Blog

  • Punjab News: नहर में कार गिरने से दो चचेरे भाइयों की मौत, गाड़ी में अवैध शराब बरामद

    Punjab News: नहर में कार गिरने से दो चचेरे भाइयों की मौत, गाड़ी में अवैध शराब बरामद

    मछीवाड़ा साहिबः सरहिंद नहर में कार गिरने से दो चचेरे भाइयों की मौत हो जाने का मामला सामने आया है। मृतकों की पहचान फरीदकोट जिले के सिखवाला गांव के रहने वाले विकासदीप (19) और आकाशदीप (20) के तौर पर हुई है।

    मृतकों के पिता रिंपी सिंह ने बताया कि उनके बेटे और भतीजे इनोवा कार से चंडीगढ़ से फरीदकोट लौट रहे थे। सुबह करीब 4:30 बजे उनका बेटा मोबाइल पर बात कर रहा था, तभी उसे पीछे से किसी दूसरे लड़के की आवाज सुनाई दी कि गोली चली है। पिता ने बताया कि उसके बाद दोनों लड़कों के फोन बंद हो गए। सुबह जब वे उन्हें ढूंढते सरहिंद नहर के किनारे पहुंचे, तो उन्हें पता चला कि सुबह करीब 4:30 बजे एक इनोवा कार सरहिंद नहर में गिर गई थी, जिसके बाद उन्होंने गोताखोरों को बुलाया। देर शाम गोताखोरों ने नहर में इनोवा कार को ढूंढा और हाइड्रा मशीन मंगवाकर कार को बाहर निकाला, जिसमें दोनों चचेरे भाइयों के शव मिले।

    उधर, कार को नहर से बाहर निकाला तो अंदर का नजारा बहुत डरावना था। शराब की पेटियां दोनों चचेरे भाइयों पर गिरी हुई थीं और दुर्घटना के बाद उन्हें बाहर निकलने का मौका नहीं मिला। उनके शव शराब की पेटियों के नीचे दबे हुए थे और उन्हें बहुत मुश्किल से बाहर निकाला गया। पिता रिंपी सिंह ने बताया कि उनका बेटा और भतीजा चंडीगढ़ से अवैध शराब लाकर बेचते थे, जिसके लिए उन्हें कई बार रोका भी गया था। वे कार में अवैध शराब लेकर चंडीगढ़ से फरीदकोट आ रहे थे। उन्होंने कहा कि जानकारी मिली है कि अवैध शराब से भरी उनकी गाड़ी को शराब ठेकेदार की गाड़ी ने टक्कर मार दी थी, जिसकी वजह से यह हादसा हुआ। शाम 4:30 बजे के बाद उनके बेटे और भतीजे के फोन बंद हो गए थे और जानकारी के अनुसार टक्कर लगने की वजह से गाड़ी नहर में गिर गई।

    घटना की जानकारी मिलते ही समराला थाना प्रभारी हरविंदर सिंह और STF की टीमें मौके पर पहुंच गईं। पुलिस ने कार को बाहर निकाला और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। उन्होंने बताया कि कार में भारी मात्रा में शराब लदी हुई थी, जिसकी जांच की जा रही है। कार नहर में कैसे गिरी, इसकी भी जांच की जाएगी।

     

  • GSSS चड़तगढ़ में एसपी सचिन हिरेमठ ने दिलाई ‘एंटी चिट्टा शपथ’, विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों से किया जागरूक

    GSSS चड़तगढ़ में एसपी सचिन हिरेमठ ने दिलाई ‘एंटी चिट्टा शपथ’, विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों से किया जागरूक

    ऊना,सुशील पंडित: जिला पुलिस ऊना द्वारा चलाए जा रहे “एंटी चिट्टा अभियान” के तहत शुक्रवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय (GSSS) चड़तगढ़ में नशा विरोधी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक ऊना सचिन हिरेमठ (आईपीएस) ने विद्यार्थियों, शिक्षकों और अन्य उपस्थित लोगों को चिट्टा (हेरोइन) सहित अन्य मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले दुष्परिणामों और उनसे बचाव के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

    एसपी सचिन हिरेमठ ने विद्यार्थियों को एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) के कानूनी प्रावधानों से अवगत कराते हुए बताया कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज तीनों के लिए गंभीर खतरा है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर स्वस्थ, अनुशासित और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान सड़क सुरक्षा, यातायात नियमों का पालन, साइबर अपराधों से बचाव तथा डिजिटल प्लेटफॉर्म के सुरक्षित उपयोग को लेकर भी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। अंत में सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों और प्रतिभागियों को “एंटी चिट्टा शपथ” दिलाई गई तथा समाज को नशामुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प कराया गया।

    जिला पुलिस ऊना ने कहा कि “एंटी चिट्टा अभियान” के तहत भविष्य में भी स्कूलों, कॉलेजों और ग्राम पंचायतों में ऐसे जागरूकता कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि युवाओं को नशे से दूर रखकर समाज को नशामुक्त बनाया जा सके।

     

     

     

  • Haryana News: स्कूली बच्चों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं, खुद फील्ड में उतरें डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक अमरिंदर सिंह, देखें वीडियो

    Haryana News: स्कूली बच्चों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं, खुद फील्ड में उतरें डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक अमरिंदर सिंह, देखें वीडियो

    120 स्कूली बसों की चेकिंग, 12 बसों के हुए चालान, 1 बस व 2 ऑटो इंपाउंड पंचकूलाः स्कूली बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने और सुरक्षित स्कूल वाहन पॉलिसी को धरातल पर पूरी सख्ती से लागू करने के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन के नेतृत्व में पंचकूला पुलिस ने विशेष अभियान की शुरुआत की। अभियान के पहले ही दिन डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक आईपीएस अमरिंदर सिंह स्वयं सड़कों पर उतरकर विभिन्न स्थानों पर स्कूल बसों और स्कूली बच्चों को ले जाने वाले ऑटो वाहनों का औचक निरीक्षण करते नजर आए। निरीक्षण के दौरान 120 स्कूल बसों में सुरक्षा मानकों की बारीकी से जांच की गई। पुलिस टीम ने बसों में लगे फायर एक्सटिंग्विशर, फर्स्ट एड बॉक्स, स्पीड गवर्नर की कार्यक्षमता, फिटनेस सर्टिफिकेट, चालक एवं परिचालक की वर्दी, आवश्यक दस्तावेज तथा अन्य सुरक्षा प्रबंधों की जांच की। विशेष रूप से बसों में लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की गई, जिनमें कई बसों के कैमरे स्कूल के कंट्रोल सिस्टम से जुड़े नहीं पाए गए। सुरक्षा मानकों में लापरवाही मिलने पर मौके पर ही 12 स्कूल बसों के चालान किए गए तथा एक बस को इंपाउंड किया गया। निरीक्षण के दौरान डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक अमरिंदर सिंह ने बसों में सफर कर रहे विद्यार्थियों से भी बातचीत की और उन्हें यातायात नियमों, सड़क सुरक्षा तथा सुरक्षित यात्रा के प्रति जागरूक किया। उन्होंने बच्चों से अपील की कि यदि वाहन में कोई सुरक्षा संबंधी कमी दिखाई दे तो इसकी जानकारी अपने अभिभावकों एवं स्कूल प्रबंधन को अवश्य दें। इसके बाद डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक ने स्कूली बच्चों को लेकर चल रहे ऑटो वाहनों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान कुछ ऑटो निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाकर चलते मिले। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर दो ऑटो को मौके पर ही इंपाउंड किया गया। इन ऑटो में मौजूद बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक अमरिंदर सिंह ने स्वयं उन्हें अपने एस्कॉर्ट वाहन से सुरक्षित उनके घर तक पहुंचाने की व्यवस्था कराई। डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक ने बताया कि यह विशेष अभियान का पहला दिन है और आने वाले दिनों में भी जिलेभर के स्कूल वाहनों की लगातार जांच की जाएगी। उन्होंने कहा कि सुरक्षित स्कूल वाहन पॉलिसी का पूरी गंभीरता से पालन कराया जाएगा और बच्चों की सुरक्षा से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा और नियमों की अनदेखी करने वालों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पंचकूला पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन ने स्कूल प्रबंधन और अभिभावकों से भी इस अभियान में सक्रिय सहयोग की अपील की है। पुलिस ने कहा कि अभिभावक यह सुनिश्चित करें कि उनके बच्चे जिस वाहन से स्कूल आते-जाते हैं, वह सभी सुरक्षा मानकों का पालन करता हो। स्कूल संचालक भी नियमित रूप से अपने वाहनों की फिटनेस, सुरक्षा उपकरणों और चालक-परिचालकों की पात्रता की जांच करते रहें, ताकि प्रत्येक विद्यार्थी सुरक्षित वातावरण में स्कूल आ-जा सके।
  • अंब में दर्दनाक सड़क हादसा: बाइक चालक की मौत, दो महिलाएं घायल

    ऊना,सुशील पंडित: अंब उपमंडल के लडोली क्षेत्र में शुक्रवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में मोटरसाइकिल चालक सक्षम ठाकुर उर्फ नन्नू की मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार युवती और एक पैदल महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं।

    पुलिस के अनुसार सक्षम ठाकुर निवासी अकरोट अपनी मोटरसाइकिल पर नेहा को लेकर जा रहा था। तेज रफ्तार के कारण बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर पैदल चल रही सुमन देवी से टकरा गई। हादसे में सक्षम ठाकुर को सीएच हरोली ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल नेहा और सुमन देवी को बेहतर उपचार के लिए उच्च संस्थान रेफर किया गया है। पुलिस थाना अंब ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

     

  • खेत जाने से रोकने और जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज

    ऊना,सुशील पंडित: सदर थाना क्षेत्र के गांव वरनोह निवासी रविन्द्र कुमार ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है कि अभिषेक ठाकुर और पंजाब सिंह ने उसे उसके खेतों तक जाने से रोक रखा है। शिकायत के अनुसार आरोपियों ने खेतों के चारों ओर बाड़ लगा दी, जिससे ट्रैक्टर अंदर नहीं जा सका और समय पर बिजाई नहीं हो पाई। शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि दोनों ने उसे जान से मारने की धमकियां दी हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

     

  • गलुआ में सट्टा लगाते व्यक्ति पर पुलिस की कार्रवाई, ₹3150 और सट्टा पर्चियां बरामद

    ऊना,सुशील पंडित:  जिला पुलिस ऊना ने सार्वजनिक जुआ अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को सट्टा लगाते हुए पकड़ा है। पुलिस चौकी शहर ऊना की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर गलुआ स्थित ट्रक यूनियन के पास छापेमारी कर हजारी लाल निवासी वार्ड नंबर-5, चौरासी पोढ़ियों वाला बाजार, ऊना के कब्जे से ₹3150 नकद और सट्टा पर्चियां बरामद कीं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सार्वजनिक जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

     

  • मुख्यमंत्री ने विदेशों में रोजगार के लिए विदेशी भाषा के पाठ्यक्रम शुरू करने की संभावनाएं तलाशने के दिए निर्देश

    मुख्यमंत्री ने विदेशों में रोजगार के लिए विदेशी भाषा के पाठ्यक्रम शुरू करने की संभावनाएं तलाशने के दिए निर्देश

    शिमला : मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड के माध्यम से विदेशी भाषा के पाठ्यक्रम शुरू करने की संभावनाएं तलाशने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने आज यहां एक उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि राज्य सरकार हिमाचल प्रदेश राज्य इलेक्ट्रॉनिक्स विकास निगम (एचपीएसईडीसी) के माध्यम से कुशल युवाओं को विदेशों में रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने के लिए हर संभव सहयोग प्रदान कर रही है। उन्होंने कहा कि युवाओं को आवश्यक भाषा कौशल का ज्ञान प्रदान करने के उद्देश्य से विदेशी भाषाओं के नए पाठ्यक्रम शुरू किए जाएंगे।

    श्री सुक्खू ने कहा कि विदेशों में रोजगार प्राप्त कर चुके हिमाचली युवाओं की सुरक्षा और कल्याण सुनिश्चित करने के लिए राज्य सरकार एक डिजिटल प्लेटफॉर्म भी विकसित कर रही है। यह प्लेटफॉर्म उनकी सुरक्षा और आवश्यकतानुसार सहायता उपलब्ध करवाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं के लिए विदेशों में रोजगार के अन्य अवसरों की भी तलाश कर रही है ताकि युवाओं को बेहतर वेतन पैकेज मिल सके और वहां युवाओं का किसी प्रकार से शोषण न हो। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार एचपीएसईडीसी के लिए भर्ती एजेंसी का लाइसेंस प्राप्त करने में सफल रही है।

    मुख्यमंत्री ने श्रम एवं रोजगार विभाग को निर्देश दिए कि विभाग की सभी प्रमुख योजनाओं का विवरण प्रभावी निगरानी के लिए मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर अपलोड किया जाए। उन्होंने जनजातीय विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा कर निर्देश दिए कि एफआरए से संबंधित सभी मामलों की स्थिति भी मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर अपलोड की जाए। बैठक में उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान, राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी, अतिरिक्त मुख्य सचिव ओंकार चंद शर्मा, सचिव प्रियंका बसु इंग्टी, राकेश कंवर और आशीष सिंहमार, आयुक्त श्रम एवं रोजगार वीरेंद्र शर्मा और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

  • केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने दिया इस्तीफा, राष्ट्रपति ने किया मंजूर

    केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने दिया इस्तीफा, राष्ट्रपति ने किया मंजूर

    नई दिल्लीः केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने शुक्रवार को अपने मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है। राष्ट्रपति ने प्रधानमंत्री की सलाह पर उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया है। राष्ट्रपति भवन की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, यह इस्तीफा तुरंत प्रभाव से लागू हो गया है।

    राष्ट्रपति ने दी मंजूरी
    राष्ट्रपति कार्यालय के मुताबिक, प्रधानमंत्री की सिफारिश पर रवनीत सिंह बिट्टू का इस्तीफा स्वीकार किया गया। इसके साथ ही वह अब केंद्रीय मंत्री के पद पर नहीं रहेंगे।

    पंजाब चुनाव में मिल सकती है बड़ी जिम्मेदारी
    सूत्रों के अनुसार, पार्टी अब रवनीत सिंह बिट्टू को पंजाब विधानसभा चुनाव में बड़ी जिम्मेदारी दे सकती है। माना जा रहा है कि उन्हें चुनाव प्रचार की अहम भूमिका सौंपी जा सकती है। इसके अलावा वह खुद भी पंजाब की किसी महत्वपूर्ण विधानसभा सीट से चुनाव लड़ सकते हैं।

    काफी समय से चल रही थी चर्चा
    राजनीतिक गलियारों में पिछले काफी समय से चर्चा थी कि पार्टी रवनीत सिंह बिट्टू को केंद्र की जिम्मेदारी से हटाकर पंजाब की राजनीति में सक्रिय भूमिका देना चाहती है। अब उनके इस्तीफे के बाद इन अटकलों को और बल मिला है।

    चुनावी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा फैसला
    राजनीतिक जानकारों का मानना है कि पंजाब विधानसभा चुनाव को देखते हुए पार्टी संगठन में बड़े बदलाव कर रही है। ऐसे में रवनीत सिंह बिट्टू का इस्तीफा भी इसी चुनावी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। हालांकि, पार्टी की ओर से उनकी नई जिम्मेदारी को लेकर अभी आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

     

     

     

  • जल शक्ति विभाग की कार्यशाला 25 को, उपमुख्यमंत्री करेंगे शुभारंभ

    ऊना,सुशील पंडित: जल शक्ति विभाग, हमीरपुर जोन की ओर से 25 जुलाई को हरोली के पालकवाह ऑडोटोरियम में जलापूर्ति एवं सिंचाई योजनाओं के संचालन, रखरखाव और जल गुणवत्ता निगरानी विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला एवं अभिमुखीकरण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का शुभारंभ उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री करेंगे।

    जल शक्ति विभाग के ऊना वृत्त के अधीक्षण अभियंता नरेश धीमान ने बताया कि कार्यशाला में विभाग के नव नियुक्त पैरा पंप ऑपरेटरों, पैरा फिटरों, मल्टीपरपज वर्कर्स तथा वाटर गार्ड्स को जलापूर्ति एवं सिंचाई योजनाओं के प्रभावी संचालन, रखरखाव तथा जल गुणवत्ता निगरानी के संबंध में प्रशिक्षण दिया जाएगा। कार्यशाला प्रातः 10 बजे आरंभ होगी।

    उन्होंने बताया कि विशेषज्ञ प्रतिभागियों को जल गुणवत्ता परीक्षण, क्लोरीनेशन, योजनाओं के नियमित रखरखाव, सुरक्षा मानकों तथा आधुनिक तकनीकों की जानकारी देंगे। प्रशिक्षण का उद्देश्य फील्ड स्तर पर कर्मचारियों की दक्षता बढ़ाना तथा आम लोगों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराने के लिए विभागीय सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाना है।

    उन्होंने बताया कि कार्यशाला में जल शक्ति विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, अभियंता एवं विभिन्न मंडलों से आए कर्मचारी भी भाग लेंगे। कार्यक्रम के दौरान विभाग की कार्यप्रणाली को अधिक सुदृढ़ बनाने तथा बेहतर जनसेवा सुनिश्चित करने पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा।

     

  • Punjab News: सफाई कर्मचारियों पर लाठीचार्ज करने के मामले में DSP सतबीर सिंह सस्पेंड

    Punjab News: सफाई कर्मचारियों पर लाठीचार्ज करने के मामले में DSP सतबीर सिंह सस्पेंड

    चंडीगढ़ः बरनाला में सफ़ाई कर्मचारियों के विरोध-प्रदर्शन के दौरान पुलिस द्वारा किए गए लाठीचार्ज के बाद मान सरकार ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बरनाला के DSP सतबीर सिंह को सस्पेंड कर दिया है।

    घटना के बाद सरकार ने मामले का संज्ञान लेते हुए बड़ी कार्रवाई की है। बरनाला के डीएसपी सतबीर सिंह को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है। सरकार का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जाएगी और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

    घटना का वीडियो हुआ वायरल
    लाठीचार्ज की घटना के कई वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद लोगों और विभिन्न संगठनों ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। वहीं, सफाई कर्मचारियों ने भी पुलिस पर अनावश्यक बल प्रयोग करने का आरोप लगाया है।

    जांच के बाद होगा अगला फैसला
    प्रशासन का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। जांच में जो भी अधिकारी या कर्मचारी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल डीएसपी सतबीर सिंह को निलंबित कर दिया गया है और मामले की जांच जारी है।