Blog
-

Punjab News: अमृतसर से बेंगलुरु, बैंकॉक के लिए सीधी फ्लाइटें होंगी शुरू
जालंधर : पंजाब की हवाई कनैक्टिविटी को बढ़ावा देने के लिए एयर इंडिया एक्सप्रैस 27 दिसंबर से श्री गुरु रामदास जी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे, अमृतसर से दो नए उड़ान शुरू करना जा रहा है। यह सेवाएं हफ्ते में चार दिन उपलब्ध होंगी। सरकार ने कनेक्टिविटी को बढ़ाने और यात्रा को और भी आरामदायक बनाने के उद्देश्य से कदम उठाया है। -

फिर से 30 स्कूलों को मिली बम से उड़ाने की धमकी, मचा हड़कंप
नई दिल्ली: स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी वाले ई-मेल भेज कर पैनिक फैलाने का सिलसिला रुकने का नाम नहीं ले रहा है। दिल्ली में 14 दिन में तीसरी बार स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। सुबह करीब 6 बजे जैसे ही ईमेल देखा गया, पैरेंट्स को छुट़्टी का मैसेज भेज दिया गया। साथ ही दिल्ली पुलिस को सूचना दी गई। जानकारी मिलते ही दिल्ली पुलिस बम स्कवाड, डॉग स्कवाड, एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड लेकर DPS आरके पुरम स्कूल पहुंची और कोना-कोना खंगाला। हालांकि अभी तक सर्च ऑपरेशन कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है, लेकिन दिल्ली पुलिस और स्कूल प्रशासन में हड़कंप मचा हुआ है। दिल्ली पुलिस पहले से अलर्ट पर है, क्योंकि पिछले कई महीनों से लगातार धमकियां मिल रही हैं। दरअसल, वीरवार देर रात दिल्ली के करीब 30 स्कूलों को फिर से ई-मेल भेज कर शुक्रवार और शनिवार को विस्फोट की धमकी दी गई है। इससे एक बार फिर से पैनिक फैल गया।
पुलिस, फायर ब्रिगेड, बम डिटेक्शन टीमें (BDT) और डॉग स्क्वॉड जांच में जुट गए। कहीं भी कुछ संदिग्ध नहीं मिला। पुलिस अफसरों ने बताया कि कई स्कूलों को दो मेल भेजे गए हैं। पहला मेल Capytopa@gmail.com की आईडी से वीरवार देर रात 12:54 बजे भेजा गया है। इसमें लिखा है, ‘यह ई-मेल आपको यह सूचित करने के लिए है कि आपके स्कूल कॉम्प्लेक्स में कई विस्फोटक हैं। मुझे यकीन है कि आप सभी एंट्री करते समय अपने स्टूडेंट्स के बैग चेक नहीं करते। इस गतिविधि में एक सीक्रेट डार्क वेब ग्रुप शामिल है और कई रेड रूम्स भी हैं। बम बिल्डिंग नष्ट करने और लोगों को नुकसान पहुंचाने के लिए पावरफुल हैं। आज से 14 दिसंबर तक (आज) अपेक्षित पैरंट्स-टीचर मीटिंग होने वाली है… एक स्कूल में स्पोर्ट्स डे के लिए मार्च पास्ट चल रहा है, जिसमें स्टूडेंट्स की भीड़ होती है… हमारी मांग के लिए रिप्लाई जरूर करें, वरना विस्फोट कर दिया जाएगा।’
कुछ स्कूलों को एक दूसरा ई-मेल भी unknowabdul49@gmail.com से भेजा गया है, जो देर रात 2:42, 2:54 और 2:55 पर आया है। इसमें लिखा गया है, ‘मेरी टीम के मेंबर, जो आपके स्कूल का ही स्टूडेंट्स है, ने आपके स्कूल में काफी पावरफुल बम प्लांट किया है। यह काफी छोटा है, जिसे बढ़िया तरीके से छिपाया गया है। इसे खोजना नामुमकिन है…यह कोई मजाक नहीं है। मेरे ऑर्डर पर लगाया गया है, जो 13 दिसंबर को ठीक सुबह 8.00 बजे फट जाएगा। अगर आप अपने स्टूडेंट्स की जिंदगी बचाना चाहते हो और कल स्कूल आता देखना चाहते हो तो पुलिस और फायर डिपार्टमेंट को कॉल कर लो।’ स्कूलों ने शुक्रवार सुबह 4:21 बजे से पुलिस और फायर ब्रिगेड को कॉल करने शुरू कर दिए थे, जिसका सिलसिला 8:30 बजे तक चलता रहा।
दिल्ली में 30 अप्रैल को राष्ट्रपति भवन, सरकारी अस्पतालों और दफ्तरों समेत कुल 103 बिल्डिंग उड़ाने का ई-मेल आया था। अगले दिन 200 से ज्यादा स्कूलों में ऐसा मेल आया। स्पेशल सेल ने केस दर्ज किया था, जो इस जांच कर रही है। 12 मई को 8 अस्पतालों और IGI एयरपोर्ट को उड़ाने की धमकी मिली। डीयू के कई कॉलेजों को 24 मई को धमकी दी गई। साउथ दिल्ली के 3 मॉल और एक अस्पताल को 20 अगस्त को ई-मेल आया तो 21 अगस्त को करीब 100 अस्पताल और शॉपिंग मॉल को धमकी भेजी गई। दिल्ली एयरपोर्ट के आठ विमानों को 22 अक्टूबर तो रोहिणी के एक स्कूल को 29 नवंबर को उड़ाने का मेल आया। 9 दिसंबर को करीब 40 स्कूलों ऐसा मेल आया था।
-

Punjab News: Bolero पर लगी थी काली फिल्म, पुलिस ने काटा चालान, देखें वीडियो
बटालाः ट्रैफिक नियमों की उल्लंघना करने वालों को लेकर पुलिस सख्त हो गई है। ट्रैफिक पुलिस के नवनियुक्त इंचार्ज सुखविंदर सिंह ने अपनी टीम के साथ नाकाबंदी के दौरान नियमों के खिलाफ गाड़ी पर काली फिल्म लगाने पर चालान काटा।
ट्रैफिक इंचार्ज सुखविंदर सिंह ने बताया कि नाकाबंदी के दौरान एक बोलेरो कार आती दिखाई दी। जिस पर काली फिल्म लगी हुई थी। उसे रोककर चालान काटा गया है। उन्होंने कहा कि किसी को भी ट्रैफिक नियमों की उल्लंघना करने की इज्जात नहीं है। अगर कोई उल्लंघना करता पाया गया तो उसे बख्शा नहीं जाएगा।
-

Jalandhar News: आवारा कुत्तों का आतंक, 25 जगहों पर बुजुर्ग महिला को नोचा, देख CCTV
जालंधरः शहर में कुत्तों के आतंक के चलते गुरुद्वारा साहिब से अकेली लौट रही 65 साल की बुजुर्ग को स्ट्रीट डॉग्स ने चारों तरफ से घेर कर हमला कर दिया। जानकारी के अनुसार 65 साल की बुजुर्ग महिला को आठ कुत्तों ने हमला कर दिया जिसके चलते बुजुर्ग महिला बीच सड़क पर गिर पड़ीं ओर उसके सिर पर गंभीर चोट लगी है। कुत्तों ने बुजुर्ग को शरीरी के कई हिस्सों पर काटा। यह घटना सतगुरु कबीर चौक के पास स्थित दूरदर्शन एनक्लेव फेज-2 के पास की है। बुजुर्ग महिला को सिविल अस्पताल में दाखल करवाया गया है। बुजुर्ग के शरीर पर 25 से ज्यादा डॉग बाइट के निशान हैं। सिर में चोट भी लगी है।
पीड़िता के पति ने कहा कि कॉलोनी में छत पर धूप में बैठे युवक ने दूर से देखा ओर उसने मौके पर पहुंचा और डॉग्स को भगाया। उनके साथ एक अन्य युवक और कश्मीरी शख्स ने खून से लथपथ बुजुर्ग को घर पहुंचाया। उन्होंने बताया कि वह उन्हैं लेकर निजी अस्पताल गए थे, , लेकिन डॉग बाइट का केस होने के कारण सिविल अस्पताल ले जाने को कहा गया ।Jalandhar News: आवारा कुत्तों का आतंक, 25 जगहों पर बुजुर्ग महिला को नोचा more info : https://t.co/iW8BxlDxhb#JalandharNews #AlluArjunArrest #INDvsAUS #dogattack #CCTV pic.twitter.com/nHvD6mcGxi
— Encounter India (@Encounter_India) December 14, 2024 -

लालकृष्ण आडवाणी अपोलो में हुए भर्ती
नई दिल्लीः बीजेपी के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी की तबीयत एक बार फिर बिगड़ गई है। उन्हें आज यानी शनिवार को दिल्ली के अपोलो अस्पताल में एडमिट कराया गया है। अपोलो सूत्रों के मुताबिक उनकी हालत फिलहाल स्थिर है। थोड़ी देर में मेडिकल बुलेटिन जारी किया जाएगा। लालकृष्ण आडवाणी 97 बरस के हैं। पिछले 4-5 महीनों के अंदर वो करीब चौथी बार अस्पताल में भर्ती हुए हैं। इससे पहले उन्हें अगस्त के महीने में अस्पताल में भर्ती कराया गया था। 3 जुलाई को लालकृष्ण आडवाणी को दिल्ली के अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इससे पहले 26 जून को उन्हें दिल्ली के एम्स में भर्ती कराया गया था।
उन्हें न्यूरोलॉजी विभाग की निगरानी में रखा गया था। इसके अगले दिन उनकी एक छोटी सी सर्जरी हुई. इसके कुछ देर बाद उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया था। लालकृष्ण आडवाणी पिछले कुछ समय से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे हैं। यही वजह है कि वो इन दिनों अपने घर पर ही रहते हैं और किसी भी सार्वजनिक कार्यक्रम में शामिल नहीं होते। आडवाणी को इस साल देश का सर्वोच्च सम्मान भारत रत्न से भी सम्मानित किया गया था। लेकिन वो स्वास्थ्य की वजह से राष्ट्रपति भवन के आयोजन में नहीं पहुंच सके। उन्हें आवास पर ही भारत रत्न दिया गया था।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 30 मार्च को उनके निवास पर जाकर उन्हें ‘भारत रत्न’ से नवाजा था। इस दौरान उनके आवास पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी मौजूद थे। 2015 में पद्म विभूषण सम्मान भी दिया गया था। आडवाणी वाजपेयी सरकार में उप प्रधानमंत्री थे। वो देश के गृह मंत्री भी रह चुके हैं।
-

Double Murder Case में वॉन्टेड Sonu Matka पुलिस मुठभेड़ में हुआ ढेर
नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने मेरठ में एक मुठभेड़ के दौरान कुख्यात बदमाश सोनू मटका को ढेर कर दिया है। सोनू मटका वह अपराधी था, जिसने दिवाली की रात दिल्ली के शाहदरा में चाचा-भतीजे को गोली मारकर सनसनी फैला दी थी। पुलिस को उसकी गतिविधियों की जानकारी मेरठ के टीपी नगर इलाके से मिली थी। इसके बाद शनिवार तड़के पुलिस टीम ने उसे घेर लिया। सोनू मटका पर 50 हजार का इनाम घोषित था।
वह हाशिम बाबा गैंग का शूटर था और यूपी तथा दिल्ली में हत्या, लूट और अन्य गंभीर अपराधों में वांछित था। पुलिस के मुताबिक, मुठभेड़ के दौरान दोनों तरफ से कई राउंड फायरिंग हुई। इस दौरान सोनू मटका गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसे तुरंत गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। बीते अक्टूबर में दिवाली की रात शाहदरा के फर्श बाजार इलाके में सोनू मटका ने अपने साथी के साथ मिलकर चाचा-भतीजे की गोली मारकर हत्या कर दी थी।
उस वक्त पूरा परिवार घर के बाहर दिवाली मना रहा था। हमले में 40 वर्षीय आकाश शर्मा और उनके 16 वर्षीय भतीजे ऋषभ शर्मा की मौत हो गई थी, जबकि आकाश का 10 वर्षीय बेटा कृष घायल हुआ था। घटना के सीसीटीवी फुटेज ने लोगों को झकझोर दिया था। फुटेज में दिखा कि स्कूटी सवार दो अपराधी मौके पर पहुंचे। उनमें से एक व्यक्ति आकाश के पैर छूकर आशीर्वाद लेने का नाटक करता है और दूसरा शख्स अचानक बंदूक निकालकर आकाश पर फायरिंग शुरू कर देता है।
गोली लगते ही आकाश और ऋषभ गिर जाते हैं, जबकि कृष को भी गोली लग जाती है। बदमाश मौके से फरार हो गए थे। इस मुठभेड़ में सोनू मटका की मौत के बावजूद पुलिस अभी उसके अन्य साथियों की तलाश में जुटी है। बताया जा रहा है कि सोनू का साथी मोनू मटका अभी भी फरार है. पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
-

Punjab News: Sky Heights Resort में शादी में घुसे बदमाशों ने की फायरिंग, फैली दहशत
बठिंडाः गांव लहरा धूरकोट के समीप स्थित स्काई हाईटस मैरिज पैलेस से बड़ी खबर सामने आई है। जहां देर रात अज्ञात व्यक्ति हथियारों के साथ घुस गए। उन्होंने चलते समागम में फायरिंग कर दी। मिली जानकारी के अनुसार इस घटना में कुछ लोग मामूली घायल हुए हैं। सूचना मिलने पर भारी पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
सूत्रों के अनुसार, शुक्रवार को रामपुरा के गांव लहरा धूरकोट के नजदीक स्थित स्काई हाईटस मैरिज पैलेस में देर रात को एक शादी समागम चल रहा था। इसी दौरान कुछ अज्ञात व्यक्ति हथियारों के साथ उस पैलेस में दाखिल हुए और अपने हथियारों से हवाई फायरिंग शुरू कर दी। गोलियों की आवाज से लोगों में अफरातफरी का माहौल पैदा हो गया।
सूत्रों ने बताया कि इस फायरिंग के दौरान कुछ लोगों को मामूली चोटें भी आई है। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। पैलेस की सीसीटीवी फुटेज को भी पुलिस ने अपने कब्जे में लिया है। जिस के आधार पर पुलिस ने तेजी के साथ जांच शुरू कर दी है।
-

आज फिर दिल्ली कूच करेंगे किसान, प्रशासन ने किया इंटरनेट बंद, डल्लेवाल की हालत नाजुक
अंबालाः खनौरी और शंभू बॉर्डर पर काफी समय से किसान धरने पर बैठे हुए है। वहीं आज तीसरी बार 101 किसानों का जत्था दिल्ली कूच करने के रवाना होगा। यह जत्था दोपहर 12 बजे पूरी तैयारी के साथ आगे बढ़ेगा। हालांकि, उन्हें रोकने के लिए पहले से ही बॉर्डर पर सुरक्षाकर्मी तैनात हैं। वहीं खनौरी बॉर्डर पर मरणव्रत पर बैठे किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल की हालत नाजुक है।

उनकी सेहत की जांच कर रही डॉक्टरों की टीम ने कहा कि उन्हें कभी भी दिल का दौरा पड़ सकता है। यह साइलेंट अटैक हो सकता है। इसी तरह किडनी फेल हो सकती है। ऐसे में उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाना बहुत जरूरी है। डॉक्टरों का कहना है कि उनकी स्थिति बच्चे की तरह हो गई है। वह कभी भी इन्फेक्शन का शिकार हो सकते हैं। हर 6 घंटे के बाद उनकी सेहत की जांच हो रही है। अब वह पानी भी एकदम नहीं पी सकते। उनके शरीर में कई तत्व कम हो गए हैं। अब उनके शरीर को उनका शरीर ही खा रहा है।
दूसरी ओर किसानों के दिल्ली कूच से पहले 2 बार उन्हें बॉर्डर से खदेड़ा जा चुका है। शंभू बॉर्डर पर आज कांग्रेस नेता और पहलवान बजरंग पूनिया भी पहुंचेंगे। वहीं, हरियाणा सरकार ने अंबाला जिले के 12 गांवों में इंटरनेट प्रतिबंध 18 दिसंबर तक बढ़ा दिया है। ये सेवाएं सुबह 6 बजे से 17 दिसंबर रात 12 बजे तक बंद रहेंगी। यह आदेश हरियाणा की गृह सचिव सुमित्रा मिश्रा ने जारी किया है।
अंबाला के अधिकार क्षेत्र में आने वाले गांवों डंगडेहरी, लोहगढ़, मानकपुर, डडियाना, बड़ी घेल, छोटी घेल, लहारसा, कालू माजरा, देवी नगर (हीरा नगर, नरेश विहार), सद्दोपुर, सुल्तानपुर और काकरू के क्षेत्र में किसी प्रकार की 2जी, 3जी, 4जी, 5जी फोन की इंटरनेट सेवाएं नहीं चलेंगी। किसान नेता सरवन सिंह पंधेर ने शुक्रवार शाम को इसे लेकर बयान भी जारी किया। दिल्ली कूच की जानकारी देने के साथ उन्होंने कहा कि सरकार को लग रहा होगा कि किसान बॉर्डर क्रॉस नहीं कर पा रहे, लेकिन, हम सरकार को बता देना चाहते हैं कि 101 किसानों का जो टकराव अर्धसैनिक बलों से हो रहा है, इसकी आवाज पूरे देश के किसानों तक पहुंच रही है। उन्होंने हरियाणा और पंजाब के किसानों से बड़ी संख्या में शंभू बॉर्डर पर पहुंचने की अपील भी की।
-

आज का राशिफल 14 दिसम्बर, 2024
आज मार्गशीर्ष शुक्ल पक्ष की चतुर्दशी तिथि शनिवार का दिन है। चतुर्दशी तिथि आज शाम 4 बजकर 59 मिनट तक रहेगी। आज सुबह 8 बजकर 27 मिनट तक सिद्ध योग रहेगा, उसके बाद साध्य योग लग जायेगा। साथ ही आज देर रात 3 बजकर 55 मिनट तक रोहिणी नक्षत्र रहेगा। इसके आलावा आज पिशाच मोचन श्राद्ध और दत्तात्रेय जयंती है। मेष राशि:आज आपका दिन खुशियों से भरा रहेगा। आज आप जिम्मेदारियों को बखूबी निभाने में सफल होंगे, घर के लिए कुछ नये सामान की खरीदारी करेंगे।आज अपनी योग्यता और सामर्थ्य को पहचाने तथा समय काृ उचित सदुपयोग करेंगे । आज आप व्यक्तिगत कार्यों के साथ-साथ सामाजिक व्यवस्था को बेहतर बनाने जैसे कार्यों में भी रुचि लेंगे। आज आप कोई नया व्यापार शुरू करने का मन बनायेंगे।अगर आप कला के क्षेत्र से जुड़े हैं, तो आज आपको परफोर्मेंस करने का मौका मिलेगा। वृष राशि:आज आपका दिन फेवरेबल रहेगा। आज परिवार वालों का सहयोग प्राप्त होगा। आपके कुछ मित्र मददगार साबित होंगे।आज ऑफिस में आपके काम की तारीफ़ होगी।आपकी कार्यक्षमता में बढ़ोतरी होगी।आपके दाम्पत्य रिश्ते में मधुरता बनी रहेगी। आज सचेत रहने से समस्याओं को जल्दी सुलझा भी लेंगे। आध्यात्मिक गतिविधियों में कुछ समय व्यतीत करने से आपका आत्म बल मजबूत होगा। व्यापार में अचानक से धन लाभ का अवसर प्राप्त होगा, जिससे आपका मन प्रसन्न रहेगा। मिथुन राशि:आज आपका दिन लाभदायक रहेगा। आज आपका मान- सम्मान बढ़ेगा। आपका हर काम को बहुत अधिक सोच-विचार कर करना आपको सफलता देगा। किसी मित्र की मदद से उलझे कार्य सुलझ जाएंगे। आज आपको अपने काम को टालने से बचना चाहिए।समय से काम पूरा कर लेना बेहतर रहेगा। आप किसी पारिवारिक समारोह में जायेंगे।आपका कॉन्फिडेंस बढ़ा हुआ रहेगा। कार्यस्थल पर सीनियर्स आपके काम से खुश होंगे। कर्क राशि:आज आपका दिन सामान्य रहेगा।जीवनसाथी की सलाह व सहयोग आपके लिए लाभदायक रहेंगे। आज काम का बोझ अधिक हो सकता है, लेकिन आप किसी काम के लिए जितना ज्यादा प्रयास करेंगे, काम उतना ही बेहतर तरीके से होगा। आज तनाव और चिंता का प्रभाव आपके स्वास्थ्य पर पड़ सकता है इसलिए व्यर्थ की बातों पर ध्यान ना देकर आप योगा, मेडिटेशन पर ध्यान देंगे। आज किसी अनुभवी की राय आपके लिए बेहतर साबित होगी। जीवनसाथी के साथ अपने रिश्तों को लेकर आप ज्यादा ही भावुक हो जायेंगे। सिंह राशि: आज आपके दिन की शुरुआत अच्छी रहेगी।आप आसपास के लोगों के सहयोग से घरेलु कार्य पूरा करने में सफल होंगे।आपको माता-पिता का आशीर्वाद प्राप्त होगा। आज कारोबारी दौड़भाग रहेगी। कुछ लोग आपको भ्रमित करने की कोशिश भी करेंगे। अपने निर्णय को ही सर्वोपरि रखें। आपकी किसी पुराने मित्र से मुलाकात होने की उम्मीद है।आज आपका कोई नया दोस्त बनेगा, जिसके साथ लम्बे समय तक दोस्ती चलेगी। ऑफिस में आपको किसी नए प्रोजेक्ट की जिम्मेदारी मिलेगी। जीवनसाथी आपकी भावनाओं की कद्र करेंगे। कन्या राशि: आज आपका दिन अच्छा रहेगा।आज आपको आर्थिक लाभ के अच्छे अवसर मिलेंगे। आपको यात्रा से लाभ होगा।आज किसी मुश्किल मुकाम को मेहनत और परिश्रम से हासिल कर लेंगे, सिर्फ हर किसी पर भरोसा ना करें और अपने काम से ही मतलब रखें। आज आत्म मनन करने से मानसिक और आत्मिक सुख-शांति का अनुभव होगा। बच्चे अपनी पढ़ाई के प्रति एकाग्र चित्त रहेंगे। परिवार में सभी सदस्यों के साथ आपसी सामंजस्य बना रहेगा। करियर में आप नए आयाम स्थापित करेंगे। तुला राशि: आज आपका दिन आपके परिवार के लिए नई खुशियाँ लाया है। आपका दिन परिवार वालों के साथ बीतेगा।आज आपकी मेहनत व प्रयास के सार्थक परिणाम सामने आएंगे। कुछ खास लोगों से मेलजोल होगा और किसी मांगलिक कार्य संबंधी योजना बनेगी।कुछ नया शुरू करने के लिए समय बहुत ही अनुकूल है। रुकी हुई पेमेंट मिल जाने से वित्तीय स्थिति में भी सुधार आएगा। आप दोस्तों के साथ बाहर घूमने का प्लान बनायेंगे।आप दूसरों पर अपना प्रभाव बनाने में सफल होंगे,आपको अपने गुस्से पर कंट्रोल रखने की जरुरत है आपके विचारों को सम्मान मिलगा। वृश्चिक राशि:आज आपका दिन लाभदायक रहेगा। आज आपका काम करने का जुनून आपको निश्चित ही जल्द कोई उपलब्धि हासिल करवाएगा, लेकिन कोई भी बड़ा सौदा करने से पहले उसकी पूरी जांच पड़ताल अवश्य करें। पारिवारिक रिश्ते मजबूत होंगे। संतान पक्ष से कोई शुभ समाचार मिलेगा। आज व्यापार के मामलों में आपके मन में नए-नए विचार आयेंगे। आज किसी समस्या का समाधान मिलने से आपको राहत मिलेगी।आपके कामकाज की तारीफ होगी | लवमेट आज डिनर पर जायेंगे, रिश्तों में मधुरता बढ़ेगी। धनु राशि:आज आपका दिन सामान्य रहने वाला है। कार्यस्थल पर काम रोज की तुलना में बेहतर तरीके से होगा। आज जीवनसाथी आपकी बहुत तारीफ करेंगे। आज किसी खास निर्णय को लेकर कुछ दिक्कत आ सकती है, अनुभवी व्यक्ति की सलाह से उनका निवारण भी होगा। किसी से भी कोई वादा करने से पहले उचित सोच-विचार अवश्य कर लेगे।आज बेवजह खर्चो पर काबू करके सेविंग करने पर भी ध्यान देंगे। शाम को मेहमानों के आने से घर का माहौल खुशनुमा बना रहेगा।आप खुद को सेहतमंद महसूस करेंगे। मकर राशि:आज का दिन आपके अनुकूल रहेगा। आज आपकी इच्छाओं की पूर्ति होगी। आज किसी भी कार्य को लेकर थोड़ी सी सतर्कता रखने से आप कई परेशानियों से बच सकते हैं। आज आप अपनी मेहनत और योग्यता से निश्चित ही सफलता हासिल करेंगे। किसी नई योजना पर भी कार्य शुरू होगा। बिजनेस के सिलसिले में आपको विदेश यात्रा करनी पड़ सकती है, जो आपके लिए काफ़ी लाभदायक रहेगी।आपकी खुशियों में इजाफा होगा।ऑफिस में आपको जिम्मेदारी वाला काम मिलने की संभावना है, जिसे पूरा करने पर फायदा होगा।परिवार में सुखद वातावरण का महौल रहेगा।सेहत पहले की अपेक्षा अच्छी रहेगी। कुंभ राशि:आज आपका दिन खुशियों से भरा रहेगा। आज ऑफिस के सहकर्मी आपके कामों में सहयोग करेंगे, आपका काम जल्दी पूरा हो जायेगा | आज कोई भी महत्वपूर्ण निर्णय लेते समय अपने बजट का भी ध्यान रखें, क्योंकि खर्चों की स्थिति बढ़ती नजर आ रही है। सोसाइटी अथवा सामाजिक कार्यों में किसी के साथ बेवजह ना उलझे। युवाओं को अपनी पढ़ाई और करियर के प्रति ज्यादा सजग रहने की जरूरत है। आपके सोचे हुए काम आसानी से पूरे होंगे | पारिवारिक रिश्तों के बीच आप सामंजस्य बनाने में सफल रहेंगे। मीन राशि: आज आपका दिन नई उमंगों के साथ शुरू होगा। पारिवारिक कामों को करने में घर के सदस्यों का सहयोग मिलेगा।अपने दोस्तों से निजी समस्याओं को शेयर करने से बचना चाहिए। जीवन स्तर को और अधिक बेहतर बनाने के लिए परिवार जनों के साथ वार्तालाप रहेगा, साथ ही मीडिया अथवा संपर्क सूत्रों द्वारा नई-नई जानकारियां मिलेंगी जो कि फायदेमंद साबित होगी। पिछली कुछ समय से चल रही किसी समस्या का समाधान आज मिल सकता है। नये व्यवसाय में पैसा लगाने के बारे में आप सोच सकते हैं, एक्सपर्ट से राय लेना न भूलें। -

Punjab News: ट्रैक्टर ट्रॉली की चपेट में आई एक्टिवा सवार महिला की मौत
मोहाली। गांव झामपुर में एक दुखद हादसा हुआ, जिसमें एक 34 साल की महिला निशा की मौत हो गई। महिला अपनी एक्टिवा स्कूटी पर जा रही थी, तभी एक ट्रैक्टर ट्रॉली चालक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई और उसे इलाज के लिए पीजीआई अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद ट्रैक्टर चालक फरार
हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है और मृतक महिला के भाई संतोष कुमार के बयान पर अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस अब ट्रैक्टर चालक की तलाश कर रही है।
महिला का नाम और परिवार की जानकारी
मृतक महिला की पहचान 34 वर्षीय निशा के रूप में हुई है। शिकायतकर्ता संतोष कुमार, जो मृतका के भाई हैं, ने बताया कि निशा की शादी चंडीगढ़ के सेक्टर 25डी में हुई थी। 10 दिसंबर को निशा अपने गांव झामपुर में नए बन रहे मकान को देखने के लिए एक्टिवा पर आई थी।
हादसा कैसे हुआ?
संतोष कुमार ने बताया कि जब निशा गूगा माडी के पास पहुंची, तो पीछे से आ रहे ट्रैक्टर ट्रॉली चालक ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर के बाद महिला बुरी तरह घायल हो गई। उसे तुरंत सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे पीजीआई रैफर कर दिया गया। लेकिन पीजीआई पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस जांच जारी
पुलिस ने अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश में जुटी है। यह हादसा इलाके में चर्चा का विषय बन गया है और लोग ट्रैफिक नियमों के पालन की जरूरत पर जोर दे रहे हैं।