Blog
-

भाजपा के दोनों मंडलों की संयुक्त बैठक में गरजे सह प्रभारी विशाल चौहान, संगठन सुदृढ़ करने का आह्वान
बोले, कुटलैहड़ से भाजपा को जिताने का लें संकल्प, सरकार की विफलताओं की हर बूथ पर हर व्यक्ति से चर्चा ऊना/सुशील पंडित: जिला ऊना भाजपा के सह प्रभारी विशाल चौहान ने कुटलैहड़ भाजपा के दोनों मंडलों कुटलैहड़ एवं डेरा बाबा रूद्रानंद की संयुक्त बैठक बंगाणा भाजपा मुख्यालय होटल कर्ण राज में ली। यह बैठक संगठनात्मक मजबूती, बूथ स्तर पर विस्तार और आगामी विधानसभा चुनावों की रणनीति को लेकर अत्यंत महत्वपूर्ण मानी जा रही है। बैठक में कुटलैहड़ भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक दविंदर भुट्टो विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक में दोनों मंडलों के सभी मोर्चों, प्रकोष्ठों के मंडल अध्यक्षों, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। सह प्रभारी विशाल चौहान ने सभी उपस्थित सदस्यों के साथ विस्तृत संवाद किया और संगठनात्मक जिम्मेदारियों पर स्पष्ट मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कहा कि यह समय बूथ स्तर पर मजबूती लाने का है और हर कार्यकर्ता को अपनी भूमिका को गंभीरता से निभाना होगा। विशाल चौहान ने विशेष रूप से यूबा मोर्चा और महिला मोर्चा की सक्रियता पर जोर देते हुए कहा कि युवा मोर्चा—एक बूथ, दस यूथ,महिला मोर्चा—एक बूथ, बीस महिला सदस्य का लक्ष्य हर हाल में पूरा होना चाहिए।उन्होंने कहा कि बूथ की मजबूती ही चुनावी सफलता का आधार है और कार्यकर्ताओं को इसे मिशन की तरह अपनाना होगा। बैठक को संबोधित करते हुए सह प्रभारी चौहान ने वर्तमान सरकार की तीन वर्षों की कार्यशैली को पूरी तरह असफल बताया। उन्होंने कहा कि तीन वर्षों की निकम्मी सरकार की विफलताओं को घर-घर पहुंचाना होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे जनता के बीच जाकर सरकार की नीतियों, कुप्रशासन और विकास कार्यों में देरी जैसे मुद्दों पर जनजागरण करें, ताकि जनता को वास्तविक स्थिति से अवगत कराया जा सके। इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक दविंदर भुट्टो ने सह प्रभारी विशाल चौहान का सम्मान किया और कुटलैहड़ में बैठक लेने के लिए उनका स्वागत किया। दविंदर भुट्टो ने कहा कि संगठन ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है और कार्यकर्ताओं की मजबूती ही चुनावी जीत सुनिश्चित करती है। उन्होंने दोनों मंडलों के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को चुनावी तैयारी अभी से शुरू करने का आह्वान किया। विशाल चौहान के साथ कुटलैहड़ के सभी पार्टी कार्यकर्ताओं ने आगामी विधानसभा चुनावों में भाजपा नेता भुट्टो को भारी बहुमत से जीताकर विधानसभा भेजने का संकल्प भी दोहराया। बैठक में यह स्पष्ट संदेश गया कि कुटलैहड़ में भाजपा एकजुट है और आने वाली चुनावी लड़ाई को मजबूती और रणनीति के साथ लड़ेगी। दविंदर कुमार भुट्टो ने कहा कि कुटलैहड़ के लोगों ने सदैव भाजपा को समर्थन दिया है और भविष्य में भी विकास की राह को आगे बढ़ाने के लिए भाजपा ही जनता की पहली पसंद बनी रहेगी। उन्होंने सह प्रभारी विशाल चौहान द्वारा दिए गए संगठनात्मक निर्देशों को कार्यकर्ताओं तक पहुंचाने और उन्हें लागू करने का भरोसा दिलाया।इस बैठक में भाजपा संयुक्त मोर्चा मंडल कुटलैहड़ एवं डेरा बाबा रूद्रानंद की ओर से सह प्रभारी विशाल चौहान का धन्यवाद किया गया। इस मौके पर मंडल अध्यक्ष राजेंद्र मलांगड़ जिला पार्षद सदस्य एवं पंचायती राज प्रकोष्ठ के प्रदेश के सह संयोजक कृष्ण पाल शर्मा,जिला ऊना भाजपा ओबीसी मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष सतीश धीमान, महिला मोर्चा की अध्यक्षा सुषमा ठाकुर युवा मोर्चा अध्यक्ष नीरज परमार के अलावा सभी कुटलैहड़ भाजपा मंडलों के मोर्चे,प्रकोष्ठ के अध्यक्ष एवं सदस्य मौजूद रहे। -

Punjab News: अकाली दल को झटका, पूर्व सरपंच सहित कई कार्यकर्ता आप में हुए शामिल, देखें वीडियो
नाभा: पंजाब सरकार द्वारा जिला परिषद और ब्लॉक समिति की चुनावी घोषणाओं के साथ ही नेताओं का एक पार्टी से दूसरी पार्टी में शामिल होना लगातार बढ़ रहा है। इसी सिलसिले में हल्का नाभा में शिरोमणि अकाली दल को उस समय बड़ा झटका लगा, जब पूर्व सरपंच थूही कर्म सिंह अपने साथियों सहित हल्का विधायक गुरदेव सिंह देवमान की अगुवाई में आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए।
इस मौके पर विधायक देवमान ने उनका पार्टी में स्वागत करते हुए पूरा सम्मान देने की बात कही। उन्होंने कहाकि पंजाब में आप पार्टी द्वारा किए जा रहे कामकाजों को देखते हुए दूसरी पार्टी के नेता आप पार्टी में शामिल हो रहे है। इस अवसर पर उनके साथ रघवीर सिंह, हरि सिंह (पूर्व पंच), लाल सिंह, मेवा सिंह, काला सिंह, गुरचैन सिंह गग्गू समेत बड़ी संख्या में उनके सहयोगी मौजूद रहे।
-

फ्रूट रेहड़ी संचालकों ने पूर्व विधायक रायजादा से की मुलाकात
रेहडियां वापिस लगवाने में सहयोग की मांग
ऊना/सुशील पंडित: नगर निगम की ओर से नंगल रोड स्थित आर्मी कैंटीन के पास लगने वाली सब्जी एवं फ्रूट की रेहडिय़ों को हटाए जाने के बाद मंगलवार को प्रभावित रेहड़ी संचालकों ने पूर्व विधायक सतपाल रायजादा से मुलाकात की। इस दौरान संचालकों ने अपनी समस्याएं विस्तार से बताई और अनुरोध किया कि वे मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लें और उनकी रेहडिय़ाँ वापस लगवाने में सहयोग करें।
रेहड़ी संचालकों ने बताया कि वे लंबे वर्षों से उक्त स्थान पर अपनी रेहडिय़ां लगाते आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिस जगह पर नगर निगम ने कार्रवाई की है, वहां ट्रांसफॉर्मर लगा हुआ है और उसके पास की खाली जगह पर ही वर्षों से उनकी रेहडिय़ां लगती थीं। संचालकों ने बताया कि कुछ समय पहले एसपी ऊना अमित यादव ने भी मौके पर जाकर स्थिति को समझा था और ट्रैफिक बाधा न बने, इसके लिए रेहडिय़ों को पीछे हटवाया था। लेकिन तब भी वे सडक़ से लगभग 15 से 20 फुट पीछे अपनी रेहडिय़ाँ लगाते थे। संचालकों का कहना है कि सोमवार को नगर निगम की टीम ने अचानक मौके पर पहुंचकर उनकी रेहडिय़ा हटवा दी, जिससे उनका रोजग़ार बंद हो गया है।
उन्होंने कहा कि वे छोटे व्यापारी हैं और रोज़ की कमाई से अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। ऐसे में रेहडिय़ां हट जाने से उनके सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है। पूर्व विधायक सतपाल रायजादा से रेहड़ी संचालकों ने आग्रह किया कि वे नंगल रोड पर जाकर स्थिति देखें और नगर निगम से बात करके उनकी रेहडिय़ां पुन: लगाने की व्यवस्था करवाएं। संचालकों ने उम्मीद जताई कि जनप्रतिनिधि होने के नाते रायजादा उनकी समस्या को गंभीरता से उठाएंगे और समाधान करवाएँगे। इस मौके पर प्रधान धर्म सिंह, चिंत राम, राजेंद्र कुमार, रनत चंद, मोहन सिंह, विनोद कुमार, मेहर चंद, सरजी दास, विनोद कुमार, पवन कुमार आदि मौजूद रहे।
-

अमेरिका जल्द कम करेगा भारत पर लगा 50% Tariff, इस विदेशी एजेंसी ने किया दावा
नई दिल्ली: भारत और अमेरिका में ट्रेड डील को लेकर छह बार बात हो चुकी है पर दोनों देश अभी तक कोई अंतिम फैसला नहीं ले पाए हैं हालांकि डोनाल्ड ट्रंप आए दिन इस पर दावे करते रहते है कि दोनों देश में पॉजिटिव डील होने वाली है। अब एक विदेशी एजेंसी ने भारत-अमेरिका डील के जल्द पूरे होने की बात की है। उन्होंने यह अनुमान लगाया है कि फिलहाल अभी अमेरिका द्वारा भारत पर लगाया गया 50% टैरिफ कम होकर 20% हो सकता है।जल्द फाइनल होगी दोनों देशों की बात
भारत-अमेरिका के बीच डील पर बात करते हुए विदेशी एजेंसी ने कहा कि दोनों देशों में भारत-व्यापार समझौते पर नतीजा अभी भी बेनतीजा है पर दोनों पक्षों की ओर से कई बार पॉजिटिव संकेत भी दिए गए हैं पर इसके बाद भी समझौते पर अभी तक साइन नहीं हुए हैं। विदेशी एजेंसी का यह मानना है कि इस समझौते पर जल्द साइन कर दिए जाएंगे। भारत पर टैरिफ 20% के आस-पास तय किया जाएगा। इस साल के अंत तक दोनों देशों में ट्रेड डील फाइनल हो सकती है।भारत की जीडीपी हुई अच्छी
इसके अलावा भारत की अर्थव्यवस्था पर बात करते हुए एजेंसी ने कहा कि जीडीपी का वृद्धि दर सितंबर तिमाही में सालान आधार पर 8.2% रहा है। यह पिछली जून की तिमाही में 7.8% थी यानी की भारतीय इकोनॉमी का परफॉर्मेंस काफी अच्छा रहा है।इकोनॉमी भी हुई मजबूत
भारत की जीडीपी का वृद्धि दर आरबीआई के तिमाही के 7% के अनुमान से 1.2% ज्यादा रहा है। नए जीडीपी आंकड़ों के अनुसार, भारतीय अर्थव्यवस्था मजबूती के साथ आगे बढ़ती जा रही है। ऐसी स्थिति में पॉलिसी रेट्स में कटौती की भी कोई जरुरत नहीं पड़ेगी। बहुत कम मुद्रास्फीति की गुंजाइश है। ऐसे में ब्रोकरेज ने कहा कि कम महंगाई दर से जीएसटी रिफॉर्म्स और श्रम कानूनों को आसान बनाने जैसे बाकी सुधारों से भी ग्रोथ का समर्थन मिल सकता है। -

देह व्यापार मामले में स्पा सेंटर और फ्लैट में पुलिस की रेड, 9 महिलाओं सहित 13 काबू
वाराणसीः उत्तर प्रदेश के वाराणसी में पुलिस ने स्पा सेंटर और एक फ्लैट पर रेड की। इस दौरान दोनों जगह देह व्यापार के मामले में कुल 13 महिलाओं और व्यक्तियों को पुलिस ने काबू किया है। दरअसल, सिगरा इलाके में एसओजी-2 और पुलिस ने एक लॉन के सामने मेलोडी स्पा और त्रिनेत्र भवन के पास की बिल्डिंग में फ्लैट नंबर 112 में चल रहे देह व्यापार के अड्डे पर छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने 9 महिलाओं और 4 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। वाराणसी में पिछले दो महीनों में पुलिस ने सेक्स रैकेट के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है।
अक्टूबर और नवंबर 2025 में कुल 5 बड़े सेक्स रैकेट का खुलासा हुआ है, जिनमें 50 से अधिक लोग गिरफ्तार किए गए हैं। इनमें ज्यादातर मामले सिगरा, लंका, कैंट और मंडुवाडीह क्षेत्रों में सामने आए हैं। डीसीपी क्राइम सरवणन टी. ने बताया कि सूचना मिली कि सिगरा में मेलोडी स्पा और त्रिनेत्र भवन के पास बिल्डिंग के फ्लैट नंबर 112 में देह व्यापार संचालित हो रहा है। इस पर एसओटी-2 ने एक साथ छापेमारी की। दोनों को सीज कर दिया गया है।
फ्लैट नं. 112 से 5 युवतियां अवैध गतिविधि में संलिप्त मिलीं। जबकि, स्पा सेंटर से चार युवतियां और चार युवक पकड़े गए। मौके से आपत्तिजनक सामान भी बरामद हुआ है। स्पा संचालक और फ्लैट मालिक के खिलाफ सिगरा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस उपायुक्त (अपराध शाखा) टी. सरवणन ने बताया कि सूचना मिली थी कि मेलोडी स्पा सेंटर तथा फ्लैट नंबर-112 में अनैतिक देह व्यापार चलाया जा रहा है और वहां महिलाएं, युवतियां एवं पुरुष लगातार आते-जाते रहते हैं। इस सूचना पर स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी)-2 को लगाया गया।
पुख्ता जानकारी के बाद छापेमारी की गई, जिसमें 9 महिलाओं और 4 पुरुषों समेत कुल 13 लोग हिरासत में लिए गए। पुलिस ने दोनों अड्डों से 23 हजार रुपये नकद और आपत्तिजनक सामग्री बरामद की है। इस दौरान मौके से सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल डेटा और अन्य साक्ष्य भी जुटाए गए हैं। प्रारंभिक पूछताछ के बाद फ्लैट स्वामी और स्पा संचालन से जुड़े व्यक्तियों के खिलाफ सिगरा थाने मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।
-

पैराग्लाइडिंग टेक ऑफ साइट के समीप हुए हादसे में 2 की मौत, कार के उड़े परखच्चे
कांगड़ाः विश्वप्रसिद्ध पैराग्लाइडिंग स्थल बीड़ बिलिंग में हादसे की घटना सामने आई है। जहां टेक ऑफ साइट बिलिंग से एक कार करीब 80 मीटर ढाक से नीचे सड़क पर गिर गई।इस घटना में 2 युवकों की मौत हो गई व 2 अन्य घायल हुए हैं। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार देर रात पैराग्लाइडिंग टेक ऑफ साइट के समीप एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। मृतकों में 36 वर्षीय नवीन चंद सुपुत्र प्रीतम चंद जो पालमपुर मालनू से और 31 वर्षीय राजीव ठाकुर सुपुत्र गांव खाल टिब्बा सलोहा श्रीनयनादेवी से बताए जा रहे हैं, जबकि घायल युवक ऐहजू से 27 वर्षीय अक्षय सुपुत्र देश राज व पंचरुखी घाढ़ से 29 वर्षीय मोहित शर्मा सुपुत्र घनश्याम रहने वाले बताए जा रहे हैं।
मिली जानकारी के घटना के बाद घायल अक्षय ने हादसे की सूचना तुरंत पुलिस को दी, जिसके बाद रात को ही पुलिस रेस्क्यू टीम ने मौके पर पहुंचकर घायलों को खाई से बाहर निकाला और उपचार के लिए अस्पताल भेजा। बाद में गंभीर रूप से घायलों का इलाज टांडा मेडिकल कॉलेज में किया जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी में वाहन के अनियंत्रित होने को हादसे का कारण माना जा रहा है। देर रात हुए इस हादसे ने क्षेत्र में दहशत और शोक की लहर दौड़ा दी है।
-

Russian Girls की पहली पसंद है इस देश के लड़के, जवाब सुनकर Vlogger हुआ हैरान, देखें Video
नई दिल्लीः सोशल मीडिया पर इन दिनों एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें कुछ रशियन लड़कियां इंडिया के बारे में बोल रही हैं। वीडियो को पाकिस्तानी व्लॉगर शूट कर रहा है। दरअसल, रूस की सड़कों पर शूट किए गए इस वीडियो में व्लॉगर ने कुछ रशियन लड़कियों से एक सीधा-सा सवाल पूछा, लेकिन उन्हें जो जवाब मिला उसके बाद व्लॉगर भी हैरान हो गया। उसने मुस्कुराते हुए लड़कियों को हॉय-फॉय दिया और चला गया।
दरअसल, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर वायरल हो रहे इस वीडियो में पाकिस्तानी व्लॉगर रूस की सड़कों पर घूमते हुए रशियन लड़कियों को रोकता है और उनसे पूछता है, “आपको किस देश के लड़के सबसे ज्यादा पसंद आते हैं?” व्लॉगर खुद ही लड़कियों को चुनने के लिए भारत, पाकिस्तान और बांग्लादेश का विकल्प देता है।
व्लॉगर के सवाल खत्म होने से पहले ही रशियन लड़कियां बिना किसी झिझक के भारतीय लड़के कह देती हैं, जैसे ही रशियन लड़कियों का यह धमाकेदार जवाब आता है पाकिस्तानी व्लॉगर के चेहरे से मुस्कान गायब हो जाती है। उनका यही निराश और हैरान कर देने वाला रिएक्शन सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो गया है।
यह वीडियो वायरल होने के बाद कुछ यूजर्स ने इसे ‘इंटरनेशनल बेइज्जती’ करार दिया है। एक यूजर ने कमेंट किया, “पाकिस्तानी व्लॉगर की गजब बेइज्जती हो गई। बेचारे की इंटरनेशनल बेइज्जती हो गई।” एक यूज़र ने लिखा कि, “व्लॉगर ने खुद ही क्विज सेट किया और फिर टेस्ट में फेल हो गया।”
-

Indigo की इस फ्लाइट की मिली बम से उड़ाने की धमकी, मुंबई में करवानी पड़ी Emergency Landing
नई दिल्ली: कुवैत से हैदराबाद को जा रही इंडिगो की फ्लाइट को इमरजेंसी स्थिति में मुंबई की ओर मोड़ना पड़ा। विमान की मुंबई एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करवानी पड़ी। बताया जा रहा है विमान में सुसाइड बॉम्बर होने की धमकी मिली थी जिसके बाद फ्लाइट को मोड़ना पड़ा। इस धमकी के बाद एयरपोर्ट अथॉरिटीज और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई। उन्होंने फ्लाइट की सुरक्षित लैंडिंग करवाने की कड़े इंतजाम किए। इसके बाद विमान यात्रियों और सामान की कड़ी जांच की गई हालांकि अभी तक किसी संदिग्ध चीज की जानकारी नहीं मिली है।मुंबई एयरपोर्ट पर बढ़ाई सुरक्षा
मुंबई एयरपोर्ट पर विमान को उतारने से पहले ही सुरक्षा एजेंसियों, इमरजेंसी प्रतिक्रिया टीमों और बम डिस्पोजल स्कवॉड को हाई अलर्ट पर रखा गया। लैंडिंग के बाद विमान को अलग पार्किंग बे में लेकर यात्रियों और क्रू को सुरक्षित निकाल लिया गया। तलाशी अभियान के बाद अब आधिकारिक बयान की जांच की जा रही है।सुरक्षित है यात्री
वहीं फ्लाइट में मौजूद सभी यात्री सुरक्षित हैं। एयरपोर्ट और एयरलाइन अधिकारी फ्लाइट की जांच करने और विमान में सवार सभी लोगों की सुरक्षा का ध्यान रखने के लिए एजेंसियों के साथ जुटे हुए हैं हालांकि इंडिगों की ओर से विमान की इमरजेंसी लैंडिंग को लेकर कोई ऑफिशियल बयान सामने नहीं आया है।पहले भी मिली थी धमकी
ऐसा ही एक मामला 23 नवंबर को भी सामने आया था। इस दौरान बहरीन से हैदराबाद आ रही फ्लाइट को बम की धमकी मिली थी जिसके बाद फ्लाइट को मुंबई में डाइवर्ट कर दिया। बाद में जब पुलिस ने जांच की तो पता चला कि यह झूठी थी। उस मामले में भी ईमेल के जरिए दावा किया था कि विमान में बम लगाया गया है। विमान के मुंबई में सुरक्षित उतरने के बाद पूरी जांच की गई परंतु कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। इंडियो को एयरबस A321-251NX विमान कुवैत से रात में 1:56 बजे रवाना हुआ था। सुबह 8:10 बजे विमान को मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षित उतार लिया गया। इसके बाद विमान को अलग बे में ले जाया गया जहां पर सुरक्षा एजेंसियों और बम निरोधक दस्तों ने इसकी जांच की। -

अभय चौटाला की जान को खतरा ! Z+ सिक्योरिटी को लेकर हाईकोर्ट ने जारी किया नोटिस
चंडीगढ़ः हरियाणा में पूर्व विधायक और इनेलो नेता अभय सिंह चौटाला ने अपने और परिवार के लिए अतिरिक्त सुरक्षा को लेकर पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट की शरण ली। उन्होंने बताया कि पिछले कुछ समय से उन्हें लगातार अज्ञात व्यक्तियों, विदेशी नंबरों और अंतरराष्ट्रीय गैंगस्टरों से धमकियां मिल रही हैं। चौटाला ने केंद्रीय सुरक्षा बल द्वारा सुरक्षा मुहैया कराने की भी मांग की है। चौटाला का कहना है कि अपराध जगत के खिलाफ उनके लगातार रुख और सरकार पर दबाव की वजह से वे कई गैंगस्टर नेटवर्क के निशाने पर आ गए हैं।
इस मामले को लेकर आज पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट ने इंडियन नेशनल लोकदल नेता अभय सिंह चौटाला की जेड-प्लस या जेड श्रेणी की केंद्रीय सुरक्षा की मांग वाली याचिका पर केंद्र सरकार, हरियाणा सरकार और अन्य संबंधित पक्षों को नोटिस जारी किया। जस्टिस त्रिभुवन दहिया ने मामले को गंभीर बताते हुए अगली सुनवाई 16 दिसंबर को तय की। अदालत ने कहा कि चौटाला द्वारा जताए गए खतरे और राज्य की कथित ‘निष्क्रियता’ पर विस्तृत जवाब आवश्यक है।
चौटाला के अनुसार, न तो सुरक्षा आकलन किया गया, न कोई समिति गठित हुई और न ही उन्हें अंतरिम सुरक्षा दी गई। उन्होंने अदालत को बताया कि स्थितियां लगातार बिगड़ रही हैं और खतरा ‘गंभीर और बढ़ता हुआ’ है। याचिका के अनुसार, अभय चौटाला ने राठी हत्याकांड के बाद सबसे पहले खुलकर सीबीआई जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। उन्होंने यह मुद्दा 27 फरवरी 2024 को विधानसभा के बजट सत्र में उठाया और अगले ही दिन मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर कहा कि राठी की हत्या संगठित अपराध की ओर संकेत करती है।
एडवोकेट संदीप गोयत के माध्यम से दायर याचिका में बताया गया कि चौटाला वर्ष 2000 से लगातार राजनीतिक रूप से सक्रिय हैं। वे कई बार एलनाबाद से विधायक चुने गए और नेता प्रतिपक्ष भी रहे हैं। याचिका में कहा गया कि किसान आंदोलन से लेकर कानून-व्यवस्था और राठी हत्याकांड तक, चौटाला ने कई संवेदनशील मुद्दों पर मुखर भूमिका निभाई है। उनकी ‘निर्भीक और स्पष्ट’ राजनीतिक कार्यशैली उन्हें ‘अपराधी गिरोहों के निशाने पर’ रखती है। अभय चौटाला ने दावा किया है कि न सिर्फ वे, बल्कि उनका परिवार भी बढ़ते खतरे का सामना कर रहा है।
याचिका में कहा गया है कि जीवन के अधिकार (अनुच्छेद 21) के तहत राज्य का दायित्व है कि वह नागरिक को पर्याप्त सुरक्षा दे, खासकर तब जब खतरा ज्ञात हो और उसके प्रमाण मौजूद हों। चौटाला ने हाई कोर्ट से निवेदन किया है कि उन्हें केंद्रीय एजेंसी के माध्यम से जेड-प्लस या जेड श्रेणी की 24 घंटे सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए। याचिका में आरोप लगाया गया है कि कई बार भेजे गए ‘स्पष्ट, तात्कालिक और विशिष्ट’ अनुरोधों के बावजूद राज्य सरकार ने सुरक्षा के आकलन पर विचार तक नहीं किया। उन्होंने कहा कि इस लगातार अनदेखी के बाद उन्हें न्यायालय की शरण लेनी पड़ी, जहां अब केंद्र और राज्य दोनों को विस्तृत जवाब दाखिल करने के निर्देश जारी किए गए हैं।
-

तेज रफ्तार Car ने कई वाहनों को मारी जबरदस्त टक्कर, 2 की मौत, कई लोग घायल
लखनऊः सैरपुर थाना क्षेत्र में आईआईएम रोड पर आर-से लॉन के सामने तेज रफ्तार कार ने बेकाबू होकर कई वाहनों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि वाहनों के परखच्चे उड़ गए और सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में आधा दर्जन से ज्यादा लोग गंभीर रूप से चोटिल हुए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत अस्पताल भिजवाया। इलाज के दौरान 2 लोगों ने दम तोड़ दिया। दोनों मृतक कैटरिंग का काम करते थे और घटना के वक्त अपने काम से लौट रहे थे।
पुलिस ने शवों की पहचान कर परिजनों को सूचना दे दी है। मृतकों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिए गए हैं। घटना आज सुबह की है। टक्कर मारने वाले चालक की भी हालत नाजुक है। मृतकों और सभी घायलों की पहचान की जा रही है। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइकें चकनाचूर हो गईं। एक कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं, जिस कार से टक्कर हुई, उसका अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी को भी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। उसके ठीक होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।