Blog

  • मेडिकल लेबोरेटरी प्रोफेशनल जिला एसोसिएशन ने किया कार्यकारिणी का विस्तार

    मेडिकल लेबोरेटरी प्रोफेशनल जिला एसोसिएशन ने किया कार्यकारिणी का विस्तार

    सर्वसम्मति  से स्वर्ण सिंह  को दूसरी बार सौंपी जिला अध्यक्ष की कमान बद्दी/सचिन बैंसल: हिमाचल प्रदेश मैडिकल लैबोरेटरी प्रोफेशनल एसोसिएशन सोलन जिला इकाई की न्यू नालागढ़ में विनोद शर्मा की अध्यक्षता मे सम्पन्न हुई । जिसमें जिला अध्यक्ष स्वर्ण सिंह ने अपनी कार्यकाल की उपलब्धियों का ब्यौरा बैठक में प्रस्तुत किया । बैठक में सभी सदस्यों ने स्वर्ण सिंह द्वारा किए गए लैब टेक्नीशियन्स के हितों के कार्यों की सराहना की तथा लैब टेक्निशियन को आने वाली समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई । बैठक में समिति का कार्यकाल पूरा होने पर नयी कार्यकारिणी का पुनर्गठन किया गया । जिसमें सर्वसम्मति  से दूसरी बार स्वर्ण सिंह को जिला सोलन का अध्यक्ष चुना गया । इसके अलावा महासचिव लखन लाल चौधरी, कोषाध्यक्ष जीत राम गिरी चुने गए । इसके अतिरिक्त नवनिर्वाचित अध्यक्ष स्वर्ण सिंह ने कार्यकारिणी का विस्तार करते हुए विनोद कुमार को चेयरमैन, चंद्रेश तोमर उपाध्यक्ष, रिंकू राणा सह सचिव व प्रकाश चंद परमार को मीडिया प्रभारी नियुक्त किया गया है । बैठक के उपरांत एसोसिएशन के साथ नए जुड़े सदस्यों को चेयरमैन विनोद कुमार ने शाल व टोपी देकर सम्मानित किया । इस अवसर पर बलबीर घई, राजेश चौहान, प्रकाश चंद, जीत राम, पूनम परमार, कुलदीप राणा, जयपाल कौशिक, निवेश भारद्वाज आदि अनेक सदस्य उपस्थित रहे ।
  • कुटलैहड़: बसाल धमांदरी सड़क निर्माण में लापरवाही और भेदभाव के आरोप

    कुटलैहड़: बसाल धमांदरी सड़क निर्माण में लापरवाही और भेदभाव के आरोप

    दविंदर भुट्टो बोले, लोकनिवि बना भ्रष्टाचार का अड्डा, हर कार्य की सरकार आने पर होगी जांच उन्होंने लोक निर्माण विभाग पर भेदभावपूर्ण रवैया अपनाने का आरोप लगाया है। शिकायत पत्र में कहा गया कि विभाग कुछ लोगों की बाउंड्री वाल तोड़ रहा है, जबकि प्रभावशाली लोगों की इन्क्रोचमेंट को अनदेखा किया जा रहा है। उदाहरण के तौर पर उन्होंने पेट्रोल पंप के पास, फर्नीचर व्यापारी की दुकान के सामने और बलदेव के घर के आगे लोक मित्र केंद्र की ओर कुछ जगहों का उल्लेख किया, जहां विभाग ने समान मापदंडों का पालन नहीं किया। तीसरा मुद्दा गुग्गा मंदिर के पास का है, जहां पहले एक कॉजवे था, लेकिन अब ठेकेदार पुलिया की जगह केवल पाइप डालकर पानी की निकासी का प्रबंध कर रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि यह पाइप समय के साथ बंद हो जाएंगे और पानी की निकासी बाधित हो जाएगी, जिससे बरसात के दिनों में आम लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ सकती है।चौथा और सबसे गंभीर आरोप अधूरे पड़े पुलिया निर्माण कार्य से जुड़ा है। बताया गया है कि एक पुलिया का ठेका ठेकेदार को 28 लाख रुपये में मिला था, लेकिन भुगतान न होने के कारण काम बीच में ही रुक गया है। इससे लोगों को मनोहर मार्केट होकर लगभग 2-3 किलोमीटर का अतिरिक्त सफर तय करना पड़ रहा है। ओम पाल सिंह ने कहा कि उन्होंने इस विषय पर जून माह में समाचार पत्र में खबर भी प्रकाशित करवाई थी, उन्होंने पूर्व विधायक देवेंद्र भुट्टो से निवेदन किया है कि वह इस पूरे मामले को प्रशासन और सरकार के समक्ष उठाएं ताकि इस सड़क का निर्माण निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा हो सके। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई है कि भाजपा नेता दविंदर भुट्टो की पहल से क्षेत्र की वर्षों पुरानी समस्या का समाधान जल्द होगा। हालांकि लोकनिवि अधिकारियों द्वारा इसका खंडन किया गया। और सड़क के निर्माण कार्य में गुणवत्ता होने का दावा किया है।
    सरकार के इशारे पर मित्रो को रेवड़ियां बांट रहा लोक निर्माण विभाग :  भुट्टो
    कुटलैहड़ भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक दविंदर भुट्टो ने इसे शर्मनाक करार दिया। उन्होंने कहा कि अगर उक्त सड़क के निर्माण कार्यों में धांधली होगी तो हम सरकार और लोकनिवि के खिलाफ प्रदर्शन करेंगे। भुट्टो ने कहा कि उपमंडल बंगाणा के कुछ विभाग भ्रष्टाचार का अड्डा बने हुए है। राज्य में भाजपा सरकार आने पर हर कार्य की निष्पक्षता से जांच होगी।
  • हरियाणा में नशे पर बड़ी वार, बॉर्डर इलाकों में बढ़ेगी निगरानी की ताकत

    हरियाणा में नशे पर बड़ी वार, बॉर्डर इलाकों में बढ़ेगी निगरानी की ताकत

    चंडीगढ़: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि जिन पुलिस थाना क्षेत्रों में नशे के विरुद्ध पुलिस अधिकारियों/कर्मचारियों द्वारा सराहनीय कार्य किया जा रहा है, उन्हें सम्मानित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि जहां लापरवाही या ढिलाई बरती जा रही है, वहां सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने कहा कि लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ की गई कार्रवाई का प्रभाव स्पष्ट रूप से दिखना चाहिए ताकि अन्य कर्मियों को भी संदेश जाए कि नशे के खिलाफ उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मान मिलेगा, और जहां नशा फैल रहा है वहां कठोर कदम उठाए जाएंगे।

     

    मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी आज यहां नशा मुक्त भारत अभियान योजना के सम्बन्ध में आयोजित एक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।

    नायब सिंह सैनी ने निर्देश दिए कि नशा मुक्त घोषित गांवों का नियमित पुनर्मूल्यांकन किया जाए और अन्य राज्यों के साथ लगती प्रदेश की सीमा क्षेत्रों में हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की ताकत बढ़ाई जाए। इसके साथ ही विशेषज्ञों को भी टीम में शामिल कर नशे की आपूर्ति पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को नशे के खिलाफ संयुक्त अभियान को तेज करने, एनफोर्समेंट, डी-एडिक्शन और अवेयरनेस के तीनों पहलुओं पर समान रूप से काम करने और पंचायतों को सक्रिय भागीदार बनाने का निर्देश दिया।

    नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो अन्य सम्बंधित विभागों के साथ एक व्यापक अभियान चलाकर नशे की गिरफ्त में आए युवाओं की गंभीरता से स्क्रीनिंग सुनिश्चित करे। इस सम्बन्ध में तह तक जाकर पूरी जांच-पड़ताल की जाए। यह पता लगाया जाए कि नशा कहां से और किन स्रोतों से लाया जा रहा है। इस प्रकार नशे की पूरी सप्लाई चैन को पकड़कर उस पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सकेगा। हमारा उद्देश्य केवल नशे को रोकना नहीं है, बल्कि नशे की गिरफ्त में आए युवाओं को पुनः समाज की मुख्यधारा में जोड़ना है।

    उन्होंने कहा कि नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो, सेवा विभाग और स्वास्थ्य विभाग मिलकर नशे के खिलाफ संयुक्त अभियान की मुहीम को और तेज करें जिससे इस बुराई को जड़ से समाप्त किया जा सके। साथ ही, सभी संबंधित विभाग नशे के खिलाफ सशक्त अभियान में पंचायतों की भी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें। अच्छा कार्य करने वाली पंचायतों और सरपंचों को सम्मानित किया जाए। सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करते हुए प्रदेश को नशा मुक्त बनाने के लिए ठोस कदम उठाएं।

    स्टेट प्रगति पोर्टल पर 75 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए समय पर पूरा करने के दिए निर्देश

    इसके उपरांत मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने स्टेट प्रगति पोर्टल पर 75 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली विभिन्न 7 परियोजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आगामी बैठक में ऐसे विभागों के प्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया जाए, जिनकी परियोजनाएं अंतर-विभागीय मुद्दों के कारण समय पर पूर्ण नहीं हो पा रही हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसी बैठकों में संबंधित विभागों की उपस्थिति से इन समस्याओं का तत्काल समाधान किया जा सकेगा, जिससे परियोजनाएं समय पर पूरी हों और नागरिकों को उनका लाभ शीघ्र मिल सके।

    मुख्यमंत्री ने हिसार जिले में मिर्जापुर रोड से राष्ट्रीय राजमार्ग-9 को राष्ट्रीय राजमार्ग-52 से जोड़ने वाली चार लेन सड़क, बुढलाडा–रतिया–फतेहाबाद–भट्टू–भादरा सड़क निर्माण, घोगरीपुर से हरियाणा-दिल्ली सीमा तक दो लेन वाली रिलीफ रोड के निर्माण, नोएडा से फरीदाबाद होते हुए गुरुग्राम तक मास्टर रोड के निर्माण, पश्चिमी फरीदाबाद से पूर्वी फरीदाबाद तक निर्बाध संपर्क प्रदान करने वाली दो लिंक सड़कों के निर्माण, गुरुग्राम में नए न्यायिक परिसर (टॉवर ऑफ जस्टिस) तथा फतेहाबाद सेक्टर-9 में 200 बिस्तरों वाले अस्पताल के निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि ये सभी महत्वपूर्ण परियोजनाएं निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण की जाएं ताकि प्रदेश के विकास कार्यों की गति और तेज हो सके।

    बैठक में मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव अरुण कुमार गुप्ता, अतिरिक्त मुख्य सचिव गृह विभाग डॉ. सुमित्रा मिश्रा, अतिरिक्त मुख्य सचिव पर्यावरण विभाग विनीत गर्ग, अतिरिक्त मुख्य सचिव सेवा विभाग जी अनुपमा, अतिरिक्त मुख्य सचिव ऊर्जा विभाग अपूर्व कुमार सिंह, अतिरिक्त मुख्य सचिव लोक निर्माण विभाग अनुराग, अग्रवाल, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक संजय कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।

     

  • Jalandhar News: बाढ़ से खराब हुई फसल के मामले में DC दफ्तर पहुंचे गुरप्रताप वडाला, देखें वीडियो

    Jalandhar News: बाढ़ से खराब हुई फसल के मामले में DC दफ्तर पहुंचे गुरप्रताप वडाला, देखें वीडियो

    जालंधर, ENS: पंजाब में कुछ समय पहले आई बाढ़ के दौरान नुकसान हुई फसल और फसलों पर पड़ रहे कीड़ों को लेकर परेशान किसानों को मुआवजा देने के लिए अकाली दल सुधार लहर के नेता गुरप्रताप सिंह वडाला ने डीसी को मांग-पत्र सौंपा। बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि भारी बारिश और बाढ़ के कारण किसानों को जो नुकसान हुआ है।

    उसके मद्देनज़र सरकार को किसानों के लिए एक बोनस योजना शुरू करनी चाहिए, ताकि किसानों को उनकी फसल के मानक मुआवजे के अलावा बोनस भी मिल सके।

    उन्होंने बताया कि किसान पहले ही बाढ़ के कारण अपनी फसल बचा नहीं पाए थे, और अब आने वाली फसलों में भी अलग प्रकार के कीड़ों का असर शुरू हो गया है। इसे देखते हुए सरकार को किसानों को बोनस देना चाहिए, ताकि किसानों का मनोबल बना रहे और पंजाब खेती-किसानी से जुड़ा राज्य बना रहे।

  • अनुसूचित जाति के उत्थान की नई राह, 11 साल बाद CM Sukhu सरकार की बड़ी पहल

    अनुसूचित जाति के उत्थान की नई राह, 11 साल बाद CM Sukhu सरकार की बड़ी पहल

    शिमला: 11 वर्ष के अंतराल के बाद आज मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में नागरिक अधिकार संरक्षण अधिनियम, 1995 तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम, 1989 के अंतर्गत गठित राज्य स्तरीय सतर्कता एवं निगरानी समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विषयों पर विस्तारपूर्वक चर्चा हुई तथा समिति के सदस्यों ने अपने सुझाव प्रस्तुत किए।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि यह कानून कांग्रेस पार्टी तथा संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की दूर दृष्टि और सामाजिक न्याय की भावना का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह अधिनियम प्रदेश में प्रभावी रूप से लागू है, जिससे समाज में सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिल रहे हैं। प्रशासनिक तंत्र को और अधिक सशक्त बनाने के लिए सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव को नोडल अधिकारी नामित किया गया है।

    सुक्खू ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने समाज में समानता और समरसता की स्थापना के लिए जीवनभर संघर्ष किया। उनकी प्रेरणा से ही राज्य सरकार अनुसूचित जाति के कल्याण के लिए संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में छुआछूत की घटनाएं अब कम रह गई हैं। राज्य सरकार ऐसे मामलों में कठोर कार्रवाई सुनिश्चित कर रही है। उन्होंने बताया कि पिछले तीन वर्षों में 1,200 पीड़ितों को पुनर्वास राहत के रूप में लगभग 7.35 करोड़ रुपए वितरित किए गए हैं, जबकि 45,238 पीड़ितों को राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से निःशुल्क विधिक सहायता प्रदान की गई है।

    इस अवसर पर सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल ने कहा कि प्रदेश की 25.19 प्रतिशत आबादी अनुसूचित जातियों से संबंधित है और राज्य सरकार उनके कल्याण के लिए संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि सरकारी नौकरियों में आरक्षण की सुविधा के साथ-साथ विभिन्न सामाजिक योजनाओं के माध्यम से समाज के सभी वर्गों के बीच भाईचारे और सौहार्द को बढ़ावा दिया जा रहा है।

    उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान के अनुच्छेद 15, 16 और 17 के अंतर्गत छुआछूत और जातिगत भेदभाव को दंडनीय अपराध घोषित कर सभी नागरिकों को समान अधिकार प्रदान किए गए हैं। उन्होंने बताया कि अधिनियम के उल्लंघन पर अत्याचार की गंभीरता के अनुसार सख्त सजा और जुर्माने का प्रावधान किया गया है।

    बैठक में युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री यादवेंद्र गोमा, 7वें राज्य वित्तायोग के अध्यक्ष नंद लाल, विधायक हंस राज, विनोद कुमार, सुरेश कुमार, मलेंद्र राजन, मुख्य सचिव संजय गुप्ता, डीजीपी अशोक तिवारी, अतिरिक्त मुख्य सचिव श्याम भगत नेगी, निदेशक सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता सुमित किमटा सहित समिति के सदस्य और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

  • Punjab News: Mini Goa में आई बाढ़, लौट रहे पर्यटक, ठप्प हुआ कामकाज, देखें वीडियो

    Punjab News: Mini Goa में आई बाढ़, लौट रहे पर्यटक, ठप्प हुआ कामकाज, देखें वीडियो

    पठानकोटः जिले का स्वर्ग कहे जाने वाला मिनी गोवा धोलाधार की खूबसूरत घाटियों में बसा है। जिसे राज्य सरकार द्वारा पर्यटन स्थल के रूप में प्रचारित किया जा रहा है और हर साल बड़ी संख्या में लोग अपने परिवारों के साथ इस जगह पर आते हैं ताकि वे इस जगह के नज़ारों का आनंद ले सकें। इस जगह पर होने वाली गतिविधियों में हिस्सा ले सकें, लेकिन हाल ही में हिमाचल में हुई भारी बारिश के कारण रणजीत सागर बांध में बढ़ते जलस्तर के कारण इन दिनों मिनी गोवा में बाढ़ आ गई है।

    चारों ओर पानी ही पानी दिखाई दे रहा है। जिस जगह पर पहले खेल गतिविधियां देखने को मिलती थीं, वह जगह अब पानी से घिरी हुई है। जिसके कारण पर्यटक आ तो रहे हैं, लेकिन पानी होने के कारण निराश होकर लौट रहे हैं। इसके कारण जहां पर्यटकों का मजा किरकिरा हो रहा है, वहीं इस जगह पर काम करने वाले मजदूरों का काम पूरी तरह से ठप हो गया है। जब पर्यटकों से बात की गई, तो उन्होंने बताया कि उन्होंने इस जगह के बारे में काफी कुछ सुना था।

    जिसके कारण वे इस जगह का आनंद लेने आए थे, लेकिन इस जगह पर हर तरफ पानी ही पानी देखकर वे निराश होकर लौट रहे हैं। वहीं जब इस जगह पर काम करने वाले मजदूरों से बात की गई, तो उन्होंने बताया कि अक्सर सुर्खियों में रहने वाला मिनी गोवा इन दिनों पानी की जद में नजर आ रहा है, जिसके कारण जहां यहां आने वाले पर्यटक निराश होकर लौट रहे हैं, वहीं दूसरी ओर इस जगह पर काम करने वाले मजदूरों का काम भी ठप्प हो गया है, जिसके कारण वे अपना दिन गुजारने को मजबूर हैं।

  • छठ की रौशनी हर घर में फैले, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल की हार्दिक शुभकामनाएं

    छठ की रौशनी हर घर में फैले, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल की हार्दिक शुभकामनाएं

    चंडीगढ़: केंद्रीय ऊर्जा आवासन एवं शहरी मामले मंत्री मनोहर लाल ने प्रदेशवासियों को छठ पूजा की बधाई देते हुए कहा कि आज के दिन सूर्य देवता को अर्घ्य दिया जाता है। सूर्य हमारे जीवन में एक प्रकाश पुंज है, जिसकी हम आराधना करते हैं और यह कामना करते हैं कि यह पावन पर्व सभी के जीवन में प्रकाश लेकर आए। केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल सोमवार को करनाल प्रवास के दौरान पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जनता के आशीर्वाद से प्रदेश में लगातार तीसरी बार भाजपा की सरकार बनी है। प्रदेश सरकार निरंतर जनता की सुख-सुविधाओं के लिए कार्य कर रही है। प्रदेश सरकार द्वारा अनेक जन कल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं।

    सही व कानूनी तरीके से ही युवा जाएं विदेश

    केंद्रीय मंत्री ने युवाओं के डंकी रूट से विदेश जाने के मामले पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि यह तरीका युवाओं और उनके परिवारों के लिए ठीक नहीं है। उन्होंने कहा कि युवाओं को सही और कानूनी तरीके से ही विदेश जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार के माध्यम से युवाओं को सही तरीके से विदेश में काम करने के लिए भेजा जा रहा है।

    किसान मंडियों में धान सुखाकर लाएं

    धान खरीद पर पूछे गए सवाल के जवाब में केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इस बार अधिक वर्षा के कारण धान की फसल गीली है। उन्होंने किसानों से आह्वान किया कि वे मंडियों में धान की फसल को सुखाकर लाएं, ताकि धान की खरीद सुचारू रूप से की जा सके।    
  • युवाओं को विदेशों में सुरक्षित रोजगार से जोड़ेगी हिमाचल सरकार : उपमुख्यमंत्री

    युवाओं को विदेशों में सुरक्षित रोजगार से जोड़ेगी हिमाचल सरकार : उपमुख्यमंत्री

    ऊना/सुशील पंडित: उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा हिमाचल सरकार युवाओं को विदेशों में सुरक्षित रोजगार से जोड़ेगी। ऐसे समय में जब वैश्विक स्तर पर रोजगार के क्षेत्र में प्रतिस्पर्धा लगातार बढ़ रही है, हिमाचल सरकार ने यह सुनिश्चित करने की दिशा में निर्णायक पहल की है कि प्रदेश के युवाओं को विदेशों में सुरक्षित, कानूनी और भरोसेमंद माध्यमों से रोजगार मिल सके।
    उन्होंने कहा कि अब प्रदेश सरकार स्वयं जिम्मेदारी लेकर युवाओं को विदेश भेजने की पूरी प्रक्रिया को व्यवस्थित और पारदर्शी बनाएगी, ताकि किसी को भी ठगी, धोखे या असुरक्षा की स्थिति का सामना न करना पड़े। यह कदम प्रदेश सरकार की ‘हर युवा को हुनर, हर हुनर को अवसर’ की प्रतिबद्धता का सुफल है। वे सोमवार को पालकवाह में आयोजित हिमाचल सरकार की ‘ओवरसीज़ रिक्रूटमेंट ड्राइव’ की श्रृंखला के राज्यस्तरीय कार्यक्रम के शुभारंभ सत्र में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे।उपमुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल सरकार युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है और यह पहल उसी दिशा में एक ठोस कदम है। उन्होंने बताया कि इस पहल के तहत विदेशों में उपलब्ध विभिन्न ट्रेडों में नौकरियों की मांग के अनुसार युवाओं का चयन किया जाएगा, ताकि कौशल और अवसर का सही समन्वय सुनिश्चित हो सके। विदेशों में रोजगार का व्यवस्थित अभियान
    उल्लेखनीय है कि यह कार्यक्रम श्रम, रोजगार एवं ओवरसीज़ प्लेसमेंट विभाग और राज्य इलेक्ट्रॉनिक्स विकास निगम लिमिटेड के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया। यह इस कड़ी का दूसरा आयोजन था, पहले 9 अक्तूबर को हमीरपुर में ड्राइव शुरू हुई थी। पालकवाह में ट्रेलर चालक के 100 पदों के लिए प्रदेशभर से 457 युवाओं ने भाग लिया। अभ्यर्थियों की अंग्रेज़ी कौशल क्षमता का परीक्षण पालकवाह सभागार परिसर एवं ड्राइविंग टेस्ट कांगड़ मैदान में लिया गया। चयनित अभ्यर्थियों को दुबई के जेबेल अली पोर्ट में नियुक्ति मिलेगी। उन्हें 2,250 यूएई दिरहम (लगभग 52,000 रुपये) मासिक वेतन, आवास, ओवरटाइम और अन्य भत्तों की सुविधा मिलेगी। उपमुख्यमंत्री ने सांकेतिक रूप से चार चयनित युवाओं को प्रोविजनल ऑफर लेटर भी प्रदान किए।विदेशों में स्किल की मांग है, प्रदेश के युवा होंगे लाभान्वित मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि एक समय ऐसा भी था जब विदेश में रोजगार दिलाने के नाम पर लोगों से ठगी होती थी। माता-पिता अपने जीवन की गाढ़ी कमाई खर्च कर बच्चों को भेजते थे, पर अवैध और जालसाजी से ठगे जाते थे। अब हिमाचल सरकार ने तय किया है कि युवाओं को सुलभ, सस्ता और कानूनी तरीके से भेजा जाएगा।
    उपमुख्यमंत्री ने कहा यह सरकार का सबसे सुरक्षित, कानूनी और पारदर्शी तरीका है, जिससे हिमाचल के युवा अपनी स्किल के अनुसार विदेश में रोजगार प्राप्त कर सकेंगे। विदेशों में स्किल की मांग है और हिमाचल प्रदेश के युवा इससे लाभान्वित होंगे। इस पहल से रोजगार कार्यालय की कार्यप्रणाली में नवाचार आएगा और युवाओं को हर संभव सहायता मिलेगी।
    मुकेश अग्निहोत्री ने विभाग से इस अभियान को और विस्तारित करने तथा युवाओं की हर संभव मदद सुनिश्चित करने का निर्देश भी दिया। उन्होंने युवाओं से ऑनलाइन ठगी से सावधान रहने और डेटा सुरक्षा के प्रति सतर्कता बरतने का भी आह्वान किया।

    युवाओं को विदेश भेजने के लिए पहली बार औपचारिक नीति

    कार्यक्रम में प्रदेश के लेबर कमिश्नर डॉ. वीरेंद्र शर्मा ने बताया कि यह पहली बार है जब प्रदेश सरकार ने युवाओं को विदेश भेजने के लिए औपचारिक नीति बनाई है। विदेश मंत्रालय द्वारा निर्धारित फीस के अनुसार युवाओं को बाहर भेजा जाएगा। विदेश में अलग-अलग ट्रेडों में नौकरियों की डिमांड के अनुसार चयन होगा। हमीरपुर में आयोजित पहले कैंप में 29 उम्मीदवारों का चयन हुआ और उनका वीज़ा प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। उन्हें जल्द ही विधिवत रूप से विदेश रवाना किया जाएगा।

    उन्होंने बताया कि सरकार ने यह सुनिश्चित किया है कि विदेश में भेजे गए युवाओं को कोई कठिनाई या ठगी न हो। इसके लिए डेडिकेटेड हेल्पलाइन स्थापित की जा रही है। राज्य इलेक्ट्रॉनिक्स निगम एक सॉफ्टवेयर भी विकसित कर रहा है, जिससे युवा अपनी शिकायतें और समस्याएं सीधे साझा कर सकेंगे।

    अभियान का देंगे विस्तार लेबर कमिश्नर ने बताया कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा और भविष्य में प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में आयोजित किया जाएगा। विदेश में मांग वाले 30 प्रमुख ट्रेडों की जानकारी विभाग के पोर्टल पर उपलब्ध है। इच्छुक युवा वहां पंजीकरण करवा सकते हैं। कैंप के समय उन्हें फोन के माध्यम से भी सूचित किया जाएगा।

    इस अवसर पर जिला श्रम एवं रोजगार अधिकारी अक्षय शर्मा ने सभी का स्वागत किया। कार्यक्रम में एसडीएम हरोली विशाल शर्मा सहित अन्य अधिकारी और बड़ी संख्या में प्रदेशभर से आए अभ्यर्थी और स्थानीय युवा उपस्थित रहे।

  • Haryana News: सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150 जयंती के मौके पर आयोजित होगा एकता मार्च, देखें वीडियो

    Haryana News: सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150 जयंती के मौके पर आयोजित होगा एकता मार्च, देखें वीडियो

    पंचकूला: लोह पुरुष के तौर पर पहचान बनाने वाले सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती के मौके पर सरदार@150 एकता मार्च का आयोजन किया जाएगा। इस बात की जानकारी कालका विधानसभा की विधायक शक्ति रानी शर्मा ने सेक्टर-26 पॉलिटेक्निक कॉलेज में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कही। इस मौके पर पंचकूला बीजेपी के जिला अध्यक्ष अजय मित्तल भी मौजूद रहे।

    भारत आत्मनिर्भर भारत कार्यक्रम के अंतर्गत विधायक शक्ति रानी शर्मा ने ‘सरदार @150 यूनिटी मार्च’ की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरदार @150 भारत की एकता अखंडता का मकसद है। 150वीं जयंती पर प्रधानमंत्री मोदी ने भी वल्लभ भाई पटेल के योगदान को देश के लिए अहम बताया है।

    सरदार वल्लभ भाई पटेल ने देश को एक जुट करने का काम किया था। युवाओं पर राष्ट्र निर्माण की जिम्मेदारी है। ऐसे में उनमें राष्ट्र भक्ति, नेतृत्व की भावना को भी जगाना है। यह अभियान तीन चरणों में होगा। 6 अक्टूबर से देश भर में युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय मंत्री ने इसका डिजिटल फेज शुरु कर दिया है।

    दूसरे चरण में अब जिला स्तर पर एकता मार्च के तौर पर मनाया जा रहा है। इसके अलावा स्वच्छता अभियान भी चलाया जाएगा। इस अभियान के अंतर्गत 26 नवंबर से राष्ट्रीय स्तर की भव्य पद यात्रा शुरु की जाएगी।

  • Punjab News: तस्कर के घर पर प्रशासन ने की कार्रवाई, 15 से अधिक मामले दर्ज, देखें live

    Punjab News: तस्कर के घर पर प्रशासन ने की कार्रवाई, 15 से अधिक मामले दर्ज, देखें live

    अमृतसरः पंजाब सरकार के निर्देशों के तहत चल रही नशे के खिलाफ मुहिम के अंतर्गत अमृतसर थाना सदर क्षेत्र की संधू कॉलोनी में जिला प्रशासन और पुलिस ने कार्रवाई की। नशीले पदार्थों की तस्करी में शामिल एक कुख्यात परिवार की गैरकानूनी तरीके से बनाई गई जायदाद को ढहा दिया गया। यह कार्रवाई रंजीत सिंह उर्फ़ राणा और उनके परिवार के खिलाफ की गई, जो पिछले कई वर्षों से NDPS एक्ट के तहत दर्ज मामलों में शामिल रहे हैं।

    पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, रंजीत सिंह के खिलाफ 5 FIR और एक डीडीआर दर्ज है, जबकि उनके पुत्र हरप्रीत सिंह उर्फ़ हैप्पी के खिलाफ 7 FIR और 3 डीडीआर, तथा दूसरे पुत्र गुरपरताप सिंह के खिलाफ 2 FIR दर्ज हैं। परिवार की नूह प्रियंका के खिलाफ भी एक मुकदमा दर्ज है। सभी पारिवारिक सदस्य इस समय जेल में बंद हैं। पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने मौके पर कहा कि रंजीत सिंह और उनका परिवार पिछले सात सालों से नशीले पदार्थों की तस्करी से जुड़ा हुआ है।

    यह कार्रवाई केवल एक ध्वंस नहीं है, बल्कि पूरे शहर के लिए संदेश है कि जो लोग गैरकानूनी कमाई करते हैं या नशे के कारोबार में शामिल होते हैं, उनका अंजाम यही होता है। उन्होंने बताया कि सिर्फ इस साल ही अमृतसर पुलिस ने NDPS एक्ट के तहत 1190 केस दर्ज कर 2220 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है, जबकि 258.7 किलो हेरोइन, 30 किलो अफीम, 325 किलो अन्य नशीले पदार्थ, 2.91 करोड़ ड्रग मनी और 100 वाहन जब्त किए गए हैं। पुलिस कमिश्नर ने लोगों से अपील की कि नशे से दूर रहें और मेहनत से कमाई ही सच्ची बरकत है। कानून का डर जरूरी है, पर सबसे बड़ा डर रब की अदालत का होना चाहिए।