Blog

  • पंजाब में AI आधारित शिक्षा की तैयारी: हरजोत सिंह बैंस ने इंडिया AI इम्पैक्ट एक्सपो 2026 में वैश्विक टेक कंपनियों से की रणनीतिक बातचीत

    पंजाब में AI आधारित शिक्षा की तैयारी: हरजोत सिंह बैंस ने इंडिया AI इम्पैक्ट एक्सपो 2026 में वैश्विक टेक कंपनियों से की रणनीतिक बातचीत

    चंडीगढ़/नई दिल्ली, 20 फरवरी 2026: पंजाब सरकार ने राज्य की स्कूली शिक्षा व्यवस्था को भविष्य के अनुरूप ढालने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की है। शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने भारत मंडपम, नई दिल्ली में आयोजित इंडिया AI इम्पैक्ट एक्सपो 2026 में उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करते हुए वैश्विक प्रौद्योगिकी कंपनियों और केंद्रीय संस्थानों के साथ विस्तृत चर्चा की। इस दौरे का मुख्य उद्देश्य पंजाब के सरकारी स्कूलों में AI आधारित शिक्षण मॉडल को लागू कर छात्रों के सीखने के परिणामों को बेहतर बनाना बताया गया है।
    इंडिया AI इम्पैक्ट एक्सपो 2026 में शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस वैश्विक तकनीकी कंपनियों के प्रतिनिधियों से बातचीत करते हुए
    इंडिया AI इम्पैक्ट एक्सपो 2026 में शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस वैश्विक तकनीकी कंपनियों के प्रतिनिधियों से बातचीत करते हुए

    वैश्विक टेक कंपनियों से चर्चा

    आधिकारिक सूत्रों के अनुसार प्रतिनिधिमंडल ने Google, Deloitte, Intel, OpenAI, NVIDIA और Dell जैसी प्रमुख तकनीकी कंपनियों के प्रतिनिधियों से मुलाकात की। चर्चा का फोकस स्केलेबल AI समाधान, डिजिटल शिक्षण ढांचे और भविष्य की शिक्षा पद्धति पर रहा। प्रतिनिधिमंडल में सचिव स्कूल शिक्षा सोनाली गिरी, पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. अमरपाल सिंह और डीजीएसई श्री अरविंद भी शामिल थे।

    केंद्रीय मंत्रालयों के साथ विचार-विमर्श

    पंजाब के प्रतिनिधियों ने Ministry of Electronics & Information Technology (MeitY) और Ministry of Education के अधिकारियों के साथ भी बातचीत की। राष्ट्रीय AI रणनीति, डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर और शिक्षा में तकनीक के उपयोग के मॉडल पर विचार साझा किए गए।

    PAL और FLN पर विशेष जोर

    चर्चाओं के दौरान Personalised Adaptive Learning (PAL) और Foundational Literacy & Numeracy (FLN) को मजबूत करने के लिए AI के उपयोग पर विशेष ध्यान दिया गया। संभावित प्रस्तावों में शामिल हैं:
    • AI आधारित मूल्यांकन प्रणाली
    • बहुभाषी शिक्षण उपकरण
    • शिक्षकों के लिए सहायता प्लेटफॉर्म
    • रीयल-टाइम मॉनिटरिंग डैशबोर्ड
    • स्कूल अवसंरचना की डिजिटल निगरानी
    अधिकारियों का मानना है कि इन उपायों से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के छात्रों के बीच सीखने की खाई को कम किया जा सकता है।

    पंजाब का उभरता एडटेक इकोसिस्टम

    शिक्षा मंत्री ने Punjab Startup Pavilion का भी दौरा किया और राज्य सरकार द्वारा प्रोत्साहित AI स्टार्टअप्स से बातचीत की। अधिकारियों ने कहा कि पंजाब एजुकेशन टेक्नोलॉजी इनोवेशन के क्षेत्र में अपनी पहचान मजबूत कर रहा है। हरजोत सिंह बैंस ने कहा कि तकनीक को शिक्षकों के लिए सहायक उपकरण और छात्रों के लिए व्यक्तिगत मार्गदर्शक के रूप में विकसित करने की दिशा में काम किया जा रहा है, ताकि भविष्य की चुनौतियों का सामना करने के लिए नई पीढ़ी को तैयार किया जा सके।
  • Jalandhar News: बैकरियों से महंगी चॉकलेट चुराने वाला चोर काबू, देखें वीडियो

    Jalandhar News: बैकरियों से महंगी चॉकलेट चुराने वाला चोर काबू, देखें वीडियो

    बस स्टैंड के पास Kundra नाम की दुकान पर चोरी का सामान करता था सप्लाई

    जालंधर, ENS: वेस्ट हलके के भार्गव कैंप में बेली राम स्वीट्स शॉप एंड बेकर सहित अन्य दुकानों से महंगी चॉकलेट चुराने वाले चोर को लोगों ने खुद काबू किया है। जिसकी पहचान शिव दानिशमंदा के रहने वाले के रूप में हुई है। लोगों ने बताया कि बस्ती दानिशमंदा से इसे काबू किया है। इसके बाद लोगों ने चोर के गले में हार पहनाकर उसका अनोखे तरीके से बाजार में घुमाकर स्वागत किया।

    नशे की आपूर्ति के लिए चोरी की वारदातों को देता था अंजाम
    चोर ने बताया कि वह नशे का आदी है और नशे की आपूर्ति के लिए अलग-अलग दुकानों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। वहीं चोर ने पूछताछ में बताया कि वह बस स्टैंड के पास कुंदरा नामक करियाने की दुकान पर चोरी का सामान सप्लाई करता है।

    चोर के गले में फूल का हार डाल लोगों ने बाजार में घुमाया
    लोगों ने कहा कि इस घटना को लेकर पुलिस को सूचना दी लेकिन काफी समय तक पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। इसके बाद लोगों ने खुद ही चोर को छोड़ दिया। लोगों ने बताया कि 2 घंटे तक पुलिस घटना स्थल पर नहीं पहुंची।

    पुलिस टीम का बयान आया सामने
    दूसरी ओर थाना भार्गव कैंप के एएसआई प्रवीण कुमार मौके पर पहुंचे और उन्होंने बताया कि लोगों द्वारा चोर को छोड़ दिया गया है। लोगों द्वारा जब 2 घंटे बाद पहुंचने के बारे में पूछा गया तो उनका कहना था कि उन्हें जब सूचना मिली वह तभी घटनास्थल पर पहुंच गए। लोगों ने पुलिस की कार्यप्राणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि वेस्ट हलके में कई घटनाएं हो चुकी है लेकिन पुलिस लोगों को इंसाफ नहीं दिला रही, जिसके कारण वह खुद ही चोर के गले में हार पहनाकर उसे बाजार में घूमाने के बाद छोड़ रहे हैं।

    गौरतलब है कि पिछले दिनों वेस्ट हलके के भार्गव कैंप में बेली राम स्वीट्स शॉप एंड बेकर की दुकान से 2 चोर दुकान से चॉकलेट, घी के डिब्बे लेकर चोर फरार हो गए। मंगल दास ने बताया कि उनकी दुकान से सामान कम हो रहा था और उन्हें चोरी को लेकर शक हो रहा था। जिसके बाद उन्होंने सीसीटीवी कैमरे चैक किए तो पता चला कि 2 चोर दुकान से सामान चुरा रहे थे।

    इस दौरान अन्य बैकरी मालिकों से बात की गई तो उन्होंने कहा कि यह चोर उनकी दुकानों को भी निशाना बना चुके है। वहीं थाना भार्गव कैंप की पुलिस को घटना संबंधी शिकायत दे दी है।

     

     

     

     

     

  • Punjab News: AAP यूथ विंग के प्रेसिडेंट ने दरबार साहिब में टेका माथा, ‘शुक्राना यात्रा’ की हुई शुरूआत, देखें वीडियो

    Punjab News: AAP यूथ विंग के प्रेसिडेंट ने दरबार साहिब में टेका माथा, ‘शुक्राना यात्रा’ की हुई शुरूआत, देखें वीडियो

    कैबिनेट मिनिस्टर लालजीत भुल्लर का दावा, 2027 के चुनाव में युवा अहम भूमिका निभाएंगे

    अमृतसर। आम आदमी पार्टी के नए नियुक्त पंजाब यूथ विंग के प्रेसिडेंट परमिंदर सिंह गोल्डी ने आज सचखंड श्री दरबार साहिब में माथा टेककर अपनी ‘शुक्राना यात्रा’ शुरू की। इस मौके पर कैबिनेट मिनिस्टर लालजीत सिंह भुल्लर और MLA शेरी कलसी समेत कई सीनियर नेता मौजूद थे। नेताओं ने पंजाब की तरक्की और खुशहाली के लिए दुआ की।

    कैबिनेट मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान और अरविंद केजरीवाल ने गोल्डी जैसे जमीनी स्तर के युवा नेताओं को जिम्मेदारी देकर साबित कर दिया है कि AAP में मेहनती कार्यकर्ताओं का सम्मान किया जाता है। उन्होंने पारंपरिक पार्टियों पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस और अकाली दल में जहां कुछ खास परिवारों का ही दबदबा है, वहीं AAP आम परिवारों के बच्चों को आगे ला रही है। उन्होंने विरोधियों को चुनौती दी कि वे AAP नेताओं के गैंगस्टर या तस्करों से संबंध साबित करें। MLA शेरी कलसी ने कहा कि यूथ विंग को बूथ लेवल से लेकर राज्य लेवल तक मजबूत किया जाएगा।

    पिछली सरकारों की आलोचना करते हुए उन्होंने कहा कि वोट घमंड से नहीं, बल्कि काम से मिलते हैं। उन्होंने सरकार की मुफ्त बिजली, मोहल्ला क्लीनिक और स्कूल ऑफ एमिनेंस जैसी उपलब्धियों का जिक्र किया। परमिंदर सिंह गोल्डी ने अपनी राजनीतिक यात्रा साझा की और कहा कि वह छात्र राजनीति से निकलकर आज इस मुकाम पर पहुंचे हैं।

    उन्होंने कहा कि पूरे पंजाब में 16,000 यूथ क्लब बनाए गए हैं, जो युवाओं को नशे के दलदल से निकालकर खेलों और सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ेंगे। उन्होंने युवाओं से सब्र और ईमानदारी से चलने की अपील की और उन्हें भरोसा दिलाया कि सरकार उनके अच्छे भविष्य के लिए पूरी तरह तैयार है।

     

     

  • हरियाणा के तकनीकी शिक्षा संस्थानों को मिलेगा आईआईटी स्तर का मार्गदर्शन: महीपाल ढांडा

    हरियाणा के तकनीकी शिक्षा संस्थानों को मिलेगा आईआईटी स्तर का मार्गदर्शन: महीपाल ढांडा

    चंडीगढ़, 20 फरवरी: हरियाणा के शिक्षा मंत्री श्री महीपाल ढांडा ने कहा कि हरियाणा सरकार द्वारा तकनीकी शिक्षा विभाग के माध्यम से भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, रुड़की (आईआईटी रुड़की) के साथ 20 फरवरी, 2026 को हस्ताक्षरित समझौता ज्ञापन राज्य के तकनीकी शिक्षा क्षेत्र में एक ऐतिहासिक एवं दूरदर्शी पहल है। उन्होंने कहा कि यह समझौता राज्य के सरकारी इंजीनियरिंग, प्रौद्योगिकी एवं बहुतकनीकी संस्थानों में शैक्षणिक उत्कृष्टता, अनुसंधान एकीकरण, संकाय विकास और नवाचार आधारित शिक्षण को नई गति प्रदान करेगा। इस समझौता ज्ञापन पर आईआईटी रुड़की की ओर से प्रो. विवेक कुमार मलिक, डीन (प्रायोजित अनुसंधान एवं औद्योगिक परामर्श) तथा हरियाणा तकनीकी शिक्षा विभाग की ओर से श्री प्रभजोत सिंह महानिदेशक तकनीकी शिक्षा, हरियाणा ने हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर दोनों संस्थानों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। शिक्षा मंत्री श्री महीपाल ढांडा ने कहा कि राष्ट्रीय महत्व के संस्थान के रूप में मान्यता प्राप्त आईआईटी रुड़की इंजीनियरिंग, प्रौद्योगिकी एवं उन्नत अनुसंधान के क्षेत्र में वैश्विक ख्याति रखता है। इस सहयोग से हरियाणा के राज्य इंजीनियरिंग एवं प्रौद्योगिकी संस्थानों (एसआईईटीएस) राजकीय बहुतकनीकी संस्थानों तथा तकनीकी विश्वविद्यालयों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। यह समझौता आईआईटी रुड़की और तकनीकी शिक्षा विभाग के बीच एक सशक्त शैक्षणिक सेतु स्थापित करेगा, जिससे प्रदेश के विद्यार्थियों और शिक्षकों को राष्ट्रीय स्तर की विशेषज्ञता एवं संसाधनों का लाभ प्राप्त होगा।

    उन्होंने बताया कि समझौता ज्ञापन की प्रमुख विशेषताओं में संकाय विकास एवं क्षमता निर्माण के अंतर्गत संयुक्त प्रशिक्षण कार्यक्रम, कार्यशालाएं और संरचित ज्ञान-साझाकरण पहलें शामिल हैं। छात्र प्रशिक्षण एवं परियोजना-आधारित शिक्षण के तहत संस्थागत नियमों के अनुरूप आईआईटी रुड़की में प्रशिक्षण और अनुसंधान के अवसर उपलब्ध होंगे। इसके अतिरिक्त संयुक्त अनुसंधान, संकाय विनिमय और शैक्षणिक संसाधनों के साझा उपयोग के माध्यम से अनुसंधान सहयोग को प्रोत्साहित किया जाएगा। नवाचार एवं उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए हैकाथॉन, इन्क्यूबेशन कार्यक्रम, स्टार्ट-अप मार्गदर्शन तथा प्रौद्योगिकी आधारित पहलों में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।

    उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार का उद्देश्य केवल विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि संकाय को भी आधुनिक अनुसंधान, उद्योगोन्मुखी दृष्टिकोण और नवीन शिक्षण पद्धतियों से सशक्त बनाना है। यह समझौता प्रदेश में एक गतिशील, नवाचार-केंद्रित और उद्योग-संबद्ध शैक्षणिक पारिस्थितिकी तंत्र की नींव रखेगा।

    उन्होंने कहा कि अतिरिक्त मुख्य सचिव, उच्चतर शिक्षा श्री विनीत गर्ग के मार्गदर्शन तथा तकनीकी शिक्षा विभाग के अधिकारियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि यह पहल प्रदेश को तकनीकी नेतृत्व की दिशा में अग्रसर करेगी।

    यह समझौता गैर-वित्तीय एवं गैर-बाध्यकारी प्रकृति का है तथा पांच वर्षों तक प्रभावी रहेगा, जो भविष्य में परियोजना-विशिष्ट सहयोग के लिए एक संरचित एवं लचीला ढांचा प्रदान करेगा।

    इस अवसर पर डॉ. वाई.पी.एस. बरवाल, निदेशक तकनीकी शिक्षा, श्री अनिल कुमार, अतिरिक्त निदेशक प्रो. अमित अग्रवाल, एसोसिएट डीन कॉर्पोरेट इंटरैक्शन (एडीसीआई) आईआईटी रुड़की सहित तकनीकी शिक्षा निदेशालय के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

     
  • पंजाब एससी निगम के चेयरमैन बने बलजिंदर सिंह चौंदा, मंत्रियों की मौजूदगी में संभाला पदभार

    पंजाब एससी निगम के चेयरमैन बने बलजिंदर सिंह चौंदा, मंत्रियों की मौजूदगी में संभाला पदभार

    चंडीगढ़, 20 फरवरी: पंजाब अनुसूचित जातियां और भूमि विकास और वित्त निगम के नव-नियुक्त चेयरमैन श्री बलजिंदर सिंह चौंदा ने आज पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा, सामाजिक न्याय, अधिकारिता और अल्पसंख्यक मंत्री डॉ. बलजीत कौर तथा ग्रामीण विकास मंत्री तरुणप्रीत सिंह सौंद की मौजूदगी में सरकारी तौर पर अपना कार्यभार संभाल लिया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्रियों ने नव-नियुक्त चेयरमैन को बधाई दी।

    इस मौके पर वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा, सामाजिक न्याय मंत्री डॉ. बलजीत कौर और ग्रामीण विकास मंत्री तरुणप्रीत सिंह सौंद ने कहा कि पंजाब सरकार अनुसूचित जातियों और दिव्यांग व्यक्तियों के आर्थिक तथा सामाजिक सशक्तिकरण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि एस.सी. वर्ग के लिए चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाएं, आसान ऋण सुविधाएं और ऋण माफी जैसे ऐतिहासिक फैसले यह साबित करते हैं कि सरकार का मुख्य उद्देश्य हर योग्य लाभार्थी तक सरकारी सहायता पहुंचाना है। उन्होंने आगे कहा कि नव-नियुक्त चेयरमैन के नेतृत्व में निगम एस.सी. वर्ग और दिव्यांग व्यक्तियों को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण और प्रभावी भूमिका निभाएगा।

    कार्यभार संभालने के बाद चेयरमैन श्री बलजिंदर सिंह चौंदा ने आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान, पंजाब मामलों के प्रभारी मनीष सिसोदिया, वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा, कैबिनेट मंत्री डॉ. बलजीत कौर, ग्रामीण विकास मंत्री तरुणप्रीत सिंह सौंद का उन पर विश्वास जताने के लिए धन्यवाद किया।

    चेयरमैन ने कहा कि अनुसूचित जातियों के वर्ग को समाज की मुख्यधारा से जोड़ना पंजाब सरकार की प्राथमिकता है और इस दिशा में प्राथमिकता के आधार पर ठोस और परिणाम-केंद्रित कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि एस.सी. वर्ग से संबंधित पढ़े-लिखे युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने के लिए सरल, पारदर्शी और आसान प्रक्रिया के माध्यम से ऋण सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी।

    उन्होंने यह भी बताया कि पंजाब सरकार द्वारा एस.सी. वर्ग के 4,727 परिवारों का ऋण माफ किया जा चुका है, जो सामाजिक न्याय और आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक और संवेदनशील कदम है। इसके साथ ही एस.सी. वर्ग और दिव्यांग व्यक्तियों के लिए चल रही सरकारी योजनाओं के बारे में लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से गांवों और शहरी क्षेत्रों में विशेष जागरूकता शिविर भी लगाए जाएंगे, ताकि हर योग्य लाभार्थी तक सरकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित किया जा सके। इस अवसर पर पंजाब सामाजिक न्याय, अधिकारिता और अल्पसंख्यक विभाग की निदेशक श्रीमती विम्मी भुल्लर आई.ए.एस., अन्य विशेष व्यक्तित्व और नव-नियुक्त चेयरमैन के पारिवारिक सदस्य विशेष रूप से उपस्थित थे।

     

  • Punjab News: पत्नी और प्रेमी से परेशान होकर व्यक्ति ने उठाया खौफनाक कदम, मौत, देखें वीडियो

    Punjab News: पत्नी और प्रेमी से परेशान होकर व्यक्ति ने उठाया खौफनाक कदम, मौत, देखें वीडियो

    परिवार ने संस्कार से किया इंकार, रखी ये शर्त

    होशियारपुरः जिले के मोहल्ला टिब्बा साहिब से दुखद घटना सामने आई है, जहां व्यक्ति ने पत्नी और प्रेमी से दुखी होकर जहरीली चीज निगल कर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान 38 वर्षीय राजेश कुमार के रूप में हुई है। घटना की सूचना परिवार द्वारा पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक की मां के बयानों पर पत्नी, उसके प्रेमी और पत्नी की बुआ के खिलाफ अलग-अलग धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी। परिवार का कहना है कि पुलिस ने अभी तक किसी भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया है। परिवार ने कहा कि जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक राजेश कुमार का अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा। मृतक के भाई ने कहाकि वह पत्नी से काफी परेशान था। इस दौरान छोटे भाई को पत्नी 7 माह से परेशान कर रही थी। मृतक के भाई ने कहाकि भाभी कपिला अस्पताल में नर्सिंग का काम करती है और वहां पर लैब कर्मी परमजीत के साथ उसके अवैध संबंध हो गए। जिसके बाद वह भाई से तालाक मांग रही थी और उसके साथ रहने के लिए कह रही थी। पीड़ित ने कहा कि शाम को भाई ने माता को फोन करके सूचना दी कि पत्नी उसे तालाक के लिए काफी परेशान कर रही है और वह उससे मिलकर बात करने के लिए जा रहा है। पीड़ित ने कहा कि उसके बाद वह घर नहीं लौटा और तालाश के दौरान उसका शव बरामद हुआ है। मृतक की शादी को 14 साल हो गए है और उसका एक 12 वर्षीय बेटा है। पीड़ित परिवार ने दोषियों की गिरफ्तारी की मांग रखी है, उसके बाद ही संस्कार किया जाएगा। पत्नी सपना, सीमा रानी बुआ और प्रेमी परमजीत के खिलाफ मामला दर्ज हो गया, लेकिन गिरफ्तारी नहीं हुई है। पीड़ित ने कहा कि घटना की मास्टरमाइंड बुआ है।  
  • Jalandhar News: चुनावों से पहले अकाली दल ने सर्कल प्रधानों का किया ऐलान, देखें लिस्ट

    Jalandhar News: चुनावों से पहले अकाली दल ने सर्कल प्रधानों का किया ऐलान, देखें लिस्ट

    जालंधर, ENS: पंजाब में विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों में सभी पार्टियां जुट गई है। जहां आप पार्टी ने चुनावों को लेकर कमर कस ली है, वहीं कांग्रेस भाजपा और शिरोमणि अकाली दल भी एक्टिव हो गया है। हाल ही में नाभा जेल से बाहर आने के बाद पूर्व मंत्री बिक्रम मजीठिया ने नाराज चल रहे नेताओं को मनाकर पार्टी में शामिल करने का ऐलान किया था। ऐसे में अकाली दल चुनावों को लेकर ज़मीनी स्तर पर तैयारियां करने में जुट गया है।

    इसी संदर्भ में अकाली दल जालंधर देहाती ने सर्कल प्रधानों के नामों की घोषणा कर दी है। यह घोषणा करते हुए बच्छित्र सिंह कोहाड़ ने बताया कि हल्का शाहकोट और हल्का फिल्लौर के सर्कल प्रधान नियुक्त किए गए हैं। उन्होंने कहा कि इससे पार्टी को मजबूती मिलेगी। देखें लिस्ट

  • हरोली पुलिस ने सुलझाई स्नैचिंग की वारदात, पंजाब के गढ़शंकर के इलाका गांव टुट्टू मजारा से हुई पहली गिरफ्तारी

    हरोली पुलिस ने सुलझाई स्नैचिंग की वारदात, पंजाब के गढ़शंकर के इलाका गांव टुट्टू मजारा से हुई पहली गिरफ्तारी

    पुलिस अधीक्षक सचिन हीरामठ के दिशा निर्देशों और उप पुलिस अधीक्षक मोहन रावत की अगुवाई में हरोली पुलिस टीम की सफलता

    ऊना /सुशील पंडित: बीती 15 फरवरी को पुलिस थाना हरोली के अंतर्गत साहुबाल नामक स्थान पर बस का इंतजार कर रही दो महिलाओं के साथ हुई स्नेचिंग की वारदात को हरोली पुलिस ने 96 घंटे के भीतर सुलझा लिया है । 15 फरवरी 26 को शिकायत पीड़ित महिला सोनिया निवासी बीटन अपनी जेठानी के साथ करीब 11 बजे गांव साहूबाल में बस लेने के लिए खड़ी थीं। इसी दौरान दो अज्ञात बाइक सवारों ने महिला कानों में पहनी बालियों को स्नैच करने के लिए प्रयास किया। लेकिन पहले प्रयास विफल रहने के उपरांत उन्होंने दोबारा प्रयास करके महिला के हाथ में पकड़े हुए पर्स को ही छीन लिया और मौके से पंजाब की ओर भाग गए। महिलाओं ने आरोपियों को पहचान करने तथा पकड़ने के लिए एक राहगीर की सहायता भी ली। परंतु आरोपियों के बारे में कोई भी जानकारी न मिल पाई । जिस पर पीड़ित महिला ने पुलिस थाना हरोली में लिखित शिकायत दर्ज करवाई। जिस पर पुलिस थाना हरोली में मामला दर्ज हुआ।

    इस मामले की जांच सहायक उप निरीक्षक दीपक कुमार को सौंपी गई। दीपक कुमार ने पुलिस टीम के साथ मौके का निरीक्षण करने के बाद इलाके के सीसीटीवी फुटेज तीन दिन तक लगातार खंगाला और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर तथा इलाके में तैनात किए गए मुखबिरों और फील्ड पर काम करने के बाद पुलिस ने दो आरोपियों की पहचान की। जिसके बाद पुलिस थाना हरोली के प्रभारी सुनील सांख्यान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गढ़शंकर के टूटू माजरा गांव से गिरफ्तार किया है। आरोपित से अभी तक चुराया हुआ एक मोबाइल बरामद हो गया है तथा दूसरा मोबाइल और कैश तथा बाइक रिकवरी शेष है। आरोपित को कल अदालत में पेश करके पुलिस रिमांड हासिल किया जाएगा, पकड़े गए युवक की पहचान वरिंदर सिंह(26) पुत्र स्वर्गीय कुलतार सिंह गांव टूटू मजारा तहसील गढ़शंकर जिला होशियारपुर के रूप में हुई है । वहीं पुलिस की अभी तक की प्राथमिक जांच में पाया गया है कि आरोपी नशे करने का आदी है और कुछ दिन पूर्व में पोलियां में एक नशा केंद्र में दाखिल भी रह चुका है। पुलिस अधीक्षक सचिन हीरामठ ने बताया कि स्नैचिंग की वारदात को कड़ी मशक्कत के बाद सफलतापूर्वक ट्रेस आउट कर लिया गया है एक आरोपी की गिरफ्तारी हुई है तथा दूसरे आरोपी को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

  • Punjab News: 17 साल पुराने रिश्वत मामले में पूर्व मुख्य सचिव विजय कुमार जंजुआ के खिलाफ चलेगा केस

    Punjab News: 17 साल पुराने रिश्वत मामले में पूर्व मुख्य सचिव विजय कुमार जंजुआ के खिलाफ चलेगा केस

    चंडीगढ़ः 17 साल पुराने रिश्वत मामले में पूर्व मुख्य सचिव विजय कुमार जंजुआ को बड़ा झटका लगा है। दरअसल, पंजाब के पूर्व मुख्य सचिव व उद्योग एवं वाणिज्य विभाग में निदेशक-सह-सचिव रह चुके सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी विजय कुमार जंजुआ के खिलाफ दर्ज भ्रष्टाचार मामले में केंद्र सरकार ने मंजूरी दे दी है। आदेश में कहा गया है कि भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 7 एवं 13(2) के तहत दर्ज मामले में जंजुआ के विरुद्ध मुकदमा चलाने के लिए पर्याप्त प्रथम दृष्टया साक्ष्य उपलब्ध हैं।

    केंद्र सरकार के आदेश में उल्लेख है कि पंजाब सरकार की संस्तुति, केंद्रीय सतर्कता आयोग की सलाह और जांच रिपोर्ट का परीक्षण करने के बाद सक्षम प्राधिकारी ने अभियोजन स्वीकृति प्रदान की। अब विशेष अदालत में इस मामले की सुनवाई आगे बढ़ेगी। शुक्रवार को यह जानकारी केंद्र सरकार की तरफ से एडीशनल सॉलिसिटर जनरल सतपाल जैन ने हाईकोर्ट में एक याचिका की सुनवाई के दौरान दी।

    याचिका में अभियोजन की मंजूरी न देने के कारण केंद्र सरकार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई थी। मामला 9 नवंबर 2009 को पंजाब विजिलेंस ब्यूरो मोहाली में दर्ज एफआईआर संख्या 9 से जुड़ा है। शिकायतकर्ता लुधियाना निवासी तुलसी राम मिश्रा ने आरोप लगाया था कि उनके प्लॉट के साथ लगती खाली जमीन के आवंटन के लिए पांच लाख रुपये की रिश्वत मांगी गई।

     

  • महाविद्यालय वंगाणा में चल रहे शिविर के चौथे दिवस का शुभारंभ प्रार्थना सभा के साथ

    महाविद्यालय वंगाणा में चल रहे शिविर के चौथे दिवस का शुभारंभ प्रार्थना सभा के साथ

    ऊना /सुशील पंडित : अटल बिहारी वाजपेई राजकीय महाविद्यालय, बांगना में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई द्वारा आयोजित सात दिवसीय वार्षिक विशेष शिविर के चौथे दिवस का शुभारंभ अत्यंत अनुशासित एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में प्रातःकालीन प्रार्थना सभा के साथ हुआ। इस अवसर पर NSS के कार्यक्रम अधिकारी प्रोफेसर सिकंदर नेगी विशेष रूप से उपस्थित रहे। प्रार्थना सभा के उपरांत विभिन्न ग्रुप लीडर्स ने अपनी-अपनी टीमों की दैनिक गतिविधियों की रिपोर्ट प्रस्तुत की। स्वयंसेवियों की सक्रिय भागीदारी, समयबद्धता एवं कार्यनिष्ठा की सराहना की गई। इसके पश्चात सभी स्वयंसेवियों ने सामूहिक रूप से नाश्ता ग्रहण किया और तत्पश्चात महाविद्यालय परिसर में “NSS वाटिका” के निर्माण कार्य तथा स्वच्छता अभियान में उत्साहपूर्वक भाग लिया। स्वयंसेवियों ने श्रमदान के माध्यम से पौधारोपण, क्यारियों का निर्माण एवं परिसर की सफाई कर पर्यावरण संरक्षण और हरित परिसर के संकल्प को साकार किया।

    द्वितीय सत्र में बौद्धिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसका विषय था — “प्राकृतिक आपदा: कारण एवं समाधान”। इस सत्र में जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के जिला समन्वयक राजन शर्मा ने बतौर संसाधन व्यक्ति सहभागिता की। उन्होंने प्राकृतिक आपदाओं के प्रकार, उनके कारण, बचाव एवं आपदा प्रबंधन की रणनीतियों पर विस्तारपूर्वक प्रकाश डाला तथा विद्यार्थियों को आपदा के समय सजग एवं जागरूक रहने का संदेश दिया।

    दोपहर के भोजन उपरांत तृतीय सत्र का आयोजन “नारी सशक्तिकरण एवं बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” विषय पर किया गया। इस अवसर पर बाल विकास विभाग की वेलफेयर सुपरवाइजर मधु सुमन ने संसाधन व्यक्ति के रूप में उपस्थित होकर महिला सशक्तिकरण से संबंधित विभिन्न सरकारी योजनाओं, अधिकारों एवं जागरूकता कार्यक्रमों की जानकारी विद्यार्थियों से साझा की। उन्होंने कहा कि समाज की प्रगति में महिलाओं की भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है और शिक्षा ही सशक्तिकरण का मूल आधार है। कार्यक्रम के समापन अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्य प्रोफेसर रेखा शर्मा ने संसाधन व्यक्तियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया तथा NSS इकाई के प्रयासों की सराहना करते हुए स्वयंसेवियों को समाज सेवा की भावना को निरंतर बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर NSS के कार्यक्रम अधिकारी प्रोफेसर सिकंदर नेगी, कॉलेज डिजास्टर मैनेजमेंट समिति के सदस्य डॉ. कुलदीप सिंह, NSS के अध्यक्ष गौरव कुमार, NSS कैप्टन रोहित डोगरा सहित अन्य स्वयंसेवी उपस्थित रहे।