Blog

  • Punjab News: सफाई कर्मियों की हड़ताल खत्म, लाठीचार्ज घटना की निष्पक्ष जांच के लिए SIT का गठन

    Punjab News: सफाई कर्मियों की हड़ताल खत्म, लाठीचार्ज घटना की निष्पक्ष जांच के लिए SIT का गठन

    Sanitation workers strike ends: बरनाला में सफाई कर्मचारियों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में वाल्मीकि समाज और सफाई कर्मचारियों की चल रही हड़ताल अब खत्म हो गई है। सरकार और कर्मचारी यूनियनों के बीच हुई कई दौर की बातचीत के बाद यह फैसला लिया गया। सरकार ने कर्मचारियों की कई मांगों को मानने का भरोसा दिया है, जिसके बाद अधिकांश यूनियनों ने अपनी हड़ताल वापस ले ली।

    मामले की जांच के लिए SIT का गठन
    सरकार ने लाठीचार्ज की घटना की निष्पक्ष जांच कराने के लिए एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है। यह टीम पूरे मामले की जांच करेगी और यह पता लगाएगी कि घटना कैसे हुई और इसके लिए कौन जिम्मेदार है।

    सफाई कर्मचारियों का वेतन बढ़ाने का ऐलान
    सरकार ने सफाई सेवकों और सीवरेज मैन के वेतन में बढ़ोतरी का भी ऐलान किया है। मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने बताया कि 1 अगस्त से कॉन्ट्रैक्ट पर काम कर रहे कर्मचारियों को बढ़ा हुआ वेतन मिलेगा।

    उन्होंने बताया कि पहले इन कर्मचारियों को लगभग 10,500 रुपए प्रति माह वेतन मिलता था। पिछले महीने इसे बढ़ाकर 14,000 रुपए किया गया था। अब सरकार ने फैसला लिया है कि प्रोबेशन अवधि के दौरान मिलने वाला वेतन बढ़ाकर 20,500 रुपए प्रति माह कर दिया जाएगा।

    मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने कर्मचारी यूनियनों के साथ की बैठकें
    मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने कहा कि पूरे दिन विभिन्न कर्मचारी यूनियनों के साथ बैठकें हुईं। बातचीत सकारात्मक रही और अधिकांश यूनियनों ने अपनी हड़ताल समाप्त करने का फैसला लिया है। सरकार कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

    पंजाब बंद का सबसे ज्यादा असर जालंधर में दिखा
    इससे पहले संघर्ष समिति ने सोमवार को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक पंजाब बंद का आह्वान किया था। इस बंद का सबसे ज्यादा असर जालंधर में देखने को मिला। शहर के कई प्रमुख बाजार बंद रहे और सामान्य कारोबार प्रभावित हुआ। हालांकि हड़ताल समाप्त होने के बाद हालात धीरे-धीरे सामान्य होने लगे हैं।

  • पद्म भूषण तरलोचन सिंह प्रथम डॉ. रतन सिंह जग्गी स्मृति पुरस्कार से सम्मानित

    पद्म भूषण तरलोचन सिंह प्रथम डॉ. रतन सिंह जग्गी स्मृति पुरस्कार से सम्मानित

    चंडीगढ़, 27 जुलाई : पंजाबी, हिंदी और गुरमत साहित्य के महान विद्वान पद्मश्री डॉ. रतन सिंह जग्गी की 100वीं जयंती के अवसर पर पंजाब कला परिषद द्वारा आज पंजाब कला भवन में डॉ. रतन सिंह जग्गी मेमोरियल फाउंडेशन के सहयोग से एक स्मृति समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर पंजाब विधानसभा के स्पीकर स.कुलतार सिंह संधवां ने पूर्व सांसद एवं राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग के पूर्व अध्यक्ष पद्म भूषण स.तरलोचन सिंह को प्रथम डॉ. रतन सिंह जग्गी स्मृति सम्मान से सम्मानित किया। सम्मान के अंतर्गत उन्हें 51,000 रूपये की नकद राशि, शॉल तथा स्मृति-चिह्न भेंट किया गया। समारोह के दौरान स्पीकर संधवां ने पंजाब कला भवन परिसर में अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित डॉ. रतन सिंह जग्गी ओपन एयर थिएटर तथा उनकी प्रतिमा का भी लोकार्पण किया।

    मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए स्पीकर स कुलतार सिंह संधवां ने कहा कि आज हम एक ऐसे कर्मयोगी का स्मरण कर रहे हैं, जो वास्तविक अर्थों में युगपुरुष थे। उन्होंने कहा कि डॉ. जग्गी की रचनाओं ने समाज को जोड़ने का कार्य किया और उनकी साहित्यिक विरासत आज भी लोगों को प्रेरित करती है। उन्होंने कहा कि यह पूरे समाज के लिए गर्व का विषय है कि आज सरदार तरलोचन सिंह जैसे व्यक्तित्व को सम्मानित किया जा रहा है। उन्होंने संसद में सत्य की आवाज़ बनकर सिखों और पंजाबियों का प्रभावशाली नेतृत्व किया। स्पीकर ने जग्गी परिवार द्वारा फाउंडेशन के माध्यम से किए जा रहे प्रयासों की विशेष सराहना करते हुए कहा कि कोई भी राष्ट्र अपनी भाषा, साहित्य और कला के माध्यम से ही जीवित रहता है।

    सम्मान प्राप्त करने के बाद पद्म भूषण स.तरलोचन सिंह ने पंजाब कला परिषद और डॉ. रतन सिंह जग्गी मेमोरियल फाउंडेशन का आभार व्यक्त किया। उन्होंने डॉ. जग्गी के साहित्यिक योगदान तथा उनके हस्तलिखित शोध कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता (ए.आई.) के इस युग में भी उनके द्वारा किए गए कार्यों की कल्पना करना कठिन है। उन्होंने कहा कि डॉ. जग्गी आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रकाश-स्तंभ बने रहेंगे। उन्होंने सम्मान स्वरूप प्राप्त 51,000 रूपये की राशि फाउंडेशन को वापस समर्पित करते हुए आग्रह किया कि इस धन से डॉ. जग्गी की पुस्तकें युवाओं को निःशुल्क वितरित की जाएँ।

    पंजाब कला परिषद के चेयरमैन स्वर्णजीत सवी ने परिषद की गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि डॉ. रतन सिंह जग्गी स्मृति पुरस्कार प्रत्येक वर्ष 27 जुलाई को प्रदान किया जाएगा और इसकी शुरुआत आज से की गई है। उन्होंने डॉ. रतन सिंह जग्गी मेमोरियल फाउंडेशन का विशेष धन्यवाद करते हुए बताया कि फाउंडेशन ने लगभग 20 लाख रूपये व्यय कर कला भवन के ओपन एयर थिएटर का कायाकल्प कराया है।

    डॉ. अमरजीत सिंह ने ‘पंजाबी भाषा, साहित्य और संस्कृति को डॉ. रतन सिंह जग्गी का योगदान’ विषय पर व्याख्यान देते हुए कहा कि डॉ. जग्गी ने छह दशकों से अधिक समय तक पूर्ण समर्पण और निष्ठा के साथ मध्यकालीन साहित्य का गहन अध्ययन एवं शोध किया। वे अंग्रेज़ी, हिंदी, पंजाबी, उर्दू, फ़ारसी और संस्कृत भाषाओं के प्रकांड विद्वान थे। उन्होंने पुस्तकों, टीकाओं और विश्वकोशीय ग्रंथों के माध्यम से साहित्य जगत को अत्यंत समृद्ध और ज्ञानवर्धक योगदान दिया।

    पंजाब कला परिषद के उपाध्यक्ष डॉ. योगराज ने तरलोचन सिंह का सम्मान-पत्र पढ़ते हुए उनके जीवन और सेवाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि स.तरलोचन सिंह अल्पसंख्यकों, धर्म, समाज और संस्कृति के प्रति समर्पित व्यक्तित्व हैं। उन्होंने पंजाब सरकार के सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पर्यटन एवं संस्कृति विभाग सहित अनेक महत्वपूर्ण पदों पर सेवाएँ दीं। उन्होंने पंजाब के मुख्यमंत्री कार्यालय से लेकर भारत के राष्ट्रपति सचिवालय तक अपनी जिम्मेदारियाँ निभाईं। वे राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग के उपाध्यक्ष, अध्यक्ष तथा राज्यसभा सदस्य भी रहे। भारतीय ओलंपिक संघ के उपाध्यक्ष के रूप में उन्होंने खेलों के माध्यम से स्वस्थ समाज के निर्माण में उल्लेखनीय योगदान दिया। उनके उत्कृष्ट सार्वजनिक जीवन और सेवाओं के लिए भारत सरकार ने वर्ष 2021 में उन्हें पद्म भूषण से सम्मानित किया।

    समारोह के अंत में डॉ. रतन सिंह जग्गी मेमोरियल फाउंडेशन के चेयरमैन एवं सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी मालविंदर सिंह जग्गी ने सभी अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम का शुभारंभ गुरु गोबिंद सिंह कॉलेज, चंडीगढ़ के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत शब्द-गायन से हुआ। इस अवसर पर विधायक स गुरदित्त सिंह सेखों, डॉ. रतन सिंह जग्गी की धर्मपत्नी डॉ. गुरशरण कौर जग्गी, अमरजीत सिंह ग्रेवाल, राजस्व विभाग के सचिव मनवेश सिंह सिद्धू, भाषा विभाग के निदेशक जसवंत सिंह ज़फ़र, गुलज़ार सिंह संधू, डॉ. दीपक मनमोहन सिंह, पद्मश्री प्राण सभरवाल, पद्मश्री जगजीत सिंह दरदी सहित साहित्य और संस्कृति जगत की अनेक प्रतिष्ठित हस्तियाँ उपस्थित रहीं।

     

  • Commonwealth Games 2026: ज्ञानेश्वरी यादव ने जीता सिल्वर मेडल, भारत को दिलाया पांचवां पदक

    Commonwealth Games 2026: ज्ञानेश्वरी यादव ने जीता सिल्वर मेडल, भारत को दिलाया पांचवां पदक

    खेल डेस्कः भारत की युवा स्टार वेटलिफ्टर ज्ञानेश्वरी यादव ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए महिलाओं की 53 किलोग्राम भार वर्ग में सिल्वर मेडल अपने नाम किया। उनके इस बेहतरीन प्रदर्शन से भारत के पदकों की संख्या बढ़कर 5 हो गई। इसके साथ ही ज्ञानेश्वरी इस संस्करण में पदक जीतने वाली चौथी भारतीय वेटलिफ्टर भी बन गई हैं। इससे पहले मीराबाई चानू ने गोल्ड, जबकि ऋषिकांत सिंह और राजा मुथुपांडी ने सिल्वर मेडल जीतकर भारत का नाम रोशन किया था। कुल 199 किलोग्राम वजन उठाकर जीता सिल्वर ज्ञानेश्वरी यादव ने प्रतियोगिता में कुल 199 किलोग्राम वजन उठाया। उन्होंने स्नैच में 88 किलोग्राम और क्लीन एंड जर्क में 111 किलोग्राम वजन सफलतापूर्वक उठाया। इसी प्रदर्शन के दम पर उन्होंने सिल्वर मेडल अपने नाम किया। इस मुकाबले में नाइजीरिया की ओनोमे ओमोलोला डिडिह ने कुल 206 किलोग्राम वजन उठाकर गोल्ड मेडल जीता। वहीं कनाडा की रेबेका ग्रौलक्स ने 178 किलोग्राम वजन उठाकर ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया।   स्नैच राउंड में दिखाई दमदार शुरुआत 23 वर्षीय ज्ञानेश्वरी यादव ने स्नैच राउंड की शुरुआत शानदार अंदाज में की। उन्होंने अपने पहले प्रयास में 82 किलोग्राम वजन आसानी से उठा लिया। इसके बाद दूसरे प्रयास में 85 किलोग्राम और तीसरे प्रयास में 88 किलोग्राम वजन सफलतापूर्वक उठाया। इस तरह स्नैच राउंड में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 88 किलोग्राम रहा। हालांकि, इस राउंड के बाद वह पहले स्थान पर नहीं पहुंच सकीं, क्योंकि नाइजीरिया की ओनोमे ओमोलोला डिडिह ने 93 किलोग्राम वजन उठाकर बढ़त बना ली थी। क्लीन एंड जर्क में आखिरी तक चली कड़ी टक्कर क्लीन एंड जर्क राउंड में ज्ञानेश्वरी ने शानदार शुरुआत करते हुए 103 किलोग्राम वजन उठाया और कुछ समय के लिए लीडरबोर्ड में सबसे ऊपर पहुंच गईं। लेकिन नाइजीरिया की डिडिह ने अपने पहले प्रयास में 105 किलोग्राम वजन उठाकर फिर से बढ़त हासिल कर ली। इसके बाद ज्ञानेश्वरी ने दूसरे प्रयास में 107 किलोग्राम वजन सफलतापूर्वक उठाया, लेकिन वह फिर भी दूसरे स्थान पर ही बनी रहीं। नाइजीरिया की खिलाड़ी ने अगली कोशिश में 110 किलोग्राम वजन उठाकर गोल्ड मेडल लगभग पक्का कर लिया। आखिरी प्रयास में भी दिखाई शानदार हिम्मत मुकाबले के आखिरी प्रयास में ज्ञानेश्वरी यादव ने पूरा दम लगाते हुए 111 किलोग्राम वजन सफलतापूर्वक उठाया और कुल 199 किलोग्राम के साथ प्रतियोगिता समाप्त की। हालांकि उनका यह प्रयास गोल्ड मेडल दिलाने के लिए पर्याप्त नहीं था, लेकिन उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत के लिए सिल्वर मेडल जीत लिया। छत्तीसगढ़ से अंतरराष्ट्रीय मंच तक का सफर ज्ञानेश्वरी यादव छत्तीसगढ़ की रहने वाली हैं। उन्होंने कम उम्र में ही वेटलिफ्टिंग की शुरुआत की और लगातार मेहनत के दम पर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई। जूनियर और सीनियर राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करने के बाद उन्होंने भारतीय टीम में जगह बनाई। फिलहाल वह पटियाला स्थित नेताजी सुभाष राष्ट्रीय खेल संस्थान (NS NIS) में राष्ट्रीय कोचिंग कार्यक्रम के तहत प्रशिक्षण ले रही हैं। भारत के लिए गर्व का पल कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में ज्ञानेश्वरी यादव का यह सिल्वर मेडल भारत के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। उन्होंने न केवल देश को पांचवां पदक दिलाया, बल्कि यह भी साबित किया कि भारत की नई पीढ़ी की महिला वेटलिफ्टर अंतरराष्ट्रीय मंच पर किसी से कम नहीं हैं। उनके इस प्रदर्शन से आने वाले वर्षों में भारतीय वेटलिफ्टिंग को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।    
  • मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने हरियाणा सार्वजनिक उपक्रम ब्यूरो के चेयरमैन मोहन लाल बडौली को कार्यभार ग्रहण कराया

    मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने हरियाणा सार्वजनिक उपक्रम ब्यूरो के चेयरमैन मोहन लाल बडौली को कार्यभार ग्रहण कराया

    चंडीगढ़ : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आज चंडीगढ़ स्थित  हरियाणा सिविल सचिवालय में हरियाणा सार्वजनिक उपक्रम ब्यूरो के नवनियुक्त चेयरमैन मोहन लाल बडौली को उनके पद का कार्यभार ग्रहण कराया।

    इस अवसर पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने  मोहन लाल बडौली को नई जिम्मेदारी के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि श्री बडौली अपने अनुभव, संगठनात्मक क्षमता एवं कार्यकुशलता के बल पर हरियाणा सार्वजनिक उपक्रम ब्यूरो के कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाएंगे तथा जनहित एवं प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।

    कार्यभार ग्रहण के दौरान कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार, डॉ अरविन्द कुमार शर्मा, श्याम सिंह राणा, विधायक कृष्णा गहलावत, मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहाकार  राजीव जेटली, मीडिया सचिव प्रवीण आत्रे सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहे।

     
  • नांगल चौधरी में मल्टी-मोडल लॉजिस्टिक हब परियोजना को मिलेगी नई रफ्तार 

    नांगल चौधरी में मल्टी-मोडल लॉजिस्टिक हब परियोजना को मिलेगी नई रफ्तार 

    चंडीगढ़ : हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के आयुक्त एवं सचिव डॉ. अमित कुमार अग्रवाल की अध्यक्षता में नई दिल्ली स्थित हरियाणा भवन में महेंद्रगढ़ जिले के नांगल चौधरी में प्रस्तावित इंटीग्रेटेड मल्टी-मोडल लॉजिस्टिक हब (आईएमएलएच) परियोजना की प्रगति की समीक्षा के लिए एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में हरियाणा स्टेट इंडस्ट्रियल एंड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (एचएसआईआईडीसी) के प्रबंध निदेशक  सुशील सारवान, नारनौल के उपमंडल अधिकारी  अनिरुद्ध यादव सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

    बैठक में बताया गया कि इस महत्वाकांक्षी परियोजना का क्रियान्वयन हरियाणा मल्टी-मोडल लॉजिस्टिक हब प्रोजेक्ट लिमिटेड द्वारा किया जा रहा है। परियोजना का विकास, संचालन और रखरखाव सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) मॉडल के तहत किया जाएगा।

    आयुक्त एवं सचिव डॉ. अमित कुमार अग्रवाल ने परियोजना स्थल पर अब तक हुए कार्यों और प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार और उद्योग एवं वाणिज्य विभाग का लगातार प्रयास है कि राज्य में आधुनिक औद्योगिक और लॉजिस्टिक्स सुविधाएं विकसित की जाएं, ताकि उद्योगों को बेहतर माहौल मिले, निवेश बढ़े और रोजगार के नए अवसर पैदा हों। उन्होंने कहा कि नांगल चौधरी का मल्टी-मोडल लॉजिस्टिक हब इसी सोच को आगे बढ़ाने वाला एक महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट है।

    उन्होंने परियोजना के बेहतर और समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए हितधारकों और उद्योग विशेषज्ञों से सुझाव, विचार और फीडबैक लिए, ताकि इसे और प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जा सके। बैठक में इन्फ्रास्ट्रक्चर, इंजीनियरिंग और निर्माण क्षेत्र की कई प्रमुख कंपनियों ने भाग लिया। इनमें सीमेंस, केईसी इंटरनेशनल, दिलीप बिल्डकॉन लिमिटेड, डीआरए इन्फ्राकॉन तथा टाटा समूह सहित अन्य कंपनियों के प्रतिनिधि शामिल रहे।

    बैठक में आयुक्त एवं सचिव डॉ. अमित कुमार अग्रवाल ने सभी हितधारकों का उनके बहुमूल्य सुझावों और सहयोग के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि बैठक से मिले सुझाव परियोजना की अंतिम कार्ययोजना तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि यह परियोजना हरियाणा को लॉजिस्टिक्स क्षेत्र में नई पहचान दिलाने के साथ-साथ उत्तर भारत में व्यापार और माल परिवहन को भी नई गति देगी।

  • गुरु का सम्मान ही नहीं, उनके बताए मार्ग पर चलना ही सच्ची श्रद्धा: संत बाबा बाल जी महाराज

    गुरु का सम्मान ही नहीं, उनके बताए मार्ग पर चलना ही सच्ची श्रद्धा: संत बाबा बाल जी महाराज

    गुरु पूजा महोत्सव के पांचवें दिन उमड़ा श्रद्धालुओं का जनसैलाब, हजारों भक्तों ने किए दर्शन और लिया आशीर्वाद

    ऊना,सुशील पंडित:  श्री राधा कृष्ण मंदिर, कोटला कलां में गुरु पूर्णिमा एवं व्यास पूजा के उपलक्ष्य में आयोजित भव्य गुरु पूजा महोत्सव के पांचवें दिन सोमवार को श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। हिमाचल प्रदेश सहित पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, चंडीगढ़ और अन्य राज्यों से हजारों श्रद्धालु राष्ट्रीय संत परमश्रेष्ठ श्री श्री 1008 संत बाबा बाल जी महाराज के पावन दर्शन एवं आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए मंदिर पहुंचे। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की लंबी-लंबी कतारें लगी रहीं और पूरा वातावरण भजन-कीर्तन, सत्संग एवं गुरु महिमा के जयघोष से भक्तिमय बना रहा।

    श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए राधा कृष्ण मंदिर ट्रस्ट एवं प्रशासन की ओर से सुरक्षा और सुविधाओं के व्यापक प्रबंध किए गए थे। स्वयंसेवकों ने श्रद्धालुओं को व्यवस्थित रूप से दर्शन करवाए, जिससे पूरे आयोजन के दौरान अनुशासन एवं व्यवस्था बनी रही। श्रद्धालुओं ने शांतिपूर्वक गुरु महाराज के दर्शन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।

    अपने प्रेरणादायक प्रवचनों में संत बाबा बाल जी महाराज ने गुरु पूजा के विशेष महत्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति में गुरु का स्थान सर्वोच्च माना गया है। गुरु ही मनुष्य के जीवन से अज्ञान रूपी अंधकार को दूर कर ज्ञान का प्रकाश फैलाते हैं। गुरु पूजा केवल एक धार्मिक परंपरा या उत्सव नहीं है, बल्कि यह अपने जीवन को गुरु के आदर्शों, संस्कारों और उपदेशों के अनुरूप ढालने का संकल्प है। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति गुरु के बताए मार्ग पर चलता है, उसके जीवन में सुख, शांति, आत्मविश्वास और आध्यात्मिक उन्नति स्वतः प्राप्त होती है।

    संत बाबा बाल जी महाराज ने कहा कि केवल गुरु का सम्मान करना या उनके चरणों में शीश नवाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनके बताए हुए सत्य, सेवा, सदाचार, प्रेम और मानवता के मार्ग को अपने जीवन में अपनाना ही सच्ची श्रद्धा और वास्तविक गुरु भक्ति है। गुरु के उपदेशों को व्यवहार में उतारने वाला व्यक्ति स्वयं भी सफल जीवन जीता है और समाज के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनता है।

    उन्होंने कहा कि गुरु-शिष्य का संबंध विश्वास, समर्पण और आत्मीयता का संबंध होता है। गुरु अपने शिष्य को केवल आध्यात्मिक ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में सही निर्णय लेने की प्रेरणा भी प्रदान करते हैं। गुरु का सान्निध्य मनुष्य के चरित्र का निर्माण करता है तथा उसे समाज, संस्कृति और राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का बोध कराता है। उन्होंने श्रद्धालुओं से नशामुक्त, संस्कारवान और सेवा भाव से युक्त समाज के निर्माण में अपना योगदान देने का भी आह्वान किया।

    इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने पूरे मनोयोग से सत्संग, भजन-कीर्तन एवं गुरु वंदना में भाग लिया। दिनभर मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा और गुरु महाराज के दर्शन एवं आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए लोगों में विशेष उत्साह देखने को मिला।

    राधा कृष्ण मंदिर ट्रस्ट के सचिव किशोर चंद ने बताया कि गुरु पूजा महोत्सव में प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु बाबा बाल जी महाराज के दर्शन एवं आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए पहुंच रहे हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ट्रस्ट द्वारा उनके ठहरने, भोजन और पेयजल की विशेष व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि सुबह से देर रात तक श्रद्धालुओं के लिए विशाल लंगर निरंतर चल रहा है, जहां सभी भक्त प्रेमपूर्वक प्रसाद ग्रहण कर रहे हैं। इसके अलावा श्रद्धालुओं के ठहरने, स्वच्छता, चिकित्सा सहायता एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं के भी समुचित प्रबंध किए गए हैं। स्वयंसेवकों की टीमें पूरी निष्ठा और सेवा भाव से श्रद्धालुओं की सेवा में जुटी हुई हैं, ताकि दूर-दराज से आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

    गुरु पूजा महोत्सव के पांचवें दिन भी श्री राधा कृष्ण मंदिर, कोटला कलां पूरी तरह भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहा। श्रद्धालुओं ने गुरु महाराज का आशीर्वाद प्राप्त कर अपने परिवार, समाज एवं राष्ट्र की सुख-समृद्धि, शांति और कल्याण की कामना की। महोत्सव में प्रतिदिन बढ़ रही श्रद्धालुओं की संख्या संत बाबा बाल जी महाराज के प्रति लोगों की अटूट श्रद्धा, विश्वास और आस्था का जीवंत प्रमाण बन रही है।

     

     

  • World Hepatitis Day: P.I.L.B.S. मोहाली द्वारा कल विशेष Liver Health Camp किया जाएगा आयोजित

    World Hepatitis Day: P.I.L.B.S. मोहाली द्वारा कल विशेष Liver Health Camp किया जाएगा आयोजित

    प्रमुख जांचें मात्र 1000 रूपये में उपलब्ध

    चंडीगढ़/मोहाली: विश्व हेपेटाइटिस दिवस के अवसर पर लिवर की देखभाल के लिए राज्य की प्रमुख सुपर स्पेशियलिटी संस्था पंजाब इंस्टीट्यूट ऑफ लिवर एंड बिलेरी साइंसेज़ (पी.आई.एल.बी.एस.), मोहाली द्वारा 28 जुलाई, 2026 (मंगलवार) को प्रातः 9 बजे से संस्थान के ओपीडी परिसर में एक व्यापक लिवर हेल्थ कैंप आयोजित किया जाएगा। इस वर्ष की वैश्विक थीम “लेट्स ब्रेक इट डाउन” को ध्यान में रखते हुए इस कैंप का उद्देश्य आम जनता के लिए लिवर संबंधी आधुनिक जांच सुविधाओं को सुलभ और किफायती बनाना है। पी.आई.एल.बी.एस. के निदेशक डॉ. वीरेंद्र सिंह ने बताया कि इस विशेष पहल के तहत विशेषज्ञ हेपेटोलॉजिस्ट के परामर्श सहित प्रमुख लिवर जांचें—जिनमें फाइब्रोस्कैन, अल्ट्रासाउंड, लिवर फंक्शन टेस्ट (एलएफटी), रीनल फंक्शन टेस्ट (आरएफटी), यूरिन रूटीन माइक्रोस्कोपी तथा हेपेटाइटिस-बी और हेपेटाइटिस-सी की स्क्रीनिंग शामिल हैं—मात्र ₹1000 में उपलब्ध कराई जाएंगी। डॉ. वीरेंद्र सिंह ने आम लोगों से इस अवसर का अधिकतम लाभ उठाने की अपील करते हुए प्रदेशभर के नागरिकों से कैंप में पहुंचकर अपनी सेहत को प्राथमिकता देने का आग्रह किया। उन्होंने कहा, “यह कैंप केवल लिवर रोग से पीड़ित मरीजों के लिए ही नहीं, बल्कि हर उस व्यक्ति के लिए है जो यह सुनिश्चित करना चाहता है कि उसका लिवर पूरी तरह स्वस्थ है।” उन्होंने इस बात पर विशेष जोर दिया कि रोग की समय रहते पहचान और नियमित जांच लिवर की गंभीर बीमारियों से बचाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों में किसी प्रकार के लक्षण दिखाई नहीं देते, उनके लिए भी समय-समय पर जांच कराना आवश्यक है।
  • Punjab News: करनजीत सिंह मान Commonwealth Games में हिस्सा लेने के लिए हुए रवाना, देखें वीडियो

    Punjab News: करनजीत सिंह मान Commonwealth Games में हिस्सा लेने के लिए हुए रवाना, देखें वीडियो

    गुरदासपुरः जूडो सेंटर के खिलाड़ी करनजीत सिंह मान कॉमनवेल्थ गेम्स में हिस्सा लेने के लिए रवाना हो गए हैं। ये प्रतियोगिताएं 30 जुलाई से 2 अगस्त तक स्कॉटलैंड के ग्लासगो में होंगी। शहीद भगत सिंह जूडो ट्रेनिंग सेंटर के एक खिलाड़ी ने मेडल जीतने और देश का नाम रोशन करने के वादे के साथ जूडो सेंटर से विदाई ली है।

    करनजीत सिंह मान इस सेंटर के तीसरे खिलाड़ी हैं जो इन खेलों में हिस्सा लेने जा रहे हैं। इससे पहले 2014 में महाराजा रणजीत सिंह अवॉर्ड विजेता इंस्पेक्टर साहिल पठानी ने स्कॉटलैंड के ग्लासगो में हिस्सा लिया था।

    उसके बाद 2022  में बर्मिंघम शहर में जसलीन सैनी ने पांचवां स्थान हासिल किया था। शहीद भगत सिंह जूडो ट्रेनिंग सेंटर गुरदासपुर अब अपनी सुनहरी उपलब्धियों में एक नया अध्याय जोड़ने जा रहा है।

     

  • स्वर्गीय कंवर हरिसिंह की छठी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि, सेवा और शिक्षा का प्रेरक संगम

    स्वर्गीय कंवर हरिसिंह की छठी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि, सेवा और शिक्षा का प्रेरक संगम

    पद्मश्री विजय चोपड़ा ने मेधावी विद्यार्थियों को किया सम्मानित, जरूरतमंद परिवारों को वितरित किया राशन

    ऊना,सुशील पंडित:  हिमोत्कर्ष साहित्य, संस्कृति एवं जनकल्याण परिषद (पंजी.) के संस्थापक स्वर्गीय कंवर हरिसिंह की छठी पुण्यतिथि के अवसर पर सोमवार को होटल नटराज पैलेस, ऊना में श्रद्धांजलि, अमोदिनी राशन वितरण एवं मेधावी छात्र-छात्राओं के छात्रवृत्ति वितरण समारोह का गरिमापूर्ण आयोजन किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि पद्मश्री विजय चोपड़ा रहे। जबकि समारोह में ऊना विधानसभा क्षेत्र के विधायक सतपाल सिंह सत्ती, कुटलैहड़ विस क्षेत्र के विधायक विवेक शर्मा, पूर्व विधायक ओपी रत्न,मार्किट कमेटी ऊना के अध्यक्ष शिव कुमार सैणी,नगर परिषद ऊना के पूर्व अध्यक्ष अमरजोत सिंह बेदी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित हुए। कार्यक्रम में 44 पात्र विधवाओं को 99000 रुपए का तीन माह का राशन दिया गया। जबकि 27 मेधावी व जरूरतमंद विद्यार्थियों को 109622 रुपए की छात्रवृत्ति प्रदान की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं स्वर्गीय कंवर हरिसिंह के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया।

    मुख्य अतिथि पद्मश्री विजय चोपड़ा ने अपने संबोधन में कहा कि हिमोत्कर्ष परिषद शिक्षा, स्वास्थय,महिला उत्थान और समाजसेवा के क्षेत्र में अनुकरणीय कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति देकर उन्हें आगे बढऩे का अवसर देना सबसे बड़ा सामाजिक निवेश है। उन्होंने स्वर्गीय कंवर हरिसिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए परिषद की जनसेवा की परंपरा की सराहना की। उन्होंने कहा कि कंवर हरिसिंह ने समाज सेवा के क्षेत्र को नया आयाम दिया तथा हिमोत्कर्ष का ऐसा वटवृक्ष लगाया जो पीडि़तों व वंचितों को सहारा प्रदान कर रहा है। उन्होंने कहा कि हिमोत्कर्ष संस्था ने महिला सशक्तिकरण की दिशा में अनेकों कदम उठाए। ऊना जिला में बच्चियों के लिए स्कूल तथा लड़कियों के लिए अलग से कन्या कॉलेज कंवर हरि सिंह की सोच का नतीजा रहे।        ऊना विधानसभा क्षेत्र के विधायक सतपाल सिंह सत्ती ने कंवर हरि सिंह की सेवाओं को नमन करते हुए उन्हें याद किया। उन्होंने कहा कि कंवर हरि सिंह ने सामाजिक उत्थान के लिए धरातल पर कार्य किया। वह न सिर्फ एक अच्छे समाज सेवक रहे,बल्कि एक निर्भीक पत्रकार व प्रखर लेखक भी थे। कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा ने अपने संदेश में कहा कि कंवर हरिसिंह ने अनेकों युवाओं को समाज सेवा के क्षेत्र में उतरने के लिए प्रेरित किया।

    कार्यक्रम को हिमोत्कर्ष प्रदेशाध्यक्ष जतिंद्र कंवर,महासचिव यशपाल सिंह ठाकुर,नरेश सैणी,कामरेड जगत राम शर्मा, कर्णपाल मनकोटिया व अन्य  वक्ताओं ने भी संबोधित किया।

    इस अवसर पर हिमोत्कर्ष प्रदेशाध्यक्ष जतिंद्र कंवर, ठाकुर यशपाल सिंह, नरेश सैणी, कर्नल डीपी वशिष्ठ, करणपाल मनकोटिया, रजनीश डोगरा, कृष्णपाल शर्मा, वीरेंद्र धर्माणी,डा.जागृति दत्ता, सुरेश कुमार, नरेंद्रजीत सिंह राणा, सुरेश कुमार शर्मा, कृष्ण ठाकुर, पीएस जसवाल, डा.सतीश शर्मा, अशोक ऐरी, ईशान ऐरी, रजनीश लूंबा, इंद्रजीत सिंह, रविंद्र मेहता, रविंद्रनाथ शारदा, केपी सूद, रमा कंवर, मनीषी ठाकुर, मंजू मनकोटिया, अनूपा ठाकुर, कविता गोयल,पूनम रघुवंशी,मीनाक्षी,डा.जागृति दत्ता,अजय ठाकुर,रंजू, मीना, निशा,कमला, सुधीर कुमार,मणि कुमार,विकास कौंडल,राजकुमार,संदीप,रोटरी क्लब ऊना के पूर्व प्रधान ब्रजिंद्रजीत सिंह गोल्डी, भारत विकास परिषद के सचिव संजीब अग्रिहोत्री, डा. शिवपाल कंवर, शिव शशि कंवर, नवदीप कश्यप,ममता कश्यप, डा. मोनिका सिंह, व्यापार मंडल अध्यक्ष प्रिंस राजपूत,महासचिव रघु पुरी,महेंद्र वर्मा,अजय शर्मा,राकेश कैलाश,सूरज डडवाल,सुरेंद्र शर्मा,सरोज मोदगिल,विजय साहनी,युवा सेवा क्लब प्रधान मोहन लाल मोहनी,रामपाल धीमान,रविंद्र डोगरा,शेषपाल सिंह,विनोद आंनद,अभिनव धीमान,सोमनाथ कौशल,अभिनव धीमान,राजीव भनोट,रमा कालिया,रंजना जसवाल,हरमेश राणा,पूर्व सैनिक राजेंद्र शर्मा सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

    सामाजिक संस्थाओं ने कंवर हरिसिंह को दी श्रदाजंलि

    कार्यक्रम में हिमोत्कर्ष परिषद,हिमोत्कर्ष महिला मंच,भारत विकास परिषद,रोटरी क्लब ऊना,युवा सेवा क्लब,समता आंदोलन, व्यापार मंडल ऊना के पदाधिकारियों ने हिमोत्कर्ष संस्थापक स्व.कंवर हरिसिंह के चित्र पर पुष्प भेंट कर अपने श्रद्वासुमन अर्पित किए।

    समीक्षा को 21 हजार रुपये छात्रवृति

    समारोह में परिषद सदस्य योगेश कौशल द्वारा प्रायोजित हिमोत्कर्ष मेधावी छात्र छात्रवृत्ति-2025 के अंतर्गत थाना कलां निवासी समीक्षा, पुत्री स्वर्गीय विपिन कुमार, जिसने नीट यू जी 2026 में अनुसूचित जाति वर्ग में अखिल भारतीय स्तर पर 449वीं रैंक प्राप्त की है, को 21,000 रूपए की छात्रवृत्ति प्रदान कर सम्मानित किया गया।

    8 छात्राओं को स्वर्गीय शांति देवी शर्मा व स्व.वीना रानी स्मारक हिमोत्कर्ष छात्रवृति

    स्वर्गीय शांति देवी शर्मा स्मारक हिमोत्कर्ष छात्रवृत्ति के अंतर्गत लाला जगत नारायण हिमोत्कर्ष राजकीय कन्या महाविद्यालय, कोटला खुर्द की बीसीए,बीबीए,बीए व बीकाँम की छात्राओं कोमल देवी, नेहा देवी, सिया रानी, अदिति, अनीता देवी एवं शिवानी चौधरी को कुल 28,344 की छात्रवृत्तियां प्रदान की गईं। स्वर्गीय वीणा रानी स्मारक हिमोत्कर्ष छात्रवृत्ति के तहत शिवानी एवं तमन्ना को कुल 15,278 की छात्रवृत्ति प्रदान की गई।

    8 विद्यार्थियों को स्वर्गीय मदन शर्मा व दीवान चंद स्मारक हिमोत्कर्ष छात्रवृति

    स्वर्गीय मदन शर्मा स्मारक हिमोत्कर्ष छात्रवृत्ति के अंतर्गत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बदोली के अदिति, प्रीति कपूरिया, अंशिका बाला एवं मोहित को 2,500-2,500 की छात्रवृत्ति प्रदान की गई। स्वर्गीय दीवान चंद स्मारक हिमोत्कर्ष छात्रवृत्ति के तहत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पंजावर के जसप्रीत कौर, अंशिका, रिया एवं ईशिका को भी 2,500-2,500 की छात्रवृत्ति देकर सम्मानित किया गया।

    10 नर्सिंग छात्राओं को स्व.डाँ.हरेकृष्ण गोयल स्मारक हिमोत्कर्ष छात्रवृति

    स्व.डॉ. हरे कृष्ण गोयल स्मारक मेधावी नर्सिंग छात्रा हिमोत्कर्ष छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत रवि शर्मा, कोमल, रूबी, वनी कपिला, छवि, हरसमृत कौर, शालू, साक्षी गुलेरिया, कोमल धीमान एवं दीपिका शर्मा को 2,500 प्रति छात्रा छात्रवृत्ति प्रदान की गई।

    अमोदिनी योजना के तहत जरूरतमंद परिवारों को मिला राशन

    समारोह के दौरान परिषद की अमोदिनी राशन वितरण योजना के अंतर्गत चयनित जरूरतमंद परिवारों को मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों के करकमलों से नि:शुल्क राशन वितरित किया गया। परिषद के पदाधिकारियों ने बताया कि यह योजना लंबे समय से जरूरतमंद परिवारों की सहायता के उद्देश्य से संचालित की जा रही है और भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगी।

    अतिथियों का किया सम्मान

    कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पद्मश्री विजय चोपड़ा सहित अन्य विशिष्ट अतिथियों को हिमाचली टोपी, शॉल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। समारोह का संचालन परिषद के जिलाध्यक्ष कर्णपाल सिंह मनकोटिया ने किया तथा हिमोत्कर्ष महिला मंच द्वारा राष्ट्रगान की प्रस्तुति के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

     

     

     

  • Haryana News: अवैध हथियार के साथ एक युवक गिरफ्तार, देखें वीडियो

    Haryana News: अवैध हथियार के साथ एक युवक गिरफ्तार, देखें वीडियो

    पंचकूलाः पुलिस टीम जिले भर में अपराधों की रोकथाम और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रही है। पुलिस टीमें न केवल अपराधियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित कर रही हैं,  बल्कि समय रहते कार्रवाई कर संभावित आपराधिक वारदातों को भी विफल करने में सफलता प्राप्त कर रही हैं। इसी क्रम में क्राइम ब्रांच सेक्टर-19 की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक युवक को अवैध हथियार सहित गिरफ्तार किया है।

    डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक अमरिंदर सिंह के अनुसार 26 जुलाई को पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक युवक अवैध हथियार के साथ सेक्टर-19 इंडस्ट्रियल एरिया, फेज-2 में मौजूद है। सूचना के आधार पर क्राइम ब्रांच सेक्टर-19 की टीम ने इंचार्ज प्रवीण मलिक की अगुवाई में तुरंत मौके पर दबिश दी और आरोपी को काबू कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान महमूद आलम (22 वर्ष), निवासी बलटाना, पंजाब के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक अवैध देशी कट्टा बरामद किया गया। आरोपी उक्त हथियार का कोई वैध लाइसेंस या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी टेलरिंग का कार्य करता है।

    आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे आज अदालत में पेश किया गया, जहां से एक दिन का पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया है। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी से अवैध हथियार उपलब्ध कराने वाले मुख्य सप्लायर के बारे में गहन पूछताछ की जाएगी। साथ ही यह भी जांच की जाएगी कि आरोपी किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की तैयारी में था या उक्त हथियार किसी अन्य व्यक्ति को बेचने अथवा उपलब्ध कराने की योजना बना रहा था। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है।