Blog
-

बौलः सड़क हादसे में युवक घायल
ऊना/सुशील पंडित:उपमंडल बंगाणा के बौल गांव में मंगलवार को सड़क हादसे में एक युवक घायल हो गया। घायल की पहचान रिंकू कुमार पुत्र चरण दास निवासी बौल गांव के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार बंगाणा थाने में दी गई शिकायत में शिकायतकर्ता रोहित कुमार पुत्र जगतार सिंह ने लिखा है कि मंगलवार रात करीब साढ़े नौ बजे वह विंदेश्वरी फिलिंग स्टेशन पर काम कर रहा था। तभी इसे वाहन के टकराने की आवाज सुनाई दी। वह राष्ट्रीय राजमार्ग की ओर गया तो वहां रिंकू घायल अवस्था में पड़ा हुआ था और पास ही उसका मोटरसाइकिल भी गिरा पड़ा था। बाद में पता चला कि कोई अज्ञात वाहन रिंकू को टक्कर मारकर फरार हो गया है। बंगाणा पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध भारतीय दंड संहिता की धारा 279, 337 और मोटर वाहन अधिनियम की धारा 187 के तहत मामला दर्ज कर आरोपी की धर पकड़ और जांच शुरू कर दी है। -
साइबर सुरक्षा की जानकारी आपको खतरों से बचाएगी- भाटिया
ऊना कॉलेज में चल रहा है एनएसएस कैंपऊना/सुशील पंडित:राजकीय उतकृष्ट महाविद्यालय ऊना में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) ईकाई के सात दिवसीय विशेष शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिविर के दूसरे दिन एएसपी संजीव कुमार भाटिया मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित हुए। एनएसएस स्वयंसेवियों ने प्रार्थना सभा और ड्रिल के साथ शिविर का आरंभ किया। भाटिया ने स्वयंसेवियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज की पीढ़ी को नशे से दूर रहना चाहिए और इस समस्या के विरुद्ध लड़ाई में अपना योगदान देना चाहिए। उन्होंने साइबर सुरक्षा पर भी अहम जानकारी छात्रों से साझा की।उनका कहना था कि आज के दौर में इंटरनेट और स्मार्टफोन के माध्यम से प्रतिवर्ष अरबों रूपए की धांधली और असंख्य प्रकार के अपराधों को ऑनलाइन रहते हुए ही अंजाम दिया जा रहा है। इसलिए साइबर सुरक्षा की जानकारी व्यक्ति के जीवन को सुरक्षित बना सकती है। आप साइबर सुरक्षा की जानकारी से अनगिनत खतरों से बच सकते हैं। इसके बाद एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी प्रो. प्रोमिला और प्रो. मनजीत सिंह के नेतृत्व में नशे के खिलाफ एक जागरुकता रैली का आयोजन भी किया गया। इस मौके पर प्रो. राकेश, प्रो. विनय व अन्य स्टाफ सदस्य भी मौजूद रहे। -
जीवन जीने के अंदाज और अच्छे बुरे में अंतर बताने लगे विद्यार्थी – राज पाल सरोही
ऊना/सुशील पंडित :नशा मुक्त ऊना अभियान स्कूल इंटरवेन्शन के माध्यम से विद्यार्थियों की जीवन शैली को बेहतर बनाने के लिए काम कर रहा है इसके बारे में बताते हुए राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय क्यारियां के प्रिंसिपल राज पाल सरोही ने खुशी जताई है की नशा मुक्त ऊना अभियान पूरे ज़िला ऊना में काम कर रहा है और इसका असर बच्चों के ऊपर भी देखने को मिल रहा है नशा मुक्त ऊना अभियान बच्चों के जीवन शैली को बेहतर बनाने की कोशिश में लगा है lआज बच्चों को इमोशंस को कैसे कंट्रोल किया जाता है इसके बारे में मेंटर टीचर द्वारा विद्यार्थियों को जो सिखाया गया है नशा मुक्त ऊना अभियान के प्रोग्राम अधिकारी सतपाल रणावत ने बच्चों से वार्तालाप की और जाना की छात्रों को अब नशे रूपी जाल में फसाने वाले दोस्तों से ज्यादा अब अपने भविष्य के बारे में ध्यान देने की बाते समझ आने लगी है अगर कोई दोस्त नशा करने के लिए बोलेगा तो उस से दोस्ती तोड़ दी जाएगी lइसके साथ ही विद्यार्थियों को ज्यादा खुशी, दुख और क्रोध के समय में अपने आप पर कैसे काबू रखना है इसके बारे में भी उनको बहुत ही अच्छे तरीके से समझाया गया l इस अवसर पर स्कूल के वाइस प्रिंसीपल रमन कुमार, मेंटर टीचर प्रदीप शर्मा, सभी स्कूल के अध्यापक, कर्मचारी आदि मौजूद रहे l -
राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाा में मनाया गया राष्ट्रीय बालिका दिवस
बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति किया जागरूकऊना/सुशील पंडित :राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ऊना में बुधवार को राष्ट्रीय बालिका दिवस आयोजित किया गया जिसकी अध्यक्षता जिला कार्यक्रम अधिकारी (आईसीडीएस) नरेंद्र कुमार ने की। नरेंद्र कुमार ने बताया कि भारत में प्रतिवर्ष 24 जनवरी को राष्ट्रीय बालिका दिवस मनाया जाता है। राष्ट्रीय बालिका दिवस मनाने का उद्देश्य बालिकाओं को उनके अधिकारों के बारे में जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि हमारा देश बहुत तेजी से आगे बढ़ रहा है। आज भारत विकासशील देश से विकसित देश की राह पर चल पड़ा है। देश की बेटियों की लगभग हर क्षेत्र में हिस्सेदारी है, लेकिन अब भी ऐसे कई परिवार हैं जो बेटियों को जन्म नहीं देना चाहते है, इसलिए उन्हें गर्भ में ही मार देते हैं। देश में बालिका दिवस मनाने के पीछे सबसे बड़ा उद्देश्य लड़कियों को सहायता और अलग-अलग तरीके के अवसर प्रदान करना है। राष्ट्रीय बालिका दिवस का महत्व बहुत अधिक है, यह बालिकाओं को शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के प्रति जागरूक करना है।इसके अलावा बालिकाओं के साथ होने वाले भेदभाव के बारे में सभी लोगों को जागरूक करना भी उद्देश्य है। स्कूल के प्रधानाचार्य द्वारा भी बालिकाओं को शिक्षा विभाग द्वारा चलाई जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं बारे जागरूक किया गया। इस अवसर पर स्कूल में बालिका द्वारा पौधा-रोपण भी करवाया गया।कार्यक्रम के अंतर्गत बालिकाओं ने पोस्टर मेकिंग व स्लोगन राइटिंग प्रतियोगिताएं करवाई गई तथा विजेताओं को पुरस्कृत भी किया गया। इस मौके पर सीडीपीओ कुलदीप सिंह, ईशा, रेखा, मंजूर, नवीन व रोहित सहित स्कूली स्टाफ व बच्चे उपस्थित रहे। -

प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना का लाभ लेने के लिए एससी अभ्यर्थी कर सकते हैं आवेदन -विपन कुमार
ऊना/सुशील पंडित :हिमाचल प्रदेश अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित एवं अनुसूचित जनजाति विकास निगम ऊना के माध्यम से प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना का संचालन किया जा रहा है। इस संबंध में जानकारी देते हुए हिमाचल प्रदेश अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति विकास निगम के जिला प्रबंधक विपन कुमार ने बताया कि योजना का लाभ लेने के लिए पात्रता अनुसूचित जाति के स्थाई निवासी जिनकी सालाना आय सभी साधनों से 2.50 लाख रूपये से अधिक नहीं होनी चाहिए,आयु 18 से 55 वर्ष के मध्यम तथा निगम के माध्यम से ऋण लेकर अपना रोजगार/धंधा चलाना चाहते हो व किसी ऋण देने वाली संस्था के ऋण दोषी भी नही होना चाहिए।उन्होंने बताया कि योजना के माध्यम से आवेदक 5 लाख रूपये तक का पूंजी अनुदान प्रदान किया जाएगा। अधिकारी जानकारी के लिए कार्यालय के दूरभाष नम्बर 01975-223694 पर सम्पर्क किया जा सकता है। -
पंजाब के पड़ोसी देश में लगे भूकंप के तेज झटके
इस्लामाबाद: पाकिस्तान में शाम 4 बजे के करीब भूकंप के झटके महसूस किए गए। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के मुताबिक, रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 4.3 दर्ज की गई। इस भूकंप के कंपन से लोग घबरा गए। बता दें कि इसी महीने 11 जनवरी को भी पाकिस्तान की धरती भूकंप से कांप उठी थी। घबराए लोग घरों और दफ्तरों से बाहर निकल आए थे। पाकिस्तान के कुछ हिस्सों में 11 जनवरी को आए भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 6 मापी गई थी।

मौसम विज्ञान विभाग ने कहा कि भूकंप का केंद्र अफगानिस्तान के हिंदूकुश क्षेत्र में था। 6 तीव्रता का भूकंप दोपहर 2.20 बजे स्थानीय समय के अनुसार आया था। इसका केंद्र हिंदूकुश क्षेत्र में 213 किलोमीटर की गहराई पर था। पिछले साल अक्टूबर के बाद से अफगानिस्तान दो बार 6 और उससे अधिक तीव्रता के झटकों से दहल चुका है।
-
भीषण सड़क हादसे में पार्टी के 6 सदस्यों की मौ+त
भुवनेश्वर: ओडिशा में मयूरभंज जिले के बांगिरीपोषी घाटी में आज एक दर्दनाक हादसा हुआ है। स्थानीय कलाकारों को लेकर जा रहा एक ट्रक संतुलन खोकर घाटी में पलट गया। इस हादसे में जात्रा पार्टी के 6 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 12 लोग घायल हो गए हैं। दुर्घटना का शिकार होने वाली गाड़ी धौली गड़नाट्य संस्थान की होने की बात पता चली है। जानकारी के मुताबिक धौली गड़नाट्य के कर्मचारी आज सुबह एक ट्रक में रायरंगपुर से जलेश्वर आ रहे थे, जिसमें लाइट, बाक्स आदि सामान भरे हुए थे। वाहन सुबह करीब 11 बजे बंगिरीपोषी घाटी रोड पार कर रहा था तभी आखिरी मोड़ पर चालक का संतुलन बिगड़ गया जिससे वाहन सड़क से करीब 20 फीट नीचे जा गिरा।
नतीजतन, कई लोग वाहन में रोशनी और बाक्स के नीचे दब गए। सूचना मिलने पर बांगिरिपोषी पुलिस और दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला। हादसे में छह लोगों की मौत हो गई थी। घटना में 12 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें रेस्क्यू कर पहले बांगिरिपोषी अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाद में उन्हें बारीपदा के पीआरएम मेडिकल कॉलेज में स्थानांतरित कर दिया गया। हादसे के बाद नेशनल हाईवे 49 पर वाहनों की आवाजाही रोक दी गई।
बता दें कि मयूरभंज जिले के बांगिरिपोषी से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग 49 पर मौजूद दुआरसुणी घाटी को मयूरभंज जिले की जीवन रेखा कहा जाता है। हालांकि अब यह घाटी मार्ग अब मौत की घाटी बन गया है। इसका विस्तार कार्य वर्षों से रुका हुआ है क्योंकि बांगीरीपोषी घाटी का 9 किमी का हिस्सा सिमलीपाल जैव मंडल के अंतर्गत आता है। नतीजतन इस घाटी में लगातार हो रहे हादसों में कई लोगों की जान चली गई है। इस घाटी रोड पर दो साल में 160 से अधिक हादसे हो चुके हैं और लगभग 40 लोगों की जान समय से पहले चली गई है। इसके अलावा हादसे में 200 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
-
पंजाब : मुर्गों की लड़ाई के मामले में आरोपी गिरफ्तार, 11 ट्राफियां बरामद, देखें वीडियो
बठिंडा : जिले के बल्लुआना गांव में कुछ लोगों द्वारा मुर्गों की लड़ाई करवाने का मामला सामने आया है। थाना सदर बठिंडा की पुलिस ने इस प्रतियोगिता को अंजाम देने वाले 3लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उनमें से एक को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि 2 की गिरफ्तारी अभी बाकी है। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक मुर्गा और पुरस्कार देने के लिए रखी गई 11 ट्राफियां बरामद की हैं। गौरतलब है कि उक्त लोगों ने मुर्गों की लड़ाई का टूर्नामेंट आयोजित किया था और जीतने वाले मुर्गे के मालिक को इनाम देने की भी घोषणा की थी। जबकि सरकार ने मवेशी, पक्षी और जानवरों की लड़ाई प्रतियोगिताओं पर प्रतिबंध लगा दिया है। ऐसे टूर्नामेंट आयोजित करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ बेजान पक्षियों और जानवरों के प्रति क्रूरता के आरोप में मामला दर्ज करने के आदेश जारी किए गए हैं।
इस संबंध में सहायक पुलिस अधीक्षक निर्मल सिंह ने बताया कि सूचना मिली थी कि गांव बल्लुआना में कुछ लोग मुर्गों की लड़ाई प्रतियोगिता करवा रहे हैं। इस पर कार्रवाई करते हुए बल्लुआना निवासी राजविंदर सिंह, जगसीर सिंह और गुरजीत सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। राजविंदर सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। जबकि जगसीर सिंह और गुरजीत सिंह को अभी गिरफ्तार नहीं किया गया है। इस दौरान एक मुर्गा और 11 ट्रॉफियां बरामद की गई हैं। पुलिस अधिकारी ने कहा कि मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
-
जालंधर रो़ड़ पर फाइनेंस कंपनी पर फायरिंग करने के मामले में 3 आरोपी गिरफ्तार, देखें वीडियो
आरोपियों में कपूरथला का एक कांस्टेबल भी शामिल
बटालाः जालंधर रोड़ पर स्थित पंजाब फाइनेंस के बंद दफ्तर पर फायरिंग करने का मामला सामने आया था। सूचना मिलने के बाद बटाला पुलिस ने कार्रवाई फाइनेंस कंपनी के मालिक के बयानों के आधार पर मामला दर्ज कर लिया था। पुलिस पार्टी ने तुरंत मौके पर पहुंचकर जांच की और मौके से 05 चले हुए खोल बरामद किए। दोषियों का पता लगाने के लिए पुलिस के सीनियर अधिकारी और सीआईए स्टाफ बटाला की टीम ने 24 घंटे के अंदर तीनों आराेपियाें को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की उम्र 20 से 22 साल है।
मामले की जानकारी देते हुए बटाला के एसएसपी अश्वनी गोटियाल ने बताया कि जांच के दौरान पता चला है कि कुछ दिन पहले फाइनेंस कंपनी के मालिक को विदेशी नंबर से कॉल करके 50 लाख रुपए की फिरौती की मांग की गई थी। पुलिस ने बताया कि फाइनेंसर के दफ्तर के साथ Octave Showroom में काम करते आरोपी सौरव ने फाइनेंसर को अपना टारगेट बनया था। इस आरोपी के साथी सरताज सिंह और जश्नप्रीत सिंह भी शामिल थे। पुलिस ने बताया कि ये तीनों बचपन के दोस्त हैं।
आरोपी सरताज सिंह पंजाब पुलिस में जिला कपूरथला में कांस्टेबल के पद पर कार्यरत है। उनकी प्लानिंग के मुताबिक, सरताज सिंह का रिश्तेदार सतनाम सिंह निवासी कंडियाल जोकि विदेश में रहता है। उसने दीपिंदर सिंह निवासी यूएसए के जरिए फाइनेंसर को फिरौती के लिए धमकी भरे कॉल करवाए। मामलों में गिरफ्तार तीनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश कर पुलिस हिरासत में भेजा जा रहा है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किए हथियार 32 बोर पिस्टल, 10 जिंदा कारतूस, मोबाइल फोन, करेटा कार और एक्टिवा बरामद कर ली गई है।
-
पंजाब : लापता युवक का संदिग्ध परिस्थियों में शव बरामद, देखें वीडियो
अमृतसर : 19 जनवरी से लापता एक युवक का रहस्यमय परिस्थितियों में शव मिलने से इलाके में दशहत का माहौल बन गया। मृतक की पहचान शरणप्रीत सिंह के तौर पर हुई है। मृतक युवक के परिजनों ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए बताया कि उनका बेटा शरणप्रीत सिंह गुरु नानक देव अस्पताल में काम करता था। वह 19 जनवरी से घर से लापता था। रिश्तेदारों से मिली जानकारी के अनुसार यह पता चला कि लड़के की मौत हो गई है और उसका शव मोकमपुरा पुलिस स्टेशन के कब्जे में है, जिसके बाद परिवार ने मोहकमपुरा पुलिस से संपर्क किया। उन्होंने बताया कि लड़के की पुरानी रंजिश चल रही है, जिसके तहत उन्हें शक है कि उनके लड़के की हत्या की गई है।
पुलिस सिर्फ धारा 174 के तहत कार्रवाई कर रही है और हमारा पुलिस से अनुरोध है कि इस मामले में धारा 302 के तहत मामला दर्ज किया जाए और जिस युवक से उनके बेटे की दुश्मनी थी उसके खिलाफ मामला दर्ज किया जाए। वहीं मोहकमपुरा थाना अधिकारी नवतेज सिंह ने बताया कि 20 तारीख को पुलिस को एक युवक का शव लावारिस हालत में मिला था। जिसके बाद पुलिस ने धारा के तहत कार्रवाई करते हुए शव की पहचान के लिए 24 घंटे तक के लिए शवगृह में रखा गया था। वहीं अब उसके परिजन आ गए हैं और युवक पर हत्या का आरोप लगा रहे हैं. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।