Blog

  • Punjab News: झुग्गी सहित 2 स्कूली बसों में लगी भीषण आग, जलकर राख, देखें वीडियो

    Punjab News: झुग्गी सहित 2 स्कूली बसों में लगी भीषण आग, जलकर राख, देखें वीडियो

    लुधियानाः हैबोवाल इलाके के अधीन आते गोपाल नगर में उस समय हड़कंप मच गया, जब स्कूल की खड़ी दो बसों में अचानक आग लग गई। इस घटना को लेकर लोगों में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने तुरंत घटना की सूचना दमकल विभाग को दी। देखते ही देखते आग ने बस को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें दूर से दिखाई दे रही है। घटना की वीडियो भी सामने आई है, जिसमें हादसे के दौरान लोग एक-दूसरे को घटनास्थल से दूर रहने की अपील कर रहे है। इस घटना में महिला की झुग्गी जलकर राख हो गई।
    मामले की जानकारी देते हुए महिला ने कहा कि उसे फोन कर सूचना दी गई। पीड़िता ने कहा कि वह 25 सालों से यहां पर रह रही है। इस घटना में उसका सारा सामान जलकर राख हो गया। वहीं महिला का रो-रो-कर बुरा हाल हो गया। दूसरी ओर आग की चपेट में आने से दोनों बसें जलकर राख हो गई। वहीं घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच में जुट गई। पुलिस ने बताया कि झुग्गी में आग लगी थी। जिसके बाद झुग्गी के बाहर खड़ी स्कूल की दो बसें भी आग की चपेट मे आ गई। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया। घटना की सूचना मिलते दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इस घटना में दमकल विभाग की 2 गाड़ियां आग पर काबू पाने में लगी। थाना हैबोवाल के जांच अधिकारी का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। घटना में जो भी दोषी पाया गया, उसके खिलाफ बनती कार्रवाई की जाएगी।  
  • बाइक सवार से पैसे मांगना सेल्समैन को पड़ा भारी, दबंगों ने पंप कर्मी को पीटा, देखें वीडियो

    बाइक सवार से पैसे मांगना सेल्समैन को पड़ा भारी, दबंगों ने पंप कर्मी को पीटा, देखें वीडियो

    सीतापुरः उत्तर प्रदेश के सीतापुर में बाइक सवार से पेट्रोल भरने के पैसे मांगना सेल्समैन को भारी पड़ गया। जहां दबंगों ने सेल्स मैन की पिटाई कर दी। इतना ही नहीं दबंगों ने अपने साथियों को बुलवाकर पेट्रोल पंप में जमकर तोड़फोड़ की। इस पूरी घटना में दबंगों के साथा महिलाएं भी शामिल रही। सेल्स मैन ने दबंगों पर चालीस हजार रुपए की नगदी छीन ले जाने का आरोप लगाया है। मारपीट की यह घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। सूचना पाकर थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
    पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दबंग के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मामला रामपुर मथुरा थाना क्षेत्र का है। सदरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम अल्हनापुर का रहने वाला कोमल कुमार पर्वतपुर चौराहे पर बने ओम साईंनाथ पेट्रोल पंप पर सेल्समैन के पद पर कार्यरत हैं। ओम साईंनाथ पेट्रोल पंप पर नीरज अपने बहनोई के साथ पहुंचा और अपनी बाइक में पेट्रोल भरवाया। बताया जाता है कि जब सेल्स मैन कोमल ने पेट्रोल के रुपए मांगे तो नीरज ने रुपए ना देते हुए सेल्समेन कोमल से हाथापाई शुरू कर दी। इतना ही नहीं नीरज ने इसकी जानकारी अपने घर वालों को दे दी, जिसके बाद नीरज के भाई और घर की महिलाएं हाथों में लाठी डंडा लेकर पेट्रोल पंप पर पहुंच गए और सेल्समेन कोमल सहित अन्य कर्मचारियों को लाठी डंडों से मारने पीटने लगे। सेल्समेन कमल का आरोप है कि नीरज और उसके परिवार वालों ने पेट्रोल पंप पर जमकर तोड़फोड़ की और कार्यालय पर भी पथराव किया। पुलिस को दी गई शिकायत में सेल्समैन कोमल ने खरीद 39 हजार की नगदी छीन ले जाने का भी आरोप लगाया है। मारपीट की पूरी घटना पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी में कैद हो गई, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि दबंगों ने पेट्रोल पंप पर किस तरह से मारपीट की। मारपीट की इस घटना में कई लोगों को चोटें आई हैं। वहीं, थानाध्यक्ष श्यामू कन्नौजिया ने बताया कि पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और घटना की सत्यता की जांच कर रही है।    
  • कार और बाइक की टक्कर में सिख जत्थे की व्यक्तियों से झड़प, 3 घायल, 4 गिरफ्तार, देखें वीडियो

    कार और बाइक की टक्कर में सिख जत्थे की व्यक्तियों से झड़प, 3 घायल, 4 गिरफ्तार, देखें वीडियो

    लोगों में रोष, 5 घंटे तक रही यात्रा प्रभावित

    चमोलीः जिले के कर्णप्रयाग में आज हेमकुंड साहिब यात्रा से लौट रहे सिख यात्रियों और स्थानीय लोगों के बीच झड़प हो गई। इस दौरान झड़प ने हिसंक रूप धारण कर लिया। घटना की वीडियो भी सामने आई है। जिसको लेकर दुकानदारों द्वारा भारी रोष पाया जा रहा है। दरअसल, बताया जा रहा है कि 5 से 6 बाइक सवारों के जत्थे की बाइक बाजार में खड़ी कार से टकरा गई, जिसके बाद दोनों में कहासुनी हो गई। कुछ ही देर में दोनों पक्षों के अन्य लोग और आसपास मौजूद लोग भी मौके पर पहुंच गए। देखते ही देखते बहस ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों पक्षों में जमकर हाथापाई होने लगी। घटना के बाद बाजार क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और तनाव का माहौल बन गया।
     
    View this post on Instagram
     

    A post shared by Encounter News (@encounter.news)

    स्थानीय लोगों का आरोप है कि विवाद के दौरान कुछ सिख यात्री तलवार और अन्य तेजधार हथियार लेकर लोगों से भिड़ गए। घटना में तीन लोग घायल हुए हैं, जिनमें एक होटल कारोबारी की हालत गंभीर होने पर उसे एयरलिफ्ट कर एम्स ऋषिकेश भेजा गया है। घटना के विरोध में व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लगा दिया, जिससे 5 घंटे तक बद्रीनाथ यात्रा प्रभावित रही। घटना के विरोध में व्यापार मंडल और स्थानीय लोगों ने बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लगा दिया। इसके चलते बद्रीनाथ धाम जाने और वहां से लौटने वाले सैकड़ों वाहन विभिन्न स्थानों पर फंस गए। यात्रियों को घंटों सड़क पर इंतजार करना पड़ा, जबकि कई परिवारों, महिलाओं और बुजुर्गों को भोजन और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए भी परेशानी उठानी पड़ी। घटना के बाद कर्णप्रयाग में तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। मौके पर प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद हैं। पीएसी के जवानों के साथ कर्णप्रयाग, गौचर और आसपास के थानों की पुलिस को भी लगाया गया है। अधिकारी दोनों पक्षों से लगातार बातचीत कर माहौल शांत कराने में जुटे हैं। चमोली के डीएम गौरव कुमार ने बताया कि कर्णप्रयाग में हेमकुंड साहिब से लौट रहे कुछ श्रद्धालुओं और स्थानीय व्यापारियों के बीच विवाद हुआ, जिसमें हथियारों से हमला किए जाने पर 4 लोग घायल हो गए। एक गंभीर घायल को हेलिकॉप्टर से देहरादून भेजा गया, जबकि अन्य तीन की हालत सामान्य है। घटना में शामिल चारों आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है और उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
  • Punjab News: पूर्व पार्षद ने की आत्महत्या, सुसाइड नोट में 2 क्लोननाइजरों को ठहराया जिम्मेदार, देखें वीडियो

    Punjab News: पूर्व पार्षद ने की आत्महत्या, सुसाइड नोट में 2 क्लोननाइजरों को ठहराया जिम्मेदार, देखें वीडियो

    बरनालाः जिले के पूर्व पार्षद नछत्तर सिंह उर्फ जग्गा सिंह ने सेखा रोड पर एक नई बनी अनिल एनक्लेव कॉलोनी की जमीन के पैसों के लेन-देन को लेकर आत्महत्या कर ली। नछत्तर सिंह का घर में पंखे से लटका शव बरामद हुआ। घटना की सूचना परिजनों द्वारा पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं घटना स्थल पर पुलिस को सुसाइड नोट बरामद हुआ है। मिली जानकारी के अनुसार पूर्व पार्षद जग्गा सिंह ज़मीन खरीदने-बेचने के कमीशन एजेंट था और प्रॉपर्टी डीलर का काम करता था।

    बरनाला के सेखा रोड पर एक नई बन रही अनिल एनक्लेव कॉलोनी के क्लोननाइजरों द्वारा बड़ी प्रॉपर्टी डील के तहत अपने बनते कमीशन ना मिलने की वजह से मृतक कुछ समय से मानसिक रूप से परेशान था। जग्गा ने अल सुबह सुसाइड कर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। घटना से पहले जग्गा ने अपने सुसाइड नोट में धुरी के 2 कॉलोनाइजरों के नाम लिखकर अपनी मौत का जिम्मेदार ठहराया। पूरे परिवार में दुख की लहर है। परिवार वाले और इलाके के लोग सख्त इंसाफ की मांग कर रहे हैं और दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। मृतक के भाई मलकीत सिंह मीता ने चेतावनी देते हुए कहा कि वह दाह संस्कार तब तक नहीं करेंगे जब तक दोषियों को गिरफ्तार नहीं किया जाता।

    दूसरी ओर पुलिस मामले की जांच कर रही है। मामले की जानकारी देते हुए सिटी पुलिस स्टेशन इंचार्ज लखविंदर सिंह ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि रामगढ़िया रोड पर प्रॉपर्टी डीलर का काम करने वाले एक पूर्व पार्षद ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। बॉडी को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम करवा लिया गया। परिवार के बयानों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। मामले के बारे में बात करते हुए SHO लखविंदर सिंह ने कहा कि बरनाला के सेखा रोड पर एक नई बनी अनिल एनक्लेव कॉलोनी की जमीन के पैसों के लेन-देन को लेकर सुबह 2:30 बजे के करीब अपने ही घर के पंखे से लटक कर सुसाइड कर लिया एक प्रॉपर्टी के कमीशन को लेकर हुआ था, जिसके चलते उन्होंने यह कदम उठाया है। मामले की पूरी जांच की जा रही है। जांच के दौरान आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

  • बस और कार की टक्कर में परिवार के 4 भाइयों की मौत, दरवाजे तोड़कर निकाले शव, देखें वीडियो

    बस और कार की टक्कर में परिवार के 4 भाइयों की मौत, दरवाजे तोड़कर निकाले शव, देखें वीडियो

    बालोतराः राजस्थान में बालोतरी के पाटोदी क्षेत्र में भीषण सड़क हादसा हो गया। इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। दरअसल, रोडवेज बस और कार की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में कार सवार 4 सगे भाइयों की मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार कार सवार चारों भाई किसी कार्य से पाटोदी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही रोडवेज बस की कार से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद ग्रामीणों ने तुरंत राहत और बचाव का काम शुरू किया।
     
    View this post on Instagram
     

    A post shared by Encounter News (@encounter.news)

    कार की हालत इतनी खराब थी कि शवों को आसानी से बाहर निकालना मुमकिन नहीं था। स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत करते हुए कार के दरवाजों को लोहे के औजारों से तोड़ा और अंदर फंसे चारों भाइयों को बाहर निकाला। हादसे में उदाराम पुत्र भंवराराम, रेखाराम पुत्र भंवराराम, विश्नाराम पुत्र भंवराराम तथा जोगाराम पुत्र भंवराराम गंभीर रूप से घायल हो गए। दो युवकों की सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पाटोदी पहुंचने से पहले ही मौत हो गई, जबकि दो घायलों को बालोतरा रेफर किया गया, जहां उन्होंने भी दम तोड़ दिया। चारों मृतक पाटोदी के निकटवर्ती कोडूका गांव के निवासी तथा सगे भाई थे। चारों भाई मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे और अब घर में कोई कमाने वाला नहीं बचा है। दरअसल, मृतकों के माता-पिता बुजुर्ग हैं। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से चारों शवों को कब्जे में लेकर नजदीकी जिला अस्पताल की मोर्चरी में भिजवाया। जैसे ही इस खौफनाक हादसे की खबर मृतकों के घर पहुंची, परिवार में चीख-पुकार मच गई। रोते-बिलखते परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल था। एक साथ चार बेटों के शव देखकर पूरा अस्पताल परिसर गमगीन हो गया और वहां मौजूद हर आंख नम हो गई।
  • ‘साडे बुजुर्ग साडा माण’ – बुजुर्गों के सम्मान और सुरक्षा के लिए पंजाब सरकार की महत्वपूर्ण पहल – Dr Baljit Kaur

    ‘साडे बुजुर्ग साडा माण’ – बुजुर्गों के सम्मान और सुरक्षा के लिए पंजाब सरकार की महत्वपूर्ण पहल – Dr Baljit Kaur

    चंडीगढ़: बुजुर्गों के कल्याण, सुरक्षा और सम्मान को सुनिश्चित करने के लिए पंजाब सरकार द्वारा वृद्धाश्रमों को सशक्त बनाने और सुरक्षा तंत्र को अधिक प्रभावी बनाने हेतु लगातार ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में राज्य सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि प्रत्येक बुजुर्ग को सुरक्षित, सम्मानजनक और खुशहाल जीवन प्राप्त हो।

    यह जानकारी साझा करते हुए सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि बुजुर्ग हमारे परिवारों की जड़ें, समाज का अनुभव और हमारी अमूल्य विरासत हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी बुजुर्ग स्वयं को अकेला या असहाय महसूस न करे। डॉ. बलजीत कौर ने कहा, “जिन माता-पिता और बुजुर्गों ने अपना पूरा जीवन परिवारों को संवारने और समाज की सेवा में समर्पित किया, उन्हें वृद्धावस्था में सम्मान, सुरक्षा और सहारा देना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है।”

    कैबिनेट मंत्री ने बताया कि सरकार और गैर-सरकारी संगठनों के सहयोग से संचालित 15 वृद्धाश्रमों के सुचारू संचालन के लिए वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान 4.10 करोड़ रुपये की अनुदान राशि जारी की गई है। इस वित्तीय सहायता से बुजुर्गों को आवास, पौष्टिक भोजन, स्वास्थ्य देखभाल और अन्य आवश्यक सेवाएं और बेहतर ढंग से उपलब्ध कराई जा सकेंगी। डॉ. बलजीत कौर ने आगे बताया कि बुजुर्गों की देखभाल और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए राज्य में 26 वृद्धाश्रम पंजीकृत किए गए हैं। ये संस्थाएं जरूरतमंद बुजुर्गों को सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

    बुजुर्गों के साथ किसी भी प्रकार की उपेक्षा, दुर्व्यवहार या शोषण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसी घटनाओं के संबंध में शिकायत दर्ज कराने के लिए एल्डर हेल्पलाइन नंबर 14567 उपलब्ध है। इस हेल्पलाइन के माध्यम से प्राप्त प्रत्येक शिकायत का प्राथमिकता के आधार पर निपटारा सुनिश्चित किया जाता है। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि किसी भी समाज की वास्तविक प्रगति इस बात से मापी जाती है कि वह अपने बुजुर्गों को कितना सम्मान, सुरक्षा और सहारा देता है। पंजाब सरकार अपने बुजुर्गों के कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और उनके सम्मान की रक्षा के लिए हर संभव कदम उठाती रहेगी।

    “हमारे बुजुर्ग हमारा सम्मान हैं और उनकी मुस्कान ही हमारी जन-कल्याणकारी नीतियों की वास्तविक सफलता है।”

     

  • Punjab News: चोरों का आतंक, महिला और 2 नकाबपोश युवक दुकान का शटर उखाड़कर नगदी लेकर फरार, देखे वीडियो

    Punjab News: चोरों का आतंक, महिला और 2 नकाबपोश युवक दुकान का शटर उखाड़कर नगदी लेकर फरार, देखे वीडियो

    लुधियानाः महानगर में चोरों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा। आए दिन बंद दुकानों को चोर निशाने बना रहे है। ताजा मामला रामनगर इलाके से चोरी का सामने आया है। रामनगर की गली नंबर 11 33 फुटी रोड पर स्थित करियाना दुकान को निशाना बनाते हुए चोर शटर तोड़कर तिजौरी में रखी 8 हजार की नगदी लेकर फरार हो गए। घटना वहां पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। जिसमें एक महिला और दो युवक दिखाई दे रहे हैं। घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगालने पर एक काली रंग की एक्टिवा पर सवार तीन लोग दिखाई दे रहे हैं।

    इनमें दो युवकों ने अपने मुंह ढके हुए थे, जबकि उनके साथ एक महिला भी शामिल थी। पीड़ित परिवार के अनुसार सीसीटीवी में दिख रहा है कि महिला के हाथ में लोहे की रॉड जैसा कोई हथियार था। आरोपियों में एक युवक थोड़ी बड़ी उम्र का लग रहा है, जबकि बाकी दोनों कम उम्र के दिखाई दे रहे हैं। दुकानदार के बेटे सत्यम ने बताया कि यह घटना रात करीब 3:50 बजे की है। सत्यम ने कहा रात को जब पहली बार हल्का सा शटर खुलने की आवाज आई तो मेरी नींद खुली। मुझे लगा कि शायद कोई भ्रम हुआ है, इसलिए मैंने ध्यान नहीं दिया। लेकिन जब दोबारा तेज आवाज आई, तो मैं बाहर आया।

    मैंने देखा कि दुकान के अंदर टॉर्च जल रही थी। सत्यम ने तुरंत अपनी मां से चाबी मंगवाई और जैसे ही वे दुकान के अंदर की तरफ बढ़े, चोर वहां से रफूचक्कर हो चुके थे। सत्यम के अनुसार, चोर गल्ले में रखी सारी नकदी समेट कर ले गए। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि इलाके में पुलिस की गश्त ना के बराबर है। पीड़ित सत्यम ने प्रशासन पर गुस्सा जाहिर करते हुए कहा कि गर्मियों के दिनों में सुबह 4 बजे के आसपास उजाला हो जाता है। अगर सरेआम इस समय चोरियां हो रही हैं, तो पुलिस का खौफ कहां है।

    मामले की जांच करने पहुंचे पुलिस अधिकारी ने बताया कि राम समुझ पाल की ओर से शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस ने कहा,हमे सुबह करीब 3:30 बजे की घटना की शिकायत मिली है, जिसमें दुकान के अंदर से 8 हजार की चोरी की बात कही गई है। हम विमल के घर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की बारीकी से जांच कर रहे हैं। देरी से पहुंचने के आरोपों को नकारते हुए पुलिस अधिकारी ने कहा कि जैसे ही मुंशी के पास सूचना आई, पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई थी। इलाके में बढ़ रही चोरियों पर उन्होंने कहा कि पुलिस हमेशा एक्टिव रहती है और कुछ दिन पहले ही स्नैचर्स को भी पकड़ा गया था। इस मामले में भी आरोपियों को जल्द ही ट्रेस कर गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

  • मुख्यमंत्री ने विस अध्यक्ष के साथ विस परिसर में किया योग प्रोटोकॉल का अभ्यास

    मुख्यमंत्री ने विस अध्यक्ष के साथ विस परिसर में किया योग प्रोटोकॉल का अभ्यास

    चंडीगढ़: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मंगलवार को हरियाणा विधानसभा परिसर में योग प्रोटोकोल का अभ्यास किया। हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति भी मुख्यमंत्री के साथ कॉमन योग प्रोटोकॉल अभ्यास में शामिल हुए।

    मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी व विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने दीप प्रज्ज्वलित कर योग प्रोटोकॉल अभ्यास सत्र का शुभारंभ किया और निर्धारित क्रम में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर किए जाने वाले सभी योग अभ्यास किए। हरियाणा योग आयोग के चेयरमैन डॉ. जयदीप आर्य ने योग प्रशिक्षकों के साथ सभी उपस्थितगण को योग प्रोटोकॉल के अनुसार प्रार्थना, संचलन अभ्यास, योगासन के तहत खड़े होकर, बैठकर, पेट के बल लेटकर तथा पीठ के बल लेटकर किए जाने वाले आसन, प्राणायाम, ध्यान व शांतिपाठ का अभ्यास करवाया।

    योग हमें मैं से हम तक की यात्रा करवाता है और यह हमें अपने आप से और समाज से जोड़ने का काम करता है। पूरा विश्व 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाएगा लेकिन हमें समझने की जरूरत है कि हमें केवल एक दिन के लिए योग दिवस नहीं मनाना बल्कि इसे जीवन के साथ एक संकल्प की तरह जोड़ना है। हरियाणा में राज्य स्तरीय योग दिवस समारोह पंचकूला में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे नियमित रूप से अपने निकटवर्ती योग कार्यक्रमों में शिरकत करें और योग के माध्यम से मानसिक व शारीरिक रूप से स्वस्थ रहकर देश की प्रगति में अपना योगदान दें।

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जब 2014 में संयुक्त राष्ट्र के माध्यम से दुनिया को योग से परिचित करवाया तो पूरे विश्व ने इसका महत्व समझते हुए भारत की इस पहल का खुले दिल से स्वागत किया। इस प्राचीन पद्धति का जिक्र भगवान श्रीकृष्ण ने भी गीता के संदेश में किया है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों के कारण पूरी दुनिया योग से जुड़ी है। यह भारत की ऐतिहासिक उपलब्धि और भारत की सांस्कृतिक शक्ति का प्रमाण है। यह भारत की सनातन परंपरा को वैश्विक स्वीकृति और नमन भी है। आज पूरी दुनिया अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मना रही है।

    इस वर्ष 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम ‘स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग’ रखी गई है। हरियाणा सरकार योग के माध्यम से नशा मुक्त हरियाणा के संकल्प को साकार करने की दिशा में भी आगे बढ़ रही है। हमने अपने वादे के अनुरूप योग को पाठयक्रम में शामिल किया है तथा स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में योग क्लब स्थापित किए हैं। सरकार ने हरियाणा के हर गांव में व्यायामशालाएं खोलने का लक्ष्य रखा है। अब तक 883 व्यायामशालाएं खोली जा चुकी हैं जिनमें 859 योग सहायक नियुक्त किए हैं। आयुष औषधालयों और उपस्वास्थ्य केंद्रों को आयुष्मान आरोग्य केंद्रों के रूप में उन्नत किया गया है जिनमें योग इंस्ट्रक्टर नियुक्त किए गए हैं।

    हरियाणा विधानसभा परिसर में योग प्रशिक्षण भी एक संदेश है कि हरियाणा का नेतृत्व और जन प्रतिनिधि योगमय जीवन जीते हैं। यह सुशासन और जनसेवा का भी आधार है। सरकार ने सभी औद्योगिक इकाइयों में प्रतिदिन योग विराम का प्रावधान भी किया है। उन्होंने कहा कि दिनभर की निरंतर भागदौड़ के बीच वे स्वयं 5 मिनट का ब्रेक लेकर योगासन करते हैं जिससे स्वयं को पुनः ऊर्जावान बनाते हैं।

    हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने कहा कि योग भारत की प्राचीन एवं गौरवशाली सांस्कृतिक धरोहर है, जिसने पूरी दुनिया को स्वस्थ जीवन का मार्ग दिखाया है। योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं है, बल्कि यह शरीर, मन और आत्मा के बीच सामंजस्य स्थापित करने की एक समग्र जीवन पद्धति है। वर्तमान समय में तनावपूर्ण जीवनशैली, अनियमित दिनचर्या और बढ़ती स्वास्थ्य चुनौतियों के बीच योग का महत्व और भी बढ़ गया है।

    यह हमारे लिए गर्व का विषय है कि भारत के माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से संयुक्त राष्ट्र ने 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मान्यता प्रदान की और आज विश्व के अनेक देशों में करोड़ों लोग योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बना रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की 2047 तक भारत को विकसित बनाने की परिकल्पना को तभी साकार किया जा सकता है जब हर व्यक्ति स्वस्थ होगा। उन्होंने कहा कि हरियाणा में भी मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने योग को बढ़ावा देकर युवाओं को नशे की प्रवृति से दूर रखने के सार्थक प्रयास किए हैं।

    हरियाणा योग आयोग के चेयरमैन डॉ. जयदीप आर्य ने बताया कि कॉमन योग प्रोटोकॉल भारत के आयुष मंत्रालय द्वारा विकसित योग अभ्यासों की एक मानकीकृत और वैज्ञानिक श्रृंखला है। इसे अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पूरी दुनिया में एक साथ और एक लय में करने के लिए डिज़ाइन किया गया है। इसका उद्देश्य हर आयु और क्षमता के लोगों को योग की मूल बातें, स्वास्थ्य लाभ और मानसिक शांति के संबंध में जानकारी उपलब्ध करवाना है। इस प्रोटोकॉल में विभिन्न चरणों को एक व्यवस्थित क्रम में रखा गया है ताकि मन व शरीर को धीरे-धीरे तैयार किया जा सके। इस अवसर पर विधानसभा के मुख्य सचेतक रामकुमार कश्यप, विधायक रणधीर सिंह पनिहार, कंवर सिंह यादव, योग आयोग के उपाध्यक्ष रोशन लाल सहित विधानसभा के अधिकारी-कर्मचारी भी उपस्थित थे।

     

  • Punjab News: युवक की मौत को लेकर परिजनों ने लगाया भगवान वाल्मीकि चौक पर धरना, देखें वीडियो

    Punjab News: युवक की मौत को लेकर परिजनों ने लगाया भगवान वाल्मीकि चौक पर धरना, देखें वीडियो

    पठानकोटः जिले में पंजाब पुलिस में तैनात युवक युवराज की लाश मिलने के बाद पारिवारिक सदस्यों ने हत्या का अंदेशा जताया था। इस मामले को लेकर कल शाम को सिविल अस्पताल बाहर परिजनों द्वारा धरना प्रदर्शन भी किया गया था। जिसके बाद आज सिविल अस्पताल में युवक का पोस्टमार्टम करने के बाद पारिवारिक सदस्यों ने पठानकोट के भगवान वाल्मीकि चौक में धरना प्रदर्शन कर चक्का जाम कर दिया।

    इस दौरान परिजनों ने आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग उठाई। पारिवारिक सदस्यों द्वारा कहा गया कि जब तक आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया जाएगा, तब तक धरना प्रदर्शन ऐसे ही चलता रहेगा। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस अधिकारी पहुंचे। पुलिस अधिकारियों द्वारा पारिवारिक सदस्यों को समझाने की कोशिश की गई, लेकिन पारिवारिक सदस्य अपनी मांग को लेकर डटे रहे और धरना प्रदर्शन जारी रखा। मामले की जानकारी देते हुए डीएसपी संजीव कुमार ने बताया कि 11 तारीख को परिजनों द्वारा बेटे का लापता होने को लेकर पुलिस को शिकायत दी गई थी।

    जिसके बाद अगले दिन बेटे की परिजनों को थार मिल गई। घटना के दौरान बेटे के दस्तावेज बरामद नहीं हुए थे। पुलिस ने बताया कि घटना के बाद युवक का शव बरामद हुआ। इस मामले को लेकर परिजनों द्वारा आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर धरना प्रदर्शन किया जा रहा है। परिजनों के बयानों पर 3 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया और एक युवक को हिरासत में लिया गया। इस मामले को लेकर परिजनों की मांग की है, सभी को अभी गिरफ्तार किया जाए। युवक का पोस्टमार्टम करवा लिया गया है। ऐसे में जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी की जा रही है।

  • हरियाणा सरकार ने मांगे Right To Service Comission के लिए आवेदन

    हरियाणा सरकार ने मांगे Right To Service Comission के लिए आवेदन

    चंडीगढ़: हरियाणा सरकार ने हरियाणा सेवा का अधिकार आयोग में मुख्य आयुक्त तथा आयुक्त के पदों पर नियुक्ति के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। चयन प्रक्रिया को सुगम बनाने के लिए राज्य सरकार ने एक सर्च कमेटी का गठन किया है, जो उपयुक्त उम्मीदवारों की पहचान कर अधिनियम के तहत गठित वैधानिक समिति को अपनी सिफारिशें भेजेगी।

    मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी द्वारा जारी आधिकारिक अधिसूचना के अनुसार, हरियाणा सेवा का अधिकार अधिनियम, 2014 के तहत गठित आयोग में एक मुख्य आयुक्त तथा अधिकतम चार आयुक्त नियुक्त किए जा सकते हैं। अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार मुख्य आयुक्त के पद के लिए हरियाणा के मुख्य सचिव अथवा केन्द्र सरकार के सचिव स्तर एवं समकक्ष पद पर कार्यरत या सेवानिवृत्त अधिकारी पात्र हैं।

    इसी प्रकार आयोग में आयुक्त के एक रिक्त पद को भरने के लिए भी आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। यह पद हरियाणा सरकार के ऐसे सेवानिवृत्त अधिकारियों में से भरा जाएगा जिन्होंने प्रशासनिक सचिव अथवा राज्य सेवा में समकक्ष पद एवं दर्जा धारण किया हो। हरियाणा कैडर के अखिल भारतीय सेवाओं के अधिकारी भी इस पद के लिए पात्र होंगे। चयनित अभ्यर्थी पदभार ग्रहण करने की तिथि से पांच वर्ष की अवधि अथवा 65 वर्ष की आयु पूरी होने तक, जो भी पहले हो, पद पर कार्य करेंगे। इस पद पर पुनर्नियुक्ति का प्रावधान नहीं है। वेतन, भत्ते एवं सेवा शर्तें हरियाणा सेवा का अधिकार अधिनियम, 2014 तथा 28 जून, 2019 को किए गए संशोधनों के अनुसार लागू होंगी।

    पात्र एवं इच्छुक उम्मीदवार निर्धारित प्रारूप में अपने आवेदन हरियाणा सिविल सचिवालय, सेक्टर-1, चंडीगढ़ की छठी मंजिल पर स्थित सामान्य प्रशासन विभाग के आयुक्त एवं सचिव के कार्यालय कमरा संख्या 44-बी में 1 जुलाई, 2026 को सायं 5.00 बजे तक जमा करवा सकते हैं। केंद्र अथवा राज्य सरकार में कार्यरत अधिकारियों को अपने आवेदन उचित माध्यम से भेजने होंगे।