रवनीत बिट्टू और कैप्टन अमरिंदर सिंह पर साधे निशाने
लुधियानाः पंजाब कांग्रेस के प्रधान व सांसद अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने पंजाब एग्रीकल्चरल यूनिवर्सिटी के लिए वित्तीय सहायता बढ़ाने की मांग को लेकर संसदीय कृषि संबंधी स्थायी समिति को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान उन्होंने राज्य में कृषि के लिए स्पेशल फंड जारी करने की मांग की।
ज्ञापन देने के बाद मीडिया को संबोधित करते हुए राजा वड़िंग ने कहा कि एग्रीकल्चरल यूनिवर्सिटी के होंद में आने के बाद से पंजाब में कई तरह की रिसर्च हुई जिसके चलते पंजाब में हरित क्रांति लाई गई और कई लोगों का पेट भरा गया। इस हरित क्रांति को लाने के लिए एग्रीकल्चरल यूनिवर्सिटी का बहुत बड़ा हाथ था, लेकिन अब वह एग्रीकल्चरल यूनिवर्सिटी बुरे हालातों से गुजर रही है। पंजाब को इस वक्त रिसर्च की बहुत जरूरत है, क्योंकि पंजाब के पानी का लेवल नीचे की ओर जा रहा है। पंजाब की मिट्टी और हवा भी खराब हो गई है। इसी के चलते पंजाब को 1000 करोड़ रुपए ग्रांट बीजेपी सरकार रिलीज की जाए और इसी के साथ 50 से 60 करोड़ हर साल रिसर्च के लिए दिया जाए, क्योंकि अगर रिसर्च नहीं होगी तो नए बीज कैसे आएंगे। इसलिए डायवर्सिफिकेशन और रिसर्च के लिए यह फंड बहुत जरूरी है। उन्होंने कहा कि उन्होंने पार्लियामेंट में भी यह बात उठाई थी। अब वह इसके लिए केंद्र सरकार को ज्ञापन देकर आएं हैं, ताकि राज्य को फंड मिले और देश भी तरक्की की ओर बढ़े।
वहीं, इसी के साथ उन्होंने मंत्री रवनीत बिट्टू पर निशाना साधते हुए कहा कि जिस तरह के वो बयान दे रहे हैं, उससे लगता है कि वह डिप्रेशन में है। इंस्पेक्टर के साथ विवाद को लेकर उन्होंने कहा कि इस तरह केंद्रीय मंत्री को किसी पुलिस वाले से लड़ना शोभा नहीं देता। मंत्री का तो काम है कि वह ज्यादा से ज्यादा लोगों का भला करें और पंजाब के युवाओं के लिए रेलवे भर्ती करें, पंजाब के लोग खुद उन्हें पसंद करने लगेंगे।
वहीं कैप्टन अमरिंदर सिंह के कांग्रेस की तारीफ करने को लेकर उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन्हें इतना देर सीएम के पद पर रखा, लेकिन उन्हें इस तरह से पार्टी नहीं छोड़नी चाहिए थी। अब बाद में पार्टी की तारीफे करने का कोई फायदा नहीं है। अगर वह पार्टी नहीं छोड़ते, तो पंजाब में दोबारा सरकार बनानी थी। अब उन्हें पार्टी की याद आ रही है। उन्होंने सीधे तौर पर कहा कि भाजपा में आजादी से नहीं घूम सकते, लेकिन कांग्रेस में हर कोई आजाद होता है और आजादी से अपना काम करता है।