Blog

  • Punjab News: पुलिस और गैंगस्टर में हुई मुठभेड़ में आरोपी ढेर, सरपंच कत्ल से जुड़े तार

    Punjab News: पुलिस और गैंगस्टर में हुई मुठभेड़ में आरोपी ढेर, सरपंच कत्ल से जुड़े तार

    तरनतारन: जिले के भिखीविंड के पास पुहला के नजदीक पुलिस और गैंगस्टर के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान दोनों ओर से ताबड़तोड़ गोलियां चलाई गई। वहीं पुलिस की ओर से की गई जवाबी फायरिंग में एक गैंगस्टर के मारे जाने की सूचना मिली है। प्राप्त जानकारी के अनुसार AGTF और CIA तरनतारन की संयुक्त कार्रवाई के दौरान सुर सिंह से पुहला जा रहे संदिग्ध व्यक्ति को पुलिस पार्टी ने रुकने का इशारा किया।

    इस दौरान उक्त व्यक्ति ने रुकने की बजाय पुलिस पार्टी पर ही फायरिंग शुरू कर दी। इस मुठभेड़ में उक्त गैंगस्टर द्वारा चलाई गई गोली एक पुलिस जवान को लगी, लेकिन बुलेटप्रूफ जैकेट होने के कारण जवान बच गया। पुलिस पार्टी ने जवाबी गोलीबारी की, जिसमें वह व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए नजदीकी सिविल अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

    मृतक की पहचान हरनूर सिंह उर्फ नूर निवासी कट्टूंगल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह अफरीदी और प्रभ दासूवाल का करीबी गुर्गा था। मौके पर पहुंचे DIG स्नेहदीप शर्मा ने मीडिया को बताया कि वालटोवा के सरपंच जरमल सिंह की रेकी करके उसे मौत के घाट उतारने वाले गैंगस्टर को अफरीदी और प्रभ दासूवाल का गुर्गा बताया जा रहा है, जिसे आज AGTF और CIA स्टाफ तरनतारन की संयुक्त सर्च ऑपरेशन के दौरान पुलिस मुठभेड़ में ढेर कर दिया गया।

    पुलिस की जांच में पता चला कि आरोपी ने सरपंच जरमल सिंह की रेकी की थी और वह हत्या के मामले से जुड़े षड्यंत्र के पहलुओं में शामिल था। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि इस मामले में शामिल गिरोह के अन्य सदस्यों की भूमिका की भी जांच की जा रही है और नेटवर्क का पता लगाने के लिए गुप्त छापेमारी की जा रही है। इस कार्रवाई को जरमल सिंह हत्याकांड की जांच में एक महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।

  • हरियाणा में जनता की भागीदारी बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने एआई पोर्टल लॉन्च किया

    हरियाणा में जनता की भागीदारी बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने एआई पोर्टल लॉन्च किया

    चंडीगढ़: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने हरियाणा विजन 2047 के मद्देनजर गुरुग्राम में आयोजित प्री बजट सेशन के दौरान एआई आधारित हरियाणा बजट जनभागीदारी पोर्टल का शुभारंभ किया। इस पोर्टल के जरिए से आम नागरिकों को राज्य के बजट निर्माण प्रक्रिया में प्रत्यक्ष रूप से सहभागी बनने का अवसर मिलेगा। पोर्टल पर हरियाणवी, हिंदी तथा अंग्रेजी तीनों भाषाओं में अपने सुझाव दिए जा सकते हैं, जिससे समाज के हर वर्ग की सहभागिता सुनिश्चित हो सके।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि यह प्लेटफॉर्म हमारी पारदर्शिता, नागरिक सहभागिता तथा सहभागी शासन की प्रतिबद्धता का प्रतीक है। इस पोर्टल के माध्यम से नागरिक, विशेषज्ञ और हितधारक सीधे सरकार से जुड़ सकेंगे। अपने व्यावहारिक सुझाव साझा कर सकेंगे और बजट निर्माण की प्रक्रिया को अधिक खुला, निरंतर और संवाद से परिपूर्ण बना सकेंगे।

    इस अवसर पर हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह, पटौदी की विधायक बिमला चौधरी, गुरुग्राम के विधायक मुकेश शर्मा, मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव राजेश खुल्लर, मुख्यमंत्री के ओएसडी डॉ. राज नेहरू सहित अन्य वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

     

  • Punjab News: महिला से दुष्कर्म मामले में बाबा को 10 साल की कैद

    Punjab News: महिला से दुष्कर्म मामले में बाबा को 10 साल की कैद

    मोगा: जिले में एक महिला भक्त के साथ लगभग सवा साल पहले एक होटल में के हुए जबरन संबंध बनाने के मामले में लुधियाना जेल में बंद जगराओं के अखाड़ा नहर के गुरुद्वारा चरण घाट के मुखी बाबा बालविंदर सिंह को मोगा की अदालत ने 10 साल की सजा सुनाई है। यह भी उल्लेखनीय है कि साल 2024 के सितंबर महीने में भाई महिरो ने गुरुद्वारा चरणघाट के बाबा बालविंदर सिंह द्वारा गुरुद्वारा साहिब में महिलाओं के साथ शारीरिक शोषण का खुलासा किया था।

    इस दौरान कई वीडियो वायरल होने के बाद जगराओं पुलिस ने बाबा बालविंदर सिंह के खिलाफ जगराओं थाना सिटी में मामला दर्ज किया था। इसके बाद मोगा के थाना महिना में भी उसी बाबा की एक महिला भक्त ने शिकायत की थी कि उसने उसे मोगा के एक होटल के कमरे में ले जाकर जबरन संबंध बनाए थे, जिस पर मुकदमा दर्ज किया गया था। इसी मुकदमे की मोगा अदालत में हुई सुनवाई के बाद बाबा बालविंदर सिंह को अदालत ने 10 साल की सजा सुनाई गई।

  • इस राज्य में SIR की पहली ड्राफ्ट सूची जारी, 2.89 करोड़ लोगों का कटा मतदाता सूची से नाम

    इस राज्य में SIR की पहली ड्राफ्ट सूची जारी, 2.89 करोड़ लोगों का कटा मतदाता सूची से नाम

    यूपी। उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण अभियान (SIR) के तहत आज पहली ड्राफ्ट सूची जारी हुई है, जिसमें 25 लाख से ज्यादा ऐसे नाम चिह्नित किए गए हैं जो एक से अधिक स्थानों पर दर्ज थे। राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि प्रदेश में 12.55 करोड़ मतदाता है। पहले चरण के बाद 2.89 करोड़ यानी 18 फीसदी नाम कट गए।

    6 फरवरी तक कर सकते हैं आवेदन
    जिन मतदाताओं का नाम इस लिस्ट में शामिल नहीं है उनके लिए फिलहाल चुनाव आयोग की तरफ से समय दिया जा रहा है और वो अपनी आपत्ति चुनाव आयोग के सामने दर्ज भी करा सकते हैं वोटर लिस्ट में नाम नहीं है या बदलाव कराने के लिए किसी भी आपत्ति या दावे के लिए 6 जनवरी 2026 से 6 फरवरी 2026 तक आवेदन किया जा सकता है।

    ऑनलाइन कर सकते हैं प्रोसेस
    वोटर लिस्ट में अपना नाम जुड़वाने के लिए आपको voters.eci.gov.in वेबसाइट या ECINET ऐप के जरिए फॉर्म भरना होगा- यहां जानिए कौन सा फॉर्म किसे भरना है। फॉर्म नंबर 6 नए मतदाताओं के लिए है जो कि 18 साल की उम्र पूरी कर पहली बार वोटर बने हैं।

    वोटर लिस्ट में नाम की आपत्ति सही करवाने के लिए फॉर्म 7 भरकर आपत्ति जमा की जा सकती हैं और पहले के नाम में सुधार के लिए भी ये फॉर्म मान्य है। फॉर्म 8 के जरिए निवास स्थान बदलने और मौजूदा वोटर्स लिस्ट में सुधार के अलावा वोटर कार्ड बदलने के प्रोसेस के लिए आवेदन कर सकते हैं।

    फॉर्म कहा-कहां सबमिट कर सकते हैं-
    ऑनलाइन आवेदन के तहत आपको चुनाव आयोग की ऑनलाइन वेबसाइट voters.eci.gov.in वेबसाइट या ECINET ऐप के जरिए फॉर्म भरना होगा। ऑफलाइन आवेदन के तहत बूथ लेवल अधिकारी के पास फॉर्म जमा करना होगा।

    कौन-कौन से दस्तावेज के जरिए करवा सकते हैं आवेदन

    -ऐसी आईडी जो केंद्र सरकार या राज्य सरकार या किसी PSU कंपनी ने आपको जारी की हो।

    -मान्य अथॉरिटी से जारी जन्म प्रमाण पत्र

    -मान्य शिक्षा बोर्ड से जारी दसवीं प्रमाण पत्र या एजूकेशनल डॉक्यूमेंट

    -OBC या अनुसूचित जाति/जनजाति प्रमाण पत्र

    -आधार कार्ड लेकिन ये नागरिकता का प्रमाण पत्र नहीं है सिर्फ नाम दर्ज करवाने के लिए आईडी है

  • Jalandhar News: कमरे में पराली और ट्राली में लगी आग, लाखों का हुआ नुकसान

    Jalandhar News: कमरे में पराली और ट्राली में लगी आग, लाखों का हुआ नुकसान

    जालंधर, ENS: जालंधर के गांव संग ढेसियां में ट्राली और पराली को आग लगने की घटना सामने आई है। इस घटना में पीड़ित व्यक्ति का काफी नुकसान हो गया। घटना की सूचना पीड़ित द्वारा दमकल विभाग को दी गई। मौके पर पहुंची दमकल विभाग की टीम द्वारा कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक व्यक्ति का काफी नुकसान हो चुका था। इस संबंध में जानकारी देते हुए कुएं के मालिक गुरिंदर सिंह उर्फ गिंदी ने बताया कि वह रोजाना की तरह सुबह कुएं पर पहुंचे।

    इस दौरान उन्होंने देखा कि शरारती अनंसरों द्वारा उसकी ट्रॉली और पराली रखने वाले कमरे में आग लगा दी गई थी। आग की लपटें दूर से दिखाई दे रही थी। जिसके बाद उन्होेंने घटना की सूचना दमकल विभाग को दी। मौके पर पहुंची दमकल विभाग की टीम द्वारा काफी कोशिशों के बाद आग पर काबू पाया। पीड़ित ने बताया कि आग लगने के कारण उसका 4 लाख रुपए का नुकसान हो गया है। इस घटना में ट्रॉली के चारों टायर पूरी तरह से जलकर खाक हो गए। पीड़ित ने प्रशासन से इंसाफ की गुहार लगाई है।

     

  • Jalandhar News: भीख मांगने वाले बच्चों को लेकर सख्त एक्शन, टास्क फोर्स ने की छापामारी

    Jalandhar News: भीख मांगने वाले बच्चों को लेकर सख्त एक्शन, टास्क फोर्स ने की छापामारी

    जालंधर, ENS: शहर में बाल भिक्षावृत्ति को खत्म करने और भीख मांगने को मजबूर बच्चों को सुरक्षित भविष्य देने के उद्देश्य से बाल भीख मांगने रोकू टास्क फोर्स द्वारा आज विभिन्न क्षेत्रों में छापेमारी की गई। हालांकि इस छापेमारी के दौरान जिसमें किसी भी बच्चे या बच्ची को भिक्षा मांगते हुए नहीं पाया गया। इस संबंध में जिला अधिकारी मनजिंदर सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि डायरेक्टर सोशल सिक्योरिटी और डिप्टी कमिशनर डॉ. हिमांशु अग्रवाल के निर्देशों पर शहर में बाल भिक्षा रोकने के लिए टास्क फोर्स द्वारा छापामारी अभियान चलाया जा रहा है।

    भिक्षा मांगने वाले बच्चों को रेस्क्यू कर बाल कल्याण समितियों को सौंपा जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस दौरान विभिन्न टीमों द्वारा आम लोगों को बच्चों के अधिकारों, शिक्षा के महत्व और बच्चों के साथ हो रहे अपराधों, बाल श्रम, बाल भिक्षावृत्ति, बच्चों के साथ छेड़छाड़ और यौन शोषण जैसी बुराइयों के बारे में भी जागरूक किया गया।

    लोगों से अपील की गई कि यदि किसी को बाल भिक्षा या किसी भी परेशानी में फंसे बच्चे की जानकारी मिलती है, तो तुरंत चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 पर या कार्यालय जिला प्रोग्राम अधिकारी, गांधी वनीता आश्रम से संपर्क किया जा सकता है। उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी बाल भिक्षा रोकथाम टास्क फोर्स की विभिन्न टीमों द्वारा शहर के कई क्षेत्रों में छापामारी कर बच्चों को बेगराई एक्ट के तहत रेस्क्यू किया जा चुका है।

     

     

  • गुरुग्राम में बजट पूर्व कार्यशाला, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बताया रोडमैप

    गुरुग्राम में बजट पूर्व कार्यशाला, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बताया रोडमैप

    चंडीगढ़: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा विकसित भारत-2047 का ग्रोथ इंजन साबित होगा। हरियाणा का योगदान देश हित में उपयोगी रहे, इसके लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जा रहा है। व्यापक परामर्श, गहन अध्ययन व विशेषज्ञों की सहभागिता से हरियाणा विजन डॉक्यूमेंट-2047 बनाया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मंगलवार को गुरुग्राम यूनिवर्सिटी ऑडिटोरियम में हरियाणा विजन-2047 के मद्देनजर आयोजित बजट पूर्व कार्यशाला में अपने विचार रख रहे थे। मुख्यमंत्री ने हरियाणा विजन 2047 रोडमैप के ध्येय के साथ वित्त वर्ष 2026- 27 के लिए इंडस्ट्री, हेल्थ, आईटी तथा एजुकेशन सेक्टर से संबंधित हितधारकों के साथ आयोजित बजट पूर्व परामर्श बैठक (प्री बजट कंसल्टेशन) में हर पहलू पर विस्तार से चर्चा की। बैठक में उद्योग जगत एवं मैन्यूफैक्चरिंग इकाइयों से जुड़े विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने आगामी बजट के लिए अपने सुझाव रखे। बैठक में प्रदेश के उद्योग एवं वाणिज्य, पर्यावरण, वन एवं वन्य जीव मंत्री राव नरबीर सिंह, पटौदी की विधायक बिमला चौधरी, गुरुग्राम के विधायक मुकेश शर्मा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

    विकासात्मक परिवर्तन अब नजर आ रहा

    मुख्यमंत्री ने कहा कि विगत 11 साल में बड़ा विकासात्मक परिवर्तन नजर आया है। सकारात्मक बदलाव के साथ सर्वांगीण विकास की दिशा में सरकार कदम बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार ने डिपार्टमेंट ऑफ फ्यूचर का गठन किया है जो उभरते हुए वैश्विक परिवर्तन में कारगर रहेगा। ज्ञान व दूरदृष्टि सोच के साथ इस प्रकार की कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है।

    छः रणनीतिक थीमों पर आधारित विकास का तैयार हुआ रोडमैप

    विभागीय योजनाओं को स्पष्ट विजन से जोड़ना होगा और गतिविधियों से अधिक परिणाम पर ध्यान देना होगा। नागरिकों के जीवन में सार्थक सुधार लाना हरियाणा सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि इसी सार्थक सोच के परिणामस्वरूप हरियाणा सरकार छः स्तम्भों पर केंद्रित हो विकसित भारत 2047 के सपने को साकार करने में सहभागिता निभाएगी। उन्होंने बताया कि हरियाणा विजन डॉक्यूमेंट–2047 को छः रणनीतिक थीम पर आधारित कर तैयार किया गया है। इनमें वित्त एवं सुरक्षा, शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार क्षमता, स्वास्थ्य एवं पोषण, कृषि, खाद्य सुरक्षा एवं पर्यावरण संरक्षण, बुनियादी ढांचा विकास तथा क्षेत्रीय विकास एवं स्थानीय स्वशासन पर आधारित परियोजना को मूर्त रूप दिया जाएगा।वित्त वर्ष 2026–27 का बजट भी इन सभी थीमों के साथ पूरी तरह सामंजस्यपूर्ण रहेगा।

    प्री-बजट मंथन में वरिष्ठ अधिकारियों ने दी थीम आधारित प्रेजेंटेशन

    हरियाणा विजन 2047 रोडमैप के अंतर्गत आयोजित प्री-बजट मंथन कार्यशाला में राज्य को वर्ष 2047 तक विकसित, समावेशी एवं आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में विभिन्न थीम स्पॉटलाइट्स पर गहन विचार-विमर्श किया गया। कार्यक्रम में स्वास्थ्य एवं पोषण से संबंधित प्रस्तुति हरियाणा सरकार के स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव सुधीर राजपाल द्वारा दी गई। शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार योग्यता विषय पर उच्चतर एवं स्कूल शिक्षा विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव विनीत गर्ग ने अपने विचार रखे। इसके साथ ही क्षेत्रीय विकास एवं स्थानीय स्वशासन विषय पर ऊर्जा विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव ए.के. सिंह ने जानकारी दी। वहीं कृषि, सहायक क्षेत्र, खाद्य एवं पर्यावरण विषय पर कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के प्रमुख सचिव पंकज अग्रवाल ने प्रस्तुति दी। वित्त एवं सुरक्षा विषय पर वित्त विभाग के आयुक्त एवं सचिव मोहम्मद शाइन ने प्रस्तुतिकरण देकर बारीकियों से अवगत कराया। अवसंरचना विकास विषय पर उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के आयुक्त एवं सचिव डॉ. अमित कुमार अग्रवाल ने राज्य के औद्योगिक एवं आधारभूत ढांचे के विकास से जुड़े पहलुओं को विस्तार से रखा। इसी क्रम में विकास एवं पंचायत विभाग के आयुक्त एवं सचिव डॉ. साकेत कुमार द्वारा संयुक्त रूप से प्रस्तुति दी गई। बजट पूर्व कार्यशाला में नीति आयोग के सदस्य रमेश चंद्र, मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव राजेश खुल्लर, गृह विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. सुमिता मिश्रा, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव अरुण कुमार गुप्ता, मुख्यमंत्री के ओएसडी डॉ राज नेहरू, जीएमडीए के मुख्य सलाहकार डी.एस ढेसी, गुरुग्राम विश्वविद्यालय के वाइस चांसलर प्रोफेसर डॉ संजय कौशिक, उपायुक्त अजय कुमार सहित अन्य गणमान्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।
  • Punjab News: बिक्रम मजीठिया के करीबी गुलाटी को लेकर कोर्ट का आया फैसला, देखें वीडियो

    Punjab News: बिक्रम मजीठिया के करीबी गुलाटी को लेकर कोर्ट का आया फैसला, देखें वीडियो

    मोहालीः आय से अधिक संपत्ति मामले में शिरोमणि अकाली दल के सीनियर नेता बिक्रम सिंह मजीठिया जेल में बंद है। वहीं उनके करीबी व कारोबारी हरप्रीत सिंह गुलाटी को भी विजिलेंस ने गिरफ्तार किया था। जहां गुलाटी को लेकर बीते दिन दोनों पक्षों के वकीलों की दलीलें सुनने के बाद 6 जनवरी की तारीख रखी गई थी। दरअसल, विजिलेंस की ओर से गुलाटी का रिमांड कोर्ट से मांगा गया था। इस मामले में आज कोर्ट में सुनवाई है। एक अदालत ने आज बिक्रम सिंह मजीठिया मामले में व्यवसायी हरप्रीत सिंह गुलाटी को एक दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।

     

  • Himachal News: एचआरटीसी बेड़े में शामिल होंगी 297 इलेक्ट्रिक बसें

    Himachal News: एचआरटीसी बेड़े में शामिल होंगी 297 इलेक्ट्रिक बसें

    हैदराबाद से सोलन पहुंची प्रोटोटाइप बस, सोलन-शिमला मार्ग पर होगा ट्रायल

    ऊना/सुशील पंडित: प्रदेश सरकार हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) को ई-मोबिलिटी की दिशा में सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। इसी कड़ी में एचआरटीसी बेड़े में 297 नई इलेक्ट्रिक बसों को शामिल करके सरकार द्वारा निर्णायक कदम उठाए जा रहे हैं।

    उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने बताया कि इस श्रृंखला में पहली प्रोटोटाइप इलेक्ट्रिक बस हैदराबाद से सोलन पहुँच चुकी है। आगामी दो दिनों में सोलन-शिमला मार्ग पर इस ई-बस का ट्रायल किया जाएगा। इसके उपरांत प्रदेश के अन्य मार्गों तथा एचआरटीसी के विभिन्न डिपुओं में भी चरणबद्ध तरीके से इलेक्ट्रिक बसों के ट्रायल शुरू होंगे।

    उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि राज्य सरकार हरित एवं पर्यावरण-अनुकूल परिवहन व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में तेज़ी से आगे बढ़ रही है। इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से न केवल वायु प्रदूषण में उल्लेखनीय कमी आएगी, बल्कि डीज़ल पर निर्भरता घटेगी और एचआरटीसी की परिचालन लागत में भी कमी आएगी, जिससे निगम की आर्थिक स्थिति को मजबूती मिलेगी। साथ ही यह पहल यात्रियों को सुरक्षित, आरामदायक, आधुनिक और विश्वसनीय परिवहन सुविधा उपलब्ध करवाने में भी सहायक सिद्ध होगी।

    उन्होंने बताया कि इलेक्ट्रिक बसों के सुचारु संचालन को सुनिश्चित करने के लिए प्रदेश भर में चार्जिंग इंफ़्रास्ट्रक्चर भी विकसित किया जा रहा है। उप मुख्यमंत्री ने बताया कि ये ई-बसें हिमाचल प्रदेश को स्वच्छ, हरित और टिकाऊ परिवहन के क्षेत्र में एक अग्रणी राज्य के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

  • Punjab News: कांग्रेस बैठक में फिर दिखी गुटबाजी, पूर्व मंत्री कांगड़-चहल में हुई तकरार, जमकर की नारेबाजी, देखें वीडियो

    Punjab News: कांग्रेस बैठक में फिर दिखी गुटबाजी, पूर्व मंत्री कांगड़-चहल में हुई तकरार, जमकर की नारेबाजी, देखें वीडियो

    4 जिलों से मीटिंग में पहुंचे थे नेता

    बठिंडाः पंजाब में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर सभी पार्टियों ने तैयारियां शुरू कर दी है। लेकिन दूसरी ओर कांग्रेस में गुटबाजी चुनावों से पहले चिंता का विषय बनती हुई दिखाई दे रही है। हालांकि कांग्रेस प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वडिंग द्वारा गुटबाजी को दरकिनार किया जा रहा है। लेकिन दूसरी ओर नेताओं में खुलकर एक-दूसरे का विरोध किया जा रहा है। वहीं जिले में लॉर्ड रामा हॉल में कांग्रेस की एक बैठक के दौरान पार्टी में गुटबाजी का मामला फिर से खुलकर सामने आया है। जहां रामपुरा विधानसभा क्षेत्र से पूर्व मंत्री गुरप्रीत सिंह कांगड़ और कांग्रेस नेता जशन चहल के बीच तीखी बहस हो गई। इस दौरान दोनों गुटों के कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे के खिलाफ नारेबाजी की। बैठक में 4 जिलों में से बठिंडा, श्री मुक्तसर साहिब, मानसा और फरीदकोट के नेता और कार्यकर्ता पहुंचे थे। दोनों गुटों में बहस तब शुरू हुई जब पूर्व मंत्री गुरप्रीत सिंह कांगड़ ने आरोप लगाया कि कुछ बाहरी लोग पार्टी में आकर माहौल खराब कर रहे हैं। उन्होंने इन लोगों पर आम आदमी पार्टी को ब्लॉक समिति चुनावों में मदद करने का भी आरोप लगाया। इसके जवाब में, कांग्रेस नेता जशन चहल और उनके समर्थकों ने कहा कि जो लोग पार्टी का माहौल खराब कर रहे हैं, वे भाजपा से कांग्रेस में आए हैं। दोनों नेताओं के समर्थकों ने एक-दूसरे के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे लगाए, जिससे बैठक में तनाव बढ़ गया। बैठक का आयोजन पंजाब प्रदेश कांग्रेस के बठिंडा सेक्रेटरी इंचार्ज रविंदर दलवी की देखरेख में किया गया था। दलवी ने बताया कि 11 जनवरी को लहरा मोहब्बत में एक रैली आयोजित की जा रही है। यह रैली मनरेगा मजदूरों के हक में केंद्र सरकार के खिलाफ होगी, जिसके लिए विभिन्न नेताओं से मजदूर और श्रमिक लाने के संबंध में सुझाव लिए जा रहे थे।