Blog

  • ऑटो और ट्रक टक्कर में महिला की मौत, शरीर से अलग हुआ हाथ, चालक फरार, देखें वीडियो

    ऑटो और ट्रक टक्कर में महिला की मौत, शरीर से अलग हुआ हाथ, चालक फरार, देखें वीडियो

    पंचकूलाः सूरजपुर-सुखोमाजरी बाईपास के पास ऑटो और कार की टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि इस हादसे में ऑटो सवार महिला की मौत हो गई। मृतिका की पहचान 75 वर्षीय रेवा देवी के रूप में हुई है। ऑटो ड्राइवर राहुल निवासी कालका ने बताया कि वह ऑटो पंचकूला से कालका की ओर सवारियां लेकर जा रहा था। इसी दौरान सूरजपुर-सुखोमाजरी बाइपास के पास पहुंचने पर आगे चल रहे ट्रक चालक ने अचानक ब्रेक लगा दी, जिस कारण उनका ऑटो ट्रक से टकरा गया।

    हादसा इतना भीषण था कि ऑटो में सवार रेखा देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। बताया गया है कि दुर्घटना में उनका एक हाथ शरीर से अलग हो गया और दूसरे हाथ की हथेली भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें सेक्टर-6 नागरिक अस्पताल, पंचकूला पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। वहीं घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।

    ऑटो ड्राइवर राहुल को भी मामूली चोटें आई हैं। लोगों द्वारा घटना की सूचना पुलिस को दी गई। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी। पुलिस ने ऑटो चालक के बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे है, जल्द ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

     

     

  • वशिष्ट पब्लिक स्कूल के छात्र आरव चौधरी का राज्य स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन

    वशिष्ट पब्लिक स्कूल के छात्र आरव चौधरी का राज्य स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन

    ऊना/सुशील पंडित : वशिष्ट पब्लिक स्कूल के छात्र आरव चौधरी ने 13 एवं 14 जून 2026 को बिलासपुर में आयोजित 37वीं हिमाचल प्रदेश राज्य एथलेटिक्स चैंपियनशिप में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम रोशन किया। अंडर-14 वर्ग की ट्रायथलॉन स्पर्धा में आरव ने 60 मीटर दौड़ में गोल्ड मेडल ,लंबी कूद में सिल्वर मेडल तथा बैक थ्रो में ब्रोंज मेडल अर्जित किया। आरव की इस उल्लेखनीय उपलब्धि के साथ उनका चयन आगामी नॉर्थ ज़ोन राष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता के लिए भी हुआ है। यह उपलब्धि वशिष्ट पब्लिक स्कूल तथा पूरे ऊना क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। विद्यालय के प्रधानाचार्य  दीपक कौशल ने आरव चौधरी को इस शानदार सफलता पर हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य तथा राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएँ दीं।
     
  • Punjab News: युवाओं पर कांग्रेस ने जताया भरोसा, अंगद सिंह को सौंपी अहम जिम्मेदारी

    Punjab News: युवाओं पर कांग्रेस ने जताया भरोसा, अंगद सिंह को सौंपी अहम जिम्मेदारी

    चंडीगढ़ः पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनावों को लेकर हाईकमान द्वारा लगातार मीटिंग की जा रही है। कांग्रेस की निगाहें सत्ता में वापसी करने पर टिकी हुई है। ऐसे में कांग्रेस की ओर से युवाओं को आगे लाने की कोशिश की जा रही है। इसी के चलते आज पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा संगठन को मज़बूत करने के मकसद से अहम फ़ैसला लिया गया है। कांग्रेस अध्यक्ष ने पंजाब कांग्रेस के ओबीसी विभाग के राज्य चेयरमैन के तौर पर अंगद सिंह के नाम के प्रस्ताव को मंज़ूरी दे दी है। यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है।

    दूसरी ओर, पंजाब कांग्रेस में अंदरूनी गुटबाज़ी और हालात का पता लगाने के लिए पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा नियुक्त 3 वरिष्ठ राष्ट्रीय पर्यवेक्षकों ने आज दिल्ली में पंजाब के नेताओं के साथ बहुत महत्वपूर्ण और अहम बैठकों का सिलसिला शुरू कर दिया है। हाई कमान द्वारा भेजे गए तीन पर्यवेक्षकों – अजय माकन, मीनाक्षी नटराजन और भजन लाल जाटव – की कोशिशों से राज्य की राजनीति में हलचल तेज़ हो गई है। बताया जा रहा है कि पार्टी 19 जून को कोई बड़ा फ़ैसला लिया जा सकता है।

     

     

  • गहरी खाई में पलटी इनोवा, 22 वर्षीय युवती की मौत, 7 घायल, देखें वीडियो

    गहरी खाई में पलटी इनोवा, 22 वर्षीय युवती की मौत, 7 घायल, देखें वीडियो

    पिंजौरः गांव नोलटा के समीप दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में तेज रफ्तार इनोवा कार अनियंत्रित होकर तीखे मोड़ पर पलट गई। हादसे में 22 वर्षीय युवती की मौत हो गई, जबकि चालक समेत अन्य 7 लोग घायल हो गए। मृतका की पहचान उषा निवासी ठाठर मांधना के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार इनोवा कार में चालक व महिलाएं सवार थी, जो परवाणू के कामली स्थित एक साबुन की कंपनी में नौकरी के लिए जा रही थी।

    मृतका के भाई कृष्ण कुमार ने बताया कि मिली जानकारी अनुसार गाड़ी चालक काफी तेज रफ्तार से गाड़ी चला रहा था और इसी वजह से अचानक तीखे मोड़ पर इनोवा गाड़ी अनियंत्रित होकर गहरी खाई में पलट गई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और सभी घायलों को उपचार के लिए सेक्टर-6 नागरिक अस्पताल, पंचकूला पहुंचाया।

    कृष्ण कुमार के अनुसार हादसे में उनकी बहन उषा के सिर में गंभीर चोटें आई थीं। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं कार सवार एक अन्य महिला ने बताया की गाड़ी से अजीब सी आवाज भी आ रही थी और ड्राइवर तेज रफ्तार से गाड़ी चला रहा था उन्होंने काफी बार उसे गाड़ी को धीरे चलाने के लिए भी कहा। वहीं, इनोवा चालक हेमंत भी गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है, और कार चालक हेमंत ने बताया की गाड़ी के ब्रेक फेल हो जाने के कारण यह हादसा हुआ।

  • प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में 12 वर्षों में सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण का लिखा गया नया अध्याय-डॉ. अरविंद शर्मा

    प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में 12 वर्षों में सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण का लिखा गया नया अध्याय-डॉ. अरविंद शर्मा

    चंडीगढ़: हरियाणा के सहकारिता, कारागार, निर्वाचन एवं पर्यटन मंत्री डॉ० अरविंद शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में देश ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के सिद्धांत को धरातल पर उतारते हुए सरकार ने समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का कार्य किया है। शिक्षा, स्वास्थ्य, आधारभूत ढांचे, कृषि, महिला सशक्तिकरण, डिजिटल तकनीक और सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में ऐतिहासिक बदलाव देखने को मिले हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार की 12 वर्षों की उपब्धियों को जन-जन तक पहुचांने के लिए मंगलवार को सोनीपत में विशेष जनसंपर्क कार्र्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में सहकारिता एवं पर्यटन मंत्री डॉ० अरविंद शर्मा ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत करते हुए कार्यक्रम में सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग द्वारा सरकार की 12 वर्षों की उपलब्धियों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित लगाई गई प्रदर्शनी का शुभारंभ किया। सहकारिता मंत्री ने प्रदर्शनी व विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई स्टॉलों का अवलोकन करते हुए नागरिकों को आह्वान किया कि वे प्रदर्शनी का अवश्य अवलोकन करें और सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर उनका लाभ उठाएं। इससे पहले उन्होंने लघु सचिवालय परिसर में एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण भी हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

    अंत्योदय के संकल्प को साकार करने में सफल रही सरकार

    डॉ० अरविंद शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार ने बीते 12 वर्षों में सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण की अवधारणा को वास्तविक धरातल पर उतारते हुए करोड़ों गरीबों, किसानों, महिलाओं, युवाओं, बुजुर्गों, श्रमिकों, व्यापारियों और वंचित वर्गों के जीवन में सकारात्मक बदलाव किए हैं। सरकार ने हर वर्ग के उत्थान और सशक्तिकरण के लिए प्रभावी कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों का उद्देश्य केवल विकास करना नहीं, बल्कि विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।

    शिक्षा, स्वास्थ्य और इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में हुआ अभूतपूर्व विकास

    सहकारिता मंत्री डॉ. शर्मा ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में शिक्षा, स्वास्थ्य, सडक़, रेलवे, हवाई सेवाओं और डिजिटल कनेक्टिविटी के क्षेत्र में ऐतिहासिक विकास हुआ है। देशभर में आधुनिक सडक़ नेटवर्क, एक्सप्रेस-वे, नए एयरपोर्ट और रेलवे परियोजनाओं ने विकास को नई गति प्रदान की है। जेवर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा उत्तर भारत के विकास का नया केंद्र बनने जा रहा है। किसानों की भूमि अधिग्रहण के बाद उनके सम्मान में पहली हवाई यात्रा करवाना सरकार की संवेदनशील सोच का उदाहरण है। यह दर्शाता है कि विकास के साथ-साथ किसानों के सम्मान का भी पूरा ध्यान रखा जा रहा है।

    ऐतिहासिक निर्णयों ने मजबूत किया राष्ट्र

    सहकारिता मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में धारा-370 और 35ए को समाप्त कर जम्मू-कश्मीर को देश की मुख्यधारा से जोडऩे का ऐतिहासिक कार्य किया गया। इसके अलावा अयोध्या में भव्य श्रीराम मंदिर का निर्माण, तीन तलाक की प्रथा समाप्त करना और करतारपुर कॉरिडोर का निर्माण जैसे निर्णय देश की सांस्कृतिक और सामाजिक एकता को मजबूत करने वाले साबित हुए हैं। उन्होंने कहा कि इन निर्णयों ने भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा को भी नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है और आज विश्व मंच पर भारत एक सशक्त एवं निर्णायक नेतृत्व के रूप में स्थापित हुआ है।

    विश्व पटल पर बढ़ा भारत का सम्मान

    डॉ. शर्मा ने कहा कि आज पूरी दुनिया भारत और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व को सम्मान की दृष्टि से देख रही है। अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत की बढ़ती प्रतिष्ठा और प्रभावशाली भूमिका देशवासियों के लिए गर्व का विषय है। भारत आज विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है और जल्द ही तीसरे स्थान पर पहुंचने की दिशा में अग्रसर है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने आत्मनिर्भरता की दिशा में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं और विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को लेकर देश तेजी से आगे बढ़ रहा है।

    हर वर्ग के लिए बनी योजनाएं

    प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य की डबल ईंजन की सरकारों ने समाज के प्रत्येक वर्ग के लिए योजनाएं लागू की हैं। महिलाओं के सशक्तिकरण, किसानों की आय बढ़ाने, युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार से जोडऩे, गरीबों को आवास, स्वास्थ्य सुरक्षा और सामाजिक सुरक्षा उपलब्ध कराने के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। हरियाणा सरकार की लाडो लक्ष्मी योजना सहित अनेक योजनाएं महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने का कार्य कर रही हैं। बड़ी संख्या में महिलाएं इन योजनाओं का लाभ प्राप्त कर रही हैं।

    विकसित भारत के निर्माण में जनभागीदारी जरूरी

    विकसित भारत का सपना केवल सरकार के प्रयासों से नहीं बल्कि प्रत्येक नागरिक की सहभागिता से साकार होगा। अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों का पालन भी उतना ही आवश्यक है। नागरिकों को सरकार की योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर पात्र लोगों तक उसका लाभ पहुंचाने में सहयोग करना चाहिए। डॉ. शर्मा ने लोगों से आह्वान किया कि वे सरकार की उपलब्धियों एवं योजनाओं की जानकारी अपने परिवार, मित्रों और समाज के अन्य लोगों तक पहुंचाएं तथा विकसित भारत-2047 के संकल्प को मजबूत बनाने में सहभागी बनें।

    पेंटिंग प्रतियोगिता में बच्चों ने दिखाई रचनात्मक प्रतिभा

    विशेष जनसंपर्क कार्यक्रम के दौरान स्कूली विद्यार्थियों के लिए पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के विकास, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, विकसित भारत एवं जनकल्याणकारी योजनाओं जैसे विषयों पर आकर्षक चित्र बनाकर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस अवसर पर डॉ. अरविंद शर्मा ने प्रतियोगिता स्थल का अवलोकन कर बच्चों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने बच्चों द्वारा बनाई गई पेंटिंग्स की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों की सृजनात्मक क्षमता को निखारने के साथ-साथ उनमें राष्ट्र निर्माण और सामाजिक सरोकारों के प्रति जागरूकता पैदा करते हैं। कार्यक्रम के अंत में डॉ. अरविंद शर्मा ने प्रतिभागी बच्चों को सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में विधायक निखिल मदान ने कहा कि पिछले 12 वर्षों से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी रूप में देश को ऐसा सशक्त नेतृत्व मिला है जिसके कारण देश आर्थिक, सामाजिक और आधारभूत ढांचे के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने समाज के प्रत्येक वर्ग किसान, गरीब, युवा, महिला, व्यापारी एवं श्रमिक के उत्थान के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं लागू की हैं, जिनका लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि सोनीपत सहित पूरे क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्गों, एक्सप्रेस-वे, रेलवे, मेट्रो और हवाई संपर्क के क्षेत्र में ऐतिहासिक विकास हुआ है, जिससे लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। किसानों के हित में लागू की गई नीतियों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि हरियाणा देश का ऐसा प्रदेश है जहां 24 फसलों पर एमएसपी देने का कार्य किया जा रहा है। इस दौरान नगर निगम मेयर राजीव जैन ने कहा कि आज यहां जो सरकार की उपलब्धियों और जनहितकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से प्रदर्शनी लगाई गई वो अत्यंत महत्वपूर्ण हैं क्योंकि आज की युवा पीढ़ी ने 12 वर्ष पहले के भारत की स्थिति नहीं देखी है, इसलिए उन्हें यह बताना आवश्यक है कि देश की दिशा और दशा में किस प्रकार सकारात्मक परिवर्तन आया है तथा वैश्विक स्तर पर भारत का मान-सम्मान किस तरह बढ़ा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गरीब, किसान, महिला, युवा और समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं लागू की गई हैं, जिनका लाभ सीधे पात्र व्यक्तियों तक पहुंचा है। यही कारण है कि जनता का विश्वास भारतीय जनता पार्टी की नीतियों और नेतृत्व में लगातार बढ़ा है। उन्होंने उपस्थित लोगों से सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया। इस मौके पर नगर परिषद के चेयरपर्सन मोनिका दहिया, उपायुक्त नेहा सिंह, अतिरिक्त उपायुक्त अजय चोपड़ा, एसडीएम सुभाष चंद्र, सीईओ जिला परिषद डॉ० अनमोल, नगर निगम की संयुक्त आयुक्त मीतू धनखड़, शुगर मील गोहाना की एमडी अंकिता वर्मा, नगराधीश सिमरन सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति व अधिकारी मौजूद रहे।
  • स्पीकर संधवां ने अमेरिका में बेचे गए M.L.A Hostel के विरासती Furniture संबंधी Custody Report मांगी

    स्पीकर संधवां ने अमेरिका में बेचे गए M.L.A Hostel के विरासती Furniture संबंधी Custody Report मांगी

    चंडीगढ़: पंजाब विधानसभा के स्पीकर स कुलतार सिंह संधवां ने अमेरिका में एम.एल.ए. हॉस्टल के विरासती फर्नीचर की नीलामी संबंधी चंडीगढ़ प्रशासन से कस्टडी रिपोर्ट मांगी है। इस संबंध में केंद्र शासित प्रदेश, चंडीगढ़ प्रशासन के संबंधित अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय बैठक की गई, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस फर्नीचर की कस्टडी किसके पास थी, क्योंकि विरासती फर्नीचर पंजाब, हरियाणा सरकारों तथा यू.टी. चंडीगढ़ की विभिन्न अथॉरिटियों की कस्टडी के अधीन आता है और यू.टी. प्रशासन द्वारा ऐसे फर्नीचर की सूची का रिकॉर्ड रखा जाता है।

    इस मामले का गंभीर नोटिस लेते हुए स्पीकर संधवां ने कहा कि दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी तथा इस अपराध को अंजाम देने वालों की जवाबदेही तय की जाएगी। स्पीकर ने कहा कि ऐसी लापरवाही को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, जो चंडीगढ़ की विशिष्ट वास्तुकला एवं ऐतिहासिक विरासत को नुकसान पहुंचाए।

  • 6.4 तीव्रता से लगे भूकंप के झटके, घरों से बाहर निकले लोग

    6.4 तीव्रता से लगे भूकंप के झटके, घरों से बाहर निकले लोग

    चिंगहाईः उत्तर-पश्चिमी चीन के चिंगहाई प्रांत में आज भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। मिली जानकारी के अनुसार भूकंप की तीव्रता 6.3 मापी गई है। चीनी मीडिया के मुताबिक, भूकंप का केंद्र हैक्सी प्रान्त में जमीन से करीब 10 किलोमीटर की गहराई पर था। तेज झटकों के कारण लोग डरकर अपने घरों से बाहर निकल आए। हालांकि अभी तक मिली जानकारी के अनुसार किसी के हताहत होने की कोई घटना सामने नहीं आई है।

     

  • Amritsar को साफ-सुथरा बनाने की मुहिम, रात में शुरू हुआ विशेष स्वच्छता ड्राइव

    Amritsar को साफ-सुथरा बनाने की मुहिम, रात में शुरू हुआ विशेष स्वच्छता ड्राइव

    चंडीगढ़/ अमृतसर: मुख्यमंत्री स भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली सरकार के “मिशन क्लीन पंजाब” को जमीनी स्तर पर ले जाते हुए स्थानीय सरकार मंत्री स हरजोत सिंह बैंस ने मंगलवार आधी रात (1 बजे) अमृतसर के अंदरूनी शहर (वाल्ड सिटी) की गलियों में जाकर नई शुरू की गई रात्रिकालीन सफाई मुहिम का जायजा लिया।

    स हरजोत सिंह बैंस ने कहा, “अमृतसर सिर्फ एक शहर नहीं, बल्कि आध्यात्मिकता का केंद्र है।” उन्होंने बताया कि अब पहली बार सफाई कार्य दिन के समय तक सीमित नहीं रहेगा। रोजाना रात 10 बजे से सुबह 2 बजे तक विशेष सफाई शिफ्ट चलाई जा रही है, ताकि हरिमंदिर साहिब में अमृत बेला के दर्शनों के लिए आने वाली संगत को साफ-सुथरी सड़कें मिल सकें। सफाई अभियान का जायजा लेने के उपरांत स्थानीय निकाय मंत्री ने कहा कि यह एक रात का कार्यक्रम नहीं है। वह किसी भी रात औचक निरीक्षण करेंगे ताकि पवित्र शहर की सफाई सुनिश्चित की जा सके।

    स्थानीय निकाय मंत्री ने वाल्ड सिटी में कई घंटे बिताए और श्री दरबार साहिब के आसपास के क्षेत्रों का पैदल दौरा किया। उन्होंने द्वितीयक कूड़ा संग्रहण स्थलों की सफाई का जायजा लिया, तंग गलियों में घर-घर कूड़ा एकत्र करने की प्रक्रिया की निगरानी की और बताया कि पहले चिन्हित किए गए खुले कूड़ा फेंकने वाले स्थानों को समाप्त कर दिया गया है। उन्होंने रात की ड्यूटी कर रहे सफाई कर्मचारियों से भी बातचीत कर उन्हें आने वाली कठिनाइयों के बारे में जानकारी ली। स बैंस ने कहा कि हेरिटेज स्ट्रीट फिर से अपनी चमक हासिल करेगी और वाल्ड सिटी के महत्वपूर्ण क्षेत्रों में रोजाना सफाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि जब कूड़े के ढेर समाप्त हो जाएंगे तो आवारा पशु भी सड़कों से दूर हो जाएंगे।

    उन्होंने जोर देकर कहा, “मैं इस पवित्र शहर की सड़कों पर एक भी रैपर, लिफाफा या प्लास्टिक की बोतल नहीं देखना चाहता।” उन्होंने कहा कि नगर निगम की टीमें रात 10:00 बजे से रात 2:00 बजे तक सफाई करती हैं, लेकिन जब लोग अपनी बालकनियों और छतों से कूड़ा फेंकते हैं तो उनकी मेहनत व्यर्थ हो जाती है। “जब पूरा शहर सो रहा होता है, तब सफाई कर्मचारी अपनी ड्यूटी निभा रहे होते हैं। कम से कम हमारा यह फर्ज बनता है कि हम अपने घरों की खिड़कियों और बालकनियों से सड़कों पर कूड़ा न फेंकें।”

    स. बैंस ने कहा कि अमृतसर की सफाई केवल नागरिक कर्तव्य नहीं है। गुरु साहिब से संबंधित इस पवित्र नगरी की सेवा करना हमारे लिए सेवा भावना का प्रतीक है। इसके साथ ही स्थानीय निकाय मंत्री आज सुबह 8:00 बजे से ही स्थानीय विधायक, मेयर, कमिश्नर और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ मैदान में मौजूद रहे। उन्होंने घर-घर जाकर निरीक्षण किया, लोगों की समस्याएं सुनीं और मौके पर ही अधिकारियों को निर्देश जारी कर समस्याओं के समाधान सुनिश्चित किए।

    स बैंस ने कहा कि “मिशन क्लीन पंजाब” दफ्तरों में बैठकर नहीं, बल्कि सड़कों पर उतरकर चलाया जा रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे उनके रात्रिकालीन निरीक्षण की वीडियो अधिक से अधिक साझा करें ताकि सामूहिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत किया जा सके। उन्होंने कहा, “लोगों के सहयोग के बिना यह अभियान सफल नहीं हो सकता। जितना स्वच्छ अमृतसर होगा, उतने ही अधिक श्रद्धालु और पर्यटक यहां आएंगे।”

    इस अवसर पर उनके साथ अमृतसर केंद्रीय के विधायक डॉ. अजय गुप्ता, नगर निगम अमृतसर के मेयर जतिंदर सिंह मोती भाटिया, डिप्टी कमिश्नर दलविंदरजीत सिंह, नगर निगम कमिश्नर बिक्रमजीत सिंह शेरगिल, पुलिस कमिश्नर अमृतसर गुरप्रीत सिंह भुल्लर, नगर सुधार ट्रस्ट अमृतसर के चेयरमैन करमजीत सिंह रिंटू सहित अन्य अधिकारी और नेता उपस्थित थे।

     

  • Punjab News: नगर पंचायत दफ्तर में विजिलेंस की Raid, मचा हड़कंप

    Punjab News: नगर पंचायत दफ्तर में विजिलेंस की Raid, मचा हड़कंप

    बरनालाः जिले के कस्बा हंडिआया में पिछले समय के दौरान करवाए गए विकास कार्यों में कथित भ्रष्टाचार की शिकायतों के बाद विजिलेंस ब्यूरो द्वारा आज नगर पंचायत हंडिआया के दफ्तर में रेड की गई। इस दौरान दफ्तर के कर्मियों में हड़कंप मच गया। मिली जानकारी के अनुसार विजिलेंस की टीम सुबह से ही नगर पंचायत कार्यालय में मौजूद है। टीम द्वारा कई घंटों से विकास कार्यों से जुड़े रिकार्ड की गहन जांच-पड़ताल की जा रही है।

    सूत्रों के मुताबिक यह जांच नगर पंचायत के पूर्व प्रधान के कार्यकाल के दौरान करवाए गए विकास कार्यों से संबंधित है। वहीं विजिलेंस ब्यूरो की बरनाला इकाई के इंस्पेक्टर गुरमेल सिंह ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए कहा कि जांच का दायरा काफी व्यापक है। उन्होंने बताया कि जांच पूरी होने के बाद ही इस संबंध में विस्तृत जानकारी या आधिकारिक बयान जारी किया जाएगा। फिलहाल विजिलेंस टीम दस्तावेजों और रिकार्ड की बारीकी से जांच कर रही है तथा मामले की आगे की कार्रवाई जांच रिपोर्ट के आधार पर तय की जाएगी।

  • Sanvi Jewellers में हीरे और सोने के गहने चोरी, 2 महिलाएं गिरफ्तार, हुआ चौकाने वाला खुलासा, देखें वीडियो

    Sanvi Jewellers में हीरे और सोने के गहने चोरी, 2 महिलाएं गिरफ्तार, हुआ चौकाने वाला खुलासा, देखें वीडियो

    गोरखपुरः क्रॉस मॉल रोड स्थित सान्वी ज्वेलर्स शोरूम में 45 लाख के सोने और हीरे के आभूषणों की चोरी के मामले में पुलिस ने चौकाने वाला खुलासा किया है। इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दुकान में कार्यरत 2 महिला सेल्सकर्मियों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों की पहचान राजघाट के हसनगंज, लालडिग्गनी की मुस्कान गुप्ता और कुशीनगर के कसया थाना क्षेत्र के शक्तिनगर की जगमा खातून के रूप में हुई। मामले का खुलासा उस समय हुआ जब सान्वी ज्वेलर्स के मालिक राजेश कुमार बलानी ने मार्च 2026 में वार्षिक स्टॉक ऑडिट कराया।

    ऑडिट के दौरान कई आभूषण संदिग्ध पाए गए। कैरेटोमीटर से जांच में उनकी शुद्धता शून्य निकली, जबकि कुछ सोने के गहनों का वजन भी कम मिला। विस्तृत जांच में पता चला कि कई आभूषणों के लटकन गायब थे और उनकी जगह नकली सामग्री रखी गई थी। पुलिस की पूछताछ में दोनों लड़कियों ने बताया कि हाई-फाई शौक पूरा करने के लिए ज्वेलरी की दुकान से हार चोरी कर नेपाल में बेच देते थे। उसी पैसे से अपना शौक पूरा करते थे। पुलिस के मुताबिक, लड़कियां ब्रांडेड कपड़े, एप्पल का मोबाइल और लक्जरी जिंदगी जी रही थीं। जबकि बहुत ही सामान्य परिवार से ताल्लुक रखती हैं।

    पुलिस ने उनके पास से 9.50 लाख रुपये नकद और लगभग 25.50 लाख रुपये मूल्य के चोरी किए गए आभूषण भी बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी स्ट्रांग रूम में रखे सोने और हीरे के कीमती आभूषणों को निकाल लेती थीं और उनकी जगह बिल्कुल उसी डिजाइन के नकली गहने रख देती थीं। इस वजह से लंबे समय तक चोरी का पता नहीं चल सका। चूड़ियां, अंगूठियां, कान के टॉप्स और झुमकों समेत कई महंगे आभूषण इस तरीके से बदले गए। इतना ही नहीं, जिन गहनों में अधिक संख्या में लटकन लगे होते थे, उनमें से एक-दो लटकन तोड़कर भी चोरी कर लिए जाते थे, ताकि पहली नजर में कोई अंतर दिखाई न दे।

    आरोपियों ने बताया कि वह चोरी के गहनों को नेपाल में बेचकर उससे नया गहना खरीद लेती थीं। आरोपियों को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया, जहां से जेल भेजा गया। पुलिस के मुताबिक, मुस्कान पिछले 7 साल और नगमा करीब ढाई वर्षों से सान्वी ज्वेलर्स में सेल्समैन के पद पर काम करती थीं। जांच में सामने आया कि दोनों युवती ने नौकरी के दौरान दुकान की सुरक्षा व्यवस्था और सीसीटीवी कैमरों की निगरानी रेंज को जान गई थीं। उन्हें यह अच्छी तरह मालूम था कि शोरूम और स्ट्रांग रूम के किन हिस्सों में कैमरों की सीधी निगरानी नहीं रहती। इसी का फायदा उठाकर वे चोरी की वारदातों को अंजाम देती थीं।