Blog

  • Punjab News: जलियांवाला बाग में उमड़ी भीड़, शहीदों को नम आंखों से किया नमन, देखें वीडियो

    Punjab News: जलियांवाला बाग में उमड़ी भीड़, शहीदों को नम आंखों से किया नमन, देखें वीडियो

    अमृतसरः 13 अप्रैल 1919 के जलियांवाला बाग हत्याकांड में शहीद हुए वीरों को कभी भुलाया नहीं जा सकता। हर दिन हजारों पर्यटक यहां आते हैं और श्रद्धांजलि देने के बाद, वे अपने शहरों को लौटते समय यह शपथ लेते हैं कि वे देश के लिए कुछ ऐसा करेंगे जिससे लोग उन्हें हमेशा याद रखें। लोग आज भी जब जलियांवाला बाग में प्रवेश करते हैं, तो उन्हें वह दिन याद आ जाता है जब जनरल डायर ने निहत्थे लोगों पर अंधाधुंध गोलियां चलाने का आदेश दिया था। यहां की दीवारें, जिन पर आज भी गोलियों के निशान मौजूद हैं, खून से सने कुएं और स्मारक इस दर्दनाक इतिहास की गवाही देते हैं।

    दूर-दूर से पर्यटक यह सब देखने आते हैं, और नई पीढ़ी को देशभक्ति और बलिदान के बारे में जानकारी मिलती है। जब कोई व्यक्ति इन निशानों को देखता है, तो आज भी उसके रोंगटे खड़े हो जाते हैं। किताबों या फिल्मों के माध्यम से इस घटना के दर्द को महसूस करना कठिन है, लेकिन यहां आने पर, अंग्रेजों की क्रूरता सीधे आंखों के सामने दिखाई देती है।

    इसी दिन को याद करते हुए कई लोग और शहीदों के परिवार जलियांवाला बाग में शहीदों को नमन करने पहुंचे। शहीदों के परिवारों के साथ बातचीत के दौरान, उन्होंने कहा कि वे यहां प्रार्थना करने आते हैं, ताकि शहीदों की आत्माओं को शांति मिल सके। परिवार के सदस्यों सुनील कपूर और कमल पोद्दार ने कहा कि आज भी वह दृश्य उनकी आंखों के सामने आ जाता है और उनकी रूह कांप उठती है। उन्होंने मांग की कि शहीदों के परिवारों को आधिकारिक दर्जा दिया जाए और ब्रिटिश शासन के दौरान उन पर लगा कलंक हटाया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि आज भी ऐसे बहुत कम परिवार बचे हैं जो अपने शहीदों को मान-सम्मान दिलाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने केंद्र सरकार से अपील की कि शहीदों के परिवारों को उचित दर्जा और सम्मान दिया जाए।

     

     

  • Punjab News: Sushma Capital Commercial Complex में घुसी बेकाबू कार, मची अफरा-तफरी, देखें वीडियो

    Punjab News: Sushma Capital Commercial Complex में घुसी बेकाबू कार, मची अफरा-तफरी, देखें वीडियो

    जीरकपुरः ढाकोली इलाके स्थित सुषमा कैपिटल कमर्शियल कॉम्प्लेक्स में तब बड़ा हादसा होते-होते टला, जब एक महिला की कार अचानक बेकाबू हो गई और लोअर ग्राउंड में बने शोरूम में जा घुसी। इस घटना से मौके पर तुरंत अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भीड़ जमा हो गई। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को कंट्रोल किया।

    मिली जानकारी के अनुसार, ढाकोली इलाके की रहने वाली महिला सुषमा कैपिटल कमर्शियल कॉम्प्लेक्स में गेट नंबर 2 से अपनी कार कॉम्प्लेक्स में लाई और कार को पार्किंग में खड़ी करके खरीदारी के लिए चली गई। बताया जा रहा है कि कार गियर में लगी रह गई थी और हैंड ब्रेक ठीक से नहीं लगाया गया था। कुछ देर बाद जब महिला वापस आई और उसने कार स्टार्ट की, तो कार अचानक झटके के साथ आगे बढ़ी और बेकाबू होकर सीधे लोअर ग्राउंड की तरफ चली गई। तेज रफ्तार से बेकाबू हुई कार ने नीचे बने एक शोरूम का बड़ा शीशा तोड़ दिया और अंदर घुस गई।

    हादसे की जोरदार आवाज सुनकर आस-पास मौजूद लोग और सुरक्षाकर्मी तुरंत मौके पर पहुंच गए। गनीमत रही कि उस समय बेसमेंट में कोई ग्राहक या राहगीर मौजूद नहीं था, नहीं तो जान-माल का बड़ा नुकसान हो सकता था। हादसे के दौरान कार चला रही महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और उसे कोई गंभीर चोट नहीं आई। इसके बाद, काफी मशक्कत से एक हाइड्रा क्रेन की मदद से कार को बाहर निकाला गया।

    सूचना मिलने पर जीरकपुर पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। हालांकि, चूंकि दोनों पक्षों के बीच आपसी समझौता हो गया और कार की मालकिन नुकसान की भरपाई करने पर सहमत हो गई, इसलिए इस मामले में कोई आधिकारिक शिकायत दर्ज नहीं की गई है।

     

  • Jalandhar News: अनमोल फैक्टरी में लगी भीषण आग, देखें वीडियो

    Jalandhar News: अनमोल फैक्टरी में लगी भीषण आग, देखें वीडियो

    जालंधर, ENS: थाना 1 के अधीन आते इंडस्ट्री एरिया में फैक्टरी में देर रात आग लग गई। मिली जानकारी के अनुसार देर रात 2 बजे अनमोल रबड़ फैक्टरी में आग लगी थी। घटना में देखते ही देखते आग ने भीषण रूप धारण कर लिया। घटना को लेकर कर्मियों में हड़कंप मच गया, जिसके बाद कर्मियों ने दमकल विभाग को सूचना दी। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद दमकल विभाग की 3 गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाया गया। घटना की वीडियो भी सामने आई है, जिसमें आग की लपटें दिखाई दे रही है।

    वहीं मामले की जानकारी देते हुए दमकल विभाग के अधिकारी नरेश कुमार ने बताया कि उन्हें देर रात अनमोल रबड़ फैक्टरी में आग लगने की सूचना मिली थी। जिसके बाद तुरंत घटना स्थल पर 3 गाड़ियां लेकर पहुंचे। आग भीषण होने के कारण फॉम डालकर 3.30 बजे आग पर काबू पाया गया। दमकल विभाग के अधिकारी ने कहा कि घटना के दौरान फैक्टरी में सेफ्टी को लेकर कोई सुरक्षा प्रबंध नहीं थे, जिसको लेकर उच्च अधिकारियों को अवगत करवा दिया गया है। इस घटना में फैक्टरी का लाखों का सामान जलकर राख हो गया है।

  • डोनाल्ड ट्रंप की धमकी से शेयर बाजार में आई भारी गिरावट, मचा कोहराम

    डोनाल्ड ट्रंप की धमकी से शेयर बाजार में आई भारी गिरावट, मचा कोहराम

    नई दिल्लीः अमेरिका की ईरान के साथ बातचीत विफल होने के बाद डोनाल्ड ट्रंप की स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पर बैन लगाने की धमकी का सोमवार को बाजार पर जोरदार असर हुआ। कच्चे तेल के भाव उछल गए जिसकी वजह से स्टॉक मार्केट सोमवार को तेज गिरावट के साथ खुले। सप्ताह के पहले ही दिन बाजार में हाहाकार मच गया और सेंसेक्स-निफ्टी ताश के पत्तों की तरह ढह गए। बाजार खुलते ही सेंसेक्स 1400 अंक से ज्यादा टूट गया, जिससे निवेशकों के करोड़ों रुपये पल भर में स्वाहा हो गए।

    बाजार खुलने के कुछ ही मिनटों के भीतर बिकवाली का दबाव और ज्यादा बढ़ गया है, जिससे निवेशकों में अफरातफरी का माहौल है। सुबह 9:20 बजे तक सेंसेक्स की गिरावट बढ़कर 1,624.21 अंक (2.09%) तक पहुंच गई, जिसके बाद इंडेक्स 75,926.04 के स्तर पर ट्रेड कर रहा है। निफ्टी में भी भारी बिकवाली जारी है और यह 471.15 अंक (1.96%) टूटकर 23,579.45 के करीब पहुंच गया है। मिडिल ईस्ट में बढ़ते युद्ध के खतरों और कच्चे तेल की कीमतों में आए अचानक उछाल ने भारतीय बाजार के सेंटीमेंट को पूरी तरह बिगाड़ दिया है, जिससे हर सेक्टर के शेयरों में लाल निशान नजर आ रहा है।

    आज सुबह 9:15 बजे जैसे ही बाजार खुला, बीएसई (BSE) सेंसेक्स 1,446.37 अंक (1.87%) की भारी गिरावट के साथ 76,103.88 के स्तर पर आ गया. वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 50 भी 373.25 अंक (1.55%) लुढ़ककर 23,677.35 पर खुला। बता दें कि प्री-ओपनिंग सेशन में तो गिरावट और भी डरावनी थी, जहां सेंसेक्स 1600 अंकों तक नीचे चला गया था। बाजार में इस क्रैश की सबसे बड़ी वजह मिडिल ईस्ट में बढ़ता तनाव है। इस्लामाबाद में अमेरिका और ईरान के बीच चल रही शांति वार्ता बिना किसी नतीजे के खत्म हो गई है। इसके तुरंत बाद ट्रंप प्रशासन ने ईरानी बंदरगाहों के चारों ओर नौसैनिक नाकाबंदी लागू करने की योजना का ऐलान कर दिया। ऊपर से इजरायल द्वारा ईरान पर फिर से हमले शुरू करने की खबरों ने आग में घी डालने का काम किया।

  • Punjab News: Wrong Side से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर की चपेट में आने से व्यक्ति की मौत

    Punjab News: Wrong Side से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर की चपेट में आने से व्यक्ति की मौत

    लुधियानाः जिले के चंडीगढ़ रोड स्थित इकाई अस्पताल के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से व्यक्ति की मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार नशे की हालत में गलत दिशा से तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली आ रहा था और उसने स्कूटी सवार पिता-पुत्र में टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए पिता परमजीत सिंह कैंथ की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस को दिए बयानों में मृतक के पुत्र जसनप्रीत सिंह निवासी न्यू विश्वकर्मा कॉलोनी ने बताया कि 11 अप्रैल को वह अपनी बहन अर्शप्रीत कौर की स्कूटी पर अपने पिता परमजीत सिंह के साथ समराला चौक की ओर जा रहे थे।

    स्कूटी उनके पिता चला रहे थे। जैसे ही वे वर्धमान चौक से थोड़ा आगे इकाई अस्पताल के पास पहुंचे सामने से आ रहे एक लाल रंग के ट्रैक्टर ने उन्हें सीधी टक्कर मार दी। जसनप्रीत के मुताबिक ट्रैक्टर चालक जगजीत सिंह उर्फ जग्गा निवासी जालंधर नशे में धुत था और लापरवाही से ट्रैक्टर चला रहा था। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसके पिता को गंभीर चोटें आईं। हादसे को अंजाम देने के बाद आरोपी चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली समेत मौके से फरार हो गया। घायल परमजीत सिंह को तुरंत पास के इकाई अस्पताल ले जाया गया जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

    मृतक इंडस्ट्री कारोबारी परमजीत सिंह अपने परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे। उनके कंधों पर ही पूरे घर की आर्थिक जिम्मेदारी थी।परिवार में दो बेटे और एक बेटी परमजीत की पत्नी एक हाउस वाइफ (गृहिणी) हैं। थाना मोती नगर पुलिस ने शिकायतकर्ता के बयानों पर आरोपी चालक जगजीत सिंह पुत्र छिंदा सिंह निवासी पिंड दितला जालंधर के खिलाफ बीएनएस (BNS) की धारा 281 (तेज व लापरवाही से वाहन चलाना), 106(1) (लापरवाही से मौत), 324(4) (संपत्ति को नुकसान) धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

     

  • Jalandhar News: 1 किलो हेरोइन सहित प्लंबर गिरफ्तार

    Jalandhar News: 1 किलो हेरोइन सहित प्लंबर गिरफ्तार

    जालंधर, ENS: नशे के खिलाफ चलाई गई मुहिम के तहत एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने प्लंबर को नशे सहित गिफ्तार किया है। एएनटीएफ जालंधर रेंज की टीम ने प्लंबर के कब्जे से 1.36 किलो हेरोइन बरामद की है। गिरफ्तार किए गए तस्कर की पहचान हरविंदर सिंह उर्फ गिंदी निवासी गांव वेहरां, थाना महतपुर के के रूप में हुई है।

    मिली जानकारी के अनुसार एएनटीएफ की टीम ने उसे सिद्धवां बेट से महतपुर रोड पर गांव बीटल अड्डा के पास स्थित बेदी चुगाठ हाउस के पास से दबोचा। मामले की जानकारी देते हुए अधिकारी ने बताया कि यह कार्रवाई एडीजीपी निलाभ किशोर के दिशा-निर्देशों पर की गई। इसका नेतृत्व जगजीत सिंह सरोआ और बिक्रमजीत सिंह ने किया। एआईजी जगजीत सिंह सरोआ ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने कई अहम खुलासे किए हैं।

    आरोपी 10वीं पास है और पेशे से प्लंबर का काम करता है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि जल्द अमीर बनने की चाहत और नशा तस्करी के काम में अधिक कमाई के लालच ने उसे इस अवैध धंधे में धकेल दिया। इस मामले में एएसआई मनजीत सिंह ने थाना एएनटीएफ मोहाली में मुकदमा दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है, ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाया जा सके।

  • आज का राशिफल, 13 अप्रैल 2026

    आज का राशिफल, 13 अप्रैल 2026

    आज ग्रहों की स्थिति आपके जीवन में एक बड़े बदलाव का संकेत दे रही है। चंद्रदेव आज कुंभ राशि में राहु के साथ युति बना रहे हैं, जिससे सामाजिक क्षेत्र में अचानक कोई बड़ा बदलाव या नई समझ विकसित हो सकती है। मीन राशि में सूर्यदेव, नीच के बुधदेव, मंगलदेव और शनिदेव का भारी जमावड़ा लगा है, जो आपसे आत्म-मंथन और पुराने कर्मों के निपटारे की मांग कर रहा है। मिथुन राशि के बृहस्पतिदेव आपकी बुद्धि को नई दिशा दे रहे हैं, जबकि सिंह राशि के केतु आपको दिखावे से दूर रहकर अपनी जड़ों और पुरानी खुशियों से जुड़ने की सलाह देते हैं।

    मेष राशि: दूसरों को प्रभावित करने में सफल रहेंगे। आज आपके राशि स्वामी मंगलदेव मीन राशि में अन्य ग्रहों के साथ गोचर कर रहे हैं, जिससे मन में कभी जोश तो कभी शांति की इच्छा होगी। आपकी राशि में बैठे शुक्रदेव आपके आकर्षण को बढ़ा रहे हैं, जिससे आप दूसरों को प्रभावित करने में सफल रहेंगे। हालांकि, मीन राशि का प्रभाव आपकी तर्क करने की शक्ति को थोड़ा धुंधला कर सकता है। कुंभ राशि के राहु और चंद्रदेव अचानक धन लाभ के संकेत दे रहे हैं, लेकिन सट्टेबाजी से बचना ही ठीक होगा। करियर के मामले में आज मौन रहना ही आपकी सबसे बड़ी ताकत है; कुछ भी बोलने से पहले ऑफिस का माहौल जरूर समझ लें। बारहवें भाव में ग्रहों की भीड़ के कारण बेचैनी महसूस हो सकती है, इसलिए जल्दबाजी में निवेश या कागजी कार्रवाई न करें। रिश्तों में पार्टनर की भावनाओं का सम्मान करें क्योंकि वे आज अधिक भावुक हो सकते हैं।

    वृषभ राशि: आपकी पेशेवर साख में इजाफा होगा। आज चंद्रदेव आपके दसवें भाव यानी कर्म स्थान में गोचर कर रहे हैं, जिससे आपका पूरा फोकस करियर और सामाजिक स्थिति पर रहेगा। आपके राशि स्वामी शुक्रदेव फिलहाल मेष राशि में हैं, इसलिए आप पर्दे के पीछे रहकर काम करना और डिप्लोमेसी से मामले सुलझाना पसंद करेंगे। ग्यारहवें भाव में सूर्यदेव, मंगलदेव और शनिदेव की मौजूदगी सामाजिक दायरे में बड़ी हलचल पैदा कर सकती है। करियर के मामले में चंद्र-राहु की युति अचानक सफलता दिला सकती है, पर पेशेवर बातचीत को लिखित में रखना ही सुरक्षित है। प्यार के मामले में आज आप शोर-शराबे के बजाय पार्टनर के साथ शांत शाम बिताना पसंद करेंगे। धन भाव में बैठे बृहस्पतिदेव आपको आर्थिक उतार-चढ़ाव से बचाएंगे, फिर भी किसी को उधार देने से बचें। सेहत के लिए गला और गर्दन का ख्याल रखें और ताजी हवा में टहलें।

    मिथुन राशि: मानसिक उथल-पुथल को आसानी से पार कर लेंगे। आपके राशि स्वामी बुधदेव फिलहाल मीन राशि में नीच के होकर गोचर कर रहे हैं, जिससे दूसरों के साथ तालमेल बिठाने में थोड़ी दिक्कत महसूस हो सकती है। हालांकि, भाग्य भाव में चंद्रदेव का गोचर आपके लिए ताजी हवा के झोंके जैसा रहेगा, जो नए और लीक से हटकर विचार देगा। आपकी राशि में बैठे बृहस्पतिदेव आपको सुरक्षा कवच दे रहे हैं, जिससे आप मानसिक उथल-पुथल को आसानी से पार कर लेंगे। करियर के भाव में नीच के बुधदेव आज मुख्य चुनौती हैं, इसलिए कागजी कार्रवाई में गलती या अधिकारियों से गलतफहमी से बचें। प्यार का इजहार आज शब्दों के बजाय अपने कामों से करें क्योंकि वाणी का ग्रह थोड़ा कमजोर है। आर्थिक रूप से ऑफिस में दिखावे के चक्कर में निवेश न करें और सधे हुए हाथ से खर्च करें। नर्वस सिस्टम को शांत रखने के लिए स्क्रीन से दूरी बनाएं और ध्यान करें।

    कर्क राशि: पार्टनर के सहयोग से लाभ प्राप्त होगा। आज आपके राशि स्वामी चंद्रदेव आठवें भाव से गोचर कर रहे हैं, जो आपको चीजों की गहराई समझने और पुराने भावनात्मक पैटर्न को तोड़ने के लिए प्रेरित करेंगे। मीन राशि में ग्रहों का जमावड़ा आपके इंट्यूशन यानी अंतर्ज्ञान को चरम पर ले जा रहा है। मेष राशि के शुक्रदेव करियर में महत्वाकांक्षा और शांत साहस भर रहे हैं, जिससे आप अधिकारियों को प्रभावित कर पाएंगे। हालांकि, नीच के बुधदेव के कारण यात्रा की योजनाओं या उच्च शिक्षा से जुड़ी बातों में उलझन पैदा हो सकती है। आर्थिक रूप से वसीयत या पार्टनर के सहयोग से लाभ के संकेत हैं, पर किसी भी “जादुई” सलाह से बचें। रिश्तों में आज आप रूहानी जुड़ाव तलाशेंगे; पार्टनर के साथ अपना डर शेयर करना रिश्ते को मजबूत करेगा। सेहत के लिए पानी से जुड़ी गतिविधियां, जैसे गुनगुने पानी से नहाना, आपकी नसों को सुकून देगा।

    सिंह राशि: जटिल रिश्तों को कुशलता से संभालने की कोशिश करें। चंद्रदेव आज आपके सातवें भाव में राहु के साथ गोचर कर रहे हैं, जो रिश्तों में उथल-पुथल तो ला सकते हैं, पर पुराने उबाऊ ढर्रों को तोड़ने का मौका भी देंगे। आपके राशि स्वामी सूर्यदेव आठवें भाव के गहरे जल में गोचर कर रहे हैं, जिससे आप सुर्खियों के बजाय एकांत और जीवन के रहस्यों में रुचि लेंगे। इस भाव में नीच के बुधदेव और शनिदेव की मौजूदगी गुप्त बातों या पेचीदा आर्थिक लेनदेन के कारण तनाव दे सकती है। पार्टनर के साथ बहस से बचें क्योंकि आज आपकी बातों का गलत अर्थ निकाला जा सकता है। करियर में टीम के साथ काम करना फायदेमंद रहेगा और आप किसी झगड़े में मध्यस्थ बन सकते हैं। आर्थिक मामलों में सावधानी और ऑडिट का दिन है; कोई बड़ा फैसला फिलहाल न लें। सेहत के लिए दिल और रीढ़ की हड्डी का ख्याल रखें।

    कन्या राशि: स्वास्थ्य पर ध्यान दें और दूसरों की सेवा करें। आपके राशि स्वामी बुधदेव सातवें भाव में नीच के होकर बैठे हैं, जिससे आपकी लॉजिकल सोच आज थोड़ी धुंधली पड़ सकती है। चंद्रदेव आपके छठे भाव से गोचर कर रहे हैं, जो काम के माहौल या स्वास्थ्य की आदतों में अचानक बदलाव ला सकते हैं। सातवें भाव में ग्रहों का भारी जमावड़ा आपके रिश्तों और कानूनी मामलों पर गहरा असर डालेगा; जीवनसाथी के साथ गलतफहमी से बचें। करियर के मामले में आपकी बारीकियों पर नजर ही आज आपको बचाएगी; आज का दिन प्रेजेंटेशन के बजाय रिसर्च के लिए बेहतर है। आर्थिक रूप से पुराने बजट पर टिके रहना ही ठीक है, क्योंकि कमजोर बुधदेव किसी पेचीदा स्कीम में फंसने की चेतावनी दे रहे हैं। सेहत के लिए पाचन तंत्र का ख्याल रखें और मंगल की स्थिति के कारण जल्दबाजी में चोट लगने से बचें।

    तुला राशि: दूसरों के साथ तालमेल बिठाने में सफल रहेंगे। चंद्रदेव आज आपके पांचवें भाव से गोचर कर रहे हैं, जो आपको कुछ नया और अलग करने के लिए प्रेरित करेंगे। आपके राशि स्वामी शुक्रदेव सातवें भाव में विराजमान हैं, जिससे आप बेहद आकर्षक महसूस करेंगे और दूसरों के साथ तालमेल बिठाने में सफल रहेंगे। हालांकि, छठे भाव में नीच के बुधदेव और अन्य ग्रहों का दबाव कार्यस्थल पर जिम्मेदारियों का बोझ बढ़ा सकता है। ऑफिस की राजनीति और गॉसिप से पूरी तरह दूर रहें क्योंकि छोटी बात बड़ी परेशानी बन सकती है। रोमांस के लिए आज का दिन खास है, पर पार्टनर के साथ कुछ नया ट्राई करें ताकि ताजगी बनी रहे। आर्थिक स्थिति स्थिर रहेगी, लेकिन मनोरंजन पर अचानक होने वाले खर्चों से बचें। सेहत के लिए पाचन और स्किन एलर्जी का ध्यान रखें और हल्का योग करें।

    वृश्चिक राशि: आपकी बातों का गलत अर्थ निकाला जा सकता है। आज चंद्रदेव आपके चौथे भाव से गोचर कर रहे हैं, जो घर और परिवार के प्रति आपका जुड़ाव बढ़ाएंगे। आपके राशि स्वामी मंगलदेव अन्य ग्रहों के साथ पांचवें भाव में गोचर कर रहे हैं, जिससे आपकी रचनात्मक शक्ति और इंटुइशन बहुत बढ़ गया है। मीन राशि का प्रभाव आपको आध्यात्मिक कामों में गहराई से उतरने के लिए प्रेरित करेगा। हालांकि, नीच के बुधदेव के कारण आपकी बातों का गलत अर्थ निकाला जा सकता है, खासकर प्रेम संबंधों में। निवेश या बच्चों की पढ़ाई को लेकर आज जल्दबाजी में कोई फैसला न लें क्योंकि अभी पूरी तस्वीर साफ नहीं है। करियर में आप लाइमलाइट से दूर रहकर काम की क्वालिटी पर ध्यान देना पसंद करेंगे। सेहत के लिए घरेलू सुकून बहुत जरूरी है; दिल की सेहत और गहरी सांस लेने वाले व्यायामों पर ध्यान दें।

    धनु राशि: रिश्तेदारों को पैसा उधार देने से बचें। चंद्रदेव आज आपके तीसरे भाव में गोचर कर रहे हैं, जो संवाद करने की आपकी क्षमता को बेमिसाल बनाएंगे। आपके राशि स्वामी बृहस्पतिदेव सातवें भाव में बैठकर पार्टनरशिप के जरिए तरक्की के द्वार खोल रहे हैं। हालांकि, चौथे भाव में नीच के बुधदेव और अन्य ग्रहों का जमावड़ा जमीन-जायदाद या प्रॉपर्टी के कागजों में उलझन पैदा कर सकता है। परिवार के मोर्चे पर आप दूसरों का बोझ अपने कंधों पर ले सकते हैं, जिससे थोड़ा भारीपन महसूस होगा। करियर में आपकी मल्टीटास्किंग प्रतिभा ही आज आपका सबसे बड़ा हथियार साबित होगी। आर्थिक रूप से रिश्तेदारों को पैसा उधार देने से बचें और प्रॉपर्टी में निवेश से पहले कानूनी सलाह जरूर लें। सेहत के लिए सांसों और हाथों का ख्याल रखें; हल्का व्यायाम दिमाग की धुंध को साफ करेगा।

    मकर राशि: चंद्र-राहु की युति कमाई के रास्ते खोलेगी। चंद्रदेव आज आपके दूसरे भाव यानी धन भाव से गोचर कर रहे हैं, जिससे आपका पूरा ध्यान आर्थिक सुरक्षा और संपत्ति पर रहेगा। आपके राशि स्वामी शनिदेव मीन राशि में अन्य ग्रहों के साथ बैठे हैं, जिससे रास्ता थोड़ा धुंधला लग सकता है और बातचीत में उलझन हो सकती है। चंद्र-राहु की युति कमाई का कोई नया आधुनिक तरीका सुझा सकती है। तीसरे भाव में नीच के बुधदेव के कारण ईमेल या मैसेज समझने में गलती हो सकती है, इसलिए सावधानी बरतें। रिश्तों में आज आप सिर्फ बातों के बजाय ठोस प्यार और देखभाल की उम्मीद करेंगे। करियर में रफ्तार तेज रहेगी, लेकिन आपका व्यवस्थित तरीका आपको सबसे अलग दिखाएगा; आज शॉर्ट-टर्म लक्ष्यों पर ध्यान दें। सेहत के लिए गले, गर्दन और कंधों की अकड़न पर ध्यान दें और स्ट्रेचिंग करें।

    कुंभ राशि: आपका व्यक्तिगत आकर्षण चरम पर रहेगा। आज चंद्रदेव आपकी ही राशि में राहु के साथ युति बना रहे हैं, जिससे गहरा इंटुइशन और आजादी की चाह जगेगी। आप पारंपरिक उम्मीदों को तोड़कर अपनी अलग पहचान बनाने की कोशिश करेंगे। हालांकि, दूसरे भाव में नीच के बुधदेव और शनिदेव की मौजूदगी वाणी में कड़वाहट या आर्थिक चर्चाओं में गलतफहमी पैदा कर सकती है। बचत को लेकर असुरक्षा महसूस हो सकती है, इसलिए मन की बेचैनी में अचानक खरीदारी न करें। करियर के मामले में आप काम करने का तरीका बदलने या नए तकनीकी टूल को अपनाने का विचार करेंगे, पर सीनियर्स के सामने केवल फैक्ट्स पर बात करें। प्यार के मामले में आज आप बौद्धिक स्वतंत्रता की तलाश करेंगे; पार्टनर को अपनी बात स्पष्टता से कहें। सेहत के लिए काफ मसल्स और एड़ियों का ध्यान रखें और पानी की कमी न होने दें।

    मीन राशि: खुद को बदलने की क्षमता आपकी सबसे बड़ी ताकत बनेगी। आज आपकी ही राशि में सूर्यदेव, नीच के बुधदेव, मंगलदेव और शनिदेव का शक्तिशाली समूह गोचर कर रहा है। यह स्थिति ऊर्जा, जिम्मेदारी और संवाद की चुनौतियां एक साथ लेकर आई है। चंद्रदेव और राहु बारहवें भाव में गोचर कर रहे हैं, जो एकांत और गहरे सपनों की ओर इशारा करते हैं। आपकी सहनशक्ति और खुद को बदलने की क्षमता ही आज आपकी सबसे बड़ी ताकत है। बुधदेव के कमजोर होने से आप खुद को थोड़ा अलग-थलग महसूस कर सकते हैं; जब तक मन का कोहरा साफ न हो, कोई बड़ा फैसला न लें। करियर में आपके सहकर्मी मार्गदर्शन के लिए आपकी ओर देखेंगे, आपकी शांत उपस्थिति ही काफी होगी। आर्थिक रूप से निजी हिसाब-किताब में बारीकियां नजरअंदाज न करें और फिजूलखर्ची से बचें। सेहत के लिए सिरदर्द या सुस्ती महसूस हो सकती है, भरपूर पानी पिएं।

  • Health Tips : पिएं गोंद कतीरा और सौंफ का पानी, भयंकर गर्मी में है अमृत समान

    Health Tips : पिएं गोंद कतीरा और सौंफ का पानी, भयंकर गर्मी में है अमृत समान

    Health Tips : गर्मियों के दिनों में शरीर को ठंडा रखना और पानी की कमी से बचाना काफी मुश्किल हो जाता है। तेज धूप और लू के कारण शरीर जल्दी थक जाता है और कई बार चक्कर, कमजोरी या पेट की दिक्कतें भी होने लगती हैं। ऐसे समय में सौंफ, धनिया और गोंद कतीरा से बना यह देसी ड्रिंक बहुत फायदेमंद साबित हो सकता है। यह मिश्रण शरीर को अंदर से ठंडक देता है और गर्मी से जुड़ी कई समस्याओं से बचाता है। क्यों फायदेमंद है यह देसी मिश्रण?
    1. शरीर को अंदर से ठंडा रखता है सौंफ, धनिया और गोंद कतीरा तीनों की तासीर ठंडी होती है। यह शरीर के तापमान को संतुलित रखते हैं और लू लगने का खतरा कम करते हैं।
    2. पानी की कमी नहीं होने देता गर्मी में शरीर से पसीने के जरिए पानी जल्दी निकल जाता है। यह मिश्रण शरीर में पानी की कमी को पूरा करता है और आपको लंबे समय तक हाइड्रेटेड रखता है।
    3. पाचन को सुधारता है सौंफ और धनिया पेट को ठंडा रखते हैं। इससे गैस, जलन, एसिडिटी और अपच जैसी समस्याएं कम होती हैं और पाचन बेहतर रहता है।
    4. शरीर को देता है हल्की ऊर्जा गोंद कतीरा शरीर को ठंडक देने के साथ-साथ हल्की ऊर्जा भी देता है। इससे दिनभर सुस्ती या कमजोरी महसूस नहीं होती।
    5. त्वचा के लिए भी अच्छा है यह मिश्रण शरीर को अंदर से ठंडा रखता है, जिससे गर्मियों में होने वाले स्किन रैशेज, जलन और पिंपल्स जैसी समस्याएं कम हो सकती हैं।
    कैसे तैयार करें यह ड्रिंक?
    • रात को 1 चम्मच सौंफ और 1 चम्मच धनिया पानी में भिगो दें।
    • सुबह इस पानी को छान लें।
    • इसमें पहले से भिगोया हुआ 1 छोटा चम्मच गोंद कतीरा मिलाएं।
    • स्वाद के लिए थोड़ा शहद डाल सकते हैं।
    • इसे ठंडा करके पिएं।
    इसे पीने का सही तरीका आप इस मिश्रण को ठंडे पानी या दूध में मिलाकर शरबत की तरह भी पी सकते हैं। यह गर्मी में तुरंत ठंडक देता है और शरीर को तरोताजा बना देता है।      
  • गगरेट में लापरवाही से गाड़ी चलाने पर हादसा, कार चालक पर मामला दर्ज

    गगरेट में लापरवाही से गाड़ी चलाने पर हादसा, कार चालक पर मामला दर्ज

    ऊना/सुशील पंडित: ऊना जिला के पुलिस थाना गगरेट के अंतर्गत एक सड़क हादसे का मामला सामने आया है, जिसमें लापरवाही से वाहन चलाने के कारण नुकसान हुआ है। शिकायतकर्ता संतोष कुमार निवासी वार्ड नंबर 03 दियोली, तहसील घनारी ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई कि उसने अपनी कार घर के पास सड़क किनारे खड़ी की थी। इसी दौरान एक अन्य कार चालक पर्व निवासी चलेट ने तेज और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उसकी गाड़ी को टक्कर मार दी।टक्कर इतनी जोरदार थी कि आरोपी की कार आगे जाकर सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से भी जा टकराई। पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जारी है।
  • Russia-Iran Talks : पुतिन ने ईरान के राष्ट्रपति से फोन पर की बात, जानें मध्यस्थ की भूमिका को लेकर क्या कहा

    Russia-Iran Talks : पुतिन ने ईरान के राष्ट्रपति से फोन पर की बात, जानें मध्यस्थ की भूमिका को लेकर क्या कहा

    Russia-Iran Talks : पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच रूस ने अब शांति स्थापित करने के लिए पहल शुरू कर दी है। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान से फोन पर बात की। इस बातचीत में पुतिन ने साफ संकेत दिया कि रूस इस क्षेत्र में शांति स्थापित करने के लिए मध्यस्थ (मेडिएटर) की भूमिका निभाने को तैयार है।

    पहले पाकिस्तान कर रहा था मध्यस्थता की कोशिश
    इससे पहले पाकिस्तान भी इस मामले में मध्यस्थता करने की कोशिश कर रहा था। ईरान और अमेरिका के प्रतिनिधिमंडल पाकिस्तान पहुंचे थे, ताकि बातचीत के जरिए समाधान निकाला जा सके। लेकिन वहां कोई ठोस नतीजा नहीं निकल पाया और बातचीत सफल नहीं हो सकी।

    पुतिन का संदेश: हिंसा तुरंत बंद हो
    बातचीत के दौरान पुतिन ने जोर देकर कहा कि मौजूदा हालात को संभालने के लिए सबसे पहले हिंसा को तुरंत रोकना जरूरी है। उनका मानना है कि सैन्य कार्रवाई से समस्या का समाधान नहीं होगा, बल्कि इससे हालात और बिगड़ सकते हैं। उन्होंने कहा कि केवल राजनीतिक और कूटनीतिक बातचीत के जरिए ही स्थायी शांति हासिल की जा सकती है।

    रूस की रणनीति: खुद को बड़ा कूटनीतिक खिलाड़ी बनाना
    रूस की यह पहल सिर्फ एक सामान्य बयान नहीं मानी जा रही, बल्कि इसे एक रणनीतिक कदम के रूप में देखा जा रहा है। पुतिन पहले भी खाड़ी देशों और अन्य वैश्विक नेताओं के संपर्क में रहे हैं। इससे यह संकेत मिलता है कि रूस इस संकट में खुद को एक अहम मध्यस्थ और वैश्विक स्तर पर प्रभावशाली देश के रूप में स्थापित करना चाहता है।

    दुनिया भर में बढ़ी चिंता
    पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव ने पूरी दुनिया की चिंता बढ़ा दी है। खासकर इज़राइल और आसपास के क्षेत्रों में जारी हमलों ने हालात को और गंभीर बना दिया है। इसका असर सिर्फ क्षेत्र तक सीमित नहीं है, बल्कि वैश्विक स्तर पर ऊर्जा आपूर्ति (तेल-गैस) पर भी पड़ सकता है।

    क्या अब कूटनीति ही आखिरी रास्ता है?
    रूस ने साफ कर दिया है कि वह युद्ध के बजाय बातचीत के जरिए समाधान चाहता है। पुतिन का कहना है कि सभी देशों को संयम रखना होगा और मिलकर बातचीत करनी होगी। ऐसे समय में जब अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत में भी अनिश्चितता बनी हुई है, रूस की यह पहल शांति की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।