Blog

  • यात्रियों से भरे विमान में फटा पावर बैंक

    यात्रियों से भरे विमान में फटा पावर बैंक

    ताइपे: ताइवान में यात्रियों से खचाखच भरे विमान में पावर बैंक फटने से आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि विमान में बैठ यात्री दहशत से चिल्लाने लगे। इस घटना में दो यात्रियों के आग में झुलसने की भी खबर है। गनीमत थी कि इस घटना के समय विमान टेकऑफ के लिए इंतजार कर रहा था। उस समय सभी यात्री ठंड के कारण अपनी-अपनी सीटों पर दुबके हुए थे। इस घटना के वायरल वीडियो में यात्रियों को आग की लपटों से बचने की कोशिश करते देखा जा सकता है। इसके अलावा प्लेन के अंदर धुआं भर जाने से कई यात्री खांसते भी नजर आए। इस दौरान फ्लाइट अटेंडेंट आग बुझाने की कोशिश करते भी दिखाई दिए।

    ताओयुआन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की है घटना

    ट्विटर पर शेयर किए गए इस वीडियो फुटेज को मंगलवार रात को ताइवान के ताओयुआन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर शूट किया गया था। यह विमान ताइवान से सिंगापुर की उड़ान भरने के लिए तैयार था, तभी एक पोर्टेबल मोबाइल फोन चार्जर में आग लग गई। आग की लपटों को देख चालक दल के सदस्य यात्रियों को बचाते हुए नजर आए। कुछ फ्लाइट अटेंडेंट्स ने फायर एक्सटिंग्विशर की मदद से आग बुझाने की कोशिश की तो कुछ घबराए यात्रियों को शांत करने की कोशिश करने लगे।

    आग लगने से दो यात्री हुए घायल

    इस घटना के बाद ताओयुआन हवाई अड्डे ने कहा कि विमान में आग लगने से दो यात्री घायल हो गए। इन दोनों यात्रियों को केवल मामूली चोटें आईं, जिनमें हाथों में हल्की जलन और चेहरे पर हल्की चोटें शामिल हैं। बताया जा रहा है कि घायलों में से एक पोर्टेबल चार्जर का मालिक था, जो ज्यादा गर्म होने के बाद फट गया। दूसरा उसके साथ यात्रा करने वाला साथी था। गनीमत यह रही कि विमान जमीन पर मौजूद था। इस कारण सभी 189 यात्रियों को विमान से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था। इस घटना के बाद फ्लाइट को रद्द कर दिया गया।

    यात्रियों ने बताया आंखों देखी

    एक यात्री ने स्थानीय मीडिया को बताया कि अचानक केबिन में धुआं उठने लगा। इस दौरान एक यात्री ने कुछ निकाला और फर्श पर फेंक दिया। इससे विमान में आग लग गई। इसलिए पूरे केबिन में धुआं बन गया। बाद में पता चला कि वह पावर बैंक था। एक अन्य चश्मदीद ने बताया कि चालक दल के सदस्यों ने तुरंत आग बुझाने की कोशिश शुरू कर दी। इस दौरान पूरा केबिन धुएं से भर गया था।

  • मेयर चुनावः भाजपा और आप ने उम्मीदवारों का किया ऐलान

    मेयर चुनावः भाजपा और आप ने उम्मीदवारों का किया ऐलान

    चंडीगढ़ः शहर में होने वाले मेयर चुनाव को लेकर सियासी पार्टियों में हलचल तेज हो गई है। वीरवार को जहां आम आदमी पार्टी द्वारा मेयर पद के लिए अपने उम्मीदवार का ऐलान किया है। वहीं भाजपा ने भी अपने उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया है। आप 
    पार्टी द्वारा मेयर पद के लिए जसबीर सिंह लाडी को उम्मीदवार घोषित किया गया है।

    जबकि सीनियर डिप्टी मेयर पद के लिए तरुणा मेहता और डिप्टी मेयर पद के लिए सुमन अमित शर्मा के नामों की घोषणा की गई है। वहीं दूसरी ओर भाजपा ने मेयर पद के लिए अनूप गुप्ता को उम्मीदवार बनाया है। जबकि सीनियर डिप्टी मेयर पद के लिए कंवर राणा और डिप्टी मेयर के लिए हरजीत सिंह के नाम का सामने आया है। 

  • जालंधर-अमृतसर हाईवे पर गाड़ियों की टक्कर, लगा लंबा जाम 

    जालंधर-अमृतसर हाईवे पर गाड़ियों की टक्कर, लगा लंबा जाम 

    जालंधर/हर्ष कुमारः पंजाब में घने कोहरे के कारण सड़क हादसे के मामले लगातार बढ़ रहे है। वहीं जालंधर-अमृतसर हाईवे पर 3 गाड़ियों की टक्कर होने का मामला सामने आया है। टक्कर इतनी भयानक थी कि इस घटना दौरान दो गाड़ियां बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं गाड़ियों के क्षतिग्रस्त होने के कारण लंबा जाम लग गया।

    जिसके बाद घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने बड़ी मशक्त कर गाड़ियों को हाईवे से हटवाया। गनीमत यह रही कि इस घटना दौरान कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। हालांकि कुछ लोगों को मामूली चोटे आई है। जिन्हें प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेज दिया गया। वहीं घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

  • जालंधरः इस मामले में कांग्रेस पार्षद को 5 साल की कैद

    जालंधरः इस मामले में कांग्रेस पार्षद को 5 साल की कैद

    जालंधर, वरुण/हर्षः महानगर में कांग्रेसी पार्षद मनदीप जस्सल के जौहल अस्पताल के मालिक के साथ हुए विवाद को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। दरअसल, जौहल अस्पताल के डाक्टर बीएस जौहल के खिलाफ हुए विवाद के मामले में आज पार्षद जस्सल की कोर्ट में सुनवाई थी। सुनवाई दौरान कोर्ट ने जस्सल बीएस जौहल द्वारा लगाए आरोपों पर फैसला सुनाते हुए आईपीसी की धारा 435 के तहत 5 साल की सजा सुनाई है। इस दौरान पुलिस ने मंदीप जस्सल को मौके पर ही हिरासत में लेकर जेल भेज दिया है। मिली जानकारी के मुताबिक कोर्ट ने पार्षद जस्सल को जुर्माना भी लगाया है।

    जुर्माना अदा न करने पर पार्षद जस्सल को अतिरिक्त सजा भुगतनी होगी। बता दें कि मनदीप जस्सल के खिलाफ जौहल अस्पताल के डाक्टर बीएस जौहल ने पर्चा दर्ज करवाया था। दोनों पक्षों का यह केस कोर्ट में लंबे समय से चल रहा था। जिस पर कोर्ट ने आज मंदीप जस्सल को 5 साल की सजा सुनाई है।

  • सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय द्वारा फर्जी YouTube के इन चैनलों पर की कार्रवाई, देखें लिस्ट

    सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय द्वारा फर्जी YouTube के इन चैनलों पर की कार्रवाई, देखें लिस्ट

    नई दिल्लीः सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने फर्जी खबर चलाने वाले यूटयूब चैनलों के खिलाफ अभियान शुरू किया है। पत्र सूचना कार्यालय की तथ्‍य जांच इकाई ने छह यूटयूब चैनलों का पर्दाफाश किया है जो देश में झूठी खबरें चला रहे थे। इन चैनलों के लगभग 20 लाख सब्‍स्‍क्राइबर थे और इन पर डाले गए वीडियो 51 करोड बार देखे गए।

    यह चैनल चुनावों, उच्‍चतम न्‍यायालय और भारत की संसद की कार्यवाहियों तथा भारत सरकार के कामकाज को लेकर फर्जी खबरें फैला रहे थे। मंत्रालय ने बताया है कि यह चैनल फर्जी खबरों के कारोबार का हिस्‍सा हैं, जो फर्जी खबरों से कमाई करते हैं। इन फर्जी चैनलों में नेशन 24, स्‍वर्णिम भारत, सरोकार भारत, नेशन टीवी, संवाद समाचार और संवाद टीवी शामिल हैं। पत्र सूचना कार्यालय की तथ्‍य जांच इकाई ने दूसरी बार ऐसी कार्रवाई की है।

  • पंजाबः इस मामले में हाईकोर्ट ने सरकार को जारी किया नोटिस, मांगी स्टेटस रिपोर्ट

    पंजाबः इस मामले में हाईकोर्ट ने सरकार को जारी किया नोटिस, मांगी स्टेटस रिपोर्ट

    चंडीगढ़ः पंजाब में किसानों द्वारा बंद किए गए टोल प्लाजा खुलवाने को लेकर आज पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट में सुनवाई हुई। इस दौरान हाईकोर्ट ने पंजाब सरकार को नोटिस जारी कर टोल प्लाजा को फिर से खोलने का आदेश दिया है। हाईकोर्ट ने मुख्य सचिव और डीजीपी को सरकार से स्टेटस रिपोर्ट मांगने का निर्देश दिया है। एनएचएआई द्वारा दायर याचिका पर सुनवाई करते हुए कोर्ट ने कहा कि बंद टोल प्लाजा को किसानों द्वारा पूरे पंजाब में 13 टोल प्लाजा पर फिर से खोला जाना चाहिए। इसलिए सरकार व्यवस्था करे।

    दरअसल, बीते 15 दिसंबर से पंजाब के 13 टोल प्लाजा को पूरी तरह से किसानों ने बंद कर रखा है। किसान अपनी मांगों को लेकर राज्य सरकार से खफा हैं। जिसके बाद टोल प्लाजा को 15 जनवरी तक बंद करने का फैसला लिया गया था। हालांकि किसान 16 जनवरी से टोल खोल देने की बात कर चुके हैं, लेकिन उससे पहले ही नेशनल हाईवे अथॉ​​​​रिटी (NHA) ने हाईकोर्ट का रुख कर लिया था। किसान जत्थेबंदियों का कहना है कि NHA खुद कोर्ट नहीं जा सकती।

    ऐसा केंद्र के इशारे पर हुआ है। केंद्र हमेशा ही बड़े घरानों के नुकसान को देखता आया है। किसान मजदूर संघर्ष कमेटी के नेता सरवण सिंह पंधेर ने कहा कि किसानों का पक्ष साफ है। देश में टोल प्लाजे नहीं होने चाहिए। एक कार खरीदते हुए 2-2 लाख रुपए रोड टैक्स वसूला जाता है। ऐसे में टोल प्लाजा बनाने ही गलत है।

  • इस मामले में आप सांसद दोषी करार, कोर्ट ने सुनाई सजा 

    इस मामले में आप सांसद दोषी करार, कोर्ट ने सुनाई सजा 

    नई दिल्लीः सुल्तानपुर में दो दशक पुराने बिजली, पानी के मुद्दे पर हुए प्रदर्शन के मामले में राज्यसभा सांसद और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता संजय सिंह  समेत सपा के पूर्व विधायक अनूप संडा समेत अन्य लोगों को 3 महीने की सजा और 1500 रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई गई है। कोर्ट पहुंचे राज्यसभा सांसद ने बीजेपी सरकार की अव्यवस्था को आंदोलन के लिए जिम्मेदार ठहराया है।

    उन्होंने कहा कि वे इस सजा के खिलाफ हाई कोर्ट में अपील करेंगे। बता दें कि साल 2001 में 36 घंटे बिजली पानी की समस्या को लेकर आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं मौजूदा राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने एक आंदोलन छेड़ा था, उस समय उनके साथ पूर्व सपा विधायक अनूप संडा समेत बीजेपी के पूर्व नगर अध्यक्ष सुभाष चौधरी, कांग्रेस नेता और पूर्व सभासद कमल श्रीवास्तव, कांग्रेस प्रवक्ता रहे संतोष चौधरी, बीजेपी के नामित सभासद रहे विजय सेक्रेटरी आंदोलन में शामिल रहे थे। 

    क्या है पूरा मामला?

    नगर कोतवाली में धरना प्रदर्शन और सरकारी काम में बाधा समेत अन्य को मुद्दा बनाते हुए स्थानीय पुलिस ने सभी लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया था। एमपी एमएलए कोर्ट के जज योगेश यादव की अदालत में विचारण की प्रक्रिया चल रही थी। 21 साल के अंतराल पर जिला सत्र न्यायालय की एमपी एमएलए कोर्ट ने सजा के बिंदुओं पर राज्यसभा सांसद संजय सिंह, पूर्व विधायक समाजवादी पार्टी अनूप संडा समेत 5 अन्य लोगों को दोषी करार देते हुए सजा मुकर्रर कर दी है। 

    संजय सिंह को 3 महीने की सजा

    एक मामले में जहां राज्यसभा सांसद संजय सिंह को 3 महीने की सजा और 1000 रुपये का जुर्माना लगाया गया है। वहीं दूसरे मामले में एक माह की सजा और 500 रुपये का जुर्माना कोर्ट ने ठोंका है। सजा के दौरान राज्यसभा सांसद संजय सिंह भी मौजूद रहे। उन्होंने इस आंदोलन के पीछे बीजेपी सरकार की बिजली अव्यवस्था को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने कहा कि वह इस मुद्दे पर हाई कोर्ट का दरवाजा भी खटखटांएगे।

    हाई कोर्ट में करेंगे अपील

    राज्यसभा सांसद और आप नेता संजय सिंह ने कहा कि उस वक्त भाजपा की सरकार थी। उस समय 36 घंटे बिजली, पानी नहीं होने पर हम लोगों ने प्रदर्शन किया था। 36 घंटे ब्लैक आउट के बाद लोकतांत्रिक ढंग से हमने बिना किसी व्यवस्था को क्षति पहुंचाए आंदोलन किया था। 21 साल बाद इस मामले में सजा सुनाई जा रही है। जिसमें मेरे साथ पूर्व विधायक अनूप संडा, बीजेपी के नगर अध्यक्ष रहे सुभाष चौधरी और सभासद विजय सेक्रेटरी, कांग्रेस नेता और पूर्व सभासद कमल, पूर्व नगर प्रवक्ता संतोष चौधरी भी शामिल हैं। मुद्दों को लेकर हमारी लड़ाई जारी रहेगी। इस सजा के खिलाफ हम हाई कोर्ट में अपील करेंगे। संजय सिंह ने कहा उस समय भीषण गर्मी में बच्चे बिलख रहे थे। 36 घंटे की बिजली कटौती के चलते पूरा जनजीवन अस्त-व्यस्त था।

  • पंजाबः पूर्व सैनिक से नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपए ठगने वाली महिला गिरफ्तार

    पंजाबः पूर्व सैनिक से नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपए ठगने वाली महिला गिरफ्तार

    अमृतसरः हिमाचल के जिला सिरमौर के पांवटा साहिब में पिछले साल नवंबर में पूर्व सैनिक से नौकरी दिलाने के नाम पर 13 लाख ठगने वाली महिला को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी महिला की पहचान हरप्रीत कौर पत्नी विनीत पॉल निवासी अमृतसर को मोहाली के खरड़ के फ्लैट से गिरफ्तार किया है। मामले की जानकारी देते हुए नरेश ने बताया कि उसने पैसे गूगल पे कर दिए। इसके बाद 12 हजार और भेजे। फिर व्यक्ति ने 5783 रुपए और मांगे। उसके बाद कभी एसआईजी के नाम पर कभी स्टैंपिंग के नाम पर पैसे लेने शुरू कर दिए। इस तरह कुल 13 लाख रुपए ठगे गए, लेकिन नौकरी नहीं दी गई। डीएसपी रमा कांत ठाकुर ने मामले की पुष्टि की है।

    इस दौरान पुलिस ने पहले आरोपी संजय की निशानदेही पर बैंक खाते की जांच की और बाद में महिला को गिरफ्तार किया गया। ठगी के इसी मामले में पुलिस ने उत्तर प्रदेश से 5 जनवरी को संजय शर्मा पुत्र हिरदा राम गांव खदलाना तहसील नकुड़ जिला सहारनपुर को भी पकड़ा था। दोनों ने मिलकर चूना लगाया। गौरतलब है कि नवंबर 2022 को पुलिस में नरेश कुमार सुपुत्र बनवारी लाल निवासी गांव किशन कोट तहसील पांवटा साहिब ने शिकायत दर्ज कराई थी।

    उसने बताया कि वह 2020 में सेना से रिटायर्ड है। सितंबर 2021 को उसके पास एक फोन आया। कॉलर ICICI कॉ-ऑपरेटिव बैंक से बोल रहा था। व्यक्ति ने कहा कि बैंक में पूर्व सैनिकों के लिए कुछ नौकरियां हैं। इस समय बैंक की नाहन ब्रांच में सुपरवाइजर का पद खाली है, जिसके लिए हमने आपको फोन किया है। इसके बाद उसने कागजात और 4 हजार मांगे। फिर मुझे एक लेटर भेजा, जिसमें 4000 रुपए सिक्योरिटी अमाउंट लिखा था तथा 12500 और मांगे।

  • पंजाबः भारत जोड़ो यात्रा में चर्चा में आया यह व्यक्ति, लोग ले रहे सेल्फी 

    पंजाबः भारत जोड़ो यात्रा में चर्चा में आया यह व्यक्ति, लोग ले रहे सेल्फी 

    लुधियानाः पंजाब में भारत जोड़ो यात्रा के आज दूसरे में यात्रा समराला चौक पर आकर रूकेगी। इस यात्रा में सिर्फ पंजाब ही नहीं, पूरे देश से राहुल गांधी के समर्थक पहुंच रहे हैं। इसी बीच सभी को यूपी के मेरठ के फैसल चौधरी ने चौंका दिया। उन्हें देख समर्थक एकटक देखते रहे और सोचते रहे कि आज राहुल गांधी बिना सुरक्षा के क्यों घूम रहे हैं। मेरठ के फैसल राहुल गांधी के डुप्लीकेट हैं और उनके कई कार्यक्रमों में उनका समर्थन करने के लिए जाते रहते हैं। जैसे ही यात्रा में भाग लेने के लिए फैसल खन्ना पहुंचे तो राहुल गांधी के समर्थक उन्हें देख स्तब्ध रह गए।

    काफी समय तक तो कोई उनके पास नहीं गया। सभी सोच रहे थे कि राहुल आज बिना सुरक्षा के कैसे घूम रहे हैं। जब लोगों को समझ आया कि फैसल राहुल के डुप्लीकेट हैं। इसके बाद सभी ने फैसल को घेर लिया। सभी उनके साथ सेल्फियां ले रहे थे। सभी का कहना था कि असल राहुल को सिर्फ दूर से देख सकते हैं, लेकिन फैसल को हम गले भी मिल सकते हैं।

    फैसल ने जानकारी दी कि वह राहुल गांधी के डुप्लीकेट हैं। कई बड़े-बड़े लोग भी उन्हें देख धोखा खा जाते हैं। उन्होंने राहुल गांधी के साथ दिल्ली से ही इस यात्रा को शुरू किया। वह कभी आज तक उनसे नहीं मिले, लेकिन उनसे मिलने की इच्छा उन्हें बहुत है। फैसल ने बताया कि वह राहुल गांधी के नक्शे कदम पर ही चल रहे हैं। बेरोजगारी, किसानों के मुद्दे, मजदूरों के मुद्दे और गरीबी तो बड़े मसले हैं, लेकिन इसके साथ ही आपसी भाईचारा भी एक बड़ा मसला बन चुका है।

  • अभी मरा नहीं है आतंकवादी रिंदा! जांच एजेंसियों को मिले सबूत

    अभी मरा नहीं है आतंकवादी रिंदा! जांच एजेंसियों को मिले सबूत

    नई दिल्लीः खालिस्तानी आतंकवादी हरविंदर सिंह संधू उर्फ रिंदा जिंदा है या फिर मर गया, इसको लेकर अभी भी कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। गैंगस्टर से आतंकवादी बने रिंदा की पाकिस्तान में ड्रग ओवरडोज के कारण मौत की खबर आने के दो महीने बाद, खुफिया एजेंसियों को कुछ इस तरह के नए और “पर्याप्त सबूत” मिले हैं कि वह “जीवित” हो सकता है। इस मुद्दे पर गृह मंत्रालय ने हाल ही में खुफिया एजेंसियों और राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) के अधिकारियों के साथ बैठक के दौरान चर्चा की थी।

    मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, एनआईए द्वारा घोषित 10 लाख रुपये के इनामी वांछित आतंकवादी रिंदा की नवंबर में पाकिस्तान के लाहौर के एक अस्पताल में मौत हो गई थी। कुछ दिन पहले, केंद्रीय गृह सचिव अजय भल्ला ने पंजाब में आतंकवादी गतिविधियों के फिर से उभरने को पर चर्चा करने के लिए खुफिया एजेंसियों और एनआईए के अधिकारियों के साथ बैठक की। इससे पहले पिछले महीने यह दावा किया गया था कि खुफिया दस्तावेजों से यह बात सामने आई आतंकवादी रिंदा अभी जिंदा है। उसने जानबूझकर अपने मरने की खबर फैलाई थी। इसके पीछे उसकी रणनीति भारतीय एजेंसियों को उलझाना था।

    रिंदा से जुड़ी नई सूचनाओं पर हुई चर्चा

    वेबसाइट इंडियन एक्सप्रेस के अनुसार सूत्रों ने बताया, इस बैठक में, खुफिया एजेंसियों ने रिंदा से संबंधित नई सूचनाओं पर चर्चा की। साथ ही अधिकारियों ने जेलों में मोबाइल फोन के इस्तेमाल को रोकने के उपायों पर चर्चा की। बैठक में जेल अधिकारियों की औचक जांच और बड़े अपराधियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के कुछ सुझावों पर भी बातचीत की गई। सूत्रों ने कहा कि जेलों में सुरक्षा व्यवस्था में सुधार के अलावा, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान की जेलों में बंद कई खतरनाक गैंगस्टरों को उनकी गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए इन लोगों को दक्षिणी राज्यों में स्थानांतरित करने पर भी चर्चा की गई। सूत्र ने कहा, “गृह मंत्रालय के अधिकारियों ने जांच एजेंसियों से खूंखार गैंगस्टरों (विदेश में रह रहे) की लिस्ट बनाने को कहा, जिन्हें नामित आतंकवादी घोषित किया जा सकता है और उनके प्रत्यर्पण की प्रक्रिया में तेजी लाई जा सकती है।”

    ड्रोन के इस्तेमाल पर भी दी गई जानकारियां

    सूत्रों ने कहा कि राष्ट्रीय जांच एजेंसी के अधिकारियों ने कहा कि वे पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या के कथित मास्टरमाइंड गोल्डी बराड़ के प्रत्यर्पण के लिए आधार तैयार करने के लिए कई संबंधित जांच एजेंसियों के संपर्क में हैं।अधिकारियों ने कहा कि एनआईए ने बैठक में यह भी जानकारी दी कि वे अन्य केंद्रीय जांच एजेंसियों और राज्य पुलिस के साथ समन्वय में काम कर रहे हैं ताकि देश को नुकसान पहुंचाने वाले आतंकवादी नेटवर्क को खत्म करने के लिए एक पूर्ण व्यवस्था बनाई जा सके। सूत्र ने कहा कि “बैठक में, यह भी बताया गया कि सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने पाकिस्तान सीमा के साथ पंजाब के कई क्षेत्रों में 22 मानव रहित हवाई वाहनों (यूएवी) को मार गिराया, जिनमें से 11 क्वाड-कॉप्टर ड्रोन भी शामिल हैं। यही नहीं बीएसएफ ने पिछले साल 317 किलो हेरोइन बरामद की थी।”

    बीएसएफ द्वारा उठाए गए सुरक्षा उपायों पर की चर्चा 

    सूत्र ने यह भी बताया कि उन्होंने बीएसएफ द्वारा उठाए गए सुरक्षा उपायों पर चर्चा की, विशेष रूप से तकनीकी निगरानी का इस्तेमाल ड्रोन का पता लगाने के लिए किया गया। दिल्ली पुलिस ने गायक की हत्या की जांच के दौरान पाया था, पंजाबी गायक मूसेवाला की हत्या के कथित मुख्य शूटर प्रियव्रत उर्फ फौजी को हथियारों की एक खेप मिली थी, जिसे कथित तौर पर ड्रोन के जरिए पाकिस्तान से भेजा गया था। पुलिस के अनुसार, मूसेवाला को गोली मारने में नाकाम होने की स्थिति में कथित रूप से एक आकस्मिक योजना के लिए भी योजना बनाई गई थी, इसके लिए खेप में आठ ग्रेनेड, एक अंडर बैरल ग्रेनेड लॉन्चर, नौ इलेक्ट्रिक डेटोनेटर और एक एके -47 शामिल किए गए थे।