Blog
-

रामपुर ब्रिज पर वाहनों की आवाजाही बंद, यातायात चंद्र लोक कॉलोनी से डायवर्ट
ऊना/सुशील पंडित: ऊना-संतोषगढ़ रोड़ पर स्थित रामपुर ब्रिज भारी बारिश के चलते आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गया है। लोक निर्माण विभाग ऊना के अधिशाषी अभियंता कुलदीप सिंह ने जानकारी दी कि जन सुरक्षा को मद्देनज़र रखते हुए पुल पर वाहनों की आवाजाही को बंद कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि मौसम की स्थिति के आधार पर पुल का जीर्णोद्धार कार्य दो सप्ताह के भीतर किया जाएगा। कुलदीप सिंह ने बताया कि मरम्मत कार्य के दौरान यातायात को चंद्र लोक कॉलोनी से वैकल्पिक मार्ग पर डायवर्ट किया गया है ताकि लोगों को असुविधा न हो। -

अटल बिहारी वाजपेयी राजकीय महाविद्यालय बंगाणा में एक सराहनीय पहल
ऊना/ सुशील पंडित: अटल बिहारी वाजपेयी राजकीय महाविद्यालय, बंगाणा में आज एक विशेष और प्रेरणादायक पहल “कॉफी विद प्रिंसिपल” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में उन छात्रों को आमंत्रित किया गया, जिन्होंने शैक्षणिक क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर महाविद्यालय का नाम रोशन किया। कार्यक्रम की शुरुआत में सभी चयनित विद्यार्थियों ने महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रमेश ठाकुर का हृदय से धन्यवाद व्यक्त किया। डॉ. ठाकुर ने इस अवसर पर विद्यार्थियों से अनौपचारिक और आत्मीय संवाद करते हुए बताया कि “कॉफी विद प्रिंसिपल” कार्यक्रम की शुरुआत न केवल उत्कृष्ट छात्रों को सम्मानित करने के उद्देश्य से की गई है, बल्कि यह छात्रों और प्रशासन के बीच एक सशक्त संवाद का माध्यम भी है। उन्होंने बताया कि यह आयोजन प्रत्येक माह की पहली तिथि को किया जाता है, जिसमें पिछले माह शैक्षणिक, खेल, सांस्कृतिक या रचनात्मक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का चयन किया जाता है। चयनित विद्यार्थियों को कॉलेज प्रशासन की ओर से प्राचार्य के साथ कॉफी और विचार साझा करने का अवसर मिलता है। डॉ. ठाकुर ने यह भी कहा कि इस प्रकार के संवाद छात्रों के आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और संवाद कौशल को विकसित करने में सहायक सिद्ध होते हैं। एक कप कॉफी के साथ साझा किए गए विचार, अनुभव और सुझाव आने वाले समय के लिए मार्गदर्शन का कार्य करते हैं। इस अवसर पर प्रोफेसर अनिल शर्मा, सदस्य प्रो. किरण कुमारी, प्रोफ़ेसर सिकंदर नेगी, डॉ. किरण ठाकुर, प्रो. निकिता गुप्ता, अन्य संकाय सदस्य भी उपस्थित रहे। “कॉफी विद प्रिंसिपल” जैसी पहल निश्चित रूप से छात्रों और शिक्षकों के बीच की दूरी को कम करती है और महाविद्यालय के शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक वातावरण को और अधिक समृद्ध बनाती है। -

लोअर अंदौरा और किन्नू में वित्तीय समावेशन और केवाईसी जागरूकता शिविर आयोजित
ऊना/सुशील पंडित: ग्राम पंचायत लोअर अंदौरा और किन्नू में पंजाब नेशनल बैंक की शाखा अम्ब और भरवाईर द्वारा आज राष्ट्रीय अभियान के तहत वित्तीय समावेशन और केवाईसी पर जागरूकता शिविर आयोजित किया। शिविर का मुख्य उद्देश्य सभी पात्र व्यक्तियों को औपचारिक बैंकिंग प्रणाली के अंतर्गत लाने और ग्राहकों को केवाईसी दस्तावेज़ समय पर अपडेट करने बारे जागरूक करना था। लोअर अंदोरा में लगभग 75 लोगों ने हिस्सा लिया, जिसमें 45 लोगों की पुनः ईकेवाईसी अपडेशन किया गया और किन्नू ग्राम पंचायत में लगभग 45 लोगो ने हिसस लिया, जिसमें 20 लोगों की पुनः ईकेवाईसी अपडेशन किया गया।
पीएनबी जिला अग्रणी कार्यालय से सुमित कुमार ने बताया कि इस दौरान बैंक खातों से जुड़ी विभिन्न सरकारी योजनाओं, जैसे प्रधानमंत्री जन धन योजना के तहत शून्य बैंक खाते खुलवाने और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, पीएम जनधन योजना और मौजूदा ग्राहकों के लिए पुनः-केवाईसी प्रक्रिया पूरी करने के बारे में मार्गदर्शन प्रदान किया। यह शिविर वित्तीय समावेशन को गहन बनाने, नियामक आवश्यकताओं का अनुपालन सुनिश्चित करने और समाज के सभी वर्गों को निर्बाध बैंकिंग सेवाएँ प्रदान करने के व्यापक प्रयास का हिस्सा है। कार्यक्रम में भारतीय रिजर्व बैंक से एलडीओ आशीष सांगरा, पीएनबी जिला अग्रणी कार्यालय से अधिकारी सुमित कुमार, एफएलसी डायरेक्टर आर के डोगरा, पीएनबी शाखा प्रबंधक अम्ब अरविंद भारद्वाज, पीएनबी शाखा प्रबंधक भरवाईन पीयूष राठौर, पंचायत लोअर आंदोरा प्रधान पंकज कौशल, उप प्रधान जोगिंदर पाल, पंचायत किन्नू प्रधान मति संगीता बाला, उप प्रधान राजीव कुमार,सचिव मंजु बाला सहित अन्य मौजूद रहे। -

आपदा प्रबंधन में फर्स्ट ऐड और फर्स्ट रिस्पांडर पर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला सम्पन्न
ऊना/सुशील पंडित: जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ऊना, 108 व 102 एंबुलेंस सेवा तथा डमकैंद मेडसवान फाउंडेशन, सोलन के सहयोग से वीरवार को क्षेत्रीय अस्पताल ऊना के सम्मेलन कक्ष में ‘आपदा प्रबंधन में फर्स्ट एड और फर्स्ट रिस्पांडर की भूमिका’ विषय पर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया।इस कार्यशाला की अध्यक्षता मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. एस.के. वर्मा ने की। प्रशिक्षण में जिले के विभिन्न सरकारी विभागों एवं गैर-सरकारी संगठनों से लगभग 50 प्रतिभागियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। डॉ. वर्मा ने बताया कि इस प्रशिक्षण शिविर का मुख्य उद्देश्य आपातकालीन एवं आपदा की स्थिति में प्राथमिक उपचार एवं प्रथम प्रतिक्रिया देने में विभागीय प्रतिनिधियों को सक्षम बनाना है, ताकि चिकित्सकीय सहायता पहुंचने से पहले आवश्यक कदम तुरंत उठाए जा सकें और जान-माल की क्षति को न्यूनतम किया जा सके। प्रशिक्षण कार्यशाला में सीपीआर ( कार्डियो पल्मोनरी रिससिटैशन ) तकनीक, रक्तस्राव को रोकने के उपाय, हड्डी टूटने, बेहोशी, जलने, सांप के काटने, चोकिंग जैसी आपात स्थितियों में त्वरित प्राथमिक उपचार सहित अन्य आपदा स्थितियों से निपटने के उपायों पर विस्तार से जानकारी दी। प्रशिक्षण के दौरान 108 एंबुलेंस सेवा एवं डमकैंद फाउंडेशन के विशेषज्ञ प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को व्यावहारिक सत्रों के माध्यम से विभिन्न प्राथमिक उपचार तकनीकों का लाइव प्रदर्शन कर उन्हें सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। कार्यशाला के समापन अवसर पर सीएमओ डॉ. एस.के. वर्मा ने सभी प्रतिभागियों को प्रशिक्षण प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया और उन्हें भविष्य में आपदा की स्थिति में प्रभावी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर एनएसएस की जिला नोडल अधिकारी प्रो. लिल्ली ठाकुर, आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के प्रशिक्षण समन्वयक राजन, डमकैंद फाउंडेशन के ऋषि चंदेल सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। -

जिला सैनिक बोर्ड ऊना में लीगल सर्विसेज क्लीनिक का हुआ शुभारंभ
उना/सुशील पंडित: ज़िला सैनिक बोर्ड ऊना में नालसा वीर सहायता योजना 2025 के अंतर्गत एक लीगल सर्विस क्लीनिक का शुभारंभ किया गया। यह शुभारंभ हिमाचल प्रदेश हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश गुरमीत सिंह संधवालिया तथा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यकारी अध्यक्ष एवं हिमाचल प्रदेश हाई कोर्ट के न्यायाधीश विवेक सिंह ठाकर ने विधिवत रूप से वर्चुअल माध्यम से किया। यह लीगल सर्विसेज क्लीनिक पूर्व सैनिकों, उनके आश्रितों और शहीद परिजनों को निःशुल्क एवं सुलभ कानूनी सहायता प्रदान करने के लिए एक समर्पित मंच के रूप में कार्य करेगा। इसमें पूर्व सैनिक पैरालीगल वॉलंटियर्स और पूर्व सैनिक वकील उनकी कानूनी समस्याओं का समाधान कराने में सहयोग करेंगे। समारोह में जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ऊना के अध्यक्ष नरेश कुमार, जिला अदालतों के सभी न्यायिक अधिकारी, ज़िला सैनिक बोर्ड ऊना के उप निदेशक लेफ्टिनेंट कर्नल सतविंदर कुमार कालिया, पूर्व सैनिक पैनल वकील और पैरालीगल वॉलंटियर्स के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। -

उपायुक्त को ब्रह्मकुमारी बहनों ने बांधी राखी
ऊना/सुशील पंडित: रक्षाबंधन के पावन पर्व के उपलक्ष्य में ब्रह्मकुमारीज ऊना केंद्र की प्रतिनिधियों ने गुरुवार को उपायुक्त ऊना जतिन लाल को राखी बांधी। इस अवसर पर केंद्र की प्रमुख बीके आशा दीदी, बीके बबिता बहन, बीके अवदेश भाई एवं बीके अशोक भाई उपस्थित रहे।ब्रह्मकुमारी बहनों ने उपायुक्त को राखी बांधते हुए पर्व के आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डाला तथा प्रेम, पवित्रता और सकारात्मक जीवन मूल्यों को बढ़ावा देने के लिए संस्था द्वारा किए जा रहे प्रयासों की जानकारी साझा की। उपायुक्त ने सभी को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं और समाज में नैतिक एवं आध्यात्मिक चेतना जागृत करने की दिशा में संस्था के योगदान की सराहना की। -

PM सूर्य घर योजना के अंतर्गत जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक आयोजित
सलोह अपरला में स्थापित होगी 1 करोड़ की सौर ऊर्जा परियोजनाऊना/सुशील पंडित: प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के सफल क्रियान्वयन को लेकर अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) ऊना महेंद्र पाल गुर्जर की अध्यक्षता में गुरुवार को जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में योजना की प्रगति की समीक्षा के साथ-साथ आगामी कार्य योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।बैठक के दौरान एडीसी ने अवगत कराया कि जिले में सौर ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देने हेतु समन्वय समिति का गठन किया गया था। समिति द्वारा 2,000 से अधिक जनसंख्या वाले 32 गांवों का चयन कर, जनवरी से जुलाई 2025 के बीच विभिन्न मानकों के आधार पर इनका मूल्यांकन किया गया। इसमें हरोली विकास खंड की ग्राम पंचायत सलोह अपरला (सेंसस कोड: 018721) को सौर ऊर्जा को अपनाने की संभावनाओं, स्थानीय सहभागिता तथा नवाचार के आधार पर सर्वश्रेष्ठ पाया गया।उन्होंने कहा कि सलोह अपरला को छतों पर सर्वाधिक सोलर पैनल तथा सौर स्ट्रीट लाइटों की स्थापना के लिए प्राथमिकता दी गई है। यह गांव स्वच्छ ऊर्जा को अपनाने में अग्रणी रहा है और अब इसे एक आदर्श मॉडल गांव के रूप में विकसित किया जाएगा।उन्होंने बताया कि सलोह अपरला में लगभग 1 करोड़ रुपये की लागत से सौर ऊर्जा परियोजना स्थापित की जाएगी। यह परियोजना न केवल गांव को स्वच्छ ऊर्जा उपलब्ध करवाएगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण, ऊर्जा बचत और नागरिकों की भागीदारी को भी प्रोत्साहित करेगी।ये हैं परियोजना के उद्देश्य और लाभश्री गुर्जर ने बताया कि परियोजना का मकसद घरेलू उपभोक्ताओं को निःशुल्क सौर ऊर्जा प्रदान करना, सौर ऊर्जा आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देना और पर्यावरण अनुकूल तकनीकों को बढ़ावा देना शामिल है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे योजना से जुड़े सभी कार्यों को समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से क्रियान्वित करें। साथ ही, ग्रामीण जनता को भी इस योजना के लाभों के बारे में जागरूक करें ताकि अधिक से अधिक लोग सौर ऊर्जा की दिशा में कदम बढ़ा सकें। -

स्वदेशी जागरण मंच ने दिया ‘स्वदेशी सुरक्षा एवं स्वावलंबन अभियान’ को जनांदोलन का स्वरूप
प्रधानमंत्री के स्वदेशी आह्वान को मंच ने बताया राष्ट्र सेवा का मार्गमीडिया बाइट: सत्यदेव शर्मा सहोड़, ज़िला पूर्णकालिक, स्वदेशी जागरण मंच, ऊनाऊना/सुशील पंडित: स्वदेशी जागरण मंच ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दिए गए स्वदेशी अपनाने के आह्वान का स्वागत करते हुए इसे राष्ट्र सेवा का सशक्त माध्यम बताया है। प्रधानमंत्री ने हाल ही में कहा कि स्वदेशी उत्पादों की खरीद और बिक्री भी राष्ट्र की सच्ची सेवा है, जिस पर मंच ने सकारात्मक प्रतिक्रिया व्यक्त की है। मंच के जिला पूर्णकालिक सत्यदेव शर्मा ने आज यहां पत्रकार वार्ता में कहा कि आगामी दस अगस्त को जिला भर में मंच के कार्यकर्ता सड़कों पर उतर कर प्रदर्शन करेंगे।1991 से निरंतर स्वदेशी को जन-आंदोलन का रूप देने में संलग्न स्वदेशी जागरण मंच का विश्वास है कि आत्मनिर्भरता और स्वदेशी ही भारत की समृद्धि और सुरक्षा का मार्ग हैं। वैश्विक परिस्थितियों में, जब वैश्विक बाज़ार, मूल्य श्रृंखलाएँ और भुगतान प्रणालियां भी राजनीतिक हथियारों के रूप में प्रयुक्त हो रही हैं, ऐसे समय में स्वदेशी नीतियाँ भारत के दीर्घकालिक राष्ट्रीय हितों की रक्षा में सहायक सिद्ध हो सकती हैं।मंच ने इस बात पर चिंता व्यक्त की है कि चीन, तुर्की और अन्य शत्रु प्रवृत्ति वाले देशों के उत्पादों और सेवाओं का भारत में बढ़ता उपयोग न केवल हमारी अर्थव्यवस्था बल्कि सुरक्षा के लिए भी घातक सिद्ध हो रहा है। मंच का मानना है कि भारतीयों को विदेशों में महंगे विवाह आयोजनों से बचना चाहिए, विदेशी विश्वविद्यालयों की ललक छोड़नी चाहिए और स्थानीय कारीगरों व उत्पादों को प्राथमिकता देनी चाहिए। इससे देश की मूल्यवान विदेशी मुद्रा की रक्षा होगी और स्थानीय रोज़गार को बल मिलेगा।12 जून 2025 को ‘स्वदेशी सुरक्षा एवं स्वावलंबन अभियान’ की शुरुआत के साथ स्वदेशी जागरण मंच ने एक बार फ़िर स्वदेशी आंदोलन को राष्ट्रीय विमर्श के केंद्र में ला दिया है। यह अभियान भारत को फ़िर से महान (Make India Great Again – MIGA) बनाने की दिशा में चलाया गया सशक्त जन अभियान है।मंच ने यह भी रेखांकित किया कि भारत का स्वतंत्रता संग्राम केवल राजनीतिक स्वतंत्रता का संघर्ष नहीं था, अपितु वह आर्थिक आत्मनिर्भरता, सांस्कृतिक अस्मिता और सभ्यतागत संप्रभुता का भी उद्घोष था। आज, डिजिटल एकाधिकार और चीनी उत्पादों की भरमार हमारे छोटे व्यापारियों, एमएसएमई और कुटीर उद्योगों के लिए खतरा बन चुकी है।भारत-चीन व्यापार घाटा आज 99.2 बिलियन डॉलर तक पहुँच गया है, जो गंभीर चिंता का विषय है। मंच ने यह प्रश्न भी उठाया है कि जब हमारे सैनिक सीमा पर शत्रु के विरुद्ध तैनात हैं, तब क्या हम अपने बटुए से दुश्मन की अर्थव्यवस्था को मज़बूत करें?इसके अतिरिक्त, अमेज़न, वॉलमार्ट (फ़्लिपकार्ट) जैसे विदेशी ई-कॉमर्स दिग्गजों द्वारा भारत के खुदरा व्यापार और नियमों की अनदेखी को भी मंच ने डिजिटल उपनिवेशवाद करार देते हुए इन पर सख्त निगरानी और नियंत्रण की मांग की है। मंच का मानना है कि भारत को विश्व से जुड़ना चाहिए, परंतु ऐसा वैश्वीकरण अस्वीकार्य है जो भारत को केवल एक बाज़ार बनाकर उसकी उत्पादन क्षमता को नष्ट करता है।मंच ने सरकार से मांग की है कि:•चीनी उत्पादों के आयात पर प्रतिबंध लगाए जाएं•ई-कॉमर्स कंपनियों को नियंत्रित किया जाए•शिकारी मूल्य निर्धारण, भंडारण और अपने प्लेटफ़ॉर्म पर सेल्फ़-लेबल उत्पादों की बिक्री पर रोक लगेअंत में, स्वदेशी जागरण मंच ने देश के प्रत्येक नागरिक से आह्वान किया है कि वे ‘स्वदेशी सुरक्षा एवं स्वावलंबन अभियान’ का भाग बनें और भारत को आत्मनिर्भर, समृद्ध और आत्मगौरव से परिपूर्ण राष्ट्र बनाने की दिशा में सहभागी बनें।इस मौके पर जिला परिषद के उपाध्यक्ष ओंकार नाथ कसाना, शिक्षा भारती के प्रदेश उपाध्यक्ष अमृतलाल भारद्वाज, हिन्दू एकता मंच से दीपक जोशी, विनय सहोड, भुपिंद्र सिंह भुप्पी व राज कुमार समेत अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। -

मतदान केंद्रों की सूचियों का प्रारूप प्रकाशित, 13 अगस्त तक प्रस्तुत कर सकते हैं दावे व आक्षेप
ऊना/ सुशील पंडित: जिला ऊना के पांचों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों 41-चिंतपूर्णी(अ.जा.), 42-गगरेट, 43-हरोली, 44-ऊना और 45-कुटलैहड़ के वर्तमान मतदान केंद्रों में संशोधन/नये मतदान केंद्रों के सृजन के लिए विद्यमान मतदान केंद्रों की सूचियों का प्रारूप प्रकाशित कर दिया गया है। उपायुक्त ने बताया कि यह सूचियां लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम 1951 के उपबंध 25 में निहित प्रावधानों के तहत जनसाधारण की जानकारी के लिए प्रकाशित की गई हैं।
यहां रहेगा मतदान केंद्रों की सूचियां का प्रारूप निरीक्षण के लिए निःशुल्क उपलब्ध
उपायुक्त जतिन लाल ने बताया कि प्रारूप में प्रकाशित मतदान केंद्रों की सूचियां जिला निर्वाचन अधिकारी ऊना, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी(एसडीएम) और सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी(तहसीलदार/नायब तहसीलदार) के कार्यालयों में जन साधारण के निरीक्षण के लिए निःशुल्क उपलब्ध रहेगी। उन्होंने बताया कि किसी भी कार्यदिवस पर इन मतदान केंद्रों की सूचियां के प्रारूप का निरीक्षण किया जा सकता है।
उपायुक्त ने कहा कि मतदान केंद्रों की सूचियों से संबंधित यदि कोई दावा अथवा आक्षेप है तो उसे 13 अगस्त तक जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त ऊना के कार्यालय में प्रस्तुत कर सकते हैं। -

Threading करवाते समय आपकी ये गलती बनेगी गंभीर बीमारी का कारण
ब्यूटी: आजकल सोशल मीडिया पर कुछ ऐसे वीडियो वायरल हो रहे हैं जिसके बाद महिलाएं थ्रेडिंग करवाने से डर रही हैं। वायरल हुए इस वीडियो में यह बताया गया है कि महिला पार्लर में थ्रेडिंग करवाने के लिए गई और कुछ दिन बाद उसको थकान, मतली और आंखों में पीलापन जैसी दिक्कतें होने लग गई। इसके बाद जांच में सामने आया है कि उस महिला का लिवर फेल हो रहा है। इसका कारण दवा या फिर शराब नहीं बल्कि पार्लर में थ्रेडिंग है। इस वीडियो को देखने के बाद कई लोगों के सवाल उठ रहे हैं कि क्या थ्रेडिंग के कारण लिवर फेल जैसी दिक्कतें हो सकती हैं।धागा बन सकता है दिक्कत
थ्रेडिंग वैसे तो सुरक्षित और सामान्य प्रक्रिया ही मानी जाती है परंतु यदि इसमें इस्तेमाल किए जाने वाले धागे और बाकी इक्विपमेंट साफ न हो तो इससे स्किन पर छोटे-छोटे कट भी लग सकते हैं। इन्हीं कट के जरिए यदि वायरस शरीर में प्रवेश कर जाए तो यह इंफेक्शन फैल सकता है। खासतौर पर हेपेटाइटिस बी और सी जैसे वायरस संक्रमित खून के जरिए फैल सकता है।लिवर तक पहुंचेगा हेपेटाइटिस
यदि थ्रेडिंग के दौरान हुए इंफेक्शन का इलाज न हो तो यह धीरे-धीरे इसके कारण लिवर को भी नुकसान हो सकता है। लंबे समय तक बिना इलाज के लिए इंफेक्शन सिरोसिस या लिवर फेलियर जैसी स्थिति भी आ सकती है। ऐसे बीमारी और इंफेक्शन से बचने के लिए थ्रेडिंग हमेशा पार्लर में ही करवाएं जहां साफ-सफाई का पूरा ध्यान रख जाता है। उस पार्लर में नया और डिस्पोजेबल धागा भी इस्तेमाल हो। थ्रेडिंग से पहले और बाद में स्किन को अच्छे से पूरी तरह सैनिटाइज करें और इस बात का ध्यान रखें कि ब्यूटी थैरेपिस्ट के हाथ साफ हों। यदि स्किन पर पहले से कोई कट दाने या इंफेक्शन है तो थ्रेडिंग करवाने से बचें।बिल्कुल भी न करें लापरवाही
जो लोग नियमित तौर पर थ्रेडिंग करवाते है उन्हें यह समझना जरुरी है कि थोड़ी सी असावधानी बड़ी बीमारी का कारण बनेगी। ऐसे में साफ सुथरे पार्लर में ही थ्रेडिंग करवाएं। साफ-सफाई का ध्यान रखें ताकि एक सामान्य सी ब्यूटी प्रक्रिया आपकी सेहत पर भारी न पड़े।