ऊना/सुशील पंडित:ऊना पुलिस की एसआईयू टीम ने संतोषगढ़ स्वां नदी के पास 10.10 ग्राम चिट्टे सहित पंजाब के एक युवक को काबू किया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार बीती शाम एस0आई0यू0 ऊना के मुलाजिमों ने मादक पदार्थ तथा यातायात चैकिंग के लिए सन्तोषगढ़ में स्वां नदी के साथ शमशान घाट के पास नाकाबंदी कर रखी थी। एक मोटर साईकल तेज रफ्तार से आया व सामने पुलिस पार्टी को देखकर घबरा गया और मोटर साईकल सहित पीछे मुड़ कर भागने की कोशिश करने लगा। जिसे पुलिस पार्टी ने काबू किया व शक के आधार पर तलाशी लेने पर 10.10 ग्राम हैरोईन/ चिटटा बरामद किया गया। आरोपित को तुरंत प्रभाव से गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपित युवक की पहचान कृष्ण सोनी निवासी मैदा माजरा नंगल, जिला रुपनगर (पंजाब) के रूप में हुई है। इस संबंध में जानकारी देते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव भाटिया ने बताया कि आरोपित युवक के विरुद्ध मादक द्रव्य अधिनियम के तहत थाना ऊना सदर में मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
Blog
-

घर से करीब 204 बोतल अवैध शराब बरामद
ऊना /सुशील पंडित: पुलिस थाना बंगाणा के अंतर्गत आते गांव छपरोह में एक घर से करीब 204 बोतल अवैध शराब बरामद की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस थाना वंगाणा के मुलाज़िमों ने यातायात चैकिंग के लिए छपरोह में नाकाबंदी कर रखी थी तो गुप्त सूचना के आधार पर एक व्यक्ति के घर की तलाशी लेने पर 180 बोतल शराब देसी व 24 बोतल शराब अंग्रेजी की बरामद की गई।आरोपित व्यक्ति की पहचान मुनीष कुमार निवासी दुलैहड़ी राजपुतां, डा0 मन्दली, तहसील बंगाणा जिला ऊना हि0प्र0 के रूप में हुई है। आरोपित के विरुद्ध एचपी आबकारी अधिनियम के तहत थाना वंगाणा में मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। -

पंजाबः इस जिले में बाइक सवार हमलावारों ने व्यक्ति पर चलाई गोलियां
अमृतसरः जिले के थाना सुल्तानविंड के अधीन आते डायमंड एवन्यू से बड़ी खबर सामने आई है। जहां बाइक सवार दो अज्ञात व्यक्तियों द्वारा गोलियां चलाई गई। इस दौरान एक्टिवा सवार व्यक्ति को गोली लगी। घायल व्यक्ति की पहचान परमिंदर सिंह के रूप में हुई है। घायल व्यक्ति को अमृतसर के निजी अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती करवाया गया। है। वहीं घटना को अंजाम देने के बाद हमलावार मौके से फरार हो गए।मामले की जानकारी देते हुए एएसआई राज कुमार ने बताया कि उन्हें गोलियां चलने की सूचना मिली है। जिसके तहत वह घटना स्थल पर जांच के लिए पहुंचे है। एएसआई ने कहा कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है।
-

पंजाबः 48 घंटे में सुलझी ब्लाइंड मर्डर केस की गुत्थी, बाप-बेटा गिरफ्तार, चौकाने वाला हुआ खुलासा
तरनतारनः पुलिस ने 48 घंटे में शहर में हुए ब्लाइंड मर्डर को सॉल्व कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी बाप-बेटा हैं। पुलिस द्वारा पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि ये कत्ल उन्होंने पैसों के लेनदेन को लेकर ही किया है। पुलिस ने हत्या में प्रयोग की गई ईंट को भी जब्त कर लिया है।
पकड़े गए दोनों बाप-बेटे की पहचान बलजीत सिंह व सुखनंदन सिंह निवासी सरली कलां के तौर पर हुई है। बलजीत सिंह मृतक को पहले से जानता था। इनका पुराना 19 हजार रुपए का लेन-देन चल रहा था। जिसके बाद दोनों के बीच तकरार शुरू हो गया। आरोपियों ने पुलिस को जानकारी दी कि घटना की रात दोनों ने मृतक का पीछा किया था। पैसों को लेकर तकरार शुरू हो गया और दोनों नीचे गिर गए। पास पड़ी ईंट को आरोपियों ने उठाया और बार-बार मृतक के सिर पर वार किया। अधमरा छोड़ आरोपी वहां से चले गए।
एसएसपी विशालजीत सिंह ने बताया कि 17 मई को तरनतारन के गांव सरली के करीब एक कत्ल किया गया था। मृतक की पहचान गांव तख्तूचक निवासी महंगा सिंह के तौर पर हुई। पुलिस ने पत्नी के बयानों पर मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी। इस दौरान पत्नी ने बताया कि मृतक अपने मोटरसाइकिल PB08-EE-2244 पर सवार होकर घर से काम पर गया था, लेकिन बाद में एक्सीडेंट की सूचना घर पहुंची। अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। टेक्नीकल तरीके से जांच में पुलिस को दोनों आरोपियों पर शक हो गया। पुलिस ने जब जांच शुरू की तो आरोपियों पर शक गया और सख्ती पर पूछने पर दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
-

राष्ट्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक (नाबार्ड) ने विश्व मधुमक्खी दिवस मनाया
ऊना/ सुशील पंडित: राष्ट्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक (नाबार्ड) द्वारा शनिवार को पीएनबी आरसेटी के परिसर मे विश्व मधुमक्खी दिवस मनाया गया जिसमें जिले के करीब 40 मधुमक्खी पालकों ने भाग लिया। कार्यक्रम मे विशेष रूप से उद्यान विभाग से डिप्टी डायरेक्टर संतोष के बक्शी ने शिरकत की व विशेष रूप से नाबार्ड के जिला विकास प्रबंधक सबरीना राजवंशी, कांगड़ा बैंक से विनोद कुमार,ग्रामीण बैंक से नितिन जयसवाल उपस्तित रहे। कार्यक्रम का मुख्या उद्देश्य मधुमक्खी पालकों को बैंक के साथ जोड़ कर लोन दिलवाने व उनके काम मे बढ़ोतरी करवाने का रहा नाबार्ड के जिला प्रबंधक एवं हिमाचल प्रदेश ग्रामीण बैंक व कांगड़ा सहकरी बैंक द्वारा करीब 10 मधुमक़खी पालकों को करीब 16 लाख रुपए के लोन स्वीकृति पत्र दिए गए।
कार्यक्रम में मुख्यअतिथि संतोष के बक्शी ने मधुमक्खी पालकों के बीच मधुमक्खी पालन के वैज्ञानिक ज्ञान को उन्नत करने के लिए “उत्पादन प्रौद्योगिकी और वैज्ञानिक मधुमक्खी पालन के अनुसंधान तथा विकास- अनुभव साझेदारी व चुनौतियां” एवं “विपणन चुनौतियां और समाधान पर चर्चा की गईं ।नाबार्ड के जिला प्रबंधक सबरीना राजवंशी ने मधुमक्खी पालकों को ज्यादा से ज्यादा बैंक के साथ जुड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा की बैंक से मधुमक्खी पालक लोन लेकर अपना काम करें और आय अर्जित करें। इस अवसर पर कांगड़ा सहकारी बैंक वंगाणा के बैंक प्रबंधक विनोद पाल सिंह, स्टेट बैंक ऑफ़ इंडिया के प्रबंधक अंजनी शर्मा,पंजाब नेशनल बैंक ऊना के प्रबंधक हितेषी,यूको बैंक नीतीश परमार, बैंक ऑफ़ महाराष्ट्र मंजीत कुमार,नवज्योति यूथ वेलफेयर सोसायटी के संस्थापक बलराम महे, अध्यक्ष नवीन कुमार, ललिता शर्मा मनीष कुमार, अनीश, मनोज कुमार सहित गणमान्य लोग उपस्थित रहे
-

20 लाख से बनेगा बंगाणा स्कूल में स्टेडियम, जल्द होगा काम शुरू
ऊना/सुशील पंडित: उपमण्डल बंगाणा के राजकीय बरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बंगाणा के खेल मैदान निर्माण के लिए कुटलैहड़ के विधायक देवेन्द्र भुट्टो के अथक प्रयासों से 20 लाख की धनराशि स्वीकृत हुई है। उसके लिए स्कूल स्टाफ के साथ स्कूल प्रवंधन समिति के अध्यक्ष विपन साजन व समस्त सदस्यों ने विधायक देवेन्द्र भुट्टो का आभार प्रकट किया है। प्रवंधन समिति के अध्यक्ष विपन साजन ने कहा कि बंगाणा स्कूल में 600 से ज्यादा बच्चे शिक्षा ग्रहण करने के लिए आते है। बंगाणा वाज़ार व आसपास के युवा स्कूल मैदान में खेलों का अभ्यास करते हैं। लेकिन बरावर खेल मैदान न होने कर कारण युवा वर्ग और स्कूली छात्रों को खेलों की प्रैक्टिस करने में समस्या उत्पन्न होती थी। इस समस्या को लेकर स्कूल प्रवंधन समिति के अध्यक्ष विपन साजन व स्कूल स्टाफ विधायक भुट्टो से मिला था और उन्होंने जल्द समस्या के समाधान करने की बात कही थी।
अब बंगाणा स्कूल के खेल मैदान के लिए 20 लाख की धनराशि स्वीकृत करवा दी है। उसके लिए स्कूल प्रवंधन समिति स्कूल स्टाफ विधायक देवेन्द्र भुट्टो का आभार प्रकट करता है। बिपन साजन ने कहा कि स्कूल में इंडोर स्टेडियम बनाने के लिए स्कूल के पास प्रयाप्त भूमि उपलब्ध है और स्कूल के साथ साइंस भवन के पीछे इंडोर स्टेडियम का निर्माण हो सकता है।साजन ने कहा कि बंगाणा स्कूल में बन रहे साइंस भवन का निर्माण भी अधर में लटका हुआ था। इस समस्या को भी हमने विधायक महोदय के पास रखा था। उन्होंने तत्काल साइंस भवन बंगाणा के निर्माण के लिए करीब 60 लाख की धनराशि स्वीकृत करवाकर साइंस भवन का निर्माण कार्य प्रगति पर करवाया था। उसके लिए भी स्कूल प्रवंधन समिति व स्कूल स्टाफ विधायक का आभार प्रकट करता है।
-

International बास्केटबॉल खिलाड़ी रही किरण अजीत का निधन
चंडीगढ़: हॉकी वर्ल्ड कप-1975 जीतने वाली भारतीय टीम के कप्तान रहे ओलंपियन अजीत पाल सिंह और पद्मश्री की पत्नी अंतरराष्ट्रीय बास्केटबॉल खिलाड़ी किरण अजीत पाल सिंह का निधन हो गया है। किरण अजीत पाल सिंह जिनकी उम्र 69 वर्ष थी, का आज नई दिल्ली में निधन हो गया। वह कुछ समय से बीमार थीं। किरण अजीत पाल सिंह का अंतिम संस्कार कल यानि रविवार को नई दिल्ली में किया जाएगा। वह अपने पीछे अपने पति और दो बेटों को छोड़ गई हैं। किरण अजीत पाल सिंह बास्केटबाल खेल में किरण ग्रेवाल के तौर पर जानी जाती थी। उनका पैतृक गांव ललतों कलां (लुधियाना) था। उनका जन्म नई दिल्ली में ही हुआ।

यहीं से ही पढ़ाई की और फिर बास्केटबाल खेला। अजीत पाल सिंह हॉकी के मक्का के तौर पर जाने जाते गांव संसारपुर के रहने वाले हैं। वह परिवार समेत लम्बे समय से नयी दिल्ली में ही रह रहे थे। जिसको लेकर पंजाब सरकार के कैबिनेट मंत्री गुरमीत सिंह मीत हेयर ने शोक जताया है। उन्होंने कहा कि बास्केटबॉल खिलाड़ी किरण अजीत पाल सिंह के निधन का समाचार सुनकर दुख हुआ। दिवंगत आत्मा को शांति मिले और शोक संतप्त परिवार को सहन करने की शक्ति मिले। वहीं शिअद प्रधान सुखबीर सिंह बादल ने भी फेसबुक पोस्ट डालते हुए किरण अजीत पाल सिंह के देहांत पर दुःख व्यक्त किया और परमात्मा से उनकी आत्मा की शांति के लिए अरदास की और परिवार को इस क्षति को सहन करने की शक्ति देने के लिए भी प्रार्थाना की।
-

रूद्रा इंटरनेशनल स्कूल बसाल में पर्यावरण की सुरक्षा हेतु पौधारोपण करवाया
ऊना/सुशील पंडित: रूद्रा इंटरनेशनल स्कूल बसाल में पर्यावरण की सुरक्षा हेतु पौधारोपण करवाया गया। इस मौके पर वन मंडल ऊना से डिप्टी रेंजर राजेश कुमार और वनरक्षक पिंकी रानी, कुलदीप कुमार के साथ पहुंचे और बच्चों को पर्यावरण संबंधी जानकारी प्रदान की। वहीं वन विभाग से डिप्टी रेंजर राजेश कुमार ने स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों को पर्यावरण संबंधी व प्रधानमंत्री उज्ज्वल योजना के बारे में विस्तार पूर्वक जानकारी दी। उन्होंने वृक्षों के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि वृक्ष हमारे जीवन का आधार हैं और इनके बिना जीवन की कल्पना भी नहीं कर सकते। उन्होंने स्कूली बच्चों को प्रण दिलवाया कि वह अपने जीवन में अधिक से अधिक पेड़ लगाने का प्रयास करेंगे। वहीं रुद्रा इंटरनेशनल स्कूल के चेयरमैन बलदेव कृष्ण शर्मा व प्रिंसिपल रजनी बाला ने बच्चों को वन विभाग के अधिकारियों द्वारा बताए गए पर्यावरण संबंधी विषयों का अनुसरण करने के लिए प्रेरित किया।
-

पंजाबः पूर्व सीएम चन्नी को मिली PHD की डिग्री, देखें वीडियो
चंडीगढ़: पंजाब यूनिवर्सिटी के 70वें दीक्षांत समारोह के दौरान पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी भी पीएचडी की डिग्री हासिल की। कांग्रेस नेता चन्नी ने पीयू से राजनीति विज्ञान में एमए की थी और इसी विषय में राजनीति विज्ञान के प्रोफेसर इमैनुअल नाहर के निर्देशन में पीएचडी में दाखिला लिया था। चन्नी की ओर से पीएचडी के शोध कार्य का विषय भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस सेंट्रल ऑर्गेनाइजेशन, वर्ष 2004 से इलेक्टोरल स्ट्रेटेजी था। पूर्व मुख्यमंत्री को पीएचडी की डिग्री मुख्यातिथि चांसलर और उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की ओर से भेंट की जाएगी।पीएचडी के दौरान दोस्ती, फिर शादी और अब एक साथ डिग्री ली।
पीयू के सांख्यिकी विभाग से पीएचडी करने वाले जतेश कुमार और अंग्रेजी विभाग से पीएचडी करने वाली उनकी पत्नी अमनदीप कौर एक साथ शनिवार को पीएचडी की डिग्री हासिल की। जतेश ने वर्ष 2015 और अमनदीप ने वर्ष 2013 में पीयू में पीएचडी में एनरोलमेंट करवाई थी। दोनों के विभाग अलग थे, दोस्तों की मदद से एक-दूसरे के संपर्क में आए, दोस्ती हुई और वर्ष 2020 में पीएचडी के दौरान ही दोनों ने शादी करने का मन बनाया। अमनदीप सिख और जतेश हिंदू परिवार से आते हैं। दोनों ने एक-दूसरे के परिवार को मनाया। कुछ मुश्किलों के बाद शादी हुई। दोनों ने हम एक साथ डिग्री लेना चाहते थे इसलिए काफी मेहनत की।
-

सुरक्षा गार्ड, सुपरवाइज़र व जीटीओ के लिए साक्षात्कार 23, 24, 25 व 26 मई को
ऊना/सुशील पंडित: मैसर्ज़ सिस इंडिया लिमिटेड बिलासपुर द्वारा पंजाब, हरियाणा व उत्तराखंड हेतू सुरक्षा गार्ड, सुपरवाइज़र, जीटीओ के विभिन्न पद भरें जाएंगे। यह जानकारी देते हुए जिला रोजगार अधिकारी ऊना अक्षय शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए साक्षात्कार 23 मई को प्रातः 10.30 बजे उप रोजगार कार्यालय हरोली, 24 मई को उप रोजगार कार्यालय अंब, 25 मई को जिला रोजगार कार्यालय ऊना व 26 मई को उप रोजगार कार्यालय बंगाणा में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि सिस इंडिया लिमिटेड कम्पनी को 150 अभ्यार्थियों की आवश्यकता है।
उन्होंने बताया कि इन पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता 10वीं या इससे अधिक होने के साथ-साथ आयु सीमा 21 से 37 वर्ष निर्धारित की गई है।अक्षय शर्मा ने बताया कि कम्पनी द्वारा मासिक वेतन 16, 500 से 19 हज़ार रूपये, ईएसआई, ग्रेच्युटी, बोनस व पेंशन दी जाएगी। उन्होंने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी अपना प्रमाण पत्र, रोजगार कार्यालय पंजीकरण कार्ड, हिमाचली बोनाफाइड, दो पासपोर्ट साईज़ फोटो, आधार कार्ड व बायोडाटा सहित उपस्थित हो सकते हैं। उन्होंने बताया कि साक्षात्कार में आने के लिए किसी भी प्रकार का कोई भी यात्रा भत्ता देय नहीं होगा। अधिक जानकारी के लिए मोबाइल नम्बर 7807306334 पर सम्पर्क किया जा सकता है।