Blog

  • पंजाबः इस इलाके में ट्रिपल हुआ मर्डर, लोगों में मचा हड़कंप

    पंजाबः इस इलाके में ट्रिपल हुआ मर्डर, लोगों में मचा हड़कंप

    लुधियाना: न्यू जनकपुरी सलेम टाबरी के अधीन आते लक्ष्मीनगर से बड़ी खबर सामने आई है। जहां ट्रिपल मर्डर होने का मामला सामने आया है। मिली जानकारी के मुताबिक इलाके में सास, बहू-बेटे की तेजधार हथियारों से हत्या कर दी गई है। स्थानीय लोगों के अनुसार 2 दिन से दूध वाला दूध देने आ रहा था, लेकिन दरवाजा ना खोलने पर वह वापिस चला जाता था। आज जब वह उसने घर का दरवाजा खोला तो शोर मचाने लगा। इस दौरान आस-पास के लोग इकट्ठा हो गए। लोगों ने देखा कि तीनों की लाशें अंदर खून से लथपथ पड़ी हुई थी। जिनमें 2 बैड पर और एक उसी कमरे में नीचे फर्श पर पड़ी थी।

    मृतकों की पहचान चमन लाल, उनकी पत्नी सुरिंदर कौर और मां बचन कौर के तौर पर हुई है। इनकी उम्र 70 से 90 साल के बीच में है। इनके बच्चे विदेश में रहते हैं। पड़ोसियों का कहना है कि कल पूरा दिन परिवार के तीनों लोग घर से बाहर नहीं निकले थे। थाना सलेमटाबरी के एसएचओ हरजीत सिंह ने कहा कि पुलिस घटनास्थल की जांच कर रही है। पुलिस ने जांच की तो पता चला कि लाशें 2 दिन पुरानी है। आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। लाश पोस्टमार्टम के लिए भिजवाई जा रही हैं। हत्या की वजह क्या है, इसके बारे में अलग-अलग एंगलों से जांच की जा रही है।

  • जालंधरः The Pet Club का दुकानदार सहित एक अन्य शेर का बच्चा बेचने के मामले में गिरफ्तार

    जालंधरः The Pet Club का दुकानदार सहित एक अन्य शेर का बच्चा बेचने के मामले में गिरफ्तार

    जांच में हुआ खुलासा, अब तक बेच चुके 2 बाज और 5 कछुए 

    जालंधर, ENS: करतारपुर की पुलिस और जंगलात विभाग ने मिलकर एनिमल तस्करी करने वाले बड़े गिरोह का पर्दाफाश करने का दावा किया है। 95 लाख रुपए में बंगाल टाइगर के शावक को बेचने की डील कर रहे गिरोह के तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर दो को हिरासत में लिया है। आरोपियों की पहचान गांव नगला निवासी मनीष कुमार और तेज मोहन नगर निवासी अनमोल कुमार के रूप में हुई है। मामले में नामजद तीसरा आरोपी न्यू देओल नगर निवासी दीपांशु अरोड़ा अभी फरार है। थाना करतारपुर के प्रभारी रमनदीप सिंह ने बताया कि जंगलात विभाग के वन रेंज अफसर जसवंत सिंह ने शिकायत दर्ज करवाई थी। उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि किशनगढ़ में द पेट क्लब के नाम से दुकान चलाने वाले मनीष कुमार जंगली जानवरों की तस्करी करता है।

    95 लाख रुपए में की जा रही थी डील 

    अफसर ने बताया कि जांच करवाई गई तो पता लगा कि वह पहले भी गिरोह के साथ मिल जंगली जानवर बेच चुका है, और अब व्हाट्सएप ग्रुप में ग्राहकों को टाइगर के शावक की वीडियो भेज कर 95 लाख रुपए में डील करने की कोशिश कर रहा है। थाना प्रभारी ने बताया कि शिकायत मिलते ही जंगलात विभाग के साथ मिल मामले की जांच कर आरोपी मनीष कुमार अनमोल और दीपांशु अरोड़ा के खिलाफ नेशनल वाइल्ड लाइफ प्रोटेक्शन एक्ट 1972 के तहत 10 धाराएं लगाकर केस दर्ज कर लिया है। सूत्रों के मुताबिक किशनगढ़ में दुकान चलाने वाले मनीष कुमार और अनमोल को पकड़ लिया गया है। मामले में नामजद तीसरे आरोपी दीपांशु अरोड़ा को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी की जा रही हैं।

    गिरोह अब तक 5 बाज और 3 कछुए की कर चुका है तस्करी

    वन विभाग के अफसर जसवंत सिंह ने बताया कि पूछताछ दौरान मनीष कुमार ने माना कि वह अब तक अपने गिरोह के साथ मिलकर 6-6 हजार रुपए में पांच बाज और तीन कछुए भारी दामों में बेच चुका है। वन विभाग के अफसर ने बताया कि यह गिरोह बड़े स्तर पर अपने मोबाइल की मदद से सोशल मीडिया पर ग्राहकों के ग्रुप बनाकर जंगली जानवरों की फोटो और वीडियो डालते हैं, जिससे ग्राहक इनके संपर्क में आते हैं।

  • श्रद्धालुओं के लिए अहम खबर, अमरनाथ यात्रा हुई स्थगित 

    श्रद्धालुओं के लिए अहम खबर, अमरनाथ यात्रा हुई स्थगित 

    जम्मूः कश्मीर के कई हिस्सों में बारिश के कारण शुक्रवार को अमरनाथ यात्रा स्थगित कर दी गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बालटाल और पहलगाम, दोनों ही मार्गों पर यात्रा स्थगित कर दी गई है। अधिकारियों ने कहा, ‘‘यात्रा स्थगित कर दी गई है और किसी श्रद्धालु को आज सुबह गुफा की ओर जाने की अनुमति नहीं है।’’ उन्होंने बताया कि शुक्रवार सुबह भारी बारिश शुरू हो गई, जिसके कारण श्रद्धालुओं की यात्रा अस्थायी रूप से स्थगित कर दी गई। अधिकारियों के मुताबिक, श्रद्धालुओं को बालटाल और नूनवान आधार शिविरों में रोक दिया गया है। उन्होंने कहा कि मौसम ठीक होते ही यात्रा फिर से शुरू कर दी जाएगी। अधिकारियों ने बताया कि इससे पहले तड़के करीब पौने चार बजे 7,000 से अधिक श्रद्धालुओं का नया जत्था जम्मू स्थित आधार शिविर से अमरनाथ यात्रा के लिए रवाना हुआ था।

    श्रद्धालु यहां कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच 247 वाहनों में भगवती नगर आधार शिविर से घाटी की तरफ बढ़े थे। अधिकारियों के अनुसार, पहलगाम जा रहे 153 वाहनों के काफिले में 4,600 तीर्थयात्री सवार थे, जबकि 2,410 तीर्थयात्रियों को लेकर 94 वाहनों का एक और काफिला तड़के पौने चार बजे बालटाल आधार शिविर के लिए रवाना हुआ। इस साल 30 जून को अमरनाथ यात्रा शुरू से लेकर अब तक कुल 43,833 तीर्थयात्री जम्मू आधार शिविर से घाटी के लिए रवाना हो चुके हैं। अधिकारियों के मुताबिक, तीर्थयात्रियों की संख्या 84,000 से अधिक हो गई है।

    दक्षिण कश्मीर हिमालय में 3,888 मीटर की ऊंचाई पर स्थित गुफा मंदिर की 62 दिवसीय वार्षिक तीर्थयात्रा अनंतनाग जिले के पहलगाम और गंदेरबल जिले के बालटाल स्थित दोनों मार्गों से शुरू हुई। यह यात्रा 31 अगस्त को समाप्त होने वाली है। पूरी यात्रा की निगरानी इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (आईसीसीसी) से की जा रही है। तीर्थयात्रियों की आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए सभी विभाग आईसीसीसी से निगरानी करते हैं और अपने कर्मचारियों को सूचना भेजते हैं।

  • शराब घोटाले में कारोबारी दिनेश अरोड़ा को गिरफ्तार 

    शराब घोटाले में कारोबारी दिनेश अरोड़ा को गिरफ्तार 

    नई दिल्ली: दिल्ली शराब घोटाले मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ा एक्शन लिया है। ईडी ने दिल्ली की अब समाप्त की जा चुकी आबकारी नीति को बनाने और लागू करने में कथित भ्रष्टाचार से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गुरुवार रात को कारोबारी दिनेश अरोड़ा को गिरफ्तार कर लिया। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी। इस मामले की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) भी कर रही है और अरोड़ा को उसके मामले में सरकारी गवाह बनाया गया है। कारोबारी दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया का कथित तौर पर करीबी है, जो आबकारी नीति मामले में आरोपी हैं।

    यह नीति अब रद्द की जा चुकी है। ईडी द्वारा इस मामले में यह 13वीं गिरफ्तारी है जिसमें उसने सिसोदिया के खिलाफ आरोप पत्र समेत अब तक पांच आरोप पत्र दायर किये हैं। ईडी और सीबीआई ने आरोप लगाया गया है कि 2021-22 के लिए दिल्ली सरकार की आबकारी नीति में कुछ शराब डीलरों का पक्ष लिया गया, जिन्होंने कथित तौर पर इसके लिए रिश्वत दी थी। दिल्ली में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी ने इस आरोप का खंडन किया है।

  • पंजाबः डयूटी पर जाते दौरान सड़क हादसे में सरकारी ड्राइवर की मौत

    पंजाबः डयूटी पर जाते दौरान सड़क हादसे में सरकारी ड्राइवर की मौत

    लुधियानाः डीसी दफ्तर लुधियाना काम पर जा रहे DPRO (डिपार्टमेंट पब्लिक रिलेशन आफिस) के ड्राइवर की सड़क हादसे में मौत हो गई। मृतक की पहचान प्रभजोत सिंह के रुप में हुई है। मिली जानकारी के मुताबिक प्रभजोत आज सुबह अपनी कार में दो लोगों के साथ डीसी दफ्तर लुधियाना काम पर जा रहे थे। इस दौरान रास्ते में अचानक उनकी कार का बंपर खुल गया। उन्होंने कार को सड़क किनारे खड़ा किया और प्रभजोत बंपर बांधने लगा। इसी दौरान पीछे से आ रहे टैंपू चालक (माल लादने वाला) ने उसे कुचल दिया।

    हादसे के तुरंत बाद प्रभजोत को सिविल अस्पताल ले जाया गया लेकिन डाक्टरों ने उसे मृतक घोषित कर दिया। जबकि 2 लोग घायल भी बताए जा रहे है। आरोपी टैंपू चालक अभी फरार बताया जा रहा है। पुलिस ने गाड़ी को कब्जे में ले लिया है। एएसआई करनैल सिंह मामले के जांच अधिकारी है। शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों के सुपुर्द कर दिया जाएगा। जानकारी देते हुए DPRO पुनीत गिल ने बताया कि प्रभजोत के परिवार को सूचित कर दिया है। इस हादसे के बाद समस्त स्टाफ में दुख है। वहीं पुलिस अधिकारी मामले की जांच कर रहे है।

  • पंजाबः बच्चों से टीचर ने लगवाए सरकार विरोधी नारे, वीडियो वायरल 

    पंजाबः बच्चों से टीचर ने लगवाए सरकार विरोधी नारे, वीडियो वायरल 

    संगरूरः मुख्यमंत्री भगवंत मान के गृह जिला संगरूर से बड़ी खबर सामने आई है। जहां टीचर द्वारा स्कूल में बच्चों से सरकार विरोधी नारे लगवाए गए। यह वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है। वीडियो में टीचर अपने और अन्य टीचरों के साथ पिछले दिनों हुए लाठीचार्ज की कहानी बच्चों को सुना रही है। टीचर बच्चों को बता रही है किस तरह से उन्हें पीटा गया, जिसकी वजह से उसके पांव में चोट आई। महिला टीचर पुलिस की मारपीट की कहानी सुनाते हुए बच्चों को कहती है कि वह इतना पढ़े लिखें कि उन्हें सरकारों के आगे हाथ न फैलाने पड़ें। सरकारें कभी किसी की नहीं होती हैं।

    आप यदि अच्छी तरह से पढ़ लिख जाएंगे तो आपको हमारी तरह पुलिस की लाठियां नहीं खानी पड़ेंगी। माथे पर सरकार के विरोध में काली पट्टी बांधे महिला टीचर क्लास में पंजाब सरकार के विरुद्ध बच्चों से नारे भी लगवाती है।बच्चों के साथ वीडियो वायरल करने के बाद टीचर मनप्रीत कौर ने अपनी एक और वीडियो वायरल की है। इस वीडियो में वह लाठीचार्ज कर रही पुलिस पर कई संगीन आरोप लगा रही है। मनप्रीत कौर ने कहा कि महिला शिक्षकों के पुलिस वालों ने कपड़े फाड़ डाले। महिला शिक्षकों के साथ छेड़छाड़ करके उनके साथ अश्लील हरकतें की गईं। उनकी इज्जत के साथ खेला गया। मनप्रीत कौर ने कहा कि पंजाब में सिर्फ पगड़ियों के रंग बदले हैं, बाकी कुछ नहीं बदला है।

    टीचर ने कहा कि उन्होंने सोचा था कि बदलाव के साथ आई सरकार कुछ राज्य में भी बदलाव करेगी, लेकिन हुआ कुछ नहीं। उन्होंने कहा कि हमें सड़कों पर आने का शौक नहीं है। हम सब 40 प्लस हैं। हमें मजबूरी में धरना प्रदर्शन करने पड़ रहे हैं। उन्हें उनके पूरे हक नहीं दिए जा रहे हैं। वहीं, स्कूल में बच्चों से सरकार विरोधी नारे लगवाने पर शिक्षा विभाग ने संगरूर की टीचर मनप्रीत कौर और मानसा के टीचर इंद्रजीत सिंह को नोटिस जारी किया है। शिक्षा विभाग ने नोटिस जारी कर दोनों टीचर्स की सेवा समाप्त करने को कहा है। इसके लिए शिक्षा विभाग ने दोनों से 5 दिन में जवाब मांगा है। यदि दोनों टीचर संतोषजनक जवाब नहीं देते हैं तो उनकी सेवाएं समाप्त कर दी जाएंगी।

  • बड़ी खबरः कैंप कार्यालय में सुबह DIG की गोली लगने से मौत 

    बड़ी खबरः कैंप कार्यालय में सुबह DIG की गोली लगने से मौत 

    कोयंबटूरः पुलिस उपमहानिरीक्षक (कोयंबटूर रेंज) सी विजयकुमार ने शुक्रवार सुबह रेस कोर्स स्थित अपने कैंप कार्यालय में अपनी सर्विस पिस्टल से खुद को गोली मार ली। उन्होंने खुद को गोली क्यों मारी अभी इस बात का खुलासा नहीं हुआ है। सूत्रों के मुताबिक, विजयकुमार सुबह टहलने निकले और करीब 6.45 बजे अपने कैंप ऑफिस आए। उन्होंने अपने निजी सुरक्षा अधिकारी (पीएसओ) से अपनी पिस्तौल सौंपने को कहा और वह उसे लेकर कार्यालय से बाहर आ गए। उन्होंने सुबह करीब 6.50 बजे खुद को गोली मार ली।

    कैंप कार्यालय में ड्यूटी पर मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को सूचित किया जो मौके पर पहुंचे। सूत्रों ने बताया कि विजयकुमार ने अपने साथी अधिकारियों को बताया कि वह कुछ हफ्तों से ठीक से सो नहीं पा रहे हैं और गंभीर अवसाद में हैं। पुलिस ने बताया कि आत्महत्या का कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए कोयंबटूर मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया गया। आगे की पूछताछ की जा रही है। विजयकुमार ने 6 जनवरी, 2023 को कोयंबटूर रेंज के पुलिस उपमहानिरीक्षक के रूप में कार्यभार संभाला था। उन्होंने एमएस मुथुसामी की जगह ली थी, जिन्हें स्थानांतरित कर वेल्लोर रेंज के उपमहानिरीक्षक के रूप में तैनात किया गया था।

    विजयकुमार 2009 बैच के आईपीएस अधिकारी थे। इससे पहले, उन्होंने कांचीपुरम, कुड्डालोर, नागापट्टिनम और तिरुवरुर जिलों में पुलिस अधीक्षक के रूप में कार्य किया था। बाद में, उन्होंने चेन्नई के अन्ना नगर में पुलिस उपायुक्त के रूप में कार्य किया। उन्हें DIG के रूप में पदोन्नत किया गया और कोयंबटूर रेंज में तैनात किया गया।वहीं, इस मामले को लेकर एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि ऐसा संदेह है कि DIG सी विजयकुमार ने शहर के रेड फील्ड्स स्थित अपने आवास पर अपनी सर्विस पिस्टल से खुद को गोली मार ली है और इस गंभीर कदम के कारण का पता लगाया जा रहा है।

  • पंजाबः 2 लाख रुपये रिश्वत लेते निजी डॉक्टर और सामाजिक कार्यकर्ता गिरफ़्तार

    पंजाबः 2 लाख रुपये रिश्वत लेते निजी डॉक्टर और सामाजिक कार्यकर्ता गिरफ़्तार

    लुधियाना: भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाई गई मुहिम के तहत विजिलेंस ब्यूरो (वीबी) ने एक निजी डॉक्टर और एक सामाजिक कार्यकर्ता को 2 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया। गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान नवजीवन क्लिनिक चलाने वाले बीएएमएस डॉ. अशोक कुमार और लुधियाना के सुंदर नगर के सामाजिक कार्यकर्ता राजवीर सिंह के रूप में हुई है। मामले की जानकारी देते हुए, वीबी के एक आधिकारिक प्रवक्ता ने कहा कि आरोपी व्यक्तियों को गुरु गोबिंद सिंह नगर, बरोटा रोड, लुधियाना के लखवीर सिंह की शिकायत पर गिरफ्तार किया गया है।

    शिकायतकर्ता लखवीर सिंह ने अपनी शिकायत में कहा कि उसने सभी सरकारी मंजूरी मिलने के बाद कुछ महीने पहले हिंदुस्तान पेट्रोलियम कंपनी से पेट्रोल पंप का लाइसेंस लिया था। पेट्रोल पंप सुखदेव सिंह की जमीन पर स्थापित किया गया है। उन्होंने शिकायत में कहा कुछ दिन पहले, सामाजिक कार्यकर्ता राजवीर सिंह कुछ लोगों के साथ अपनी कार पंजीकरण संख्या PB10CK4171 में आए और उनके पेट्रोल पंप की तस्वीरें लेने लगे।

    उन्होंने कहा कि पेट्रोल पंप अवैध रूप से स्थापित किया गया है और वह इसे हटा देंगे। शिकायतकर्ता लखवीर सिंह ने आगे बताया कि उसने सफाई देने की कोशिश की कि उसने सभी विभागों से एनओसी ले ली है, जिस पर राजवीर सिंह ने उसे धमकी देनी शुरू कर दी कि वह उसका लाइसेंस रद्द करवा देगा। जिसके बाद राजवीर ने कुछ लोगों के साथ सोमवार को डीसी लुधियाना को एक ज्ञापन सौंपा, जिन्होंने इसे सत्यापन के लिए संबंधित विभाग को भेज दिया।

  • पंजाबः 5वीं कक्षा के छात्र ने उठाया खौफनाक कदम

    पंजाबः 5वीं कक्षा के छात्र ने उठाया खौफनाक कदम

    पटियालाः जिले के आर्य समाज इलाके से बड़ी खबर सामने आई है। जहां 5वीं कक्षा के 11 वर्षीय छात्र ने खौफनाक कदम उठाया है। 5वीं कक्षा के छात्र ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान करण के रूप में हुई है। मिली जानकारी के मुताबिक, करण अपनी बहन के साथ स्कूल से घर लौटा और घर के आखिरी कमरे में चला गया। उसकी बहन टीवी देखने के लिए बगल के कमरे में आ गई लेकिन करण अपने पिता के मोबाइल पर गेम खेलने लगा। करण को अक्सर फोन पर गेम खेलने का शौक था, वह अपने पिता के फोन पर कई तरह के गेम खेला करता। गेम हारने पर अक्सर उदास हो जाता था।

    जब वह स्कूल से आने के बाद मोबाइल में गेम खेल रहा था तो उसने हमेशा की तरह अपना कमरा बंद कर लिया। जब उसकी बहन कमरा खोलने गई तो कमरा नहीं खुला तो उसके पिता ने दरवाजा तोडा तो देखा कि उनके बेटे करण ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। परिवार के मुताबिक, उनका बेटा अक्सर फोन पर गेम खेलता था और काफी उदास रहता था। परिवार का कहना है कि हो सकता है कि इसी वजह से उसने आत्महत्या कर ली हो। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवा दिया है, आज पोस्टमार्टम कराया जाएगा और पुलिस मामले की जांच भी करेगी।

  • BJP कार्यकर्ताओं की बस की ट्रेलर से टक्कर, 2 की मौत

    BJP कार्यकर्ताओं की बस की ट्रेलर से टक्कर, 2 की मौत

    बिलासपुरः पीएम नरेंद्र मोदी की सभा से पहले बिलासपुर हाईवे पर बड़ा हादसा हुआ है। पीएम के कार्यक्रम में शामिल होने रायपुर जा रहे भाजपा कार्यकर्ताओं की बस बेलतरा के पास हाईवे में खड़े ट्रेलर से जा टकराई। हादसा इतना भीषण था कि दो कार्यकर्ताओं की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, कुछ लोगों को गंभीर चोटे आई है। घायलों को रतनपुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। एएसपी राहुल देव शर्मा ने बताया कि पीएम नरेंद्र मोदी की सभा में शामिल होने के लिए अंबिकापुर से भाजपा कार्यकर्ता रायपुर जा रहे थे।

    कार्यकर्ताओं की बस बेलतरा के पास पहुंची थी। इसी दौरान बस अनियंत्रित होकर हाईवे पर खड़े ट्रेलर से जा टकराई। हादसा सुबह पांच बजे के करीब हुआ। इस दौरान अधिकतर कार्यकर्ता नींद में थे। बस की टक्कर के बाद चीख-पुकार मच गई। पीछे आ रहे एक अन्य बस के कार्यकर्ताओं ने घायलों की मदद की। साथ ही घटना की जानकारी अधिकारियों को दी गई। सूचना पर पुलिस की टीम मौक पर पहुंच गई। जवानों ने घायलों को तत्काल रतनपुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा।

    यहां पर जांच के बाद डाक्टरों ने दो लोगों को मृत घोषित कर शव चीरघर भेज दिया। वहीं, अन्य घायलों का प्राथमिक उपचार कर सिम्स रेफर किया गया है। पुलिस मृत भाजपा कार्यकर्ताओं की पहचान कर उनके स्वजन तक हादसे की सूचना भेज रही है। बस सवार जयनगर थाना क्षेत्र के ग्राम जमदेई निवासी दो कार्यकर्ताओ की घटना स्थल पर ही मौत। भाजपा बिश्रामपुर मण्डल अध्यक्ष लीलू गुप्ता, महामंत्री बिशंभर यादव गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। इन दोनों को अपोलो अस्पताल भेजा गया है।