Blog

  • बड़ा झटकाः Toll की दरों में बढ़ौतरी, सफर करना होगा महंगा

    बड़ा झटकाः Toll की दरों में बढ़ौतरी, सफर करना होगा महंगा

    नई दिल्‍लीः भारत में एक अप्रैल 2026 से नेशनल हाइवे और एक्‍सप्रेस वे पर सफर करना महंगा होने जा रहा है। दरअसल, नेशनल हाइवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया की ओर से टेाल टैक्‍स में बढ़ोतरी करने की तैयारी की जा रही है। केंद्र सरकार ने 1 अप्रैल 2026 से देशभर के नेशनल हाईवे टोल प्लाजा पर टोल टैक्स की दरों में लगभग 5 प्रतिशत की बढ़ोतरी करने का निर्णय लिया है।

    इसके साथ ही सरकार ने निजी वाहन चालकों के लिए उपलब्ध 3000 रुपये का वार्षिक पास, जिसमें 200 ट्रिप होती है उसमें भी नए वित्त वर्ष से 75 रुपये बढ़ाने का फैसला लिया है। इस फैसले के लागू होते ही रोजाना यात्रा करने वाले यात्रियों, निजी वाहन चालकों और परिवहन व्यवसाय से जुड़े लोगों को अधिक भुगतान करना होगा। सरकार की ओर से हर साल नए वित्त वर्ष के साथ टोल दरों की समीक्षा की जाती है, जिसके तहत इस बार भी शुल्क में वृद्धि की गई है।

    अधिकारियों के अनुसार, यह बढ़ोतरी सड़क रखरखाव, मरम्मत और बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से की गई है। टोल टैक्स बढ़ने का सीधा असर उन लोगों पर पड़ेगा जो रोजाना कामकाज या व्यापार के सिलसिले में नेशनल हाईवे का उपयोग करते हैं। खासकर छोटे व्यापारियों और ट्रांसपोर्ट सेक्टर से जुड़े लोगों की लागत में वृद्धि होने की संभावना है। टोल टैक्स की बढोत्तरी का असर आम जनता पर भी पड़ सकता है।

     

     

  • एडीसी ने नशे के खिलाफ अभियान तेज करने के दिए निर्देश, सड़क सुरक्षा को भी बनाया प्राथमिकता

    एडीसी ने नशे के खिलाफ अभियान तेज करने के दिए निर्देश, सड़क सुरक्षा को भी बनाया प्राथमिकता

    ऊना/सुशील पंडित: अतिरिक्त उपायुक्त ऊना महेंद्र पाल गुर्जर ने जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और नशे से जुड़ी गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए सभी विभागों को गंभीरता और जवाबदेही के साथ कार्य करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि इस दिशा में समन्वित प्रयासों के साथ-साथ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए ताकि समाज को सुरक्षित वातावरण मिल सके।मंगलवार को डीआरडीए सभागार में राष्ट्रीय नार्को समन्वय पोर्टल (एन-कॉर्ड) के तहत जिला स्तरीय समन्वय समिति तथा जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठकों की अध्यक्षता करते हुए एडीसी ने कहा कि नशे के खिलाफ अभियान को और अधिक गति से आगे बढ़ाएं। उन्होंने पुलिस विभाग को निर्देश दिए कि एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई में तेजी लाई जाए और प्रत्येक थाना प्रभारी अपने क्षेत्र में तय लक्ष्यों के अनुरूप ठोस परिणाम सुनिश्चित करे।

    कार्रवाई आंकड़ों में भी दिखे और जमीनी स्तर पर प्रभाव भी दिखना चाहिए और इसकी नियमित समीक्षा हो।एडीसी ने कहा कि सीमावर्ती जिला होने के कारण ऊना में नशे के मामलों में विशेष सतर्कता और चौकसी आवश्यक है। उन्होंने इसे समाज के लिए गंभीर चुनौती बताते हुए कहा कि इससे निपटना प्रशासन और समाज, दोनों की साझा जिम्मेदारी है।उन्होंने पंचायत स्तर पर सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर बल देते हुए कहा कि नशा निवारण समितियां नियमित बैठकें करने को कहा। चिट्टे की समस्या से प्रभावित 10 संवेदनशील पंचायतों में विशेष प्रयास और लक्षित जागरूकता गतिविधियां चलाने के निर्देश भी दिए। साथ ही, स्कूलों में विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया।

    एडीसी ने नशा निवारण एवं पुनर्वास केंद्रों के नियमित निरीक्षण के निर्देश देते हुए कहा कि एसडीएम और डीएसपी इसकी प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करें।  उन्होंने सरकारी संपत्तियों पर अतिक्रमण के मामलों में दो सप्ताह के भीतर निशानदेही सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में एडीसी ने दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट्स की पहचान कर वहां त्वरित सुधार कार्य सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग पर लगाई जा रही रेलिंग को निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरा करने तथा कहीं भी असुरक्षित गैप न छोड़ने के निर्देश दिए।

    अतिरिक्त उपायुक्त ने बैठकों में कुछ अधिकारियों की अनुपस्थिति पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि गंभीर विषयों से संबंधित बैठकों से नदारद रहना लापरवाही को दर्शाता है। उन्होंने  अनुपस्थित अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगने के निर्देश दिए तथा हिदायत दी कि भविष्य में इस प्रकार का रवैया बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र शर्मा ने पुलिस द्वारा एनडीपीएस एक्ट के तहत की जा रही कार्रवाई की जानकारी दी। इस अवसर पर एसडीएम ऊना अभिषेक मित्तल, एसडीएम गगरेट सौमिल गौतम, एसडीएम बंगाणा सोनू गोयल, एसडीएम अंब पारस अग्रवाल,  उपायुक्त आबकारी विशाल गोरला, सीएमओ डॉ. संजीव वर्मा,  अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग के.एस. ठाकुर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

  • ज्वेलर की दुकान में चोरी का आरोपी पुलिस ने होशियारपुर से पकड़ा,35 लाख के चोरी हुए गहने बरामद 

    ज्वेलर की दुकान में चोरी का आरोपी पुलिस ने होशियारपुर से पकड़ा,35 लाख के चोरी हुए गहने बरामद 

    ऊना/सुशील पंडित:  जिला ऊना पुलिस अधीक्षक के दिशा निर्देशों पर हरोली पुलिस ने गांव सलोह में ज्वेलर की दुकान से चोरी के मामले में 12 घंटों के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया तथा चोरी किये गए करीब 35 लाख के गहनों की रिकवरी भी कर ली है। बीती 30 मार्च 26 को पुलिस थाना हरोली के अंतर्गत आते सलोह चौक के नजदीक भाई द मोड नामक स्थान पर कौशल ज्वेलर की दुकान के मालिक ने पुलिस चौकी पंडोगा में सूचना दी की उसकी दुकान पर देर रात अज्ञात चोरों ने शटर तोड़कर सेफ के अंदर से सोना चांदी के सारे गहने चोरी कर लिए है जिसमें लगभग 100 ग्राम सोना तथा 8 किलो चांदी के तैयार गहने थे।

    जिस पर पुलिस अधीक्षक जिला ऊना सचिन हीरेमठ, एसडीपीओ हरोली मोहन रावत, पुलिस थाना प्रभारी हरोली सुनील संख्यान सहित दलवल सहित तुरंत मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का निरीक्षण करने के पश्चात, प्रभारी पुलिस चौकी पंडोगा को मामले की कार्रवाई हेतु दिशानिर्देश दिये तथा मौके के हालात को मध्य नजर रखते हुए छोटी-छोटी टीमों का गठन किया गया।

    पुलिस ने इस मामले में ह्यूमन इंटेलिजेंस तथा टेक्निकल सर्विलांस के माध्यम से मात्र 12 घंटे के भीतर उक्त ब्लाइंड गुत्थी को सुलझा लिया और एक आरोपी को देर रात होशियारपुर पंजाब से पकड़ा है और करीब 35 लाख रुपए के सोना चांदी के गहने भी बरामद किए गए हैं।आरोपित की पहचान मान सिंह पुत्र रमाकांत पासवान गांव परिहाल पुर डाकघर कोचा धामण तहसील ब जिला किशनगंज बिहार के रूप में हुई है।पुलिस अधीक्षक सचिन हीरामठ ने बताया कि आरोपी इस क्षेत्र में राजमिस्त्री के तौर पर कार्य कर चुका है और उपरोक्त को आज माननीय अदालत में पेश किया जायेगा।

  • Haryana News: 25,920 नशीली गोलियों सहित आरोपी गिरफ्तार, देखें वीडियो

    Haryana News: 25,920 नशीली गोलियों सहित आरोपी गिरफ्तार, देखें वीडियो

    पंचकूलाः पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने पिंजौर क्षेत्र में आरोपी के कब्जे से भारी मात्रा में नशीली दवाइयां बरामद की है। मिली जानकारी के अनुसार एंटी नारकोटिक सेल की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर सुनियोजित कार्रवाई करते हुए आरोपी को रंगे हाथों दबोच लिया। डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक अमरिंदर सिंह ने प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि 27 मार्च को एंटी नारकोटिक सेल पंचकूला की टीम, पीएसआई प्रवीण कुमार के नेतृत्व में गश्त के दौरान पिंजौर क्षेत्र में मौजूद थी।

    इसी दौरान एक विश्वसनीय मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि गांव सुरजपुर निवासी मांगा राम उर्फ मंगू, 53 वर्ष, हुड्डा सेक्टर-30 पिंजौर स्थित बिजली पावर हाउस के पास खाली प्लॉट में नशीली गोलियों के साथ मौजूद है। सूचना को पुख्ता मानते हुए टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मौके पर रेड की। करीब रात 9 बजे आरोपी को काबू कर लिया गया। आरोपी व उसके बैग की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से कुल 432 पत्तों में 25,920 लोमोटिल नशीली गोलियां बरामद हुईं, जो वाणिज्यिक मात्रा की श्रेणी में आती हैं।

    इसके अलावा आरोपी से 1700 रुपये नकद व एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया। आरोपी के खिलाफ थाना पिंजौर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 22C के तहत दर्ज किया गया था। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी से एक अन्य सप्लायर का खुलासा हुआ है साथ ही यह भी सामने आया है कि आरोपी ये गोलियां उत्तरप्रदेश के मुजफ्फरनगर क्षेत्र से लेकर आता था। पुलिस ने आरोपी को 28 मार्च को अदालत में पेश कर 4 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है, जबकि मामले में मुख्य सप्लायर की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास जारी हैं। साथ की इस दौरान यह भी पता किया जाएगा कि ये इसे कहां सप्लाई करने वाला था। पंचकूला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और किसी भी सूरत में नशे के कारोबार को पनपने नहीं दिया जाएगा।

  • Punjab News: संदिग्ध परिस्थितियों में 20 वर्षीय युवक की मौत, देखें वीडियो

    Punjab News: संदिग्ध परिस्थितियों में 20 वर्षीय युवक की मौत, देखें वीडियो

    कपूरथला: सुल्तानपुर लोधी के पास के गांव सुल्तानपुर देहात में संदिग्ध परिस्थितियों में युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान 20 वर्षीय अमित के रूप में हुई है। मिली जानकारी के मुताबिक अमित की अचानक तबीयत बिगड़ने पर उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत के असली कारणों के बारे में अभी तक कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है, जिससे मामला संदेह का विषय बन गया है।

    घटना के बाद दुखी परिवार के सदस्य अस्पताल पहुंचे और माहौल गमगीन हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। अधिकारियों का कहना है कि हर पहलू से जांच की जा रही है। इस घटना से गांव और आसपास के इलाकों में गहरा दुख और अनिश्चितता का माहौल है। पुलिस ने परिवार के बयान दर्ज कर लिए है, बयानों के आधार पर बनती कार्रवाई की जाएगी।

     

  • फॉरेस्ट नाके के दौरान गाड़ी में पकड़े 30 खैर के मोछे, पांच के खिलाफ मामला दर्ज

    फॉरेस्ट नाके के दौरान गाड़ी में पकड़े 30 खैर के मोछे, पांच के खिलाफ मामला दर्ज

    ऊना/सुशील पंडित: उपमंडल बंगाणा के अंतर्गत वन परिक्षेत्र बंगाणा में अवैध खैर कटान के एक मामले का खुलासा हुआ है। वन विभाग की कार्रवाई में करीब 30 लठ्ठ खैर लकड़ी बरामद की गई है, जिसकी अनुमानित कीमत 1,68,558 रुपये आंकी गई है। इस मामले में पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले में अवैध तरीके से लकड़ी ले जाने की बात भी सामने आई है।

    पुलिस को वन परिक्षेत्र अधिकारी बंगाणा की ओर से दी गई शिकायत में बताया कि 31 मार्च की सुबह लगभग 3:45 बजे गश्त के दौरान वन विभाग की टीम को सूचना मिली कि कुछ लोग अवैध तरीके से खैर के पेड़ों की कटान कर लकड़ी को वाहनों के माध्यम से कहीं ले जा रहे हैं। वन विभाग बंगाणा की टीम ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर पहुंचकर निगरानी शुरू की। इसी दौरान एक पिकअप वाहन संख्या (एचपी-23ए-4703) और एक स्कूटी संख्या (एचपी-78ए-4616) संदिग्ध हालत में दिखाई दिए। जब टीम ने दोनों वाहनों को रोका और जांच की, तो पिकअप वाहन में खैर की लकड़ी के लठ्ठ भरे हुए पाए गए। जांच के दौरान वाहन में 30 लठ्ठ खैर लकड़ी लदी हुई थी, जिनका कुल वॉल्यूम 0.768 घन मीटर मापा गया। वन विभाग के अधिकारियों ने मौके पर ही लकड़ी को कब्जे में लेकर उसका मूल्यांकन किया, जिसमें लकड़ी की कीमत 1,68,558 रुपये आंकी गई। इसके बाद पूरी कार्रवाई की सूचना पुलिस को दी गई।

    रेंज ऑफिसर बंगाणा की टीम में फॉरेस्ट गार्ड प्रवीण कुमार आसिफ भट्टी और अंकुश कुमार द्वारा हर दिन अवैध कटान को रोकने का नाका लगाया जाता था। सोमवार देर रात गुप्त सूचना के आधार पर नाके पर अवैध कटान का ट्राला पकड़ा गया है। बही पुलिस द्वारा पांच लोगों के खिलाफ जिन में राजेश कुमार पुत्र करम चंद, निवासी गांव जहियाणी, तहसील बड़सर,मनबर सिंह पुत्र गुरदीप सिंह, निवासी गांव डड्यार, तहसील बंगाणा,अभिषेक कुमार पुत्र ओम प्रकाश, निवासी मस्लाना, तहसील बड़सर, विशाल निवासी नालूट तहसील बंगाणा,अनिश कुमार निवासी नलूट तहसील बंगाणा शामिल हैं।

    रेंज ऑफिसर अंकुश आनंद ने बताया कि बंगाणा के लठियाणी के साथ एक किमी की दूरी पर सरकारी जंगल स्थल नलूट से बीते चौबीस घंटे में इन आरोपियों ने खैर के पेड़ों पर अवैध कटान की कुल्हाड़ी चलाई है। आरोपियों को पुलिस दस्ते के साथ फॉरेस्ट विभाग ने मौके पर ले जाकर शिनाख्त की, और मौके पर खैर के पेड़ो के ठूंठ पाए गए हैं।  जिला ऊना डीएफओ सुशील राणा ने कहा कि बंगाणा फॉरेस्ट रेंज में अवैध खैर कटान के खिलाफ वन विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए पकड़े गए आरोपियों से गहन पूछताछ शुरू करने की तैयारी है। सुशील राणा ने बताया कि हाल ही में नाके के दौरान अवैध कटान में संलिप्त पांच आरोपियों को पकड़ने में सफलता मिली है। इन आरोपियों से पूछताछ के दौरान अवैध कटान के पूरे नेटवर्क और इसके पीछे सक्रिय लोगों तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा।

  • दुकान में घुसकर दुकानदार पर युवकों ने किया हमला

    दुकान में घुसकर दुकानदार पर युवकों ने किया हमला

    चंडीगढ़: सेक्टर-37 में एक दुकान के अंदर घुसकर मारपीट और बदसलूकी का गंभीर मामला सामने आया है। घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि हमलावारों द्वारा दुकान में घुसकर मारपीट की गई। मामले की जानकारी देते हुए पीड़ित दिवराज सिंह ने बताया कि वह दुकान में बैठे हुए थे। इस दौरान कुछ लोग आए और गाली-गलौच करने लगे।

    इसके बाद हमलावारों ने दुकान में घुसकर उन पर और उनके कर्मचारी पर हमला कर दिया। सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि दुकान के कर्मचारी बीच-बचाव करते नजर आ रहे हैं। पीड़ित ने आरोप लगाया कि जब उनके माता-पिता मौके पर पहुंचे तो हमलावारों द्वारा उनके साथ भी बदसलूकी की।

    आरोप है कि घटना में हमलावारों ने उनके पिता की पगड़ी उतारी गई और बालों से पकड़कर घसीटा गया, जबकि उनकी माता के साथ भी दुर्व्यवहार किया गया। हमले में उनके पिता को गंभीर चोटें आई हैं। पीड़ित के अनुसार, हमले में शेखर, उसका भाई, भतीजा आदित्य और अन्य साथी शामिल थे। इन सभी ने बाहर से और लोगों को बुलाकर घटना को अंजाम दिया। पीड़ित परिवार ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाए।

  • डिपो के बाहर से ऑटो लेकर 2 चोर फरार, देखें वीडियो

    डिपो के बाहर से ऑटो लेकर 2 चोर फरार, देखें वीडियो

    पंचकूलाः हरियाणा के पंचकूला के नाड्डा गांव में चोरी की घटना सामने आई है। जहां डिपो के बाहर से ऑटो लेकर चोर फरार हो गया। घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि पार्किंग में ऑटो खड़ा था। इस दौरान 2 चोर आते है और वहां पर पहले ईधर-उधर देखने लगते है।
    जिसके बाद दोनों धक्का लगाकर ऑटो को पार्किंग स्थल से बाहर निकालते है और ऑटो लेकर फरार हो जाते है। घटना को लेकर पीड़ित ने पुलिस को शिकायत दे दी है। वहीं पुलिस का कहना है कि पीड़ित के बयान दर्ज कर लिए है और सीसीटीवी फुटेज कब्जे में ले ली है। अधिकारी ने बताया कि जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। बता दें कि 2 दिन पहले भी पुलिस ने ई-रिक्शा चोरी के मामले में आरोपियों को गिरफ्तार किया था। पंचकूला पुलिस की एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ई-रिक्शा चोरी के मामले को 48 घंटे में सुलझाकर आरोपी को गिरफ्तार किया था और आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया ई-रिक्शा बरामद किया गया था।  
  • जिला ऊना के 6 नगर निकायों के वार्डों की आरक्षण सूची जारी 

    जिला ऊना के 6 नगर निकायों के वार्डों की आरक्षण सूची जारी 

    ऊना/सुशील पंडित: हिमाचल प्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देशनुसार जिला ऊना के 6 नगर निकायों के वार्डों की आरक्षण सूची जारी कर दी गई है। उपायुक्त ऊना जतिन लाल ने बताया कि यह आरक्षण हिमाचल प्रदेश नगर पालिका चुनाव नियम, 2015 के अध्याय-II के नियम 10 (उप-नियम 1-11) तथा हिमाचल प्रदेश नगर पालिका अधिनियम, 1994 के अध्याय-III, धारा-II के तहत निर्धारित किया गया है। उपायुक्त ने बताया कि वार्ड आरक्षण महिलाओं, अनुसूचित जाति तथा सामान्य श्रेणी के लिए संतुलित एवं पारदर्शी तरीके से निर्धारित किया गया है, ताकि आगामी नगर निकाय चुनावों में सभी वर्गों की समान भागीदारी सुनिश्चित हो सके। नगर निकायवार आरक्षण विवरण
    • उपायुक्त ने बताया कि संतोषगढ़ नगर परिषद के 9 वार्डों में वार्ड नंबर 3 एससी महिला आरक्षित, वार्ड 2 एससी आरक्षित रहेगा, वार्ड 1 , 6, 7 व 9 में महिला आरक्षित और वार्ड नंबर 4,5 व 8 अनारक्षित घोषित किया गया है।
    • मेहतपुर-बसदेहरा में वार्ड नंबर 2 एससी महिला आरक्षित,   वार्ड नंबर 1 एससी आरक्षित, वार्ड नंबर 3,6,7 व 9 महिला आरक्षित और वार्ड नंबर 4,5 व 8 अनारक्षित घोषित किया गया है।
    • अंब नगर परिषद के वार्ड 4 में एससी महिला आरक्षित, वार्ड नंबर 6 एससी के लिए आरक्षित, वार्ड नंबर 1,5 व 7 में महिला आरक्षित और वार्ड नंबर 2,3,8 व 9 अनारक्षित  घोषित किया गया है।
    • गगरेट नगर पंचायत के वार्ड 5 एससी आरक्षित, वार्ड 3,4 व 7 महिला आरक्षित, वार्ड नंबर 1,2 व 6 अनारक्षित रहेगा।
    • दौलतपुर चौक में वार्ड नंबर 2 एससी आरक्षित, वार्ड नंबर 3,6 व 7 महिला आरक्षित और वार्ड नंबर 1,4 व 5 अनारक्षित रहेगा।
    • इसके अलावा टाहलीवाल के वार्ड नंबर 6 में एससी आरक्षित, 3,5 व 7 वार्ड महिला आरक्षित और 1,2 व 4 अनारक्षित घोषित किया गया है।
    • उपायुक्त ने बताया कि आरक्षण प्रक्रिया पूरी तरह नियमों के अनुरूप की गई है तथा इस अधिसूचना के जारी होने से नगर निकाय चुनावों के सुचारु संचालन के लिए आवश्यक औपचारिकताएँ कर ली गई हैं।
  • खेलते-खेलते Swimming Pool में गिरे भाई-बहन, मौत, देखें वीडियो

    खेलते-खेलते Swimming Pool में गिरे भाई-बहन, मौत, देखें वीडियो

    राजकोटः गुजरात के राजकोट में रैयाधार इलाके स्थित ‘सोपान हाइट्स’ बिल्डिंग में भाई-बहन की मौत हो गई। दोनों की स्विमिंग पूल में डूबने से मौत हुई। मिली जानकारी के अनुसार बिल्डिंग में खेलते-खेलते 2 मासूम बच्चों की जान चली गई। मृतकों की पहचान 7 साल के दीपेश भंडारी और उसकी 5 साल के बहन दीपिक्षा भंडारी के रूप में हुई है। दोनों बच्चे एक नेपाली परिवार से थे, जिससे पूरे परिवार और इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
     
    View this post on Instagram
     

    A post shared by Encounter News (@encounter.news)

    जानकारी के मुताबिक, बच्चों के माता-पिता उसी बिल्डिंग में सफाई का काम करते हैं। घटना के समय दोनों बच्चे स्विमिंग पूल के पास खेल रहे थे। खेलते-खेलते अचानक दोनों पानी में गिर गए। स्विमिंग पूल गहरा होने के कारण वे बाहर नहीं निकल सके और डूबने से उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही माता-पिता और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद दोनों बच्चों को बाहर निकाला। तुरंत 108 एम्बुलेंस की मदद से उन्हें सिविल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही यूनिवर्सिटी पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने इस मामले में दुर्घटनावश मौत का केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।