Blog

  • Punjab News: सड़क हादसे में गर्भवती टीचर की हुई मौत

    Punjab News: सड़क हादसे में गर्भवती टीचर की हुई मौत

    होशियारपुरः माहिलपुर में आज दोपहर जेजों रोड पर बुलेवाल गुज्जरों के पास स्कूल से ड्यूटी कर वापस आ रही गर्भवती टीचर की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। मौके पर किसी स्कूल की निजी बस के माध्यम से घायल टीचर को उपचार के लिए सिविल अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दुर्घटना का कारण टीचर के पर्स की तनी के पीछे आ रहे किसी स्कूल के स्टूडेंट्स की मोटरसाइकिल में फंसना था।

    जिसके चलते महिला सड़क पर गिर गई। मिली जानकारी के अनुसार मृतक टीचर सरकारी स्कूल रामपुर झंझोवाल में आईटीआई की टीचर के रूप में सेवाएं दे रही थी। टीचर 8 महीने की गर्भवती थी और अगले महीने डिलिवरी होनी थी। इस घटना में मौके पर बच्चे की भी मौत हो गई। घटना की सूचना पुलिस द्वारा परिजनों को दे दी गई है। वहीं पुलिस द्वारा आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

     

  • Haryana News: पुलिस ने बरामद की अवैध रुप से परोसी जा रही शराब, देखें वीडियो

    Haryana News: पुलिस ने बरामद की अवैध रुप से परोसी जा रही शराब, देखें वीडियो

    पंचकूला: एक्साइज विभाग और सेक्टर-5 की थाना पुलिस ने अवैध तौर पर परोसी जा रही शराब की बोतलें बरामद की हैं। सेक्टर-5 में 2 क्लब में अवैध तौर पर शराब परोसी जा रही थी। इसके बारे में जैसे ही एक्साइज विभाग और सेक्टर-5 की थाना पुलिस को पता चला उन्होंने तुरंत कार्रवाई की। कार्रवाई करके मौके से 94 इंग्लिश शराब की महंगी बोतलें बरामद की। पंचकूला के सेक्टर-5 थाने में दा बोडेगा बार और मकाबी बार के संचालकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।

    एक्साइज विभाग की टीम और सेक्टर-5 थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि इन दोनों बार में अवैध तौर पर शराब परोसी जा रही है। मौके पर जब दस्तावेज चेक किए गए तो दोनों बार के संचालक बाहर की शराब परोस रहे थे। सेक्टर-5 थाना पुलिस और एक्साइज विभाग की टीम ने मौके पर छापेमारी करक दोनों बार से 94 महंगी अंग्रेजी शराब की बोतल कब्जे में ली गई। दोनों बार संचालकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।

    सेक्टर-5 थाना प्रभारी रुपेश चौधरी ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि पंचकूला सेक्टर-5 के दो बार क्लब में अवैध रुप से शराब परोसी जा रही है। यह शराब बाहर की है जिसको पंचकूला नहीं भेज सकते। इसके बाद एक्साइज विभाग की टीम और सेक्टर-5 थाना प्रभारी की अध्यक्षता में छापेमारी की गई।

    मौके से दोनों बार से भारी मात्रा में मंहगी अंग्रेजी शराब बरामद हुई। थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों बार संचालकों के खिलाफ मामला दर्ज हो गया है। इसके साथ ही मैनेजर को भी गिरफ्तार किया गया है। इस मामले में आगे भी पुलिस की इसी प्रकार की कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि जहां पर भी कानून का उल्लंघन किया जाएगा और अवैध रुप से शराब परोसी जाएगी उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

    पुलिस ने बताया कि दोनों बार बाहर की शराब पंचकूला में बेच रहे थे। इसके चलते ही यह कार्रवाई की गई है। दो मामले भी इसमें दर्ज किए गए हैं। इसके साथ ही पुलिस के द्वारा इस मामले में जांच पड़ताल की जा रही है।

  • आपदा जोखिम न्यूनीकरण एवं समर्थ कार्यक्रम के तहत ऊना में कार्यशाला आयोजित

    आपदा जोखिम न्यूनीकरण एवं समर्थ कार्यक्रम के तहत ऊना में कार्यशाला आयोजित

    ऊना/सुशील पंडित: जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ऊना के अध्यक्ष एवं उपायुक्त ऊना जतिन लाल के निर्देशानुसार शनिवार को डीआरडीए ऊना के सभागार में एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यशाला अंतर्राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण दिवस एवं समर्थ 2025 आपदा प्रबंधन जन-जागरूकता अभियान के अंतर्गत आयोजित की गई। कार्यशाला में सिविल अभियांत्रिकी विभाग, राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान हमीरपुर से विषय विशेषज्ञ डॉ हेमंत कुमार विनायक विशेष रूप से मौजूद रहे।

    इस दौरान प्रशिक्षण समन्वयक एवं क्षमता निर्माण प्रभारी ऊना राजन शर्मा ने बताया कि कार्यशाला का उद्देश्य भूकंप के खतरे वाले जोन-4 और जोन-5 में स्थित क्षेत्र के मद्देनजर सुरक्षित भवन निर्माण तकनीकों को बढ़ावा देना था। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के तकनीकी अधिकारियों, अभियंताओं और कर्मचारियों को भूकंपरोधी भवन निर्माण संबंधी आधुनिक तकनीकों, भवन कोड, और संरचनात्मक सुरक्षा मानकों की जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि सुरक्षित निर्माण न केवल मानव जीवन की सुरक्षा सुनिश्चित करता है, बल्कि यह समाज के लिए दीर्घकालिक एवं टिकाऊ विकास की नींव रखता है। उन्होंने भवन निर्माण में राष्ट्रीय भवन संहिता और अन्य प्रारंभिक सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने की आवश्यकता पर बल दिया। इसके साथ ही, उन्होंने बताया कि इस प्रकार की कार्यशालाएं भविष्य में भी आयोजित की जाती रहेंगी ताकि जिले में सुरक्षित एवं सुदृढ़ निर्माण संस्कृति को बढ़ावा मिले।

    सिविल अभियांत्रिकी विभाग, राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान हमीरपुर से विषय विशेषज्ञ डॉ. हेमंत कुमार विनायक ने प्रतिभागियों को भूकंपरोधी निर्माण में प्रयुक्त होने वाली नवीन तकनीकों, गुणवत्ता मानकों, और निर्माण के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों की विस्तृत जानकारी दी। डॉ. विनायक ने दृश्य सामग्री और प्रस्तुतीकरण के माध्यम से प्रतिभागियों को अत्यंत सरल तरीके से सुरक्षित निर्माण अभ्यास की उपयोगी जानकारी प्रदान की।
    इस मौके पर जिला नोडल अधिकारी (इंस्पायर) पुष्पा रानी, नगर निगम, शिक्षा विभाग, जल शक्ति विभाग, लोक निर्माण विभाग, आपदा मित्रों सहित विभिन्न विभागों के सहायक अभियंता, कनिष्ठ अभियंता, तकनीकी सहायक, तथा योजनाकार उपस्थित रहे।

  • Punjab News: प्रदूषण से बढ़ी सांस और एलर्जी की समस्या, मरीजो में हुई इतने प्रतिशत बढ़ौतरी, देखें वीडियो

    Punjab News: प्रदूषण से बढ़ी सांस और एलर्जी की समस्या, मरीजो में हुई इतने प्रतिशत बढ़ौतरी, देखें वीडियो

    पठानकोटः दिवाली के पर्व पर जमकर पटाखों फोड़े गए। पटाखे फोड़ने के बाद शहर में बढ़े प्रदूषण से सांस और एलर्जी के मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी पाई गई। यही कारण है कि सरकारी अस्पताल में मरीजों की संख्या में 10% की बढ़ोतरी हुई है। सरकारी अस्पताल के डॉक्टरों ने लोगों से सांस लेने में तकलीफ या एलर्जी होने पर तुरंत संपर्क करने की अपील की है। दरअसल, स्वास्थ्य विभाग की ओर से लगातार दिवाली के त्योहार पर लोगों से पटाखों का इस्तेमाल कम करने की अपील करता रहा। इस दौरान उन्होंने लोगों से ग्रीन दिवाली मनाने की भी अपील की थी।

    लेकिन इसके बावजूद दिवाली पर पटाखों से होने वाले प्रदूषण से लोग बीमार पड़ने लगे हैं। इसका खुलासा तब हुआ जब जिला पठानकोट के सरकारी अस्पताल में सांस और एलर्जी से पीड़ित मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी दर्ज की गई। दिवाली के बाद से कुछ ही दिनों में ऐसे मरीजों में 10% की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इस स्थिति को देखते हुए, स्वास्थ्य विभाग ने ऐसे मरीजों के लिए एक विशेष वार्ड तैयार किया है।

    मामले की जानकारी देते हुए सरकारी अस्पताल के डॉक्टर शैलेंद्र ने बताया कि दिवाली के मौके पर चलाए गए पटाखों से निकलने वाले धुएं के कारण हवा में प्रदूषण बढ़ गया है, जिससे सांस और एलर्जी संबंधी बीमारियां बढ़ रही हैं। पिछले कुछ दिनों में अस्पताल में ऐसे मरीजों की संख्या में 10 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। लोगों से अपील है कि अगर उन्हें सांस लेने में तकलीफ हो या शरीर में किसी भी तरह की एलर्जी महसूस हो, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें ताकि बीमारी से बचा जा सके।

  • Punjab News: एक्शन मोड में ट्रैफिक पुलिस, प्राइवेट एबुलेंसों के काटे चालान, देखें वीडियो

    Punjab News: एक्शन मोड में ट्रैफिक पुलिस, प्राइवेट एबुलेंसों के काटे चालान, देखें वीडियो

    बठिंडाः जिले में ट्रैफिक नियमों की उल्लंघना करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। वहीं पुलिस ने शहर में चल रही प्राइवेट एबुलेंस चालको ने नियमों की उल्लघंना करने पर चालान काटे। मामले की जानकारी देते हुए ट्रैफिक पुलिस के इंचार्ज इंस्पेक्टर अमरिक सिंह ने बताया कि शहर के विभिन्न स्थानों पर चल रही प्राइवेट एबुलेंसों के दस्तावेजों की जांच की गई।

    इस दौरान ट्रैफिक नियमों की उल्लघंना और दस्तावेज अधूरे होने पर 10 के करीब वाहनों के चालान काटे गए। इस दौरान कुछ एबुलेंसों को वॉर्निंग देकर छोड़ दिया गया। ट्रैफिक इंचार्ज ने कहा कि उनके द्वारा यह मुहिम लगातार जारी रहेंगी। ऐसे में यदि एबुलेंस चालको ने ट्रैफिक नियमों का दोबार से पालन नहीं किया तो उनके खिलाफ सख्त एक्शन लेते हुए कार्रवाई की जाएगी।

  • महाविद्यालय ऊना के सड़क सुरक्षा क्लब ने छात्रों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया

    महाविद्यालय ऊना के सड़क सुरक्षा क्लब ने छात्रों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया

    ऊना/सुशील पंडित: राजकीय महाविद्यालय ऊना के सड़क सुरक्षा क्लब ने महाविद्यालय परिसर में एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किया। जहां बड़ी संख्या में छात्रों ने सड़क सुरक्षा की शपथ ली। यह पहल छात्रों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने और सड़क दुर्घटनाओं को रोकने की दिशा में एक सशक्त कदम है।

    यह शपथ ग्रहण समारोह कार्यवाहक प्राचार्य प्रोफेसर पुनीत प्रेम कंवर की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ। उन्होंने छात्रों को सुरक्षित ड्राइविंग और पैदल चलने के महत्व पर विस्तार से बताया। इस पूरे अभियान को कॉलेज की प्राचार्य डॉ. मीता शर्मा के कुशल मार्गदर्शन और प्रेरणा के तहत आयोजित किया गया।

    आज छात्रों ने सामूहिक रूप से यह शपथ ली कि वे हमेशा यातायात नियमों का पालन करेंगे, वाहन चलाते समय हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग सुनिश्चित करेंगे, और किसी भी स्थिति में नशे में ड्राइविंग नहीं करेंगे। कार्यवाहक प्राचार्य प्रो. कंवर ने सभी नए सदस्यों को शुभकामनाएं दीं और उन्हें सड़क सुरक्षा संदेश को अपने परिवारों और समुदाय तक पहुँचाने के लिए प्रेरित किया।

    शपथ ग्रहण समारोह से पूर्व, सड़क सुरक्षा क्लब द्वारा पिछले सप्ताह कॉलेज में एक सफलतापूर्वक सदस्यता अभियान चलाया गया था। इस अभियान में कॉलेज के विभिन्न विभागों के सैकड़ों छात्रों ने उत्साहपूर्वक क्लब की सदस्यता ग्रहण की, जो सुरक्षित यातायात संस्कृति के प्रति युवाओं की बढ़ती जागरूकता को दर्शाता है।

    यह कार्यक्रम सड़क सुरक्षा के महत्व को रेखांकित करते हुए एक सफल और प्रेरणादायक नोट पर समाप्त हुआ। कार्यक्रम का सफल आयोजन क्लब समन्वयक डॉ. मोनिका खन्ना तथा क्लब सदस्यों प्रो. गगनदीप, प्रो. करण, प्रो. मोनिका ठाकुर और प्रो. अनु के सहयोग से किया गया।

  • मशहूर एक्टर Satish Shah का निधन, दोस्त ने सोशल मीडिया पर दी जानकारी

    मशहूर एक्टर Satish Shah का निधन, दोस्त ने सोशल मीडिया पर दी जानकारी

    बॉलीवुड: इंडस्ट्री से एक दुखद खबर सामने आई है। बॉलीवुड और टीवी के मशहूर एक्टर सतीश शाह का निधन हो गया है। इस बात की जानकारी उनके दोस्त अशोक पंडित ने सोशल मीडिया के जरिए सभी फैंस को दी है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया है। इस वीडियो में उन्होंने बताया कि किडनी फेलियर के कारण सतीश को दादर के हिंदुजा अस्पताल में ले जाया गया था परंतु वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

    किडनी फेलियर के चलते हुए निधन

    अशोक पंडित ने अपने वीडियो को एक्स अकाउंट पर शेयर किया है। इस वीडियो में उन्होंने कहा कि सतीश पहले घर पर ही थे। फिर किडनी फेलियर के कारण उन्हें दादर के हिंदुजा अस्पताल में भर्ती करवाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था। एक्टर का अंतिम संस्कार मुंबई के बांद्रा के श्मशान घाट में किया जाएगा।

    ‘अजीब दांस्ता’ से रखा था बॉलीवुड में कदम

    सतीश ने अपने करियर की शुरुआत थिएटर में एक्टिंग के साथ की थी। इसके बाद फिल्म ‘अजीब दास्तां’ के जरिए उन्होंने बॉलीवुड में कदम रखा था। उनकी फिल्मों की बात करें तो ‘मुझसे शादी करोगी’, ‘कल हो ना हो’, ‘कभी हां कभी ना’, ‘हम साथ-साथ हैं’, ‘मुझसे दोस्ती करोगे’, ‘इश्क-विश्क’, ‘हम आपके हैं कौन’, ‘हीरो नंबर 1’, ‘अमृत’, ‘नरसिम्हा’, ‘पुराना मंदिर’, ‘दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे’, ‘रमैया वस्तावैया’ जैसी फिल्मों में एक्टर नजर आ चुके हैं।

    टीवी में भी कमाया खूब नाम

    सतीश शाह सिर्फ बॉलीवुड ही नहीं बल्कि कई सारे टीवी सीरियल्स में भी नजर आ चुके थे। उन्होंने कई सुपरहिट सीरियल्स में काम किया था। ‘साराभाई Vs साराभाई’ जैसे शोज में उनका नाम शामिल है। एक्टर के निधन से सिर्फ उनका परिवार ही नहीं टूटा बल्कि उनके फैंस को भी काफी झटका लगा है। बॉलीवुड इंडस्ट्री में भी शोक की लह है। सोशल मीडिया पर यूजर्स एक्टर को श्रद्धांजलि दे रहे हैं।
  • Punjab News: बहन से छेड़छाड़ का विरोध करना पड़ा महंगा, परिवार पर किया हथियारों से हमला, देखें वीडियो

    Punjab News: बहन से छेड़छाड़ का विरोध करना पड़ा महंगा, परिवार पर किया हथियारों से हमला, देखें वीडियो

    अमृतसरः जिले के मोहकमपुर इलाके से देर रात बहन से छेड़छाड़ करने का विरोध परिवार को महंगा पड़ गया। दरअसल, विरोध करने पर हमलावारों ने परिवार के साथ बेरहमी से मारपीट की। बताया जा रहा है कि परिवार पर कुछ पड़ोसियों और अज्ञात लोगों ने मिलकर जानलेवा हमला कर दिया। हमला के दौरान परिवार के सदस्य चीखते-चिल्लाते रह गए, लेकिन उनकी मदद करने के लिए कोई आगे नहीं आया। पीड़ित बॉबी का आरोप है कि पड़ोसी उनकी बहन से आए दिन छेड़छाड़ करते थे और जब परिवार ने इसका विरोध किया, तो आरोपी बदले की भावना से रात को हथियार लेकर घर पहुंच गए। जैसे ही परिवार ने घर का गेट खोला, बात करनी शुरू की तब ही हमलावरों ने उन पर आंखों में मिर्च पाउडर डालकर हमला बोल दिया। इसके बाद लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला शुरू कर दिया। इस दौरान घर की महिलाओं के साथ अभद्र भाषा और गालियां भी दी गई। परिवार का कहना है कि इन आरोपियों के साथ उनकी पुरानी रंजिश भी चली आ रही है। कुछ महीने पहले उनके भाई पर भी हमला हुआ था, जिसमें उसकी मौत हो गई थी। उन्होंने कहा कि उस केस में भी हमें आज तक इंसाफ नहीं मिला।थाना मोहकमपुरा के प्रभारी राणा सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों की ओर से शिकायतें प्राप्त हुई हैं और मामले की जांच की जा रही है। राणा सिंह ने स्पष्ट किया कि जो भी इस घटना में दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
  • Jalandhar News: SHO Bhushan Kumar का परिवार आया मीडिया के सामने, किए खुलासे, देखें वीडियो

    Jalandhar News: SHO Bhushan Kumar का परिवार आया मीडिया के सामने, किए खुलासे, देखें वीडियो

    जालंधर, ENS: रेप केस मामले में विवादों में फंसे फिल्लौर के एसएचओ भूषण कुमार की मुश्किलें लगातार बढ़ रही है। बीते दिन भूषण कुमार के खिलाफ पोक्सो एक्ट का भी मामला दर्ज हुआ है। वहीं अब विवादित मामले को लेकर भूषण कुमार का परिवार मीडिया के सामने आया है। इस दौरान परिवार ने भूषण कुमार पर लगे आरोप बेबुनियाद बताए। भूषण की पत्नी नीलम कुमारी ने कहाकि कामरेड रामजी ने मिलकर साजिश रची है और उन्हें फंसाया है। आरोप है कि महिला को लेकर भूषण कुमार को गलत पर्चे दर्ज करने का दवाब बनाया गया, लेकिन उन्होंने मना किया। जिसके बदले में पहले डेढ लाख मांगे गए और बाद में 5 लाख रुपए की मांग की गई।

    वहीं बेटे ने दूसरे अन्य केस में बनियान में पिता की वीडियो को लेकर बताया कि यह अन्य केस का मामला है। इस दौरान उन्हें वीडियो कॉल करके पंच, सरपंच सहित अन्य महिला ने ने बात की और उनसे पर्सनल मिलने के लिए कहा। जिसमें उसके पिता भूषण कुमार ने कहाकि वह छुट्टी पर है, वह दफ्तर में अधिकारी से मिल लें। लेकिन वह उनके साथ ही मिलने की जिद्द पर अड़े रहे। इस दौरान उन्होंने रूम में ही बुलाकर बात करने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि इस मामले में पिता उन्हें रास्ते के बारे में बता रहे है। लेकिन उस वीडियों को अन्य रिकार्डिंग के साथ जोड़कर बनाया गया है। बेटे ने कहाकि जिस रूम में उनके पिता रूके हुए थे, उस घर में नीचे दुकान है और वहां सीसीटीवी कैमरे लगे हुए है।

    वह उक्त दुकान से सीसीटीवी फुटेज मुहैया भी करवा सकता है। बेटे ने आरोपों को बेबुनियाद बताया और उन्हें फंसाने की साजिश बताया। बेटे ने कहा कि कुछ समय पहले फिल्लौर के गांव में मेले में उक्त गांव के जरनैल, राम सहित अन्य लोग शामिल हुए थे। जहां यह लोग मेले में पार्टी का मुद्दा लेकर आए थे और उसके पिता ने भरी सभा में उनसे माइक छीन लिया था और कहा था कि धार्मिक प्रोग्राम में कोई राजनीति मुद्दे पर बात नहीं की जाएगी। बेटे का आरोप है कि उसी की रंजिश निकाली जा रही है। मुद्दा गरमाने के बाद पिता ने माफी मांग ली और बताया कि वह धार्मिक प्रोग्राम में राजनीतिक मुद्दा नहीं चाहते थे। लेकिन उसके बावजूद रंजिश रखी।

    बेटे ने कहा कि उसके बाद वह खुद उक्त लोगों के पास पहुंचा, लेकिन उन्होंने एक ना सुनी। परिवार ने इस मामले के दौरान थ्रेट कॉल दी जाने की धमकियां देने के आरोप लगाए है। इस दौरान आरोप लगाए है कि कभी उनसे एक करोड़ रुपए की मांग की जा रही है और कभी 50 लाख रुपए मांगे जा रहे है। परिवार ने प्रशासन से सुरक्षा की मांग की है। परिवार का कहना है कि उनके पास ब्लैकमेलिंग कॉल की वीडियो मौजूद है। इस डर के कारण उनके बच्चे स्कूल नहीं जा पा रहे और उनकी कहीं सुनवाई नहीं हो रही।

  • भुट्टो का लोनिवि बंगाणा पर हमला, बोले ऑफिस में कम क्वार्टर में ज्यादा रहते हैं एक्सियन साहब

    भुट्टो का लोनिवि बंगाणा पर हमला, बोले ऑफिस में कम क्वार्टर में ज्यादा रहते हैं एक्सियन साहब

    कुटलैहड़ में इतनी बड़ी आई आपदा पर एक्सियन साहब नहीं दिखे फील्ड में,दो माह से एक दर्जन सड़कें बंद,जनता परेशान ऊना/सुशील पंडित: कुटलैहड़ भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक दविंदर भुट्टो ने शनिवार को उपमंडल बंगाणा के लोक निर्माण विभाग (लोकनिवि) मंडल बंगाणा पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि विभाग के कार्यों में पूरी तरह से लापरवाही और सुस्ती हावी है, जिसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। भुट्टो ने कहा कि जब भी कोई व्यक्ति बंगाणा के लोक निर्माण विभाग के कार्यालय में पहुंचता है, तो एक्सियन साहब क्वार्टर में सोए हुए मिलते हैं। जनता के जरूरी कार्यों की कोई सुनवाई नहीं होती। उन्होंने बताया कि पिछले दो महीनों से कुटलैहड़ क्षेत्र की एक दर्जन लिंक सड़कें पूरी तरह बंद पड़ी हैं, जिससे लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। वहीं मुख्य सड़कों पर आपदा के दौरान गिरे लहासे अब तक नहीं हटाए गए हैं, जिससे कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। पूर्व विधायक ने कहा कि कुटलैहड़ क्षेत्र में भयंकर प्राकृतिक आपदा आने के बावजूद लोक निर्माण विभाग का एक्सियन फील्ड में नजर नहीं आया। उन्होंने कहा कि न तो अधिकारी जनता से मिलने निकलते हैं, न ही किसी का फोन उठाते हैं। ऐसे में आम जनता को अपने कार्य करवाने के लिए दफ्तरों के चक्कर काटने पड़ रहे हैं। भुट्टो ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की सरकार पर भी तीखा प्रहार करते हुए कहा कि सुक्खू सरकार झूठे वादों और घोषणाओं की सरकार बनकर रह गई है। उन्होंने कहा कि सरकार कहती है कि दीपावली से पहले ठेकेदारों के भुगतान किए जाएंगे, लेकिन सच्चाई यह है कि दस लाख तो दूर, एक रुपया भी ठेकेदारों को नहीं मिला। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों से ठेकेदारों में भारी रोष है और कई लोग आर्थिक तंगी से गुजर रहे हैं, और ठेकेदारों को आत्महत्या जैसी स्थिति तक पहुंचा दिया गया है, जबकि दूसरी ओर सरकार अपने चहेतों और राजनीतिक मित्रों को खुश करने में लगी है। पूर्व विधायक ने यह भी कहा कि यदि लोक निर्माण विभाग ने शीघ्र ही क्षेत्र की बंद सड़कों को नहीं खोला और लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की, तो भाजपा जनता के साथ मिलकर आंदोलन छेड़ेगी। भुट्टो ने कहा कि भाजपा के शासनकाल में विभागों में पारदर्शिता और जवाबदेही थी, लेकिन आज अफसरशाही का आलम यह है कि जनता के हितों की कोई परवाह नहीं। उन्होंने प्रदेश सरकार से मांग की कि बंगाणा लोक निर्माण मंडल के एक्सियन को तुरंत फील्ड निरीक्षण के लिए निर्देशित किया जाए और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। भुट्टो ने चेतावनी दी कि यदि आने वाले दस दिनों में सड़कों की बहाली का कार्य शुरू नहीं हुआ, तो भाजपा जनता के साथ मिलकर धरना-प्रदर्शन करने से पीछे नहीं हटेगी। इस मौके पर जिला भाजपा उपाध्यक्ष बलराम बबलू राज्य पंचायती राज प्रकोष्ठ के सह संयोजक कृष्ण पाल शर्मा,मंडल अध्यक्ष राजेंद्र मलांगड़,राज कुमार मनकोटिया,सुमित वशिष्ठ आदि गणमान्य मौजूद रहे।