Blog

  • दोनों पैर की हड्डी टूटने के बाद गाना गाते दिखे मंत्री अनिल विज, देखें वीडियो

    दोनों पैर की हड्डी टूटने के बाद गाना गाते दिखे मंत्री अनिल विज, देखें वीडियो

    अंबाला: हरियाणा के कैबिनेट मंत्री अनिल विज हादसे का शिकार हो गए हैं। वो अपने घर पर फिसल गए, जिसके चलते उनकों दोनों पैरों में फ्रैक्चर हो गया है। जानकारी के मुताबिक, मंत्री के टखनों के आसपास चोटें आई हैं और उन्हें एक महीने तक पूरी तरह से बेड रेस्ट करने की सलाह दी गई है। दोनों पैरों में प्लास्टर होने के कारण अनिल विज के ठीक होने के दौरान अपने ऑफिस से काम करने और घर से ही जरूरी मीटिंग करने की उम्मीद है।

    बता दें कि पिछले साल भी अनिल विज के बाएं पैर के अंगूठे में भी फ्रैक्चर हो गया था। उस समय, वह चोट के बारे में जाने बिना मीटिंग और पार्टी प्रोग्राम में जाते रहे। फ्रैक्चर की पुष्टि तब हुई जब लगातार दर्द और सूजन के कारण उनका एक्स-रे टेस्ट हुआ। वहीं बाथरूम में गिरने से दोनों पैर टूट जाने के बाद भी हरियाणा के मंत्री अनिल विज अपना दर्द गाना गाकर दूर कर रहे हैं।

    देर रात, 72 साल वर्षीय ऊर्जा, परिवहन और श्रम मंत्री अपने बाथरूम में गिर गए, जिससे उनके दोनों पैरों की हड्डी टूट गई। ऐसे में उन्हें 3 सप्ताह आराम करने की सलाह दी गई है, इसलिए 20 फरवरी से शुरू होने वाले हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र में उनके शामिल होने की संभावना कम है।

    दुर्घटना के कुछ ही घंटों के अंदर, एक वीडियो सामने आया जिसमें विज कुर्सी पर बैठे दिखे, उनके घायल पैर मेज पर रखे थे। इस दौरान वह 1960 की बॉलीवुड फिल्म ‘बॉम्बे का बाबू’ का गाना ‘चल री सजनी अब क्या सोचे’ गा रहे थे और ‘कजरा ना बह जाए रोते रोते’ गुनगुना रहे थे। विज ने कहा, “हमें जो भी ज़िंदगी मिलती है, उसे जीना होता है। यह आपकी पसंद है—आप रोकर ज़िंदगी जीते हैं या हंसकर. मैं हंसते और गाते हुए जीना पसंद करता हूं।”

  • महाविद्यालय वंगाणा में राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा सात दिवसीय वार्षिक विशेष शिविर का शुभारंभ 

    महाविद्यालय वंगाणा में राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा सात दिवसीय वार्षिक विशेष शिविर का शुभारंभ 

    ऊना/सुशील पंडित: अटल बिहारी वाजपेई राजकीय महाविद्यालय वंगाणा में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई द्वारा आयोजित सात दिवसीय वार्षिक विशेष शिविर का विधिवत शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महाविद्यालय की प्राचार्य प्रोफेसर रेखा शर्मा रहीं, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता NSS के कार्यक्रम अधिकारी प्रोफेसर सिकंदर कुमार नेगी ने की।

    कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि द्वारा NSS ध्वजारोहण से हुआ। इस अवसर पर NSS स्वयंसेवियों ने अनुशासित एवं आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत कर अतिथियों को सलामी दी। तत्पश्चात मुख्य अतिथि ने दीप प्रज्ज्वलित कर औपचारिक रूप से शिविर का उद्घाटन किया। मंच संचालन NSS स्वयंसेवियों वेदेही शर्मा एवं तनु ठाकुर ने प्रभावशाली ढंग से किया। इस अवसर पर स्वयंसेवी दिव्यांशु शर्मा ने राष्ट्रीय सेवा योजना के उद्देश्यों एवं कार्यों पर प्रकाश डालते हुए युवाओं की सामाजिक उत्तरदायित्व में भूमिका को रेखांकित किया।

    अपने अध्यक्षीय संबोधन में कार्यक्रम अधिकारी प्रो. सिकंदर कुमार नेगी ने शिविर की सात दिवसीय रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि इस वर्ष का थीम “Youth My Bharat – Youth for Digital Literacy” निर्धारित किया गया है। उन्होंने बताया कि शिविर के दौरान स्वयंसेवियों को स्वास्थ्य जागरूकता, पर्यावरण संरक्षण, नारी सशक्तिकरण, डिजिटल इंडिया, प्राकृतिक आपदा प्रबंधन, सड़क सुरक्षा, साइबर क्राइम जागरूकता तथा मतदान जागरूकता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रशिक्षण एवं जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से समाज से जोड़ा जाएगा। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में NSS स्वयंसेवियों हिना, शगुन, सिमरन, खुशबू, श्वेता, शिवानी एवं ज्योति ने मनमोहक प्रस्तुतियाँ दीं। वहीं तन्वी एवं समूह, गौरव, अंकुश, वरुण, अभिषेक तथा किरण ने “चिट्टा नशा” विषय पर प्रभावशाली नाट्य प्रस्तुति देकर युवाओं से नशे से दूर रहने का आह्वान किया।

    इस अवसर पर मुख्य अतिथि प्रो. रेखा शर्मा द्वारा NSS कैप्टन रोहित डोगरा एवं कैप्टन अंकिता ठाकुर को शिविर के सफल आयोजन हेतु NSS बैच, कैप तथा सीटी प्रदान कर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि प्रो. रेखा शर्मा ने अपने संबोधन में शिविर के सफल आयोजन के लिए NSS टीम को बधाई देते हुए कहा कि आज के युवाओं को राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि NSS केवल सेवा का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व विकास और नेतृत्व क्षमता का सशक्त मंच है, जिसके माध्यम से युवा समाज में सकारात्मक परिवर्तन ला सकते हैं।

    इस अवसर पर महाविद्यालय के उपप्राचार्य प्रो. अनु अत्री लखनपाल, NSS समिति के सदस्य प्रो. किरण कुमारी, प्रो. कृष्ण चंद, डॉ. कुलदीप सिंह, तथा स्टाफ सदस्य प्रो. अनिल शर्मा, डॉ. किरण ठाकुर, प्रो. अरविंद रतन, प्रो. कमलेश कुमार, प्रो. संजय शर्मा सहित अन्य प्राध्यापक ,एवं स्वयंसेवी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। NSS इकाई द्वारा आयोजित यह सात दिवसीय विशेष शिविर विद्यार्थियों में सामाजिक चेतना, नेतृत्व क्षमता एवं राष्ट्रीय दायित्व भावना को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध होगा।

  • ऊना में सर्वाइकल कैंसर से बचाव को विशेष एचपीवी टीकाकरण अभियान

    ऊना में सर्वाइकल कैंसर से बचाव को विशेष एचपीवी टीकाकरण अभियान

    29 मार्च से 21 जून तक चलेगा अभियान : उपायुक्त

    ऊना/सुशील पंडित: उपायुक्त ऊना जतिन लाल ने बताया कि ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) से बचाव एवं सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी की रोकथाम के उद्देश्य से जिले में 29 मार्च से 21 जून तक विशेष टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने यह जानकारी मंगलवार को ज़िला मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में आयोजित एचपीवी टीकाकरण अभियान को लेकर गठित ज़िला टास्क फ़ोर्स की बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी।

    बैठक में अभियान की रणनीति, लक्षित आयु वर्ग की पहचान, पंजीकरण प्रक्रिया तथा विभिन्न विभागों के समन्वय पर विस्तार से चर्चा की गई।उपायुक्त ने बताया कि इस अभियान के अंतर्गत 14 से 15 वर्ष  आयु वर्ग की किशोरियों का टीकाकरण किया जाएगा। अभियान से पूर्व 10 मार्च तक सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों तथा प्रवासी श्रमिक परिवारों का हाउस-टू-हाउस पंजीकरण और 20 मार्च तक ऑनलाइन पंजीकरण पूर्ण किया जाएगा।

    उन्होंने कहा कि एचपीवी संक्रमण सर्वाइकल कैंसर का प्रमुख कारण है और समय पर टीकाकरण से इसके जोखिम को काफी हद तक कम किया जा सकता है।उन्होंने अभियान को लेकर जन-जागरूकता पर विशेष जोर दिया। विभिन्न विभागों के समन्वय से व्यापक जागरूकता गतिविधियां संचालित करने को कहा ताकि लक्षित आयु वर्ग की प्रत्येक पात्र किशोरी का टीकाकरण सुनिश्चित हो सके।

    उपायुक्त ने कहा कि अभियान को सफल बनाने के लिए आशा वर्कर, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, स्वयं सहायता समूह तथा पंचायती राज संस्थाओं का सहयोग लिया जाएगा। साथ ही शिक्षा विभाग को निर्देश दिए गए कि विद्यालयों में आयोजित पैरेंट्स मीटिंग्स के माध्यम से अभिभावकों को एचपीवी संक्रमण एवं टीकाकरण के महत्व के प्रति जागरूक किया जाए, ताकि अधिक से अधिक पात्र किशोरियां इस अभियान से लाभान्वित हों। उपायुक्त ने सभी अभिभावकों से अपील की कि वे अपनी बेटियों का समय पर टीकाकरण सुनिश्चित कर उन्हें गंभीर बीमारियों से सुरक्षित रखने में सहयोग करें।

    वहीं, सीएमओ डॉ. संजीव वर्मा ने बताया कि ह्यूमन पैपिलोमावायरस (एचपीवी) विश्व स्तर पर सबसे आम संक्रमणों में से एक है। समय रहते रोकथाम न होने पर यह वायरस सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी का कारण बन सकता है। उन्होंने कहा कि समय पर टीकाकरण, सुरक्षित व्यवहार, नियमित जांच तथा व्यापक जन-जागरूकता के माध्यम से एचपीवी से होने वाली बीमारियों को प्रभावी ढंग से रोका जा सकता है।

    उन्होंने बताया कि टीकाकरण खाली पेट नहीं किया जाएगा तथा टीका लगाने के उपरांत किशोरियों को आधे घंटे तक निगरानी (ऑब्जर्वेशन) में रखा जाएगा, ताकि किसी भी संभावित प्रतिकूल प्रतिक्रिया की स्थिति में तुरंत आवश्यक चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा सके। किशोरियां स्वयं भी https://uwin.mohfw.gov.in पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण कर सकती हैं।

    23 से 28 फरवरी तक मनाया जाएगा नेशनल डी-वॉर्मिंग सप्ताह

    उपायुक्त ने जानकारी दी कि 23 से 28 फरवरी तक ऊना जिले में नेशनल डी-वॉर्मिंग सप्ताह मनाया जाएगा। इस दौरान जिले में 1,53,544 बच्चों को कृमिनाशक दवा खिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके साथ ही 41,358 बच्चों को विटामिन-ए की खुराक प्रदान करने का लक्ष्य भी रखा गया है, ताकि बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण स्तर को बेहतर बनाया जा सके।

    इस अवसर पर  जिला टीकाकरण अधिकारी डॉक्टर रिचा, जिला पंचायत अधिकारी श्रवण कुमार,जिला भाषा अधिकारी निकुराम सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।

  • परीक्षा देकर लौट रहे 11 वर्षीय छात्र का किया कत्ल

    परीक्षा देकर लौट रहे 11 वर्षीय छात्र का किया कत्ल

    कठुआः जम्मू-कश्मीर के कठुआ मासूम की गला काटकर हत्या की गई। इस घटना को लेकर इलाका वासियों में दहशत का माहौल पाया जा रहा है। मृतक की पहचान 11 वर्षीय बलवीर चंद के रूप में हुई है। मृतक 5वीं कक्षा में पढ़ता था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच में जुट गई। पुलिस और परिजनों के अनुसार बलवीर अपनी परीक्षा देकर घर लौट रहा था। रास्ते में 23 वर्षीय युवक ने उसका पीछा किया और तेज तेजधार हथियार से उसके गले पर वार कर दिया। हमले इतना क्रूर था कि बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई।

    इस घटना के बाद पूरे कठुआ आक्रोश का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोग सड़कों पर उतर आए हैं और न्याय की मांग कर रहे हैं। जिसके बाद इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है ताकि कोई और अप्रिय घटना न हो। जम्मू-कश्मीर पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि हम आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेंगे। परिजनों ने बताया कि करीब 15 दिन पहले आरोपी और परिवार के बीच किसी छोटी-मोटी बात को लेकर विवाद हुआ था।

    इसी रंजिश को लेकर आरोपी ने बदला लेने की सोची और निर्दोष बच्चे को निशाना बनाया। बलवीर के पिता ने गहरे दुख के साथ कहा कि मेरा बेटा परीक्षा देकर खुशी-खुशी घर आ रहा था और उसका बेरहमी से कत्ल कर दिया गया। परिवार ने दोषी को फांसी की सजा देने की अपील की है। दूसरी ओर मौके पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।

    पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से हत्या में इस्तेमाल किया गया हथियार भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस ने बताया कि मामला धारा 302 (हत्या) और अन्य संबंधित धाराओं के तहत दर्ज किया गया है। जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि क्या आरोपी अकेला था या इसमें कोई और शामिल था।

  • स्कॉलर्स यूनिफाइड सीसे स्कूल के विद्यार्थियों का JEE Mains परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन

    स्कॉलर्स यूनिफाइड सीसे स्कूल के विद्यार्थियों का JEE Mains परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन

    ऊना/सुशील पंडित: जिला ऊना के स्कॉलर्स यूनिफाइड सीनियर सेकेंडरी स्कूल के विद्यार्थियों ने इस वर्ष जेईई मेन्स परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय, अभिभावकों और पूरे क्षेत्र का मान बढ़ाया है। विद्यालय के कुल चार विद्यार्थियों—प्रिशा 95.01 परसेंटाइल, सात्विक 93.13 परसेंटाइल, सुकृति 91.68 परसेंटाइल तथा निहाल 90.25 परसेंटाइल—ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है।

    इन विद्यार्थियों की सफलता न केवल उनकी निरंतर मेहनत, लक्ष्यों के प्रति समर्पण और दृढ़ इच्छाशक्ति का परिणाम है, बल्कि शिक्षकों के मार्गदर्शन और विद्यालय के अनुशासित, प्रेरक तथा लक्ष्य-उन्मुख वातावरण को भी दर्शाती है।विद्यालय के प्रधानाचार्य धीरज शर्मा ने कहा कि यह उपलब्धि संस्था की उस शिक्षा-नीति का प्रमाण है, जो विद्यार्थियों में न केवल शैक्षणिक उत्कृष्टता, बल्कि दृढ़ आत्मविश्वास, अनुशासन और उच्च नैतिक मूल्यों का भी निर्माण करती है। उन्होंने सभी सफल विद्यार्थियों को आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

    इसी अवसर पर उप-प्रधानाचार्या श्रीमती आदिति शर्मा ने भी छात्रों और शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि इन प्रतिभावान विद्यार्थियों ने साबित किया है कि सही दिशा, सतत प्रयास और सकारात्मक माहौल मिलकर किसी भी लक्ष्य को प्राप्त करने में सहायक होते हैं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि भविष्य में भी विद्यालय के विद्यार्थी इसी तरह राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं में अपना परचम लहराते रहेंगे। विद्यालय प्रबंधन, शिक्षक गण एवं समस्त स्कूल परिवार ने सफल विद्यार्थियों के अभिभावकों को भी हार्दिक बधाई दी है और छात्रों के उज्ज्वल व सफल भविष्य की कामना की है।

     

  • Haryana News: Civil Hospital से बैटरी चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, देखें वीडियो

    Haryana News: Civil Hospital से बैटरी चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, देखें वीडियो

    पंचकूला: पुलिस की ओर से सिविल अस्पताल सेक्टर-6 परिसर में यूपीएस बैटरियों को चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश कर दिया गया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपी गिरफ्तार कर लिए हैं। उनकी निशानदेही पर चोरीशुदा 36 बैटरियां बरामद हुई है।

    इस बारे में राज्य स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण संस्थान सेक्टर-6 पंचकूला से मिली शिकायत के आधार पर थाना सेक्टर-7 पंचकूला में 5 फरवरी को धारा 305, 331 (4) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर लिया गया था। शिकायत में यह बताया गया है कि सिविल अस्पताल के परिसर में स्थित ऑफिस के यूपीएस से 120AH की अमरॉन कंपनी की बैटरियां 29 जनवरी से 1 फरवरी 2026 के बीच चोरी हो गई थी।

    मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी दिनेश कुमार के दिशानिर्देश में एसएचओ थाना सेक्टर-7 इंस्पेक्टर राजेश जाखड़ के नेतृत्व में मुख्य सिपाही अमनदीप सिंह की टीम ने शुरुआती जांच और गुप्त सूचना के आधार पर दिनांक 14 फरवरी को आरोपी सन्नी पुत्र नरेश कुमार निवासी गांव किवाना, जिला पानीपत (हाल निवासी कमांड अस्पताल चंडीमंदिर, पंचकूला) को गिरफ्तार कर लिया गया।

    पूछताछ के दौरान आरोपी ने यह बताया है कि उसने चोरी की गई बैटरियां मोहन नाम के कबाड़ी को बेच दी थी। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस टीम ने मोहन पुत्र मनी राम निवासी गांव सिंधनी जिला सुल्तानपुर (यू.पी), (हाल निवासी मोली जागरा चंडीगढ़) को गिरफ्तार कर लिया गया।

    इसके अलावा अभियोग में धारा 317 (2) बीएनएस जोड़ी गई। आरोपी मोहन के खुलासे के आधार पर 16 फरवरी को एमडीसी पंचकूला क्षेत्र में झाड़ियों से चोरी की हुई 36 बैटरियां बरामद की है। दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया गया।

    वहां पर उन्हें 1-1 दिन के पुलिस रिमांड के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया तथा आरोपी सन्नी के खिलाफ पहले ही चोरी का मामला दर्ज है। मामले की जानकारी देते हुए डीसीपी पंचकूला सृष्टि गुप्ता ने कहा कि पंचकूला पुलिस अपराधों के प्रति शून्य सहनशीलता की नीति पर काम कर रही है।

    सार्वजनिक संस्थानों की सुरक्षा सुनिश्चित करना ही हमारी प्राथमिकता है। इस मामले में तुरंत कार्रवाई करके आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया तथा चोरी की गई संपत्ति बरामद की गई। उनका कहना है कि भविष्य में ऐसे ही अपराधों पर सख्ती के साथ कार्रवाई की जाएगी।

    पंचकूला पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें ताकि अपराध पर अच्छे से नियंत्रण रखा जा सके।

     

     

     

  • Punjab News: 70 करोड़ की लागत से बनेंगे रेलवे ओवरब्रिज, केंद्रिय मंत्री बिट्टू का आया बयान, देखें वीडियो

    Punjab News: 70 करोड़ की लागत से बनेंगे रेलवे ओवरब्रिज, केंद्रिय मंत्री बिट्टू का आया बयान, देखें वीडियो

    लुधियानाः जिले में पिछले लंबे समय से अधूरी पड़ा लेवल क्रासिंग नंबर 164, दोराहा में चार लेन रेलवे ओवरब्रिज का आज केंद्रीय रेलवे एवं खाद प्रसंस्करण उद्योग मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू द्वारा नींव पत्थर (सिलान्यास) रखकर शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर रवनीत बिट्टू ने कहा कि यह प्रोजेक्ट मालवा क्षेत्र के विकास का नया अध्याय साबित होगा। मंत्री ने कहाकि लगभग 70.55 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रहा यह चार लेन रेलवे ओवरब्रिज करीब एक साल के अंदर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

    उन्होंने कहा कि पिछले लगभग 12 वर्षों से इलाका वासियों की यह मांग लटकी हुई थी, जो आज पूरी होने वाली है। उन्होंने जानकारी दी कि इस लेवल क्रासिंग के माध्यम से हर रोज लगभग 190 रेलगाड़ियां गुजरती हैं और लगभग 3000 वाहन एक तरफ से दूसरे तरफ आते-जाते हैं। रेलवे फाटक बंद होने के कारण अक्सर लंबी जाम लगती थी, जिससे आम जनता, छात्र एवं व्यापारियों को खास परेशानी का सामना करना पड़ता था।

    बिट्टू ने कहा कि ओवरब्रिज के निर्माण से न केवल ट्रैफिक जाम की समस्या का हल होगा, बल्कि मालवा क्षेत्र, पंजाब की राजधानी और आस-पास के जिलों के बीच सड़क संपर्क और मजबूत, आसान एवं सुरक्षित बनेगा। उन्होंने यह भी बताया कि इस प्रोजेक्ट को सड़क सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए तैयार किया जाएगा ताकि हादसों में भी कमी आ सके।

    इस अवसर पर रवनीत सिंह बिट्टू के साथ विनोद भाटिया डिविजनल रेल्वे मैनेजर अंबाला, राजीव रंजन रजू चीफ इंजीनियर रोड सेफ्टी प्रोजेक्ट मैनेजर और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। समारोह के दौरान इलाका वासियों ने केंद्र सरकार एवं रेलवे विभाग का आभार व्यक्त किया और आशा व्यक्त की है कि यह प्रोजेक्ट निर्धारित समय में पूरा हो कर लोगों को राहत प्रदान करेगा। यह ओवरब्रिज क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को भी तेजी देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

  • Jalandhar News: 24 वर्षीय विवाहिता की मौत को लेकर परिजनों ने घर में की तोड़फोड़, देखें वीडियो

    Jalandhar News: 24 वर्षीय विवाहिता की मौत को लेकर परिजनों ने घर में की तोड़फोड़, देखें वीडियो

    एक साल पहले हुई थी महिला की शादी, पति पर लगे हत्या के आरोप

    जालंधर, ENS: रामामंडी के इलाके जोगिंदर नगर में विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। महिला की मौत को लेकर परिजनों द्वारा हंगामा किया जा रहा है। मृतक महिला की पहचान 24 वर्षीय मीशू के रूप में हुई हैं। परिवार का आरोप है कि महिला का कत्ल किया गया है। परिजनों ने आरोप लगाए है कि महिला के गले पर निशान मिले है। मृतक महिला के परिजनों द्वारा पति पर हत्या के आरोप लगाए गए। इस घटना को लेकर परिजनों द्वारा हंगामा करते हुए घर में तोड़फोड़ की गई। इस मामले को लेकर आसपास के लोगों में दहशत का माहौल पाया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को शांत करवाया। जिसके बाद पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के सिविल अस्पताल में रखवा दिया। वहीं पुलिस द्वारा मामले की गहनता से जांच शुरू कर दी गई है। मामले की जानकारी देते हुए मृतक महिला के भाई अतुल ने बताया कि करीब 12 महीने पहले उसकी बहन की शादी जोगिंदर नगर के रहने वाले अविनाश के साथ हुई थी। उसने आरोप लगाया कि शादी के कुछ समय बाद ही उसकी बहन को अविनाश तंग परेशान करने लग पड़ा था और कई बार मारपीट भी कर चुका था। जिसके संबंध में उन्होंने पुलिस को शिकायत दी थी। उन्होंने कहा कि बाद में परिवारिक सदस्यों में बैठकर समझौता हो गया था। पीड़ित ने बताया कि वह दोपहर के समय घर में बैठा हुआ था कि उसे फोन आया कि बहन ने पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। जिसके बाद वह तुरंत परिवार सहित मौके पर पहुंचा। पीड़ित ने कहा कि जब वह मौके पर पहुंचा और देखा की बहन के गले पर उंगलियों के निशान पड़े हुए थे, जिससे साफ जाहिर हो रहा है कि उसकी हत्या की गई है। दूसरी ओर मामले को लेकर थाना रामामंडी के जांच अधिकारी एएसआई मनजिंदर सिंह ने बताया कि उन्हें कंट्रोल रूम पर सूचना मिली थी कि जोगिंदर नगर में महिला की हत्या हुई है, जिसके बाद वह मौके पर पहुंचे तो देखा महिला के गले पर निशान थे। उन्होंने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल में रखवा दिया है। परिवारिक सदस्यों के बयानों पर बनती कार्रवाई की जा रही है।
  • बद्दी पुलिस थाने में भंडारे का आयोजन, सैकड़ो लोगों ने लिया भंडारे का प्रसाद

    बद्दी पुलिस थाने में भंडारे का आयोजन, सैकड़ो लोगों ने लिया भंडारे का प्रसाद

    बद्दी/सचिन बैंसल: पुलिस थाना बद्दी में महाशिवरात्रि के उपलक्ष में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया ।जिसमें सैकड़ो लोगों ने भंडारे का प्रसाद ग्रहण किया ।भंडारे का शुभारंभ विधिवत पूजा व हवन की पूर्णाहुति के बाद किया गया। जिसके बाद सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया गया। बद्दी पुलिस थाना प्रभारी शिवराम कृष्ण ने बताया की पिछले कई वर्षों से पुलिस थाना बद्दी में शिव मंदिर की स्थापना के पश्चात महाशिवरात्रि के उपलक्ष में हर वर्ष भंडारा किया जाता है। जिसमें पुलिस जिला बद्दी के सभी पुलिस कर्मियों का सहयोग रहता है। उन्होंने कहा कि महाशिवरात्रि से पहले ही पूरे पुलिस थाना बद्दी के प्रांगण की सफाई की जाती है और वहां पर ही भंडारे का प्रसाद तैयार किया जाता है। उन्होंने कहा भंडारे में खीर, पूरी, कड़ी, चावल सहित अन्य कई प्रकार के प्रसाद की व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन से समाज में आपसी सहयोग व भाईचारे की भावना को बल मिलता है और उन्होंने कहा कि पूजा में पूरे बीबीएन क्षेत्र की सुख समृद्धि की कामना की गई है।
  • Himachal News: हिमकेप्स कॉलेज ऑफ नर्सिंग का शानदार परिणाम

    Himachal News: हिमकेप्स कॉलेज ऑफ नर्सिंग का शानदार परिणाम

    ऊना /सुशील पंडित: हरोली के गांव बढ़ेडा स्थित हिमकेप्स कॉलेज ऑफ नर्सिंग की बी.एस.सी. नर्सिंग के आठवें सेमेस्टर का परिणाम शत-प्रतिशत रहा है। छात्राओं ने अपनी कड़ी मेहनत और लगन के बल पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कॉलेज का नाम रोशन किया है।

    कॉलेज की प्रिंसिपल कार्तिकेय सेल्वी ने जानकारी देते हुए बताया कि आठवें सेमेस्टर की छात्राओं ने विश्वविद्यालय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करते हुए उत्कृष्ट स्थान प्राप्त किए हैं। यह उपलब्धि छात्राओं की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है।

    कॉलेज के चेयरमैन विक्रमजीत सिंह ने इस अवसर पर सभी छात्राओं को बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि संस्थान का उद्देश्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान कर उन्हें स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में उत्कृष्ट पेशेवर बनाना है। कॉलेज प्रबंधन ने सभी सफल छात्राओं और उनके अभिभावकों को इस उपलब्धि पर हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं।