Blog
-

Punjab News: एक्साइज मामले में अदालत के आदेश पर अमन अरोड़ा की प्रतिक्रिया, बोले – “यह सच्चाई की जीत”
चंडीगढ़, 27 फरवरी 2026: आम आदमी पार्टी (AAP) पंजाब के अध्यक्ष अमन अरोड़ा ने शुक्रवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में एक्साइज नीति मामले में अदालत द्वारा पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल, वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया और अन्य को डिस्चार्ज किए जाने के फैसले का स्वागत किया। उन्होंने इसे “सच्चाई और न्याय की जीत” बताया। मीडिया से बातचीत करते हुए अमन अरोड़ा ने कहा कि न्याय प्रक्रिया में समय लग सकता है, लेकिन सत्य को पराजित नहीं किया जा सकता। उन्होंने दावा किया कि यह मामला राजनीतिक उद्देश्य से प्रेरित था और अदालत के आदेश ने इस बात को स्पष्ट किया है। इस अवसर पर पंजाब के मंत्री हरजोत सिंह बैंस और हरदीप सिंह मुंदियां भी मौजूद थे। -

Punjab News: घर के बाहर से कार लेकर चोर फरार, देखें वीडियो
होशियारपुर। जिले में आये दिन चोरी की वारदातें लगातार बढ़ती जा रही है। चोर वारदातों को बेखौफ अंजाम दे रहे हैं। जिससे आये दिन लगातार लोगों के मन में डर का माहौल बना रहता है। इसी बीच एक नई आबादी मोहल्ले में घर के बाहर खड़ी एक कार चोरी होने का मामला सामने आया है। जहां, कार मालिक पंकज ने बताया कि रोज की तरह उन्होंने अपनी वैगन आर कार (नंबर PB 07 K 6383) घर के बाहर गली में पार्क की हुई थी। सुबह करीब 5:15 बजे दो युवक मोटरसाइकिल पर वहां पहुंचे। उनमें से एक युवक ने कार का लॉक खोला और कुछ ही मिनटों में गाड़ी चोरी करके मौके से फरार हो गए।
सीसीटीवी में कैद हुई पूरी घटना
यह पूरी घटना इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज में चोरी की वारदात साफ दिखाई दे रही है।पुलिस में दर्ज कराई शिकायत
कार मालिक पंकज ने इस मामले को लेकर थाना सिटी में शिकायत दर्ज करवा दी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। -

Punjab News: एक्साइज नीति मामले में आरोप समाप्त होने पर बोले CM मान, कहा – “AAP का रुख सही साबित हुआ”
चंडीगढ़, 27 फरवरी 2026: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि एक्साइज नीति मामले में अदालत द्वारा आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल, वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया और अन्य के खिलाफ आरोप समाप्त किए जाने का फैसला पार्टी के उस रुख को मजबूती देता है, जिसमें केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप लगाया जाता रहा है। एक वीडियो संदेश जारी करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अदालत का फैसला देश की राजनीति में एक महत्वपूर्ण दिन के रूप में देखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह मामला राजनीतिक प्रतिद्वंद्वियों को निशाना बनाने की कोशिश था।“अदालत का आदेश सच्चाई की जीत”
भगवंत सिंह मान ने कहा कि अदालत का आदेश यह दर्शाता है कि लंबी कानूनी प्रक्रिया के बाद न्याय सामने आता है। उन्होंने उन लोगों का भी धन्यवाद किया, जिन्होंने पार्टी नेतृत्व के समर्थन में प्रार्थनाएं कीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस फैसले से केंद्रीय एजेंसियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठे हैं और यह राजनीतिक बहस का विषय बन सकता है। मुख्यमंत्री ने अपने बयान में दिल्ली की राजनीतिक परिस्थितियों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि चुनावी राजनीति के दौरान पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं को कानूनी मामलों का सामना करना पड़ा था। उन्होंने दावा किया कि अदालत का फैसला पार्टी नेतृत्व की ईमानदारी को दर्शाता है। भगवंत सिंह मान ने अपने संदेश में पारंपरिक राजनीतिक दलों की कार्यशैली पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी ने राजनीति में आम नागरिक के कल्याण का मुद्दा केंद्र में रखा है, जिससे अन्य दल असहज हैं। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने वालों को कानूनी मामलों में उलझाने की कोशिश की जाती है।केंद्र सरकार को चुनौती
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री और केंद्रीय गृह मंत्री का नाम लिए बिना कहा कि सत्ता में बने रहने के लिए जन समर्थन आवश्यक है और विकास कार्यों पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली और रोजगार जैसे मुद्दों को प्राथमिकता देने की आवश्यकता पर बल दिया। मुख्यमंत्री ने समाज में सभी धर्मों के शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व को देश की प्रगति के लिए आवश्यक बताया। उन्होंने कहा कि विविधता ही भारत की ताकत है। भगवंत सिंह मान ने कहा कि अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में दिल्ली में शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सेवाओं के क्षेत्र में सुधार किए गए। उन्होंने दावा किया कि बजट का उपयोग जनकल्याण योजनाओं में किया गया। मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि देश को आगे बढ़ाने के लिए पारदर्शी शासन और जनहितकारी नीतियां आवश्यक हैं। -

अरविंद केजरीवाल व मनीष सिसोदिया बरी, जिला अध्यक्ष अभि चड्डा ने किया स्वागत
ऊना/सुशील पंडित: दिल्ली एक्साइज पॉलिसी से जुड़े कथित भ्रष्टाचार मामले में पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को सीबीआई मामले में बरी किए जाने के बाद आम आदमी पार्टी के जिला अध्यक्ष ऊना अभि चड्डा ने न्यायालय के निर्णय का स्वागत करते हुए माननीय अदालत का धन्यवाद किया है।

इस मामले में पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को भी राहत मिली है। दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने अपना फैसला सुनाते हुए कहा कि लगाए गए आरोपों के समर्थन में पर्याप्त साक्ष्य प्रस्तुत नहीं किए जा सके, ऐसे में आरोप सिद्ध नहीं होते। जिला अध्यक्ष अभि चड्डा ने कहा कि यह निर्णय सत्य की विजय है। उन्होंने कहा, “भगवान के घर देर है, अंधेर नहीं। आज सच की जीत हुई है और झूठ की दीवार गिर गई है।”
उन्होंने आगे कहा कि राजनीतिक द्वेष के तहत लगाए गए आरोप अंततः न्यायालय में टिक नहीं सके। पार्टी कार्यकर्ताओं में इस निर्णय के बाद खुशी की लहर है और उन्होंने इसे न्याय व्यवस्था पर जनता के विश्वास को मजबूत करने वाला फैसला बताया। अभि चड्डा ने कहा कि न्यायपालिका पर देश की जनता को पूरा भरोसा है और यह फैसला उसी विश्वास को और सुदृढ़ करता है।
-

ऊना में डेढ़ साल में सामाजिक सुरक्षा पर 186 करोड़ व्यय, 70 हज़ार से अधिक परिवारों को सीधा लाभ
ऊना/सुशील पंडित: उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार समाज के कमजोर एवं वंचित वर्गों के सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है। ऊना जिले में बीते डेढ़ वर्ष के दौरान सामाजिक सुरक्षा योजनाओं पर 186 करोड़ रुपये व्यय किए गए हैं, जिससे 70 हजार से अधिक पात्र परिवारों को सीधा लाभ पहुंचा है। वे शुक्रवार को जिला परिषद सभागार ऊना में आयोजित जिला कल्याण समिति की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में श्री चिंतपूर्णी के विधायक सुदर्शन बबलू, उपायुक्त जतिन लाल, पुलिस अधीक्षक सचिन हिरेमठ, समिति के गैर-सरकारी सदस्य तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पारदर्शी एवं समयबद्ध ढंग से पहुंचे। उन्होंने बताया कि जिले में वर्ष 2024-25 में 121 करोड़ रुपये तथा चालू वित्त वर्ष में अब तक 64.65 करोड़ रुपये व्यय कर 70 हजार से अधिक लाभार्थियों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन प्रदान की गई है। वर्तमान वित्त वर्ष में वृद्धावस्था पेंशन के तहत 44,818 लाभार्थियों को 41.97 करोड़ रुपये वितरित किए गए। विधवा पेंशन के अंतर्गत 9,412 महिलाओं को 8.98 करोड़ रुपये तथा 6,065 दिव्यांगजनों को दिव्यांग राहत भत्ते के रूप में 5.7 करोड़ रुपये की सहायता प्रदान की गई। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना के तहत 5,451 पात्र महिलाओं को 5.17 करोड़ रुपये तथा इंदिरा गांधी विधवा पेंशन योजना के अंतर्गत 2,055 महिलाओं को 1.9 करोड़ रुपये की राशि प्रदान की गई है। सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से अंतरजातीय विवाह प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत 76 दंपत्तियों को 38 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि दी गई। अत्याचार से पीड़ित 32 व्यक्तियों को 12.75 लाख रुपये की राहत प्रदान की गई। कौशल विकास के क्षेत्र में 162 युवाओं को कंप्यूटर एप्लीकेशन योजना के तहत 79.73 लाख रुपये का कौशल विकास भत्ता दिया गया। दिव्यांग छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत 11 लाभार्थियों को 1.41 लाख रुपये तथा दिव्यांग विवाह अनुदान योजना के तहत 7 दंपत्तियों को 2.75 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। इसके अतिरिक्त 26 एससी, एसटी एवं ओबीसी परिवारों को गृह अनुदान योजना के तहत 8.25 लाख रुपये की सहायता दी गई। उपमुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिला स्तर पर योजनाओं की नियमित समीक्षा सुनिश्चित की जाए, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि सामाजिक सुरक्षा योजनाएं केवल आर्थिक सहयोग नहीं, बल्कि सम्मान और सुरक्षा की भावना से जुड़ी संवेदनशील पहल हैं। विधायक सुदर्शन बबलू ने बैठक में विभिन्न जनहित मुद्दों को उठाते हुए योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने पर जोर दिया। उपायुक्त जतिन लाल ने आश्वस्त किया कि बैठक में दिए गए निर्देशों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा और योजनाओं की प्रभावी मॉनिटरिंग की जाएगी। जिला कल्याण अधिकारी आवास पंडित ने विभागीय योजनाओं का विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया। बैठक में कांग्रेस जिला अध्यक्ष देशराज गौतम, वरिष्ठ नेता रणजीत राणा, जल प्रबंधन बोर्ड सदस्य पवन ठाकुर, राज्य परिवहन निगम सदस्य विवेक मिंका, मेहताब ठाकुर सहित अन्य गैर-सरकारी सदस्य, सहायक आयुक्त वरिंद्र शर्मा तथा जिले के सभी एसडीएम एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। -

पिता ने बेटे की गला रेतकर की निर्मम हत्या, फिर खुद भी खाया सल्फास… जानें पूरा मामला
भीलवाड़ा। राजस्थान के भीलवाड़ा जिले से एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां एक पिता ने अपने 13 साल के बेटे की धारदार दरांती से हत्या कर दी और बाद में खुद जहर खाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस टीम मामले की जांच कर रही है।
पिता ने बेटे की दरांती से हत्या की
यह घटना मांडलगढ़ क्षेत्र के बड़ला गांव की है। पुलिस के अनुसार, गांव के रहने वाले राधेश्याम नाम के व्यक्ति ने अपने 13 साल के बेटे वंश पर दरांती से हमला कर दिया। हमला इतना गंभीर था कि बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना से पूरे गांव में सनसनी फैल गई।बेटे की हत्या के बाद पिता ने खाया जहर
बेटे की हत्या करने के बाद आरोपी पिता ने खुद भी सल्फास की गोलियां खा लीं। जब गांव के लोगों को घटना की जानकारी मिली तो उन्होंने तुरंत उसे अस्पताल पहुंचाया। ग्रामीण उसे इलाज के लिए महात्मा गांधी अस्पताल लेकर गए, लेकिन इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।पुलिस और एफएसएल टीम ने जुटाए सबूत
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। साथ ही एफएसएल (फॉरेंसिक टीम) ने घटनास्थल से सबूत इकट्ठा किए। पुलिस ने दोनों शवों का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।आठवीं कक्षा में पढ़ता था बेटा
पुलिस के अनुसार मृत बच्चा वंश आठवीं कक्षा का छात्र था और अपने पिता के साथ ही रहता था। बताया जा रहा है कि राधेश्याम की पत्नी घरेलू विवाद के कारण अपने मायके में रह रही थी। हालांकि हत्या की असली वजह क्या थी, इसका अभी पता नहीं चल पाया है और पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। -

सीएन फार्मा प्रायोजित बीबीएन क्रिकेट लीग सीजन-6 की तैयारियां तेज
20 से 22 मार्च तक निमंत्रण होटल बद्दी में होंगे मुकाबले
बद्दी/सचिन बैंसल: सीएन फार्मा द्वारा प्रायोजित बीबीएन क्रिकेट लीग सीजन-6 को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। शुक्रवार को बीबीएनआईए हॉल में लीग की दूसरी महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में लीग में भाग ले रही 12 टीमों के कप्तानों के साथ विभिन्न अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई तथा प्रतियोगिता के नियम एवं शर्तें निर्धारित की गईं। लीग के चेयरमैन मुकेश ने बताया कि इस बार प्रतियोगिता में कुल 18 मैच खेले जाएंगे। इनमें 15 मैच पूल चरण के होंगे, जबकि एक सेमीफाइनल और एक फाइनल मुकाबला आयोजित किया जाएगा। पूल चरण के सभी मैच 10-10 ओवर के होंगे, जबकि सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले 15-15 ओवर के खेले जाएंगे। सभी मुकाबले हरे रंग की टेनिस बॉल से निमंत्रण होटल, बद्दी में खेले जाएंगे। प्रतियोगिता की खास बात यह है कि इसमें केवल 30 वर्ष से अधिक आयु के खिलाड़ी ही भाग ले सकेंगे।
आयोजकों ने बताया कि 13 मार्च को सभी टीमों की ड्रेस और ट्रॉफियों का विधिवत लॉन्च किया जाएगा। साथ ही यह भी तय किया गया कि आगामी 2 मार्च तक सभी टीमों को अपने आवश्यक दस्तावेज हर हाल में जमा करवाने होंगे। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए 25 हजार रुपये का प्रवेश शुल्क निर्धारित किया गया है। बैठक में सभी टीमों के कप्तानों के अलावा बीबीएनआईए के अध्यक्ष वाईएस गुलेरिया, अजय चौधरी और राजीव सत्य भी उपस्थित रहे। यह बहुप्रतीक्षित क्रिकेट प्रतियोगिता 20 से 22 मार्च तक आयोजित की जाएगी, जिसमें क्षेत्र की प्रमुख टीमें भाग लेंगी।
-

Haryana News: जाट आरक्षण हिंसा केस में CBI कोर्ट का आया बड़ा फैसला, देखें वीडियो
पंचकूला। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) की विशेष अदालत ने साल 2016 के जाट आरक्षण आंदोलन के दौरान हुई हिंसा से जुड़े एक हाई-प्रोफाइल मामले में बड़ा फैसला सुनाया है। यह मामला हरियाणा के पूर्व वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु की कोठी में आग लगाने से जुड़ा था।
क्या है पूरा मामला
यह घटना फरवरी 2016 में जाट आरक्षण आंदोलन के दौरान हुई थी। आंदोलन के समय रोहतक में हिंसा भड़क गई थी। इसी दौरान प्रदर्शनकारियों की भीड़ ने दिल्ली बाईपास स्थित कैप्टन अभिमन्यु की कोठी पर हमला कर दिया और उसे आग के हवाले कर दिया।मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) को सौंपी गई थी, जिसने कई लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में चार्जशीट दाखिल की थी।
कोर्ट का फैसला क्या रहा
पंचकूला की सीबीआई कोर्ट ने इस मामले में कुल 60 आरोपियों पर सुनवाई की। कोर्ट ने 56 आरोपियों को सबूतों की कमी के कारण बरी कर दिया। तीन आरोपी जिन्में विजेंद्र, प्रदीप और सुमित की सुनवाई के दौरान मौत हो चुकी है। एक आरोपी धर्मेंद्र हुड्डा को कोर्ट ने प्रोक्लेम्ड ऑफेंडर (पीओ) घोषित किया है, जो फिलहाल फरार है।जेल में बंद आरोपी की रिहाई संभव
इस केस में रोहतक के खेड़ी साधी गांव का रहने वाला एक आरोपी प्रदीप जेल में बंद था। कोर्ट के फैसले के बाद उसे आज रिहा किया जा सकता है।कैप्टन अभिमन्यु की आई प्रतिक्रिया
पूर्व वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने अदालत के फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वे कोर्ट के निर्णय का सम्मान करते हैं। -

Punjab News: धमकी भरे E-mail के बाद जिले में High Alert, रेलवे स्टेशन पर की गई Checking, देखें वीडियो
अमृतसर। जिले के अलग-अलग स्कूलों को धमकी भरे ईमेल और शताब्दी ट्रेन को धमकी मिलने के बाद शहर में सिक्योरिटी एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया। पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए शहर के सेंसिटिव इलाकों में स्पेशल चेकिंग ऑपरेशन शुरू किया। शहर के नॉवेल्टी चौक पर पुलिस ने आने-जाने वाली हर कार और टू-व्हीलर को रोककर उनकी अच्छी तरह से तलाशी ली।
कागज़ात चेक करने के अलावा, गाड़ियों के सामान और संदिग्ध चीज़ों की भी चेकिंग की गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सिक्योरिटी के मद्देनजर कोई लापरवाही नहीं बरती जा रही है। इसके साथ ही, अमृतसर रेलवे स्टेशन पर भी कड़े सिक्योरिटी इंतज़ाम किए गए थे। हर संदिग्ध यात्री की अच्छी तरह से तलाशी ली गई और ट्रेनों के अंदर भी चेकिंग की गई।
शताब्दी ट्रेन को खास तौर पर ध्यान में रखते हुए, पुलिस ने डॉग स्क्वायड और बम स्क्वायड टीमों की मदद से प्लेटफॉर्म और कोच की तलाशी ली। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि स्थिति पूरी तरह से कंट्रोल में है और लोगों को घबराने की ज़रूरत नहीं है। फिलहाल, जांच जारी है और धमकी भरे ईमेल के सोर्स का पता लगाया जा रहा है।
-

विकास परियोजनाओं की हो सतत निगरानी और नियमित समीक्षा, कोताही बर्दाश्त नहीं : उपमुख्यमंत्री
माता श्री चिंतपूर्णी मंदिर निर्माण परियोजना में विलंब पर जताई नाराज़गी ऊना/ सुशील पंडित: उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने ऊना जिले में निर्माणाधीन प्रमुख विकास परियोजनाओं की सतत एवं प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि जिन परियोजनाओं को विशेष गति की आवश्यकता है, उनकी उपायुक्त की अध्यक्षता में नियमित समीक्षा की जाए। विभागीय स्तर पर मासिक बैठकें अनिवार्य रूप से आयोजित हों तथा प्रत्येक माह उपायुक्त स्वयं प्रगति की विस्तृत समीक्षा करें, ताकि सभी जनोपयोगी कार्य तय समयसीमा में पूर्ण हो सकें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे कार्यालयों तक सीमित न रहें, बल्कि फील्ड में उतरकर कार्यों की प्रगति की प्रत्यक्ष निगरानी करें। वे शुक्रवार को जिला परिषद सभागार, ऊना में आयोजित जिला जन शिकायत निवारण समिति की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में श्री चिंतपूर्णी के विधायक सुदर्शन बबलू सहित समिति के गैर सरकारी सदस्य एवं विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। माता श्री चिंतपूर्णी मंदिर निर्माण परियोजना में विलंब पर जताई नाराज़गी उपमुख्यमंत्री अग्निहोत्री ने माता श्री चिंतपूर्णी मंदिर भवन निर्माण एवं परिसर सौंदर्यीकरण कार्यों में हो रही अनावश्यक देरी पर कड़ी नाराज़गी व्यक्त करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि समस्त कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि जब माता वैष्णो देवी मंदिर का भव्य स्वरूप विकसित हो सकता है, जब श्री वृंदावन धाम में व्यापक विकास कार्य संभव हैं, तो फिर माता श्री चिंतपूर्णी मंदिर में कार्यों में विलंब क्यों । उन्होंने कहा कि पर्याप्त धनराशि उपलब्ध होने के बावजूद कार्य आरंभ न होना अस्वीकार्य है। उन्होंने दो टूक कहा कि मंदिर कागजों पर नहीं, धरातल पर बनना चाहिए। यदि राजनीतिक इच्छाशक्ति प्रशासनिक स्तर पर परिलक्षित न हो, तो योजनाएं मूर्त रूप कैसे लेंगी।उन्होंने कहा कि केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय की प्रसाद योजना के अंतर्गत प्राप्त 56 करोड़ रुपये तथा जिला प्रशासन के 75 करोड़ रुपये उपलब्ध होने के बावजूद अपेक्षित प्रगति नहीं दिख रही है। उपमुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि जिला प्रशासन दक्षिण भारत के प्रमुख मंदिरों के प्रबंधन एवं विकास मॉडल का अध्ययन करने हके लिए एक टीम भेजे, ताकि वहां हजारों करोड़ रुपये की परियोजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन और अभिनव व्यवस्थाओं से सीख ली जा सके। उसी तर्ज पर आधुनिक और नवाचारपूर्ण कार्य यहां भी लागू किए जाएं और उन्हें निश्चित समयसीमा में पूरा किया जाए। मंदिर परिसर और मार्ग में सेल्फी पॉन्ट्स, अंब रेलवे स्टेशन पर मंदिर की प्रतिकृति वाला सेल्फी पॉन्ट्स बनाने को लेकर भी विचार करें। उन्होंने मंदिर से भरवाई तक सीसीटीवी कैमरों, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छ एवं सुलभ शौचालयों तथा रेन शेल्टर की व्यवस्था को तत्काल सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। उन्होंने माता श्री चिंतपूर्णी मुख्य बाजार में बिजली की तारों को अंडरग्राउंड डक्ट बनाने को कहा ताकि अटकी श्रद्धालुओं को राहत मिले। जल्द शुरू हो श्री माता चिंतपूर्णी मंदिर रोपवे परियोजना उपमुख्यमंत्री ने धार्मिक पर्यटन को नई उंचाई देने के उद्देश्य से श्री माता चिंतपूर्णी मंदिर से संबंधित रोपवे परियोजना को शीघ्र सिरे चढ़ाने के निर्देश दिए । उन्होंने कहा कि यह लगभग 100 करोड़ रुपये की महत्वाकांक्षी परियोजना है, जो श्रद्धालुओं की सुविधा के साथ-साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी सशक्त करेगी। उन्होंने इस परियोजना को आगे बढ़ाने के लिए जनप्रतिनिधियों, प्रशासन और स्थानीय लोगों के साथ समन्वय स्थापित कर कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने को कहा ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके। पंडोगा में 12 करोड़ से बनेगा रोपवे परियोजना उपमुख्यमंत्री ने हरोली विधानसभा क्षेत्र के पंडोगा में रोपवे परियोजना को पूरी गति से आगे बढ़ाने को कहा । उन्होंने बताया कि पंडोगा क्षेत्र में वनखंडी के समीप रेस्ट हाउस के पास वनखंडी माता मंदिर के लिए लगभग 12 करोड़ रुपये की लागत से रोपवे निर्माण कार्य को प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है। यह रोपवे होशियारपुर सीमा से पंडोगा तक निर्मित किया जाएगा, जिसके लिए टेंडर प्रक्रिया आरम्भ कर दी गई है। इसी साल अक्टूबर माह तक रोपवे निर्माण कार्य पूर्ण कर इसे जनता को समर्पित करने केंलक्ष्य से काम करने को कहा, ताकि क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को नया प्रोत्साहन मिल सके। प्राथमिकता पर हो पुलों के काम, कोई मिसिंग लिंक न छूटे बैठक में उपमुख्यमंत्री ने कहा कि जिले में सड़कों एवं पुलों पर अरबों रुपये की परियोजनाएं पूर्ण होने से कनेक्टिविटी में उल्लेखनीय सुधार आया है। लेकिन जिले के पांचों विधानसभा क्षेत्रों के अधिशासी अभियंता यह सुनिश्चित करें कि कहीं कोई ‘मिसिंग लिंक’ शेष न रह जाए। कहां कहां काम पूरे हो गए, कहां कहां चले हैं और क्या कोई ऐसी जगह है जहां पुल निर्माण की आवश्यकता अभी भी भी बाकी है उसका समग्र डाटा विभाग एवं जिला प्रशासन के पास उपलब्ध होना चाहिए। उन्होंने कहा कि निर्माणाधीन पुलों के कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध पूरा किया जाए ताकि कनेक्टिविटी निर्बाध बनी रहे। उन्होंने कहा कि पूर्व में स्वां नदी में बाढ़ आने पर दोनों किनारों के लोग कट जाते थे, यातायात बाधित हो जाता था, लेकिन अब अनेक पुलों के निर्माण से आमजन को बड़ी राहत मिली है।उन्होंने जिले में निर्माणाधीन पांच प्रमुख पुलों के कार्यों की नियमित निगरानी करते हुए उन्हें प्राथमिकता पर शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। ऊना-संतोषगढ़ मार्ग पर रामपुर में वर्ष 2024 में क्षतिग्रस्त पुल के स्थान पर स्थापित बैली ब्रिज की बजाय स्थायी पक्का पुल निर्माण के लिए डीपीआर तैयार कर इसे आगामी बजट में हर हाल में शामिल कराने के निर्देश दिए। इसके लिए उपायुक्त को व्यक्तिगत स्तर पर प्रयास सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने लाठियानी-मंदली पुल परियोजना की प्रगति की सतत मॉनिटरिंग के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि निर्माण किसी भी एजेंसी द्वारा किया जा रहा हो, किंतु जिला प्रशासन के पास इसकी अद्यतन जानकारी एवं प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध होनी चाहिए। इसके अतिरिक्त पंडोगा-त्यूड़ी पुल, लोहारली-चुरड़ू पुल तथा स्वां नदी पर अंब रेलवे स्टेशन एवं गगरेट को जोड़ने वाले पुल के निर्माण कार्यों को भी समयबद्ध पूर्ण करने के निर्देश दिए । ट्यूबवेलों के जीर्णोद्धार के लिए तैयार हो समेकित डीपीआर उपमुख्यमंत्री ने जल प्रबंधन से संबंधित विषयों पर चर्चा करते हुए बताया कि ऊना जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में लगभग 600 ट्यूबवेल संचालित हैं। जिन ट्यूबवेलों की मरम्मत अथवा पुनर्निर्माण की आवश्यकता है, उन्हें चिह्नित कर एक समेकित डीपीआर तैयार की जाए, ताकि वित्तीय स्वीकृति के लिए प्रस्ताव एकमुश्त भेजा जा सके और आवश्यक रिमॉडलिंग कार्य संपन्न हो सके। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी ट्यूबवेलों को नवीन क्रम संख्या देकर विधानसभा-वार अद्यतन डाटा तैयार किया जाए, जिससे वर्तमान आवश्यकताओं के अनुरूप समग्र योजना निर्माण संभव हो सके। जल परिवहन को बढ़ावा, बंगाणा में संभावनाएं तलाशने के निर्देश उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार राज्य में जल परिवहन को सशक्त बनाने की दिशा में गंभीरता से कार्य कर रही है। इस दिशा में 68 करोड़ रुपये का एमओयू भी किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि ऊना जिले के बंगाणा क्षेत्र में गोविंद सागर झील के कारण जल परिवहन और जल-आधारित पर्यटन की व्यापक संभावनाएं मौजूद हैं। यदि बंगाणा क्षेत्र के लिए कोई व्यवहारिक एवं नवाचार आधारित प्रस्ताव तैयार कर भेजा जाता है तो यह क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण पहल साबित हो सकता है। उन्होंने उपायुक्त को निर्देश दिए कि इस संबंध में संभावनाओं का अध्ययन कर ठोस प्रस्ताव तैयार किया जाए। आलू प्रोसेसिंग प्लांट का कार्य शीघ्र आरंभ हो उपमुख्यमंत्री ने श्री चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र में प्रस्तावित आलू प्रोसेसिंग प्लांट के निर्माण कार्य को शीघ्र आरंभ करने के निर्देश दिए। इसके लिए भूमि संबंधी औपचारिकताएं पूर्ण हो चुकी हैं। उन्होंने कहा कि निर्माण एजेंसी, उपायुक्त तथा स्थानीय विधायक संयुक्त रूप से बैठक कर प्लांट के लेआउट पर चर्चा कर उसे अंतिम रूप दें, ताकि कार्य प्रारंभ किया जा सके। उन्होंने कहा कि परियोजना की आधारशिला मुख्यमंत्री के हाथों रखवाने का आग्रह किया जाएगा। ईको-टूरिज्म की व्यापक संभावनाओं पर काम करें उपमुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि ऊना जिले में ईको-टूरिज्म की व्यापक संभावनाओं को चिन्हित कर योजनाबद्ध एवं चरणबद्ध तरीके से कार्य किया जाए, ताकि प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के साथ-साथ स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित किए जा सकें। इस दिशा में संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ ठोस कार्ययोजना तैयार करें। श्री अग्निहोत्री ने लावारिस पशुओं की समस्या को देखते हुए कृषि विभाग के माध्यम से संचालित बाड़बंदी योजना के प्रचार प्रसार पर जोर दिया। इस योजना के तहत बजट बढ़ाने को उपायुक्त के माध्यम से प्रपोजल भेजें। ताकि किसानों को फसलों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त संसाधन उपलब्ध हो सकें और योजना का दायरा अधिक प्रभावी ढंग से विस्तारित किया जा सके। दूषित जल निकासी पर सख्त कार्रवाई के निर्देश उपमुख्यमंत्री ने बैठक में टाहलीवाल क्षेत्र में कुछ औद्योगिक इकाइयों द्वारा दूषित जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने के मुद्दे पर गंभीर चिंता व्यक्त की तथा प्रशासन को तत्काल प्रभाव से कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संबंधित औद्योगिक इकाइयों द्वारा पर्यावरणीय मानकों एवं नियमों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने निर्देशित किया कि नाले का निर्माण आबादी क्षेत्र से बाहर तक सुव्यवस्थित ढंग से किया जाए, ताकि स्थानीय निवासियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े तथा दूषित जल की निकासी आबादी से दूर सुरक्षित रूप से हो सके। इस कार्य की समस्त लागत भी संबंधित एवं जिम्मेदार औद्योगिक इकाइयों द्वारा वहन की जाए। चिंतपूर्णी माता मंदिर पेयजल योजना का लोकार्पण 28 को उपमुख्यमंत्री ने कहा कि श्री चिंतपूर्णी माता मंदिर एवं साथ लगती पंचयतों के लिए करीब 12.25 करोड़ से 100 फीसदी तैयार कर ली गई है। इस पेयजल योजना का 28 फरवरी शनिवार को लोकार्पण किया जाएगा। विधायक सुदर्शन बबलू ने उठाए महत्वपूर्ण मुद्दे श्री चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुदर्शन बबलू ने बैठक में विभिन्न जनहित मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने समिति की बैठक हर तीन महीने के अंतराल में आयोजित कराने का आग्रह किया ताकि विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा नियमित हो सके। विधायक ने माता श्री चिंतपूर्णी मंदिर के विकास के लिए दिए गए निर्देशों पर आभार जताते हुए कहा कि बड़े मंदिरों की तर्ज पर समग्र विकास कार्य शीघ्र आरंभ करने और आधारशिला जल्द रखने का आग्रह किया। उपायुक्त जतिन लाल ने उपमुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए भरोसा दिया कि उपमुख्यमंत्री द्वारा बैठक में दिए सभी निर्देशों का पूरा पालन सुनिश्चित किया जाएगा। बैठक में कांग्रेस के जिला अध्यक्ष देशराज गौतम, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता वरिष्ठ रणजीत राणा, जल प्रबंधन बोर्ड के सदस्य पवन ठाकुर, राज्य परिवहन निगम के सदस्य विवेक मिंका, हिमाचल प्रदेश के रोपवे एवं रैपिड ट्रांसपोर्ट सिस्टम डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन के निदेशक अजय शर्मा , मेहताब ठाकुर सहित अन्य गैर सरकारी सदस्य, पुलिस अधीक्षक सचिन हिरेमठ, सहायक आयुक्त वरिंद्र शर्मा समेत सभी एसडीएम एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।