Blog

  • Blower Heater से कमरे में फैली आग, जिंदा जली बुजुर्ग महिला

    Blower Heater से कमरे में फैली आग, जिंदा जली बुजुर्ग महिला

    गुरुग्रामः सेक्टर 28 स्थित सरस्वती विहार के मकान में आधी रात को आग लगने का मामला सामने आया है। घटना में 80 वर्षीय महिला जिंदा जल गई। आग की लपटों में घिरी मां को बचाने के लिए बेटे ने कमरे में घुसने की कोशिश की, लेकिन आग इतनी तेज थी कि वह अंदर नहीं जा सका।

    बुजुर्ग महिला घरवालों की आंखों के सामने ही पूरी तरह जल गई। सेक्टर 29 थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और करीब एक घंटे में आग पर काबू पाया। पुलिस ने जले हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

    जानकारी देते हुए महिला के बेटे शांतनु बख्शी ने बताया कि उनकी मां काफी समय से बीमार थीं और उन्होंने उन्हें ठंड से बचाने के लिए ब्लोअर हीटर लगाया था। रोजाना की तरह रात 9 बजे वह उनकी देखभाल करने नीचे ग्राउंड फ्लोर पर जाकर सो गए। रात करीब 12 बजे उन्हें तेज आवाज सुनाई दी और वह घर से बाहर आए। पहली मंजिल से आग की लपटें देखीं तो वह ऊपर गए, लेकिन तब तक आग पूरी मंजिल पर फैल चुकी थी।

    कमरे में एलपीजी के दो सिलेंडर रखे हुए थे, संयोग से रेगूलेटर बंद होने की वजह से सिलेंडर में भरी गैस ने आग नहीं पकड़ी। शांतनु ने बताया कि पहले 24 घंटे के लिए घर में मेड थी तो वह मां के साथ सोती थी, लेकिन कुछ दिन पहले वह काम छोड़ कर चली गई, जिसके बाद अब नई मेड सुबह नौ बजे से शाम को सात बजे तक रहती है। जाते समय वह सिलेंडर का रेगूलेटर बंद करके चली गई। अगर एलपीजी सिलेंडरों में आग लगती तो बड़ा हादसा हो सकता था।

  • डिप्टी CM की गाड़ी को बम से उड़ाने की मिली धमकी

    डिप्टी CM की गाड़ी को बम से उड़ाने की मिली धमकी

    मुबंई: महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। मिली जानकारी के अनुसार डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे को जान से मारने की धमकी मिली है। बताया जा रहा है कि मुंबई की गोरेगांव पुलिस को अज्ञात शख्स से ईमेल मिला, जिसमें उनकी गाड़ी को बम से उड़ाने की धमकी दी गई।

    इसी तरह का धमकी भरा मेल मंत्रालय और जेजे मार्ग पुलिस स्टेशन को भी मिला है। ईमेल में जिसमें शिवसेना प्रमुख की गाड़ी को बम से उड़ाने की धमकी दी गई। धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद जांच एजेंसियां अलर्ट हो गई। क्राइम ब्रांच समेत तमाम एजेंसियां जांच में जुटी गई हैं। एकनाथ शिंदे इस वक्त दिल्ली में हैं। यहां उन्होंने दिल्ली की नई BJP सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में शिरकत की।

  • गिरावट के साथ खुला शेयर बाजार, Sensex में 300 अंकों की फिसलन

    गिरावट के साथ खुला शेयर बाजार, Sensex में 300 अंकों की फिसलन

    बिजनेसः शेयर मार्कीट की वीरवार को कमजोर ओपनिंग के साथ शुरुआत हुई। बाजार खुलने के बाद सेंसेक्स में 300 अंकों की गिरावट दर्ज की गई, जबकि निफ्टी भी 70 अंक गिरा हुआ था। बैंक निफ्टी में 150 अंकों की कमजोरी थी। ओपनिंग के साथ निफ्टी पर ITC, Maruti, Airtel जैसे बड़े शेयरों में गिरावट दिख रही थी। HDFC Bank में कमजोरी से बैंक निफ्टी दबाव में था। ऑटो और FMCG इंडेक्स में सबसे ज्यादा गिरावट देखने को मिली।

    करीब 1 बजे तक सेंसेक्स और निफ्टी लाल निशान पर ही ट्रेड करते नजर आए। तब निफ्टी-50 करीब 53.20 अंकों से गिरकर 22880 पर ट्रेड करता नजर आया। वहीं सेंसेक्स 270 अंकों की गिरावट के साथ 75670 पर ट्रेड करता नजर आया। सबसे ज्यादा ट्रेड होने वाले शेयरों में पिरामल फार्मा, अमारा राजा एनर्जी व रेल विकास निगम ने अपनी जगह बनाई। वहीं टॉप लूजर में मारुति सुजुकी, एचडीएफसी बैंक और टाटा कंज्यूमर नजर आए।

    कमोडिटी बाजार में सोना 2950 डॉलर के ऊपर सुस्त दिखा तो चांदी 33 डॉलर के ऊपर सपाट थी। घरेलू बाजार में सोना 250 रुपए गिरकर 85,900 के नीचे तो चांदी 500 रुपए फिसलकर 96,400 के नीचे बंद हुई थी। कच्चा तेल लगातार तीसरे दिन हल्की बढ़त के साथ 76 डॉलर के ऊपर था। मार्च सीरीज से IREDA और Tata Tech भी F&O में शामिल होंगे। अब कुल 6 नए शेयरों की एंट्री होगी।

  • Jalandhar News: स्पोर्ट्स कारोबारियों के 2 बच्चों की मौत को लेकर पुलिस अधिकारी का आया बयान, देखें वीडियो

    Jalandhar News: स्पोर्ट्स कारोबारियों के 2 बच्चों की मौत को लेकर पुलिस अधिकारी का आया बयान, देखें वीडियो

    3 माह पहले पंकज की हुई थी शादी, मोहित मां-बाप का था इकलौता बेटा

    जालंधर, ENS: टीवी सेंटर के पास अस्पताल के नजदीक एक्टिवा सवार 2 युवकों की सड़क हादसे में मौत हो गई। मृतकों की पहचान 31 पकंज निजात्म और 30 मोहित निवासी बस्ती 9 के रूप में हुई है। मामले की जानकारी देते हुए एसीपी निर्मल ने कहा कि घटना देर रात 2.15 बजे यह हादसा हुआ है। 2 एक्टिवा सवार युवकों के आगे जा रही गाड़ी ने साइड मारी, और गाड़ी दोनों के ऊपर से गुजर गई, जिसके चलते पीछे से आ रही सब्जियों से भरी महिंदरा पिकअप गाड़ी दोनों के ऊपर से गुजर गई। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों के बयानों पर थाना 4 में मामला दर्ज किया जा रहा है। हादसे में पिकअप चालक मौके से फरार हो गया। वहीं मामले की जानकारी देते हुए परिजनों ने बताया कि दोनों युवकों के साथ 2 अन्य युवक बर्थडे पार्टी से 1.30 बजे लौट रहे थे। इस दौरान शरणजीत अस्पताल के पास काले रंग की गाड़ी ने साइड मारी और उसके बाद पीछे से आ रही पिकअप गाड़ी दोनों को सड़क पर घसीटकर ले गई। हादसे में दोनों की मौके पर मौत हो गई। हादसे में पकंज शादीशुदा है और उसकी 3 महीने पहले ही शादी हुई थी। परिजनों ने कहा कि अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पिकअप गाड़ी को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है। मोहित के पिता की बस्ती 9 मोहित स्पोर्ट्स के नाम पर दुकान है, जबकि पकंज के पिता का निजात्म नगर में इंपोर्ट-एक्सपोर्ट का कारोबार है।
  • Truck और ट्रेलर ने 2 बाइकों को मारी टक्कर, 4 युवकों की दर्दनाक मौत

    Truck और ट्रेलर ने 2 बाइकों को मारी टक्कर, 4 युवकों की दर्दनाक मौत

    गिरिडीह/हजारीबागः दो सड़क हादसों में 4 युवकों की मौत होने का मामला सामने आया है। पहली घटना गिरिडीह में आज सुबह की है जिसमें फैक्ट्री जाने के दौरान 2 युवकों को ट्रेलर ने कुचल दिया। वहीं, दूसरी घटना हजारीबाग की है जहां, बुधवार की देर रात ट्रक ने बाइक सवार 2 युवकों को रौंद दिया जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

    जानकारी अनुसार, गिरिडीह-धनबाद मुख्य मार्ग पर डांडीडीह वनांचल कॉलेज के पास तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक सवार दो फैक्ट्री कर्मियों को कुचल दिया। हादसे में मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के झगरी निवासी शंकर साव पंडित (32) और पचंबा थाना क्षेत्र के बिशनपुर निवासी अनीश अहमद (32) की मौत हो गई।

    दोनों औद्योगिक क्षेत्र स्थित बालमुकुंद फैक्ट्री में काम करने जा रहे थे। दोनों एक ही बाइक से फैक्ट्री जा रहे थे। इसी बीच उनकी दूसरी बाइक से टक्कर हो गई और शंकर साव व अनीश सड़क पर गिर गया। इसी बीच पीछे से आ रहे ट्रेलर ने दोनों को कुचल दिया और आगे निकल गया। स्थानीय लोगों ने घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया पर डॉक्टर ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद गुस्साए परिजनों ने रोड जाम कर दिया।

    दूसरी ओर, हजारीबाग के पदमा में एनएच-33 पर इटखोरी मोड़ के पास बुधवार रात को एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो और युवकों की जान चली गई। अडार गांव के पास एक ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।

    मृतकों की पहचान कटकमसांडी निवासी राहुल कुमार यादव (पिता बैजनाथ यादव) और इचाक निवासी अनिल कुमार (पिता गुलाब) के रूप में हुई। दोनों युवक इटखोरी मोड़ से पदमा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान इटखोरी से हजारीबाग की ओर आ रहे ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। दोनों युवकों ने हेलमेट नहीं पहना था। पुलिस ने ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया है। शव को शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया गया।

  • बदला मौसम का मिजाज, फिर शुरू हुई बर्फबारी, विभाग ने जारी किया अलर्ट, देखें वीडियो

    बदला मौसम का मिजाज, फिर शुरू हुई बर्फबारी, विभाग ने जारी किया अलर्ट, देखें वीडियो

    शिमलाः एक बार फिर से बदलते मौसम के साथ बर्फबारी शुरू हो गई है। दरअसल, शिमला के नारकंडा फागु सहित ऊपरी क्षेत्रों में देर रात से ही बर्फबारी हो रही है। नारकंडा में करीब 3 इंच तक बर्फ गिर चुकी है, जिसके चलते वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से ठप्प गई है। परिवहन निगम की बसें नारकंडा में ही खड़ी हो गई है सड़कों पर काफी ज्यादा फिसलन हो गई है। कुफरी फागु में बर्फबारी हो रही है जहा पर्यटक भी काफी पहुचने शुरू हो गए है।

    इसके अलावा शिमला शहर में सुबह से बारिश हो रही है। बारिश और बर्फबारी से तापमान में भी काफी ज्यादा गिरावट दर्ज की गई है जिसे ठंड में भी इजाफा हो गया है। मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटे तक प्रदेश भर में बारिश और बर्फबारी को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। आगामी 3 घंटे में बिलासपुर सोलन सिरमौर मंडी शिमला कांगड़ा में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।

    कुफरी में बर्फबारी देख पर्यटक झूम उठे और बर्फ के साथ मस्ती करते हुए नजर आए। पर्यटको का कहना है कि वह जयपुर से यहां पर घूमने आए थे और उन्हें उम्मीद नहीं थी की बर्फ देखने को मिलेगी लेकिन यहां पर सुबह बर्फबारी देखकर उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा है।

  • Punjab: IPS Alka Meena सहित 4 DSP का हुआ ट्रांसफर

    Punjab: IPS Alka Meena सहित 4 DSP का हुआ ट्रांसफर

    कपूरथलाः पंजाब सरकार द्वारा पुलिस अफसरों को सख्ती से कार्रवाई करने के निर्देश जारी कर दिए है। वहीं बीते दिन ही मान सरकार ने एक्शन लेते हुए 52 पुलिस कर्मियों को बर्खास्त किया था। जिसके बाद अब 4 डीएसपी का ट्रांसफर किया गया। मिली जानकारी के अनुसार विधायकों की नाराजगी के बाद बॉर्डर एरिया के 4 डीएसपी का ट्रांसफर किया गया। बताया जा रहा है ट्रांसफर किए गए अधिकारियों में अमृतसर, बटाला, तरनतारन और कपूरथला के अधिकारी शामिल हैं। वहीं आईपीएस अलका मीणा का भी ट्रासंफर कर दिया गया है।

    मिली जानकारी के अनुसार ब्यूरोक्रेसी से नाराज चल रहे 12 विधायकों ने प्रशासनिक अफसरों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। इसमें कई विधायकों ने आईपीएस स्तर के अधिकारियों के खिलाफ भी शिकायतें भेजी है। नाराज विधायकों की यह शिकायतें सीएम भगवंत मान और चीफ सेक्रेटरी केएपी सिन्हा के पास पहुंची हैं। सूत्रों के अनुसार विधायक कुंवर विजय प्रताप सिंह ने उत्तरी अमृतसर में नशा तस्करी के कारोबार में संलिप्त कुछ पुलिस अधिकारियों और भ्रष्टाचार में जुटे प्रशासनिक अफसरों के खिलाफ सीएम मान और चीफ सेक्रेटरी को शिकायतें भेजी थी।

    पुलिस महकमे में 52 कर्मियों को बर्खास्त करने के बीच चीफ सेक्रेटरी केएपी सिन्हा ने भी सभी विभागों के सचिव और प्रमुखों को एक लेटर जारी किया है। इस लेटर में उन्होंने ब्यूरोक्रेसी पर लगातार उठ रहे सवालों पर आईएएस, पीसीएस और अन्य जूनियर रैंक के लिए अधिकारियों को सरकारी काम में जानबूझकर बाधा डालने या काम को पेंडिंग रखने पर सख्त कार्रवाई का हवाला दिया है। चीफ सेक्रेटरी ने सभी विभागों के प्रमुखों को ऐसे अफसरों की पहचान कर उनकी एसीआर तैयार कर तत्काल कार्रवाई के लिए लिखा है।

  • Punjab News: कलयुगी बेटे ने बुजुर्ग मां को मारे थप्पड़, देखें वीडियो

    Punjab News: कलयुगी बेटे ने बुजुर्ग मां को मारे थप्पड़, देखें वीडियो

    लुधियानाः जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जहां, एक कलयुगी बेटे ने अपनी ही बुजुर्ग मां से मारपीट की। उसने अपनी मां को थप्पड़ मारते हुए उसका गला भी दबाया। घटना के बाद बुजुर्ग महिला गंभीर रूप से घायल हो गई जिसे अस्पताल में भर्ती करवाया। मेडिकल जांच के बाद डुगरी थाने में शिकायत दर्ज कराई गई।

    जानकारी मुताबिक, लुधियाना के डुगरी थाना अंतर्गत शहीद भगत सिंह नगर में रहने वाली एक बुजुर्ग मां को उसके ही बेटे ने बुधवार रात को इसलिए थप्पड़ मार दिया क्योंकि उसने अपने बेटे को शराब के लिए पैसे देने से इंकार कर दिया था। जब बेटे ने इसका विरोध किया तो उसने अपनी मां का गला दबा दिया और उस पर डंडे से हमला कर दिया। इस पूरी घटना में बुजुर्ग मां बुरी तरह घायल हो गई जिसे उसका भतीजा सिविल अस्पताल लेकर आया। मेडिकल जांच के बाद डुगरी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई गई।

    अस्पताल पहुंची बुजुर्ग मां अमरजीत कौर ने बताया कि उनकी उम्र 70 साल है। वह शहीद भगत सिंह नगर इलाके में रहती हैं। उसका बेटा शराबी है, जो शराब के पैसों को लेकर कई बार उसकी पिटाई कर चुका है। बुधवार की रात को उसने फिर से उससे शराब के लिए पैसे मांगे। जब उसने पैसे देने से मना किया तो उसके बेटे ने उस पर डंडे से हमला कर दिया। उसके बेटे ने उसका गला भी दबाया और उसको थप्पड़ भी मारे। पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

  • चौथी महिला CM बनीं रेखा गुप्ता, मनजिंदर सिरसा, प्रवेश वर्मा सहित इन नेताओं ने ली मंत्री पद की शपथ

    चौथी महिला CM बनीं रेखा गुप्ता, मनजिंदर सिरसा, प्रवेश वर्मा सहित इन नेताओं ने ली मंत्री पद की शपथ

    नई दिल्लीः दिल्ली में आप पार्टी को हराकर 27 साल भाजपा सत्ता में आई। वहीं आज नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह रेखा गुप्ता सीएम के रूप में शपथ ली। इस दौरान रेखा गुप्ता भगवा साड़ी में नजर आईं। वह दिल्ली की चौथी महिला सीएम बन गई हैं। उनसे पहले आतिशी, शीला दीक्षित और सुषमा स्वराज दिल्ली की महिला सीएम रही हैं। रेखा गुप्ता शालीमार बाग से विधायक हैं। उन्होंने 3 बार की आम आदमी पार्टी विधायक रहीं बंदना कुमारी को बड़े अंतर से हराया है। रेखा गुप्ता के बाद मंत्रिमंडल के अन्य सदस्यों को एलजी विनय कुमार सक्सेना पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। सीएम रेखा गुप्ता के साथ 6 कैबिनेट मंत्रियों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली।

    रेखा गुप्ता के बाद प्रवेश वर्मा ने दिल्ली के मंत्री पद की शपथ ली। उसके फिर आशीष सूद ने मंत्री पद की शपथ ली। इसके बाद मनजिंदर सिंह सिरसा ने मंत्री पद की शपथ ली। अब कपिल मिश्रा, पंकज सिंह और रविंदर सिंह इंद्राज ने शपथ ली। आज सुबह ही राजपत्र जारी कर इन सभी के नाम का ऐलान किया गया था। शपथ ग्रहण के बाद सभी के मंत्रालयों का फैसला किया जाएगा। बीजेपी ने अपने मंत्रिमंडल के ऐलान के साथ जातियों और समुदायों को साधने की कोशिश की है। इसमें जाट, पंजाबी और पूर्वांचल सभी का ख्याल रखा गया है।

    शपथ ग्रहण का कार्यक्रम दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम में पीएम नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय कैबिनेट सदस्य, बीजेपी शासित राज्यों के सीएम और डिप्टी सीएम, सांसद और एनडीए के घटक दलों के नेता मौजूद हैं। वहीं, अन्य गणमान्य हस्तियों समेत कार्यक्रम में 50 हजार नेता, कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।

  • शादी की तैयारियों में जुटा था परिवार, पीछे से युवती गायब

    शादी की तैयारियों में जुटा था परिवार, पीछे से युवती गायब

    भिवानीः 21 वर्षीय युवती के अचानक लापता होने का मामला सामने आया है। 11 दिन बाद उसकी शादी थी। वह अपने माता-पिता के साथ सामान खरीदने बाजार आई थी और यहां से बिना बताए चली गई। परिजनों ने उसे काफी तलाश किया, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। पुलिस ने केस दर्ज कर युवती की तलाश शुरू कर दी है।

    जानकारी मुताबिक, बवानी खेड़ा क्षेत्र के गांव मंढाणा में एक परिवार अपनी बेटी की शादी की तैयारियों में जुटा हुआ था। व्यक्ति ने बताया कि उसकी बेटी की शादी 3 मार्च को होनी है। इसके लिए परिवार ने तैयारी पूरी कर ली थी। बुधवार को युवती अपने माता पिता के साथ अपनी शादी की खरीददारी करने के लिए भिवानी के बिचला बाजार में गई थी।

    युवती के पिता ने बताया कि वे अपनी पत्नी व बेटी के साथ बुधवार को दोपहर करीब 1 बजे भिवानी आए थे। परिवार ने बिचला बाजार स्थित कामरा फैन्सी स्टोर से शाम 4 बजे तक खरीदारी की। करीब 4:15 बजे युवती अचानक बाजार से गायब हो गई। युवती के पिता, जो सेट्रिंग का काम करते हैं, ने बताया कि उनकी बेटी के पास कोई मोबाइल फोन नहीं था। परिवार ने बाजार में काफी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।

    बेटी का कोई सुराग नहीं लगने पर वे सीधे सिटी थाना पहुंचे और बेटी के लापता होने की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच की है और युवती की तलाश में जुटी है।