Blog
-

मलांगड़ में शराब के ठेके का विरोध हुआ तेज
ऊना/सुशील पंडित: उपमंडल बंगाणा के मलागंड़ गांव में शराब के ठेके का विरोध वर्षों से लगातार जारी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार पिछले लगभग 5 साल से मलांगड़ में शराब की एक दुकान कुछ घरों के सामने खुली रही। पास में एक प्राइवेट स्कूल भी था। शुरू से ही मलांगड़ और सोरला गांव के लोग उस शराब की दुकान का विरोध करते आए हैं। अब शराब की दुकान को बदलकर पंचायत घर के पास सुनसान इलाके में स्थापित किया जा रहा है। नई जगह स्थानांतरित होने जा रहे ठेके का विरोध करते हुए गांव की लगभग एक दर्जन महिलाएं शनिवार को मौके पर पहुंचीं और शराब की दुकान के खिलाफ नारेबाजी की। महिलाओं ने कहा कि शराब का ठेका पहले भी गांव की असंख्य अप्रिय घटनाओं का कारण बन चुका है। ठेके में शराब पीने के बाद लोग हल्ला और हुड़दंग करते हैं। इस हुड़दंग ने मलांगड़ गांव की शांति छीन ली है।महिलाओं का कहना है कि अब गांव वालों की आंखों में धूल झोंकने के लिए ठेके को एक स्थान से दूसरे स्थान पर शिफ्ट किया जाने लगा है। गांव का कोई भी व्यक्ति नहीं चाहता कि यहां शराब की बिक्री हो। जो शराब सामाजिक बुराई के तौर पर युवा पीड़ी को खराब करती जा रही है उसे खोलने में सरकार इतनी आतुर क्यों है। तत्पश्चात गांव में हंगामा बढ़ते देख बंगाणा के एसडीएम योगराज धीमान पुलिस बल सहित मौके पर पहुंचे और शराब की दुकान का जायजा लिया। महिलाओं ने ठेके का विरोध करते हुए उन्हें ज्ञापन भी सौंपा।एसडीएम धीमान का कहना है कि शराब की दुकान खोलने की अनुमति आबकारी एवं कराधान विभाग, हिमाचल प्रदेश से मिलती है। इस गांव में ठेके के विरोध की जानकारी आबकारी एवं कराधान विभाग को दे दी गई है। इसे खोलने या बंद करने का निर्णय उन्हीं को लेना है। -

पंडोगा पुल के नीचे लगा गंदगी का अंबार
दुर्गन्ध से ग्राम वासियों का जीना हुआ मुश्किलऊना/सुशील पंडित: पंडोगा में रिहायशी इलाके के निकट लगे कूड़े के ढेर से पूरे गांव में दुर्गंध फैल चुकी है। इससे गांव में शांति से रहना मुश्किल होता जा रहा है। ग्राम पंचायत पंडोगा में एक पुल के नीचे ही लोग महीनों से कचरा फेंकने लग गए हैं। गांव में कचरे के निपटारे का कोई भी बंदोबस्त न होने के चलते खुले में कचरा फेंका जा रहा है। गांव के ही कुछ पीड़ित लोगों ने शनिवार को एकजुट होकर मीडिया के सामने अपनी समस्याएं रखीं। गुरबक्श सिंह, बलबीर सिंह व सुरजीत सिंह ने बताया कि वार्ड नं 12 में घरों के पास ही पुल के नीचे गांव वाले गंदगी फैला रहे हैं। रसोई के सामान से लेकर हर प्रकार का गंदा कचरा पुल के नीचे जमा होने से वहां दुर्गंध फैल रही है। कचरे से ज्यादा दुर्गंध तब फैलती है जब बारिश में यह गीला हो जाता है। कुत्ते और बेसहारा मवेशी भी इस कचरे में भोजन ढूंढने के लिए यहां जमा हो जाते हैं। इस गंदगी से गांव में महामारी फैलने का खतरा मंडराने लगा है। अगर भविष्य में लोग बीमार होते हैं तो इसका दायित्व प्रशासन का होगा। -

किसानों को बकरियों का मुआवजा क्यों नहीं मिला- भुट्टो
ऊना/सुशील पंडित: कुटलैहड़ के विधायक दविंदर भुट्टो ने पूर्व कैबिनेट मंत्री की आलोचना करते हुए कहा है कि क्षेत्र के सैकड़ों किसानों की बकरियां खरीद के कुछ दिन बाद ही मर गई थीं। पशुपालन मंत्री रहते हुए भी पूर्व मंत्री उन्हें मुआवजा नहीं दिलवा पाए। मैं उनसे पूछना चाहता हूं कि किसानों को आजतक राहत क्यों नहीं मिली।
भुट्टो शनिवार को उपमण्डल बंगाणा की चपलाह-राजपुरा-तलमेहड़ा सड़क के शुरू हो रहे काम का जायजा लेने पहुंचे थे। उन्होंने राजपुरा से डीहर के बीच टूट चुकी सड़क के निर्माण कार्य के भूमि पूजन में पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि जनता वर्षों से इस सड़क के लिए तरसती रही लेकिन पूर्व नेता ने उनकी मांग पूरी नहीं की। हमने जंगलात विभाग से एनओसी लेकर काम शुरू करवा दिया है। उन्होंने कहा कि हमने जनता से वादा किया था कि अगर मुझे मौका मिला तो इस सड़क और पुल का काम पूरा करवाऊंगा। विधायक बनने के 100 दिनों के भीतर ही चपलाह से राजपुरा डीहर सड़क का निर्माण कार्य शुरू हो रहा है। शुक्रवार को पूर्व कैबिनेट मंत्री वरिंदर कंवर ने कुटलैहड़ में हो रहे अवैध कटान पर विजिलेंस जांच की मांग की थी। भुटटो ने कहा कि अवैध कटान की बात छोड़कर नेताजी यह बताएं कि जिन किसानों का लाखों रुपया बकरी खरीद पर खर्च हुआ था उन्हें आजतक मुआवजा क्यों नहीं दिया गया। लंपी बीमारी से मरे गौ धन का मुआवजा भी वह दिलवा नहीं पाए थे। कुटलैहड़ की ज्यादातर समस्याओं का हल वह नहीं निकाल पाए। इसलिए कटान की बात छोड़ पिछले कार्यों की जवाबदेही उन्हें देनी चाहिए। भूमि पूजन के मौके पर लोक निर्माण विभाग के एक्सीन देवराज, एसडीओ पी.धीमान, पूर्व प्रधान सुदर्शन शर्मा, पूर्व प्रधान प्रवीण पादा, पूर्व प्रधान अजय शर्मा , रिटायर्ड जेई कुलदीप शर्मा, पूर्व प्रधान रमेश डुमखर, पूर्व प्रधान बलबंत ठाकुर, ओंकार सिंह व अन्य मौजूद रहे।
-

तेज रफ्तार बाइक महिला से टकराई, घायल
ऊना/सुशील पंडित: ऊना की एक महिला तेज रफ्तार बाइक की टक्कर लगने से घायल हो गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस थाना सदर में ऊना की ही रहने वाली बलजीत कौर पत्नी दर्शन सिंह ने शिकायत दर्ज करवाई है कि शुक्रवार को वह घर के पास खड़ी थी। तभी एक तेज रफ्तार बाइक चालक सड़क किनारे पैदल जा रही महिला को सीधी टक्कर मार देता है। टक्कर से महिला को कई चोटें आई हैं। पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की धारा 279 और 337 के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। -

आरसी बनवाने के बहाने एसयूवी गाड़ी ले गया
ऊना/सुशील पंडित: राजस्थान के एक व्यक्ति ने स्कॉर्पियो गाड़ी एक एजेंट को नंबर प्लेट और आरसी बनवाने के लिए दी थी। एजेंट गाड़ी लेकर तो गया लेकिन आजतक लौटा नहीं है। मामला अब पुलिस के पास पहुंच गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार जयपुर के वैशाली नगर निवासी मेहुल बंसल पुत्र मनोज कुमार बंसल ने गाजियाबाद के रहने वाले मधुर कौशाल को आरसी बनवाने व नम्बर प्लेट लगवाने के लिए गाड़ी दी थी। मेहुल ने पुलिस को बताया है कि उसे जानकारी मिल रही है कि मधुर कौशल ने किसी रिंकल कसाना को आगे गाड़ी दे दी है। गाड़ी की लोकेशन उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद बताई जा रही है। मेहुल इस ठगी से आहत होकर अब ऊना पुलिस के पास पहुंचा है। उसका आरोप है कि एक सेवा के लिए गाड़ी लेकर गया एजेंट आजतक क्यों नहीं लौटा। पुलिस ने भी भारतीय दंड संहिता की धारा 406 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। -

समस्त निजी पाठशालाओं के प्रमुखों से बैठक 5 अप्रैल को डाईट देहलां में
ऊना/सुशील पंडित: जिला ऊना के समस्त निजी पाठशालाओं के प्रमुखों के साथ 5 अप्रैल को प्रातः 10.30 बजे जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान(डाईट) में उपनिदेशक प्रारम्भिक शिक्षा ऊना, देवेन्द्र चंदेल की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन किया जाएगा। यह जानकारी देते हुए उपनिदेशक देवेन्द्र चंदेल ने बताया कि बैठक में कमजोर वर्गों के पात्र विद्यार्थियों को 25 प्रतिशत आरक्षण पर चर्चा की जाएगी। उपनिदेशक ने समस्त निजी पाठशालाओं के प्रमुखों से निर्धारित तिथि, समय व स्थान पर उपस्थित होना सुनिश्चित करें।
-

सभी सरकारी एवं निजी शिक्षण संस्थानों में 4 अप्रैल को आयोजित होंगे आपदा जागरूकता प्रोग्राम
ऊना/सुशील पंडित: कांगड़ा में वर्ष 1905 में आएं भूकम्प की वर्षगांठ को चिन्हित करते हुए 4 अप्रैल को आपदा जागरूकता दिवस पर निकासी ड्रिल/आईईसी गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। यह जानकारी देते हुए जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकारण के अध्यक्ष एवं उपायुक्त ऊना राघव शर्मा ने बताया कि 4 अप्रैल को जिला के सभी सरकारी एवं निजी शिक्षण संस्थानों में शेक आउट ड्रिल (ड्रॉप, कवर एंड होल्ड) और निकासी ड्रिल तथा प्रधानाचार्य/संस्थान के प्रमुख द्वारा भूकम्प के दौरान/पहले और बाद में क्या करें और क्या न करें, पर लेक्चर ओर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
-

जालंधरः लोकसभा उपचुनाव में युवा भाजपा नेता राबिन सांपला पर दांव खेल सकती है भाजपा
कांग्रेस चौधरी परिवार से छीन सकती है टिकट!
जालंधर/अनिल वर्माः जालन्धर लोकसभा उपचुनाव में इस बार कई नए चेहरे मैदान में उतर कर अपना राजनीतिक कैरियर अजमा सकते हैं जिसमें केन्द्रिय मंत्री विजय सांपला के भतीजे राबिन सांपला का नाम भी सुर्खियों में है। युवा भाजपा नेता राबिन सांपला पिछले कई सालों से जालन्धर की राजनीति में पूरी तरह से सक्रिय हैं और कई धार्मिक एवं राजनीति मुद्दों पर सूबा सरकार को घेरते आ रहे हैं। राबिन सांपला बीते विधानसभा चुनावों दौरान वैस्ट हल्के से दावेदारी भी ठोक चुके हैं। भाजपा की ताजा स्थित की अगर बात करें तो जालन्धर लोकसभा चुनाव के लिए अभी तक कोई भी स्थानिय नेता का चेहरा सामने नही आया।
टिकट हासिल करने के लिए राजेश बाघा, राज कुमार वेरका, पूर्व डीसीपी राजिन्द सिंह दौड़ में शामिल हैं मगर इन चेहरों पर अभी मंथन चल रहा है। मिली जानकारी अनुसार भाजपा इस बार जालन्धर लोकसभा उपचुनाव में किसी युवा चेहरे को ही टिकट देकर मैदान में उतरने की तैयारी कर रही है। बीते दिनों सूबा सरकार की ओर से लतीफपुरा में एससी बिरादरी एवं गरीबवर्ग के घर तोड़ने का मुद्दा भी युवा भाजपा नेता राबिन सांपला की ओर से केन्द्रिय मंत्री विजय सांपला के समक्ष उठाया गया था जिसका केन्द्र सरकार ने तुरंत संज्ञान लेते हुए पूरे जिले के प्रशासन को दिल्ली तलब कर फटकार लगाई थी।
फगवाड़ा से विधानसभा चुनाव लड़ चुके हैं राजेश बाघा
भाजपा नेता राजेश बाघा फगवाड़ा से विधानसभा चुनाव लड़ चुके है जिसमें उन्हे हार का मुंह देखना पड़ा था। वहीं राज कुमार वेरका अमृतसर से हैं और उनका लंबा राजनैतिक बैकग्राउंड कांग्रेस पार्टी में रहा है। पूर्व डीसीपी रजिंदर सिंह की एक दिन पहले ही राजनीति में एंट्री हुई है ऐसे में भाजपा जालन्धर सीट से किसी तजुर्बेकार को उतारने की तैयारी में है जिसके लिए व्यापारियों तथा आम जनता से भी फीडबैक लिया जा रहा है।
कांग्रेस में भी मंथन जारी, चौधरी परिवार की कट सकती है टिकट
स्वर्गीय संतोख सिंह चौधरी के निधन के बाद उनकी पत्नी कर्मजीत कौर को पार्टी की टिकट देने राहुल गांधी द्वारा ऐलान किया था जिसके बाद कर्मजीत कौर ने चुनावी रणनीति तैयार कर सर्कियतौर पर प्रचार शुरु कर दिया है। सूत्रों अनुसार पार्टी हाईकमान आने वाले दिनों में कैंडिडेट बदल सकती है। इस टिकट के लिए पूर्व विधायक सुशील रिंकू भी दांव खेल रहे हैं सुशील रिंकू को राहुल गांधी का सबसे करीबी माना जाता है। यह भी क्यास लगाए जा रहे हैं कि सुशील रिंकू आने वाले चंद दिनों में कोई बड़ा धमाका कर सकते हैं।
9 हल्कों में 5 सीटों पर कांग्रेस का कब्जा, भाजपा का हाथ खाली
जिले के अंर्तगत 9 हल्कों में से 5 हल्कों में कांग्रेस का कब्जा है वहीं 3 हल्कों में आम आदमी पार्टी तथा एक हल्के में अकाली दल का कब्जा है ऐसे में भाजपा के पास कोई विधानसभा हल्का नहीं है जिसके चलते इस बार भाजपा को चुनावो दौरान कड़ी मेहनत करने की जरुरत है।
-

ट्रैफिक नियम तोड़ने वाले 78 लोगों के चालान
ऊना/सुशील पंडित: जिला ऊना पुलिस ने यातायात की अवहेलना करने पर 78 लोगों के चालान किए हैं। शुक्रवार को हुई कार्रवाई में दो चालकों ने मौके पर ही चालान भर दिए। पुलिस को उनसे जुर्माने के तौर पर 1000 रुपए बरामद हुए हैं। -

शराब की 7 बोतलें बरामद
ऊना/सुशील पंडित: ऊना पुलिस की एक टीम ने गश्त के दौरान बसाल के एक व्यक्ति से 7 बोतल शराब बरामद की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार बसाल में दुकान चलाने वाले सोमनाथ पुत्र परस राम की तालाशी लेने पर पुलिस को अवैध शराब की 7 बोतलें मिली हैं।