Blog

  • 19 वर्षीय युवक ने पेट्रोल डालकर युवती को लगाई आग

    19 वर्षीय युवक ने पेट्रोल डालकर युवती को लगाई आग

    तमिलनाडु: तिरुपुर के पल्लादम में 22 वर्षीय युवक ने 19 वर्षीय एक लड़की को कथित रूप से पेट्रोल डालकर आग लगा दी है। बताया जा रहा है कि युवक ने जोर देकर युवती से कहा कि वे शादी कर लें। लड़की 80 प्रतिशत जल चुकी है और कोयम्बटूर मेडिकल कॉलेज अस्पताल (सीएमसीएच) में जीवन के लिए जूझ रही है। पल्लडम पुलिस के अनुसार, रायरपालयम में रहने वाली कपड़ा इकाई के कर्मचारी पूजा (19) और लोकेश (22) के बीच प्रेम संबंध थे। हाल ही में, पूजा ने लोकेश से शादी करने का अनुरोध किया, लेकिन उसने मना कर दिया और दोनों इस बात पर झगड़ते थे।

    “लड़ाई के कारण, लोकेश ने उसे मारने का फैसला किया। शराब पीने के बाद उसने बोतल में पेट्रोल खरीदा। उसने उसे पोथमपलयम में एक सुनसान जगह पर आमंत्रित किया। जब पूजा ने शादी की बात कही तो उसने उसे पत्थर से मारा और आग लगा दी। पूजा मदद के लिए चिल्लाती हुई मौके से भागने लगी और राहगीरों ने उसे बचाया, जिसने उसे कोयम्बटूर मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने कहा कि वह 80 फीसदी जल गई है। लोकेश ने अपनी बाइक पर भागने की कोशिश की, लेकिन गिर गया और उसे मामूली चोटें आईं। उन्हें तिरुपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पल्लादम पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।

  • पंजाबः खेलने गए 4 वर्षीय बच्चे को व्यक्ति ने दी दिल दहलाने वाली सजा

    पंजाबः खेलने गए 4 वर्षीय बच्चे को व्यक्ति ने दी दिल दहलाने वाली सजा

    माछीवाड़ा साहिबः शहर की बलीबेग बस्ती में देर रात एक दर्दनाक घटना घटी, जहां प्रवासी किसान बाबुल लाल ने 4 साल के मासूम बच्चे अंशु कुमार को गटर में फेंक कर मार डाला, जिसका शव पुलिस ने बरामद कर लिया है। मिली जानकारी के अनुसार बाबूलाल बलीबेग बस्ती के पास जमीन ठेके पर लेकर खेती करता है और इस बस्ती के बच्चे रोज उसके खेत में खेलने और पतंग लूटने के लिए चले जाते थे। किसान बाबू लाल को बच्चों की शरारत और अपनी फसल खराब होने के कारण परेशान था। बीते दिन भी कई बच्चे उसके खेत में खेलने और पतंग लूटने के लिए आए थे और वह एक छड़ी लेकर बच्चों के पीछे-पीछे चल पड़ा।

    मृतक बच्चे अंशु कुमार के पिता राजू सहनी ने बताया कि बाबूलाल ने गुस्से में उनके बच्चे को पकड़ लिया और गुस्से में आकर पास ही गटर में फेंक दियाष जब तक बच्चे को बाहर निकालने का प्रयास किया गया तब तक अंशु का दम घुट रहा था। थाना के इंस्पेक्टर दविंदरपाल सिंह द्वारा बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और उसके पिता राजू सहनी के बयान के आधार पर प्रवासी किसान बाबूलाल के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है।

    इंस्पेक्टर ने बताया कि कथित आरोपी बाबूलाल को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। 4 साल के मासूम बच्चे की मौत से पूरी बलीबेग बस्ती में मातम छाया हुआ है और इलाका निवासियों ने बताया कि यह किसान बाबूलाल अक्सर बच्चों के माता-पिता को धमकी देता था कि अगर उन्होंने उसके खेतों में आना बंद नहीं किया तो वह उन्हें मार डालेगा।

  • पंजाबः इस टोल प्लाजा को किसानों ने करवाया फ्री 

    पंजाबः इस टोल प्लाजा को किसानों ने करवाया फ्री 

    लुधियानाः शहर के नेशनल हाईवे स्थित लाडोवाल टोल प्लाजा को आज भारतीय किसान यूनियन (एकता उग्राहां) ने 3 घंटे के लिए फ्री करवा दिया है, यानि इस टोल प्लाजा पर बिना फीस लिए वाहनों को जाने दिया जा रहा है। दरअसल, किसानों द्वारा जजिया टैक्स लेने के विरोध में 12 बजे से लेकर दोपहर 3 बजे तक धरना लगाया गया है। किसान यूनियन का कहना है कि केंद्र और पंजाब सरकार की आंखें खोलने के लिए टोल प्लाजा को 3 घंटे के फ्री किया गया है।

    उनका कहना है कि लाडोवाल टोल प्लाजा सबसे महंगा टोल प्लाजा है, जब भी हम नई गाड़ी खरीदते हैं तो सबसे पहले हमारे से रोड टैक्स लिया जाता है। फिर इस टोल प्लाजा पर हमारे से टोल क्यों वसूला जा रहा है। उन्होंने बताया कि आज तो सिर्फ हमने 3 घंटे के लिए टोल फ्री किया है, अगर सरकार ने हमारी मांगे नहीं मानी तो हम पक्के तौर पर टोल फ्री करेंगे। 

  • पंजाबः 2 IAS और 8 PCS अधिकारियों की हुई Transfer, देखें लिस्ट

    पंजाबः 2 IAS और 8 PCS अधिकारियों की हुई Transfer, देखें लिस्ट

    चंडीगढ़ः पंजाब सरकार ने 2 IAS और 8 PCS अधिकारियों की ट्रांसफर की है। जिन दो IAS को ट्रांसफर किया गया है, उनमें साल 2020 बैच के IAS हरजिंदर सिंह और ओजस्वी शामिल हैं। इनके अलावा ट्रांसफर किए गए 8 PCS ​​​अधिकारियों में जगविंदरजीत सिंह ग्रेवाल, उदयदीप सिंह सिद्धू, काला राम कंसल, प्रोमिला शर्मा, शिवराज सिंह पाल, चरनजोत सिंह वालिया, प्रमोद सिंगला और किरनजीत सिंह टिवाना शामिल हैं। सभी अधिकारियों ने नया चार्ज संभाल लिया है।

    देखें लिस्ट

  • सरकार को बड़ा झटकाः कोर्ट ने दिए निर्देश, 60 साल से बसे लोगों को नहीं किया जा सकता बेघर 

    सरकार को बड़ा झटकाः कोर्ट ने दिए निर्देश, 60 साल से बसे लोगों को नहीं किया जा सकता बेघर 

    या तो उसी स्थान को विकसित करें, या नई जगह पुनर्वास कराएं

    उत्तराखंडः सुप्रीम कोर्ट ने हल्द्वानी में अतिक्रमण हटाए जाने के हाई कोर्ट के आदेश पर रोक लगा दी है। एससी ने उत्तराखंड सरकार को नोटिस भी जारी किया है। कोर्ट ने कहा कि सात दिन में 60 हजार लोगों को नहीं हटाया जा सकता। कोर्ट ने अगले आदेश तक के लिए 60 हजार लोगों अंतरिम राहत दी है। सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि जमीन खरीद-फरोख्त का सवाल है। कोर्ट ने रेलवे से कई सवाल पूछे हैं, जैसे कि अगर वहां से अतिक्रमण हटाया जाता है तो वहां बसे लोगों के पुनर्वास की व्यवस्था क्या है? एससी ने यह पूछा है कि वहां भूमि की प्रकृति क्या रही है? सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि यह एक मानवीय संवेदना का मामला है।

    कोर्ट ने राज्य सरकार से कहा कि वहां लोग 1947 से रह रहे हैं, उनके लिए कुछ तो करना होगा। कोर्ट ने कहा कि वे लोग 60 साल बसे हुए हैं, ऐसे में उनके पुनर्वास की व्यवस्था करना होगा। कोर्ट ने कहा कि अचानक इतनी सख्त कार्रवाई कैसे कर सकते हैं। कोर्ट ने आगे कहा कि इतनी शॉर्ट नोटिस में इस तरह की कार्रवाई नहीं की जा सकती। याचिकाकर्ताओं ने कोर्ट को बताया कि डिमोलिशन के लिए वहां भारी फोर्स तैनात की गई है। कोर्ट ने राज्य सरकार के निर्देश दिया है कि सामाधान तीन पहलुओं पर देखें। कोर्ट ने कहा- या तो उन्हें उसी स्थान को विकसित करें, या नई जगह पुनर्वास कराएं या फिर अन्य कोई व्यवस्था करें।

    सुप्रीम कोर्ट ने माना कि यह बिल्कुल ठीक है कि रेलवे लाइन के पास अतिक्रमण नहीं दिया जा सकता, लेकिन उनके लिए पुनर्वास और अधिकारों पर तो गैर करना होगा। याचिकाकर्ता के वकील ने कहा पहले यह भूमि 29 एकड़ और फिर ज्यादा बताई गई। एससी ने राज्य सरकार से सात दिनों के भीतर पुनर्वास का प्लान मांगा है। उत्तराखंड सरकार के बुलडोजर कार्रवाई के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में कई याचिकाएं दायर की गई थी। याचिकाकर्ता ने अतिक्रमण हटाए जाने के मामले पर रोक लगाने की मांग की थी, जिसे उत्तराखंड हाई कोर्ट ने हरी झंडी दी थी। रेलवे की तरफ से कोर्ट में पेश वकील ने कहा कि हाई कोर्ट ने सभी सबूतों के आधार पर फैसला दिया था।

  • डिलीवरी बॉय को कार चालक ने कुचला, मौत

    डिलीवरी बॉय को कार चालक ने कुचला, मौत

    नोएडाः दिल्ली में कंझावला कांड के बाद नोएडा में भी ऐसी ही एक घटना का खुलासा हुआ है। न्यू ईयर पर नोएडा में एक डिलीवरी बॉय को कार से कुचले जाने का मामला सामने आया है। उसके परिवार का आरोप है कि एक्सीडेंट के बाद पीड़ित को कार से घसीटा गया। यह घटना सेक्टर 14ए में हुई। परिवार ने कार चालक पर एक्सीडेंट का आरोप लगाया है। इस घटना में Swiggy में काम करने वाले युवक की मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक नोएडा सेक्टर 14ए फ्लाईओवर के पास एक्सीडेंट के बाद उसे कार सवार ने 500 मीटर तक सड़क पर घसीटा। इसके बाद शव को वहीं छोड़कर कार सवार फरार हो गया।

    मृतक इटावा का रहने वाला कौशल यादव 

    मृतक की पहचान Swiggy में काम करने वाले इटावा के कौशल यादव के रूप में हुई है। वह दिल्ली-नोएडा में Swiggy कंपनी में डिलीवरी बॉय का काम करता था। 1 जनवरी को डिलीवरी के लिए जा रहे कौशल की एक्सीडेंट में मौत हो गई। मृतक कौशल के भाई अमित कुमार ने इस मामले में FIR दर्ज करवाई है। पुलिस को दी गई शिकायत में अमित कुमार ने कहा है कि उन्होंने 1 जनवरी की रात करीब 1 बजे अपने भाई को फोन किया था। उनका फोन किसी अज्ञात शख्स ने उठाया।

    फ्लाईओवर से शनि मंदिर तक घसीटा शव

    उस शख्स ने बताया कि वह गाड़ी चलाता है, किसी अज्ञात वाहन ने उनके भाई को टक्कर मार दी है,जिससे उसका एक्सीडेंट हो गया है। उसने बताया कि वाहन ने सेक्टर 14 फ्लाईओवर के पास उसे टक्कर मारी थी और शनि मंदिर सड़क तक उसको घसीटता हुआ ले गया। अमित ने बताया कि एक्सीडेंट की खबर मिलते ही वह तुरंत शनि मंदिर पहुंचे, कौशल का शव वहीं पर पड़ा हुआ था। पुलिस भी मौके पर मौजूद थी। कौशल के भाई अमित ने इस मामले में अज्ञात शख्स के खिलाफ केस दर्ज करवाया है। वहीं पुलिस मामले की जांच कर रही है। बता दें कि जहां से कौशल के शव को घसीटकर शनि मंदिर तक लाया गया, वहां पर सीसीटीवी लगे हैं, लेकिन गौशाला की फुटेज साफ नहीं है।

  • जालंधरः इरादा कत्ल मामले में वांछित भगोड़ा गिरफ्तार

    जालंधरः इरादा कत्ल मामले में वांछित भगोड़ा गिरफ्तार

    जालंधर/हर्ष कुमारः पीओ स्टाफ की पुलिस ने इरादा कत्ल मामले में चल रहे वार्षिक भगोड़े को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान मानव उर्फ गूगली पुत्र दलबीर कुमार उर्फ सोनू निवासी अली मोहल्ला के रूप में हुई है। पीओ स्टाफ के प्रभारी सुरजीत सिंह जोड़ा ने बताया की 4 अप्रैल 2019 को थाना नंबर 2 में मुकदमा नंबर 38 आईपीसी धारा 307, 324, 326, 341, 506, 148, 149 के तहत मामला दर्ज हुआ था, जिसमें अदालत ने आरोपी मानव को 30 अक्टूबर 2019 को भगोड़ा करार दिया था। जिसे पीओ प्रभारी सुरजीत सिंह जोड़ा ने अपनी टीम के साथ उसे घर से दबोचा।

  • पर्यटकों के लिए बंद की गई सबसे लंबी रोपवे, दहशत में लोग

    पर्यटकों के लिए बंद की गई सबसे लंबी रोपवे, दहशत में लोग

    उत्तराखंडः जिले के जोशीमठ में एशिया की सबसे लंबी रोपवे सेवा पर्यटकों के लिए बंद कर दी गई है। रोपवे के टावर नंबर 1 पर जमीन धंसने की वजह से ये फैसला लिया गया। चमोली जिले के जोशीमठ में कुछ दिनों से जमीन धंसने और जमीन के नीचे से पानी रिसने की घटनाएं सामने आ रही हैं। इसके चलते यहां कई इलाकों में लोगों के मकान जमीन के अंदर धंस रहे हैं। दीवारों पर बड़ी-बड़ी दरारें आ रही हैं। इसे लेकर लोग दहशत में हैं। इसे लेकर पिछले कई दिनों से जोशीमठ में लोग प्रदर्शन भी कर रहे हैं। जोशीमठ में जमीन धंसने के विरोध में लोगों ने बंद बुलाया है। व्यापार सभा और टैक्सी यूनियन ने भी इस बंद का समर्थन किया है। लोग लगातार सड़कों पर प्रदर्शन कर रहे हैं। ऐसे में चमोली देहरादून की तरफ जाने वाले मार्ग पर जाम लग गया। पर्यटकों की गाड़ियों भी इस जाम में फंस गईं।

    जोशीमठ को बद्रीनाथ का द्वार माना जाता है। यहां पिछले कुछ दिनों से जमीन धंस रही है। जोशीमठ में 9 वार्डों के 513 मकानों में बड़ी-बड़ी दरारें आ गई हैं। घरों के अलावा दुकानों और होटलों की दीवारों में भी दरारें आ गई हैं। लोगों का कहना है कि यहां बनने वाली तपोवन विष्णुगढ़ जल विद्युत परियोजना की टनल यानी सुरंग के कारण जोशीमठ में जमीन धंस रही है।जोशीमठ सैकड़ों की संख्या में लोग सड़क पर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। लोगों ने बुधवार रात मशाल जुलूस निकालकर NTPC जल विद्युत परियोजना का विरोध किया। लोगों का कहना है कि जमीन के नीचे से रिस रहे पानी का बहाव भी तेज हो गया है। जगह जगह से पानी निकल रहा है। घरों में बड़ी बड़ी दरारें पड़ रही हैं।

    जोशीमठ मारवाड़ी वार्ड में पानी के रिसाव से लोग दहशत में हैं। यहां जेपी कंपनी के 35 भवन खाली कर दिए गए हैं। यहां पानी का जलस्तर दोगुना हो गया है। छह से सात जगहों पर जमीन के अंदर से पानी निकलता हुआ दिखाई दे रहा है। उत्तराखंड के जाने-माने सामाजिक कार्यकर्ता अनूप नौटियाल ने इस मामले में चिंता जताई। उन्होंने कहा कि जोशीमठ में जिस तरह के हालात पैदा हो रहे हैं, उस पर जल्दी ही अगर संज्ञान नहीं लिया गया, तो एक बड़ी आपदा हो सकती है। जोशीमठ में पिछले कुछ दिनों बहुत तेजी से नुकसान में इजाफा हुआ है। इस पर त्वरित करवाई करने की जरूरत है। वहा के स्थानीय लोग भी लगातार अपनी आवाज उठा रहे हैं। यह इलाका समुद्र तल से करीब छह हजार फीट की ऊंचाई पर स्थित है और सिस्मिक जोन 5 में आता है, यानी प्राकृतिक आपदाओं के लिहाज से काफी संवेदनशील है। यहां पिछले कुछ दिनों में भूधंसाव में काफी तेजी आई है।

  • फगवाड़ाः तेजधार हथियारों से युवकों ने महिला को लूटा, देखें CCTV

    फगवाड़ाः तेजधार हथियारों से युवकों ने महिला को लूटा, देखें CCTV

    फगवाड़ा/राजेश कुमार: शहर में लूटपाट के मामले लगातार बढ़ रहे है। वहीं देर रात तेजधार हथियारों के साथ बाइक सवार युवकों ने बीच सड़क में एक्टिवा सवार महिला को रोककर लूट की वारदात को अंजाम दिया। घटना रात करीब 11.30 बजे की है। इसकी सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है। जिसमें आप देख सकते है कि कैसे सड़क पर बाइक सवार तीन युवकों ने महिला को रोका। इस दौरान सड़क पर देर रात महिला हमलावारों द्वारा लूट की वारदात को लेकर शोर मचा रही थी, लेकिन लुटेरे महिला को धक्के मारकर उससे सामान लूटकर भाग गए।

    उक्त महिला बीजेपी की सदस्य नीतू बांसल है। मामले की जानकारी देते हुए नीतू बांसल ने बताया कि वह अपनी एक्टिवा पर अपनी सहेली के घर से आ रही थी। इसी दौरान पीछे से आए मोटरसाइकिल सवार लुटेरों ने उसकी एक्टिवा के आगे मोटरसाइकिल लगा कर तेजधार हथियार निकाल लिया व उसका पर्स लूटकर फरार हो गए पर्स में मोबाइल, 5 हजार की नगदी, डायमंड के टॉप्स,एटीएम व अन्य दस्तावेज थे।

    इसकी शिकायत पुलिस को दी जिस पर कारवाई करते हुए पुलिस के आरोपियों को काबू कर लिया। जिनके खिलाफ फगवाड़ा के थाना सिटी में मामला दर्ज किया है। आरोपियों में दो गोराया व एक गोराया के गांव रुड़का खुर्द का रहने वाला है। जिनकी पहचान चंद्र शेखर मट्टू पुत्र विजय कुमार वासी गुरु नानक पूरा मोहल्ला गोराया, अमित कुमार पुत्र महिंदरपाल वासी दाना मंडी गोराया,विशाल पुत्र लड्डू वासी रुड़का खुर्द के तौर पर हुई है। जिन्हें गिरफ्तार कर लिया है। 

  • पंजाबः बढ़ रहे कोहरे को लेकर मौसम विभाग ने जारी किया रेड अलर्ट

    पंजाबः बढ़ रहे कोहरे को लेकर मौसम विभाग ने जारी किया रेड अलर्ट

    चंडीगढ़ः पंजाब सहित हरियाणा और चंडीगढ़ में कोहरे का कहर जारी है। मौसम विभाग के अनुसार शिमला और पंजाब के कई शहरों में न्यूनतम तापमान लगभग बराबर दर्ज किया जा रहा है। शिमला का न्यूनतम तापमान जहां 2.2 डिग्री सेल्सियस रहा, वहीं पंजाब के गुरदासपुर में 2.5 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे ज्यादा ठंड दर्ज की गई। मौसम विभाग ने वीरवार को प्रदेश भर में रेड अलर्ट जारी किया है। इस दौरान दिन भर शीतलहर चलने के साथ घना कोहरा छाया रहेगा। वहीं दिन के समय भी दृश्यता बहुत कम रहेगी।

    हालांकि शुक्रवार से प्रदेश के कई हिस्सों में कोहरे से राहत मिलने की उम्मीद है लेकिन इस दौरान सर्दी का कहर जारी रहेगा। उधर, हरियाणा में भी कड़ाके की सर्दी जारी है। आगामी कुछ दिनों तक राज्य के कई हिस्सों में सर्दी जारी रहेगी। मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार अगले चार दिनों तक मौसम शुष्क रहेगा।

    इस दौरान बारिश होने की संभावना नहीं है। वीरवार को ठंडी हवाओं के साथ कोहरा और घनी धुंध पड़ने की आशंका है। पंजाब और हरियाणा में बुधवार को कड़ाके की ठंड रही। कई स्थानों पर न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे बना रहा। सुबह घने कोहरे की परत छाई रही, जिससे दृश्यता कम हो गई। मौसम विभाग चंडीगढ़ के निदेशक डॉ. मनमोहन शर्मा ने कहा कि अभी कुछ दिन और शीतलहर का प्रकोप जारी रहेगा।