Blog

  • मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना ने सौर ऊर्जा संयंत्र पेखुबेला का किया दौरा

    ऊना/ सुशील पंडित : पेखुबेला में हिमाचल प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड द्वारा 220 करोड़ रुपए की लागत से बन रहे 32 मैगा वॉट सौर ऊर्जा संयंत्र का आज गुरूवार को मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना ने दौरा किया। इस दौरान उन्होंने सौलर पॉवर प्लांट में चल रहे कार्यों की विस्तृत जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से निर्माण कार्यों को पूर्ण करने के निर्देश दिए ताकि जल्द से जल्द लोगों को इस परियोजना का लाभ मिलना सुनिश्चित हो सके। हिमाचल प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक हरिकेश मीणा ने मुख्य सचिव सहित अन्य अधिकारियों को सौलर पॉवर प्लांट से संबंधित चल रहे सभी निर्माण कार्यों की विस्तृत जानकारी पीपीटी के माध्यम से दी। इसके अलावा उन्होंने अघलोर और भंजाल में भी स्थापित किए जा रहे सौर ऊर्जा संयंत्र की विस्तृत जानकारी दी।

    मुख्य सचिव ने बल्क ड्रग पार्क को लेकर संबंधित अधिकारियो के साथ की बैठक
    मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना ने बाथू के कॉरपोरेट ऑफिस में बल्क ड्रग पार्क को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक भी की। बैठक में उन्होंने जल शक्ति विभाग, लोक निर्माण विभाग व बिजली विभाग के अधिकारियों से बल्क ड्रग पार्क में चल रहे निर्माण कार्यों की जानकारी ली और निर्माण कार्यों में तेज़ी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा यदि निर्माण कार्यों मे किसी प्रकार की कोई समस्या आती है तो उन्हें इस संबंध में अवगत करवाया जाए ताकि निर्माण कार्याें को सुगमता व समयबद्ध तरीके से किया जा सके। बल्क ड्रग पार्क में 15 एमएलडी जलापूर्ति योजना का 60 प्रतिशत कार्य पूर्ण कर लिया गया है इस योजना पर 31.05 करोड़ रूपये खर्च किए जा रहे हैं। उन्होंने जलापूर्ति योजना के शेष बचे कार्य को संबंधित अधिकारियों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।

    बल्क ड्रग पार्क साईट व प्रशासनिक ब्लॉक का भी किया दौरा
    बैठक के उपरांत मुख्य सचिव ने पोलियां बीत में बन रहे बल्क ड्रग साईट, पंजुआना में बनने वाले प्रशासनिक ब्लॉक तथा प्रशासनिक ब्लॉक से बल्क ड्रग पार्क तक बनने वाली सड़क का निरीक्षण कर लोक निर्माण विभाग, जल शक्ति विभाग और बिजली विभाग के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर निदेशक उद्योग राकेश प्रजापति, डीसी जतिन लाल, एडीसी महेंद्र पाल गुर्जर, संयुक्त निदेशक उद्योग अंशुल धीमान, एसडीएम ऊना विश्व मोहन देव चौहान, एसडीएम हरोली राजीव ठाकुर सहित संबंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।

  • स्वीप के जरिए मतदान प्रतिशतता बढ़ाने पर जोर

    ऊना/ सुशील पंडित : लोकसभा चुनाव में मतदाताओं की भागीदारी अधिक से अधिक करने व प्रथम बार मतदान करने वाले नये पंजीकृत मतदाताओं को मताधिकार के महत्व बारे जागरुक करने के उद्देश्य से ज़िला ऊना में संचालित स्वीप कार्यक्रम के अन्तर्गत आज चिंतपूर्णी विस क्षे़त्र के गांव खरोह व हाई स्कूल भरेड़ में कार्यक्रम आयोजित किये गये।

    इसी कड़ी में आईआरबीएन बनगढ़ के एकलब्य कलामंच के जत्थे ने गीत, संगीत व नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को जागरुकता संदेश व मतदान के लिए प्रेरित किया। इन कार्यक्रमों के ज़रिये कलाकारों ने ज़िला के विभिन्न सरकारी व निजी वरिष्ठ माध्यमिक पाठशालाओं में विद्यार्थियों के माध्यम से आम जनमानस तक मतदाता जागरूकता संदेश पहुंचाने और उनके मत को सही ढंग से प्रयोग करने की अपील की गई। इस दौरान स्कूली बच्चों ने मतदाता जागरूक रैली निकाली जिसमें स्लोगन पट्टियों और नारों के जरिए स्थानीय लोगों को मतदान के प्रति जागरुकता संदेश दिया।

    पोस्टर मेकिंग एवं नारा लेखन प्रतियोगिता आयोजित
    राजकीय उत्कृष्ट महाविद्यालय दौलतपुर चौक में चुनावी साक्षरता क्लब के अंतर्गत शिक्षा विभाग के प्रशिक्षु अध्यापकों के लिए पोस्टर मेकिंग एवं नारा लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें सभी को मतदान के प्रति जागरूक किया गया। प्राचार्य डॉ. युद्धवीर सिंह पटियाल के दिशानिर्देशों द्वारा यह कार्यक्रम संपन्न किया गया। प्राचार्य द्वारा कार्यक्रम के उद्बोधन में सभी को मतदान करने के महत्व के बारे में बताया गया एवं सभी को मतदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि मजबूत लोकतंत्र की स्थापना के लिए ज्यादा से ज्यादा मतदान आवश्यक है तथा सभी को अपनी विशेष जिम्मेदारी समझनी चाहिए।
  • ऊना: व्यक्ति ने कचहरी चौक पर किया आत्मदाह का प्रयास, पुलिस पर धक्के शाही का आरोप

    ऊना/ सुशील पंडित : एक व्यक्ति ने ऊना के कचहरी चौक (बचत भवन) में अपने उपर पैट्रोल छिड़क कर आत्मदाह का प्रयास किया। मिली जानकारी के अनुसार आज सुबह एक व्यक्ति स्कूटी पर आया और उसने चौक में ही स्कूटी रोकी, और अपने साथ लाई बोतल से पैट्रोल अपने ऊपर छिड़क लिया। उसने जैसे ही स्वयं को आग लगाने के लिए माचिस जलाई तो वहां तैनात ट्रैफिक कर्मी और एक दुकानदार ने उसे पकड़ लिया और उसे साइड ले गए जहां उस पर पानी डाला गया। पुलिस मौके पर पहुंची और व्यक्ति को सिटी पुलिस चौकी ऊना ले गई। वहीं आत्मदाह का प्रयास करने वाला व्यक्ति उपमंडल हरोली के टाहलीवाल निवासी दुकानदार राजीव कौशल थे। कचहरी चौक में आसपास की दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों में यह पूरी घटना कैद हो गई है।
    राजीव कौशल ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि एक लड़ाई-झगड़े के मामले में पुलिस द्वारा उससे और परिवार के साथ धक्के शाही की जा रही है, इसी से तंग आकर उसने आत्मदाह करने का प्रयास किया है। वहीं टाहलीवाल पुलिस थाना के एसएचओ अशोक चौधरी ने बताया कि कल पुलिस थाना में दोनों पक्षों ने बहसबाजी होने पर कार्रवाई की मांग की थी जिसमें कुछ लड़कों पर वाशिंग मशीन चोरी होने का आरोप लगाया गया था। चुंकि मामला पुराना था। तो बीते कल पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने में बातचीत के लिए बुलाया जहां दोनों पक्षों में समझौता हो गया था। दूसरी तरफ पुलिस अधिकारियों तक भी मामला जा पहुंचा है और पुलिस आलाधिकारियों ने भी मामले की जांच के निर्देश दिए हैं।
  • लघु उद्योग भारती ने प्रदेश कार्यालय में मनाया संगठन का 30वां स्थापना दिवस

    25 अप्रैल 1994 को 8 सदस्यों के समूह से हुई थी लघु उद्योग भारती की स्थापना 

    गौरव खन्ना को लघु उद्योग भारती के प्रदेश सह-कोषाध्यक्ष की कमान

    बद्दी/ सचिन बैंसल : देश के सबसे बड़े औद्योगिक संगठन लघु उद्योग भारती ने हिमाचल प्रदेश ईकाई का 30वां स्थापना दिवस हर्षोल्लास से मनाया। संगठन के बद्दी स्थित प्रदेश कार्यालय में स्थापना दिवस कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन कर किया गया। इस दौरान संगठन के पुराने व वरिष्ठ सदस्यों डॉक्टर विक्रम बिंदल, राजेश बंसल, विक्रम बिंदल, विनोद खन्ना, सतीश सेठी व स्वर्गीय केसी राजपूत के पौत्र कार्तिक को प्रदेश अध्यक्ष हरबंस पटियाला व बद्दी चैप्टर के अध्यक्ष राजीव चौहान व अखिल मोहन अग्रवाल ने सम्मानित किया। 

    वरिष्ठ सदस्य राजेश बंसल ने पुराने दिनों को याद करते हुए बताया के स्वर्गीय केसी राजपूत के प्रयासों से प्रदेश में लघु उद्योग भारती का पौधा लगाया गया था। 25 अप्रैल 1994 को 8 सदस्यों के समूह ने हिमाचल प्रदेश में लघु उद्योग भारती की नींव रखी। जबकि पुराने सदस्य विनोद खन्ना ने बताया के आज हिमाचल में लघु उद्योग भारती के 8 चैप्टर हैं और 1053 सदस्यों का कारवां संगठन के साथ चल रहा है। विनोद खन्ना ने कहा के लघु उद्योग भारती देश का सबसे बड़ा औद्योगिक संगठन है जो केंद्र व प्रदेशों में उद्योगों की लड़ाई लड़ता है। लघु उद्योग भारती के राष्ट्रीय सचिव व पुराने कार्यकर्ता विक्रम बिंदल ने अपने संबोधन में कहा के लघु उद्योग भारती केवल लघु व मध्यम उद्योगों का संगठन न होकर एक सामाजिक संगठन है जिसमें उद्यमियों के हितों से पहले राष्ट्र हित को सर्वोपरि रखा गया है। उन्होंने कहा के आज युवाओं को रोजगार देने व देश की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने में लघु उद्योगों का अहम योगदान है। 

    बैठक को संबोधित करते हुए लघु उद्योग भारती के प्रदेश अध्यक्ष हरबंस पटियाल ने संगठन को इस मुकाम तक पहुंचाने वाले पूर्व में रहे सभी अध्यक्षों व पदाधिकारियों का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा के आज लघु उद्योग भारती उद्योगों की समस्याओं को प्रदेश व राष्ट्रीय स्तर पर उठाकर उनके निराकरण में अहम भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा के वर्ष 2025 तक प्रदेश में 1500 से 2000 सदस्य संख्या करने का लक्ष्य प्रदेश ईकाई ने रखा है जिसमें प्रदेश के सभी 8 चैप्टर अपना योगदान देंगे। उन्होंने बताया के इस समय लघु उद्योग भारती 1053 मेंबर हैं जिसे बढ़कर 2000 किया जाएगा। उन्होंने संगठन की आगामी नीतियों पर भी विस्तार से चर्चा की। 

    बद्दी चैप्टर के अध्यक्ष राजीव चौहान ने सभी मेंबर उद्योगों से आग्रह किया के वह अपनी समस्याएं मेल व लिखित तौर पर संगठन के समक्ष रखें ताकि उनका हल करवाया जा सके। उन्होंने स्थापना दिवस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी का धन्यवाद किया। लघु उद्योग भारती के प्रदेश मीडिया इंचार्ज ओम शर्मा ने बताया के इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष हरबंस पटियाला व प्रदेश कोषाध्यक्ष अखिल मोहन अग्रवाल की सहमति से बद्दी के युवा सीए गौरव खन्ना को प्रदेश सह-कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। सीए गौरव खन्ना संगठन का लेखाजोखा संभालने में सहयोग करेंगे। 

    स्थापना दिवस कार्यक्रम में लघु उद्योग भारती के राष्ट्रीय सचिव डॉक्टर विक्रम बिंदल, प्रदेश अध्यक्ष हरबंस पटियाल, प्रदेश कोषाध्यक्ष अखिल मोहन अग्रवाल, बद्दी चैप्टर के अध्यक्ष राजीव चौहान, विनोद खन्ना, राजेश बंसल, समर सिंह चंदेल, दीपंकर, दीपक, कार्तिक स्वेइया, गौरव खन्ना, राजेन्द्र प्रताप, कैलाश चंद, सतीश सेठी, सुमेंदर विष्ट, राजेश पटियाल, सुखविंदर सिंह, दीपक चंदेल, नवीन चंद्र, अमित वाधवा व ओम शर्मा उपस्थित रहे। 
  • पंजाब : अब इस पार्टी के नेता ने चुनाव लड़ने का किया ऐलान, देखें वीडियो

    लुधियानाः लोकसभा चुनावों को लेकर कई बड़ी पार्टियां अपने उम्मीदवारों को मैदान में उतार रही है। इसी बीच सुनहरी भारत पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राकेश कुमार लुधियाना से लोकसभा चुनाव लड़ेंगे। मुख्य कार्यालय में बैठक के दौरान लिया गया ये निर्णय। सुनहिरा भारत पार्टी पंजाब समेत चंडीगढ़ की सभी 14 लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी। बाकी के उम्मीदवारों की घोषणा 30 अप्रैल के बाद कि जाएगी।

    पार्टी महंगाई, बेरोजगारी, नशा, अभद्रता समेत पंजाब के जनहित से जुड़े मुद्दों पर चुनाव लड़ेगी। सुनहिरा भारत पार्टी पंजाब के राष्ट्रीय अध्यक्ष राकेश कुमार को आज लुधियाना लोकसभा सीट से उम्मीदवार की घोषित कि गई है। यह घोषणा आज पासपोर्ट कार्यालय के पास पार्टी मुख्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान की गई।

    इस मौके पर प्रेस कॉन्फ्रेंस की शुरुआत करते हुए पार्टी के पंजाब मुख्य प्रवक्ता स. अमरजीत सिंह खालसा ने पार्टी से चुनाव लड़ने की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस, शिरोमणि अकाली दल, बीजेपी जैसी पारंपरिक पार्टियों से दुखी होकर लोगों ने आम आदमी पार्टी को मौका दिया था, लेकिन अब उनका आप से भी मोहभंग हो गया है। ऐसे में सुनहरी भारत पार्टी ने जनहित के मुद्दों को देश की सबसे बड़ी पंचायत संसद में उठाने का फैसला किया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राकेश कुमार को लुधियाना लोकसभा क्षेत्र से उम्मीदवार घोषित किया गया है

  • बीमार साधु को इलाज के लिए किसी दानी सज्जन का इंतजार

    एक माह पूर्व आज्ञात वाहन की चपेट में आने से हुआ था गंभीर घायल

    बद्दी/ सचिन बैंसल : अज्ञात वाहन की चपेट में आने वाला एक साधु उपचार व पेट की आग बुझाने के लिए भीख मांग रहा है। लेकिन कोई भी आगे नहीं आ रहा है। साधु चलने फिरने में असमर्थ है। यह साधू पिछले एक माह से शमशान घाट में पड़ा था। वीरवार को एक आटो चालक ने उसे अपने ऑटो में बैठा कर बद्दी अस्पताल छोड़ दिया है। चिकित्सकों ने उसे भर्र्ती तो कर दिया है लेकिन उसकी बाजू व कुल्हे में फ्रैक्चर होने से उसका आपरेशन होना है। उन्होंने उसे पीजीआई  रैफर तो कर दिया लेकिन उसके साथ जाने को कोई भी तैयार नहीं है। बेसहारों को सहारा देने का दम भरने वाली वैल्फेयेर संस्थाएं मौन है और कोई भी इस साधु के उपचार व देखरेख के लिए आगे नहीं आ रहा है। पुलिस ने भी अभी तक अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज नहीं किया है। बद्दी पुलिस का कहना है कि यह दुर्घटना हरियाणा क्षेत्र में हुई है। वहीं हरियाणा पुलिस इसे बद्दी क्षेत्र में होने की बात कर रही है। 

    बद्दी अस्पताल में उपचाराधीन साधु रामनाथ (80) ने बताया कि एक माह पूर्व वह शिरड़ी से पैदल मनीकर्ण जा रहाथा जैसे ही वह देर शाम को  बद्दी के बालद खड्ड में पहुंचा तो पीछे से एक वाहन से उसे हिट कर दिया। जिससे उसकी बाजू व कुल्हे में चोट आई। टक्कर लगने के बाद वह बेहोश हो गया था जिससे उसे वाहन के नंबर का पता नहीं चला। बेहोशी की हालत में उसे पड़ा देख कर उसे स्थानीय लोगों ने शमशाम घाट में रख दिया। लेकिन जब उसे होश आया तो वह शमशान घाट में था। वह एक माह से शमशान घाट में ही था। वहां पर कुछ लोग उसे जमीन पर पड़ा हुआ देख कर भोजन दे देते थे। वीरवार को एक आटो चालक ने उस पर दया की और उसे बद्दी अस्पताल में छोड़ दिया लेकिन यहां पर आपरेशन करने की कोई सुविधा नहीं है और चिकित्सक उसे पीजीआई रैफर कर रहे है लेकिन उसके पास न तो पैसा है और नहीं उसकी साथ कोई जाने को तैयार है। 

    बद्दी अस्पताल के एसएमओ डॉ. अनिल अरोड़ा ने बताया कि उन्होंने कई संस्थाओं से संपर्क किया है लेकिन अभी तक कोई आगे नहीं आई है। रोगी साधु के बाजू व कुल्हे में हड्डी टुटी हुई है जिससे वह हिल नहीं सकता है। उसके लिए तामिरदार की सख्त जरूरत है जो उसके देखरेख कर सके। 
  • पंजाब: अकाली दल का दिग्गज नेता भाजपा में हुआ शामिल 

    लुधियाना: अकाली दल को बड़ा झटका लगा है। अकाली नेता विपन काका सूद बीजेपी में शामिल हो गए हैं। इसके अलावा राहुल सिद्धू भी बीजेपी में शामिल हो गए हैं। काका को करीब ढाई साल पहले अकाली दल अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने लुधियाना से उम्मीदवार घोषित किया था लेकिन जैसे ही चुनाव नजदीक आए अकाली दल ने लुधियाना से रंजीत सिंह ढिल्लों को उम्मीदवार ऐलान कर दिया है।

    लोक इन्साफ पार्टी से 2017 का विधानसभा चुनाव लड़ चुके विपन सूद काका लोक इन्साफ पार्टी छोड़कर अकाली दल में शामिल हुए थे। इसके बाद शहर में कई बैठकें हुईं और विपन सूद काका पार्टी अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल के काफी करीबी हो गए। लोक इन्साफ पार्टी से 2017 का विधानसभा चुनाव लड़ चुके विपन सूद काका लोक इन्साफ पार्टी छोड़कर अकाली दल में शामिल हो गए हैं। इसके बाद शहर में कई बैठकें हुईं और विपन सूद काका पार्टी अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल के काफी करीबी हो गए।

  • हाई मास्क लाईटे खराब, शाम होते ही अंधेरे में डूब जाता है बद्दी शहर

    बस अड्डे पर शौचालय व लाईट की व्यवस्था न होने से  यात्री परेशान

    प्रेस से मिलिए कार्यक्रम में बोले भाजपा के जिला सचिव

    बद्दी/ सचिन बैंसल : दून भाजपा के सचिव गुरमैल चौधरी ने कहा कि बद्दी में हाई मास्क लाईट बंद पड़ी है। शाम होते ही पूरे बद्दी अंधेरे  में डूब जाता है। नप के पास न तो लाईट है और न हीं इलेक्ट्रिशियन है। जिससे लोग परेशान है। जिला सचिव प्रेस से मिलिए कार्यक्रम में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि बद्दी की सभी चौक इन दिनों रात के समय अंधेरे में डूबे रहते है। कई बार नगर परिषद को इस बारे में अवगत कराया गया है लेकिन परिषद की ओर से कोई भी कार्रवाई नहीं की जा रही है। स्थानीय विधायक ने बद्दी को चंडीगढ़ की तर्ज पर विकसित करने की घोषणा की थी लेकिन वर्तमान में बद्दी का हाल तो पहले से भी बेकार हो गया है। अंधेरे के चलते बच्चे व महिलांएं शाम के समय घर से बाहर निकलने में असहज महसूस कर रहे है। 

    गुरमैल चौधरी  ने कहा कि सफाई का बूरा हाल है। नप ने जहां पर कूड़ादान रखे है वह भरे पड़े रहते है। लोग कूड़दान भरने के बाद उसके साथ ही ढेर लगाना शुरू कर देते है। इसे आवारा जानवर पूरे गलियों व बाजार में फैला रहे है। पूरा शहर गंदगी का अड्ढा बना हुआ है। पुरानी सब्जी मंडी व नए सब्जी मंडी में नियमित रूप से सफाई न होने से यहां पर सड़ी गली सब्जियों के चलते गंदगी फै ली हुई है। 

    दून भाजपा के महासचिव संजीव ठाकुर ने कहा कि फोरलेन बनने के बाद बस अड्ढे को सनसिटी रोड पर शिफ्ट कर दिया है। यहां पर यात्रयिों को बैठने के लिए  कोई  सुविधा नहीं है। शौचालय की भी यहां पर कोई व्यवस्था नहीं है। शाम होते ही यह बस अड्डा अंधेर में डूब जाता है। अब यह अड्डा से डेढ किमी दूरी पर होने से यात्रियों को अपने घर तक पहुंचने के लिए परेशानी उठानी पड़ रही है। टेंपू संचालक अपनी मन मर्जी से किराया वसूल रहे है। स्थानीय विधायक ने यहां पर मुद्रिका बस चलाने की बात कही थी लेकिन यह मात्र घोषणा बन कर ही रह गई है। इस मौके पर  जिला इकाई के सदस्य कृष्ण कौशल भी उपस्थित रहे। 
  • पंजाब : शॉर्ट सर्किट से गेहूं की फसल को लगी आग, देखें वीडियो

    अमृतसर : गांव नौशेरा कलां में आग लगने से गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। जानकारी के खेतों से गुजर रहे बिजली के तारों में शॉर्ट सर्किट होने के कारण यह हादसा हुआ। मीडिया को जानकारी देते हुए गांववासियों ने बताया कि नौशेरा कलां गांव में करीब 25 एकड़ गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। उन्होंने बताया कि बिजली के तारों के शॉर्ट सर्किट के कारण पूरी फसल जलकर नष्ट हो गई है।

    उन्होंने कहा कि यह सारी गलती बिजली विभाग के अधिकारियों की है। उन्होंने कहा कि आज हमारी छह माह से तैयार की फसल जल गई। साथ ही किसान नेता ने सरकार से कहा कि बिजली विभाग इसकी सुध ले। उन्होंने कहा कि दमकल की गाड़ियां भी मौके पर पहुंचीं। लेकिन तब तक पूरी फसल जल चुकी थी। हम प्रशासन से मांग करते हैं कि हमें फसल का मुआवजा दिया जाए।

    उन्होंने कहा कि आसपास के ग्रामीणों की कड़ी मेहनत के बाद आग पर काबू पाया गया, कोई जानी नुकसान नही हुआ। लेकिन आग लगने से फसल पूरी तरह जल गई है। किसानों ने कहा कि उन्हें सरकार से मुआवजे की उम्मीद नहीं है। लेकिन कम से कम इस घटना के लिए जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि बिजली विभाग के खिलाफ उचित कार्रवाई की जानी चाहिए।

  • जालंधरः सरेआम DC दफ्तर के सामने तेजधार हथियार के बल हुई लूट 

    जालंधर, ENS: लोकसभा चुनावों को लेकर एक ओर भारी मात्रा में पुलिस सड़कों पर तैनात होने के दावे कर रही है। दूसरी ओर लुटेरे सरेआम वारदातों को अंजाम देकर फरार हो रहे है। हैरानी की बात यह है कि लुटेरों तो वारदात को अंजाम देकर फरार हो रहे है, लेकिन इस मामले में पुलिस लुटेरों के खिलाफ कोई कार्रवाई ही नहीं कर रही है।

    ऐसा ही एक लूट का मामला डीसी दफ्तर के सामने से आया है। जहां 22 अप्रैल को अलसुबह 4 बजे बाइक सवार 3 लुटेरों ने 2 व्यक्तियों से नगदी और फोन छीन लिया। इस दौरान एक व्यक्ति पर किरपाण से हमला कर उसे घायल कर दिया। मंडी रोड़ प्रताप बाग के पास रहने वाले पीड़ित अनिल ने बताया कि वह 22 अप्रैल को अपने साथी प्रेम चंद्र के साथ कुल्लू से वापिस जालंधर आया था।

    जिसके बाद बस स्टैंड से ई-रिक्शा लेकर वह साथी प्रेम चंद्र के साथ घर जा रहा था। इस दौरान डीसी दफ्तर के सामने 21 अप्रैल को अलसुबह 4 बजे हथियारों से लैस बाइक सवार 3 लुटेरों ने उन्हें रोक लिया। अनिल ने बताया कि लुटेरों ने उसकी गर्दन पर किरपाण रख दी। जिसके बाद लुटेरे उससे और उसके साथी से नगदी और फोन छीन लिया। इस दौरान जाते समय लुटेरों ने उसे तेजधार हथियार से हमलाकर घायल कर दिया।

    पीड़ित ने आरोप लगाए है कि इस मामले को लेकर वह 21 अप्रैल से शिकायत दर्ज करवाने के लिए थाना बारादरी पुलिस स्टेशन के चक्कर काट रहे है। लेकिन 3 दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस ने अभी तक एफआईआर दर्ज नहीं की है। बता दें कि यह पहला मामला नहीं है।

    इससे पहले आज सुबह अवतार नगर की गली नंबर 2 से 7वीं कक्षा के बच्चे के लापता होने का मामला एनकाउंटर न्यूज ने प्रकाशित किया था। मां का आरोप है कि एक सप्ताह पहले सुबह 7 बजे से उसका बेटा लापता हो गया है। लेकिन इस मामले को लेकर वह पुलिस को फोन भी कर चुकी है और थाने में जाकर शिकायत भी दे चुकी है, लेकिन एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी ना तो बच्चे का कुछ पता चला है और ना ही एक सप्ताह हो जाने के बावजूद पुलिस घटना स्थल पर जाकर सीसीटीवी फुटेज की जांच करने के लिए गई है।

    पीड़ित मां का कहना है कि पुलिस का फोन आता है और पूछते है कि आपका बच्चा मिल गया। पीड़ित मां ने कहा कि उसे जहां कहीं भी बच्चे की सूचना मिलती है वह खुद उसे ढूंढने के लिए जा रही है। पीड़ित मां अब तक अवतार नगर से लेकर डेरा बाबा मुराद शाह तक बेटे को खुद ही ढूंढने के लिए जा चुकी है, लेकिन अभी तक उसका बेटा नहीं मिला है।