Blog

  • Jalandhar News: संदिग्ध परिस्थितियों में युवक की मौत

    Jalandhar News: संदिग्ध परिस्थितियों में युवक की मौत

    जालंधर, ENS: भार्गव कैंप में संदिग्ध परिस्थितियों में युवक की मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार युवक ने पंखे से फंदा लगाकर जीवनलीला समाप्त कर ली। मृतक की पहचान 22 वर्षीय करण निवासी भार्गव कैंप के रूप में हुई है। करण परिवार का इकलौता सहारा था और माता-पिता के देहांत के बाद बुजुर्ग दादी के साथ रहता था। घटना की सूचना परिजनों द्वारा पुलिस को दे दी गई।

    वहीं मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल में रखवा दिया है। मिली जानकारी के अनुसार सोमवार शाम करण की दादी कमरे में खाना देने के लिए गईं, तो उसने दरवाजा नहीं खोला। काफी देर इंतजार के बाद भी जब कोई जवाब नहीं मिला, तो दादी ने करण के चाचा को बुलाया। जिसके बाद जब चाचा ने दरवाजा तोड़कर अंदर देखा तो करण का शव पंखे से लटक रहा था, जिसकी सूचना परिवार ने तुरंत पुलिस को दी।

    मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया। थाना प्रभारी मोहन सिंह ने बताया कि मौके पर युवक छत के पंखे से लटका मिला। फिलहाल कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है और युवक के आत्महत्या करने के कारणों का पता नहीं चल सका है। परिजनों के बयान दर्ज कर लिए गए है। बयानों के आधार पर बनती कार्रवाई की जा रही है।

  • Punjab News: स्वास्थ्य मंत्री, बेटे सहित 4 के खिलाफ समन जारी

    Punjab News: स्वास्थ्य मंत्री, बेटे सहित 4 के खिलाफ समन जारी

    पटियालाः आम आदमी पार्टी की एक महिला नेता द्वारा लगाए गए यौन उत्पीड़न के आरोप के मामले में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह, उनके बेटे और 4 अन्य को 12 नवंबर को अदालत में पेश होने का निर्देश दिया गया है। स्वास्थ्य मंत्री को इस मामले में अपना पक्ष रखना था। इसके बाद पीड़िता की ओर से अधिवक्ता नवदीप वर्मा सीजेएम एकता सहोता की अदालत में पेश हुए।

    अदालत ने इस मामले में अगली तारीख 12 नवंबर तय करते हुए दूसरे पक्ष को भी अदालत में पेश होने को कहा है। गौरतलब है कि आप की पूर्व पटियाला जिला महिला अध्यक्ष ने मामले में डॉ. बलबीर के साथ-साथ उनके बेटे राहुल सैनी, जसबीर गांधी कार्यालय इंचार्ज डॉ. बलबीर, पार्षद गुरकिरपाल सिंह, गुरप्रीत सिंह और प्रदेश महासचिव को आरोपी बनाया है।

  • आज का राशिफल, 28 अक्टूबर 2025

    आज का राशिफल, 28 अक्टूबर 2025

    आज कार्तिक शुक्ल पक्ष की षष्ठी तिथि और मंगलवार का दिन है। आज सुबह 8 बजे तक षष्ठी तिथि रहेगी, उसके बाद सप्तमी तिथि लग जाएगी। सुबह 7 बजकर 51 मिनट तक सुकर्मा योग रहेगा, उसके बाद धृति योग लग जाएगा। दोपहर 3 बजकर 45 मिनट तक पूर्वाषाढ़ा नक्षत्र रहेगा।आज का दिन कई राशियों के लिए शुभ अवसर लेकर आया है। जैसे मेष, तुला और मीन राशि वालों के लिए विशेष रूप से शुभ रहेगा। वहीं, कन्या और धनु राशि के जातकों को संयम और सावधानी की जरूरत है।

    मेष राशि:मेष राशि वालों आज आपका दिन उत्तम रहेगा कुछ लोग आपको कंफ्यूज करने की कोशिश करेंगे। दूसरों की बातों में ना आकर अपने निर्णय को ही सर्वोपरि रखेंगे, इससे आपके कार्य बड़ी ही आसानी से पूरे होंगे ऑफिस में अपने काम पर ध्यान देनें से आप सम्मान के पात्र बने रहेंगे इस राशि के जो लोग मार्केटिंग से जुड़े हैं उनको आज ज्यादा लाभ के योग बन रहे हैं आज किसी कार्य को पूरा करने में पुरानी कम्पनी का अनुभव काम आएगा अचानक धन लाभ होने के योग बने हुयए है आज किसी से अपने मन की बात को शेयर करेंगे, वे आपकी बातों की अहमियत देंगे परिवार में लोग आपकी बातों का पूरा मान रखेंगे

    वृष राशि: वृष राशि वालों आज आपका दिन लाभदायक रहेगा आप अपने काम पर पूरा फोकस बनाये रखें जल्द ही आपको भविष्य में अच्छा लाभ मिलेगा आज अपने बिजी शेड्यूल से थोड़ा समय अपने बच्चों के लिए निकालेंगे, बच्चे अपने मन की बात आपसे शेयर करेंगे लवमेट एक दूसरे प्रति विश्वास बनाये रखे रिश्ते में मजबूती बनी रहेगी छात्रों को आज थोड़ी और मेहनत करने की जरूरत है सफलता के योग बने हुये है संतान की ओर से आपको कोई खुशखबरी सुनने को मिल सकती है छात्रों को परीक्षा का बेहतर परिणाम हासिल होगा लवमेट एक दूसरे के भावनाओं की कद्र करेंगे व्यापार में आ रही समस्याएं आज समाप्त होंगी

    मिथुन राशि:मिथुन राशि वालों आज आपका दिन अच्छा रहेगा आज अपनी बातों से ही किसी को प्रभावित कर देंगे आपके द्वारा समाज में किये गये सराहनीय काम को देखकर लोग आपसे कुछ अच्छा सीखेंगे, यह देखकर आपको गर्व महसूस होगा इस राशि के जो लोग शिक्षण संस्थान से जुड़े हैं उनके लिए आज ज्यादा लाभ के योग बन रहे हैं स्टूडेंट आज अपने आप पर भरोसा बनाये रखें, जल्द ही आपकी सफलता के योग हैं आज आप अपने बच्चे के अच्छे भविष्य के लिए कुछ ठोस कदम उठा सकते हैं

    कर्क राशि: कर्क राशि वालों आज का दिन आपके लिए फेवरेबल रहेगा आपका कोई काम जो आप काफी दिनों से कर रहे थे वह आज पूरा हो जायेगा साथ ही आप काम करने के नए तरीकों पर विचार करेंगे आज विद्यार्थियों द्वारा काफी दिनों से की गयी मेहनत का शुभ परिणाम मिलेगा आज जल्दबाजी में कोई भी निर्णय न लें इससे बना बनाया काम बिगड़ भी सकता है, आप अपने मित्रों की सलाह भी ले सकते है आज किसी भी व्यक्ति के लिए प्रतिशोध की भावना न रखें जैसी आपकी सोच रहेगी, वैसे ही अनुभव मिलेंगे

    सिंह राशि:सिंह राशि वालों आज आपका दिन अच्छा रहेगा आज मानव हित में किए गये सराहनीय कामों के कारण आपको सम्मान मिलेगा गैर-जरूरी खर्चों पर रोक लगाकर आप बचत करने के बारे में विचार करेंगे व्यावसायिक गतिविधियां मन मुताबिक तरीके से चलती रहेंगी अपने काम करने के तरीकों में बदलाव लायेंगे, आत्म विश्वास बनाए रखें काम से संबंधित अवसर प्राप्त होने के बाद भी उसका फायदा न उठाने की वजह से पछतावा हो सकता है। काम पर ध्यान बनाए रखें। जीवनसाथी आज घर के कार्यों को पूरा करने में मदद करेंगे

    कन्या राशि: कन्या राशि वालों आज आपका दिन आपके अनुकूल रहेगा इस राशि के जो लोग सरकारी नौकरी कर रहे हैं वो लोग अपने काम पा ज्यादा ध्यान दें आज आप किसी से भी बहस की स्थिति में आ सकते है, इस समय आपका मौन रहना ज्यादा अच्छा होगा पब्लिक प्लेस पर अपनी छवि खराब न होने दें लवमेट के रिश्ते में भी मधुरता बनी रहेगी आज आपको अपने सेहत का खास ख्याल रखने की जरूरत है कॉस्मेटिक का व्यापार कर रहे लोगों को आज बड़ा मुनाफा होगा। पिता से आज आपको कुछ नया सीखने को मिलेगा

    तुला राशि: तुला राशि वालों आज आपका दिन उत्तम रहेगा आज आपके काम करने के तरीकों से लोग प्रभावित होंगे, लोग आपका अनुसरण करेंगे आज आप अपनी जिम्मेदारियों को बखूबी निभाने में सक्षम होंगे आज किसी से बात करते समय अपनी बातें शेयर न करें आज आप जिस काम की शुरुआत करेंगे वह आपकी बनाई गयी रूपरेखा के अनुसार समय से पूरा हो जायेगा अगर आपका कोई कोर्ट से सम्बंधित मामला चल रहा है, तो उसके सुलझने की पूरी उम्मीद है

    वृश्चिक राशि:वृश्चिक राशि वालों आज आपका दिन खुशहाल रहेगा आज मित्रों से अपने मन की बात शेयर करने से आपके मन को सुकून मिलेगा इसके साथ ही आपको नई-नई जानकारियां भी हासिल हों। आपको किसी रिश्तेदार से शुभ सन्देश भी मिल सकता है, इससे आपकी खुशी दोगुनी हो जाएगी आज आपके बिजनेस में खास एग्रीमेंट होगा, लेकिन कॉम्पटीशन के दौर में अपने कार्य करने के तरीको में बदलाव करना जरूरी है आज कार्यक्षेत्र में आपके सहकर्मी और सीनियर आपकी परफॉरमेंस से खुश रहेंगे और आपकी तारीफ करेंगें आज सभी जरूरी काम आसानी से पूरा कर लेंगे

    धनु राशि:धनु राशि वालों आज आपका दिन सामान्य रहेगा आप अपने निजी कामों पर बाहरी लोगों का दखल न होने दें आप कोई भी फैसला भावात्मक बातों में न आकर गलत फैसलों से बच जायेंगे आज ज्यादा काम के कारण आपको थकान हो सकती है। आपकी छोटी छोटी परेशानियों का निवारण जल्द ही आप कर लेंगे घर परिवार में में सुखद माहौल रहेगा व्यापार में जो जिम्मेदारियां मिलेंगी, उसे आप सफलता से निभा लेंगें इस राशि के जो लोग फर्नीचर का व्यापार कर रहे है, उन्हें उम्मीद से ज्यादा फायदा होगा

    मकर राशि: मकर राशि वालों आज आपका दिन बढ़िया रहेगा आज आप शाम का समय अपने माता-पिता के साथ किसी महत्वपूर्ण टॉपिक पर विचार विमर्श करेंगे, आपको अच्छा सॉल्यूशन मिल सकता है अगर आप किसी काम की शुरुआत करने का विचार कर रहे हैं, तो पहले शुभ मुहूर्त देखना अच्छा रहेगा आपके द्वारा समाज में किए कामों से आपका मान सम्मान बढ़ेगा आज कोई विश पूरी होने से आपको खुशी मिलेगी

    कुम्भ राशि:कुम्भ राशि राशि वालों आज का दिन आपके परिवार के लिए नई खुशियां लेकर आया है आज आपको किसी अनुभवी से मिली सलाह फायदेमंद साबित होगी आपने, अपने काम को लेकर जो भी सपने संजोये थे, वो आज काफी हद तक पूरे हो जायेंगे आज स्वयं को साबित करने के लिए बेहतर दिन है आज घर में सदस्यों के बीच सामंजस्य होने से शांति का माहौल बना रहेगा आज थोडा समय प्रकृति के सानिध्य में बिताने से आपको फ्रेशनेस महसूस होगी आज आपके कार्यों की प्रशंसा दूर-दूर तक लोगों में इत्र की तरह महकेगी आप सफलता की दिशा में एक कदम और आगे बढ़ जायेंगे

    मीन राशि:मीन राशि वालों आज का समय आपके लिए अच्छा है। आज आपकी पारिवारिक समस्या हल होगी और आपके रुके काम में गति आएगी आज सकारत्मक प्रवृति के लोगों की सलाह आपके लिए फायदेमंद रहेगी आपकी मेहनत का उचित फल आपको जल्द ही मिलने वाला है आज आप अफवाहों पर ध्यान न दें अपने काम को बेहतर तरीके से करते रहें आपकी कोई ऑफिशियल यात्रा भी संभव है ये यात्रा आपके लिए शुभ होगी जीवनसाथी के साथ आज आप डिनर करने का प्लान बनायेंगे छात्रों के लिये आज का दिन सफलता दिलाने वाला साबित होगा, बस थोड़ी और मेहनत करने की जरूरत है।

     

  • Jalandhar News: Factory में आग लगने से लोगों में मची भगदड़, देखें LIVE

    Jalandhar News: Factory में आग लगने से लोगों में मची भगदड़, देखें LIVE

    जालंधर (ENS) : लंमा पिंड चौक के पास एक फैक्ट्री में भीषण आग लगने की खबर है। जानकरी के अनुसार छठ पूजा के दौरान कुछ लोग पटाखे चला रहे थे। जिनमें से एक पटाखा A.K Traders की फैक्ट्री में रखे स्क्रैप में जा गिरा। जिसके बाद देखते ही देखते आग ने भीषण रूप धारण कर लिया। आग की लपटे दूर से दिखाई देने लगी। जिससे इलाके में धुंआ फैल गया।

    फैक्ट्री में आग लगते ही स्थानीय लोगों में भगदड़ मच गई। लोगों द्वारा आग पर काबू पाने की कोशिश की गई, लेकिन फैक्ट्री में पड़े टायरों में आग लगने के बाद हालात और भी ख़राब हो गए। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की एक गाड़ी मौके पर पहुँच गई, लेकिन बाकी गाड़ियों को पहुँचने में 1 घंटा लग गया। वहीं पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर घटनास्थल से लोगों को हटाना शुरू कर दिया है।

    बता दें कि जिस फैक्ट्री में आग लगी है उसके सामने छठ पूजा की जा रही थी। फैक्ट्री के पीछे लोगों के मकान है और इंडियन आयल का डिपो भी कुछ ही दूरी पर है। यदि आग पर जल्द काबू न पाया गया, तो बड़ा हादसा घट सकता है। खबर लिखे जाने तक आग पर काबू नहीं पाया गया था। जिसे देख लोगों में डर का माहौल है। आग बुझाते हुए एक दमकल विभाग का कर्मचारी घायल हो गया। दरअसल, आग का सेक लगने से वह घायल हो गया और उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

  • नालागढ़ के सौरभ धीमान को भाजपा सोशल मीडिया का बनाया सह संयोजक

    नालागढ़ के सौरभ धीमान को भाजपा सोशल मीडिया का बनाया सह संयोजक

    सौरभ धीमान को सह संयोजक बनाने पर नालागढ़ में कार्यकर्तओ में खुशी की लहर

    बद्दी (सोलन )सचिन बैंसल:भारतीय जनता पार्र्टी  हिमाचल प्रदेश के सोशल मीडिया विभाग में बड़ा फेरबदल  करते हुए प्रदेश संयोजन सुशील राठौर ने नई टीम की घोषणा कर दी है। नालागढ़ के सौरभ धीमान को सह संयोजक बनाया गया है।  यह फैसला प्रदेश के शीर्ष नेतृत्व  से गहन चर्चा के बाद लिया गया है। सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है।इसके साथ ही पार्टी की डिजिटल मौजूदगी की ओर प्रभावी बनाने की दिशा में इसे अहम कदम माना जा रहा है। नालागढ़ में उनके मनोनयन से पार्टी को नई जान मिलेगी।

    नालागढ़ के सौरभ धीमान को भारतीय जनता पार्टी हिमाचल प्रदेश का सोशल मीडिया सहसंयोजक नियुक्त करने के लिए पर उन्होंने  राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल , नेता प्रतिपक्ष  जयराम ठाकुर,  संगठन महामंत्री सिद्धार्थन, प्रदेश महामंत्री पायल वैद्य , सोशल मीडिया के प्रदेश प्रभारी बड़े भाई चेतन बरागटा, भाजपा हिमाचल के सोशल मीडिया संयोजक भाई सुशील राठौर एवं भाजपा के सभी पदाधिकारी व सभी वरिष्ठ नेताओं का अभार जताया  है। सौरभ धीमान ने बताया कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है उसे बखूबी निभाया जाएगा।

     

  • CM भगवंत मान ने की राष्ट्रपति से मुलाकात, गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी समारोह में आने का दिया न्यौता

    CM भगवंत मान ने की राष्ट्रपति से मुलाकात, गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी समारोह में आने का दिया न्यौता

    नई दिल्ली: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान आज भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मिले। उन्होंने श्रीआनंदपुर साहिब में आयोजित होने वाले श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस समारोहों में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया। दोनों की मुलाकात राष्ट्रपति भवन में हुई। इस मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने भारत की राष्ट्रपति से अनुरोध किया कि वे इस ऐतिहासिक अवसर पर आयोजित पवित्र समारोहों में शामिल हो। उन्होंने बताया कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू जी को इस ऐतिहासिक आयोजन का हिस्सा बनने का आग्रह किया गया है और उनके दौरे की रूपरेखा को जल्द ही अंतिम रूप दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन समारोहों का विस्तृत कार्यक्रम राष्ट्रपति महोदया के साथ साझा कर दिया गया है और उनसे अनुरोध किया गया है कि वे अपनी सुविधा अनुसार इनमें शामिल हों।

    पंजाब सरकार की देख-रेख में होगा आयोजन

    भगवंत सिंह मान ने भारत के राष्ट्रपति को बताया कि राज्य सरकार ने पंजाबभर में इन पवित्र आयोजनों को गरिमा और श्रद्धा के साथ मनाने के लिए पहले ही कई कार्यक्रमों की योजना बनाई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘हिंद की चादर’ (धर्म के रक्षक) श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी के 350वें शहीदी दिवस के अवसर पर पंजाब सरकार बड़े पैमाने पर आयोजन करेगी। उन्होंने कहा कि यह श्रृंखलाबद्ध कार्यक्रम पूरे राज्य में अत्यंत श्रद्धा और सम्मान के साथ होंगे, जिनका मुख्य आयोजन श्री आनंदपुर साहिब की पवित्र धरती पर राज्य सरकार की देखरेख में होगा।

    जिलों में होंगे लाइट एंड साउंड शो

    मुख्यमंत्री ने बताया कि पंजाब सरकार की ओर से गुरुद्वारा सीस गंज साहिब में अरदास और गुरुद्वारा श्री रकाब गंज साहिब से विशाल कीर्तन दरबार के आयोजन के साथ ये स्मृति समारोह पिछले शनिवार से आरंभ हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि 1 नवंबर से 18 नवंबर तक पंजाब के सभी ज़िलों में लाइट एंड साउंड शो आयोजित किए जाएंगे, जिनमें गुरु तेग बहादुर जी के जीवन और उनके दर्शन पर प्रकाश डाला जाएगा। इसी तरह गुरु साहिब के चरणों से पवित्र हुए नगरों और कस्बों में कीर्तन दरबार सजेगा और 18 नवंबर को श्रीनगर (जम्मू और कश्मीर) में भी कीर्तन दरबार आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने आगे बताया कि 19 नवंबर को श्रीनगर से नगर कीर्तन निकाला जाएगा जिसमें सैकड़ों कश्मीरी पंडित भी शामिल होंगे। इसी प्रकार 20 नवंबर को तख्त श्री दमदमा साहिब (तलवंडी साबो), फरीदकोट और गुरदासपुर से तीन नगर कीर्तन निकाले जाएंगे, और ये चारों नगर कीर्तन 22 नवंबर को श्री आनंदपुर साहिब में एक साथ संपन्न होंगे।

    आनंदपुर साहिब में आयोजित होंगे भव्य समारोह

    भगवंत सिंह मान ने बताया कि इस पवित्र अवसर के उपलक्ष्य में 23 से 25 नवंबर तक श्री आनंदपुर साहिब में भव्य समारोह आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इन आयोजनों में आने वाले हजारों श्रद्धालुओं के ठहरने की सुविधा के लिए “चक नानकी” नामक “टेंट सिटी” स्थापित की जाएगी। इसके साथ ही गुरु साहिब के जीवन-दर्शन और उनके अमर संदेश पर आधारित प्रदर्शनियों, ड्रोन शो और अंतर-धार्मिक सम्मेलन का भी आयोजन होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि 24 नवंबर को श्री आनंदपुर साहिब में पंजाब विधानसभा का विशेष सत्र आयोजित किया जाएगा, जिसमें देश की प्रमुख हस्तियाँ गुरु साहिब के जीवन, उनके दर्शन और धार्मिक स्वतंत्रता व मानवाधिकारों की रक्षा के लिए दी गई उनकी अतुलनीय शहादत पर अपने विचार साझा करेंगी।  
  • बद्दी के बलयाणा में होंगे वालीबाल की जिला टीम के लिए ट्रायल

    बद्दी के बलयाणा में होंगे वालीबाल की जिला टीम के लिए ट्रायल

    चयनित टीम कूड़ांवाला में होने वाले राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में लेगी भाग

    बद्दी/सचिन बैंसल: जिला वालीबाल एसोसिएशन  की ओर से 30अक्तूबर को बरोटीवाला के बलयाणा स्थित माऊटेंन वैली पब्लिक स्कूल में वालीबाल की जिला टीम  ट्रायल होंगे। ट्रायल के बाद जिला टीम का चयन किया जाएगा। चयनित टीम 14 से 16 नवंबर को बरोटीवाला क्षेत्र के कूंड़ावाला में राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेगें।

    संघ के जिला अध्यक्ष संजीव ठाकुर, प्रदेश उपाध्यक्ष विधि चंद राणा व जिला महामंत्री कमल चंदेल की देखरेख में यह ट्रायल होंगे। उन्होंने टीमों के प्रभारियों से अपील की है कि वह ट्रायल के लिए 9317641915 व 94596 25001 पर संपर्क कर सकते है।

     

  • Punjab News: लूटपाट के मामले में 4 आरोपी गिरफ्तार, देखें वीडियो

    Punjab News: लूटपाट के मामले में 4 आरोपी गिरफ्तार, देखें वीडियो

    अमृतसर: पुलिस ने लूट का मामला 24 घंटे के अंदर सुलझा दिया है। इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने इस्तेमाल की गई पिस्तौल भी बरामद की है। इसके अलावा आरोपियों से 12,000 रुपये नकद, मोबाइल फोन और हथियार भी बरामद किए गए हैं।

    इस मौके पर डीसीपी लॉ एंड ऑर्डर आलम विजय सिंह ने मीडिया के साथ बात करते हुए बताया कि यह मामला उस समय सामने आया था जब शिकायतकर्ता दविंदर सिहं गुजरात से कश्मीर जो रहा था। इस दौरान उसकी कार खराब हो गई।

    उसने अपनी गाड़ी रियान स्कूल से करीबन 200 मीटर आगे खड़ी कर दी। तभी चार युवक स्विफ्ट कार में आए और 35,000 नकद तथा मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए हैं। शिकायत मिलते ही एसएचओ मक्कूलपुरा जगजीत सिंह ने तुरंत टीमों का गठन किया और घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरु कर दी। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस ने 24 घंटे के अंदर चार आरोपियों विक्रमजीत सिंह (उर्फ बिक्का), सुनील सिंह (उर्फ शीलू), पर्णम सिंह (उर्फ पंनी) और सतनाम सिंह (उर्फ हैप्पी) को गिरफ्तार कर लिया।

    पुलिस ने आरोपियों से एक पिस्तौल 12,000 रुपये नकद, एक रेडमी फोन, एक हथियार और बिना नंबर प्लेट की ब्रेजा कार भी बरामद की है। बाकी नकदी और बाकी सामान की तलाश जारी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों की उम्र 28 से 33 वर्ष के बीच में है। जांच में यह सामने आया है कि विक्रमजीत सिंह पर 2024 का एक केस दर्ज है।

    सुनील सिंह पर छह ग्राम हेरोइन रखने का मामला पहले से ही दर्ज है। पर्णम सिंह पर चार केस दर्ज हैं और सतनाम सिंह पर पहली एफआईआर है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों को अदालत में पेश करके रिमांड लिया जाएगा ताकि आगे की पूछताछ की जा पाए। शुरुआती जांच में यह पता चला है कि आरोपी पहली बार इस तरह की लूट में शामिल हुए हैं और पर्यटकों को निशाना बनाते थे।

     

     

  • महिला ने ससुराल पक्ष पर मारपीट कर घर से बेदखल करने का लगाया गंभीर आरोप, मामला दर्ज 

    महिला ने ससुराल पक्ष पर मारपीट कर घर से बेदखल करने का लगाया गंभीर आरोप, मामला दर्ज 

    ऊना /सुशील पंडित:ऊना की महिला जिस की शादी लुधियाना रहते परिवार में हुई है,ने ससुराल पक्ष पर मारपीट कर घर से निकाले जाने के आरोप लगाते हुए ऊना महिला पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करवाई है वहीं पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।

    पुलिस को दी शिकायत में सोनू पुरी पत्नि शिव दीप पुरी निवासी गांव जसिंया रोड बडी हैबोवाल नजदीक जगत पुरी पुलिस चौंकी लुधियाना (पंजाब) ने बताया कि इसकी शादी करीब 22 साल पहले शिव दीप पुरी पुत्र निर्मल कुमार पुरी निवासी जसिया रोड वडी हैवोवाल गगनदीप कलोनी नजदीक जगत पुरी पुलिस लुधियाना (पंजाब)  के साथ हिन्दू रीति रिवाज के साथ हुई थी । इसके 2 बच्चे हैं ।

    शादी के वाद से ही इसकी सास नीता पुरी, देवर अंकुश पुरी व राम दीप पुरी तथा इसके पति शिव दीप पुरी ने दहेज की मांग को लेकर इसे तंग करना शुरू कर दिया था। बीती 11 अक्तूबर 25 को इसे इसके ससुराल वालों ने पुलिस को साथ लेकर घर से निकाल दिया, जिस के अगले दिन यह अपने मायके ऊना बाजार आ गई थी ।  महिला ने आरोप लगाया कि इसके ससुराल वालों ने इसे मानसिक व शारीरिक तौर पर परेशान किया, सास व देवरों ने इसे फिनाईल पिलाने की भी कोशिश की व जान से मारने की धमकियां दीं व इससे 15 लाख रुपये भी मांगे। वहीं पुलिस ने शिकायत के आधार पर वीएनएस की विभिन्न धाराओं के अंतर्गत महिला पुलिस थाना ऊना में मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।

  • बजट घोषणाओं को अमल में लाने की तैयारी तेज, CM Sukhu ने दिए स्पष्ट निर्देश

    बजट घोषणाओं को अमल में लाने की तैयारी तेज, CM Sukhu ने दिए स्पष्ट निर्देश

    शिमला: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने आज यहां वित्त वर्ष 2025-26 की बजट घोषणाओं के कार्यान्वयन के लिए वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी बजट घोषणाओं को धरातल पर उतारा जाए, ताकि आम जनता को अधिकतम लाभ मिल सके।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, खाद्य प्रसंस्करण, हरित ऊर्जा, पर्यटन, डाटा स्टोरेज तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने पर विशेष ध्यान दे रही है। उन्होंने कहा कि इन क्षेत्रों में विकास की नई संभावनाओं को देखते हुए आगामी समय में और भी जनहितकारी योजनाएं लागू की जाएंगी। उन्होंने कहा कि विकासात्मक परियोजनाओं के लिए राज्य सरकार के पास धन और संसाधनों की कोई कमी नहीं है। उन्होंने सभी विभागों को अधूरी परियोजनाओं को तीव्र गति से पूर्ण करने के निर्देश दिए।

    सुक्खू ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों, किसानों और बागवानों की आमदनी बढ़ाने के उद्देश्य से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त किया जा रहा है। किसानों को अधिक लाभ प्रदान करने के लिए कोल्ड स्टोरेज तथा प्रोसेसिंग इन्फ्रास्ट्रक्चर को मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्राकृतिक खेती को बढ़ावा दे रही है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक उत्पादों के प्रमाणन और विपणन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि किसानों को उनकी मेहनत का उचित मूल्य प्राप्त हो सके। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों द्वारा निर्मित उत्पादों को ‘हिम-ईरा’ ब्रांड के अंतर्गत बढ़ावा दिया जा रहा है, जिससे इन समूहों की आय में बढ़ोतरी हो रही है।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा के क्षेत्र में गुणात्मक सुधार के लिए निरंतर प्रयासरत है। इस दिशा में प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में कम से कम एक राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल खोले जा रहे हैं तथा प्रथम चरण में 100 स्कूलों को सीबीएसई पैटर्न पर आधारित किया जा रहा है।

    उन्होंने कहा कि लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए स्वास्थ्य संस्थानों को अत्याधुनिक मशीनों और उपकरणों से सुसज्जित किया जा रहा है तथा चिकित्सा तकनीक को निरंतर उन्नत किया जा रहा है ताकि प्रदेश के भीतर ही लोगों को विशेषज्ञ स्वास्थ्य सुविधाएं सुनिश्चित की जा सके।

    मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि सभी विभाग अपने कार्यों का डिजिटलीकरण दिसंबर माह तक पूर्ण करें और आधुनिक तकनीक का अधिकतम उपयोग कर जनता तक सेवाओं की त्वरित पहुँच सुनिश्चित करें।उन्होंने कहा कि बजट घोषणा के अनुरूप हमीरपुर, मंडी और कांगड़ा में ड्रोन स्टेशन स्थापित किए जा रहे हैं तथा संबंधित विभागों को इस कार्य को शीघ्रता से पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।

     

    बैठक में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल, युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री यादवेंद्र गोमा, सातवें राज्य वित्तायोग के अध्यक्ष नंद लाल, सुरेश कुमार, मलेंद्र राजन, मुख्य सचिव संजय गुप्ता सहित प्रशासनिक सचिव और विभागाध्यक्ष उपस्थित रहे।