Blog

  • Punjab News: इन जिलों के DC Office को मिली बम से उड़ाने की धमकी, मचा हड़कंप

    Punjab News: इन जिलों के DC Office को मिली बम से उड़ाने की धमकी, मचा हड़कंप

    जालंधरः पंजाब में डीसी दफ्तरों को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। पुलिस के मुताबिक सुबह करीब साढ़े 9 बजे इस मेल का पता चला। इससे पहले अमृतसर, जालंधर और पटियाला के स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिल चुकी है। इसके बाद लुधियाना समेत कई जगहों पर कोर्ट कॉम्पलैक्स उड़ाने की भी धमकी मिली। हालांकि, सर्च में किसी तरह का कोई बम नहीं मिला था।

    वहीं अब गुरदासपुर और मुक्तसर के DC ऑफिस तक धमकी पहुंची तो तुरंत इन्हें खाली करा लिया गया है। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। सारा ऑफिस का इलाका सील कर लिया गया है। पुलिस खोजी कुत्तों की मदद से किसी तरह के संभावित बम की तलाश कर रही है। अभी तक की जांच में पता चला कि पाकिस्तानी संगठन I SKP के नाम से यह ईमेल भेजी गई है। फिलहाल अधिकारियों ने इसको लेकर कुछ नहीं कहा है। पुलिस जांच के बाद इस बारे में औपचारिक तौर पर कुछ कहेगी।

     

  • Jalandhar News: Highway पर कार को लगी भीषण आग, जलकर राख, देखें वीडियो

    Jalandhar News: Highway पर कार को लगी भीषण आग, जलकर राख, देखें वीडियो

    जालंधरः जालंधर-अमृतसर हाईवे पर आज सुबह कार में भीषण आग लगने का मामला सामने आया है। देखते ही देखते आग ने भीषण रूप धारण कर लिया है। घटना के दौरान कार में सवार व्यक्ति ने सतर्कता दिखाते हुए मौके से बाहर निकलकर जान बचाई, जिसके बाद व्यक्ति ने घटना की सूचना दमकल विभाग को दी। मौके पर पहुंची दमकल विभाग की टीम द्वारा कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। मामले की जानकारी देते हुए विशाल ने बताया कि उन्हें चौगिटी बाईपास पर स्थित अक्षरधाम के बाहर आग लगने की सूचना मिली थी। इसके बाद वह कर्मियों के साथ गाड़ी लेकर मौके पर पहुंचा। विशाल के अनुसार कार में आग ज्यादा लगी होने के कारण दमकल विभाग की 2 गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाया गया। इस घटना में कार जलकर पूरी तरह से राख हो गई। जिसे क्रेन की मदद से सड़क से हटाकर साइड पर करवाया गया। विशाल के अनुसार घटना में कार चालक सुरक्षित है। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।    
  • Punjab News: गुरु नानक हॉस्पिटल से गैंगस्टर मनी प्रिंस फरार, मचा हड़कंप

    Punjab News: गुरु नानक हॉस्पिटल से गैंगस्टर मनी प्रिंस फरार, मचा हड़कंप

    अमृतसरः शहर स्थित गुरु नानक अस्पताल में भर्ती गैंगस्टर मनी प्रिंस के पुलिस की गिरफ्त से बचकर फरार होने का मामला सामने आया है। सूत्रों के मुताबिक, मनी प्रिंस को पुलिस एनकाउंटर के बाद इलाज के लिए अस्पताल में दाखिल करवाया गया था, जहां से वो फरार हो गया है। फिलहाल इस बात की अभी अधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

    जानकारी के अनुसार, बीते दिनों अमृतसर रूरल पुलिस ने लोपोके थाना क्षेत्र के अंतर्गत मनी प्रिंस का एनकाउंटर किया था। इस दौरान आरोपी को पैर में गोली लगी थी, जिसके बाद उसे तुरंत इलाज के लिए गुरु नानक अस्पताल, अमृतसर में भर्ती करवाया गया था। सूत्रों का कहना है कि इलाज के दौरान ही आज मनी प्रिंस अस्पताल से फरार हो गया। गैंगस्टर के फरार होने की खबर मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस पहरे को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

    बताया जा रहा है कि गैंगस्टर मनी प्रिंस पर तरनतारन और अमृतसर समेत कई जिलों में गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह लंबे समय से पुलिस की वांछित सूची में शामिल रहा है। फिलहाल पुलिस ने अस्पताल से सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं और फरार आरोपी की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं। पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही मनी को दोबारा गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

     

     

     

  • Jalandhar News: चाइना डोर से युवक को लगा बिजली का करंट, हालत गंभीर

    Jalandhar News: चाइना डोर से युवक को लगा बिजली का करंट, हालत गंभीर

    जालंधरः पंजाब में चाइना डोर पर पूर्ण प्रतिबंध है, लेकिन उसके बावजूद चाइना डोर की बिक्री अभी भी हो रही है। यही कारण है कि चाइना डोर से लगातार घटनाएं बढ़ती जा रही है। ताजा मामला लोहियां से सामने आया है। जहां युवक को उस समय बिजली का बहुत बड़ा झटका लगा जब वह लोहियां-लुधियाना रेलवे ट्रैक पर गुजर रही 25 हजार हाई वोल्टेज लाइन से रमनदीप सिंह चाइना डोर और पंतग लूटने की कोशिश कर रहा था। उक्त युवक को हाई वोल्टेज के जबरदस्त झटके लगे और फिर अचेत होकर गिर गया।

    जानकारी के अनुसार स्थानीय मोहल्ला मुस्ताबाद के युवक रमनदीप सिंह पुत्र दलजीत सिंह ने जब अपने घर के निकट पलका बाजार के पीछे पड़ते लोहियां-लुधियाना रेलवे ट्रैक पर पहुंच कर चाइना डोर और पंतग लूटने की कोशिश की और जैसे ही उस ने डोर को पकड़ा तो युवक को बिजली की 25 हजार वोल्ट गुजरती तारों ने जबरदस्त झटका दिया और बिजली के झटके ने उसको 8 से 10 फुट ऊपर से पलटी दे कर नीचे पटका दिया। इसके बाद उक्त युवक को आग लग गई। उस का छाती से लेकर पेट तक पूरा आगे का शरीर जल गया जिसे इलाज के लिए जोसन अस्पताल लोहिया में भर्ती करवाया गया, लेकिन उस की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे इलाज के लिए जालंधर भेज दिया।

    इस दौरान डॉ. राजीव कुमार ने बताया कि युवक तकरीबन 80 प्रतिशत जल गया है, इसलिए उसे जालंधर रैफर कर दिया था, जहां उसकी हालत अभी तक गंभीर बनी हुई है। उल्लेखनीय है कि स्थानीय शहर में चाइना डोर धड़ल्ले से बिक रही है। आम लोगों ने आरोप लगाया के कुछ एक दुकानदार चाइना डोर को सरेआम बेच रहे हैं और प्रशासन कोई भी कंट्रोल नहीं कर रहा है।

     

     

  • Jalandhar News: अज्ञात वाहन ने Auto को मारी जबरदस्त टक्कर, 2 घायल

    Jalandhar News: अज्ञात वाहन ने Auto को मारी जबरदस्त टक्कर, 2 घायल

    जांलधरः जालंधर-नकोदर रोड पर गांव कंग साबू के पास देर रात घने कोहरे के बीच एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। धुंध के कारण दृश्यता बेहद कम होने से एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने जालंधर की ओर जा रहे इलेक्ट्रिक ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ऑटो चालक समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

    घायलों की पहचान इलेक्ट्रिक ऑटो चालक गुरमेल सिंह, निवासी गुरु नानक कॉलोनी, जालंधर और ऑटो में सवार गुरदारी लाल, निवासी जालंधर के रूप में हुई है। टक्कर इतनी भीषण थी कि इलेक्ट्रिक ऑटो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और सड़क पर बिखर गया। हादसे की सूचना मिलते ही सड़क सुरक्षा फोर्स की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को एम्बुलेंस के जरिए सिविल अस्पताल जालंधर में भर्ती करवाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

    दुर्घटना के बाद कुछ समय के लिए जालंधर-नकोदर रोड पर यातायात बाधित हो गया। सड़क सुरक्षा फोर्स ने क्षतिग्रस्त ऑटो को सड़क से हटवाकर जाम खुलवाया और ट्रैफिक को सुचारू किया। वहीं, पुलिस ने अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है और मामले की जांच की जा रही है।

    पुलिस ने लोगों से अपील की है कि घने कोहरे और ठंड के इस मौसम में वाहन चलाते समय विशेष सावधानी बरतें, गति नियंत्रित रखें और फॉग लाइट का उपयोग करें, ताकि ऐसे हादसों से बचा जा सके।

     

     

     

     

  • Punjab News: ठंड का Double Attack, घने कोहरे और शीतलहर का Orange Alert, देखें वीडियो

    Punjab News: ठंड का Double Attack, घने कोहरे और शीतलहर का Orange Alert, देखें वीडियो

    जालंधरः पंजाब-चंडीगढ़ में कड़ाके की सर्दी का कहर लगातार जारी है। मौसम विभाग के अनुसार आज घने कोहरे और शीतलहर का ऑरेंज अलर्ट जारी है। 24 घंटे में सबसे कम न्यूनतम तापमान 1.6 डिग्री बठिंडा में दर्ज किया गया है। हालांकि अधिकतम ताममान में 2.6 डिग्री की बढ़ोतरी हुई, लेकिन अभी तक भी यह सामान्य तापमान से 4.3 डिग्री कम है। शनिवार से लेकर अगले 4 दिन न्यूनतम तापमान में तीन से पांच डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। वहीं, 18 से पंजाब में बारिश की संभवना बन रही है।

    मौसम विभाग के मुताबिक जालंधर, कपूरथला, अमृतसर, तरनतारन, मोगा, बठिंडा, लुधियाना, बरनाला, फतेहगढ़ साहिब, पटियाला के कुछ इलाकों में घना से बहुत घना कोहरा रहने की संभावना है। जबकि पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, नवांशहर, फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, मानसा, संगरूर, रूपनगर, एसएएस नगर (मोहाली) और मालेरकोटला में कहीं-कहीं घना कोहरा रह सकता है।

    वहीं, जालंधर, कपूरथला, अमृतसर, तरनतारन, मोगा, बठिंडा, लुधियाना, बरनाला, फतेहगढ़ साहिब और पटियाला के कुछ स्थानों पर दिन का तापमान सामान्य से कम रह सकता है। जबकि तरनतारन, फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, मोगा, बठिंडा और मानसा के कुछ इलाकों में शीत लहर चलने की संभावना है।

    इस समय तेज रफ्तार की हवाएं चल रही हैं। ये हवाएं जमीन से करीब 12–13 किलोमीटर ऊपर बह रही हैं और इनकी रफ्तार करीब 230 किमी प्रति घंटा तक है। इस वजह से ठंड है। इसी के चलते स्कूलों का टाइम भी बदला गया है। अब सुबह 9 बजे की जगह 10 बजे स्कूल खुलेंगे। वहीं कोहरे की वजह से लोगों को जरूरी एडवाइजरी भी जारी की गई है कि अगर कोई जरूरी काम हो तो ही बाहर निकलें, नहीं तो घर पर ही रहें।

     

     

  • Jalandhar News : 17 मरले प्लॉट की फर्जी रजिस्ट्री मामले में नंबरदार सस्पेंड

    Jalandhar News : 17 मरले प्लॉट की फर्जी रजिस्ट्री मामले में नंबरदार सस्पेंड

    जालंधर, ENS: सब-रजिस्ट्रार कार्यालय में नंगल शामा में प्लाट का फर्जीवाड़ा सामने आया है। जहां 17 मरले के प्लॉट की रजिस्ट्री मई 2024 में सब-रजिस्ट्रार कार्यालय-1 में कर दी गई। जिस व्यक्ति जमनादास के नाम पर रजिस्ट्री दिखाई गई, उसकी मौत 2023 में ही हो चुकी थी यानी मौत के बाद कागजों में व्यक्ति को जिंदा दिखाकर रजिस्ट्री प्रक्रिया पूरी कर दी गई। आधार कार्ड बदल कर गलत व्यक्ति खड़े करने के बाद रजिस्ट्री करवाई गई।

    इस मामले को लेकर सितंबर 2025 में जमनादास के रिश्तेदारों ने डीसी डॉ. हिमांशु अग्रवाल को शिकायत दी। इस पर डीआरओ नवदीप भोगल और सीएम फील्ड अफसर नवदीप सिंह ने जांच की गई। आधार कार्ड के बारे में सेवा केंद्र से जवाब मांगा गया तो पता चला कि यह सारा फ्रॉड है। डीसी ने नंबरदार गुरदेव सिंह को सस्पेंड किया है और डिसमिस करने की कार्रवाई की जा रही है।

    अब संबंधित व्यक्ति, जिनमें रामामंडी निवासी मनदीप कुमार सहित अन्यों के खिलाफ केस दर्ज किया जा रहा है। इसमें रजिस्ट्रेशन एक्ट की धारा 88 नॉन बेलेवल को भी जोड़ा जाएगा, जिसमें 8 साल तक सजा का प्रावधान है। जिक्रयोग है कि उक्त मामले में डीड लिखने के दौरान कैश लेनदेन का जिक्र किया गया है, जबकि जब जांच की गई तो अलग-अलग लोगों की गवाही में सामने आया कि उक्त मामले में बीएमडब्ल्यू और 6 लाख रुपए कैश देने का जिक्र हो रहा है।

    मामले की जानकारी देते हुए जिला रेवेन्यू अधिकारी नवदीप भोगल ने बताया कि मरे व्यक्ति के डॉक्यूमेंट से छेड़‌छाड़ कर रजिस्ट्री करवाना गंभीर अपराध है और इसमें शामिल हर व्यक्ति पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। नंबरदार पर सख्त एक्शन किया गया है और इस मामले में जुड़े अन्य अधिकारी या कर्मचारी भी अगर दोषी हुए तो उन्हें बख्शा नहीं जाएगा। प्रॉपर्टी माफिया के खिलाफ लगातार सख्ती दिखाई जा रही है।’

  • Green Signal के साथ हुई Stock Market की शुरुआत, Sensex 300 अंक उछला

    Green Signal के साथ हुई Stock Market की शुरुआत, Sensex 300 अंक उछला

    बिजनेसः शेयर मार्कीट में शुक्रवार को पॉजिटिव संकेत देखने को मिले। 16 जनवरी को सेंसेक्स 300 अंक की तेजी के साथ 83,681.13 के स्तर पर खुला, जबकि निफ्टी भी 62.65 अंक की मामूली बढ़त के साथ 25,728.25 पर कारोबार करता नजर आया। आज के कारोबार में लगभग 1,403 शेयर बढ़त में रहे, 1,070 शेयर गिरावट में और 259 शेयर स्थिर रहे।

    प्रमुख गेनर्स में श्रीराम फाइनेंस, इंफोसिस, टेक महिंद्रा, महिंद्रा एंड महिंद्रा और ग्रासिम इंडस्ट्रीज शामिल रहे। वहीं सिप्ला, HDFC लाइफ, भारती एयरटेल, ONGC और अपोलो हॉस्पिटल्स घाटे में ट्रेड कर रहे हैं।

    इसी के साथ ग्लोबल मार्कीट में मिलाझुला असर देखने को मिला। एशियाई बाजारों में कोरिया का कोस्पी 0.88% ऊपर 4,839 पर और जापान का निक्केई इंडेक्स0.44% नीचे 53,874 पर कारोबार कर रहा है। हॉन्गकॉन्ग का हैंगसेंग इंडेक्स 0.25% नीचे 26,856 पर और चीन का शंघाई कंपोजिट इंडेक्स 0.050% ऊपर 4,114 पर ट्रेड कर रहा है।

    14 जनवरी को विदेशी संस्थागत निवेशकों (FIIs) ने 4,781 करोड़ के शेयर बेचे। इस दौरान घरेलू संस्थागत निवेशकों (DIIs) ने 5,217 करोड़ के शेयर खरीदे। दिसंबर 2025 में FIIs ने कुल 34,350 करोड़ के शेयर्स बेचे। इस दौरान बाजार को संभाल रहे DIIs ने 79,620 करोड़ के शेयर खरीदे।

     

  • Jalandhar News: PNB के पूर्व मैनेजर से 11.68 लाख की ठगी

    Jalandhar News: PNB के पूर्व मैनेजर से 11.68 लाख की ठगी

    जालंधर, ENS: महानगर में साइबर ठगी की शिकायतों में लगातार बढ़ौतरी हो रही है। दरअसल, साइबर अपराधी इतने शातिर हो चुके हैं कि अब वे उन लोगों को भी अपना शिकार बना रहे हैं जो बैंकिंग प्रणाली की रग-रग से वाकिफ हैं।

    जैन कॉलोनी रोज पार्क में एक ऐसा ही मामला सामने आया है, जहां पीएनबी से बतौर मैनेजर रिटायर्ड हुएं रविंदर जैन साइबर ठगी का शिकार हो गए। ठगों ने उन्हें पीएनबी एक्स-एम्प्लॉई क्रेडिट कार्ड का लालच देकर उनके विभिन्न बैंक खातों से लगभग 11.68 लाख रुपए की राशि निकाल ली। साइबर को दी शिकायत में सयम जैन ने बताया कि उनके नाना फरीदाबाद से उनके पास रहने के लिए आए हुए थे।

    15 सितंबर 2025 को उन्होंने फेसबुक पर एक विज्ञापन देखा, जिसमें लिखा था, पीएनबी एक्स-एम्प्लॉई क्रेडिट कार्डः लाइफटाइम फ्री, अनलिमिटेड एयरपोर्ट लाउंज एक्सेस, बेस्ट ऑफर्स अभी अप्लाई करें। चूंकि नाना रविंदर कुमार जैन खुद उसी बैंक से रिटायर्ड थे, इसलिए उन्होंने विज्ञापन पर भरोसा कर अप्लाई नाउ पर क्लिक कर दिया।

    इसके तुरंत बाद उन्हें मोबाइल नंबर 81000-53524 से कॉल आया। कॉलर ने खुद को बैंक प्रतिनिधि बताते हुए उनके खाते की जानकारी मांगी और क्रेडिट कार्ड लिंक करने की प्रक्रिया शुरू करने को कहा। मिली जानकारी अनुसार ठगों ने रविंदर जैन को एक व्हाट्सएप नंबर (62899-44324) से पीएनबी पीएफ वेरिफिकेशन नाम की एक एपीके फाइल भेजी।

    जैसे ही उन्होंने उस फाइल पर क्लिक किया, उनका मोबाइल फोन कुछ समय के लिए हैक हो गया और स्क्रीन ने काम करना बंद कर दिया। इसी दौरान ठगों ने उनके फोन का रिमोट एक्सेस लेकर उनके बैंक खातों और व्यक्तिगत जानकारी ली। जब फोन दोबारा चालू हुआ, तो ठगों ने उन्हें बातों में उलझाए रखा और कहा कि प्रक्रिया जारी है, जल्द ही कार्ड उनके घर के पते पर भेज दिया जाएगा।

    लेकिन असल में उनके खातों को खाली किया जा रहा था। 16 सितंबर को क खातों को चेक किया तो ठगों ने न केवल उनके सेविंग अकाउंट से पैसे निकाले, बल्कि उनके फिक्स्ड डिपॉजिट के खिलाफ ओवरड्राफ्ट लोन भी ले लिया। ठगों ने एफडी से 6 लाख रुपए का लोन लेकर उसे खाते में जमा कराया और तुरंत निकाल लिया।

    इसके बाद उनके बचत खाते से 2.40 लाख रुपए नेफ्ट के जरिए ट्रांसफर भी करवा लिए। अंततः आरटीजीएस और ओवरड्राफ्ट अकाउंट के जरिए 4 लाख रुपए की और रकम निकाल ली गई। कुल मिलाकर ठगों ने 11,68, 100 रुपए की चपत लगाई।

  • ट्रेलर से भिड़ी Businessman की Car, 4 की मौके पर मौत, गाड़ी के उड़े परखच्चे

    ट्रेलर से भिड़ी Businessman की Car, 4 की मौके पर मौत, गाड़ी के उड़े परखच्चे

    चित्तौड़गढ़ः नेशनल हाईवे पर सड़क हादसे में कार सवार परिवार के 4 लोगों की मौत का मामला सामने आया है। सड़क पर पड़े जानवर के शव से टकराने के बाद कार बेकाबू होकर डिवाइडर से टकरा गई और दूसरी लेन में सामने से आ रहे ट्रेलर से भिड़ गई जिससे कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में परिवार का 6 वर्षीय बच्चा सुरक्षित बच गया।

    जानकारी मुताबिक, फुटवियर और जनरल स्टोर का व्यवसाय करने वाले रिंकेश नानवानी निवासी चित्तौड़गढ़ अपने परिवार के साथ कहीं जा रहे थे कि उनकी कार के सामने मरा हुआ पशु आ गया और उनकी कार बेकाबू होकर डिवाइडर से टकराकर डिवाइडर पार करती हुई दूसरी लेन में चली गई। इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रेलर से कार की जबरदस्त भिड़ंत हो गई। कार और ट्रेलर की टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।

    हादसे में मरने वालों की पहचान रिंकेश नानवानी (40), उनकी पत्नी सुहानी (38), उनकी चाची रंजनी (58) और रतलाम निवासी उनके फूफाजी हीरानंद लालवानी (60) के रूप में हुई है। हादसे में रिंकेश नानवानी का छह वर्षीय बेटा वैभव घायल हुआ है। उसे चित्तौड़गढ़ उसके घर भेज दिया गया है। डॉक्टरों के अनुसार बच्चे की हालत स्थिर है, लेकिन एहतियातन चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है।

    फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। ट्रेलर चालक से भी पूछताछ की जा रही है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।