकिंग के चलते चंडीगढ़-जीरकपुर मार्ग पर जीरकपुर की तरफ लगभग 2  किलोमीटर लंबा जाम लगा हुआ है।