Blog

  • छिन्मस्तिका धाम चिंतपूर्णी में ई-वाहन का हुआ सफल ट्रायल

    छिन्मस्तिका धाम चिंतपूर्णी में ई-वाहन का हुआ सफल ट्रायल

    दर्शनार्थ आने वाले श्रद्धालुओं को मिलेगी सुविधा

    ऊना/ सुशील पंडित : प्रमुख धार्मिक स्थल छिन्मस्तिका धाम चिंतपूर्णी मंदिर में देश के विभिन्न स्थानों से आने वाले धार्मिक श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए हिमाचल प्रदेश सरकार प्रयासरत है। मंदिर में देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को विश्व स्तरीय सुविधाएं उपलब्ध करवाने के प्रयास किए जा रहे हैं। प्रदेश में नवनिर्वाचित सरकार के सत्ता संभालते ही इस दिशा में कई सकारात्मक कदम उठाए गए हैं। हिमाचल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री जिनके पास जल शक्ति, परिवहन के अतिरिक्त भाषा कला एवं संस्कृति विभाग का कार्यभार भी है। उन्होंने अपने ऊना जिला के प्रथम दौरे के दौरान ही इस विषय में भाषा कला एवं संस्कृति विभाग के उच्च अधिकारियों, चिंतपूर्णी मंदिर न्यास, प्रशासनिक अधिकारियों तथा प्रदेश सरकार के अन्य विभागों के अधिकारियों से महत्वपूर्ण बैठक कर धार्मिक पर्यटक स्थल चिंतपूर्णी में श्रद्धालुओं के लिए विश्व स्तरीय सुविधाएं विकसित करने के लिए शीघ्र ही इस दिशा में आवश्यक पग उठाने के निर्देश दिए थे। संबंधित अधिकारियों ने अगले ही दिन चिंतपूर्णी मंदिर स्थल सहित आसपास के क्षेत्रों का भी दौरा किया तथा श्रद्धालुओं की आवाजाही की सुविधा के लिए रोपवे निर्माण, एस्केलेटर निर्माण तथा ई-वाहन संचालन सहित भविष्य की आवश्यकताओं व अनेक अन्य परियोजनाओं बारे गहन विचार विमर्श किया गया।

    मंदिर आयुक्त एवं उपायुक्त राघव शर्मा ने बताया कि मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं को माईदास मंदिर सदन से चिंतपूर्णी मंदिर स्थल तक जाने के लिए किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े उसके लिए ई-वाहन का शनिवार को ट्रायल किया गया। उन्होंने बताया कि 8 सवारियों की क्षमता वाले ई-वाहन का ट्रायल सफल रहा। इसके पहले 4 सवारियों की क्षमता वाले ई-रिक्शा का भी सफल ट्रायल किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि ई-वाहन और ई-रिक्शा के संचालन से  चिंतपूर्णी मंदिर के लिए भविष्य में न केवल श्रद्धालुओं को मंदिर में आने जाने के लिए भरपूर सुविधा मिलेगी बल्कि इससे वातावरण में भी सकारात्मक सुधार होगा। 

    उन्होंने बताया कि बाबा श्री माई दास सदन तथा शंभू बैरियर से मंदिर की लिफ्ट तक श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन के लिए चिंतपूर्णी मंदिर न्यास द्वारा भविष्य में वाहनों का संचालन किया जाएगा। इसके अलावा रोपवे तथा एस्केलेटर निर्माण परियोजनाओं के कार्यों को भी शीघ्र अमलीजामा पहनाने का प्रयास किया जा रहा है। उपायुक्त ने जानकारी दी कि छिन्मस्तिका धाम चिंतपूर्णी से जुड़े इतिहास व इससे संबंधित अन्य जानकारियों के बारे में श्रद्धालुओं को अवगत करवाने के लिए मंदिर में 11 करोड 20 लाख रुपए की लागत से एक संग्रहालय का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि चिंतपूर्णी क्षेत्र में श्रद्धालुओं की सुविधा के उद्देश्य से पुराना बस अड्डा चिंतपूर्णी स्थल पर 1 करोड़ 38 लाख रुपए की लागत से एक प्रतीक्षालय, बड़ा हाल, जूता घर, पीने के पानी की व्यवस्था तथा शौचालय ब्लाॅक का निर्माण किया जा रहा है। माधो का टीला नामक स्थान पर 1 करोड 24 लाख रुपए की लागत से एक समुदायिक भवन, खुला मैदान तथा शौचालय ब्लॉक का निर्माण किया जा रहा है। मंदिर परिसर के समीप माता की बावड़ी वाली पौड़ियों के सौंदर्यीकरण कार्य पर 61 लाख रुपए खर्च किए जा रहे हैं। इसके अलावा चिंतपूर्णी मंदिर से अम्लैहड़ होते हुए चिंतपूर्णी रेलवे स्टेशन (कुनेरन) तक सड़क निर्माण कार्य पर 6 करोड़ रुपए तथा बाबा माई दास सदन में आधुनिक सुविधा युक्त पुस्तकालय पर 20 लाख रुपए  खर्च किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि सभी विकास कार्य प्रगति पर है तथा कार्य पूर्ण होने पर माता चिंतपूर्णी मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधाओं में इजाफा होगा।

    इस अवसर पर उपमंडलाधिकारी (ना) अंब डॉक्टर मदन कुमार, मंदिर अधिकारी चिंतपूर्णी बलवंत पटियाल, चिंतपूर्णी मंदिर न्यास के सहायक नियंत्रक (वित्त) शम्मी राज भारद्वाज, चिंतपूर्णी मंदिर न्यास के सहायक अभियंता राजकुमार जसवाल, ई वाहन निर्माता कंपनी सतलुज गोल्फ कार्ट के प्रतिनिधि इंदरजीत सिंह, प्रिंट व इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के संवादाता गण तथा अनेक गणमान्य लोग उपस्थित थे।

  • उप-मुख्यमंत्री ने निर्माणाधीन बस डिपो तथा अंतर्राज्यीय बस अड्डा का निरीक्षण किया

    उप-मुख्यमंत्री ने निर्माणाधीन बस डिपो तथा अंतर्राज्यीय बस अड्डा का निरीक्षण किया

    ऊना/सुशील पंडित : उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने आज धर्मशाला में 13 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन हिमाचल पथ परिवहन निगम के बस डिपो का निरीक्षण किया। उन्होंने इस डिपो का निर्माण कार्य 30 जून, 2023 तक पूर्ण करने के निर्देश दिए। आधुनिक तकनीक से निर्मित किए जा रहे इस डिपो का कार्य धर्मशाला स्मार्ट सिटी के तहत किया जा रहा है। इसमें दो मंजिलें होंगी तथा प्रत्येक तल में 20-20 बसों को पार्क करने की सुविधा होगी। इसमें इलैक्ट्रिक बसों के लिए चार्जिंग स्टेशन का प्रावधान भी किया गया है।

    उप-मुख्यमंत्री ने निर्माणाधीन अंतर्राज्यीय आधुनिक बस अड्डा मैकलोडगंज का निरीक्षण भी किया। उन्होंने इसका कार्य एक माह के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए। इसका निर्माण 15 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है। इसमें पांच मंजिलें होंगी तथा 200 छोटी गाड़ियों व 16 बसों के लिए पार्किंग की सुविधा भी उपलब्ध होगी। उन्होंने अंतर्राज्यीय आधुनिक बस अड्डा धर्मशाला का निरीक्षण भी किया तथा अधिकारियों को इसके कार्य में तेजी के लिए सभी प्रक्रियाएं समयबद्ध पूर्ण करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर विधायक आशीष बुटेल व भवानी सिंह पठानिया, एच.आर.टी.सी. के प्रबंध निदेशक संदीप कुमार और अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

  • बैंक में पैसे जमा करवाने जा रहे युवक को बदमाशों ने लूटा

    बैंक में पैसे जमा करवाने जा रहे युवक को बदमाशों ने लूटा

    पानीपतः हरियाणा के पानीपत के गांव सौंदापुर में एक एक्सपोर्ट कंपनी में काम करने वाले युवक के साथ मारपीट-लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया गया। युवक बैंक में रुपए जमा करवाने जा रहा था। तभी रास्ते में तीन युवकों ने उसके साथ वारदात की।

    युवक उससे 50 हजार रुपए लूटकर फरार हो गए। मामले की शिकायत पुलिस को दी गई। पुलिस ने क्षेत्र के सीसीटीवी खंगाले तो, क्षेत्र की एक दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी में बदमाश बाइक पर फरार होते हुए दिखाई दिए। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।

    पुराना औद्योगिक थाना पुलिस को दी शिकायत में किशोर ने बताया कि वह गांव सौंदापुर, जाटल रोड का रहने वाला है। वह गांव स्थित एक एक एक्सपोर्ट कंपनी में काम करता है। दोपहर करीब 2:30 बजे वह अपने कमरे से 50 हजार नकद लेकर बैंक में जमा करवाने जा रहा था। जिसमें 31 हजार रुपए उसके छोटे भाई भूरा के भी थे। जब वह झंडे वाली फैक्ट्री के पास पहुंचा तो सामने एक खाली प्लाट में से अचानक से एक व्यक्ति आया। व्यक्ति ने वहां आते ही उसका गला दबा दिया। थप्पड़ मारकर बोला कि जितने भी रुपए तेरे पास है, वह सब उसे दे दे। वरना वह उसे जान से मार देगा।

    जब किशोर ने उसका विरोध किया तो उसने कुछ दूर खड़े अपने दोस्त को गुल्लू नाम लेकर बुलाया। इसी दौरान वहां 2 और युवक आ गए। वे उसे पकड़कर मारने लगे। एक युवक ने उसकी तलाशी ली और उसकी कमीज की जेब में रखे 50 हजार रुपए जबरदस्ती लूट लिए। लूटपाट करने के बाद आरोपी पास में खड़ी एक स्प्लेंडर बाइक पर सवार होकर फरार हो गए।

  • PTC India पर बड़ा दांव लगा सकते हैं गौतम अडानी, जाने मामला

    PTC India पर बड़ा दांव लगा सकते हैं गौतम अडानी, जाने मामला

    नई दिल्लीः पावर ट्रेडिंग कंपनी पीटीसी इंडिया पिछले एक साल से भारी दबाव से गुजर रही हैं। ऐसे में अब गौतम अडानी की कंपनी ने इसमें हिस्सेदारी खरीदने की दिलचस्पी दिखाई है। अडानी के साथ ही इसे खरीदने के लिए कई और कंपनियां भी विचार कर रही हैं। माना जा रहा है कि इसकी बोली इस महीने के अंत तक आ सकती है। ब्लूमबर्ग की एक रिपोर्ट के अनुसार अडानी ग्रुप इसे खरीदने के लिए एक बड़ा दांव लगा सकता है। राज्य के स्वामित्व वाली संस्थाएं NTPC लिमिटेड, NHPC लिमिटेड, पावर ग्रिड कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया और पावर फाइनेंस कॉर्पोरेशन की PTC India की प्रमोटर्स कंपनियां हैं और प्रत्येक 4 फीसदी हिस्सेदारी को बेचने की तैयारी कर रही हैं। हालांकि इन कंपनियों की ओर से कोई अधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।

    अडानी ग्रुप का होगा दबदबा 

    वहीं पीटीसी इंडिया के प्रतिनिधि ने प्रमोटरों की हिस्सेदारी बेचने की ऐसी कोई भी जानकारी नहीं दी गई है। अगर अडानी ग्रुप इस कंपनी में हिस्सेदारी खरीदता है तो भारत में अडानी समूह की एनर्जी सेक्टर में और मजबूती होगी। अडानी ग्रुप की कोल माइनिंग और ट्रेडिंग बिजनेस के साथ एनर्जी सेक्टर में दबदबा है और कंपनी ट्रांसमिशन एंड डिस्ट्रीब्यूशन के कारोबार में भी सक्रिय है। 

    अधिकारिक तौर पर अडानी ग्रुप ने नहीं दी जानकारी 

    अडानी ग्रुप ने इसके बारे में मेल को लेकर कोई जानकारी नहीं दी है। हालांकि कंपनी के प्रतिनिधि का कहना है कि ग्रुप अपने बिजनेस को विस्तार देने के रूप में देख रही है। वहीं ​पीटीसी इंडिया के प्रतिनिधि का कहना है कि इसके बारे में फर्म को कोई जानकारी नहीं है। इसके अलावा, प्रमोटर्स कंपनियों के प्रवक्ता की ओर से भी कोई टिप्पणी नहीं की गई है।

    PTC इंडिया के शेयर 23.1 फीसदी गिरे

    PTC के शेयर 12 महीने से 23.1 प्रतिशत गिर चुके हैं। ब्लूमवर्ग की एक रिपोर्ट के अनुसार इसका मार्केट वैल्यू 301 मिलियन डॉलर के करीब है। PTC को 1999 में एक सार्वजनिक-निजी भागीदारी के रूप में शुरू किया गया था। इसे Power Trading Corp. of India के नाम से भी जाना जाता है। वेबसाइट के अनुसार, 2001 में ऊर्जा का व्यापार शुरू किया। इसकी देश में सबसे बड़ी बाजार हिस्सेदारी है और इसके ग्राहकों में भारत की सभी राज्य उपयोगिताओं के साथ-साथ कुछ पड़ोसी देशों में भी शामिल हैं।

  • जालंधरः 239 इमिग्रेशन कंसल्टेंट और 129 आईलेटस सेंटर के लाइसेंस Suspend की सूची जारी, देखे लिस्ट 

    जालंधरः 239 इमिग्रेशन कंसल्टेंट और 129 आईलेटस सेंटर के लाइसेंस Suspend की सूची जारी, देखे लिस्ट 

    जालंधर/वरुणः पंजाब ट्रैवल प्रोफेशनल रेगुलेशन एक्ट 2014 के तहत निर्धारित नियमों का उल्लंघन करने वाले इमिग्रेशन सलाहकारों और आईलेटएस केंद्रों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए डिप्टी कमिश्नर जसप्रीत सिंह ने बीते दिन नियमों का पालन न करने पर 239 इमिग्रेशन कंसल्टेंट्स और 129 आईईएलटीएस केंद्रों के बिजनेस लाइसेंस निलंबित कर दिए थे। इसी के तहत अब डीसी ने निलबिंत किए इमिग्रेशन कंसल्टेंट और 129 आईलेटस केंद्रों की लिस्ट जारी कर दी है।

    बता दें कि इस संबंध में जानकारी देते हुए डिप्टी कमिश्नर जसप्रीत सिंह ने बीते दिन बताया था कि इस अधिनियम के तहत नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 1320 इमीग्रेशन कंसलटेंट/टिकटिंग एजेंट/आईलेटस केंद्रों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए थे, जिनमें से 495 ने लिखित जवाब नहीं दिया। जिससे उनके व्यवसायिक लाइसेंस को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। डिप्टी कमिश्नर ने सभी लाइसेंस प्राप्त सलाहकारों/आईलेटस केंद्रों को अधिनियम के तहत निर्धारित नियमों का सख़्ती से पालन सुनिश्चित करने के लिए कहा है।

  • जालंधरः गुरू रामदास नगर में महिला ने की सुसाइड की कोशिश, ससुराल वालों पर लगाए गंभीर आरोप, देंखें वीडियो

    जालंधरः गुरू रामदास नगर में महिला ने की सुसाइड की कोशिश, ससुराल वालों पर लगाए गंभीर आरोप, देंखें वीडियो

    जालंधर/हर्ष कुमारः महानगर के गुरू रामदास नगर में किराए पर रही महिला द्वारा सुसाइड करने का मामला सामने आया है। महिला का उपचार सिविल अस्पताल में चल रहा है। पीड़ित महिला की पहचान नेहा के रूप में हुई है। वहीं लड़के की पहचान नवीन निवासी गांधी कैंप के रूप में हुई है। मामले की जानकारी देते हुए घर के मालिक ने बताया कि महिला उनके पास किराए पर रह रही है। महिला की यह दूसरी शादी है। नेहा का आरोप है कि पहले शादी का तालाक उक्त नवीन ने ही करवाय था, लेकिन अब दोनों फिर से इक्ट्ठे रह रहे है। मकान मालिक ने बताया कि उक्त लड़का पहले काम नहीं करता था और उक्त महिला नौकरी करती थी। इस मामले को लेकर दोनों में कई बार झगड़ा होता रहता था, लेकिन अब दोनों में फिर किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। एक साल तक लड़का घर पर बैठा रहा।

    इस झगड़े के कारण महिला की माता ने उन्हें अपने पास ही अब किराए का घर लेकर दे दिया था, ताकि दोनों में कोई झगड़ा ना हो। मकान मालिक ने बताया लेकिन दोनों में यहां पर भी पहले एक बार झगड़ा हुआ था। इस दौरान मकान मालिक ने दोनों को कमरा खाली करने तक का कह दिया था, लेकिन दोनों में मकान मालिक को झगड़ा ना करने का हवाला दे दिया था। मकान मालिक ने कहा अब दो दिन से लड़का घर से चला गया और महिला घर पर अकेली रह रही है। जिसके कारण महिला ने अब यह कदम उठाया है।

    मकान मालिक ने लड़के के परिवार वालों को लेकर कहा कि वे कभी दोनों को मिलने नहीं आए, लेकिन यह दोनों उनसे फोन पर भी बात करते थे और उनके पास घर पर भी जाते थे। वहीं इस मामले को लेकर नेहा ने बताया कि उसकी शादी को एक साल हो गया है। उसके पति नवीन उसके साथ ही रहते थे। लड़की का आरोप है कि ससुराल वाले अब उसे परेशान करते थे और नेहा को छोड़ने का कह रहे है। जिसके बाद अब नवीन दो दिन से घर नहीं आया। नेहा का आरोप है उसकी सास बबीता और जठानी गुड्डू ने उसके साथ काफी मारपीट की। इस दौरान दोनों ने धक्के मारकर निकाल दिया। नेहा ने कहा कि इस मामले को लेकर उसने थाना 1 शिकायत भी दी है।

    नेहा ने कहा कि उसकी यह दूसरी शादी है। नेहा का कहना है कि नवीन उस दौरान उसे परेशान करता था और कहता था कि वह उससे शादी कर लें, नहीं तो वह मर जाएगा। ऐसे में अब परेशान होकर नेहा ने सुसाइड की कोशिश की है। नेहा ने कहा कि इस दौरान उनके मोहल्ले वालों ने सुसराल वालों को मेरे  सुसाइड के बारे में जानकारी दी तो उन्होंने यह कह दिया थाना 1 में आकर पैसे लेकर मामला खत्म कर लों। हम लड़के को उसके पास नहीं भेज रहे। 

  • पंजाबः Punjab National Bank में घुसे चोर

    पंजाबः Punjab National Bank में घुसे चोर

    अजनालाः पंजाब में लूटपाट और चोरी की वारदातों में लगातार बढ़ौतरी हो रही है। वहीं देर रात चोरों ने पुलिस थाना झंडेर के अधीन आते गांव चेतनपुरा में पंजाब नेशनल बैंक की शाखा को लूटने की कोशिश की। घटना की जानकारी देते हुए डीएसपी अजनाला के संजीव कुमार, एसएचओ सतनाम सिंह और बैंक के मैनेजर राहुल बजाज ने बताया कि देर रात अज्ञात चोर बैंक की पिछली ओर से दीवार को तोड़कर बैंक के अंदर दाखिल हुए।

    इस दौरान उन्होंने बैंक के अंदर की दीवार को तोड़कर सेफ तिजोरी को तोड़ने की कोशिश की लेकिन वह कामयाब नहीं हो सके। इस घटना से बैंक कर्मचारियों व क्षेत्र में दहशत का माहौल है। गौरतलब है कि इस बैंक में पहले भी कई बार लूट हो चुकी है और दो बार बैंक के एटीएम को क्षतिग्रस्त किया जा चुका है और अड्डे पर कई दुकानों को भी चोरों ने निशाना बनाया है।

    बैंक के अधिकारी ने बताया कि बैंक के अंदर दिन में भी कोई सुरक्षाकर्मी मौजूद नहीं रहता है। वहीं रात की घटना के समय बैंक के सीसीटीवी कैमरे बंद थे। इलाका निवासियों की मांग है कि रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाई जाए ताकि इस तरह की घटना दोबारा न हो। झंडेर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और मामले की जांच की जा रही है।

  • बड़ी ख़बरः पूर्व मंत्री बेटे सहित गिरफ्तार

    बड़ी ख़बरः पूर्व मंत्री बेटे सहित गिरफ्तार

    उत्तर प्रदेशः बसपा सरकार में मंत्री रहे याकूब कुरैशी को आज दिल्ली से गिरफ्तार किया गया है। याकूब कुरैशी और बेटे इमरान पर आईजी मेरठ रेंज ने 50-50 हजार का इनाम रखा था। मेरठ की एसओजी टीम ने आरोपी पिता-पुत्र को दिल्ली के चांदनी चौक थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है। 31 मार्च 2022 को हापुड़ रोड पर याकूब कुरैशी की फैक्ट्री में पुलिस ने छापा मारा था। जहां पर अवैध तरीके से मीट पैकिंग का काम चल रहा था।

    पुलिस ने याकूब कुरैशी,  उनकी पत्नी संजीदा बेगम और बेटे इमरान व फिरोज के खिलाफ सहित 17 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। इससे कुछ महीने पहले मेरठ में राज्य के पूर्व मंत्री और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) नेता हाजी याकूब कुरैशी के स्वामित्व वाली एक मांस फैक्ट्री पर छापा मारा था। तब एक अधिकारी ने बताया कि पूर्व मंत्री के स्वामित्व वाली फैक्ट्री मेरठ में अवैध रूप से चल रही थी।

    याकूब कुरैशी ने उत्तर प्रदेश में 2019 का लोकसभा चुनाव लड़ा था और बीजेपी के सांसद राजेंद्र अग्रवाल से मामूली अंतर से हार गए थे। साल 2007 में वह यूपी में बसपा सरकार में मंत्री थे। कुरैशी एक डेनिश कार्टूनिस्ट के सिर पर इनाम की घोषणा करने के लिए सुर्खियों में आए थे, जिन्होंने 2006 में पैगंबर मोहम्मद का कैरिकेचर बनाया था। कुरैशी 2007 में यूपीयूडीएफ के उम्मीदवार के रूप में मेरठ सीट से चुने गए थे, जबकि बाद में वे बहुजन समाज पार्टी में शामिल हो गए थे। साल 2012 में, उन्होंने फिर से राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) का दामन थाम लिया था।

  • पंजाबः केंद्रीय जेल में भिड़े गैंगस्टर, कई घायल

    पंजाबः केंद्रीय जेल में भिड़े गैंगस्टर, कई घायल

    फिरोजपुरः केंद्रीय जेल फिरोजपुर में आज गैंगस्टरो के बीच खूनी झड़प होने का मामला सामने आया है। मिली जानकारी के अनुसार इस दौरान कुछ लोग घायल हुए हैं। जिनका उपचार किया जा रहा है। वहीं इस घटना दौरान घायल हुए एक गैंगस्टर रजनीश की हालत गंभीर देखते हुए उसे उपचार के लिए सिविल हस्पताल फिरोजपुर में शिफ्ट किया गया है, जहां उसका उपचार चल रहा है। बता दें कि कुछ दिन पहले भी फिरोजपुर जेल के हाई सिक्योरिटी जोन में खूनी झड़प हुई थी। जिसमें 2 लोग बुरी तरह से घायल हुए थे और उनको उपचार के लिए सिविल अस्पताल फिरोजपुर में दाखिल करवाया गया था। पुलिस द्वारा कार्रवाई की जा रही है।

  • NCSC ने IAS अधिकारी को गिरफ्तार करने के लिए DGP को किए आदेश जारी, देखें पत्र

    NCSC ने IAS अधिकारी को गिरफ्तार करने के लिए DGP को किए आदेश जारी, देखें पत्र

    चंडीगढ़ः राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग (एनसीएससी) के अदालती अधिकारी ने पंजाब के प्रिंसीपल सचिव (स्कूल शिक्षा) जसप्रीत तलवार के खिलाफ वारंट जारी किया और राज्य के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को आदेश दिया कि वह इस आईएएस अधिकारी को गिरफ्तार करके कमिशन के चेयरमैन विजय सांपला के नई दिल्ली कमिशन हैडक्वाटर स्थित अदालत में 17 जनवरी को 11 बजे पेश करें।

    उल्लेखनीय है कि वर्ष 2010 में जूनियर एवं जनरल कैटेगरी के प्रिंसीपलों को शिक्षा अधिकारी, प्रिंसीपल के पद पर नियुक्ति के मामले में सुनवाई के लिए समन देने के बावजूद प्रिंसीपल सचिव (स्कूल शिक्षा) जसप्रीत तलवार उपस्थित नहीं थे। इसीलिए आयोग ने सख्त तेवर दिखाते हुए संबंधित अधिकारी के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी कर पुलिस महानिदेशक को उपरोक्त आदेश दिए हैं।