Blog

  • विदेश मंत्रालय के बाहर बम धमाके में 20 की मौत

    विदेश मंत्रालय के बाहर बम धमाके में 20 की मौत

    काबुलः अफगानिस्तान के काबुल में तालिबान के विदेश मंत्रालय के प्रवेश द्वार पर बम विस्फोट होने की खबर है। इस हमले में 20 से ज्यादा लोगों के मारे जाने की खबर है। सूत्रों के मुताबिक, धमाके के वक्त तालिबान और चीनी अधिकारियों के बीच बैठक चल रही थी।

    जानकारी मिली है कि विदेश मंत्रालय के पास एक आत्मघाती हमलावर ने ये विस्फोट किया, जिससे 20 से अधिक लोगों की मौत हो गई। AFP के स्टाफ मैंबर जमशेद करीमी ने कहा कि मुझे नहीं पता कि उनमें से कितने लोग मारे गए या घायल हुए। मैंने देखा कि आदमी ने खुद को उड़ा लिया। काबुल पुलिस के प्रवक्ता खालिद जादरान ने विस्फोट की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा दल मौके पर पहुंच गए हैं।

    इससे पहले 1 जनवरी को काबुल के सैन्य हवाई अड्डे पर एक जांच चौकी के पास हुए बम विस्फोट में कई लोग मारे गए। नए साल पर हुए इस धमाके में कई लोग घायल भी हुए। इस्लामिक स्टेट ने 2021 में तालिबान के सत्ता पर काबिज होने के बाद से हमले बढ़ा दिए हैं।

  • पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड के चेयरमैन ने दिया इस्तीफा 

    पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड के चेयरमैन ने दिया इस्तीफा 

    चंडीगढ़ः पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ योगराज ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। डॉक्टर योगराज ने आज सरकार को अपना इस्तीफा भेज दिया। उल्लेखनीय है कि पंजाब सरकार बदलने के बाद कई बोर्ड के अध्यक्षों ने इस्तीफे दिए थे। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक अब पंजाब सरकार ने शिक्षा बोर्ड के चेयरमैन के इस्तीफे की मांग की थी, जिसके बाद उन्होंने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। बोर्ड के चेयरमैन सरकार के आदेश तक अपना काम जारी रखेंगे।

  • अवैध खनन गतिविधियों पर नकेल कसने के लिए उठाए जा रहे कड़े कदम: मुकेश अग्निहोत्री

    अवैध खनन गतिविधियों पर नकेल कसने के लिए उठाए जा रहे कड़े कदम: मुकेश अग्निहोत्री

    उप-मुख्यमंत्री ने घालूवाल में किया जन समस्याओं का निपटारा

    ऊना/सुशील पंडित : उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने आज घालूवाल में लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकांश समस्याओं का मौके पर ही समाधान भी किया। उन्होंने इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ क्षेत्र से संबंधित विभिन्न मामलों की समीक्षा भी की। इस दौरान उप-मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 5 वर्षों में खनन माफिया काफी सक्रिय रहा है और इन गतिविधियों पर पूर्ण रूप से नकेल कसना सरकार की प्राथमिकता है। अवैध खनन पर रोक लगाने और नशीले पदार्थों के खिलाफ शीघ्र ही एक निर्णायक अभियान शुरू किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को खनन माफिया पर भी कड़ी नज़र रखने तथा नशे की रोकथाम के प्रति जागरूकता अभियान चलाने और इस तरह के मामलों को पड़ोसी राज्यों से भी उठाने के निर्देश दिए।

    मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि स्वां नदी के तटीयकरण पर 1500 करोड़ रुपयेे व्यय किए गए हैं और इसे नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विभागीय अधिकारी पेयजल स्त्रोतों से संबंधित किसी भी सरकारी सम्पति को हानि पहुंचाने संबंधी मामलों की भी तुरंत सूचना दें और आवश्यक कार्रवाई भी अमल में लाएं।  उप-मुख्यमंत्री ने कहा कि बीत क्षेत्र में लगभग 80 करोड़ रूपये की सिंचाई योजना निर्मित की जाएगी, जिसके लिए उन्होंने अधिकारियों को शीघ्र डीपीआर तैयार करने के निर्देश दिए तथा पेयजल स्त्रोतों की वस्तुतः स्थिति से अवगत करवाने को कहा। मुकेश अग्निहोत्री ने लोक निर्माण विभाग को प्रदेश के सबसे लंबे हरोली-रामपुर पुल पर तय समय अवधि के भीतर सोलर लाईट लगाने का कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने पंडोगा-त्यूड़ी प्रस्तावित पुल की भी डीपीआर तैयार करने के निर्देश दिए।

    उन्होंने कहा कि शीघ्र ही हरोली में आधुनिक कॉलेज बनकर तैयार होगा। उन्होंने कहा कि हरोली स्वास्थ्य संस्थान में चिकित्सीय सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ किया जाएगा। इस अवसर पर उपायुक्त राघव शर्मा, एसपी अर्जित सेन, प्रदेश कांग्रेस सचिव सतीश बिट्टू, अशोक ठाकुर, जिला प्रधान रणजीत राणा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विनोद बिट्टू, युवा कांग्रेस अध्यक्ष प्रशांत राय, प्रदेश महिला मोर्चा सचिव सुभद्रा देवी के अतिरिक्त अन्य पदाधिकारी तथा गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

  • जांलधरः Kotak Mahindra Bank में लाखों की लूट

    जांलधरः Kotak Mahindra Bank में लाखों की लूट

    जालंधर, वरुण/हर्ष: जिले के हजारा गांव से बड़ी ख़बर सामने आई है। घटना होशियारपुर रोड पर स्थित हजारा गांव में 2 लुटेरों ने शाम 5 बजे के करीब कोटक मोहिंद्रा बैंक में वारदात को अंजाम दिया। सूत्रों मिली जानकारी के मुताबिक लुटेरों ने बैंक में लूट दौरान हवा में फायर भी किए है। बताया जा रहा है कि लुटेरे बैंक से 9 लाख रुपए लूटकर फरार हो गए है। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी टीम सहित मौके पर पहुंच गए और मामले की जांच में जुट गए है।

    वहीं बैंक कर्मियों का कहना है कि शाम करीब 5 बजे 2 लुटेरे बैंक के अंदर आए और आते ही हवाई फायरिंग शुरू कर दी तथा कैश काऊंटर से करीब 9 लाख रुपए की नकदी उड़ाकर फरार हो गए। घटना के बाद बैंक कर्मियों तथा इलाके के लोगों में दहशत का माहौल पाया जा रहा है। 

    वारदात दौरान आरोपी सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। हालांकि सीसीटीवी की फुटेज में आरोपी का चेहरा ढका होने कारण तस्वीर साफ नहीं हो पा रही। लेकिन पुलिस ने बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों के आधार पर कार्रवाई शुरू कर दी है और फुटेज को कब्जे में ले लिया है।

  • बड़ा झटका : महंगा हुआ ऑटो-टैक्‍सी का सफर

    बड़ा झटका : महंगा हुआ ऑटो-टैक्‍सी का सफर

    नई दिल्‍ली: राजधानी दिल्‍ली में रहने वाले लोगों को अब कहीं आने-जाने के लिए ज्‍यादा पैसे खर्च करने होंगे। अरविंद केजरीवाल सरकार ने नई दिल्‍ली में ऑटो और टैक्सी के किराए में इजाफा कर दिया है। ऑटो-रिक्शा के लिए शुरुआती दूरी के लिए न्यूनतम किराया 25 रुपये से बढ़ाकर 30 रुपये कर दिया गया है। इस सीमा के बाद हरेक किलोमीटर पर किराये को 9.50 रुपये से बढ़ाकर 11 रुपये कर दिया गया है।

    एक रिपोर्ट के अनुसार, नॉन एसी टैक्सियों में सफर करने वाले यात्रियों को अब न्यूनतम 40 रुपये किराये के बाद प्रति किलोमीटर 17 रुपये के हिसाब से किराया देना होगा। पहले यह किराया 14 रुपये प्रति किलोमीटर था। एसी टैक्सी के किराए में भी अब 4 रुपये का इजाफा कर दिया गया है। पहले प्रति किलोमीटर किराया 16 रुपये था, जिसे अब बढ़ाकर 20 रुपये प्रति किमी कर दिया गया है।

    नाइट चार्ज में कोई वृद्धि नहीं 

    ऑटो के लिए नाइट चार्ज 25 फीसदी है। सरकार ने इसमें इजाफा नहीं किया है। नाइट चार्ज 11 बजे के बाद सुबह के 5 बजे तक लगता है। वेटिंग चार्ज, जो वर्तमान में 30 रुपये है, 15 मिनट के ठहरने के बाद 1 रुपये प्रति मिनट के हिसाब से लिया जाएगा और अतिरिक्त सामान शुल्क 10 रुपये से बढ़ाकर 15 रुपये कर दिया गया है।

    सीएनजी की कीमतों में हुई भारी बढ़ोतरी

    2020 में कंप्रेस्ड नेचुरल गैस (CNG) का रेट 47 रुपये था, जो अब बढ़कर राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली में 78.61 रुपये प्रति किलोग्राम हो गया है. सीएनजी की कीमतों में वृद्धि होने से ऑटो और टैक्‍सी यूनियन कई दिनों से किराए में इजाफा करने की मांग सरकार से कर रही थी। दिल्ली के परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत को किराए में बढ़ोतरी के लिए ऑटोरिक्शा और टैक्सी यूनियनों ने कई बार ज्ञापन दिया था। सीएनजी की बढ़ती कीमत, ऑटोरिक्शा और टैक्सी की लागत और रख-रखाव खर्च में बढ़ोतरी और ऑटोरिक्शा और टैक्सी चालकों की शुद्ध कमाई को प्रभावित करने वाले कई अन्य कारणों पर विचार करके किराए की समीक्षा करने के लिए पिछले साल मई में 13 सदस्यों की एक समिति बनाई गई थी। 

  • Talwara: चाइना डोर सहित 2 गिरफ्तार

    Talwara: चाइना डोर सहित 2 गिरफ्तार

    तलवाड़ा (सोनू थापर)। दसूहा थाना पुलिस व तलवाड़ा पुलिस ने चाइना डोर सहित दो लोगों को गिरफ्तार किया है। थाना दसूहा पुलिस ने भारी मात्रा में चाइना डोर बरामद करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान शाम लाल निवासी वार्ड नंबर 11 दसूहा के रूप में हुई है। एएसआई सतनाम सिंह ने साथी कर्मचारियों के साथ मुखबिर की निशानदेही पर चाइना डोर के 1124 गट्टू बरामद करते हुए उक्त आरोपी को गिरफ्तार किया है। इसी तरह एक अन्य मामले में तलवाड़ा थाना के एएसआई रणवीर सिंह ने मुखबिर की सूचना पर 35 गट्टू चाइना डोर बरामद करते हुए गांव भटेड़ निवासी राधे शाम शर्मा को गिरफ्तार किया है।

  • अचानक ठप्प हुई विमान सेवा, बड़ी संख्या में एयरपोर्ट पर फंसे यात्री, जानें मामला

    अचानक ठप्प हुई विमान सेवा, बड़ी संख्या में एयरपोर्ट पर फंसे यात्री, जानें मामला

    वाशिंगटनः अमेरिका में बुधवार को सभी उड़ानें रद्द कर दी गई। इसके पीछे फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन के कंप्यूटर सिस्टम में गड़बड़ी का कारण बताया गया है। अमेरिकी मीडिया के मुताबिक, पूरे अमेरिका में सभी उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। जानकारी के अनुसार, अमेरिका में बुधवार सुबह साढ़े पांच बजे तक 400 से अधिक उड़ानें देर से रवाना हुई थी।


    सिस्टम को ठीक करने में जुटा एफएए

    अमेरिकी फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन ने कहा कि वह अपने नोटिस टू एयर मिशन सिस्टम को बहाल करने के लिए काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि हम अंतिम सत्यापन जांच कर रहे हैं और सिस्टम को अभी पुनः लोड कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि नेशनल एयरस्पेस सिस्टम में संचालन प्रभावित हैं। बता दें कि NOTAM (Notice to Air Missions) एक नोटिस है, जिसमें उड़ान संचालन से संबंधित कर्मियों के लिए आवश्यक जानकारी होती है।

    बड़ी संख्या में यात्री एयरपोर्ट पर फंसे

    अमेरिका में उड़ान सेवाओं के ठप होने की वजह से सभी उड़ान सेवाओं पर असर पड़ा है। इससे बड़ी संख्या में यात्री एयरपोर्ट पर फंस गए हैं। तकनीकी गड़बड़ी की वजह से 1000 से ज्यादा उड़ान सेवाएं प्रभावित हुई हैं। 

    सोशल मीडिया पर फूटा यात्रियों का गुस्सा

    बता दें कि एफएफए ने कहा कि तकनीशियन सिस्टम को बहाल करने के लिए काम कर रहे हैं। अमेरिका में अचानक सिस्टम के फेल होने से यात्रियों पर काफी असर पड़ा है। अमेरिकी यात्रियों द्वारा सोशल मीडिया पर इसको लेकर लगातार लिखा जा रहा है।

    एयर ट्रैफिक ने जारी की एडवाइजरी

    इसके अलावा, एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम कमांड सेंटर ने भी एडवाइजरी जारी की है कि अमेरिकी NOTAM प्रणाली विफल हो गई है। उन्होंने बताया, ‘यूनाइटेड स्टेट्स NOTAM सिस्टम 2028Z में विफल हो गया। इसमें कोई नई अपडेट्स नहीं आई है।’ उन्होंने कहा कि तकनीशियन वर्तमान में सिस्टम को पुनर्स्थापित करने के लिए काम कर रहे हैं और इस समय सेवा को कब तक बहाल किया जाएगा, इसके बारे में सटीक अनुमान लगाना मुश्किल है।

  • राष्ट्रीय एकता शिविर के छठे दिन अपने अपने राज्यों के सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए

    राष्ट्रीय एकता शिविर के छठे दिन अपने अपने राज्यों के सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए

    ऊना/सुशील पंडित : हिमाचल प्रदेश के जिला ऊना की कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के तहत पडते राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रायपुर मैदान में बुधवार को जिला ऊना के स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ हरजिंद्र सिंह ने शिरकत की तथा स्वयंसेवियों को एनएसएस स्वयंसेवियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया। सहायक प्रो  डॉ बलबिन्दर सिंह ने  राष्ट्रीय एकता शिविर में भाग ले रहे स्वयंसेवियों को एन एस एस शिविर के प्रति जागरूक किया।
    इस सात दिवसीय शिविर के छठे दिन बुधवार  को केरला से आए स्वयंसेवियों ने केरला का मशहूर कोल कली नृत्य प्रस्तुत किया और उस नृत्य के माध्यम से केरला की कला सांस्कृतिक को भी जागरूक किया।

    विभिन्न राज्यों से आए हुए स्वयं सेवियों को तीन  शिविर के दौरान रायपुर मैदान,दोवड,बडोहर गांवों का औचक निरीक्षण किया तथा बहां के लोगों को अपने अपने राज्यों की सांस्कृतिक पृष्टभूमि के बारे में बताया। वहीं पर इन दिनों गांवों में आंखों के निःशुल्क चिकित्सा शिविर भी आयोजित किया गया।  सामूहिक राष्ट्रीय समस्याओं को प्रमुखता से नाटकों के माध्यम से जागरूक किया।

    राष्ट्रीय एकता शिविर के संचालक नरदेव सिंह राणा ने जानकारी देते हुए बताया  कि यह सात दिवसीय राष्ट्रीय एकता शिविर का आयोजन हिमाचल प्रदेश शिक्षा निर्देशालय शिमला के निदेशक डॉ अमरजीत सिंह की अध्यक्षता में हर दिन अलग अलग राज्यों से आए हुए स्वयं सेवियों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। स्वयं सेवियों द्वारा बुधवार को फोक डांस सहित अपने अपने राज्यों की कला सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।

    इस मौके पर स्थानीय पंचायत के पूर्व प्रधान मोहन लाल, पूर्व उप प्रधान सुखदेव सिंह परमार, पूर्व प्रधानाचार्य योगराज भारद्वाज,मंदली स्कूल के प्रधानाचार्य देवेन्द्र चोहान,एन एस एस अधिकारी एच एल शर्मा,एन एस एस प्रभारी पवन कुमार सहित अन्य स्कूल स्टाफ सदस्य सहित अन्य राज्यों से आए हुए एन एस एस प्रभारी सहित अन्य लोग भी मौजूद रहे।

  • आंखों के रास्ते मन में पहुंचता है पाप: गणेश दत्त शास्त्री 

    आंखों के रास्ते मन में पहुंचता है पाप: गणेश दत्त शास्त्री 

    वदोली में चल रही श्रीमद् भागवत कथा के चौथे दिन श्री कृष्ण जन्म पर झूमे श्रद्धालु

    ऊना/ सुशील पंडित : जिला ऊना के गांव वदोली में चल रही चौथे दिन की श्रीमद् भागवत कथा में भगवान की अपार लीलाओं और प्रभु श्री राम व श्री कृष्ण का जन्म दिवस के बारे बताया गया। इस अवसर पर समस्त वदोली वासियों के तत्वाधान में गांव के ठाकुरद्वारा मंदिर के प्रांगण में हो रही श्रीमद् भागवत ज्ञान गंगा के चौथे दिन प्रभु श्री राम के जन्मोत्सव के साथ कथा का शुभारम्भ हुआ। भगवान श्री राम के जन्म और उनके जीवन चरित्र का बखान करते हुए कथा व्यास गणेश दत्त शास्त्री जी ने कहा कि भगवान राम का जीवन चरित्र हमें सिखाता है कि मित्रों के साथ मित्र जैसा, माता-पिता के साथ पुत्र जैसा, सीता जी के साथ पति जैसा, भाइयों के साथ भाई जैसा, सेवकों के साथ स्वामी जैसा, गुरू के साथ शिष्य जैसा व्यवहार कैसे किया जाता है। जो भगवान राम के जीवन चरित्र को अपने जीवन में चरितार्थ करेगा उसके सभी कष्ट दूर हो जाएंगे। राम राज्य में मनुष्य के अतिरिक्त जीव-जंतु में परपस्पर प्रेम और सद्भाव से रहते थे। इस दौरान प्रभु राम का जन्म, वन गमन, लंका दहन,राम-जानकी विवाह का प्रसंग भी सुनाया गया।

    इस दौरान श्री कृष्ण जन्मोत्सव बड़े ही धूमधाम से मनाया गया। कथा में जैसे ही श्री कृष्ण प्रसंग आया पूरा पंडाल हाथी घोड़ा पालकी जय कन्हैया लाल के जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने बाल स्वरूप श्री कृष्ण के दर्शन किए और व्यास पीठ पर विराजित कथा व्यास गणेश दत्त शास्त्री जी ने कान्हा को व्यास पीठ पर दुलारा। कथा व्यास ने श्री कृष्ण प्रसंग सुनाते हुए कृष्ण की बाल लीलाओं का वर्णन करते हुए कहा कि कंस के अत्याचारों के कारण ही उसने अभिमान और अनीति पूर्वक राज करने के लिए अपने पिता उग्रसेन को बंदी बना लिया था। आकाशवाणी से अपनी भावी मृत्यु का संकेत पाकर उसने अपनी बहन देवकी और बहनोई वासुदेव को बंदी बनाकर कारागार में डाल दिया। वहां एक-एक करके उनके छह पुत्रों की हत्या कर दी। सातवें गर्भ में खुद शेषनाग के आने पर योग माया ने उनको माता देवकी के गर्भ से निकालकर वासुदेव की पहली पत्नी माता रोहणी के गर्व में स्थापित कर दिया। भगवान ने आठवीं संतान के रूप में जन्म लिया। 

    कथा व्यास गणेश दत्त शास्त्री ने रसास्वादन करवाते हुए कहा कि भाद्रपद कृष्ण अष्टमी तिथि की आधी रात को मथुरा के कारागार में वासुदेव की पत्नी देवकी के गर्भ से भगवान श्रीकृष्ण ने जन्म लिया था। द्वापर युग में श्रीकृष्ण ने बुधवार के दिन रोहिणी नक्षत्र में जन्म लिया था। अष्टमी तिथि को रात्रिकाल अवतार लेने का प्रमुख कारण उनका चंद्रवंशी होना है। श्रीकृष्ण चंद्रवंशी, चंद्रदेव उनके पूर्वज और बुध चंद्रमा के पुत्र हैं। इसी कारण चंद्रवंश में पुत्रवत जन्म लेने के लिए कृष्ण ने बुधवार का दिन चुना है। अष्टमी तिथि शक्ति का प्रतीक है, श्रीकृष्ण शक्ति संपन्न, स्वमंभू व परब्रह्म हैं इसलिए वो अष्टमी को अवतरित हुए। 

  • बड़ा झटकाः आईपीएल 2023 से बाहर हुआ ये दिग्गज खिलाड़ी

    बड़ा झटकाः आईपीएल 2023 से बाहर हुआ ये दिग्गज खिलाड़ी

    नई दिल्लीः भारतीय क्रिकेट टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज और आईपीएल फ्रेंचाइजी दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान ऋषभ पंत आईपीएल 2023 से बाहर हो गए हैं। इसकी पुष्टि दिल्ली कैपिटल्स डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट सौरव गांगुली ने की। पंत बीते महीने 30 दिसंबर को कार दुर्घटना में बुरी तरह घायल हो गए थे। पंत फिलहाल मुंबई में हैं, जहां कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में उनक इलाज किया जा रहा है। बीते दिनों उनके घुटने का सफल ऑपरेशन किया गया। विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत को फिट होने में कम से कम 6 महीने का वक्त लगेगा। आईपीएल 2023 में ऋषभ पंत की अनुपस्थिति के चलते दिल्ली कैपिटल्स को नए कप्तान की तलाश है।

    पंत आईपीएल 2023  से बाहर

    दिल्ली कैपिटल्स के डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट सौरव गांगुली ने कोलकाता में पत्रकारों से बात करते हुए कहा, ऋषभ पंत आईपीएल 2023 के लिए उपलब्ध नहीं होंगे। मैं दिल्ली कैपिटल्स के संपर्क में हूं। यह एक शानदार आईपीएल होगा। हम अच्छा करेंगे। ऋषभ पंत की चोट दिल्ली कैपिटल्स की टीम को प्रभावित करेगी। बीसीसीआई अध्यक्ष पद से हटने के बाद सौरव गांगुली ने दिल्ली कैपिटल्स से डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट की जिम्मेदारी संभाली है।

    दिल्ली से रुड़की जा रहे थे पंत

    दुबई से क्रिसमस सेलिब्रेट कर लौटे ऋषभ पंत 30 दिसंबर को दिल्ली से रुड़की जा रहे थे। इस दौरान मोहम्मदपुर जट के पास उनकी कार डिवाइडर से टकरा गई और उसमें आग लग गई। इस दर्दनाक हादसे में पंत बुरी तरह घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के लिए उन्हें पहले रुड़की के हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया बाद में उन्हें देहरादून के मैक्स हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया। जहां उनका शुरुआती इलाज हुआ। इस दौरान उनके शरीर के कुछ भागों की प्लास्टिक सर्जरी भी की गई। इसके बाद घुटने के ऑपरेशन के लिए उन्हें मुंबई रेफर कर दिया गया। बीसीसीआई ने मेडिकल रिपोर्ट के हवाले से कहा था कि पंत के पैर, पीठ, कलाई और अंगूठे में गहरी चोट है। उनके दाहिने पैर लिगामेंट फट गया है।