Blog
-

तेज रफ्तार बाइक महिला से टकराई, घायल
ऊना/सुशील पंडित: ऊना की एक महिला तेज रफ्तार बाइक की टक्कर लगने से घायल हो गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस थाना सदर में ऊना की ही रहने वाली बलजीत कौर पत्नी दर्शन सिंह ने शिकायत दर्ज करवाई है कि शुक्रवार को वह घर के पास खड़ी थी। तभी एक तेज रफ्तार बाइक चालक सड़क किनारे पैदल जा रही महिला को सीधी टक्कर मार देता है। टक्कर से महिला को कई चोटें आई हैं। पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की धारा 279 और 337 के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। -

आरसी बनवाने के बहाने एसयूवी गाड़ी ले गया
ऊना/सुशील पंडित: राजस्थान के एक व्यक्ति ने स्कॉर्पियो गाड़ी एक एजेंट को नंबर प्लेट और आरसी बनवाने के लिए दी थी। एजेंट गाड़ी लेकर तो गया लेकिन आजतक लौटा नहीं है। मामला अब पुलिस के पास पहुंच गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार जयपुर के वैशाली नगर निवासी मेहुल बंसल पुत्र मनोज कुमार बंसल ने गाजियाबाद के रहने वाले मधुर कौशाल को आरसी बनवाने व नम्बर प्लेट लगवाने के लिए गाड़ी दी थी। मेहुल ने पुलिस को बताया है कि उसे जानकारी मिल रही है कि मधुर कौशल ने किसी रिंकल कसाना को आगे गाड़ी दे दी है। गाड़ी की लोकेशन उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद बताई जा रही है। मेहुल इस ठगी से आहत होकर अब ऊना पुलिस के पास पहुंचा है। उसका आरोप है कि एक सेवा के लिए गाड़ी लेकर गया एजेंट आजतक क्यों नहीं लौटा। पुलिस ने भी भारतीय दंड संहिता की धारा 406 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। -

समस्त निजी पाठशालाओं के प्रमुखों से बैठक 5 अप्रैल को डाईट देहलां में
ऊना/सुशील पंडित: जिला ऊना के समस्त निजी पाठशालाओं के प्रमुखों के साथ 5 अप्रैल को प्रातः 10.30 बजे जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान(डाईट) में उपनिदेशक प्रारम्भिक शिक्षा ऊना, देवेन्द्र चंदेल की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन किया जाएगा। यह जानकारी देते हुए उपनिदेशक देवेन्द्र चंदेल ने बताया कि बैठक में कमजोर वर्गों के पात्र विद्यार्थियों को 25 प्रतिशत आरक्षण पर चर्चा की जाएगी। उपनिदेशक ने समस्त निजी पाठशालाओं के प्रमुखों से निर्धारित तिथि, समय व स्थान पर उपस्थित होना सुनिश्चित करें।
-

सभी सरकारी एवं निजी शिक्षण संस्थानों में 4 अप्रैल को आयोजित होंगे आपदा जागरूकता प्रोग्राम
ऊना/सुशील पंडित: कांगड़ा में वर्ष 1905 में आएं भूकम्प की वर्षगांठ को चिन्हित करते हुए 4 अप्रैल को आपदा जागरूकता दिवस पर निकासी ड्रिल/आईईसी गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। यह जानकारी देते हुए जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकारण के अध्यक्ष एवं उपायुक्त ऊना राघव शर्मा ने बताया कि 4 अप्रैल को जिला के सभी सरकारी एवं निजी शिक्षण संस्थानों में शेक आउट ड्रिल (ड्रॉप, कवर एंड होल्ड) और निकासी ड्रिल तथा प्रधानाचार्य/संस्थान के प्रमुख द्वारा भूकम्प के दौरान/पहले और बाद में क्या करें और क्या न करें, पर लेक्चर ओर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
-

जालंधरः लोकसभा उपचुनाव में युवा भाजपा नेता राबिन सांपला पर दांव खेल सकती है भाजपा
कांग्रेस चौधरी परिवार से छीन सकती है टिकट!
जालंधर/अनिल वर्माः जालन्धर लोकसभा उपचुनाव में इस बार कई नए चेहरे मैदान में उतर कर अपना राजनीतिक कैरियर अजमा सकते हैं जिसमें केन्द्रिय मंत्री विजय सांपला के भतीजे राबिन सांपला का नाम भी सुर्खियों में है। युवा भाजपा नेता राबिन सांपला पिछले कई सालों से जालन्धर की राजनीति में पूरी तरह से सक्रिय हैं और कई धार्मिक एवं राजनीति मुद्दों पर सूबा सरकार को घेरते आ रहे हैं। राबिन सांपला बीते विधानसभा चुनावों दौरान वैस्ट हल्के से दावेदारी भी ठोक चुके हैं। भाजपा की ताजा स्थित की अगर बात करें तो जालन्धर लोकसभा चुनाव के लिए अभी तक कोई भी स्थानिय नेता का चेहरा सामने नही आया।
टिकट हासिल करने के लिए राजेश बाघा, राज कुमार वेरका, पूर्व डीसीपी राजिन्द सिंह दौड़ में शामिल हैं मगर इन चेहरों पर अभी मंथन चल रहा है। मिली जानकारी अनुसार भाजपा इस बार जालन्धर लोकसभा उपचुनाव में किसी युवा चेहरे को ही टिकट देकर मैदान में उतरने की तैयारी कर रही है। बीते दिनों सूबा सरकार की ओर से लतीफपुरा में एससी बिरादरी एवं गरीबवर्ग के घर तोड़ने का मुद्दा भी युवा भाजपा नेता राबिन सांपला की ओर से केन्द्रिय मंत्री विजय सांपला के समक्ष उठाया गया था जिसका केन्द्र सरकार ने तुरंत संज्ञान लेते हुए पूरे जिले के प्रशासन को दिल्ली तलब कर फटकार लगाई थी।
फगवाड़ा से विधानसभा चुनाव लड़ चुके हैं राजेश बाघा
भाजपा नेता राजेश बाघा फगवाड़ा से विधानसभा चुनाव लड़ चुके है जिसमें उन्हे हार का मुंह देखना पड़ा था। वहीं राज कुमार वेरका अमृतसर से हैं और उनका लंबा राजनैतिक बैकग्राउंड कांग्रेस पार्टी में रहा है। पूर्व डीसीपी रजिंदर सिंह की एक दिन पहले ही राजनीति में एंट्री हुई है ऐसे में भाजपा जालन्धर सीट से किसी तजुर्बेकार को उतारने की तैयारी में है जिसके लिए व्यापारियों तथा आम जनता से भी फीडबैक लिया जा रहा है।
कांग्रेस में भी मंथन जारी, चौधरी परिवार की कट सकती है टिकट
स्वर्गीय संतोख सिंह चौधरी के निधन के बाद उनकी पत्नी कर्मजीत कौर को पार्टी की टिकट देने राहुल गांधी द्वारा ऐलान किया था जिसके बाद कर्मजीत कौर ने चुनावी रणनीति तैयार कर सर्कियतौर पर प्रचार शुरु कर दिया है। सूत्रों अनुसार पार्टी हाईकमान आने वाले दिनों में कैंडिडेट बदल सकती है। इस टिकट के लिए पूर्व विधायक सुशील रिंकू भी दांव खेल रहे हैं सुशील रिंकू को राहुल गांधी का सबसे करीबी माना जाता है। यह भी क्यास लगाए जा रहे हैं कि सुशील रिंकू आने वाले चंद दिनों में कोई बड़ा धमाका कर सकते हैं।
9 हल्कों में 5 सीटों पर कांग्रेस का कब्जा, भाजपा का हाथ खाली
जिले के अंर्तगत 9 हल्कों में से 5 हल्कों में कांग्रेस का कब्जा है वहीं 3 हल्कों में आम आदमी पार्टी तथा एक हल्के में अकाली दल का कब्जा है ऐसे में भाजपा के पास कोई विधानसभा हल्का नहीं है जिसके चलते इस बार भाजपा को चुनावो दौरान कड़ी मेहनत करने की जरुरत है।
-

ट्रैफिक नियम तोड़ने वाले 78 लोगों के चालान
ऊना/सुशील पंडित: जिला ऊना पुलिस ने यातायात की अवहेलना करने पर 78 लोगों के चालान किए हैं। शुक्रवार को हुई कार्रवाई में दो चालकों ने मौके पर ही चालान भर दिए। पुलिस को उनसे जुर्माने के तौर पर 1000 रुपए बरामद हुए हैं। -

शराब की 7 बोतलें बरामद
ऊना/सुशील पंडित: ऊना पुलिस की एक टीम ने गश्त के दौरान बसाल के एक व्यक्ति से 7 बोतल शराब बरामद की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार बसाल में दुकान चलाने वाले सोमनाथ पुत्र परस राम की तालाशी लेने पर पुलिस को अवैध शराब की 7 बोतलें मिली हैं। -

धरती पर आकर खुद भगवान राम ने भी झेले कष्ट: महावीर शास्त्री
बद्दी के दशहरा ग्राउंड में अमृतमयी राम कथा का भव्य आयोजन
बद्दी/सचिन बैंसल: श्री सालासर धाम सेवा समिति बद्दी द्वारा अमृतमयी राम कथा का आयोजन दशहरा ग्राउंड बद्दी में किया जा रहा है। वहीं इस अवसर पर भव्य कलश यात्रा का भी आयोजन किया गया। राम कथा में संगरिया राजस्थान के विख्यात कथावाचक महावीर शास्त्री ने प्रवचन वर्षा कर उपस्थित श्रद्धालुओं को निहाल किया। महावीर शास्त्री ने कहा कि धरती पर आकर हर जीव को अपने कर्मों का फल भुगतान पड़ता है। विष्णु अवतार में धरती पर आकर खुद भगवान राम ने कष्ट झेले। राजमहल से निकलकर उन्हें भी वनवास भुगतान पड़ा। माता जानकी के लिए उन्हें भी जंगलों में भटकना पड़ा। महावीर शास्त्री ने कहा के इंसान को कष्टों से विचलित नहीं होना चाहिए। सुख दुःख अच्छा बुरा समय सब हमारे पिछले जन्मों का फल होता है। अगर हम इस जन्म में अच्छे कर्म करेंगे, धर्म मार्ग पर चलेंगे तो ही अगले जन्म में हमें सुख की प्राप्ति होगी। उन्होंने श्रद्धालुओं से भगवान राम के पदचिन्हों पर चलते हुए अच्छे कर्म और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी।
श्री सालासर धाम सेवा समिति बद्दी के आयोजकों ने बताया के 6 अप्रैल को पंजाब के प्रसिद्ध गायक मयंक अग्रवाल, दिल्ली की अंजना आर्य, जयपुर के आयुष सुमानी भजन संध्या में भगवान राम के भजनों का गुणगान करेंगे। सायं 7 बजे सीता मां के रसोई में अटूट भंडारे का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर श्री सालासर धाम सेवा समिति बद्दी के मेंबर सत्या शुक्ला, राजेश गोयल , हरीश गर्ग, विनोद गर्ग, मनीष गोयल, कमल भार्गव, राम निवास, रमेश जिंदल, प्रमोद गोयल, ललित, दिलजीत समेत भारी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
-

होशियारपुर पहुंचे कांग्रेस विधायक परगट सिंह ने केंद्र पर साधे निशाने, देखें वीडियो
होशियारपुर/सोनू थापरः जालंधर कैंट से कांग्रेस कांग्रेस विधायक परगट सिंह आज होशियारपुर पहुंचे। इस दौरान कांग्रेस विधायक ने राहुल गांधी की संसद सदस्यता रद्द किए जाने के मामले में केंद्र सरकार पर जमकर निशाने साधे। मीडिया से बातचीत करते हुए परगट सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार संविधान का हनन करने पर तुली है तथा उन्हें इस बात का डर है कि अगर देश की जनता जाग गई तो उनका क्या होगा।
उन्होंने आगे कहा कि केंद्र सरकार की धक्केशाहियों के खिलाफ जहां मीडिया को जगाने का प्रयास करना होगा, वहीं देश वासियों को भी केंद्र की गलत नीतियों के खिलाफ एकजुट होना होगा। परगट सिंह ने कहा कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा से केंद्र बौखलाया हुआ है। इस दौरान उन्होंने पंजाब में पैदा हो रहे हालातों के लिए केंद्र और पंजाब सरकार दोनों को जिम्मेदार ठहराया।
-

बड़ी ख़बरः सेरआम वकील की गोली मारकर हत्या
नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में एक वकील की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना द्वारका साउथ इलाके की है। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। बाद में घायल को पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतक वकील की पहचान वीरेंद्र के रूप में की है। अभी तक की जांच के अनुसार ये पूरा मामला आपसी रंजिश का लग रहा है। हालांकि, पुलिस मामले से जुड़े सभी पक्षों की जांच कर रही है। घटना की जांच कर रहे एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि वारदात शाम चार बजे के आसपास की है। मामले की जांच में पता चला है कि आरोपी बाइक से आए थे और जिस समय वीरेंद्र पर फायरिंग की गई उस समय वो अपनी कार में थे। आरोपियों ने वीरेंद्र पर कई राउंड की फायरिंग की है।
पुलिस की टीम इस मामले को सुलझाने के लिए घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है। ताकि वो आरोपियों की पहचान कर सकें। साथ ही पुलिस घटनास्थल के आसपास रहने वाले कुछ लोगों से भी मामले को लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस का मानना है कि ये घटना आपसी रंजिश की नतीजा है लेकिन हत्या करने के कारणों का अभी तक साफ तौर पर पता नहीं चल सका है। मामले की जां अभी भी जारी है। पुलिस मृतक के परिवार से भी पूछताछ कर रही है।