Blog

  • Punjab News: कार और कैंटर में हुई भीषण टक्कर, आधा किमी. तक सुनी आवाज, देखें वीडियो

    Punjab News: कार और कैंटर में हुई भीषण टक्कर, आधा किमी. तक सुनी आवाज, देखें वीडियो

    अबोहरः पंजाब में घने कोहरे के कारण लगातार सड़क हादसों की घटनाओं में बढ़ौतरी हो रही है। वहीं गांव काला टिब्बा के पास देर रात एक कार और कैंटर की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस हादसे में कार ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद कैंटर ड्राइवर और परिचालक मौके से फरार हो गए। बताया जा रहा हैकि जब दोनों वाहन काला टिब्बा के पास पहुंचे, तो उनमें टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। टक्कर की आवाज करीब आधा किलोमीटर दूर तक सुनाई दी।

    बताया जा रहा है कि कार में एयरबैग खुलने से ड्राइवर की जान बच गई, हालांकि वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं केंटर एक खंभे को तोड़ते हुए पेड़ से टकराकर रुक गया। आसपास के लोगों ने तुरंत 112 हेल्पलाइन और सड़क सुरक्षा फोर्स को सूचना दी। टीमों ने मौके पर पहुंचकर घायल को इलाज के लिए निजी अस्पताल पहुंचाया। जिसके बाद घटना की सूचना लोगों द्वारा पुलिस को दी गई। सूचना मिलने पर थाना सदर के प्रभारी रविंद्र सिंह अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

    वहीं पुलिस के अनुसार, यह हादसा कार ड्राइवर को झपकी आने के कारण हुआ। जानकारी मिली है कि केंटर का ड्राइवर धूम सिंह राठौर, अमरोहा, उत्तर प्रदेश का रहने वाला है। वह कलरखेड़ा से किन्नू लोड करने के बाद यूपी जा रहा था। वहीं, कार ड्राइवर दिलबाग सिंह जो महेंद्रगढ़, हरियाणा का रहने वाला है। अबोहर की ओर से अपने गांव जा रहा था। पुलिस अधिकारी ने बताया कि कार चालक के बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

     

  • Punjab News: ट्राली और कार की टक्कर में खुले एयरबैग, 2 गंभीर घायल, देखें वीडियो

    Punjab News: ट्राली और कार की टक्कर में खुले एयरबैग, 2 गंभीर घायल, देखें वीडियो

    अबोहर: पंजाब और चंडीगढ़ में आज भी धुंध छाई रही। इसी के चलते फाजिल्का के अबोहर में घने कोहरे के कारण तूड़ी लदी ट्राली से कार की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हालांकि, गनीमत यह रही कि समय पर कार के एयरबैग खुल गए, जिससे दोनों यात्रियों की जान बच गई, अन्यथा यह हादसा और भी भयावह हो सकता था। इस घटना में कार सवार 2 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

    घायलों की पहचान दयालचंद और साजन के रूप में हुई है। इस हादसे में एक की हालत नाजुक बनी हुई है, जिसे डॉक्टरों द्वारा अमृतसर के अस्पताल में रैफर कर दिया गया। इस घटना में दयालचंद का उपचार फाजिल्का में ही चल रहा है। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया। मिली जा जानकारी के अनुसार, फाजिल्का निवासी साजन अपने रिश्तेदार दयालचंद के साथ अबोहर से फाजिल्का की ओर जा रहे थे, तभी उनकी कार समीपवर्ती गांव डंगर खेड़ा के पास तूड़ी से भरी एक ट्राली से टकरा गई।

    घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और मामले की जांच में जुट गई। हादसे की मुख्य वजह क्षेत्र में छाया घना कोहरा बताया जा रहा है, जिसके कारण दृश्यता कम थी और कार अनियंत्रित होकर ट्राली में जा घुसी। स्थानीय पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि सर्दियों के मौसम में कोहरे और बिना रिफ्लेक्टर वाली ट्रालियों के कारण इस मार्ग पर हादसों का खतरा बढ़ गया है। पुलिस अधिकारियों ने वाहन चालकों से कोहरे के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है।

     

     

     

  • हाई-स्पीड 2 ट्रेनों की टक्कर में 21 लोगों की मौत, 100 घायल, देखें वीडियो

    हाई-स्पीड 2 ट्रेनों की टक्कर में 21 लोगों की मौत, 100 घायल, देखें वीडियो

    मैड्रिड: स्पेन में दो हाई -स्पीड ट्रेनों की भीषण टक्कर हो गई। इस हादसे में 21 लोगों की मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार कॉर्डोबा शहर के पास अदमूज में मलागा से राजधानी मैड्रिड जा रही एक हाई-स्पीड ट्रेन पटरी से उतर गई और दूसरी ओर से मैड्रिड से हुएल्वा आ रही ट्रेन उससे टकरा गई। इससे दोनों ट्रेनों के कई डिब्बे बुरी तरह क्षतिग्रसत हो गए। इस घटना में 100 से ज्यादा यात्री घायल हो गए हैं। घायलों में कई यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंची और राहत का कार्य शुरू कर दिया।

    बताया जा रहा है कि हादसे के समय पहली ट्रेन में तकरीबन 300 यात्री सवार थे। हादसे के दौरान सामने से आ रही दूसरी ट्रेन में लगभग 100 यात्री थे। अंडालूसिया की क्षेत्रीय सरकार के प्रमुख, जुआनमा मोरेनो ने मीडिया को बताया कि हादसे में घायल लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें से 15 की हालत गंभीर बनी हुई है। जुआनमा ने आशंका जताई है कि मरने वालों की संख्या अभी और बढ़ सकती है। क्षेत्रीय नागरिक सुरक्षा प्रमुख मारिया बेलेन मोया रोजास ने कैनाल सुर को बताया कि यह हादसा एक ऐसे इलाके में हुआ है, जहां पहुंचना मुश्किल है।

    ऐसे में राहत पहुंचाने और लोगों को क्षतिग्रस्त डिब्बों से निकालने में अधिकारियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि स्थानीय लोगों के मदद के लिए सामने आने से राहत मिली है। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोग पीड़ितों की मदद के लिए घटनास्थल पर कंबल और पानी की व्यवस्था कर रहे हैं। यूरोपियन कमीशन की प्रेसिडेंट उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने एक्स पर लिखा कि वह कॉर्डोबा से आ रही भयानक खबरों पर नजर रख रही हैं। ADIF ने कहा कि स्पेन के मैड्रिड और अंडालूसिया के शहरों के बीच ट्रेन सेवाएं सोमवार को बंद रहने की बात कही है।

  • Punjab News: MLA Pathanmajra को हाईकोर्ट से लगा झटका

    Punjab News: MLA Pathanmajra को हाईकोर्ट से लगा झटका

    पटियालाः विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा की भगौड़ा घोषणा वाली याचिका के खिलाफ हाई कोर्ट में सुनवाई हुई। जहां पठानमाजरा को फिलहाल हाई कोर्ट से कोई राहत नहीं मिली है। उन्होंने अपने आप को भगौड़ा करार दिए जाने के आदेशों को रद्द करने और अपने खिलाफ कोई भी कार्रवाई न किए जाने की मांग को लेकर याचिका दायर की थी। पठानमाजरा के वकील ने अपना पक्ष रखा और कहा कि पठानमाजरा ने निचली अदालत में जब जमानत के आवेदन लगाए थे, तो उनका गलत तरीके से पीओ घोषित कर दिया गया था।

    सरकारी वकीलों ने पक्ष लेते हुए कहा कि हरमीत पठानमाजरा कई पक्ष छुपा रहा है। इस वक्त वह विदेश में बैठा है और गलत दलीलें प्रस्तुत कर रहा है। कोर्ट ने सुनवाई अगले सप्ताह तक टाल दी है। बता दें कि बीते दिनों पटियाला की अदालत ने हरमीत सिंह पठानमाजरा को भगौड़ा घोषित किया था। साथ ही अदालत ने विधायक की संपत्ति की सूची अदालत में पेश करने के निर्देश दिए थे। मामले की अगली सुनवाई 31 जनवरी निर्धारित की गई थी।

    एक महिला ने पठानमाजरा के खिलाफ जबर जनाह का मामला दर्ज कराया था, जिसके बाद पठानमाजरा फरार हो गया। जब पंजाब पुलिस उसे गिरफ्तार करने के लिए करनाल पहुंची तो उनकी पुलिस से झड़प हो गई, जिसके बाद पठानमाजरा भाग गया। हरमीत सिंह पठानमाजरा काफी समय से फरार चल रहे हैं। उसके बाद सोशल मीडिया के जरिये वह ऑस्ट्रेलिया में नजर आए, जहां उसने ऑस्ट्रेलिया में पंजाबी चैनलों से बातचीत की। हालांकि पठानमाजरा का दावा है कि उसके खिलाफ झूठा केस दर्ज किया गया है, उसे इस मामले में फंसाया गया है।

  • Punjab News: बिक्रम मजीठिया को लेकर सुप्रीम कोर्ट का आया फैसला

    Punjab News: बिक्रम मजीठिया को लेकर सुप्रीम कोर्ट का आया फैसला

    अमृतसरः शिरोमणि अकाली दल के नेता व पूर्व मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया आय से अधिक संपत्ति मामले में जेल में बंद है। वहीं मजीठिया की गिरफ्तारी को लेकर आज सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई हुई, जहां अभी मजीठिया को कोई राहत नहीं मिली है। सुप्रीम कोर्ट में उनकी जमानत याचिका पर सुनवाई के दौरान सरकार की ओर से जवाब दाखिल करने के लिए समय मांगा गया। सरकार ने 2 सप्ताह का समय मांगा है। वहीं, अदालत ने मजीठिया को जेल में खतरे को लेकर सवाल भी उठाया। अब इस मामले की अगली सुनवाई 2 फरवरी को होगी।

    इस केस की सुनवाई जस्टिस विक्रम नाथ और जस्टिस संदीप मेहता की बेंच ने की। सुनवाई के दौरान सरकार ने जवाब दाखिल करने के लिए समय मांगा और कोर्ट ने अगली तारीख निर्धारित कर दी। बता दें कि शिरोमणि अकाली दल के नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने सुप्रीम कोर्ट से जमानत देने की मांग की है। यह याचिका पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट के आदेश को चुनौती देती है, जिसमें उन्हें असमान संपत्ति मामले में जमानत नहीं दी गई थी। दरअसल, 3 बार विधायक रह चुके बिक्रम मजीठिया को 25 जून को अमृतसर स्थित आवास और 25 अन्य ठिकानों पर तड़के की गई छापेमारी के बाद गिरफ्तार किया गया था।

    विजिलेंस टीम ने इस दौरान डिजिटल उपकरण, प्रॉपर्टी डॉक्यूमेंट्स और वित्तीय रिकॉर्ड जब्त किए थे। 26 जून को मोहाली की अदालत ने उन्हें 7 दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा, जिसे बाद में चार दिन और बढ़ाया गया। इसके बाद 6 जुलाई को उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था। वह इस समय नाभा जेल में बंद हैं। उन्होंने रक्षा बंधन, दशहरा और दिवाली जेल में बिताई है। विजिलेंस ब्यूरो ने 22 अगस्त को विस्तृत चार्जशीट दाखिल की, जिसमें 40,000 से अधिक पन्नों का दस्तावेजी सबूत और 200 से ज्यादा गवाहों के बयान शामिल हैं। यह मामला 2013 में ईडी की उस जांच से जुड़ा है, जिसमें 6,000 करोड़ रुपए के सिंथेटिक ड्रग रैकेट का खुलासा हुआ था।

  • Punjab News: Civil Hospital में पुलिस कस्टडी से कैदी फरार, लोगों ने किया काबू, देखें वीडियो

    Punjab News: Civil Hospital में पुलिस कस्टडी से कैदी फरार, लोगों ने किया काबू, देखें वीडियो

    लुधियानाः थाना टिब्बा के अंतगर्त आते इलाके में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया था। आरोपी नशीली गोलियों के मामले में जेल में बंद है और आज सिविल अस्पताल में आरोपी का मेडिकल करवाने के लिए एएसआई इंद्रजीत सिंह लेकर पहुंचे। जहां पुलिस की कस्टडी से कैदी फरार हो गया। इस घटना को लेकर अस्पताल में हड़कंप मच गया। जिसके बाद अस्पताल में सर्च के दौरान आरोपी को काबू कर लिया गया। गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान सौरव के रूप में हुई है।

    एएसआई ने बताया कि आरोपी को एनडीपीएस के मामले में गिरफ्तार किया था और उसे मेडिकल करवाने के लिए वह सिविल अस्पताल लेकर आए थे। आरोपी को नशीली गोलियां के मामले में गिरफ्तार किया था और आरोपी की टांग पर पहले से चोट आई हुई थी। एएसआई के अनुसार वह अस्पताल में पर्ची बनवा रहे थे, तभी कैदी मौके से फरार हो गया, हालांकि कुछ देर बाद उसे अस्पताल के अंदर से ही काबू कर लिया गया।

    वहीं दूसरी ओर कैदी सौरव से बात की गई कि वह किस मामले में जेल में बंद था, तभी उसने कहा कि उसे नहीं पता कि किसी मामले में वह जेल में बंद है। सिविल अस्पताल से फरार होने के मामले में आरोपी ने कहा कि वह बाथरूम करने के लिए गया था। हालांकि वहां पर मौजूद लोगों का कहना हैकि कैदी के फरार होने की सूचना के बाद आरोपी को लोगों ने अस्पताल के बाहर शराब के ठेके से काबू किया गया। आरोपी को काबू करने के बाद एएसआई ने पुलिस अधिकारियों को सूचित कर दिया।

  • Punjab News: बाइक को टक्कर मारकर थार चालक फरार, व्यक्ति गंभीर घायल, देखें वीडियो

    Punjab News: बाइक को टक्कर मारकर थार चालक फरार, व्यक्ति गंभीर घायल, देखें वीडियो

    एक घंटे बाद एम्बुलेंस आने पर लोगों में रोष

    अमृतसरः जिले गोल्डन गेट के पास थार कार और मोटरसाइकिल के बीच भयंकर सड़क हादसा हुआ। इस घटना में मोटरसाइकिल चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा इतना भीषण था कि मोटरसाइकिल दूर जाकर गिर गई और चालक सड़क पर गिर पड़ा। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत मदद के लिए दौड़ा लगाया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मोटरसाइकिल चालक अपने रास्ते पर सही साइड से आ रहा था कि अचानक सफेद रंग की थार कार ने मोटरसाइकिल से टक्कर कर दी। टक्कर के बाद थार चालक ने गाड़ी रोकने की बजाय मौके से फरार होने की कोशिश की। लोगों का कहना है कि थार में महिलाएं भी मौजूद थीं और हादसे के बाद ड्राइवर गाड़ी लेकर भाग गया। हादसे के बाद राहगीरों ने एम्बुलेंस को तुरंत फोन किया लेकिन एम्बुलेंस एक घंटे के बाद मौके पर पहुंची। एम्बुलेंस के एक घंटे के बाद पहुंचने पर लोगों ने तीखा विरोध जताया। देरी से चिकित्सा मदद मिलने के कारण घायल की हालत पर भी चिंता व्यक्त की गई। मामले के संबंध में पुलिस अधिकारी ने बताया कि मौके पर पहुंचकर पता चला कि थार कार और मोटरसाइकिल के बीच टक्कर हुई है। इस घटना में मोटरसाइकिल चालक को चोटें आई हैं और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस इलाके के सीसीटीवी कैमरों की जांच करेगी और कैमरों की मदद से थार चालक की पहचान कर उसे पकड़ लिया जाएगा। पुलिस ने कहा कि कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
  • Punjab News: हार्ट अटैक से 14 बच्चे की मौत, 3 बहनों का था इकलौता भाई

    Punjab News: हार्ट अटैक से 14 बच्चे की मौत, 3 बहनों का था इकलौता भाई

    अबोहरः फाजिल्का के अबोहर से दुखद घटना सामने आए है। जहां फुटबॉल खेलते समय 14 वर्षीय खिलाड़ी की हार्ट अटैक से मौत हो गई। दरअसल, टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ी एक स्थानीय प्राइवेट स्पोर्ट्स क्लब के टूर्नामेंट में खेल रहा था, तभी वो जमीन पर जा गिरा। मैदान पर मौजूद अन्य खिलाड़ियों और आयोजकों ने उसे उठाया और तुरंत एक प्राइवेट डॉक्टर के पास ले गए। वहां से उसे सरकारी अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान जस्सू उर्फ जसप्रीत निवासी गांव आलमवाला, मलोट के रूप में हुई है।

    घटना के दौरान मौके पर ही गांव के डॉक्टर को बुलाया गया, लेकिन बच्चे की हालत गंभीर देखते हुए उसे सरकारी अस्पताल रेफर कर दिया गया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया। मृतक के पिता पुरुषोत्तम ने जानकारी दी कि इससे पहले खिलाड़ी पूरी तरह सेहतमंद था। वहीं वाल्मीकि स्पोर्ट्स क्लब के पदाधिकारी बिन्दर सिंह ने बताया कि गांव के आसपास की टीमों को साथ लेकर दो दिवसीय फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन किया गया था।

    मैच के दौरान ही बच्चा खेलते समय अचानक गिर पड़ा था। जस्सू अपनी तीन बहनों का इकलौता और सबसे छोटा भाई था। उसके पिता पुरुषोत्तम गांव में मजदूरी करते हैं। मृतक के पिता ने कहा कि भगवान से तीन लड़कियों के बाद एक लड़के की अरदास लगाई थी, तब जाकर जस्सू हुआ था। वो हमारे लिए अनमोल था और उसकी मौत के बाद परिवार में गहरा सदमा है। जसप्रीत के ताऊ अशोक कुमार ने मौत पर सवाल उठाते हुए कहा कि इससे पहले बच्चे को कभी ऐसी कोई शारीरिक समस्या तक नहीं आई थी।

    जसप्रीत रोज खेलने जाता था, पढ़ाई में भी अच्छा था और फुटबॉल का शौकीन था। आज दोपहर वह यह कहकर घर से निकला था कि “मैं जल्दी आ जाऊंगा।” कुछ समय बाद उसके दोस्तों का फोन आया। जब हम अस्पताल पहुंचे तो पता चला कि उसकी मौत हो चुकी है। मामले की जांच कर रहे थाना सदर के एएसआई गुरमीत सिंह हैं ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सरकारी अस्पताल में रखवाया गया है। उन्होंने कहा कि पोस्टमॉर्टम के बाद मौत का असली कारण पता चलेगा।

  • भूकंप के तेज झटके से लोगों में दहशत, घरों से निकले बाहर

    भूकंप के तेज झटके से लोगों में दहशत, घरों से निकले बाहर

    सोनीपतः हरियाणा के सोनीपत में आज भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। भूकंप के तेज झटकों के बाद लोग घरों से बाहर आ गए। मिली जानकारी के अनुसार सुबह 8:44 बजे भूकंप के झटके लगे। मामले की जानकारी देते हुए लोगों ने बताया कि झटके इतने तेज थे कि घरों की दीवारें, खिड़कियां और बिस्तर हिलने लगे, जिससे लोग दहशत में आ गए। नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी (NCS) के अनुसार, भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.4 मापी गई।

    इसका केंद्र सतह से सिर्फ 5 किलोमीटर नीचे था। हालांकि, किसी के हताहत होने या बड़े नुकसान की कोई खबर नहीं है। विशेषज्ञों का कहना है कि हरियाणा के कई जिले ऐसे भूकंपीय क्षेत्र में आते हैं जहां टेक्टोनिक प्लेटों में हलचल होती रहती है। दिल्ली-NCR क्षेत्र के पास होने के कारण यहां हल्के झटके आम बात हैं, लेकिन ये धरती की सतह के नीचे चल रही भूवैज्ञानिक गतिविधि का संकेत देते हैं।

    लोगों को सलाह दी जा रही है कि वे सतर्क रहें और भविष्य में भूकंप से सुरक्षा के उपाय अपनाएं। शुरुआती जानकारी के अनुसार, सोनीपत और आसपास के इलाकों जैसे रोहतक, झज्जर के कुछ हिस्सों में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए। बता दें कि दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र जोन-4 (उच्च भूकंप संवेदनशील) में आता है। ये झटका स्थानीय फॉल्ट लाइनों (जैसे दिल्ली-मेरठ फॉल्ट या अरावली रेंज से जुड़ी) की वजह से आया माना जा रहा है। हाल के महीनों में दिल्ली-एनसीआर में कई हल्के झटके (2.5 से 4.0 मैग्नीट्यूड) आ चुके हैं, जो ऊर्जा रिलीज का संकेत हो सकते हैं।

  • Greenland को लेकर Donald Trump ने Denmark पर बढ़ाई सख्ती, सरेआम दे डाली धमकी

    Greenland को लेकर Donald Trump ने Denmark पर बढ़ाई सख्ती, सरेआम दे डाली धमकी

    नई दिल्ली: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ग्रीनलैंड को लेकर डेनमार्क पर सख्ती बढ़ा दिया है। अब इसी बीच उन्होंने एक बड़ा बयान दे दिया है। ट्रंप के इस बयान के बाद ग्रीनलैंड को लेकर अमेरिका और यूरोप के बीच में बढ़ रहा तनाव और भी ज्यादा बढ़ता दिख रहा है। उन्होंने ट्वीट करते हुए कहा कि – ‘NATO पिछले 20 सालों से डेनमार्क को यह बता रहा है कि आपको रुसी खतरे को ग्रीनलैंड से दूर करना होगा। दुर्भाग्यवश डेनमार्क इसके लिए कुछ नहीं कर पाया। अब समय आ गया है और यह किया जाएगा’।

    ग्रीनलैंड चाहते हैं ट्रंप

    ट्रंप काफी समय से ग्रीनलैंड पर अपना अधिकार जमाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने ग्रीनलैंड को खरीदने तक मंशा जाहिर की थी। इसके लिए अब ट्रंप अपने ही नाटो सहयोगियों पर आर्थिक दबाव भी डाल रहे हैं। सोशल मीडिया पर किए गए एक पोस्ट में राष्ट्रपति ट्रंप ने यह साफ कह दिया है कि यदि डेनमार्क और उसके साथ देश ग्रीनलैंड की खरीद-बिक्री पर बातचीत के लिए तैयार नहीं हुए तो उन्हें इसकी आर्थिक कीमत चुकानी होगी। ट्रंप ने 1 फरवरी 2026 से डेनमार्क, नॉर्वे, स्वीडन, फ्रांस, जर्मनी, यूनाइटेड किंगडम, नीदरलैंड और फिनलैंड से आने वाले सामान पर 10% टैरिफ लगाने की घोषणा की है। इसके साथ ही उन्होंने चेतावनी भी दी है कि यदि 1 जून तक समझौता नहीं हुआ तो यह टैक्स बढ़ाकर 25% कर दिया जाएगा।

    इस वजह से खास है ग्रीनलैंड

    बता दें कि ग्रीनलैंड दुनिया का सबसे बड़ा द्वीप है। यहां आबादी कम है परंतु इसकी रणनीतिक और राजनीतिक अहमियत भी काफी है। यह आर्कटिक क्षेत्र में भी स्थित है ऐसे में सैन्य, एनर्जी और व्यापार के लिहाज से इलाका बहुत ही संवेदनशील माना जाता है। बर्फ पिघलने से नए समुद्री रास्ते खुल रहे हैं। खनिज संसाधनों तक पहुंच आसान हो रही है। यही कारण है कि अमेरिका लंबे समय से ग्रीनलैंड में अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश कर रहा है।