Blog

  • बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान की फिल्म को लेकर गर्माया माहौल, हुआ विरोध, देखें वीडियो

    बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान की फिल्म को लेकर गर्माया माहौल, हुआ विरोध, देखें वीडियो

    जालंधर/ हर्षः बॉलीवुड के अभिनेता आमिर खान की फिल्म लाल सिंह चड्ढा के रिलीज होने पर हिंदू संगठनों की ओर से फिल्म का विरोध किया गया। विरोध का कारण 2014 में आई पीके फिल्म का मामला था। मौके पर पहुंचे हिंदू संगठनों और शिवसेना कार्यकर्ता ने आमिर की फिल्म का जमकर विरोध किया। उन्होंने कहा कि 2014 में आई के कारण हिंदू लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंचाई थी, और हिंदू धर्म का अपमान किया था।

    जिसके बाद हिंदू संगठनों ने आमिर खान का बायकॉट कहा था जहां जहां आमिर खान की कोई भी फिल्म लगेगी उसका जमकर विरोध किया जाएगा। दरअसल, भगवान शिव का पीके फिल्म को लेकर मामला गर्माया था। जिसके कारण आज एमबीडी मॉल में शिवसेन कार्यकर्ताओं और अलग-अलग हिंदू संगठनों के लोगों ने आमिर खान की नई फिल्म का जमकर विरोध किया और फिल्म को बंद करवाने की मांग की। मौके पर पहुंचे डीसीपी नरेश डोगरा ने माहौल को शांत करवाकर सभी कार्यकर्ताओं को आश्वसवासन दिलाकर वहां से भेजा दिया।

    हिंदू संगठनों और शिवसेना कार्यकर्ताओं ने 15 तारीख तक का दिया समय

    हिंदू संगठनों और शिवसेना कार्यकर्ताओं ने 15 तारीख तक का समय पुलिस को दिया है। जिसमें उन्होंने पुलिस को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर 15 अगस्त तक आमीर खान और सेसंर बोर्ड और पीके फिल्म के कार्यकर्ताओं पर कार्रवाई ना की गई तो 16 अगस्त को सड़कों पर उतरकर प्रशासन और आमिर खान के खिलाफ प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसका जिम्मेवारी प्रशासन की होगी। 

  • मशहूर कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव की हालत नाजुक, वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया

    मशहूर कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव की हालत नाजुक, वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया

    नई दिल्लीः मशहूर कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव को दवाओं के साथ दुआओं की भी जरूरत है। सूत्रों के मुताबिक, एंजियोप्लास्टी के बाद उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया है। सीने में दर्द होने और जिम में कसरत के दौरान गिर जाने के बाद उन्हें कल एम्स  में भर्ती कराया गया था। बाद में उनकी एंजियोप्लास्टी हुई।

    दिल्ली के एक होटल में रुके राजू श्रीवास्तव बुधवार को जिम में वर्क आउट कर रहे थे। तभी उनके सीने में तेज दर्द हुआ और वह ट्रेडमिल पर गिर पड़े। राजू को तुरंत एम्स में भर्ती कराया गया, जहां कार्डियोलॉजी डिपार्टमेंट में उनका इलाज चल रहा है।

    डॉक्टरों की एक टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है। सूत्रों का कहना है कि राजू की हालत नाजुक बनी हुई है और उन्हें दवाओं के साथ दुआओं की भी जरूरत है। राजू के दिल की धमनियों में कई ब्लॉकेज हैं। जब से राजू के बीमार होने की खबर सामने आई है, उनके करोड़ों फैंस में निराशा है और सभी उनकी सलामती की दुआ कर रहे हैं।

    द ग्रेट इंडियन लाफ्टर चैलेंज, कॉमेडी सर्कस, द कपिल शर्मा शो, शक्तिमान जैसे टीवी शो के अलावा राजू श्रीवास्तव ने कई हिंदी फिल्मों में भी अपने अभिनय से दर्शकों का दिल जीता है। 58 साल के राजू श्रीवास्तव भारतीय जनता पार्टी के नेता भी हैं। भाजपा में आने से पहले वह समाजवादी पार्टी में भी रह चुके हैं।

  • पंजाब बंद को लेकर आया फरमान, जानें किसानों और वाल्मीकि समुदाय का क्या कहना 

    पंजाब बंद को लेकर आया फरमान, जानें किसानों और वाल्मीकि समुदाय का क्या कहना 

    जालंधर/ वरुणः पंजाब में 12 अगस्त को एक तरफ जहां किसान लुधियाना-जालंधर के साथ-साथ जालंधर लुधियाना वाला हाईवे भी बंद करेंगे, वहीं, आप पार्टी के एडवोकेट जनरल रहे अनमोल रतन सिंह सिद्धू द्वारा एससी/बीसी वर्ग को लेकर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में 12 अगस्त को सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक पंजाब बंद का आह्वान किया गया है। यह एलान वाल्मीकि टाइगर फोर्स ऑल इंडिया और गुरु रविदास टाइगर फोर्स पंजाब द्वारा संयुक्त रूप से दिया गया है। मामले को लेकर चंडीगढ़ में कैबिनेट मंत्री कुलदीप धालीवाल के साथ बैठक के दौरान उक्त घोषणा मामले का सकारात्मक समाधान नहीं होने के कारण की गई। यह घोषणा अमृतसर के वाल्मीकि तीर्थ स्थान से जारी आदेशों में की गई। इस दिन पंजाब पूरी तरह बंद रहेगा। इस दिन यानी शुक्रवार को सुबह 9:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक पंजाब पूरी तरह बंद रहेगा। बता दें कि वाल्मीकि समुदाय का विरोध टालने के लिए कैबिनेट मंत्री कुलदीप सिंह धालीवाल ने समुदाय के पदाधिकारियों के साथ बैठक भी की, इसमें मुख्यमंत्री भगवंत मान को भी शामिल होना था। लेकिन वह नहीं आए, जिसके बाद समुदाय का गुस्सा और ज्यादा भड़क गया है।

    भगवान वाल्मीकि जी के पावन तीर्थ श्री रामतीर्थ से समुदाय ने हुक्मनामा जारी कर कहा कि 12 अगस्त को पंजाब सुबह नौ बजे से लेकर शाम को पांच बजे तक बंद रहेगा। समुदाय के पदाधिकारियों ने कहा कि रक्षाबंधन के त्योहार को लेकर 11 अगस्त को बंद नहीं किया गया बल्कि 12 अगस्त को बंद की काल दी गई है। वाल्मीकि समुदाय ने यह बंद की काल एडवोकेट जनरल अनमोल रतन सिद्धू की एक टिप्पणी के बाद दी थी। हालांकि सरकार ने इस मामले को टालने का कोशिश भी की लेकिन मीटिंग में मुख्यमंत्री भगवंत मान के न पहुंचने के कारण समुदाय के लोगों में रोष पनप गया। इसके बाद भड़के समुदाय के लोगों ने बंद का आह्वान किया। समुदाय ने सभी से अपील की है कि वह उनके बंद का समर्थन करें।

    जबकि किसान संगठनों ने भी रक्षाबंधन तक अपना आंदोलन थोड़ा शांत रखा था। गन्ने का बकाया न मिलने पर रोष जता रहे किसानों ने कहा कि रक्षा बंधन के बाद आंदोलन को तेज किया जाएगा। किसानों ने कहा कि पहले सिर्फ लुधियाना जालंधर हाईवे ही रोका था, लेकिन रक्षा बंधन को देखते हुए शुगर मिल के सामने सर्विस लेन भी खोल दी गई थी। लेकिन रक्षा बंधन के बाद पूरा हाईवे बंद किया जाएगा। किसानों का कहना है कि रक्षा बंधन के बाद किसान संगठनों की बैठक भी बुलाई गई है। बैठक में पूरे पंजाब की सड़कों को बंद करने पर भी फैसला हो सकता है। किसान नेताओं ने कहा कि पंजाब की सभी शुगर मिलों में किसानों के पैसे फंसे हुए हैं। लेकिन सरकार सिर्फ आश्वासन दे रही है लेकिन पैसे दिलाने में कोई मदद नहीं कर रही है।

  • पंजाबः पॉश कॉलोनी में पेट्रोल पंप मालिक की गोलियां मार कर हत्या

    पंजाबः पॉश कॉलोनी में पेट्रोल पंप मालिक की गोलियां मार कर हत्या

    अमृतसर : जिलें में क्राइम का ग्राफ लगातार बढ़ता ही जा रहा है। वहीं ताजा मामला जिलें की पॉश कॉलोनी होली सिटी का सामने आया है। जहां देर रात पेट्रोल पंप मालिक का गोलियां मार कर कत्ल कर दिया गया है। मृतक का पहचान मोहन सिंह के रूप में हुई है जिसका फतेहगढ़ चूड़ियां में पेट्रोल पंप है। बीती रात हमलावरों द्वारा गोलियां मार बेरहमी से कत्ल कर दिया गया।

    पुलिस को इस घटना की सुचना दे दी गई है और वह आसपास के सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है। बता दें कि इसी कॉलोनी में नवजोत सिधु और दिनेश बस्सी का घर भी है। पुलिस का कहना है कि इंनोवा सवार 3 लोगों ने मोहन सिंह पर चलाई गोलियां चलाई। वह पेट्रोल पंप से घर आ रहा था की अचानक घर के पास ही मोहन सिंह पर हमलावरों ने गोलियां चला दीं।

    वही कॉलोनी के निवासी का कहना है कि कॉलोनाइजर को कई बार सुरक्षा इंतजाम को लेकर कहा गया लेकिन कुछ नही हुआ। हालांकि इस कॉलोनी में नवजोत सिधु और दिनेश बस्सी जैसे लोग रहते है लेकिन सुरक्षा कर्मी कोई भी नही है कॉलोनी में। वहीं पुलिस का कहना है कि वह जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लेगी।

  • मास्क लगाना फिर अनिवार्य, नहीं पहनने पर लगेगा 500 रुपये का जुर्माना

    मास्क लगाना फिर अनिवार्य, नहीं पहनने पर लगेगा 500 रुपये का जुर्माना

    नई दिल्ली। दिल्ली में लगातार बढ़ते कोरोना के मामलों को देखते हुए दिल्ली सरकार ने प्रदेश में सार्वजनिक स्थानों पर मास्क लगाना अनिवार्य कर दिया है। अब सार्वजनिक स्थानों पर मास्क नहीं लगाने पर 500 रुपये जुर्माने का प्रावधान कर दिया गया है।

    राजधानी में बुधवार को कोरोना संक्रमण के 2,146 मामले सामने आए थे। इसके साथ ही आठ मरीजों की संक्रमण से मौत भी हुई है। राजधानी में संक्रमण दर 17.83 हो गई है। वहीं सक्रिय मरीजों की संख्या 8205 हो गई है। उधर, दिल्ली में तेजी से फैल रहे कोरोना के मामलों के पीछे ओमिक्रॉन का नया सब-वैरिएंट बीए 2.75 है। 

    लोक नायक अस्पताल के चिकित्सा निदेशक डॉ सुरेश कुमार ने बताया कि ओमिक्रॉन का नया सब-वैरिएंट तेजी से लोगों को संक्रमित करता है। यह सब-वैरिएंट उनको भी संक्रमित कर सकता है, जिन्होंने कोरोना वैक्सीन लगवाई है। हालांकि, इस मामले में अभी और जानकारी का इंतजार है।

    डॉ. सुरेश ने कहा कि कोरोना के मामले कम होने के साथ लोगों ने कोविड प्रोटोकॉल का पालन करना कम कर दिया है। ऐसा नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि मामले बढ़ रहे हैं, लेकिन उनमें लक्षण कम गंभीर है। डायबिटीज, हार्ट, टीबी जैसी गंभीर बीमारियों वाले लोगों के लिए काफी जोखिम उठाना पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि कोरोना अभी तक समाप्त नहीं हुआ है, तीन महीने पहले संक्रमित होने वाले लोग फिर से कोविड पॉजिटिव आ रहे हैं।

  • जालंधर: यूको बैंक में हुई डकैती की गुत्थी सुलझी

    जालंधर: यूको बैंक में हुई डकैती की गुत्थी सुलझी

    जालंधर (वरुण)। महानगर के इंडस्ट्री एरिया में स्थित यूको बैंक में 6 दिन पहले दिन दिहाड़े हुई डकैती की वारदात कमिश्नरेट पुलिस ने सुलझा ली है। कमिश्नरेट पुलिस ने वारदात में संलिप्त तीन लुटेरों को हिरासत में ले लिया है। इंडस्ट्री एरिया के पास यूको बैंक में हुई लूट को पुलिस ने ट्रेस करते हुए कुख्यात बदमाश अजय पाल सिंह उर्फ निहंग को सहित तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। अजय पाल के भाई गुरप्रीत सिंह गोपी ने लूट की वारदात को अंजाम दिया था। गोपी ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर लूट की थी।

    10 साल से भगोड़ा चल रहा गुरप्रीत गोपी

    लूट की वारदात के बाद सारे आरोपी अजय पाल के पास आकर रुके थे। वहीं पर उन्होंने पैसों का बंटवारा किया था। पुलिस ने अजय पाल निहंग के घर से लूट की वारदात में इस्तेमाल की गई एक्टिवा और साढ़े सात लाख रुपये बरामद कर लिए। वहीं पुलिस को एक देसी कट्टा भी मिला है। गुरप्रीत गोपी कुख्यात बदमाश है और 10 साल से भगोड़ा चल रहा है। वही इस लूट का मास्टरमाइंड था। उसी ने सारी रेकी करके अपने साथ बस्ती शेख के विनय तिवारी और तरुण को मिलाया।

    वारदात के बाद सारे आरोपी काला संघिया की तरफ चले गए

    बैंक लूटने के बाद सारे आरोपी काला संघिया की तरफ गए। वहां पर कपड़े बदले और फिर वापस जालंधर आ गए। जालंधर आकर वह सीधा अजय पाल के घर पर अपनी एक्टिवा छोड़ी और पिस्तौल छुपाया। फिर, उसके पास बैठ कर सभी ने पैसों का बंटवारा किया और साढ़े सात लाख रुपये निहंग के घर पर रखे बाकी पैसे लेकर गोपी कहीं चला गया। पुलिस ने अजय पाल निहंग विनय तिवारी और तरुण को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि गुरप्रीत गोपी ने ही बैंक महिला कर्मी की चेन छीनी थी।

    कुख्यात बदमाश अजय पाल का भाई गुरप्रीत गोपी कई लूट की वारदातों में शामिल था। हाईवे पर कई बस लूट की वारदातों को उसने अंजाम दिया था। 10 साल पहले पुलिस ने उसके खिलाफ मामला दर्ज किया था लेकिन तब से वह फरार था, जिसके बाद पुलिस ने उसे भगोड़ा करार दे दिया था।

    बता दें कि 6 दिन पहले इंडस्ट्री एरिया स्थित यूको बैंक में दिन दिहाड़े तीन लुटेरे घुसे और गन प्वाईंट पर लगभग 15 लाख रूपए और बैंक में मौजूद कस्टमर्स से गहने लूट कर फरार हो गए थे। लूट की वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई।

    ऐसे हुई वारदात ट्रेस…

    वारदात का सीसीटीवी फुटेज पुलिस को मिला। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू की। पता चला है कि पुलिस ने बैंक की तरफ से भागे लुटेरों को सोढ़ल रोड़ और फिर चंदन नगर, मिट्ठा बाजार की तरफ जाते सीसीटीवी फुटेज में कैद हुए। पुलिस को सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर लुटेरों का सुराग मिला और आज पुलिस ने बस्तीयात ईलाके से एक य़ुवक को हिरासत में ले लिया।

  • राशिफल (वीरवार 11 अगस्त 2022) जानिए कैसा रहेगा आपका दिन

    राशिफल (वीरवार 11 अगस्त 2022) जानिए कैसा रहेगा आपका दिन

    मेषः उन्नति के मार्ग प्रशस्त होंगे। रोजगार प्राप्ति के प्रयास सफल रहेंगे। व्यापार अच्‍छा चलेगा। नौकरी में अनुकूलता रहेगी। भूमि व भवन संबंधित कार्य बड़ा लाभ दे सकते हैं। मातहतों का सहयोग मिलेगा। कर्ज की रकम चुका पाएंगे। प्रतिद्वंद्वी सक्रिय रहेंगे। आलस्य न करें। निवेश शुभ रहेगा।

    वृषः लाभ में वृद्धि होगी। रुके कार्यों में गति आएगी। तंत्र-मंत्र में रुचि बढ़ेगी। सत्संग का लाभ मिलेगा। शेयर मार्केट से लाभ होगा। घर-बाहर पूछ-परख रहेगी। व्यापार में वृद्धि होगी। भाग्य का साथ रहेगा। कानूनी सहयोग मिलेगा। थकान महसूस हो सकती है। आलस्य हावी रहेगा।

    मिथुनः भेंट व उपहार की प्राप्ति होगी। यात्रा लाभदायक रहेगी। नौकरी में प्रमोशन मिल सकता है। रोजगार प्राप्ति होगी। किसी बड़ी समस्या का हल निकलेगा। प्रसन्नता रहेगी। भाग्य अनुकूल है। लाभ लें। प्रमाद न करें। स्वास्थ्य का ध्यान रखें। जीवनसाथी से सहयोग प्राप्त होगा।

    कर्कः व्यापार ठीक चलेगा। निवेश में जल्दबाजी न करें। कीमती वस्तुएं संभालकर रखें। वाणी पर संयम रखें। अनहोनी की आशंका रहेगी। पारिवारिक जीवन सुख-शांति से बीतेगा। प्रसन्नता रहेगी। रचनात्मक कार्य सफल रहेंगे। पार्टी व पिकनिक का आनंद मिलेगा। शत्रु परास्त होंगे।

    सिंहः आय बनी रहेगी। दूसरों को कार्य में हस्तक्षेप न करें। दुष्टजन हानि पहुंचा सकते हैं। बेवजह दौड़धूप रहेगी। स्वास्थ्य का ध्यान रखें। कोई शोक समाचार मिल सकता है। अपेक्षित कार्यों में बाधा उत्पन्न हो सकती है। पार्टनरों से मतभेद संभव है। व्यवसाय की गति धीमी रहेगी।

    कन्याः मान-सम्मान मिलेगा। निवेश शुभ रहेगा। व्यापार में वृद्धि होगी। भाग्य का साथ मिलेगा। नए काम करने की इच्छा बनेगी। प्रसन्नता रहेगी। पारिवारिक सहयोग मिलेगा। मनोरंजन का वक्त मिलेगा। जोखिम व जमानत के कार्य बिलकुल न करें। सामाजिक कार्य करने का मन बनेगा। मेहनत का फल मिलेगा।

    तुलाः प्रसन्नता रहेगी। प्रयास अधिक करना पड़ेंगे। नौकरी में अधिकार बढ़ेंगे। आय में वृद्धि होगी। सुख के साधनों पर व्यय होगा। स्वास्थ्य का ध्यान रखें। प्रमाद न करें। सामाजिक प्रतिष्ठा में वृद्धि होगी। योजना फलीभूत होगी। किसी बड़ी समस्या का हल एकाएक हो सकता है।

    वृश्चिकः पिछले लंबे समय से रुके कार्य बनेंगे। प्रसन्नता रहेगी। जल्दबाजी न करें। स्वास्थ्य का पाया कमजोर रह सकता है। विवाद को बढ़ावा न दें। बनते काम बिगड़ सकते हैं। भाइयों से कहासुनी हो सकती है। आय बनी रहेगी। व्यापार ठीक चलेगा। जोखिम व जमानत के कार्य टालें, धैर्य रखें।

    धनुः विवेक का प्रयोग करें। लाभ होगा। कीमती वस्तुएं संभालकर रखें। यात्रा में कोई चीज भूलें नहीं। फालतू खर्च होगा। स्वास्थ्य का पाया कमजोर रहेगा। लापरवाही न करें। बनते काम बिगड़ सकते हैं। नौकरी में कार्यभार रहेगा। आलस्य न करें।

    मकरः व्यापार में वृद्धि के योग हैं। पार्टनरों का सहयोग मिलेगा। नौकरी में चैन रहेगा। डूबी हुई रकम प्राप्त हो सकती है। यात्रा लाभदायक रहेगी। किसी बड़ी समस्या से सामना हो सकता है। व्यवसाय में अधिक ध्यान देना पड़ेगा। किसी अपने का व्यवहार दु:ख पहुंचाएगा। कानूनी समस्या हो सकती है।

    कुंभः ऐश्वर्य के साधनों पर व्यय होगा। भूले-बिसरे साथियों से मुलाकात होगी। पराक्रम व प्रतिष्ठा में वृद्धि होगी। उत्साहवर्धक सूचना प्राप्त होगी। मित्रों तथा पारिवारिक सदस्यों के साथ समय अच्छा व्यतीत होगा। व्यवसाय लाभप्रद रहेगा। निवेश शुभ रहेगा। शत्रुओं का पराभव होगा। प्रमाद न करें।

    मीनः दूसरों से अपेक्षा न करें। घर-परिवार की चिंता रहेगी। अज्ञात भय सताएगा। दुष्टजन हानि पहुंचा सकते हैं। व्यापार लाभदायक रहेगा। प्रयास करें। कोर्ट व कचहरी में लाभ की स्थिति बनेगी। नौकरी में अधिकारी प्रसन्न रहेंगे। नौकरी में सहकर्मी विरोध कर सकते हैं। चोट व दुर्घटना से हानि संभव है।

  • पंजाबः नायब तहसीलदारों के हुए तबादले, देखें लिस्ट

    पंजाबः नायब तहसीलदारों के हुए तबादले, देखें लिस्ट

    चंडीगढ़ः पंजाब सरकार की ओर से तबादलों का दौर जारी है। वहीं आज 5 नायब तहसीलदारों के तबादलें किए गए। इसी के साथ राज्य में कुछ अधिकारियों को तहसीलदारों अतिरिक्त भार सौंपा गया है। देखें लिस्ट

  • वाहन की टक्‍कर से नाले में गिरी निजी स्‍कूल मिनी बस, बच्चों को आई हल्की चोटें

    वाहन की टक्‍कर से नाले में गिरी निजी स्‍कूल मिनी बस, बच्चों को आई हल्की चोटें

    ऊना/सुशील पंडित: ऊना में एक स्‍कूल मिनी बस दुर्घटना का शिकार हो गई। स्‍कूल से छुट्टी के बाद छोटे बच्चों को घर छोड़ने जा रही स्‍कूल बस को एक वाहन ने टक्कर मार दी जिससे निजी स्कूल की मिनी बस सड़क किनारे नाले में लुढ़क गई। इस हादसे के दौरान कई बच्चे इसमें सवार थे। जिनमें से कई बच्चों को मामूली तो एक बच्चे को ज्यादा चोट लगी हैं। सभी बच्‍चों को तुरंत क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में उपचाराधीन किया गया। हादसे के बाद मौके पर लोगों ने राहत कार्य कर बच्चों को एक दुकान के हाल में सुरक्षित पहुंचाया।  हादसे की सूचना के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। 

    प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार को डेढ़ बजे के बाद ऊना के एक निजी स्कूल की मिनी बस छोटे बच्चों को संतोषगढ़ रोड स्थित रामपुर और साथ लगते गांवों में घर छोड़ने के लिए जा रही थी। जब मिनी बस रामपुर गांव में मुख्य मार्ग पर पहुंची तो पीछे से एक वाहन ने टक्कर मार दी। इससे पहले की स्कूल मिनी बस का चालक संभल पाता। सड़क किनारे साथ लगते नाले में मिनी बस के टायर जा धंसे। मिनी बस एक तरफ झुक गई। मौके पर मौजूद लोगों ने बचाव करते हुए तत्काल बच्चों को वाहन से निकाला। उसके बाद बच्चों को क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया।  एएसपी प्रवीन धीमान ने बताया कि पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

  • राखी के त्योहार पर समय में किया बदलाव, जाने कितने बजे खुलेंगे सेवा केंद्र

    राखी के त्योहार पर समय में किया बदलाव, जाने कितने बजे खुलेंगे सेवा केंद्र

    जालंधर (वरुण)। डिप्टी कमिश्नर जसप्रीत सिंह ने महत्वपूर्ण जानकारी साँझा करते हुए बताया कि 11 अगस्त 2022 को राखी के त्योहार वाले दिन सुबह 11 बजे से शाम 6 बजे तक सेवा केंद्र खुले रहेंगे। उक्त समयानुसार जिला निवासी इस दिन सेवा केन्द्रों की सेवाओं का लाभ उठा सकते हैं।

    उन्होंने कहा कि सेवा केंद्रों के कर्मचारियों को निर्देश दिया गया है कि वे इस दिन बिना किसी ड्यूटी रोस्टर के आम नागरिकों को सेवा केंद्रों की सेवाएं प्रदान करेंगे।