नादौन: बस स्टैंड के पास इंद्रपाल चौक पर चलते टेंपों में आग लगने का मामला सामने आया है। इस घटना की वीडियो भी सामने आई है। जिसमें देखा जा सकता है कि कैसे एक टैंपो धू-धू कर जल गया। आग लगने की खबर मिलते ही काफी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। चौक के एक तरफ की ट्रैफिक भी बंद हो गई। इस चौक के साथ ही पुलिस चौकी भी है। टैंपो जलता रहा और लोग वीडियो बनाते रहे और फोटो खींचते रहे। वहीं घटना की जानकारी मिलते ही एसएचओ कुलदीप सिंह पटियाल के नेतृत्व में पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। एसएचओ कुलदीप सिंह पटियाल ने मौके पर पहुंचकर छानबीन शुरू कर दी है। घटनाक्रम कैसे और क्यों घटा इसका पता तो छानबीन के बाद ही चल पाएगा।
Blog
-

क्रिकेट इतिहास में पहली बार टी-20 वर्ल्ड कप की मेजबानी करेंगा अमेरिका
नई दिल्लीः भारत में इसी साल वनडे वर्ल्ड कप खेला जाना है। इस वर्ल्ड कप का शेड्यूल फाइनल हो गया था लेकिन खबरें हैं कि इसमें कुछ बदलाव हो सकते हैं। इस बीच अगले साल वेस्टइंडीज और अमेरिका की संयुक्त मेजबानी में खेले जाने वाले टी20 वर्ल्ड कप की तारीखें सामने आई हैं। वेबसाइट ईएसपीएनक्रिकइंफो की रिपोर्ट के मुताबिक ये टी20 वर्ल्ड कप अगले साल चार से 30 जून के बीच खेला जाएगा। अमेरिका और वेस्टइंडीज के 10 शहरों में 27 दिन तक 20 टीमों के बीच 55 मैच होंगे। 147 साल के क्रिकेट इतिहास में अमेरिका पहली बार ICC के किसी ग्लोबल इवेंट की मेजबानी करेगा।
इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने अमेरिका के शॉर्टलिस्ट किए गए 4 शहरों को इंस्पेक्ट कर लिया है, इनमें से 3 को इंटरनेशनल स्टेटस नहीं मिला है। अगले कुछ महीनों में सभी वेन्यू फाइनल कर दिए जाएंगे।
अमेरिका के 4 शहरों फ्लोरिडा, मोरिसविले, डालास और न्यू यॉर्क को फिलहाल शॉर्टलिस्ट किया गया है। इनमें केवल फ्लोरिडा स्थित लॉडरहिल स्टेडियम को ही इंटरनेशनल स्टेटस मिला है। यहीं अगस्त में भारत और वेस्टइंडीज के बीच 2 टी-20 मैच भी खेले जाएंगे। बाकी 3 शहरों को इंटनरेशनल स्टेटस मिलना बाकी है। ICC गाइडलाइन के अनुसार, वर्ल्ड कप होस्टिंग के लिए इंटरनेशनल स्टेटस मिलना जरूरी है।
मोरिसविले (चर्च स्ट्रीट पार्क) और डालास (ग्रैंड पीयर स्टेडियम) में फिलहाल मेजर लीग टी-20 टू्र्नामेंट के मैच खेले जा रहे हैं, जबकि न्यू यॉर्क (वैन कोर्टलैंट पार्क इन द ब्रॉन्क्स) में फ्रेंचाइजी या इंटरनेशनल किसी भी लेवल का कोई मैच आयोजित नहीं हुआ। अमेरिकी शहरों में टूर्नामेंट के कुछ मैचों के साथ ज्यादातर वॉर्म-अप मुकाबले होंगे। वहीं वेस्टइंडीज में वॉर्म-अप मैच कम और मुख्य मुकाबले ज्यादा होंगे।
2024 के टी-20 वर्ल्ड कप में 20 टीमें हिस्सा लेंगी। होम टीम अमेरिका और वेस्टइंडीज समेत पिछले टी-20 वर्ल्ड कप में टॉप-8 पोजिशन पर रहीं टीमें पहले ही क्वालिफाई कर चुकी हैं। अफगानिस्तान और बांग्लादेश ने टी-20 रैंकिंग के आधार पर क्वालिफाई किया। वहीं इसी सप्ताह आयरलैंड, स्कॉटलैंड और पापुआ न्यू गिनी (PNG) ने रीजनल क्वालिफायर्स के जरिए टूर्नामेंट में जगह बनाई।
आयरलैंड और स्कॉटलैंड ने यूरोप रीजन क्वालिफायर्स में टॉप कर जगह बनाई, जबकि PNG ने एशिया-पेसिफिक क्वालिफायर्स में टॉप किया। टूर्नामेंट में 5 टीमें और क्वालिफाई करेंगी। इनमें अमेरिकन क्वालिफायर से एक, अफ्रीका से 2 और एशिया रीजन से 2 और टीमें आएंगी।
-

पंजाबः दलिया खाने के बाद 48 खिलाड़ियों की बिगड़ी तबीयत, अस्पताल में भर्ती
मोहालीः जिले से बड़ी खबर सामने आई है। मिली जानकारी के मुताबिक सेक्टर 63 स्पोर्ट्स कंप्लैक्स के होस्टल में सुबह नाशते में खिलाड़ियों को दलिया दिया गया था। जिसके खाने के बाद अचानक खिलाड़ियों की तबीयत बिगड़ गई। इस घटना के दौरान 48 खिलाड़ियों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया। खिलाड़ियों द्वारा खाए गए दलिये में छिपकली होनी की चर्चा सामने आ रही है। वहीं दूसरी ओर इस चर्चा के बाद मामले की जांच की जा रही है। वहीं सिविल अस्पताल के डॉ. एचएस चीमा ने पुष्टि की कि कुल 48 खिलाड़ियों का इलाज चल रहा है सभी की हालत स्थिर हैं।
-

अब हॉस्टल रेंट पर भी देना होगा GST, जानें नियम
नई दिल्लीः अगर आप हॉस्टल चलाते हैं तो 12 प्रतिशत जीएसटी भरने के लिए तैयार रहें। जी हां, जीएसटी-अथॉरिटी फॉर एडवांस रूलिंग (AAR) ने 2 अलग-अलग केसों में स्पष्ट किया है कि हॉस्टल रेंट जीएसटी छूट पाने के योग्य नहीं है। यह एक ‘residential dwelling’ के अंतर्गत नहीं आता है। एक अन्य मामले में रेगुलेट करने वाली संस्था ने स्पष्ट किया है कि रोजाना 1000 रुपये से कम के हॉस्टल रेंट पर 17 जुलाई 2022 तक तक कोई भी जीएसटी नहीं देना होगा।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक बेंगुलरू की संस्था ‘श्री साई लक्चरियस स्टे’ पेईंग गेस्ट की सुविधा लोगों को उपलब्ध करवाताी है। इस संस्था ने अपनी याचिका में कहा था कि प्राइवेट हॉस्टल्स को ‘residential dwelling’ की छूट मिलती है इसलिए उन्हें भी मिले। कुछ ऐसा ही केस नोएडा के वी.एस.इंस्टीट्यूट एंड हॉस्टल्स ने भी किया था। संस्था का कहना था कि क्योंकि वे भी पानी, बिजली और वाई-फाई जैसी सुविधाएं उपलब्ध करवाते हैं इसलिए उन्हें ‘residential dwelling’ के तहत छूट मिले।
AAR का कहना है कि यदि कोई प्रॉपर्टी रेसीडेंस के लिए दी जा रही है, तो उस पर जीएसटी का भुगतान नहीं करना होगा। लेकिन, यह नियम हॉस्टल्स के लिए नहीं लागू होता, क्योंकि वे ‘residential dwelling’ की परिभाषा में नहीं आते। इस निर्णय के बाद, हॉस्टल ऑपरेटर्स को अब अपने ग्राहकों से 12 प्रतिशत जीएसटी वसूलना होगा। यह निर्णय विद्यार्थी हॉस्टल्स, प्राइवेट हॉस्टल्स और पेईंग गेस्ट के हॉस्टल्स पर भी लागू होता है। वित्तीय विशेषज्ञों का मानना है कि यह निर्णय सरकार के जीएसटी संग्रह को बढ़ाने में मदद करेगा। साथ ही, यह स्थिति में पारदर्शिता भी लाएगा क्योंकि हॉस्टल ऑपरेटर्स को अब जीएसटी विवरण प्रस्तुत करना होगा।
-

होशियारपुरः बुलेट पर पटाखे बजाने वाले युवकों पर पुलिस की कार्रवाई, घर जाकर काटा चालान
होशियापुरः बुलेट पर पटाखे बजाने वालों पर पुलिस ने सख्ती से कार्रवाई शुरू कर दी है। ताजा मामला होशियारपुर जिले से सामने आया है। जहां सड़क पर हुलड़बाजी और बुलेट पर पटाखे बजाने वाले युवकों पर पुलिस ने सख्ती से कार्रवाई की है। दरअसल, बुलेट के पर पटाखे मारकर लोगों को परेशान कर रहे इन स्कूली छात्रों का किसी ने वीडियो बना लिया, जिसके बाद पुलिस ने तुरंत एक्शन लिया और युवक के घर जाकर भारी रकम का चालान काटकर हाथों में थमा दिया।
मिली जानकारी के अनुसार होशियारपुर चौहल मार्ग और गांव आदमवाल के निजी स्कूल के छात्र रोजाना छुट्टी के बाद घर जाने की बजाय नजदीकी गांवों में बुलेट और एक्टिवा को मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर तेज आवाज में पटाखे और तेज आवाज के साथ रोजाना लोगों को परेशान करते थे। जिसके चलते किसी ने वीडियो बना लिया जो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।जिसके बाद होशियारपुर की सदर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उक्त बुलेट मोटरसाइकिल की पहचान की और उसके घर पहुंच कर चालान काटा गया। जानकारी के मुताबिक युवक होशियापुर-चिंतपूर्णी मार्ग स्थित गांव कोटला गौंसपुर का रहने वाला है।
एडीजीपी ट्रैफिक पंजाब पुलिस अधिकारी ने बुलेट या अन्य बाइक पर पटाखे बजाने वालों के लिए सख्त निर्देश जारी किए हैं। जिसमें उन्होंने कहा कि पटाखे बजाने वालों के चालान काटे जाएंगे और मैकेनिकों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा था कि बुलेट के साइलेंसर बदलने वालों और पटाखे बजाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। लेकिन अभी भी ऐसे युवा हैं जो अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे हैं। इसी के तहत पुलिस ने घर जाकर युवक की बाइक का चालान काटा है।
-

सिद्धू मूसेवाला को इंटरनेशनल रैपर बर्ना बॉय ने गाने के जरिये दी श्रद्धांजलि, देखें वीडियो
चंडीगढ़ः पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला को जहां उनके फॉलोअर्स भूल नहीं पाए हैं, वहीं इंटरनेशनल सिंगर्स भी उनका साथ छूटने के एक साल बीत जाने के बाद भी उन्हें दिल से नहीं निकाल पा रहे। नाइजीरियन रैपर बर्ना बॉय ने एक बार फिर मूसेवाला को श्रद्धांजलि दी है। इस बार बर्ना बॉय ने यह श्रद्धांजलि किसी स्टेज पर नहीं दी, उन्होंने अपने नए गीत में सिद्धू को रेस्ट इन पीस (RIP) कहा है। दरअसल, बर्ना बॉय का नया गीत (बिग-7) रिलीज हो गया है। इस गीत में बर्ना बॉय गाते हुए दूसरे पैरा में बोलते हैं- ऑल राइट, RIP टू सिद्धू। इसके साथ ही गीत में सिद्धू का वॉल पर बना चित्र भी सामने आता है, जिस पर द लेजेंड नेवर डाई भी लिखा हुआ है।यह पहली बार नहीं है, जब बर्ना बॉय ने मूसेवाला को श्रद्धांजलि दी है। सिद्धू की हत्या के बाद स्टेज शो के दौरान बर्ना बॉय भावुक हो गए थे। RIP सिद्धू बोलते-बोलते वह रो पड़े थे और उन्होंने मूसेवाला स्टाइल में ही अपनी जांघ पर थाप लगा हाथ हवा में खड़ा किया था।
बलकौर सिंह का अपने बेटे मूसेवाला की हत्या के बाद पहला टूर इंगलैंड का लगा था, जहां वह बर्ना बॉय से मिले थे। बर्ना बॉय बलकौर सिंह से मिलने के बाद इतने भावुक हो गए थे कि पूरे ट्रिप में उन्हीं के साथ समय बिताया था। इसके बाद सिद्धू मसेवाला गीत ‘मेरा ना’ रिलीज हुआ था, जिसमें सिद्धू मूसेवाला के साथ बर्ना बॉय की कॉलैबोरेशन थी। सिद्धू मूसेवाला को याद करने वाले इंटरनेशनल रैपर्स में बर्ना बॉय ही अकेले नहीं हैं। इंटरनेशनल रैपर स्टेफलॉन डॉन और टियोन वेन तो सिद्धू मूसेवाला को श्रद्धांजलि देने के लिए उनके गांव पहुंचे थे। पिता बलकौर सिंह और मां चरण कौर के साथ गांव मूसा में मूसेवाला की हवेली में रहे थे। वहीं, इस लिस्ट में पाकिस्तानी सिंगर राहत फतेह अली खान का भी नाम आता है। उन्होंने अपने US टूर के दौरान सिद्धू मूसेवाला की पहली बरसी पर उनकाे एक गीत डेडिकेट किया था। उन्होंने कव्वाली पेश करने से पहले मूसेवाला को याद किया और कहा कि वह यह कव्वाली उनकी डेथ एनिवर्सरी को समर्पित कर रहे हैं। इसके बाद उन्होंने अपनी कव्वाली मूसेवालेया तैनू अखियां उड़ीक दियां…. को मंच पर सुनाया था।
-

2 बसों की आमने-सामने हुई टक्कर में 6 की मौत, कई घायल, देखें वीडियों
महाराष्ट्र: महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले में शनिवार सुबह दो निजी बसों की टक्कर में 6 लोगों की मौत हो गई और 21 घायल हो गए। न्यजू एजेंंसी की रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस ने बताया कि मृतकों में दो महिलाएं शामिल हैं। मरने वालों में अमरनाथ से लौट रही बस का ड्राइवर भी शामिल है। हाईवे पुलिस के मुताबिक बस को सड़क से हटाकर यातायात बहाल कर दिया गया है। हाल ही में बुलढाणा जिले में यह दूसरी बड़ी बस दुर्घटना है।यह दुर्घटना मलकापुर शहर में एक फ्लाईओवर पर देर रात करीब 2.30 बजे हुई। हादसे का शिकार हुई बसों में से एक बस अमरनाथ यात्रा के बाद हिंगोली जा रही थी, जबकि दूसरी निजी बस नासिक की ओर जा रही थी।नासिक की ओर जा रही बस ने एक ट्रक को ओवरटेक करने की कोशिश की और दूसरी बस के सामने आ गई, जिससे टक्कर हो गई। जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। दुर्घटना के बाद सड़क पर यातायात बाधित हो गया।
बुलढाणा हादसे को लेकर जिला कलेक्टर डॉ एच.पी. तुम्मोड ने कहा कि ‘बुलढाणा में दो बसों की टक्कर में 5 लोगों की मौके पर मौत हो गई। वहीं एक ने अस्पताल में आकर दम तोड़ दिया। इस हादसे में कुल 6 लोगों की मौत हुई है। घायलों का इलाज चल रहा है। इस महीने की शुरुआत में, महाराष्ट्र में समृद्धि महामार्ग एक्सप्रेसवे पर यवतमाल से पुणे जा रही एक बस में आग लगने से 26 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बस दुर्घटना में मरने वालों के परिजनों के लिए 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि की घोषणा की। महाराष्ट्र के सीएम एकनाथ शिंदे ने भी परिजनों को 5 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।
-

बीजेपी ने जारी की पदाधिकारियों की लिस्ट, पंजाब के तरुण चुग सहित इस नेता को मिली जगह
नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी मिशन 2024 की तैयारियों में जुट गई है। इसके लिए पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने अपनी टीम का चुनाव भी कर लिया है। जेपी नड्डा की नई टीम में वसुंधरा राजे, रमन सिंह और कैलाश विजयवर्गीय सहित 38 नेताओं को जगह मिली है। वहीं पंजाब से तरुण चुग और डॉक्टर नरेंद्र सिंह रैना को जगह मिली है। तरुण चुग को राष्ट्रीय महामंत्री के लिए और डॉक्टर नरेंद्र सिंह रैना को राष्ट्रीय सचिव के रूप में जगह मिली है।

छत्तीसगढ़ के पूर्व सीएम और वर्तमान विधायक रमन सिंह, सांसद सरोज पांडेय और लता उसेंडी, राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान विधायक वसुंधरा राजे, झारखंड से रघुवर दास, मध्य प्रदेश से सौदान सिंह, उत्तर प्रदेश से सांसद लक्ष्मीकांत बाजपेयी, सांसद रेखा वर्मा और विधान परिषद सदस्य तारिक मंसूर, ओडिशा से बैजयंत पांडा, तेलंगाना से डीके अरुणा, नगालैंड से एम चौबा एओ और केरल से अब्दुल्ला कुट्टी।

उत्तर प्रदेश से सांसद अरुण सिंह, सांसद राधामोहन अग्रवाल, मध्य प्रदेश से कैलाश विजयवर्गीय, दिल्ली से दुष्यंत कुमार गौतम, राजस्थान से सुनील बंसल, महाराष्ट्र से विनोद तावड़े, पंजाब से तरुण चुग, तेलंगाना से सांसद संजय बंदी। वहीं, बीएल संतोष को राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बनाया गया है।
महाराष्ट्र से विजया राहटकर, आंध्र प्रदेश से सत्या कुमार, दिल्ली से अरविंद मेनन, महाराष्ट्र से पंकजा मुंडे, पंजाब से नरेंद्र सिंह रैना, राजस्थान से डॉ. अल्का गुर्जर, पश्चिम बंगाल से अनुपम हाजरा, मध्य प्रदेश से ओमप्रकाश धुर्वे, बिहार से ऋतुराज सिन्हा, झारखंड से आशा लाकड़ा, असम से सांसद कामख्या प्रसाद तासा, केरल से अनिल एंटनी को राष्ट्रीय सचिव बनाया गया है। जबकि, उत्तर प्रदेश से राजेश अग्रवाल को कोषाध्यक्ष और उत्तराखंड से नरेश बंसल को सह कोषाध्यक्ष बनाया गया है।
-

बड़ा हादसाः खाई में गिरी कार, CCTV आई सामने
चंबा: हिमाचल के जिला चंबा में कार खाई में गिरी जिसमें सवार 2 लोग घायल हुए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। कार दुर्घटना सीसीटीवी में कैद हो गई जिस देख यह साफ पता चलता है कि गाड़ी चालक की की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ। पुलिस ने दोनों घायलों की पहचान करी और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार बीती रात करीब पौने 9 बजे एक कार नंबर एचपी-81-3527 आई। सब कुछ ठीक चल रहा था तो अचानक से कार जब भलेई आर्ट गैलेरी के पास पहुंची तो सीधे सड़क से नीचे खाई में जा गिरी। जब यह घटना घटी तो कार के पीछे एक मोटरसाइकिल भी आ रहा था। बाइक चालक ने कार को गिरता देख स्थानीय लोगों को इस कार दुर्घटना बारे बताया।
लोगों ने इस वाहन दुर्घटना बारे पुलिस चौकी ब्रंगाल को सूचित किया। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर स्थानीय लोगों के सहयोग से कार में सवार घायलों को सुरक्षित सड़क पर पहुंचाया। घायलों की पहचान 32 वर्षीय राजेश कुमार पुत्र दूनीचंद निवासी गांव कथवाड़ डाकघर वांगल व 29 वर्षीय जीवन कुमार पुत्र सुंकोराम निवासी गांव कांठा डाकघर वांगल के रूप में हुई है। पुलिस ने घायलों का उपचार कराने अस्पताल पहुंचाया। राजेश कुमार की हालत को देख उसे मेडिकल कॉलेज टांडा रेफर किया तो जीवन कुमार मेडिकल कॉलेज चंबा में उपचाराधीन है। कार दुर्घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई क्योंकि दुर्घटनास्थल पर सीसीटीवी कैमरा लगा हुआ था। -

जम्मू कश्मीर में नदी में गिरा पहाड़ का बड़ा हिस्सा, देखें खौफनाक मंजर
रियासीः जम्मू कश्मीर में मौसम में लगातार बदलाव हो रहा है। कई जिलों में तेज बारिश हो रही है जिसके चलते बादल फटने और भूस्खलन की घटनाएं सामने आ रही।
जम्मू कश्मीर में मानसूनी बारिश का कहर जारी है। इस बीच रियासी जिले में भूस्खलन की घटना हुई है। बताया जा रहा है कि रियासी जिले के बुद्धल माहौर रोड पर बड़ा भूस्खलन हुआ है।दूर से लोगों द्वारा मोबाइल पर कैद किए गए वीडियो में जमीन का एक बड़ा हिस्सा धंसता हुआ दिखाई दे रहा है। जमीन के जिस हिस्से में जमीन खिसकी है, उस पर एक सड़क भी आपदा के कारण कट गई है। वीडियो साफ तौर पर देखा जा सकता है कि पहाड़ के नीचे नदी बह रही है जिसमें पहाड़ का एक हिस्सा टूट कर गिर गया। बुद्धल माहौर रोड पर भारी भूस्खलन होने के चलते वहां पर यातायात पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। हालांकि, स्थिति में सुधार करते ही इसे दोबारा चालू कर दिया जाएगा।
वहीं बीआरओ ने वीडियो की पुष्टि भी की है। बता दें कि मौसम विज्ञान विभाग ने जम्मू और कश्मीर के कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
